गुरुवार, 14 जून 2012

गर्मी से हलाकान हैं राजधानीवासी


गर्मी से हलाकान हैं राजधानीवासी

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली में आज भी सूर्यदेवता आग उगल रहे हैं। मंगलवार की सुबह न्यूनतम तापमान जहां 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की सम्भावना है। मौसम विभाग का आकलन है कि दिन में आकाश साफ रहेगा। सुबह 8.30 बजे नमी 44 प्रतिशत दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान औसत से चार डिग्री ऊपर 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई थी वहीं न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री ऊपर 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया, ‘आकाश आज साफ रहेगा, रात के समय छिटपुट बादल छा सकते हैं। सड़कों पर लोग अपने को पूरी तरह से ढंग कर निकल रहे हैं जिससे सूर्य की पैराबैगनी किरणें उन्हें नुकसान न पहुंचा सकें।
उधर, मानसून ने भी अपनी गति पकड़ ली है। बताया जा रहा है कि मानसून आज गोवा के तट पर पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, तटीय कर्नाटक, गोवा और दक्षिण कोंकण में पहुंचने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल हैं।
वहीं मानसून की अनिश्चितता से पूर्वाेत्तर के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखने लगी हैं। रोहिणी नक्षत्र निकलता जा रहा है, अब तक बारिश नहीं हुई है। जिस कारण किसान खेत में धान के बीज नहीं डाल सके हैं। गत वर्ष 29 मई को अच्छी बारिश हुई थी। इस वर्ष बारिश का कोई ठिकाना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आने में अभी 10 दिन और बाकि है, 15 जून के बाद ही बारिश हो सकती है। आपको बता दें कि बिहार और पश्चिम बंगाल में 15 जून के करीब मानसूनी बारिश होने लगती है जिससे किसान धान की खेती में लग जाते हैं पर इस बार संभवतः एक दो दिन ज्यादा इंतजार करना पडेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: