शुक्रवार, 20 जुलाई 2012

नालंदा में नए विषय खोले जाएं: नितीश


नालंदा में नए विषय खोले जाएं: नितीश

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि नालंदा अन्तर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एवं बेसिक साइंस की संकाय खोलकर वहां इनसे संबंधित विषयों की पढाई भी कराई जानी चाहिये। पटना के एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर नालंदा अन्तरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय नियंत्रण परिषद के सदस्यों के साथ एक शिष्टाचार बैठक के दौरान नीतीश ने कहा कि स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एवं बेसिक साइंस के संकाय खोलकर वहां इनसे संबंधित विषयों की पढाई भी कराई जानी चाहिये।
नीतीश से उनके आवास पर उनसे मुलाकात करने वाले नालंदा अन्तरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय नियंत्रण परिषद के सदस्यों में प्रोफेसर अमर्त्य सेन, जार्ज यो, प्रोफेसर सुसुमू नाकानिशि, प्रोफेसर वांग वांगवे, लार्ड मेघनाद देसाई, प्रोफेसर सुगाता बोस, प्रोफेसर तानसेन सेन और डॉ. गोपा सब्बलरवाल शामिल थे।
नीतीश के साथ लगभग एक घंटा तक चली इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान नालंदा अन्तरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से विचार किये गये तथा इस विश्वविद्यालय के भविष्य के स्वरूप पर भी बातें हुईं। मुख्यमंत्री ने नालंदा अन्तरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री पीके शाही, सांसद एनके सिंह, मुख्य सचिव नवीन कुमार, विकास आयुक्त एके सिन्हा और शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अमरजीत सिन्हा भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: