गुरुवार, 5 जुलाई 2012

मौसम की बेरूखी से परेशान हैं उत्तर भारतवासी


मौसम की बेरूखी से परेशान हैं उत्तर भारतवासी

(यशवंत श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। देश के उत्तरी और पश्चिमी भागों में भीषण गर्मी और उमस जारी है। ऐसी स्थिति में अघोषित बिजली कटौती से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। मध्य प्रदेश और पंजाब में लू से दस लोगों की मौत हो गई है। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में लू लगने से सात लोग मारे गए हैं। कल वहां अधिकतम तापमान ४७ डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि मध्य प्रदेश में मॉनसून आ गया है, लेकिन वह अभी राज्य के उत्तरी हिस्से में नहीं पहुंचा है।
चंडीगढ़ से पंजाब के समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो विक्की आनंद का कहना है कि पंजाब में लगातार जारी लू से बटाला जिले में तीन लोगों की जान गई है। पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से आठ डिग्री ऊपर पहुंच गया है। हरियाणा में नारनौल ४६ दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा।
उधर उत्तर प्रदेश के समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो दीपांकर श्रीवास्तव का कहना है कि उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून अगले तीन दिनों में आगे बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, लेकिन पश्चिमी हिस्से में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा।
साई न्यूज के राजस्थान ब्यरो से शैलेन्द्र ने बताया कि राज्य में भी गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित हुए बिना नहीं है। राजस्थान में श्रीगंगानगर ४७ दशमलव चार डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा।
उधर, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री अश्विनी कुमार ने कहा है कि पश्चिमोत्तर भारत में अगले दो दिन में बारिश हो जाने की आशा है। उन्होंने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के सक्रिय होने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और यह अगले चार-पांच दिनों में राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाएगा। श्री अश्विनी कुमार ने कहा कि मानसून महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश के कई इलाकों में सक्रिय हो गया है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी तट, पूर्वाेत्तर राज्यों, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में अगले पांच-छह दिनों में वर्षा होने की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में अगले २४ घंटो में बारिश हो सकती है। पंजाब और दिल्ली में कुछ स्थानों पर तथा उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अगले ४८ घंटों में बारिश होने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं: