रविवार, 1 जुलाई 2012

भट्टी की तरह तप रहा उत्तर भारत


भट्टी की तरह तप रहा उत्तर भारत

(यशवंत श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। मानसून की दस्तक देश में देने के बाद भी उत्तर भारत भट्टी के मानिंद ही सुलग रहा है। उत्तर भारत में गर्मी में अभी कोई कमी नहीं आई है और कई स्थानों पर तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में कल अधिकतम तापमान ४२ दशमलव ४ डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से ६ डिग्री ज्यादा है।
देश भर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के संवाददाताओं ने खबर दी है कि कहीं मौसम में गर्मी, कहीं उमस तो कहीं बारिश का माहौल है। इस बार अजीबोगरीब मौसम से मौसम विज्ञानी भी असमंजस में ही हैं। राजस्थान में चूरू में जबर्दस्त गर्मी रही। उधर पंजाब और हरियाणा में भी जबर्दस्त गर्मी का प्रकोप जारी है
मध्य भारत और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की कार्यवाहक महानिदेशक स्वाति बसु ने उम्मीद जाहिर की है कि मॉनसून की बारिश अगले सप्ताह के अंत तक बढ़ने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं: