मंगलवार, 14 अगस्त 2012

रियो ले गए ओलंपिक का झंडा


रियो ले गए ओलंपिक का झंडा

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। लंदन ओलिंपिक खेलों का रंगारंग समापन हो गया है। भारत ने दो रजत और चार कांस्य सहित छह पदक जीतकर ओलिंपिक इतिहास का अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। पदक तालिका में भारत ५५वें स्थान पर रहा। लंदन ओलिंपिक में, स्पर्धाओं का अंतिम दिन कल पहलवान सुशील कुमार के नाम रहा। पेइचिंग के कांस्य विजेता सुशील, ६६ किलोवर्ग में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलिंपिक व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने।
नई दिल्ली स्थित समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से मणिका सोनल ने बताया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यू पी ए अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सुशील कुमार को पदक जीतने पर बधाई दी है। लंदन में कल देर रात आयोजित एक भव्य और रंगारंग समारोह के साथ ३०वें ग्रीष्मकालीन ओलिंपिक खेलों का समापन हुआ।
ओलिंपिक पार्क स्थित मुख्य स्टेडियम पर लगभग तीन घंटे तक चले समारोह में दुनिया के चुनिंदा संगीतकारों ने अपने यादगार प्रदर्शन से एथलीटों, अधिकारियों और दर्शकों को मंत्र-मुग्ध कर दिया। डेविड अर्नाल्ड के निर्देशन में आयोजित इस समारोह में स्पाइस गर्ल्स, एडवर्ड एल्गर, प्रसिद्ध बैंड झ्झ्द हूझ्झ् और पिंक फ्लॉइड के पूर्व सदस्यों ने स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लंदन ओलिंपिक खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सेबेस्टियन को ने खेलों को सफल बनाने के लिए सभी को धन्यवाद दिया। अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के अध्यक्ष जैक्स रैगे ने खेलों के विधिवत समापन की घोषणा की।
इसके बाद ओलिंपिक ध्वज को २०१६ के मेजबान शहर ब्राजील के रियो डि जिनेरियो के मेयर को सौंप दिया गया। समारोह के अंतिम चरण में धीरे-धीरे ओलिंपिक ज्योति बुझा दी गई। दुनिया भर के एथलीटों ने चार साल बाद रियो डि जिनेरियो में फिर मिलने के संकल्प के साथ विदा ली। पदक तालिका में, अमरीका ४६ स्वर्ण सहित कुल एक सौ चार पदकों के साथ पहले, चीन ३८ स्वर्ण सहित ८७ पदक लेकर दूसरे और ब्रिटेन २९ स्वर्ण सहित ६५ पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
लंदन में पिछले दो हफ्ते से चल रहे ओलंपिक खेल अब समाप्त हो गए हैं और ओलंपिक का झंडा ब्राज़ील के शहर रियो को सौंप दिया गया है जहां 2016 में ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के आखिरी क्षणों में ब्राज़ील की झलक दिखाई गई जहां रियो के सांबा स्कूल के नर्तकों ने ज़बर्दस्त नृत्य पेश किया। ओलंपिक का झंडा रियो के मेयर को सौंपा गया जिसके साथ ही ओलंपिक की ज़िम्मेदारी अब ब्राज़ील शहर की हो गई।
लंदन ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतते ही सुशील कुमार पर इनामों की बरसात होने लगी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने पहलवान सुशील कुमार को डेढ़ करोड़ रुपए के नकद इनाम की घोषणा की। दिल्ली सरकार ने भी उन्हें एक करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। रेल मंत्री मुकुल राय ने भी सुशील कुमार को 75 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। सुशील ने लंदन ओलंपिक में 66 किलोग्राम फ्री स्टाइल में सिल्वर मेडल जीता है।
हुड्डा ने सुशील को बधाई दी और कहा कि उन्होंने राज्य और देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सोनीपत में कुश्ती अकैडमी बनाने के लिए सुशील को जमीन भी दी जाएगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी सुशील कुमार को एक करोड़ रुपए इनाम देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सुशील कुमार ने ओलिंपिक में इतिहास रच कर हम सबको गौरवान्वित किया है।
रेल मंत्री ने सुशील कुमार के कोच सतपाल सिंह को एक लाख रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की। उन्होंने कहा, हमें सुशील कुमार पर गर्व है क्योंकि वह रेलवे परिवार का हिस्सा है। रेलवे अपने साथ जुड़े खिलाड़ियों को समर्थन और उन्हें प्रेरित करना जारी रखेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: