शुक्रवार, 24 अगस्त 2012

ट्वीटर ने बंद किए छः एकाउंट


ट्वीटर ने बंद किए छः एकाउंट

(प्रियंका)

नई दिल्ली (साई)। सोशल साइट ट्वीटर ने प्रधानमंत्री कार्यालय के एकाउंट से मिलतेजुलते छह एकाउंटों पर प्रतिबंध लगा दिया है। ट्वीटर ने यह कदम भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अल्टीमेटम के बाद उठाया है। सरकार ने उससे आपत्तिजनक और भड़काऊ वेब सामग्री ब्लॉक करने का आदेश दिया था। सरकार पहले ही आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री वाले ३१० वेबपेजेस को ब्लॉक करने के आदेश दे चुकी है। ये सामग्री देश में गड़बड़ी फैलाने के लिए डाले गए थे।
संचार मंत्रालय ने इंटरनेट सर्विस प्रवाइडर्स को 16 ट्विटर अकाउंट्स ब्लॉक करने के निर्देश दिए हैं। इनमें दक्षिणपंथी संगठनों आरएसएस, पांचजन्य अखबार और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) नेता प्रवीण तोगड़िया जैसे लोगों के अकाउंट भी शामिल हैं। इसके अलावा फेसबुक और यूट्यूब पर यूजर-जेनरेटेड कंटेंट वाले सैकड़ों वेबपेज और ब्लॉगपोस्ट्स को ब्लॉक करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
संचार मंत्रालय ने 18 अगस्त से 21 अगस्त के बीच इंटरनेट सर्विस प्रवाइडर्स को दिए चार निर्देश के जरिए कई वेब पेजों को ब्लॉक कराया है। डिपार्टमेंट को आशंका थी कि असम के सीमावर्ती जिलों में हिंसा के बाद सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने के लिए इनका इस्तेमाल किया जा रहा था। 18 अगस्त को मुंबई में विरोध के हिंसक हो जाने के बाद सरकार ने कहा था पाकिस्तान स्थित समूहों द्वारा घृणा पैदा करने वाली सामग्री फैलाई जा रही है।
16 ट्विटर एकाउंट्स बंद करने का निर्देश संचार मंत्रालय की ओर से 20 अगस्त को भेजे नोटिफिकेशन का हिस्सा है। भारत में 1।60 करोड़ लोगों के ट्विटर अकाउंट हैं। इस सोशल साइट ने इनमें से छह फर्जी अकाउंट को ब्लॉक करने पर रजामंदी दिखाई है। सरकार की दलील है कि इन अकाउंट्स के जरिए प्रधानमंत्री की गलत छवि पेश की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: