बुधवार, 23 जनवरी 2013

करोड़ा का युवक मिला मृत


करोड़ा का युवक मिला मृत

(राजकुमार अग्रवाल)

कैथल (साई)। कैथल के गांव करोड़ा के काव्य तीर्थ के शिव मंदिर पर करोड़ा के ही एक युवक को मृतक हालत में पाया गया। जिसके सिर में गोली लगी पाई गई। मृतक के पास से एक सुसाईड नोट भी बरामद हुआ है। परन्तु यह नहीं पता चल पाया कि मृतक की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या की है या फिर उसने खुद आत्म हत्या की है।
मृत्यु के कारणों को कुछ भी पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह यादव एवं थाना राजौंद प्रभारी घटना स्थल पर पहुंच गए थे।  पुलिस ने मृतक के पिता अर्जुन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर के पुजारी नंद किशोर सुपुत्र गंगा बिशन व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे लगभग 11 बजे मंदिर बंद करके खाना खाने के लिए गए थे।
उस समय मंदिर में यह व्यक्ति नहीं था। जब वह लगभग 1 बजे खाना खाने के बाद मंदिर में आया तो इसको मंदिर में मृत अवस्था में पाया गया। जिसके सिर में गोल लगी हुई थी। मंदिर के पुजारी व ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव के महिला सरपंच के पति सुच्चा सिंह व थाना राजौंद प्रभारी अशोक कुमार को दी। पुलिस ने आते ही शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और मृतक के पिता अर्जुन की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
कार्यवाही होने तक पुलिस ने मंदिर के गेट को ताला भी लगवा दिया था। ताकि सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो। सुसाईड नोट में आत्म हत्या का जिक्र किया हुआ था परन्तु परिवार जन इस पर राजी नहीं हुए, जिस पर पुलिस ने सुसाईड नोट अपने कब्जे में ले लिया ताकि इसकी जांच की जा सके कि यह सुसाईड नोट इसने खुद लिखा है या किसी ओर ने लिखा है। उधर शव के पास से समाचार लिखे जाने तक अन्य कोई असला भी बरामद नहीं हुआ था।

कोई टिप्पणी नहीं: