मंगलवार, 26 फ़रवरी 2013

सिवनी : सुलभ शौचालय बना पालिकाध्यक्ष की परेशानी का सबब


सुलभ शौचालय बना पालिकाध्यक्ष की परेशानी का सबब

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। सिवनी में नगर पालिका प्रशासन में व्याप्त अनियमितताओं के संबंध में अब जिला भाजपा ने संज्ञान लेकर एक नजीर पेश की है। संभवतः यह पहला मौका होगा जब सत्तारूढ़ भाजपा की किसी जिला इकाई ने अपने ही दल के नगर पालिका परिषद के खिलाफ कार्यवाही की पेशकश की हो।
नगर पालिका प्रशासन के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पालिका परिषद द्वारा सिवनी शहर के एतिहासिक दलसागर तालाब की साफ सफाई सौंदर्यीकरण आदि में एक करोड़ नौ लाख रूपए की राशि फूंकी जा चुकी है। बावजूद इसके दलसागर तालाब में जगह जगह छोटे छोटे टापू बन गए हैं, जो इसकी सुंदरता पर बदनुमा दाग ही नजर आ रहे हैं।
बताया जाता है कि दलसागर तालाब के उत्तर पश्चिम दिशा में बस स्टेंड वाले मुहाने पर जहां हिन्दु धर्मावलंबी जंवारे, गणेश, दुर्गा जी की मूर्तियां आदि का विसर्जन करते हैं उस घाट के साथ ही एक सुलभ शौचालय का निर्माण पालिका प्रशासन द्वारा करवाया जा रहा है। इस स्थान पर भाजपा के पार्षद रहे एक कार्यकर्ता का कब्जा था, जिसे हटा दिया गया है, शेष कब्जों पर पालिका प्रशासन पूरी तरह मेहरबान ही नजर आ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाकौशल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर द्वारा नगर पालिका प्रशासन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर अपनी तल्ख आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र में इस बात का उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा दलसागर तालाब के तट पर सार्वजनिक शौचालय मूत्रालय बनाया जा रहा है, जिस स्थाल पर इनका निर्माण हो रहा है उसी के नजदीक प्रतिवर्ष नगर की गणेश व दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी होता है, इस निर्माण को लेकर अनेक धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा अपनी आपत्ति दर्ज करवाई हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार श्री दिवाकर ने उन्हें प्राप्त शिकायतों को मूलतः सीएमओ के पास भेज इस निर्माण के लिए पुर्नविचार करने को कहा है। श्री दिवाकर के पत्र के साथ युवा एवं उत्साही अधिवक्ता अजय बाबा पाण्डे की आपत्ति को भी भेजा गया है। ज्ञातव्य है कि अजय बाबा पाण्डे की आपत्तियों के चलते ही सिवनी शहर के अंदर सज रहे लॉन और कान फाडू डीजे साउंड से शहर वासियों को निजात मिल पाई है।
यहां यह बात उल्लेखनीय है कि विपक्ष में बैठी कांग्रेस इस निर्माण को उचित बता रही है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस निर्माण कार्य में सोहाने पेट्रोल पंप से भैरोगंज जाने वाली सड़क का लगभग दो फिट हिस्सा दबाया जा रहा है। इस बात को लेकर जिला या नगर कांग्रेस कमेटी को अपनी आपत्ति दर्ज कराना चाहिए था, वस्तुतः एसा हुआ नहीं। इस मामले में सत्ताधारी भाजपा के जिलाध्यक्ष द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति की सर्वत्र भूरी भूरी प्रशंसा की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: