सोमवार, 4 मार्च 2013

कांग्रेस में जाएंगे दिनेश राय!


कांग्रेस में जाएंगे दिनेश राय!

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। विधानसभा चुनावों में सिवनी में 2008 में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त करवाने वाले निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश राय मुनमुन जल्द ही राहुल गांधी के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। दिनेश राय की लोकप्रियता को देखकर कांग्रेस के आला नेताओं ने भी उनके कांग्र्रेस प्रवेश पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। वहीं दूसरी ओर साई न्यूज से चर्चा के दौरान दिनेश राय ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस और भाजपा लोगों को छलती हैं अतः दोनों ही दलों में जाने का सवाल ही नहीं उठता है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को संकेत दिए हैं कि लखनादौन नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे दिनेश राय को कांग्रेस में प्रवेश के लिए हरी झंडी दे दी गई है। वर्ष 2008 में निर्दलीय प्रत्याशी के बतौर दिनेश राय ने 30000 वोट हासिल कर दूसरा स्थान पाया था और कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त करवा दी थी। इसके उपरांत लखनादौन नगर पंचायत के चुनावों में जब उनकी माता श्रीमति सुधा राय खड़ी हुईं तब कांग्रेस द्वारा यहां अपने प्रत्याशी के विड्रावल के उपरांत किसी को समर्थन ना देकर दिनेश राय को वाकोवर दे दिया गया था।
सूत्रों ने साई न्यजू को आगे बताया कि दिनेश राय के कांग्रेस में प्रवेश के मार्ग विधानसभा उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर द्वारा प्रशस्त करवाए गए हैं। दरसअल, 2008 में दिनेश राय के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने सीना ठोंककर इस बात को कहा था कि अगर सिवनी लोकसभा को खत्म किया गया तो इस षणयंत्र के लिए वे हरवंश सिंह को जिम्मेदार ठहराकर केवलारी से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि केवलारी में हैहय कलचुरी समाज के मतदाताओं की खासी तादाद है। बाद में वे अपने वायदे से मुकर गए और सिवनी से मैदान में उतरे।
इस संबंध में दिनेश राय ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से दूरभाष पर चर्चा के दौरान कहा कि यह सब झूठी बातें हैं, चूंकि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही आम जनता का खून चूस रही हैं इसलिए वे कांग्रेस या भाजपा में जीवन में कभी भी प्रवेश नहीं करेंगे। केवलारी से चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी हरवंश सिंह जीके खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं की थी। रही बात सिवनी लोकसभा के समाप्त होने की तो वह दुखद है।
साई न्यूज से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि उनके कांग्रेस प्रवेश के बारे में सिवनी जिला भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा उनके बारे में अनर्गल प्रलाप किया जा रहा है। श्री राय ने कहा कि भाजपा के नेताओं को डर है कि कहीं इस बार भी जनता का भारी समर्थन उन्हें मिला तो इस बार भाजपा को अपनी लाज बचाना मुश्किल होगा।
इस संबंध में जब जिला भाजपाध्यक्ष श्री दिवाकर से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में यह नहीं है कि दिनेश राय किस दल की सदस्यता लेने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे किसी दल की सदस्यता लेना चाह रहे हैं तो यह उस दल के नेतृत्व को तय करना है कि उन्हें सदस्यता देनी है या नहीं!
वहीं सिवनी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने बताया कि सिवनी की सियासी फिजां में इस तरह की बातें उड़ना आरंभ हो गई हैं कि दिनेश राय मुनमुन का कहना है कि अगर इस बार भाजपा की ओर से पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक श्रीमति नीता पटेरिया को पुनः टिकिट मिलती है तो उनका जीतना तय है, पर अगर किसी और पर भाजपा ने दांव लगाया तो वे किसी ना किसी राजनैतिक दल के बेनर तले ही चुनाव लड़ेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: