रविवार, 12 मई 2013

भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे दिनेश!


भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे दिनेश!

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। बतौर निर्दलीय सिवनी विधानसभा में दूसरी पायदान पर रहने वाले लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन अब भारतीय जनता पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। हो सकता है मुख्यमंत्री के सिवनी आगमन पर वे भारतीय जनता पार्टी के खेमे में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा लें।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2008 के विधानसभा चुनावों में जबकि बतौर नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में दिनेश राय उर्फ मुनमुन का कार्यकाल एक साल से अधिक का बचा था, तब लखनादौन को तिरस्कृत कर दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने सिवनी विधानसभा से किस्मत आजमाई थी। उस वक्त यह चर्चा आम थी कि आखिर लखनादौन नगर के निवासियों से क्या खता हो गई जो लखनादौन के कथित मीसहा की छवि वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन उन्हें अनाथ छोड़कर सिवनी की ओर कूच कर गए।
बताया जाता है कि इसके पूर्व जब सिवनी लोकसभा के विलोपन के षणयंत्र का तानाबाना बुना जा रहा था, उस वक्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने कसम उठाई थी कि अगर सिवनी लोकसभा का विलोपन होता है तो वे केवलारी जाकर हरवंश सिंह ठाकुर के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इस संबंध में एक निजी चेनल के मिशन शाला में आयोजित लाईव शो के दौरान जब समाजसेवी बाबू लाल श्रीवास्तव द्वारा दिनेश राय उर्फ मुनमुन को उनका यह कौल याद दिलाया तब अपनी चिरपरिचित अदा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने बांहे चढ़ा लीं थीं। विधानसभा चुनावों में उन्होंने केवलारी के स्थान पर सिवनी से किस्मत आजमाई जिसको लेकर तरह तरह की चर्चाएं गर्मा गईं।
सादगी, मृदुव्यहार आदि का दावा करने वाले दिनेश राय के समर्थक उस वक्त निरूत्तर हो गए थे, जब उनकी माताजी के चुनावों के दौरान वालीवुड़ के डुप्लीकेट हीरोज ने आकर भौंडा प्रदर्शन किया था। इतना ही नहीं अब तो सिवनी जिले में यह चर्चा भी चल पड़ी है कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन छपास के खासे मरीज बन चुके हैं। अखबारों की सुर्खियों में रहना उन्हें भा रहा है। संभवतः यही कारण है कि लखनादौन नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमति सुधा राय के होते हुए नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे हर काम में श्रीमति सुधा राय के स्थान पर उनकी ही तस्वीर प्रकाशित करवाई जा रही है।
दिल्ली स्थित समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से आकाश कुमार ने बताया कि पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी के सम्मेलन के दौरान दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने भाजपा के एक पदाधिकारी को साधा और उनके माध्यम से भाजपा के आला नेताओं से भेंट भी की थी। यद्यपि नाम उजागर ना करने की शर्त पर उक्त भाजपा के नेता ने यह अवश्य बताया कि उनकी सिवनी से दिल्ली की यात्रा दिनेश राय उर्फ मुनमुन के साथ ही हुई थी, और वे दिल्ली तथा दिनेश मेरठ के लिए रवाना हो गए थे।
प्रदेश भाजपा कार्यालय के सूत्रों के अनुसार दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने भाजपा के आला नेताओं को बताया है कि किस तरह पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त करवाई और फिर नगर पंचायत के चुनावों में उनकी माता श्रीमति सुधा राय के सामने कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए ही कोई प्रत्याशी नहीं रहा। चर्चा है कि दिनेश राय सीएम शिवराज सिंह चौहान के समक्ष भाजपा की सदस्यता इसी महीने ले सकते हैं।
अगर एसा हुआ तो दिनेश राय उर्फ मुनमुन की सिवनी से विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ना तय ही होगा। अगर यह हुआ तो निश्चित तौर पर सिवनी विधानसभा के लिए अपनी अपनी फील्डिंग जमाने वाले नेताओं को निराशा का ही सामना करना पड़ेगा क्योंकि हर मामले में दिनेश राय उर्फ मुनमुन उन पर बीस ही बैठेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: