मंगलवार, 19 जून 2012

नयी टंकियों से लोगों को जल्दी मिले पानी


नयी टंकियों से लोगों को जल्दी मिले पानी

(पारूल शर्मा)

भोपाल (साई)। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने आज नगर में नर्मदा जल प्रदाय योजना में बनायी जा रही उच्च-स्तरीय टंकियों का निरीक्षण किया। मंत्री श्री गौर ने टंकियों से क्षेत्र के निवासियों को शीघ्रतिशीघ्र पेयजल की आपूर्ति के निर्देश दिए। इस अवसर पर भेल व्यापारी संघ अध्यक्ष श्री केवल मिश्रा, आयुक्त नगर निगम श्री रजनीश श्रीवास्तव, जन-प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि भोपाल में नर्मदा जल प्रदाय योजना में 75 करोड़ की लागत से 62 पेयजल टंकी का निर्माण किया जा रहा है।
मंत्री श्री गौर ने सबसे पहले बावड़िया कलां के रोहित नगर में टंकी का निरीक्षण किया। इस 20 मीटर ऊँची टंकी की क्षमता 20 लाख लीटर है और निर्माण लागत एक करोड़ 40 लाख है। इससे क्षेत्र की निजी कालोनियों को बल्क में जलापूर्ति के साथ अन्य क्षेत्रवासियों को पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा।
श्री गौर ने होशंगाबाद रोड स्थित सांई नगर की उच्च-स्तरीय पेयजल टंकी को भी देखा। कुल 12 लाख लीटर क्षमता वाली इस टंकी का निर्माण 93 लाख की लागत से किया गया है। मंत्री श्री गौर ने कटारा हिल्स में 9 लाख लीटर क्षमता वाली 70 लाख 65 हजार की लागत, बरखेड़ा पठानी में डेढ़ करोड़ की लागत से निर्मित 18 लाख लीटर क्षमता की टंकी के साथ ही साकेत नगर क्षेत्र के दुर्गानगर में 78 लाख 52 हजार की लागत से बनी 10 लाख लीटर क्षमता की उच्च-स्तरीय टंकियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने टंकियों के आस-पास पौधरोपण और टंकियों से लोगों को शीघ्र पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
श्री गौर ने निरीक्षण के दौरान बाग मुगलिया के सर्वाेदय शापिंग काम्पलेक्स के सामने भरने वाले पानी की निकासी एवं पार्किंग की लाईन डालने, बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित शापिंग काम्पलेक्स में सुलभ शौचालय बनवाने, बरखेड़ा पठानी के स्कूल की बाउण्ड्री वाल की साफ-सफाई और स्कूल परिसर के बंद पड़े हैण्डपम्प की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए।

परख 21 जून को


परख 21 जून को

(एम.एस.राजपूत)

भोपाल (साई)। मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम गुरुवार, 21 जून को वीडियो कान्फ्रेन्सिंग परख में प्रदेश के कलेक्टरों और कमिश्नरों से मुखातिब होंगे। माह के तृतीय गुरुवार को होने वाली वीडियो कान्फ्रेन्सिंग में मुख्य सचिव शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, जल प्रदाय, कृषि फसलों, पर्यावरण सुधार, अनुसूचित जाति- जनजाति कल्याण और निर्माण कार्यों से संबंधित विषयों पर बातचीत करते हैं।
इस माह प्रमुख रूप से उपभोक्ता सामग्री की उपलब्धता, अत्याचार के प्रकरणों में राहत, काल सेंटर परियोजना, स्वच्छता, वृक्षारोपण, रोगों की रोकथाम, खाद्यान्न भंडारण, खरीफ फसलों की तैयारी, स्कूल चलें हम, जलाभिषेक और स्पर्श अभियान, राजस्व रिकार्ड को सुव्यवस्थित किए जाने और राजस्व भूमि के सीमांकन कार्यों की समीक्षा की जाएगी। परख का आयोजन मंत्रालय के सूचना विज्ञान केंद्र कक्ष में 21 जून को पूर्वान्ह 11 बजे से होगा।

कार्य-कुशलता बढ़ाने के लिये सहकारी समितियों के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण


कार्य-कुशलता बढ़ाने के लिये सहकारी समितियों के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण

(अमेय सिंह)

भोपाल (साई)। प्रदेश की प्राथमिक साख सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने एवं समिति के पदाधिकारियों को वैद्यनाथन कमेटी की अनुशंसाओं के अनुसार प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। अब तक प्रदेश की 4,526 प्राथमिक समितियों के 15 हजार 274 संचालक मण्डल के सदस्यों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षण के पहले दौर में प्रदेश के समस्त 38 जिलों के 181 जिला प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया था।
कमेटी की अनुशंसा के अनुसार सभी 4,526 प्राथमिक सहकारी साख समिति में एक समान लेखा प्रणाली भी लागू की गई है। अब इन समितियों में एक समान लेखा प्रणाली के आधार पर वित्तीय पत्रकों का संधारण किया जा रहा है। सहकारिता विभाग द्वारा अब इन प्राथमिक सहकारी साख समितियों में कम्प्यूटराइजेशन का कार्य भी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। नाबार्ड के मार्गदर्शन में सीहोर जिले की तीन समितियों में पॉयलट बेसिस पर कम्प्यूटराइजेशन का कार्य किया जा रहा है।

सिलेंडर फटा एक की मौत


सिलेंडर फटा एक की मौत

(अर्जुन कुमार)

देहरादून (साई)। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ में पटेल कंस्ट्रक्शन कंपनी में रखे ऑक्सीजन गैस सिलिंडर में ब्लास्ट हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। चमोली की पुलिस अधीक्षक पी रेणुका ने बताया कि कंस्ट्रक्शन कंपनी के मजदूर सोमवार को ऑक्सीजन गैस सिलिंडर को लेकर जा रहे थे, तभी उसमें ब्लास्ट हो गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में चार लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को पास के जोशीमठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर पुलिसकर्मी पहुंच गए हैं। ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। देहरादून।। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के रतौली के पास अलकनंदा नदी में एक कार के गिरने से उसमें सवार पांच व्यक्तियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कार में सवार होकर छह यात्री बद्रीनाथ से लौट रहे थे, तभी रतौली के पास एक मोड़ पर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। इससे कार करीब 250 फीट नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरी। सूत्रों के अनुसार मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। घायल यात्री को श्रीनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो की पीट पीट कर हत्या


दो की पीट पीट कर हत्या

(पंकज शर्मा)

लखनऊ (साई)। भारत सरकार के उद्यम इंस्ट्रूमेंटेशन लिमिटेड के लखनऊ स्थित कार्यालय में सोमवार को दो कर्मचारियों के शव पाए गए। पुलिस का कहना है कि दोनों की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या की गई। यह घटना राजधानी के महानगर इलाके की है, जहां कंपनी के कार्यालय में इलेक्ट्रिशियन देवनाथ सिंह और चौकीदार वंशराज मरे पाए गए।
महानगर थाना प्रभारी के. डी. मिश्र ने बताया कि शवों को देखकर लग रहा है कि दोनों की करीब 48 घंटे पहले हत्या की गई है। दोनों के सिर पर लोहे की रॉड से वार किए गए। मिश्र ने बताया कि इस दोहरे हत्याकांड में एक अन्य चौकीदार कृपाशंकर पर शक जताया गया है। कंपनी के अधिकारियों ने शक के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अधिकारियों का कहना है कि देवनाथ और वंशराज को आखिरी बार कृपाशंकर के साथ देखा गया था। मिश्रा ने कहा कि फरार कृपाशंकर की तलाश की जा रही है। वह रायबरेली का रहने वाला है। पुलिस की टीम वहां भी भेजी गई हैं।