शनिवार, 23 जून 2012

महामहिम चुनाव के लिए 6 नामांकन


महामहिम चुनाव के लिए 6 नामांकन

(शिवेश नामदेव)

नई दिल्ली (साई)। राष्ट्रपति चुनाव के लिए कल ६ और उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचन अधिकारी और राज्य सभा के महासचिव वी. के. अग्निहोत्री ने उत्तर प्रदेश के विनोद कुमार सिंह का नामांकन स्वीकार नहीं किया। श्री सिंह ने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में अपनी प्रविष्टि की प्रमाणिक प्रति नहीं लगाई और १५ हजार रुपये की जमानत राशि भी जमा नहीं की।
अब तक १८ उम्मीदवार नामांकन भर चुके हैं लेकिन ६ नामांकन स्वीकार नहीं किये गये हैं। यूपीए उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी २८ जून को नामांकन पत्र भरेंगे। संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने आकाशवाणी को इस बात की जानकारी दी। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष पी.ए. संगमा ने भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए अभी तक अपना पर्चा नहीं भरा है। श्री संगमा भाजपा, अकाली दल, अखिल भारतीय अन्ना डीएमके और बीजू जनता दल के संयुक्त उम्मीदवार हैं।
इस बीच, कांग्रेस ने श्री प्रणब मुखर्जी के साथ बहस करने की श्री पी ए संगमा की मांग नामंजूर कर दी है। पार्टी ने संगमा की मांग को तर्कहीन बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति का काम अर्थव्यवस्था का प्रबंधन नहीं है। पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कल नई दिल्ली में कहा कि संविधान में भारत के राष्ट्रपति को देश की अर्थव्यवस्था के संचालन का कोई दायित्व नहीं दिया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भारतीय जनता पार्टी के इस आरोप को भी गलत बताया कि राष्ट्रपति चुनाव के मुद्दे पर आम सहमति इसलिये नहीं बनी क्योंकि सत्तारूढ़ गठबंधन ने अपना उम्मीदवार तय करने से पहले विपक्ष से बातचीत नहीं की।  श्री तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को समझना चाहिए कि राजनीति हमेशा अवसरवाद से प्रेरित नहीं होनी चाहिए।

परवेज अशरफ बने पाक के नए वजीरे आज़म


परवेज अशरफ बने पाक के नए वजीरे आज़म

(सुहेल खान)

इस्लामाबाद (साई)। पाकिस्तान में सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के दिग्गज नेता राजा परवेज अशरफ ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कल रात इस्लामाबाद में उन्हें शपथ दिलाई। इससे पहले, नेशनल असेंबली ने उन्हें नया प्रधानमंत्री चुना।
श्री अशरफ के साथ २७ केंद्रीय मंत्रियों और ११ राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। पाकिस्तन की ३४२ सदस्यों वाली नेशनल असेंबली में श्री अशरफ को देश का २५वां प्रधानमंत्री चुना गया। उनके पक्ष में २११ वोट पड़े। चुनाव के बाद नेशनल असेंबली को संबोधित करते हुए श्री अशरफ ने वादा किया कि भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाना उनकी विदेश नीति की प्राथमिकताओं में है।

कहीं बारिश तो कहीं गर्मी


कहीं बारिश तो कहीं गर्मी

(एशवर्या दुबे)

नई दिल्ली (साई)। जून माह के आखिरी सप्ताह में देश भर में मिला जुला मौसम बना हुआ है। कहीं गर्मी की मार है तो कहीं फुहार का आनंद तो कहीं बाढ़ ने जीना मुहाल कर रखा है। मौसम विभाग के सूत्रों का कहना है कि मानसून इस वर्ष सामान्य रहेगा। जुलाई-अगस्त में देश के अधिकतर भागों में अच्छी वर्षा होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की कल जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस बार देश में औसतन ९६ प्रतिशत वर्षा होने का अनुमान है। पहले ९९ प्रतिशत वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया था। जुलाई में ९८ प्रतिशत औेर अगस्त में ९६ प्रतिशत वर्षा होने की आशा व्यक्त की गयी है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर पश्चिम के कुछ अन्य इलाको में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य रहेगा।
वहीं, देश के उत्तरी भागों में गर्मी का प्रकोप जारी है। राजस्थान में तेज लू चल रही है। हमारे संवाददाता ने बताया कि लोग मॉनसून में देरी से चिंतित हैं। समाचार एजेंसी ऑॅफ इंडिया के राजस्थान ब्यूरो शैलेन्द्र ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मॉनसून के प्रवेश में अभी भी समय है और यह इस महीने के अंत तक ही राज्य की सीमा तक पहुंच पायेगा।
इस बीच, प्रदेश में तेज गर्मी का असर बना हुआ है। कल चुरू राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान ४५ दशमलव तीन डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्री गंगा नगर में भी कल अधिकतम तापमान ४४ डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के ज्यादातर स्थानों पर पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान ४० से ४५ डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। कई इलाकों में उमस के कारण गर्मी का असर और बढ़ गया है। जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उधर, पंजाब और हरियाणा में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं। राजधानी दिल्ली में कल अधिकतम तापमान ४३ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नमी का स्तर २६ से ४६ प्रतिशत के बीच रहा।
वहीं, ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ कम पिघलने से बांधों में गिरते जलस्तर  के मद्देनजर पंजाब सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे सिंचाई के लिए पानी के इस्तेमाल में किफायत करें। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के जालंधर संवाददाता ने खबर दी है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष धान की रोपाई कम हो रही है।
साई के पंजाब ब्यूरो का कहना है कि वर्षा न होने के कारण इस बार पंजाब में अभी तक तकरीबन ३५ प्रतिशत धान की रोपाई ही हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी समय के दौरान पचास से साठ प्रतिशत रोपाई हो चुकी थी। अगर मौसम विभाग की माने तो किसानों की तकलीफें कुछ और बढ़ सकतीं हैं, क्योंकि पंजाब में मॉनसून इस बार इस महीने के अंत तक आने की उम्मीद है। जबकि बीते वर्ष यह २४ जून को राज्य में प्रवेश कर गई थी। परंतु खेतीबारी विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे ही मॉनसून की बौछारें शुरू होंगी। धान की रोपाई में तेजी आएगी।

वैष्णो देवी यात्रा फिर आरंभ


वैष्णो देवी यात्रा फिर आरंभ

त्रिकुटा की पहाड़ी पर थमी आग

(अनुप्रिया दत्‍ता)

कटड़ा (साई)। उत्तर भारत के त्रिकुटा पर्वत पर विराजी माता वेष्णो देवी की लगभग साढ़े बारह किलोमीटर लंबी यात्रा एक बार फिर आरंभ हो गई है। कल लगी पहाड़ के जंगलों की आग को काबू कर लिया गया है। बेस केम्प कटड़ा में श्रृद्धालुओं की जबर्दस्त भीड़ लग गई है।
जम्मू-कश्मीर में जम्मू डिवीजन के रियासी जिले में विश्व प्रसिद्ध वैष्णों देवी यात्रा फिर शुरु हो गई है। त्रिकूट पहाड़ियों में भैरों घाटी के पास जंगलों में कल रात भयानक आग लगने से यह यात्रा रोक दी गई थी। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने वैष्णों देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के हवाले से बताया कि कल रात आग पर लगभग तीन घंटे बाद काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अर्द्ध सैनिक बलों श्राइनबोर्ड में अधिकारियों, वन विभाग पुलिस फायर सर्विस और इमर्जेंसी टीमों ने त्रिकुटा की पहाड़ियों में लगी आग को तकरीबन दो घंटों में काबू कर लिया और उसको भवन की ओर फैलने से रोक दिया। इस बीच, माता के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने उस वक्त राहत की सांस ली। जब श्राइनबोर्ड के अधिकारियों ने देर रात दोबारा यात्रा को चालू कर दिया। इन दिनों माता के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। शिक्षा संस्थानों में गर्मियों की छुट्टियां होने के कारण देश भर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने के लिए कटरा पहुंच रहे हैं।

न्यूयार्क में एमपी सरताज! जनसंपर्क नहीं कर रहा आवाज!


न्यूयार्क में एमपी सरताज! जनसंपर्क नहीं कर रहा आवाज!

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। मध्य प्रदेश सरकार की रीति नीति उपलब्धियों आदि के लिए पाबंद मध्य प्रदेश का जनसंपर्क महकमा इन दिनों अपने मूल काम से इतर आपसी विवाद सुलझाने में ही लगा हुआ है। आज दुनिया के चौधरी अमरीका के न्यूयार्क में मध्य प्रदेश को सम्मानित किया जाने वाला है और एमपी का पब्लिसिटी डिपार्टमेंट मुंह सिले बैठा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस पर 23 जून को मध्यप्रदेश को सम्मानित किया जाएगा। मध्य प्रदेश लोक सेवा गारंटी अधिनियम लागू करने वाले राज्य के रूप में अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त संयुक्त राष्ट्र संघ अवार्ड प्राप्त करने के लिए मध्य प्रदेश से लोक सेवा प्रबंधन राज्य मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव लोक सेवा प्रबंधन विभाग इकबाल सिंह बैंस और विभाग के उप सचिव मनोहर दुबे न्यूयार्क रवाना हो गये।
संयुक्त राष्ट्र की जनरल बॉडी के अध्यक्ष से अवार्ड लेने के साथ ही मध्यप्रदेश का दल 27 जून को अंतरमंत्रालय सम्मेलन (इंटरमिनिस्ट्रियल कान्फ्रेंस) में भी हिस्सा लेगा। यह अवार्ड उत्तरदायी लोक प्रशासन, नवाचार और प्रोफेशनल एफीसिएन्सी के लिए दिए जाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों में से मध्यप्रदेश के इस अधिनियम को ‘इम्प्रूविंग दि डिलेवरी आफ पब्लिक सर्विसेस’ श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिल रहा है। संयुक्त राष्ट्र को वर्ष 2012 के लिए पूरे विश्व से 471 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। अधिकृत सूत्रों ने आम जनता को सुगम और सरल तरीके से लोक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश में लागू किए गए इस कानून को संयुक्त राष्ट्र का यह अवार्ड मिलनस मध्यप्रदेश के लोगों के लिए गर्व की बात कहा है।
सूत्रों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र के लोक सेवा के विशेषज्ञों की समिति ने 15 सितंबर से 31 दिसंबर, 2011 तक अपनी प्रक्रिया के तहत विश्लेषण के बाद गत माह यह परिणाम घोषित किए थे। इसके लिए मध्यप्रदेश के लोक सेवा गारंटी विभाग की ओर से भी प्रविष्टि भेजी गई थी।
संयुक्त राष्ट्र संघ ने अपने प्रस्ताव द्वारा 23 जून को संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस पर पुरस्कार प्रदत्त करना घोषित किया। इस पुरस्कार का उद्देश्य स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लोक सेवा के मूल्यों और गुणात्मकता को प्रोत्साहित करना है। इसमें विश्व स्तर पर नवाचारों को पुरस्कार के रूप में मान्यता और सम्मान दिया जाता है।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रदेश में अब तक करीब सवा करोड़ आवेदन प्राप्त हुए हैं। मध्यप्रदेश में इस अधिनियम के तहत विनिर्दिष्ट सेवाएं समय पर नहीं प्राप्त होने पर जहां नागरिकों को प्रतिकर का भुगतान किया जाता है वहीं दोषी अधिकारियों पर जुर्माना भी लगाया जाता है।
मध्यप्रदेश में लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 336 लोक सेवा केन्द्र पीपीपी माडल के तहत शीघ्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 16 विभागों की 52 लोक-सेवाओं को शामिल किया गया है। इन्हें प्रदान करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।
मजे की बात यह है कि मध्य प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग द्वारा मध्य प्रदेश की इतनी महत्वपूर्ण उपलब्धि पर समाचार ही जारी नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि जबसे समाचार और विज्ञापन का प्रभार बदला है तबसे जनसंपर्क संचालनालय में सभी की दिलचस्पी समाचारों के माध्यम से प्रचार प्रसार के बजाए विज्ञापन की मलाई खाने में ज्यादा हो गई है।