शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

जमानत के लिए बेकरार हैं बाल किसन


जमानत के लिए बेकरार हैं बाल किसन

(अर्जुन कुमार)

देहरादून (साई)। जालसाजी और भारतीय पासपोर्ट कानून के उल्लंघन में कथित भूमिकाओं के लिए गिरफ्तार योग गुरु रामदेव के करीब सहयोगी बालकृष्ण ने एक स्थानीय अदालत में जमानत की याचिका दायर की। बचाव पक्ष के वकील प्रवीण सेठ ने बताया कि जमानत की याचिका स्वीकार करते हुए जिला सत्र न्यायाधीश ने सुनवाई 31 जुलाई तक के लिए टाल दी।
सीबीआई की एक अदालत ने 21 जुलाई को बालकृष्ण की जमानी याचिका खारिज कर दी थी और उन्हें नौ दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्हें हरिद्वार से 20 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

रायबरेली में बनेगा इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय


रायबरेली में बनेगा इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय

(अमित शुक्ला)

रायबरेली (साई)। कांग्रेस और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि शिक्षा ही सुरक्षित भविष्य की पूंजी है और तालीम की रोशनी से ही मुल्क सही मायने में तरक्की करेगा। सोनिया ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन फिरोज गांधी डिग्री कालेज सभाकक्ष में राष्ट्रीय राजमार्ग 24 ब (लखनऊ-रायबरेली-इलाहाबाद प्रखंड) के सुदृढीकरण तथा उसे चौडा करने के कार्य का शिलान्यास करने के बाद कहा कि शिक्षा ही सुरक्षित भविष्य की पूंजी है।
उन्होंने कहा ‘‘हमने समाज के हर वर्ग का ध्यान रखते हुए बहुत सी योजनाएं बनायी हैं, लेकिन मैं समझती हूं कि समाज और देश सही मायने में तभी तरक्की करेगा जब ज्यादा से ज्यादा लोग शिक्षित होंगे, क्योंकि शिक्षा सुरक्षित भविष्य की पूंजी है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की संप्रग सरकार ने शिक्षा के विस्तार तथा उन्नयन के लिये अनेक कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा ‘‘मानव संसाधन विकास मंत्रलय ने रायबरेली में एक महिला महाविद्यालय बनाने का प्रस्ताव किया है। राज्य सरकार से इसके लिये जमीन मिलते ही इस दिशा में जरुरी कदम उठाए जाएंगे। उस महाविद्यालय को इंदिरा गांधी का नाम दिया जाएगा।’’ प्रदेश में शिक्षा के लिये केंद्र द्वारा किये जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 148 माडल स्कूलों को धन दिया जा चुका है।
रायबरेली जिले में तीन स्कूलों का काम प्रगति पर है। इसके साथ ही रायबरेली के बछरावां में एक नये केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी दी गयी है। उन्होंने कहा कि अब रायबरेली के बच्चों को एक ही स्थान पर आसानी से शिक्षा मिल सकेगी। साथ ही यहां की बेटियों को उच्च शिक्षा हासिल हो सकेगी।

अमरीकी से छेड़छाड़ करने वाले भारतीय अफसर गिरफ्तार


अमरीकी से छेड़छाड़ करने वाले भारतीय अफसर गिरफ्तार

(निधि श्रीवास्तव)

पेनसिलवेनिया (साई)। भारतीय वन सेवा के अधिकारी को अमरीका में एक होटल रिसेप्शनिस्ट को छेड़ना महंगा पड़ा। रिसेप्शनिस्ट की शिकायत पर पेनसिलवेनिया पुलिस ने सुरेन्द्र महापात्रा नाम के इस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। एक समाचार चौनल की रिपोर्ट के अनुसार 34 अधिकारियों का एक भारतीय दल यहां न्यूयॉर्क में ट्रेनिक वर्कशॉप में हिस्सा लेने आया हुआ है। कथित आरोपी सुरेन्द्र महापात्रा भी इसी ग्रुप में शामिल हैं, 1985 बैच के वन्य अधिकारी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ऑफिसर सुरेन्द्र अपने ग्रुप के साथ यहां एक होटल में ठहरे हुए हैं। बुधवार को होटल में अपने कमरे में इंटरनेट कनेक्शन में दिक्कत के चलते ऑफिसर ने रिसेप्शन पर फोन किया और जब रिसेप्शनिस्ट ने नेट कनेक्शन दुरूस्त करने पहुंची तो उसके साथ छेड़छाड़ की गई।

शतावरी: सौ जडों वाली बूटी


हर्बल खजाना ----------------- 4

शतावरी: सौ जडों वाली बूटी

(डॉ दीपक आचार्य)

अहमदाबाद (साई)। शतावरी की जड उँगलियों की तरह दिखाई देती है जिनकी संख्या लगभग सौ या सौ से अधिक होती है और इसी वजह से इसे शतावरी कहा जाता है। यह एक बेल है जिसका वानस्पतिक नाम एस्पेरेगस रेसीमोसस है। इसकी जडों मे सेपोनिन्स और डायोसजेनिन जैसे महत्वपूर्ण रसायन पाए जाते है।
इसके पत्तों का सत्व कैंसर में उपयोगी है। पत्तों का रस (लगभग २ चम्मच) दूध में मिलाकर दिन में दो बार लिया जाए तो यह शक्तिवर्धक होता है। यदि पेशाब के साथ खून आने की शिकायत हो तो, शतावरी की जडों का एक चम्मच चूर्ण, एक कप दूध में डालकर उबाला जाए और शक्कर मिलाकर दिन में तीन बार सेवन किया जाए तो तुरंत आराम मिलना शुरू हो जाता है।
यह फ़ार्मुला रक्तपित्त जैसी समस्याओं के लिए भी सार्थक है। प्रसूता माता को यदि दूध नही आ रहा हो या कम आता हो तो शतावरी की जडों के चूर्ण का सेवन दिन में कम से कम ४ बार अवश्य करना चाहिए। पातालकोट के आदिवासी जडों का चूर्ण पुरूषों मे शारीरिक दुर्बलता, शुक्राणुओं की कमी, वीर्य का पतलापन, और नपुँसकता जैसे दोषों के लिये देते है। सामान्यतरू इन दोषों में जडों के चूर्ण का सेवन दूध में उबालकर या गुनगुने पानी के साथ करने की सलाह दी जाती है।
डाँग (गुजरात) के आदिवासियों का मानना है कि शतावरी की जडों के चूर्ण का सेवन बगैर शक्करयुक्त दूध के साथ लगातार किया जाए तो मधुमेह के रोगीयों को काफ़ी फ़ायदा होता है। टी. बी. होने की दशा में मूल का एक चम्मच चूर्ण दूध के साथ प्रतिदिन दो बार लेने से फ़ायदा मिलता है। आदिवासियों के अनुसार उत्तम स्वास्थ्य, बुद्धि, शक्ति, शुक्राणुओं की दुर्बलता आदि के लिये शतावरी से बेहतर कोई जडी-बूटी नहीं है। (साई फीचर्स)

(लेखक हर्बल मामलों के जाने माने विशेषज्ञ हैं)

1600 शहरों में है आईडिया की थ्री जी सुविधा


एक आईडिया जो बदल दे आपकी दुनिया . . .  4

1600 शहरों में है आईडिया की थ्री जी सुविधा

नेटवर्क प्राब्लम के चलते घिसटकर चलते हैं आईडिया के नेट

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। भारत की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा प्रदाता कम्पनी आइडिया सेल्युलर ने बुधवार को जम्मू एवं कश्मीर में अपनी 3जी सेवा पेश की। सुरक्षा की दृष्टि से जम्मू काश्मीर में प्री पेड मोबाईल सेवा प्रतिबंधित रखी गई है। आईडिया ने यह साफ नहीं किया है कि थ्री जी इंटरनेट सुविधा पोस्टपेड होगी या प्री पेड।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी क्षेत्र की मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनी आदित्य बिड़ला समूह की आईडिया सेल्यूलर कम्पनी आरंभ में जम्मू काश्मीर की घाटी क्षेत्र के श्रीनगर में और जम्मू क्षेत्र के उधमपुर में 3जी सेवा शुरू करेगी। बाद में इसका दूसरे स्थानों में भी विस्तार का प्रस्ताव है। इस सेवा के तहत उपभोक्ताओं को तेज गति इंटरनेट, विडियो कानफ्रेंसिंग, मोबाइल टीवी और आइडियामॉल एप्लीकेशन स्टोर सेवा का लाभ उठाने का दावा किया जा रहा है।
आरोपित है कि देश भर में जिन स्थानों पर आईडिया ने थ्री जी सेवा लॉच की है, वहां नेटवर्क की समस्या से दो चार होने के कारण उपभोक्ताओं को धीमी गति का इंटरनेट या बार बार नेट डिस्कनेक्ट होने की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। अनेक उपभोक्ताओं ने आईडिया के मंहगे नेट सेटर लेने के बाद इसकी घटिया सेवाओं से आज़िज आकर अपना कनेक्शन ही बदल दिया है। आईडिया नेट सेटर जीपीआरएस बेस्ड भी है किन्तु इसकी सबसे बड़ी खामी यह है कि उपभोक्ता इस नेट सेटर में आईडिया की सिम के अलावा और किसी की सिम का उपयोग नहीं कर सकता है, क्योंकि यह डिवाईस लाक होती है। आईडिया के जम्मू काश्मीर में थ्री जी सुविधा की इस अभिनव पेशकश के साथ आइडिया की 3जी सेवा देश के 20 सर्किलों में 1,600 शहरों तक पहुंच गई।
(क्रमशः जारी)

गुरुवार, 26 जुलाई 2012

कमल नाथ से रीवा के लिए राशी मांगी शुक्ला ने

कमल नाथ से रीवा के लिए राशी मांगी शुक्ला ने

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। मध्यप्रदेश के उर्जा एवं खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज यहां केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ से रीवा में जलमल निकासी योजना के लिए केन्द्र सरकार के पास लंबित राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान श्री शुक्ला ने बताया कि रीवा के लिए आगामी 30 वर्षों के लिए जलमल निकासी के लिए नगर निगम रीवा द्वारा 95.48 करोड़ रूपये की जलमल निकासी योजना तैयार की गयी है। इस योजना को राज्य स्तरीय समिति ने पारित कर केन्द्र सरकार को पिछले वर्ष स्वीकृति के लिए भेजा था।
श्री शुक्ला ने शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ को बताया कि ऐसे ही रीवा के लिए आगामी 30 वर्षों की पेयजल की पूर्ति के लिए पेयजल योजना (यूआईडीएसएमटी) के अंतर्गत स्वीकृत की गयी है। इस योजना का भी क्रियान्वयन लगभग पूर्ण हो रहा है। योजना पूरी हो जाने के उपरान्त 12 से 15 एम एल डी पानी की उपलब्धता बढ़कर 50 एम एल डी हो जायेगी। पेयजल उपलब्धता बढ़ जाने पर अब आवश्यक हो गया है कि शहर में गंदे पानी की निकासी कार्य तत्काल किया जाय।
जलमल निकासी योजना के क्रियान्वयन के लिए केन्द्र सरकार से स्वीकृत योजना लागत की 80 प्रतिशत अनुदान राशि जारी होना लंबित है। श्री शुक्ला ने लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। केन्द्रीय मंत्री श्री कमलनाथ ने श्री शुक्ला को उक्त योजना के अंतर्गत लंबित राशि को शीघ्र जारी का आश्वासन दिया।

जबलपुर संभाग में 16 सड़क के लिए 59.87 करोड़ स्वीकृत

जबलपुर संभाग में 16 सड़क के लिए 59.87 करोड़ स्वीकृत

सिवनी में साढ़े साल करोड़ से बनेंगी दो सड़कें

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। जबलपुर संभाग में 104.03 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनवाई जायेगी। इन सड़क पर 59 करोड़ 87 लाख 32 हजार की राशि व्यय होगी। इस राशि से 16 सड़क का निर्माण किया जायेगा। इसमें जबलपुर जिले के लिए 23 करोड़ 74 लाख, 46 हजार, छिंदवाड़ा जिले के लिए 11 करोड़ 54 लाख पांच हजार, सिवनी जिले के लिए 7 करोड़ 43 लाख 68 हजार रूपए की अनुमति दी गई है।
जबलपुर जिले में 23 करोड़ 74 लाख 46 हजार की राशि से 5 सड़क का निर्माण करवाया जायेगा। इस राशि से 30.27 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनेगी। बालाघाट जिले की पाँच सड़क के निर्माण पर 17 करोड़ 15 लाख 13 हजार की राशि व्यय होगी। इस राशि से 35.40 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनेगी।
छिन्दवाड़ा जिले की चार सड़क पर 11 करोड़ 54 लाख 5 हजार रुपये व्यय किये जायेंगे। इस राशि से 24.52 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनवाई जायेगी। सिवनी जिले में 7 करोड़ 43 लाख 68 हजार की राशि से 2 सड़क का निर्माण होगा। इस राशि से 13.84 किलोमीटर लम्बी सड़क बनेगी। इन सड़क निर्माण कार्यों की लोक निर्माण विभाग की स्थायी वित्तीय समिति ने प्रशासकीय स्वीकृति जारी करने की अनुशंसा की है।
जबलपुर जिले की पाँच सड़क में दौरा कटरा-दोहतरा-बम्होरी-मड़ोद मार्ग की 9 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 7 करोड़ 84 लाख 73 हजार, टेमर आश्रम से सुखलालपुर मार्ग की 2.85 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 3 करोड़ 85 लाख 39 हजार, पिपरिया से सोनपुर बीज केन्द्र मार्ग की 3.30 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 3 करोड़ 53 लाख 32 हजार, सकरी-बिछुआ-निमोरी मार्ग की 9 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 4 करोड़ 55 लाख 54 हजार और सीहोरा-कुर्रा-पिपरिया मार्ग की 6.12 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 3 करोड़ 95 लाख 48 हजार की राशि व्यय की जायेगी।
बालाघाट जिले की पाँच सड़क में अतरी आरंभा मार्ग की 3 किलोमीटर लम्बी सड़क का निर्माण 2 करोड़ 6 लाख रुपये, कोपे खैरटोला-पुजारीटोला-नाहरटोला-कटंजरी सावरी मार्ग की 17.77 किलोमीटर लम्बी सड़क का निर्माण 8 करोड़ 65 लाख 78 हजार रुपये, बिरसा मटलई-दुधी शाखा मार्ग की 3.50 किलोमीटर लम्बी सड़क का निर्माण 1 करोड़ 79 लाख 60 हजार रुपये, दहेली-फलवा मार्ग की 6.20 किलोमीटर लम्बी सड़क का निर्माण 2 करोड़ 48 लाख रुपये और बहेगाँव-बांदरी-कंजई मार्ग की 4.93 किलोमीटर लम्बी सड़क का निर्माण 2 करोड़ 15 लाख 75 हजार रुपये से करवाया जायेगा।
छिन्दवाड़ा जिले की चार सड़क में रजेगाँव जाम-सिमरिया-छिन्दवाड़ा मार्ग की 6.50 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 3 करोड़ 1 लाख 57 हजार, देवरानी बाई (पर्यटक सील) में सीमेंट-कांक्रीट पहुँच मार्ग की 1.62 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 1 करोड़ 8 लाख 34 हजार, शिवलाल ढाना- कुकड़ाचिमन-माल्हनवाड़ा से छिन्दवाड़ा चांद मार्ग की 9.30 किलोमीटर लम्बाई की सड़क के निर्माण पर 4 करोड़ 50 लाख 6 हजार और जिलेहारी से मोरडोंगरी से जिल्हरी घाट मार्ग की 7.10 किलोमीटर लम्बाई की सड़क 2 करोड़ 94 लाख 8 हजार की राशि से बनेगी।
सिवनी जिले की दो सड़क में भुरकुण्डी-पिंडरई दोदावानी-आमानाला मार्ग की 8.20 किलोमीटर लम्बी सड़क के निर्माण पर 4 करोड़ 69 लाख 29 हजार रुपये और सीहोरा-नवलगाँव-नागदहार पुरवा मार्ग की 5.64 किलोमीटर लम्बी सड़क 2 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपये से बनवाई जायेगी।