सोमवार, 11 मार्च 2013

थापर से जुड़ सकते हैं ताम्रकार के तार!


0 रिजर्व फारेस्ट में कैसे बन रहा पावर प्लांट . . . 15

गौतम थापर से जुड़ सकते हैं ताम्रकार के तार!

(सुरेंद्र जायस्वाल)

जबलपुर (साई)। प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के विजय नगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ सहायक अभियंता गिरीश ताम्रकार के तार देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर से जुड़ सकते हैं। उक्त सहायक अभियंता को 7 मार्च को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते धर दबोचा था। लोकायुक्त द्वारा गिरीश ताम्रकार से गहन पूछताछ का निर्णय भी लिया गया है।
ज्ञातव्य है कि गिरीश ताम्रकार को सुभाष कोठारी की एनओसी नवीनीकरण के मामले में नौ हजार रूपए रिश्वत लेते पकड़ा गया था। लोकायुक्त पुलिस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि गौतम ताम्रकार से जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। उनसे गहरी पूछताछ भी की जाएगी, जिसमें एनओसी की नस्ती किस किसकी टेबिल से होकर गुजरती है इस बारे में भी पता लगाया जाएगा।
वहीं पीसीबी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑॅफ इंडिया को बताया कि सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य घंसौर तहसील में देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के पावर प्लांट में भी प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को गिरवी रखा गया है। पीसीबी द्वारा नियमों को अपरोक्ष तौर पर शिथिल करते हुए संयंत्र प्रबंधन को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
पीसीबी के सूत्रों ने साई न्यूज के साथ चर्चा के दौरान यह आशंका भी व्यक्त की कि अगर पीसीबी के धरे गए सहायक अभियंता गिरीश ताम्रकार से गहरी पूछताछ की गई तो तार बड़े बड़े उद्योगपति यहां तक कि अवंथा समूह के स्वामी गौतम थापर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
(क्रमशः जारी)

तीन साल पहले स्वीकृत हुआ थ छिंदवाड़ा नैनपुर रेलखण्ड


0 सिवनी से नहीं चल पाएगी पेंच व्हेली ट्रेन . . . 14

तीन साल पहले स्वीकृत हुआ थ छिंदवाड़ा नैनपुर रेलखण्ड

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। छिंदवाड़ा से सिवनी नैनपुर होकर मण्डला फोर्ट जाने वाले रेलखण्ड को वर्ष 2010 - 2011 के बजट में नए काम के रूप में शामिल किया गया था। 182.25 किलोमीटर लंबे इस खण्ड की अनुमानित लागत उस समय 564.54 करोड़ रूपए आंकी गई थी। उक्ताशय की बात भारतीय रेल्वे बोर्ड के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कही है।
रेल्वे बोर्ड के सूत्रों ने आगे कहा कि अगर सिवनी संसदीय क्षेत्र के सांसदों द्वारा इस रेल खण्ड के अमान परिवर्तन हेतु सतत दबाव बनाया होता तो यह रेलखण्ड कभी का ब्राडगेज में तब्दील हो गया होता। सूत्रों ने कहा कि जब भी रेल्वे बोर्ड के पास इस रेल खण्ड के अमान परिवर्तन की बात लाई जाती रही है तब तब पूर्व के ऋणात्मक आंकलन को हाईलाईट कर इसे ड्राप करवा दिया जाता रहा है।
सूत्रों ने आगे बताया कि चूंकि तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिंहराव ने नेरोगेज को ब्राडगेज में बदलने के लिए समय सीमा तय कर दी गई थी अतः इस रेलखण्ड के भाग्य खुले। इस रेल खण्ड के लिए वर्ष 2010 - 2011 में चार करोड़ रूपए की राशि तो आवंटित की गई थी किन्तु इसके पूरे होने की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की गई थी।
(क्रमशः जारी)

विजेंद्र से पूछताछ करेगी पंजाब पुलिस


विजेंद्र से पूछताछ करेगी पंजाब पुलिस

(शंटी आनंद)

फतेहगढ़साहिब (साई)। कांस्य पदक विजेता विजेंद्र पर मुसीबतें बढ़ती ही दिख रही हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि एक सौ तीस करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ की बरामदगी के मामले में, ओलिम्पिक कांस्य पदक विजेता विजेन्द्र सिंह से पूछताछ की जाएगी।
फतेहगढ़ साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरदयाल सिंह मान ने बताया है कि फिलहाल, इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को पकड़ने पर ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा ने कहा है कि विजेन्द्र के मामले में कानून अपना काम करेगा। पुलिस ने इस मामले के एक अन्य आरोपी सुनील कात्याल को लुधियाना से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पंजाब पुलिस अर्जुन अवॉर्ड विजेता जगदीश भोला की तलाश में, राज्य व राज्य से बाहर छापेमारी कर रही है। रोकच बात यह है पुलिस से निकाले गए भोला को पकड़ने के लिए इस केस में संलिप्त पुलिस के ही हेड कांसटेबल राम सिंह की मदद ली जा रही है।
सूत्रों ने आगे बताया कि कनाडा निवासी अनूप सिंह कहलो जो पुलिस हिरासत में है, भोला के लिए काम करता था। इस दौरान पिछले एक सप्ताह में पुलिस ने एक सौ तीस करोड़ रुपये की २६ किलो हेरोइन के केस में सात व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। चाहे मुक्केबाज रामसिंह को कल राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला से निकाल दिया गया है, परन्तु पुलिस द्वारा उसके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 

उत्‍तर प्रदेश : सरकार ने की हक हत्याकांड में सहयोग की अपील


सरकार ने की हक हत्याकांड में सहयोग की अपील

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। उत्तरप्रदेश के कुंडा में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई के दस सदस्यीय दल ने ग्रामीणों से अपील है कि वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिया-उल-हक की हत्या की जांच के मामले में सहयोग करें और गवाही के लिए सामने आये। इस पुलिस अधिकारी की २ मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
समाचार पत्रों के लिए जारी विज्ञप्ति में लोगों को आश्वासन दिया गया है कि उन्हें कोई परेशान नहीं करेगा। सीबीआई ने प्रतापगढ़ में अपना अस्थायी शिविर बनाया है। सीबीआई का दल गांव प्रधान, उसके भाई और पुलिस उप-अधीक्षक जिया-उल-हक की हत्या की जांच कर रहा है।
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मारे गए पुलिस अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर और मोबाइल फोन को अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है। सीबीआई ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से उन मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी मांगी है जिनकी जांच मारे गए पुलिस उपाध्यक्ष जिया-उल-हक ने कुंडा में अपने तैनाती के दौरान की थी।
इनमें हथगवा इलाके में एक दलित युवती की बलात्कार के बाद हत्या और मानीपुर इलाके में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापा शामिल है। मारे गए पुलिस उपाध्यक्षक की पत्नी ने जांच में दिल्ली के पुलिस अधिकारियों को लगाने और मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रेक कोर्ट बनाने की मांग की है।

तिरूचिरापल्ली परमाणु बिजलीघर की सुरक्षा बढ़ी


परमाणु बिजलीघर की सुरक्षा बढ़ी

(आर.माधवन)

तिरूचिरापल्ली (साई)। तमिलनाडु में कुडनकुलम परमाणु बिजलीघर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों की आज से इसकी घेराबंदी की योजना है। तिरूनेलवेली के जिलाधीश ने कुडनकुलम परमाणु बिजलीघर के सात किलोमीटर के दायरे में महीने भर के लिए निषेधाज्ञा लगा दी है।
प्रशासनिक सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि लोगों के प्रदर्शन को देखते हुए चार हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ये प्रदर्शनकारी परमाणु बिजली परियोजना को बंद करने की मांग कर रहे हैं। कन्याकुमारी, थुत्ट्टुकुडी और तिरूनेलवेली जिले के मछुआरे, आंदोलनकारियों के समर्थन में आज अपने काम पर नहीं जा रहे हैं। कुडनकुलम परमाणु बिजली संयंत्र अपने अंतिम चरण में है और अगले महीने से बिजली उत्पादन शुरू होने की संभावना है।

खण्डवा पुनासा में अंत्योदय मेला सम्पन्न


पुनासा में अंत्योदय मेला सम्पन्न

(अजय दीक्षित)

खण्डवा (साई)। मध्यप्रदेष को अंधेरे से उजाले में लाने वाले मुख्यमंत्री षिवराज सिंह चौहान हैं। पहले मध्यप्रदेश की हालत यह थी कि 2900 मेंगावॉट बिजली का उत्पादन करता था और आज हम 10 हजार मेगावॉट बिजली का उत्पादन कर रहे हैं। आज के लगभग दस साल पहले मध्यप्रदेष का सालाना बजट 23000 करोड़ रूपए का था और आज षिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में 1 लाख 12 हजार करोड़ का बजट है। हमारे चेहरे पर जो मुस्कान है, उसके पीछे षिवराजसिंह चौहान की सोच है। बेटियों को बचाने के लिए षिवराज सिंह ने आगे रहकर बेटियों को बचाने का नारा दिया है। यह बात आज कालसन माता प्रांगण पुनासा में आयोजित अंत्योदय मेले में पूर्व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कही। अंत्योदय मेले में 4 हजार से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। मेले में क्षेत्रीय विधायक लोकेन्द्र सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष जषोदाबाई रामलाल चौहान, जनपद उपाध्यक्ष वल्लभसिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामसिंह पटेल, फून्दाबाई  ताराचंद पटेल, शांताबाई सखाराम यादव, देषपालसिंह तोमर,  तथा खंड स्तरीय अंत्योदय समिति अध्यक्ष सूरजपालसिंह सोलंकी , सी.ई.ओ. जिला पंचायत तरूण पिथौड़े, एसडीएम एच.एस.चौधरी तथा तहसीलदार जी.एस.गहरवार प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये क्षेत्रीय विधायक लोकेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि पहले जब प्रदेष में 25 लाख के भी काम होते थे, तो भोपाल से मंत्री उसका भूमि पूजन करने आते थे और आज करोड़ों के काम स्वीकृत हुए है, जिसके लिए विधायकों को समय निकालना मुष्किल हो गया हैं। उन्होंने प्रदेष सरकार की नितियों की प्रषंसा करते हुये कहा कि आज ग्रामीण अंचल की जनता  हर दृष्टि से खुषहाल हो रही है। मैने और पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने प्रदेष के मुखिया षिवराजसिंह चौहान के साथ मिलकर क्षेत्र का विकास किया है कोई अपराध नहीं किया है और न जनता पर कोई उपकार किया है। बल्कि एक सेवक के नाते हमने काम किया है। पुनासा में जल्दी ही एसडीएम कार्यालय खुल जाएगा। इसके लिए तहसील भवन के अतिरिक्त आवासीय भवन की राषि भी स्वीकृत हो गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजपालसिंह तोमर ने कहा क्षेत्रीय विधायक के 4 वर्ष के काम, पिछले 50 वर्षों पर भारी पड़ रहे हैं। कार्यक्रम को सीईओ जिला पंचायत खंडवा तरूण पिथोड़े ने भी संबोधित किया। उन्होंने अंत्योदय मेले में हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी। यहां 4374 हितग्राहीयों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 5,11,43,591 रूपये के चेक वितरित किये गए। मेले में आयोजित स्वास्थ्य षिविर में 1097 परिक्षण किये जिसमें विकलांग पंजीयन 84,  में 33 को प्रमाण पत्र, 19 श्रवण यंत्र, 2 हितग्राहियों को छड़ी, 7 को बैसाखी 18 केलिपर, एक को नकली पैर, एक बाल हदयरोगी व पेथोलॉजी जांच में 180 व लेप्रोसी जांच में एक हितग्राही लाभांवित हुए। कार्यक्रम की शुरूआत बेटी बचाओ अभियान पर रामलाल वर्मा ने एक गीत की प्रस्तुती देकर की। 

मुजफ्फरनगर यह धर्म युद्ध है और धर्म युद्ध में जीत धर्म की ही होती हैः एम.एन. कृष्णमणी


यह धर्म युद्ध है और धर्म युद्ध में जीत धर्म की ही होती हैः एम.एन. कृष्णमणी

(सचिन धीमान)

मुजफ्फरनगर (साई)। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मेरठ कमीशनरी स्थित चौ. चरण सिंह पार्क में चल रहे धरने के 13वें दिन आज सुप्रीम कोर्ट बार अध्यक्ष एम.एन. कृष्णमणी ने आज किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरदार वीएम सिंह के नेतृत्व में आप लोग एक धर्म युद्ध लड रहे है। धर्म युद्ध में जीत धर्म की होती है ओर इसमें कोई शक नहीं है कि धर्म आज किसानों के साथ है। किसान भाई हमारे देश की रीड की हड्डी है। किसानों के बिना कोई भी जीव जन्तु या मनुष्य जीवित नहीं रह सकता। क्योंकि किसान उसे अन्न पैदा कर खाने को देता है। ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि हाईकोर्ट सुप्रीम कोर्ट से जीतने के बाद भी आपका अधिकार आपको नहीं मिल पा रहा है। आप लोग उत्तर प्रदेश सरकार के अदालती आदेश को तामिल ना कराने की स्थिति में सीधे ही आर्टिकल 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकते है और निश्चित तौर पर इस मामले में आपका पलडा ही भारी रहेगा। उक्त बाते सुप्रीम कोर्ट बार अध्यक्ष ने धरने में आयी भारी भीड के सामने कही। श्री कृष्णमणी ने कहा कि जो राज्य सरकार उच्च अथवा उच्चतम न्यायालय के आदेशों को पालन कराने में सक्षम न हो ऐसे में केन्द्र सरकार का दायित्व है कि उस सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू कर दें। उत्तर प्रदेश में भी यही देखने को मिल रहा है। पांच जजों की संवैधानिक बेंच के आदेशों के बावजूद भी किसानों को ब्याज नहीं दिलाया जा रहा। यह बहुत सोचनीय है और इस पर केन्द्र सरकार को भी सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीएम सिंह के नेतृत्व में जीत आप लोगों की ही होगी। वीएम सिंह न्याय की लडाई लड रहे है। उन्होंने कहा कि वीएम सिंह ने जब भी उनसे किसानों के लिए मदद मांगी वे हर समय मदद के लिए उपस्थित रहे और हर सम्भव सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि पहले भी वह किसानों के लिए हमेशा खडे रहे और आगे भी किसानांे की किसी भी लडाई में कानूनी हक दिलाने के लिए वह कोई पैसा नहीं लेंगे। ये उनका आज किसानों के बीच वायदा है। उन्होंने कहा कि वह अंग्रेजी में बोल रहे है और यहां कि किसान हिन्दी जानते है यह उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है और वह वायदा करते है कि निकट भविष्य में जब किसान अपनी यह जंग जीतेगा तो वह फिर किसानों के बीच में आयेंगे और हिन्दी में अपनी बात कहेंगे। उल्लेखनीय है कि एम.एन. कृष्णमणी ने पूरा भाषण  अंग्रेजी में दिया और उनका जितेन्द्र मोहन शर्मा अधिवक्ता उच्चतम न्यायालय ने हिन्दी में अनुवादित किया।  एम.एन. कृष्णमणी के भाषण के दौरान किसान लगातार तालियां बजाते रहे और उनका जय जयकार से स्वागत किया।  इससे पूर्व जितेन्द्र प्रधान सिवाया ने सरदार वीएम सिंह, एन.एन. कृष्णमणी बुजुर्ग नेत्रहीन हुकुम सिंह हापुड आदि  व नेहा त्यागी, राजदुलारी सहित अन्य महिलाओं का शॉल ओढाकर स्वागत किया।

मुजफ्फरनगर किसान आंदोलन में कूदे धाकड छोरा फिल्म के मालीवुड हीरो उत्तर कुमार


किसान आंदोलन में कूदे धाकड छोरा फिल्म के मालीवुड हीरो उत्तर कुमार

(ब्यूरो कार्यालय)

मुजफ्फरनगर (साई)। फिल्मी कलाकार और धाकड छोरा फिल्म के हीरो रहे उत्तर कुमार भी आज मुम्बई से किसानों के धरने की बात सुन मेरठ कमीशनरी चौ. चरण सिंह पार्क पर चल रहे आंदोलन में कूद पडे। यहां उपस्थित किसानों को सम्बोधित करते हुए किसानों के चेहते धाकड छोरे ने धाकड अंदाज में ही बोलते हुए किसानों को आईना दिखाया और कहा कि जो लोग धरती का सीना चीरकर फसल उगाना जानते है वो अपने हक की बात आने पर चूडी पहनकर बैठ गये है। उन्होंने कहा कि किसान तब तक किसान रहता है जब तक उसके लूटने पीटने की बात हो। जब उसके सही में किसान होने का नम्बर आता है तब वह किसान नहीं रहता और वह धर्म जाति सम्प्रदाय में बंट जाता है। उत्तर कुमार ने कहा कि वोट के वक्त दारू और पैसे का लालच छोड अपने ही बीच के सीधे साधे किसान को चुनाव जीताओ। उत्तर कुमार ने कहा कि जब गर्दन पर हाथ डालकर खींचने का समय आता है तब किसान बंटा हुआ नजर आता है। उन्होंने कहा कि सेना को सरदार की जरूरत होती हेै और किसान को उसका सरदार वीएम सिंह के रूप में मिल गया है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को वीएम सिंह लगातार लाभ पहुंचा रहे है और आगे पहुंचाने वाले है क्या वे उतने ही किसान है जो यहां आये है। उन्होंने कहा कि जो यहां नहीं आये फायदा उनके घरों में भी पहुंचने वाला है। इसलिए किसानों को अपनी ताकत दिखाने के लिए भारी संख्या में यहां आना चाहिए। उत्तर कुमार ने किसानों की कई महत्वपूर्ण बातों को उठाते हुए किसानों की कई दुखती नवज पर हाथ रखा। उत्तर कुमार ने अपनी फिल्म के कई डायलोगों को भी सुनाया। उपस्थित किसान तालियां बजाकर उत्तर कुमार का हौंसला बढाते रहे। वहां मौजूद गांव की महिलाओं ने भी अपने अपने मोबाइल में उत्तर कुमार के फोटो को कैद किया।  मेरठ में चल रहा किसानों का अब यह धरना अब व्यापक रूप लेने लगा है। जहां धरने के दसवें दिन प्रख्यात कवि हरिओम पंवार ने अपनी रचनाएं सुनाकर उपस्थिति दर्ज करायी थी वहीं गत दिवस एक शाम किसानों के नाम भव्य कवि सम्मेलन व मुशायरे का आयोजन हुआ। वहीं आज उत्तर कुमार ने उपस्थिति दर्ज करायी।
जहां सभी राजनैतिक दलों ने आदांेलन को समर्थन दिया है वहीं सामाजिक संगठन भी लगातार समर्थन की घोषणा कर रहे है। धरना स्थल पर बादाम का दूध, खीर, हलवा, चना, सब्जि पुरी, दाल कढी चालव, रोटियां, केले आदि का भी वितरण जोरों शोरों से हो रहा है। वहीं बाबूराम दहलौत (बालियान) ने भी चाय का आयोजन निशुल्क अपनी ओर से करा रखा है।  विकास बालियान ने आज वीएम सिंह के चित्र वाली कई टीशर्ल्ट का भी वितरण किया। 

साई भजन पर झूमे श्रृद्धालु


साई भजन पर झूमे श्रृद्धालु

(आनंद शर्मा)

जालंधर (साई)। श्री साई राम सेवा सत्संग मंडली की ओर से महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में 79वीं साप्ताहिक साई संध्या का आयोजन श्री गौरी शंकर मंदिर इस्लामगंज में किया गया। इसमें भजन सम्राट जतिन्द्र बंटी, धमेन्द्र प्रभाकर, संजीव, मनोज ग्रवोर, चीनू सहगल ने भजन गाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान संस्था के चेयरमैन सुधीर सूरी, पुष्पिन्द्र टोनी, अजय कोहली, पुनीष गुप्ता, संजू, अरुण शर्मा, हिमांशु उपस्थित थे। संस्था के सचिव पुष्पिन्द्र टोनी ने बताया कि मोहल्ला गोबिंदगढ़ में साई बाबा का एक मंदिर बनाने जा रहा है। साई संध्या में जो पैसे इकट्ठे होते हैं वे मंदिर निर्माण कार्य में लगाए जाएंगे।

केदारनाथ मंदिर के कपाट 14 मई को खुलेंगे


केदारनाथ मंदिर के कपाट 14 मई को खुलेंगे

(अर्जुन कुमार)

देहरादून (साई)। विश्व प्रसिद्ध हिमालयी तीर्थ केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिये इस वर्ष 14 मई को सुबह सात बजे खोल दिये जायेंगे। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के सूत्रों ने यहां बताया कि मंदिर के कपाट खुलने का मुहूर्त आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ में स्थित भगवान केदारनाथ के शीतकालीन प्रवास में मंदिर के मुख्य पुजारी शिवशंकर सहित धार्मिक तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में निकाला गया। गौरतलब है कि भगवान शिव को समर्पित केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल में छह माह तक बंद रहने के बाद हर वर्ष अप्रैल-मई में दोबारा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिये खोल दिये जाते हैं। गढवाल हिमालय में समुद्रतल से 3581 मीटर की उंचाई पर रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम सर्दियों में भारी बर्फबारी की चपेट में रहने के कारण श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाता है।

सोनिया के बाद प्रियंका को हुई रहस्यमय बीमारी!


ये है दिल्ली मेरी जान

(लिमटी खरे)

सोनिया के बाद प्रियंका को हुई रहस्यमय बीमारी!
कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी को रहस्यमय बीमारी हुई है, उसका इलाज अमरीका में चला है, न्यूयार्क में उनके इलाज के दौरान 18 लाख रूपए रोजाना के कमरे में उन्हें रखा गया था। उनके साथ गए एसपीजी के दस्ते और अन्य सरकारी नुमाईंदों का खर्च भी भारीभरकम रहा। इसका भोगमान किसने भोगा और सोनिया को क्या बीमारी हुई थी यह बात आज तक किसी को नहीं पता है। खबर है कि अब उनकी पुत्री प्रियंका वढ़ेरा को रहस्यमय बीमारी हो गई है। प्रियंका के करीबी सूत्रों का कहना है कि उनकी बीमारी के बारे में मीडिया में आई खबरें सही नहीं हैं। उन्हें गॉल ब्लेडर की जिस बीमारी से पीडित बताया जा रहा है वास्तव में उनकी बीमारी उससे कहीं गंभीर है। भगवान करे वे जल्दी स्वस्थ्य हों और उनकी गंभीर रहस्यमय बीमारी की खबर गलत ही निकले, क्योंकि रायबरेली की अगली महारानी वे ही बनने जा रही हैं।

राजनाथ का हाथ तंग!
बनिया ब्राम्हणों की पार्टी मानी जाने वाली भारतीय जनता पार्टी इन दिनों आर्थिक संकट से गुजर रही है। भाजपा में थैली संस्कृति का बोलबाला समझा जाता है। भाजपा की कमान जबसे राजनाथ सिंह ने संभाली है तबसे भाजपा की आर्थिक हालत बेहद पतली नजर आ रही है। दिल्ली में हुई कार्यकारिणी की बैठक में देश भर से आए प्रतिनिधियों को आलीशान होटल्स के बजाए पहाड़गंज और करोलबाग में ना केवल सस्ते होटलों में ठहराया गया है वरन् उनकी सेवा में इस बार टेक्सियां तक नहीं दिखीं। दिल्ली में रहने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं को कहा गया कि वे अपनी अपनी कार में इन प्रतिनिधियोें को लेकर तालकटोरा स्टेडियम पहुंचें। अब बड़े केंद्रीय स्तर के नेताओं को चाटर्ड प्लेन या चौपर की सवारी नसीब नहीं हो पा रही है। उन्हें लाने ले जाने के लिए भाजपा शासित राज्यों के मंत्रियों का दौरा दर्शाकर राज्यों के संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। राजनाथ का राज आते ही पार्टी में फंड और उत्साह की कमी साफ दिखाई पड़ने लगी है।

जेतली की नजरों में मनमोहन कपूत!
भारत गणराज्य के वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह सपूत हैं या कपूत इस बात के बारे में तो उनके परिजन ही बता सकते हैं पर राज्य सभा में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष अरूण जेतली की नजरों में वे कपूत ही हैं। जेतली का कहना है कि केंद्र सरकार का बर्ताव आश्चर्यजनक है। वह अपने माता पिता की हत्या करने के बाद लोगों से दया की उम्मीद इस बात को रेखांकित करके कर रही है कि वह अनाथ है। देश पर आठ सालों से काबिज यूपीए सरकार के वित्त मंत्री पलनिअप्पम चिदम्बरम दावा कर रहे हैं कि आर्थिक हालत चुनौतिपूर्ण हैं। हालात क्या रातों रात बने हैं? इस तरह के हालात बनने के लिए मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ही पूरी तरह जवाबदार है। अब अरूण जेतली को कौन समझाए कि आपकी नजर में मनमोहन सिंह और उनकी सरकार कपूत है तो विपक्ष में आप बैठे हैं, आप खुद तय करें कि आप सपूत हैं या कपूत? क्योंकि अगर सरकार 8 साल से गलत कर रही है तो आप सो रहे हैं क्या?

बोफोर्स के बाद अब चौपर का जिन्न
सदी के महानायक अमिताब बच्चन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बोफोर्स मामले में उन पर लगे आरोपों से उन्होंने राजनीति से तौबा कर ली थी। अब उनके निज सचिव राजीव त्यागी के कारण वे उलझते नजर आ रहे हैं। हेलीकाप्टर घोटाले में जूली त्यागी और संदीप त्यागी का नाम आना बिग बी के लिए परेशानी का सबब बना है, क्योंकि राजीव उनके भाई हैं। राजीव के प्रभार में अमिताभ ने इलाहबाद से सांसद का चुनाव लडा और जीते। राजीव गांधी से बिग बी के रिश्तों के चलते राजीव काफी ताकतवर थे तो अटल बिहारी बाजपेयी के प्रधानमंत्री रहते हुए अटल जी के दमाद भट्टाचार्य से इनकी गहरी छनती थी। वहीं त्यागी को एनसीपी के नेता देवी प्रसाद त्रिपाठी का बेहद करीबी माना जाता है। कहा जाता है कि राजीव त्यागी के पास दिल्ली में अरबों की प्रापर्टी है। अब राजीव त्यागी कहीं एक बार फिर बिग बी की मुश्किलें ना बढ़ा दें।

इतिहास रचते मनमोहन!
भारत गणराज्य के नेहरू गांधी परिवार से इतर वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह 2014 में सेवानिवृत हो सकते हैं। भारत गणराज्य में वे इतिहास रचने जा रहे हैं। पहले तो उनके नाम यह बात हो गई है कि कांग्रेस में वे पहले एसे वजीरे आजम हैं जो नेहरू गांधी परिवार से ताल्लुक नहीं रखता और सबसे ज्यादा समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रहा हो। इसके साथ ही साथ दूसरा रिकार्ड भी उनके नाम ही होने जा रहा है जिसके अनुसार वे देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं जो अब तक एक भी चुनाव ना जीता हो और उसने लाल किले की प्राचीर से देश को सबसे ज्यादा बार संबोधित किया हो। डॉअर्थात पिछले दरवाजे यानी राज्य सभा से राजनीति करने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान होने लगी है। मूलतः चंडीगढ़ से संबंध रखने वाले डॉ. मनमोहन सिंह को एक मर्तबा दिल्ली की जनता नकार चुकी है। इसके बाद वे इस कदर डर गए थे कि उन्होंने दुबारा चुनाव लड़ना ही उचित नहीं समझा।

नेताजी के दखल से परेशान हुए अखिलेश
उत्तर प्रदेश के युवा निजाम अखिलेश सिंह सीएम बनने के बाद से ही खासे परेशान नजर आ रहे हैं। इसका कारण उनका रबर स्टेंप सीएम होना है। अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव यानी नेता जी का पूरा पूरा नियंत्रण है सरकार पर। वे जब चाहे तब अखिलेश की मुश्कें कसते रहते हैं। रही बात अखिलेश के मंत्रियों की तो अखिलेश अपने मंत्रियों की नकेल भी नहीं कस पाते हैं, क्योंकि बचपन से वे इन मंत्रियों को अपनी कोठी के इर्दगिर्द ही देखते आए हैं, इस लिहाज से सभी मंत्री अखिलेश के अंकल ही हुए। अब कोई भी कार्यकर्ता अगर किसी मंत्री की शिकायत लेकर अखिलेश के पास जाता है तो अखिलेश अपने आप को उस चाचा या अंकल मंत्री के खिलाफ कार्यवाही करने में अक्षम ही पाते हैं। इस तरह कार्यकर्ताओं में अखिलेश यादव की छवि खराब बनती जा रही है। इसकी शिकायत जब नेताजी से होती है तो नेताजी एक बार फिर अखिलेश के कान उमेठने में कोताही नहीं बरतते।

शिव के रडार पर हैं मोदी!
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भाजपा कार्यकारिणी में गुजरात के निजाम नरेंद्र मोदी के जयकारे पसंद नहीं आए। उन्होंने अपने रडार पर मोदी को ले लिया है। भाजपा के एक नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि शिवराज चाह रहे हैं कि मोदी को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बना दिया जाए, ताकि कर्नाटक में संभावित हार का ठीकरा उनके सर फूट जाए। उधर चतुर सुजान नरेंद्र मोदी अभी इस पद को धारित करने को तैयार नहीं हैं। इधर शिवराज सिंह चौहान और छत्तीगढ़ के रमन सिंह इस प्रयास में दिख रहे हैं कि मोदी यह पद अभी ले लें। चोहान और सिंह के दूत मोदी को यह कहकर मना रहे हैं कि कर्नाटक की हार के साथ ही साथ एमपी छग और दिल्ली की जीत का सेहरा भी तो उनके सर होगा। मोदी को आशंका है कि इस बार एमपी में कहीं कांग्रेस सरकार ना बना ले तो फिर कर्नाटक और एमपी की हार का ठीकरा उनके सर फूट सकता है।

हकीकत बयां कर रहीं या डरा रहीं शीला
कितने आश्चर्य की बात है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमति शीला दीक्षित बयान देती हैं कि उनकी बेटी भी दिल्ली में अपने आप को असुरक्षित महसूस करती है और विपक्ष में बैठी भाजपा ताली पीटने लगती है। शीला दीक्षित ने यह बयान भावावेश में दिया या ताली पिटवाने को यह बात तो वे ही बेहतर जानती होंगीं पर शीला दी आप दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली की कानून और व्यवस्था पर नियंत्रण रखना आपकी जिम्मेवारी है। आप पंद्रह सालों से दिल्ली की सत्ता पर काबिज हैं। इन पंद्रह सालों में आपने दिल्ली को एक महफूज शहर नहीं बना सका है, तो क्या आप मुख्यमंत्री पद की हकदार हैं? यह प्रश्न देखा जाए तो भाजपा को पूछ लेना चाहिए, पर आम नागरिक की चिंता ही किसे है। अब तो दिल्ली में युवा कोमलांगी बालाएं पूछ रहीं है कि सीएम शीला दीक्षित दिल्ली की हकीकत बता रहीं हैं या फिर दरिंदों की तरफ खड़े होकर हमें डरा रही हैं?

शिव भी सेट हैं गौतम थापर से!
देश के मशहूर उद्योगपति और शराब कारोबारी कंपनियों के मालिक गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा एमपी में सिवनी के आदिवासी बाहुल्य घंसौर ब्लाक में डाले जा रहे पावर प्लांट में बिजली उत्पादन की समय सीमा इस माह समाप्त हो रही है और संयंत्र में अभी निर्माण कार्य आधा भी नहीं हो पाया है। 2009 से ही अपनी स्थापना के साथ ही यह संयंत्र विवाद और चर्चाओं में रहा है। आरंभ में जमीन के अधिग्रहण, मुआवजे, मजदूरों की मौत के साथ ही साथ प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की लोकसुनवाई के कारण यह चर्चा में रहा। कहते हैं उस समय तत्कालीन केंद्रीय उर्जा  मंत्री सुशील कुमार शिंदे थापर से सेट थे तो अब एमपी के निजाम शिवराज चौहान सैट हो गए हैं, नियत तिथि में उत्पादन आरंभ ना होने का भी उन्हें कोई मलाल नहीं।

एसी कैसी विज्ञापन नीति!
मध्य प्रदेश में सत्ता और मीडिया के बीच समन्वय बनने के साथ ही साथ शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रचार प्रसार के लिए पाबंद मध्य प्रदेश का जनसंपर्क महकमा अब अपनी ही बनाई नीतियों की मुखालफत करता नजर आ रहा है। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा बनाई गई विज्ञापन नीति की कंडिका 11 का उल्लंघन साफ तौर पर होता प्रतीत हो रहा है। मध्य प्रदेश जनसंपर्क की आधिकारिक वेब साईट एमपीइन्फो डॉट ओआरजी पर डाली गई एडव्टाईजमेंट पालिसी की पीडीएफ फाईल में अनेक कंडिकाओं का उल्लेख किया गया है जिनके उल्लंघन करने पर संबंधित मीडिया संस्थान को जनसंपर्क विभाग द्वारा अपनी विज्ञापन सूची में शामिल ना किए जाने या शामिल होने पर उसे हटाने की बात कही गई है। अनेक अखबार या मीडिया संस्थान इसका खुला उल्लंघन कर रहे हैं पर वे शिवराज के प्रिय बने हुए हैं।

पुच्छल तारा
राजनेताओं को जो बयान देना होता है वे काफी सोच समझ कर दिए जाने चाहिए, वरना अर्थ का अनर्थ होते देर नहीं लगती। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बयान दिया कि वे शादी नहीं करेंगे क्योंकि बच्चे पैदा हो जाते हैं। और उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनना है। अब सोशल नेटवर्किंग वेब साईट पर राहुल को जमकर छीला जा रहा है। उनके शादी वाले बयान पर पंडित जवाहर लाल नेहरू, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी को परेशान दिखाया जा रहा है तो पीएम वाले बयान पर यह कहा जा रहा है जब पीएम नहीं बनना तो माता जी यानी सोनिया को ही अध्यक्ष रहने देना था एसी कौन सी आग लग गई थी जो खुद उपाध्यक्ष बन गए।

रविवार, 10 मार्च 2013

भरत यादव होंगे कलेक्‍टर सिवनी

(नंद किशारे)

भोपाल (साई)। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 29 अधिकारी के नये पद-स्थापना आदेश जारी किये हैं।

श्री प्रवीण गर्ग विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-कमिश्नर भोपाल संभाग भोपाल को विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-आयुक्त-सह-संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण बनाया गया है। इसी प्रकार श्री आशीष उपाध्याय विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-आयुक्त अनुसूचित जनजाति कल्याण तथा आयुक्त-सह-संचालक आदिम-जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएँ मध्यप्रदेश का अतिरिक्त प्रभार को विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-आयुक्त-सह-संचालक संस्थागत वित्त, श्री पी.के. पाराशर कमिश्नर इंदौर संभाग इंदौर को सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, श्री विश्वमोहन उपाध्याय आयुक्त पंचायत राज को आयुक्त पिछड़ा वर्ग कल्याण और श्री के.सी. गुप्ता आयुक्त-सह संचालक नगर एवं ग्राम निवेश को श्रमायुक्त इंदौर तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश वित्त निगम इंदौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

श्री रघुवीर श्रीवास्तव आयुक्त पिछड़ा वर्ग कल्याण को आयुक्त पंचायत राज, श्री संजय दुबे श्रमायुक्त इंदौर तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश वित्त निगम इंदौर का अतिरिक्त प्रभार को कमिश्नर इंदौर संभाग इंदौर, श्री एस.बी. सिंह कमिश्नर ग्वालियर संभाग ग्वालियर को कमिश्नर भोपाल संभाग भोपाल और श्री उमाकांत उमराव आयुक्त-सह-संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा पदेन सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण को आयुक्त अनुसूचित-जनजाति कल्याण तथा आयुक्त-सह-संचालक आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएँ मध्यप्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

श्री गुलशन बामरा कलेक्टर जबलपुर को आयुक्त-सह-संचालक नगर एवं ग्राम निवेश, श्री के.के. खरे कलेक्टर सतना को कमिश्नर ग्वालियर संभाग ग्वालियर, श्रीमती पुष्पलता सिंह संचालक ग्रामीण रोजगार को सचिव माध्यमिक शिक्षा मण्डल, श्री जी.पी. कबीरपंथी कलेक्टर दतिया को अपर आयुक्त राजस्व सागर संभाग सागर, श्री राजेश प्रसाद मिश्रा उप सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी मध्यप्रदेश तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार को कलेक्टर बैतूल, श्री संतोष कुमार मिश्रा सचिव माध्यमिक शिक्षा मण्डल को कलेक्टर अशोकनगर, श्री मोहनलाल मीना कलेक्टर रायसेन को कलेक्टर सतना, श्री विवेक कुमार पोरवाल कलेक्टर बालाघाट को कलेक्टर जबलपुर, श्री एन.पी. डेहरिया अपर कलेक्टर हरदा को कलेक्टर अलीराजपुर, श्री अजीत कुमार कलेक्टर सिवनी को अपर आबकारी आयुक्त ग्वालियर, श्री बी. चन्द्रशेखर कलेक्टर बैतूल को कलेक्टर बालाघाट, श्री जे.के. जैन कलेक्टर अनूपपुर को कलेक्टर रायसेन, श्री राजेन्द्र सिंह कलेक्टर अलीराजपुर को उप सचिव मध्यप्रदेश शासन और श्री लोकेश कुमार जाटव कलेक्टर नीमच को कलेक्टर मण्डला बनाया गया है। श्रीमती जी.व्ही. रश्मि उप सचिव मध्यप्रदेश शासन को संचालक कौशल विकास जबलपुर, सुश्री स्वाति मीणा कलेक्टर मण्डला को अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर, श्री भोंडवे संकेत शांताराम कलेक्टर अशोकनगर को कलेक्टर दतिया,

श्री विकास नरवाल अपर कलेक्टर उज्जैन को कलेक्टर नीमच, श्री भरत यादव उप सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा परियोजना संचालक प्रोजेक्ट उदय को कलेक्टर सिवनी और श्री नंद कुमारम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली को कलेक्टर अनूपपुर बनाया गया है।

श्री आशीष उपाध्याय द्वारा कार्यभार ग्रहण करने पर श्री अशोक कुमार शाह सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा संचालक संस्थागत वित्त एवं पदेन सचिव वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार केवल संचालक संस्थागत वित्त एवं पदेन सचिव वित्त विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे। श्री शाह को अपने वर्तमान कर्त्तव्यों के साथ-साथ आगामी आदेश तक सचिव विमुक्त, घुमक्कड़ तथा अर्ध-घुमक्कड़ जाति कल्याण विभाग तथा आयुक्त-सह-संचालक विमुक्त, घुमक्कड़ तथा अर्ध-घुमक्कड़ जाति कल्याण का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।

श्री अशोक कुमार शाह द्वारा आयुक्त-सह-संचालक विमुक्त, घुमक्कड़ तथा अर्ध-घुमक्कड़ जाति कल्याण का कार्यभार ग्रहण करने पर श्री जे.एन. मालपानी आयुक्त अनुसूचित-जाति कल्याण तथा आयुक्त-सह-संचालक विमुक्त, घुमक्कड़ तथा अर्ध-घुमक्कड़ जाति कल्याण का अतिरिक्त प्रभार, केवल आयुक्त-सह-संचालक विमुक्त, घुमक्कड़ तथा अर्ध-घुमक्कड़ जाति कल्याण के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

श्रीमती वीणा घाणेकर प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित-जनजाति वित्त एवं विकास निगम को अपने वर्तमान कर्त्तव्यों के साथ-साथ आगामी आदेश तक पदेन सचिव अनुसूचित-जनजाति कल्याण विभाग बनाया गया है।

शनिवार, 9 मार्च 2013

गणेश सिंह ने उड़ा दिए बंसल के धुर्रे


गणेश सिंह ने उड़ा दिए बंसल के धुर्रे

(लिमटी खरे)

सत्रह साल बाद कांग्रेस के रेल मंत्री पवन बंसल ने केंद्र में रेल बजट पेश किया। रेल बजट में पवन बंसल ने भले ही अपनी पीठ थपथपाने के साथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को खुश करने का प्रयास किया हो किन्तु मध्य प्रदेश के सतना संसदीय क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने दमदार विपक्ष की भूमिका अदा करते हुए रेल मंत्री को रेल बजट पर चर्चा के दौरान बगलें झांकने पर मजबूर कर दिया। मध्य प्रदेश का पक्ष जिस वजनदारी से लोकसभा में गणेश सिंह ने रखा उसे देखकर लगने लगा है कि मध्य प्रदेश की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाला कोई सशक्त नेतृत्व अभी मौजूद है। मध्य प्रदेश की रेल बजट में घोर उपेक्षा को भी गणेश सिंह ने बहुत ही करीने से रेखांकित किया है।

गणेश सिंह ने कहा कि रेल मंत्री ने पहली बार अपने बजट भाषण में चुनौतियों का जिकर अवश्य किया है पर रेल बजट को अगर गहराई से पढ़ा जाए तो भाषण में कही गई बातें महज कोरा आश्वासन ही साबित हुआ है। यह सच है कि देश में अभी 64 हजार 600 किलोमीटर की पटरियों का जाल बिछा हुआ है जिसमें लगभग 12 हजार 335 से अधिक गाडियां संचालित हो रही हैं। रेल्वे के ढांचे में आठ हजार से ज्यादा स्टेशन और दो करोड़ से ज्यादा सवारियों का समावेश है।
गणेश सिंह का तर्क बिल्कुल सही माना जाएगा कि उन्होंने कहा कि देश के रेल मंत्री गर्व के साथ कहते हैं कि अब भारत का रेल नेटवर्क उस मिलिनियम क्लब में शामिल हो चुका है जिसके सदस्य चीन और अमरीका हैं। पर जमीनी हकीकत में आज भारत का रेल तंत्र चीन और अमरीका से बहुत ही पीछे है। आजाद भारत में रेल्वे के नेटवर्क का कितना विस्तार हुआ इस बारे में भी चर्चा करते हुए गणेश सिंह ने कहा कि 1947 में आजादी के समय भारतीय रेल का नेटवर्क 53 हजार 396 किलोमीटर का था आज 64,600 अर्थात साढ़े छः दशकों में केंद्र की सरकार ने महज नौ हजार किलोमीटर रेल की पांते बिछा पाए?
कितना हास्यास्पद है कि रेल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है माल ढुलाई को। चीन में माल ढुलाई की गति यानी मालगाड़ी की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा है और भारत गणराज्य में यह माल ढुलाई महज 26 किलोमीटर प्रति घंटा पर आकर रूक जाती है। यही आलम यात्री सवारी गाड़ियों का है चीन में सवारी गाड़ी की गति तीन सौ किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची है तो भारत में अस्सी नब्बे किलोमीटर प्रति घंटे में ही रेल की सांसे फूलने लगती हैे। राजधानी और शताब्दी का भी यही आलम है। दिल्ली भोपाल रेल खण्ड में कुछ किलोमीटर पर अवश्य रेल्वे 150 किलोमीटर प्रति घंटे का दावा करता है पर बाकी जगह के हाल क्या हैं इस बात से रेल महकमा बेहतर वाकिफ है। इन परिस्थितियों में क्या रेल मंत्री पवन बंसल को अपनी पीठ थपथपा कर चीन और अमरीका से भारतीय रेल की तुलना कर देश को भ्रमित करना उचित है!
रेल किराए को बढ़ाने में पवन बंसल ने जो बाजीगरी दिखाई है उस भ्रम जाल को भी गणेश ंिसह ने बखूबी तोड़ने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि 20 जनवरी को बजट के पहले ही रेल किराया पिछले दरवाजे से बढ़ा दिया गया। फिर बजट में अलग से आम आदमी पर गाज गिराई गई है। बजट में तत्काल, आरक्षण निरस्तीकरण आदि में एक बार फिर पैसे बढ़ाकर जनता की जेब ही काट दी गई। इतना ही नहीं डीजल के मंहगे होने का रोना रोकर अलग से फयूल चार्ज लगा दिया गया है। आंकड़ों की बाजीगरी तो देखिए इस चार्ज के नाम पर रेल्वे ने 4200 करोड़ रूपए वसूल किए हैं। जबकि रेल्वे का खर्च इस मद में 840 करोड़ रूपए ही बताया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में जहां पांच हजार किलोमीटर की रेल पांतों पर रेलगाड़ी दौड़ती है उसे पूरी तरह से उपेक्षित ही रखा गया है। इस बात को पुरजोर तरीके से उठाते हुए देश के हृदय प्रदेश के सतना संसदीय क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के साथ रेल मंत्री पवन बंसल ने पूरी तरह पक्षपात किया है। मध्य प्रदेश के खाते में इस रेल बजट में कुछ भी नहीं आया है। 66 नई रेल गाड़ियों में से महज दो ही एमपी के खाते में आई हैं। उनका यह कथन सौ फीसदी सही है कि मध्य प्रदेश देश का हृदय प्रदेश है अगर इसे समृद्ध नहीं किया जाएगा तो पूरब को पश्चिम और उत्तर को दक्षिण से जोड़ना असंभव काम होगा।
भारतीय रेल द्वारा नई रेल लाईनों की मद में 250 रेल लाईनों को बंद करने का प्रस्ताव दिया जाता है और प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह द्वारा रेल में मितव्ययता बरतने और रेल्वे को उंचाईयों पर पहुंचाने के लिए रेल मंत्री पवन बंसल की पीठ ठोकी जाती है। कांग्रेस में भविष्य के नेता राहुल गांधी द्वारा अनेक बार बुंदेल खण्ड को पिछड़ा निरूपित किया गया था। बुंदेल खण्ड में 1997 - 98 के रेल बजट में ललितपुर से सिंगरोली रेल खण्ड की प्रस्तावना की गई थी, यह आज भी अधूरी ही पड़ी है। पन्ना को सतना से जोड़ने के लिए एक विधायक के आंदोलन में उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। खजुराहो में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मंदिर हैं।
मध्य प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र रहे विदिशा जहां से अब सुषमा स्वराज सांसद हैं में सांची में एक रेल कारखाना खोलने की बात रेल मंत्री ने कही थी, जो हवा हवाई ही साबित हुई है। इतना ही नहीं भोपाल में आयुर्विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना भी रेल मंत्रालय को करना था जो अब तक नहीं हो पाया है। इस बार भोपाल के पास मिसरोद में जरूर एक करखाने की प्रस्तावना की गई है पर पता नहीं वह भी खुल पाता है या नहीं।
रेल मंत्री पवन कुमार बंसल और उनके कारिंदों ने इस बार रेल यात्रियों की कमर तोड़ने का ही फैसला किया है। इस साल के रेल बजट में इंदौर से रीवा के लिए एक रेल सप्ताह में तीन दिन दी गई है जो 3 मार्च से आरंभ हो गई है। मजे की बात यह है कि इसका रनिंग टाईम 18 घंटे का है और इसमें चेयर कार है। क्या यह संभव है कि रेल में बैठे बैठे कोई अठ्ठारह घंटे सफर कर पाएगा, इसमें एक भी स्लीपर का प्रावधान ना किया जाना आश्चर्यजनक है।
रेल्वे के खान पान, साफ सफाई और अन्य सुविधाओं के मामले में अमूमन हवा में उड़ने वाले या एसी फर्स्ट क्लास में सफर करने वाले सांसदों को पता नहीं होता है पर 08 मार्च को सदन में रेल बजट पर चर्चा के दौरान सतना के सांसद गणेश सिंह ने आम आदमी के स्लीपर और जनरल क्लास में सड़ांध मारते शौचालय और पानी के ना होने के वाक्ये गिनाए तो लगा मानो आम आदमी का प्रतिनिधि बोल रहा हो। (साई फीचर्स)

आतंकवाद से समझौता नहीं: पीएम


आतंकवाद से समझौता नहीं: पीएम

(महेश)

नई दिल्ली (साई)। प्रधानमंत्री ने फिर कहा है कि उनकी सरकार आतंकवाद पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी केन्द्र की स्थापना के लिए सभी दलों का सहयोग मांगा। इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दल एकमत होंगे और हम व्यापक राष्ट्रीय सहमति के लिए एनसीटीसी के प्रस्ताव को सार्थक और ठोस रूप देने के वास्ते राज्य सरकारों का सहयोग लेंगे।
प्रधानमंत्री ने यह बात संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बारे में बहस का कल राज्यसभा में जवाब देते हुए कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक पाकिस्तान अपने यहां मौजूद आतंकवादी तंत्र पर अंकुश नहीं लगाता तब तक संबंध सामान्य नहीं हो सकते। उन्होंने नेपाल और मालदीव की  घटनाओं का भी जिक्र किया।
डॉक्टर मनमोहन सिंह ने आशा व्यक्त की कि देश की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर अगले दो-तीन वर्ष में सात से आठ प्रतिशत पर लौट आएगी। डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि उन्हें सामाजिक सेवाओं पर खर्च बढ़ाने के लिए अपनी सरकार पर गर्व है, जिससे समावेशी वृद्धि को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के दृष्टिकोण की व्यापक राष्ट्रीय हित में सराहना की जानी चाहिए। उसे राजनीतिक या निहित स्वार्थों के कारण बुरा नहीं कहा जाना चाहिए।

बोलीं शीला: दिल्ली नहीं महफूज!


बोलीं शीला: दिल्ली नहीं महफूज!

(शरद)

नई दिल्ली (साई)। अगर किसी सूबे का निजाम ही कहे कि उसके राज्य में उसकी बेटी ही महफूज नहीं है तो क्या उसे मुख्यमंत्री पद पर बने रहना चाहिए। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का कहना है कि उनकी बेटी भी दिल्ली में असुरक्षित महसूस करती है। उन्होंने कहा कि वह समझ नहीं पा रहीं कि 16 दिसंबर की वारदात के बाद सिक्युरिटी बेहतर हुई है या नहीं। वह राजधानी की कानून-व्यवस्था से बिलकुल संतुष्ट नहीं हैं। इंटरनैशनल विमिंस डे पर एक निजी चेनल्स को दिए साक्षात्कार में शीला दीक्षित ने उक्ताशय की बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध के आंकडे़ चौंकाने वाले हैं लेकिन यही सच है। मीडिया, सोसायटी और जिम्मेदार अधिकारियों को मिलकर इसका हल निकालना होगा। अलग-अलग संगठन जितना कर सकते थे उन्होंने किया है। पर ऐसा क्यों होता है कि सड़क पर चलती लड़की को कोई छेड़ देता है। जिस तरह से हमारे सोशल सेटअप में इन चीजों को लिया जा रहा है उससे भी मैं खुश नहीं हूं।
गौरतलब है कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सीएम ने इससे पहले भी कई बार सवाल उठाए हैं। दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन है। शीला दीक्षित ने कहा, मैं गृह मंत्री और चीफ जस्टिस से मिली और वर्मा कमिटी को सिफारिशें भी दीं, लेकिन सरकार पर सब कुछ नहीं डाला जा सकता।

सिंह ने की मन से शिव की तारीफ


सिंह ने की मन से शिव की तारीफ

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली  (साई)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विकास पथ पर तेजी से बढ़ते मध्यप्रदेश के विकास की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि कभी बीमारू कहे जाने वाले मध्यप्रदेश ने तेजी से तरक्की की है। मनमोहन सिंह राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आज राज्य सभा में धन्यवाद प्रस्ताव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में बिहार के विकास की भी खुले दिल से सराहना की।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मध्यप्रदेश की विकास दर 11.98 प्रतिशत रही है। प्रदेश ने गत पंचवर्षीय योजना में 10.20 प्रतिशत विकास दर हासिल की जो देश की विकास दर से तीन गुना से भी अधिक है।
इसी तरह मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर इस वर्ष 18.89 प्रतिशत रही है। यह देश के सभी राज्यों की तुलना में सर्वाधिक है। कृषि की यह विकास दर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कृषि को फायदे का धंधा बनाने के लिये किये गये प्रयत्नों का प्रतिफल है। मध्यप्रदेश देश का ही नहीं बल्कि पूरे विश्व का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की सुविधा है। यहां कृषि कैबिनेट का प्रथक से गठन किया गया है। गांव में 24 घंटे बिजली और खेतों में लगातार 8 घंटे बिजली देने के कार्य पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।