मंगलवार, 4 जून 2013

दिनेश राय हमें जान से मारने की योजना बना चुके हैं: खरे

दिनेश राय हमें जान से मारने की योजना बना चुके हैं: खरे

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ‘‘शराब व्यवसाई रहे और वर्तमान में लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने हमें जान से मारने की योजना बना चुके हैं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उनके द्वारा 22 मई को दिया गया आवेदन उसकी पहली कड़ी है!‘‘ उक्ताशय की बात आज जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय को दिए आवेदन में हिन्द गजट के संपादक एस.के.खरे द्वारा कही गई है।
अपने आवेदन में श्री खरे ने कहा है कि दिनेश राय, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, सिवनी द्वारा मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर आपके कार्यालय में 22 मई को एक आवेदन दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि अगर मेरे साथ कोई घटना कारित होती है तो उसके लिए दिनेश राय को जिम्मेदार ना समझा जाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि उक्त आवेदन की प्रमाणिक प्रति श्री खरे को उपलब्ध कराने का कष्ट करे।
अपने आवेदन में श्री खरे ने कहा है कि इसके साथ ही साथ दिनेश राय का पूर्व का रिकार्ड भी अच्छा नहीं माना जा सकता है। इसके पूर्व में लखनादौन में एक पत्रकार के साथ हाथापाई की गई थी, 2008 में विधानसभा चुनाव के पूर्व सहारा समय के मिशन हाई स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में दिनेश राय द्वारा युवा नेता बाबू लाल श्रीवास्तव के प्रश्न पर बाहें चढ़ाकर उन्हें मारने उठ गए थे।
श्री खरे ने कहा है कि 30 साल के पत्रकारिता के जीवन में उनका आज तक कोई वाद विवाद, झगड़ा आदि नहीं हुआ है। उन्होंने कहा है कि उन्हें तो वाद विवाद या झगड़े की आशंका नहीं है किन्तु दिनेश राय द्वारा इस तरह की आशंका व्यक्त की गई है, जिससे साफ हो जाता है कि इनके द्वारा भविष्य में उनके साथ झगड़ा या जान से मारने की योजना बना चुके हैं और कभी भी इसे अंजाम दे सकते हैं। एवं इसी कड़ी में यह उनकी पहली कोशिश है। श्री राय का यह कदम अपने आप को बचाने के लिए पूर्व तैयारी का हो सकता है।
श्री खरे ने अपने आवेदन में कहा है कि वे पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में इस बात को लाना चाहते हैं कि पूर्व में 15 मई को लखनादौन नगर पंचायत जहां के दिनेश राय अध्यक्ष रहे हैं और वर्तमान में उनकी माता श्रीमति सुधा राय अध्यक्ष हैं के एक पार्षद प्रमोद झारिया द्वारा भी उन्हें फोन पर धमकाया गया था, जिसकी सूचना 15 मई को आपके कार्यालय को दी जा चुकी है। इसकी प्रति भी उन्होंने संलग्न कर भेजी है।
श्री खरे ने आगे कहा है कि सिवनी जिले में उनकी छवि के बारे में पता किया जा सकता है, ना तो वे अय्याशी में ही संलग्न हैं और ना ही नशे के आदी ही हैं। आखिर किस आधार पर दिनेश राय द्वारा उनकी छवि के बारे में कहा जाकर उनका चरित्र सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा है कि उनके खिलाफ किसी भी थाने में कोई भी अपराध पंजीबद्ध नहीं है। वे एक अधिमान्य पत्रकार हैं एवं अधिमान्यता के पूर्व पुलिस वेरीफिकेशन किया जाता है, जिसमें उनका रिकार्ड दिल्ली और भोपाल पुलिस के पास साफ सुथरा है। उन्होंने कहा कि उनके पास दस साल से अधिक समय से पासपोर्ट भी बना हुआ है जिसमें कोतवाली सिवनी पुलिस ने भी पुलिस वेरीफिकेशन किया हुआ है। इसकी तसदीक की जा सकती है।
अपने आवेदन के अंत में श्री खरे ने पुलिस अधीक्षक से अपील की है कि दिनेश राय के खिलाफ तत्काल उचित कार्यवाही करते हुए उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि अगर उनके साथ अगर कोई भी दुर्घटना कारित होती है तो उसके लिए दिनेश राय को ही जवाबदेह माना जाए, क्योंकि उन्हें तो यह आशंका कतई नहीं थी कि उनके साथ कोई दुर्घटना या झगड़ा होगा, पर दिनेश राय को यह किस आधार पर लगा कि उनके साथ कोई दुर्घटना कारित हो सकती है। इससे साफ हो जाता है कि वे हमें जान से मारने की योजना बना चुके हैं।
श्री खरे का कहना है कि दिनेश राय एक जिम्मेदार नागरिक हैं। वे लखनादौन नगर पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं, सिवनी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, अतः अगर उन्होंने अपने हस्ताक्षरों से युक्त कोई आवेदन जिला पुलिस अधीक्षक को दिया है तो निश्चित तौर पर पूरी जिम्मेदारी और जवाबदारी के साथ दिया होगा। श्री खरे ने दिनेश राय को चुनौति देते हुए कहा है कि दिनेश राय इस बात के प्रमाण अवश्य प्रस्तुत करें कि श्री खरे अय्याश और नशे के आदी हैं, अथवा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा कानूनी कार्यवाही के लिए श्री खरे स्वतंत्र होंगे।

मुंह देखी अतिक्रमण विरोधी मुहिम!

मुंह देखी अतिक्रमण विरोधी मुहिम!

(लिमटी खरे)

सिवनी शहर के लोग सुकून महसूस कर रहे थे कि युवा एवं उर्जावान जिलाधिकारी भरत यादव द्वारा शहर में नासूर बन चुके अतिक्रमण को हटाने की मुहिम छेड़ी जा रही थी। इस मुहिम के आरंभ होते ही लोग बहुत ही प्रसन्न नजर आ रहे थे। अचानक ही पता नहीं कैसे इस पर ग्रहण सा लगता दिख रहा है, जिससे लोगों में निराशा होना स्वाभाविक ही है।
सालों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही  ना किया जाना भी आश्चर्य का ही विषय है। शहर के मुख्य मार्ग अतिक्रमण की जद में हैं। यहां तक कि नगर पालिका के सामने ही अतिक्रमण पसरा हुआ है तो बाकी की कौन कहे। इस अतिक्रमण के कारण लोगों का सड़क पर चलना दूभर हो चुका है।
बुधवारी बाजार, नेहरू रोड जैसे मार्ग तंग गलियों में तब्दील हो चुके हैं। प्रतिष्ठानों के सामने दो पहिया वाहनों की भरमार से आवागमन अवरूद्ध हुए बिना नहीं रहता है। अस्सी के दशक में कोतवाली पुलिस की लारी जिसे डग्गा भी कहा जाता था इस सड़क पर जब निकलता तो दुकानदार खुद सड़क पर आकर वाहनों को अलग कर लिया करते थे। उस वक्त पुलिस वाहनों को इस लारी में भरकर ले जाया करती थी।
समय के साथ पुलिस पर बनने वाले कानून व्यवस्था के दबाव में यातायात पुलिस का काम बढ़ गया है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। यातायात पुलिस के पास अमला भी पर्याप्त नहीं है। जिला संवेदनशील की श्रेणी में है, फिर भी सांसद विधायकों ने पुलिस में तैनाती के लिए भी ठोस पहल ना किया जाना आश्चर्यजनक ही है। ऐसा नहीं कि सांसद विधायक अगर मुख्यमंत्री या गृह मंत्री को पत्र लिखें और उनके पत्र पर कार्यवाही ना हो।
बस स्टेंड से छिंदवाड़ा चौक तक वाहन दिल्ली के मानिंद ही रेंगते नजर आते हैं। इसका कारण सड़कों के किनारे वाले प्रतिष्ठानों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण किया जाना ही है। यातायात पुलिस के साथ ही साथ पुलिस के आला अधिकारी, नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के अफसर भी इन मार्गों से होकर गुजरते हैं पर किसी को भी इसे पटरी पर लाने की सुध नहीं रहती है।
नवागत जिला कलेक्टर भरत यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराकर चौड़ा करने की मुहिम अवश्य ही चलाई है, पर यह मुहिम राजनीतिक दांव पेंच में उलझती दिख रही है। वस्तुतः जिला प्रशासन को चाहिए कि वह नेहरू रोड़, जीएन रोड़, शुक्रवारी, बुधवारी आदि स्थानों का नक्शा बुलवाए और इन स्थानों पर सड़कों की चौड़ाई देखे।
जिला प्रशासन को अगर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना है तो उसे कठोर कदम उठाने ही होंगे। नब्बे के दशक के आरंभ में जब बाबू लाल गौर स्थानीय शासन मंत्री हुआ करते थे तब प्रदेश स्तर पर अतिक्रमण के खिलाफ जबर्दस्त अभियान चलाया गया था। भोपाल की ग्रेंड होटल को तो एक किनारे में समेट दिया गया था।
सिवनी में उस वक्त तत्कालीन जिलाधिकारी पुखराज मारू एवं जिला पुलिस अधीक्षक संजय चौधरी की जुगल जोड़ी ने बाबू लाल गौर की मंशाओं को इस कदर मूर्तरूप दिया था कि शहर खिल उठा था। लोग उस वक्त यह कहने से नहीं चूक रहे थे कि ऐसा लग रहा है मानो शहर की दाढ़ी ही बना दी गई हो।
शहर भर में खरपतवार की तरह अतिक्रमण पसर गया है। देखा जाए तो यह जवाबदेही नगर पालिका प्रशासन के साथ ही साथ यातायात पुलिस की है। सालों से दोनों ही चिरनिंद्रा में लीन हैं। दोनों ही जवाबदेह विभागों ने इस संबंध में कोई भी कार्यवाही नहीं की है। अगर कोई कार्यवाही हुई भी है तो उस पर भी मुंहदेखी कार्यवाही के आरोप लगे हैं।
जिला प्रशासन अगर सभी दलों के नेताओं को एक साथ बिठाकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही को राजी कर लेता है तो यह वाकई एक बड़ी सफलता माना जाएगा। इस काम में सिवनी में सियासी बियावान में चहलकदमी करने वाले नेताओं को भी निहित स्वार्थ तजना आवश्यक है।
नेताओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि यह शहर उनका अपना शहर है, इसे संुदर बनाने में उन्हें आगे आना ही होगा। भाई भतीजावाद, एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप एक अलग बात हो सकती है, पर जब शहर को साफ सुथरा अतिक्रमण मुक्त बनाने की बारी आए तब सभी एक सुर से प्रशासन का इसमें साथ दें।
वर्तमान में जिसका जहां मन आ रहा है, वहां चौपाटी तो कभी हाकर्स कार्नर खोल दे रहा है। नगर पालिका परिषद द्वारा ऐतिहासिक दलसागर तालाब में चौपाटी की स्थापना करवा दी गई है जो अनुचित ही है। इसका कारण यह है कि इस चौपाटी के कचरे से दलसागर तालाब के गंदे होने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है।
पालिका प्रशासन यह दुहाई अवश्य ही दे सकता है कि उसने वहां डस्टबिन रखवा दिए हैं, पर इन कचरादानों में कितने लोग कचरा डाल रहे हैं यह देखना भी प्रशासन की ही जवाबदारी है। एक दूसरे पर आरोप लगाना, परनिंदा का काम सबसे आसान होता है। इससे आप अपनी जवाबदेही से तो बच सकते हैं पर सच्चाई से कतई नहीं।

शहर को साफ और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह आवश्यक है कि राजनैतिक दल के लोग आगे आएं और प्रशासन की इस मुहिम में उसका साथ दें। इसके लिए प्रशासन को भी पारदर्शी रवैया अपनाना अत्यावश्यक होगा, अन्यथा एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को मुंहदेखी कार्यवाही कहने से नहीं चूकने वाले लोग।

सोमवार, 3 जून 2013

रजनीश नहीं रामजियन होंगे दादा ठाकुर के उत्तराधिकारी

रजनीश नहीं रामजियन होंगे दादा ठाकुर के उत्तराधिकारी

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। चार दशकों तक सिवनी में कांग्रेस के आसमान पर धूमकेतू की तरह छा जाने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर के अवसान के बाद अब यह चर्चा तेज हो चुकी है कि उनका उत्तराधिकारी कौन होगा।
ज्ञातव्य है कि हरवंश सिंह ठाकुर ने सिवनी विधानसभा से पराजय के उपरांत केवलारी विधानसभा में अपना सिक्का जमाया। चार बार से वे केवलारी विधानसभा के विधायक हैं और मध्य प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष रहते उनका निधन हुआ है। इसके पूर्व वे प्रदेश के गृह मंत्री जैसे जिम्मेदार ओहदों पर भी रहे हैं।
हरवंश सिंह के पारिवारिक सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि हरवंश सिंह ठाकुर की जमी जमाई विरासत अब किसके नाम हो इस बारे मेें चर्चाएं तेज हो गई हैं। रजनीश सिंह स्वाभाविक तौर पर उस विरासत के सबसे बड़े दावेदार बनकर सामने आ रहे हैं। वहीं चर्चा है कि इस बार केवलारी विधानसभा से हरवंश सिंह की अर्धांग्नी पवन सिंह को मैदान में उतारा जाएगा।
इसी बीच, हरवंश सिंह ठाकुर के एक करीबी ने पहचान उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि हरवंश सिंह ठाकुर की केवलारी विरासत अब उनके अनुज रामजियन सिंह ही संभालेंगे। इस हेतु कांग्रेस के आला दर्जे के क्षत्रपों और रामजियन सिंह के बीच प्राथमिक चर्चाएं भी पूरी हो चुकी हैं।
सूत्रों ने बताया कि कृषि उपज मंडी में उपसंचालक के पद पर पदस्थ रामजियन सिंह ने अब नौकरी से त्यागपत्र देने का मन भी बना लिया है। सूत्रों ने दावे के साथ कहा कि हरवंश सिंह की राजनैतिक विरासत अब दादा ठाकुर के पुत्र रजनीश के बजाए रामजियन सिंह ही संभालने वाले हैं।

वहीं, पारिवारिक सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि आज रात रामजियन सिंह बर्रा पहुंचने वाले हैं। उनके लिए हरवंश सिंह के कक्ष से लगे कक्ष को तैयार करवाया जा रहा है। संभवतः सोमवार से बर्रा में समूची कमान रामजियन ंिसह के हाथों में आ जाए।

पत्रकार लिमटी खरे अय्याश और बेवड़ा: दिनेश राय

पत्रकार लिमटी खरे अय्याश और बेवड़ा: दिनेश राय

30 साल के पत्रकारिता जीवन में आज तक कोई लड़ाई झगड़ा या दुर्घटना नहीं: खरे

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ‘‘पत्रकार लिमटी खरे आदतन नशा और अय्याशी के कार्यों में संलग्न हैं, अगर ये खुद की गल्ति से कहीं दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं तो इसमें मेरी कोई जवाबदारी नहीं होगी।‘‘ उक्ताशय की बात शराब व्यवसाई रहे और वर्तमान में लखनादौन र्मिस्जद के सरपरस्त दिनेश राय उर्फ मुममुन ने जिला पुलिस अधीक्षक को दिए एक आवेदन में कही गई है। ला ग्रेजुएट दिनेश राय द्वारा दिए गए आवेदन में ओर छोर तथा भाषा देखकर यह कहना मुश्किल ही है कि वह आवेदन किसी पढ़े लिखे व्यक्ति ने बनाया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि 22 मई को नगर पंचायत लखनादौन के पूर्व अध्यक्ष और सिवनी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके दिनेश राय उर्फ मुममुन ने एक आवेदन पुलिस अधीक्षक को दिया है। इस आवेदन में कहा गया है कि हिन्द गजट पेपर लगातार उनके खिलाफ पेपर में न्यूज का प्रसारण कर रहा है।
सूत्रों ने आगे बताया कि दिनेश राय उर्फ मुममुन ने अपने आवेदन में कहा है कि वे इस तरह के प्रसारण से कतई विचलित नहीं हैं। किन्तु दुर्घटना के संदेह को देखते हुए लिमटी खरे आदतन नशा एवं अय्याशी के कार्यों मं संलग्न हैं, अतः इनकी स्वयं की गल्ति से कोई दुर्घटना घट जाए तब जानबूझकर श्री खरे द्वारा दिनेश राय उर्फ मुममुन के नाम को उन घटनाओं से जोड़ेंगे क्योंकि इसी तरह का वाक्या पूर्व में घट चुका है।
सूत्रों ने आगे बताया कि दिनेश राय उर्फ मुममुन ने अपने आवेदन में कहा है कि इस तरह का एक वाक्या उनके नगर पंचायत अध्यक्ष रहते हुए उनके खिलाफ सीरिज चलाई जा रही थी, जिसमें एक लखनादौन के एक पत्रकार रेस्ट हाउस के बाजू में किसी के घर में घुसकर लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले में आसपास के लोगों द्वारा मारपीट हुई।
सूत्रों की मानें तो इस आवेदन में राय पेट्रोलियम के संचालक और लखनादौन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने आगे कहा है कि इस घटना को रेस्ट हाउस के सामने की घटना बताकर उनके द्वारा इसे घटित करवाकर मारा जाना इस प्रकार की झूठी कहानी बनाकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, किन्तु जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा तत्काल उक्त घटना की सूक्ष्म जांच कराई गई, जिसमें इन आरोपों को झूठा पाया गया एवं केस खत्म किया गया।
सूत्रों ने आगे बताया कि दिनेश राय उर्फ मुममुन द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में कहा है कि इसी प्रकार अय्याश और नशैला पत्रकार लिमटी खरे आर्थिक पूर्ति एवं राजनैतिक षणयंत्र के तहत लगातार उनके खिलाफ झूठा एवं निराधार प्रकाशित कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि अपने आवेदन में अंत में दिनेश राय उर्फ मुममुन ने कहा है कि अगर लिमटी खरे स्वयं की गल्ति से दुर्घटना के शिकार हो जाएं या किसी से झगड़ लें या किसी अनैतिक कार्यों के कारण किसी दुर्घटना के शिकार हो जाएं तो उस घटना को दिनेश राय उर्फ मुममुन के द्वारा की गई बताकर उनके खिलाफ मामला बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
इस संबंध में श्री खरे का कहना था कि दिनेश राय उर्फ मुममुन पता नहीं किस आधार पर उनके खिलाफ समाचार प्रकाशन की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिन्द गजट समाचार पत्र उन्होंने भी देखा है एवं 5 मई, 29 मई एवं 30 मई को प्रकाशित समाचार दिनेश राय के अच्छे कामों से संबंधित हैं। दिनेश राय द्वारा हरवंश सिंह ठाकुर को श्रृद्धांजली दी गई जिस संबंध में फोटो युक्त समाचार भी प्रकाशित किया गया था।
श्री खरे ने आगे कहा कि उनके तीस साल के पत्रकारिता के जीवन में अब तक ना तो किसी से कोई विवाद हुआ है और ना ही किसी से झगड़ा हुआ है। उन्होने कहा कि दिनेश राय उर्फ मुममुन को पता नहीं यह आशंका क्यों है कि लिमटी खरे के साथ मारपीट हो सकती है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि दिनेश राय उर्फ मुममुन द्वारा ही इस तरह का माहौल तैयार किया जा रहा है कि कहीं कोई विवाद हो और बात बढ़े।
श्री खरे ने कहा है कि उनकी शालीनता, चुप्पी, सहनशीलता को नपुंसकता कतई ना समझा जाए। उन्होंने कहा कि सिवनी की जनता अभी यह बात भूली नहीं है कि पिछले विधान सभा चुनावों के दौरान सहारा समय द्वारा आहूत मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में हुए कार्यक्रम में दिनेश राय उर्फ मुममुन द्वारा नेता बाबूलाल श्रीवास्तव के एक प्रश्न पर किस तरह बांहे चढ़ाकर उनकी और दौड़े थे।
उन्होंने कहा कि सिवनी की जनता ने उनके तीस साल के पत्रकारिता जीवन को देखा है एवं सिवनी की जनता इस बात को भली भांति जानती है कि दिनेश राय उर्फ मुममुन के इशारों पर कौन से पत्रकारों द्वारा पत्रकारिता धर्म को तिलांजली देकर शराब व्यवसाईयों, आदिवासी विरोधी ठेकेदारों के चरण चूमे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस तरह के तत्वों को भी बेनकाब करने से नहीं चूकेंगे।
उन्होंने कहा कि वे पिछले एक दशक से राज्य शासन की ओर से अधिमान्य पत्रकार हैं एवं अधिमान्यता के लिए पुलिस द्वारा चारित्रिक और व्यक्गित सत्यापन किया जाता है। उनका चारित्रिक और व्यक्तिगत सत्यापन भोपाल एवं दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया है, फिर किस आधार पर दिनेश राय उर्फ मुममुन ने उन्हें अय्याश बताने की जहमत उठाई है इसकी जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक शराब व्यवसाई द्वारा उन्हें बेवड़ा बताया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी शराब व्यवसाई के किसी भी तरह के प्रमाण पत्र की आवश्यक्ता नहीं है।
श्री खरे ने कहा कि सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस शिकायत की प्रमाणिक प्रति प्राप्त करेंगे और उसके बाद इसके अध्ययन के साथ ही वे दिनेश राय उर्फ मुममुन के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे। श्री खरे ने कहा कि वे नशैले हैं और अय्याश हैं इस बात को दिनेश राय साबित अवश्य करें।
इतना ही नहीं श्री खरे ने कहा है कि उनके तीस साल के पत्रकारिता के जीवन में यह पहली बार उनके उपर आरोप लगा है, इस आरोप से बुरी तरह आहत हैं और इसकी शिकायत वे प्रेस कौंसिल ऑफ इंडिया में अवश्य ही करेंगे ताकि दिनेश राय उर्फ मुममुन को इसका करारा जवाब दिया जा सके।

श्री खरे ने कहा कि उनके द्वारा 15 मई को जिला पुलिस अधीक्षक को उन्हें फोन पर लखनादौन नगर पंचायत के पार्षद प्रमोद झारिया के नाम से मिली धमकी के बाद जिला पुलिस अधीक्षक को इसकी लिखित शिकायत कर सुरक्षा की मांग की थी, जो उन्हें अब तक नहीं मिल पाई है।

जिन्दा बम पर बैठा सिवनी शहर!

जिन्दा बम पर बैठा सिवनी शहर!

(लिमटी खरे)

सिवनी शहर में कभी भी किसी भी दुर्घटना के घटने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसका कारण शहर में जहां तहां एक्सप्लोसिव एक्ट का उल्लंघन ही प्रमुख वजह माना जाएगा। शहर के अंदर फटाखों के अलावा बारूद का ढेर लगा हुआ है। हाल ही में महावीर मढिया के सामने अनुग्रह गैस एजेंसी के बाजू में एक गोदाम में बड़ी तादाद में माचिस के खोके उतारे गए। राहगीरों की आपत्ति के बाद पुलिस ने लारी के कागज बुलवा लिए किन्तु इसके बाद क्या कार्यवाही हुई इस बारे में सिवनी पुलिस मौन ही है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में जब सिवनी में मीनाक्षी शर्मा जिला पुलिस अधीक्षक थीं, उस वक्त एन बुधवारी बाजार से लगे दारोगा मोहल्ले में बारूद फटने से एक व्यक्ति के चिथड़े उड़ गए थे। वह घर पर बारूद क्यों रखा हुआ था? घर पर वह बारूद के साथ खेल रहा था या फिर बम बना रहा था, डेटोनेटर बना रहा था, इस बारे में सिवनी पुलिस ने मौन ही साधे रखा था।
पिछले दिनों सिवनी में हड्डी गोदाम से बड़ी तादाद में बम गोले असलाह बरामद हुआ था। इसके तार दारोगा मोहल्ला के हादसे से जुड़ सकते हैं। हो सकता है दारोगा मोहल्ला में भी बन बनाने का काम चल रहा हो। सिवनी में बड़ी संख्या में बम मिलना वाकई चिंताजनक ही माना जाएगा।
सिवनी शहर में घनी आबादी में अगर इस तरह के हादसे हो रहे हों तो यह निश्चित तौर पर पुलिस की असफलता ही मानी जाएगी। बार बार चेताने के बाद भी किराएदारी या मुसाफिरी दर्ज कराना आवश्यक ना बनाया जाना और इसको कड़ाई से लागू ना किया जाना वाकई आश्चर्यजनक ही कहा जाएगा।
हाल ही में पुलिस महानिरीक्षक ने जिले में किराएदारी की सूचना देना और मुसाफिरी दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया है। दो वर्ष पूर्व भाजपा के युवा नेता नरेंद्र ठाकुर ने मुसाफिरी और किराएदारी अनिवार्य कराने की मांग की थी। विडम्बना ही कही जाएगी कि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने इस ओर ध्यान देने की जहमत नहीं उठाई है।
पुलिस महानिरीक्षक संजय झा के आदेश के उपरांत भी सिवनी में किराएदारी के सत्यापन का काम अभी तक आरंभ नहीं हो सका है, जो वाकई अपने आप में आश्चर्यजनक के साथ ही साथ अनेक संदेहों को जन्म देने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है। दक्षिण भारत का एक कातिल हत्यारा सिवनी की अभिषेक कालोनी में ना केवल रहकर चला गया वरन् नगर पालिका परिषद ने सारी सीमाएं पार कर उसका राशन कार्ड तक बना दिया था।
सिवनी शहर में माचिस का बल्क में स्टोरेज भी किसी दिन किसी अनहोनी को जन्म दे सकता है। इसका सबसे खतरनाक पहलु यह है कि यह आबादी वाला क्षेत्र है। साथ ही साथ महज दस कदम पर ही अनुग्रह गैस एजेंसी है। सिवनी में फटाखा व्यवसाई भी अपना माल कहां रखते हैं यह बात भी शोध का ही विषय है।
क्या कभी जिला प्रशासन ने कभी फटाखा व्यवसाईयों से यह पूछने की जहमत उठाई है कि वे अपना स्टोरेज कहां रखते हैं। दीपावली के पहले फटाखा व्यवसाईयों को ज्वलनशील फटाखे बेचने के लिए लाईसेंस दिया जाता है। दीप पर्व और ग्यारस के उपरांत जिन फटाखा व्यवसाईयों को लाईसेंस दिया जाता है उनसे यह पूछने की जहमत भी प्रशासन नहीं उठाता कि उनके पास कितना माल बचा है और वह उन्होंने कहां खुर्द बुर्द किया है।
सिवनी शहर के हड्डी गोदाम और बारापत्थर की एकता कालोनी में बम मिले और आरोपी भी। इसका मतलब साफ है कि अब शहर का कोई भी क्षेत्र सुरक्षित नहीं बचा है। हर ओर डर ही डर है कि पुलिस की मुखबिर सूचना तंत्र के पंगु होने के चलते और नेताओं तथा मीडिया पर्सन्स की अनावश्यक तांक झांक और दबाव के कारण ही शहर के हालात बद से बदतर हो चुके हैं।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से एक ही अपेक्षा है कि वह अपना गोपनीय सूचना तंत्र मजबूत करे, एवं साथ ही साथ किराएदारी तथा मुसाफिरी दर्ज करवाने के काम को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न करवाया जाए, ताकि शहर में अमन चैन वापस लौट सके और नागरिक एक बार फिर चैन की सांस ले सकें।

रविवार, 2 जून 2013

चांदा ढूंढता रह गया अतिक्रमण विरोधी दस्ता

चांदा ढूंढता रह गया अतिक्रमण विरोधी दस्ता

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। जिलाधिकारी भरत यादव के निर्देशन में की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में आज नेहरू रोड़ पर अतिक्रमण हटाने गया दस्ता माप के लिए सुबह से शाम तक चांदा ही ढूंढता रह गया।
ज्ञातव्य है कि नगर पालिका परिषद की कथित उदासीनता के चलते शहर के लिए नासूर बन गए अतिक्रमाण को हटाने की कार्यवाही जिला कलेक्टर के निर्देश पर की जा रही है। इसके तहत बस स्टेंड, शुक्रवारी, जीएन रोड़ आदि पर अस्थाई अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही गत दिवस तक जारी थी।
आज जब दस्ते ने नगर पालिका के सामने से नेहरू रोड़ में प्रवेश किया तब वहां राजस्व विभाग के चांदे को लेकर अधिकारी पशोपेश में रह गए। अधिकारियों को वह चांदा नहीं मिल पाया जहां से कि इसका माप किया जा सके। दिन भर पालिका और राजस्व विभाग के कर्मचारी चांदे को ही ढूंढने में व्यस्त रहे।
गौरतलब है कि आज शनिवार होने के कारण बाजार का अवकाश था। इसके साथ ही साथ आज कांग्रेस की एक जरूरी बैठक भोपाल तो भाजपा की बैठक ग्वालियर में थी, जिसके चलते कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेता शहर से बाहर ही थे। इन परिस्थितियों में राजनैतिक विरोध की गुंजाईश इस सड़क पर कम ही थी।
यहां यह उल्लेखनीय होगा कि शहर में लाउड स्पीकर के माध्यम से मुनादी पिटवाई गई थी जिसमें इस कार्यवाही को अंजाम देने की बात कहकर स्वयं ही अतिक्रमण हटाने की बात कही जा रही थी।
राजस्व विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दरसअल, राजस्व विभाग के चांदे और मुनारों के जरिए जमीन की वस्तु स्थिति का सही अंदाजा लगाया जाता है। शहर के अंदर चांदा कहां हैं और किसके घर के अंदर दब चुका है इस बारे में पटवारी से बेहतर और कोई नहीं बता सकता है।
आज संपन्न हुई कार्यवाही में चांदा ढूंढते रह जाना अपने आप में एक आश्चर्य से कम इसलिए नहीं है क्योंकि वहां नगर पालिका परिषद के अलावा राजस्व विभाग का बड़ा अमला भी मौजूद था।
कहा जा रहा है कि सेठ साहूकारों के दबाव में आकर अतिक्रमण विरोध दस्ते ने अपनी कार्यवाही को अंजाम ना देते हुए चांदा खोजने में ही अपना दिन बिता दिया और शाम ढलते ही कर्मचारी अपने अपने घरों की ओर कूच कर गए।
संभावना व्यक्त की जा रही है कि अगर रविवार को इस सड़क पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाती है तो दुकानों पर लगी ग्राहकों की भीड़ इसमें बाधक बन सकती है। कहा तो यहां तक भी जा रहा है कि इस दस्ते ने शनिवार को नेहरू रोड़ को अतिक्रमण से मुक्त कराने का एक सुनहरा मौका हाथ से गंवा दिया है।

इन पंक्तियों के लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में ना तो कोई प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है और ना ही कोई विज्ञप्ति ही जारी की गई है।

शनिवार, 1 जून 2013

पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस विभाग द्वारा चौपहिया और दो-पहिया वाहनों की चैकिंग का अभियान आरंभ किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में आई.जी. संजय झा द्वारा निर्देशित किया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत पुलिस बल द्वारा चौपहिया वाहनों में लगाई गई काली फिल्मों को सख्ती से हटाने का निर्णय लिया गया है। इसी प्रकार दो पहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले चालकों पर भी चालानी कार्यवाही की जा रही है। इसी अभियान के तहत वाहनों में नंबर प्लेट है या नहीं या नंबर प्लेट पर नंबर इस तरह से लिखा गया है कि वे ठीक से स्पष्ट रूप से दिखायी नहीं देते हैं, उनके विरूद्ध भी कार्यवाही की जायेगी।
गौरतलब है कि पूर्व में भी काली फिल्मों को हटाने का अभियान छेड़ा गया था। लेकिन कुछ दिनों तक चले इस अभियान के ठण्डे बस्ते में जाते ही सड़कों पर फिर से गहरे रंग की फिल्मों से सजी गाड़ियों को देखा जा रहा था। इसी को देखते हुए पुलिस ने पुनः सभी थाना क्षेत्रों में कार्यवाही करने का निर्णय लिया है।
जनापेक्षा है कि इस तरह के अभियान यदि निरंतर जारी रखना संभव नहीं भी है तो कम से कम थोड़े-थोड़े अंतराल पर इस तरह की कार्यवाहियां की जाते रहना चाहिये। जिससे विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी, जैसे अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके।

अवैध कब्जों से सजा हुआ है बस स्टेंड

अवैध कब्जों से सजा हुआ है बस स्टेंड

(अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। सिवनी शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित मध्यप्रदेश राज्य परिवहन के बस स्थानक के डिपो मैनेजर एस.के.पाण्डे के अनुसार इस बस स्टैंड के परिसर में स्थित चाय, पान, हॉटल एवं अन्य कई दुकानें पूर्णतः अवैद्य रूप से संचालित हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार इस परिसर के अंदर संचालित 4 दुकानों जिनमें जैन हॉटल, दो पान दुकानें एवं फल की दुकान जो कि मुख्य द्वार के समीप लगती है, इनको उस समय संचालित मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम द्वारा दुकानें संचालित करने के लिये लीज पर दी गईं थी। वर्तमान में वास्तविकता यह कि जैन केन्टीन की लीज सन् 1995-96 में ही समाप्त हो चुकी हैं। जबकि अन्य तीन दुकानों के लीज का नवीनीकरण 2005 से नहीं किया गया है। इन कारणों से ये चारों ही दुकानें स्वतः ही अवैद्य रूप से संचालित होना मानी जा सकती हैं।
इन दुकानों के अलावा बस स्टैंड परिसर के अंदर संचालित होने वाली चर्मशिल्पी, मस्जिद के सामने लग रही हॉटल एवं पुस्तक भंडार को राजस्व विभाग द्वारा पट्टा दिया गया है। यह जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। विगत दिनों अतिक्रमण हटाने गये दस्ते को खाली हाथ ही लौटना पड़ा था। उसके बाद से कोई कार्यवाही बस-स्टैंड परिसर के अंदर या बाहर हुई हो इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। कार्यवाही के नाम पर राजस्व विभाग के द्वारा केवल यातायात थाने के समीप स्थित बस-स्टैण्ड के मुख्य द्वार को खोलने में सफलता प्राप्त की गई है, लेकिन मजे की बात तो यह है कि इस मार्ग पर कोई दुकानें संचालित ही नहीं हो रही थी।
बस-स्टैण्ड परिसर के बाहर दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने गरीब और अमीर के भेदभाव का आरोप अतिक्रमण विरोधी दस्ते के ऊपर लगाया है। इनका आरोप है कि राजनैतिक दबाव एवं नगर में विभिन्न मार्गों पर धनाढ्य एवं रसूखदार वर्ग द्वारा विशेष रूप से नेहरू रोड, बुधवारी बाजार एवं जी.एन.रोड पर 10-10 फीट अवैद्य रूप से नाले एवं नालियों के ऊपर तक कब्जा कर रखा गया है, वहां पर प्रशासन नरमी दिखा रहा है।

बहरहाल प्रशासन यदि सख्ती पूर्वक सभी वर्ग के अतिक्रमणकारियों पर प्रभावी कार्यवाही कर बिना किसी भेदभाव के अतिक्रमण हटाने की मंशा रखेगा तो यकीनन अनियंत्रित यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सकता है, वरना तो वर्तमान परिस्थितियां स्थानीय कलेक्टर की सिवनी की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की मंशाओं पर पानी फेरने की ओर ही इशारा कर रही हैं।

शिकायतकर्ता को जांच के लिए भेजी कलेक्टर ने शिकायत

शिकायतकर्ता को जांच के लिए भेजी कलेक्टर ने शिकायत

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर द्वारा जिला कलेक्टर को भेजी गई एक शिकायत को जिला कलेक्टर ने शिकायतकर्ता को ही जांच के लिए भेज दिया है।
ज्ञातव्य है कि सिवनी में पदस्थ जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग के खिलाफ अनेक शिकायतें होने पर विभागीय कर्मचारियों ने इसकी शिकायत प्रभारी मंत्री एवं जिला कलेक्टर से की थी। इस सबंध में कोई संतोषजनक कार्यवाही ना होने एवं शिकायतों का पुलिंदा जमा होने पर विभाग के कर्मचारियों ने भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष नरेश दिवाकर से इसकी शिकायत की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपाध्यक्ष नरेश दिवाकर ने इन शिकायतों को जिला कलेक्टर को कार्यवाही हेतु अग्रेषित कर दिया था। जिला कलेक्टर कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जिला कलेक्टर ने नरेश दिवाकर के इस पत्र पर कार्यवाही करते हुए शिकायत की जांच जिला आयुष अधिकारी को प्रेषित कर दी है।

बताया जा रहा है कि डॉ.एस.डी.गर्ग की शिकायतों की जांच अब घूम फिर कर एक बार फिर डॉ.एस.डी.गर्ग के हाथों में ही पहुंच गई है। शिकायतों में कर्मचारियों ने डॉ.एस.डी.गर्ग पर संगीन आरोप भी लगाए गए बताए जाते हैं। कलेक्टर कार्यालय के सूत्रों ने यह भी बताया कि डॉ.गर्ग की जांच जिला आयुष अधिकारी को भेजी गई है पर संभव है कि कलेक्टोरेट के कर्मचारियों को इस बात का भान ना हो कि डॉ.गर्ग को ही एक बार पुनः जिला आयुष अधिकारी का प्रभार दे दिया गया है।

मण्डला में जुटेंगे, जबलपुर बालाघाट रेंज के पुलिस अधीक्षक

मण्डला में जुटेंगे, जबलपुर बालाघाट रेंज के पुलिस अधीक्षक

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। शासन की योजनाएं और उनके क्रियान्वयन के संबंध में मण्डला में रविवार 2 जून को पुलिस महानिदेश एक बैठक लेने जा रहे हैं जिसमें जबलपुर और बालाघाट रेंज के पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिदेशक नन्दन दुबे रविवार को जिला मुख्यालय मण्डला में जबलपुर और बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त बैठक लेने वाले हैं। इस बैठक में जबलपुर, मण्डला, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट आदि जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे।
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि छत्तीगढ़ में हुए नक्सली हमलों के बाद उपजी परिस्थितियों के मद्देनजर इस बैठक का आयोजन किया गया है। ज्ञातव्य है कि जबलपुर एवं बालाघाट रेंज के सिवनी, मण्डला और बालाघाट जिले नक्सल प्रभावित श्रेणी में शामिल किए गए हैं।

वहीं मण्डला के पुलिस अधीक्षक गौरव राज ने दूरभाष पर साई न्यूज को बताया कि यह रूटीन बैठक है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में शासन की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन के बारे में चर्चा की जाना प्रस्तावित है।

शुक्रवार, 31 मई 2013

गौशाला में गौमाताओं का रूदन. . .

गौशाला में गौमाताओं का रूदन. . .

(लिमटी खरे)

मातृशक्ति संगठन द्वारा गत दिवस किए गए गौशाला के निरीक्षण में जो स्थितियां उभरकर सामने आई हैं वे निश्चित तौर पर मानवीयता को तार तार करने के लिए पर्याप्त कही जा सकती है। गाय जिसे सनातन पंथी अपनी माता से ज्यादा मानते हैं वे जमीन पर पड़ी तड़प रहीं हैं। भले ही अब इस बात का खण्डन, मुण्डन या प्र्रतिकार में जो भी विज्ञप्तियां आएं पर मातृशक्ति संगठन द्वारा गौशाला में गौमाताओं की जिस तरह की फोटो जारी की हैं वे मानवता को शर्मसार किए बिना नहीं हैं।
गौशाला में कत्लखाने जा रही गायों को छुड़ाकर रखा गया है। वैसे भी दूध ना देने वाली गायों को गौशालाओं में भेजने का रिवाज आदि अनादिकाल से चला आ रहा है। पहले ऋषि मुनियों के आश्रम में इन गायों की सेवा की जाती थी। इन गायों के गोबर और गौमूत्र का उपयोग अनेक तरह से किया जाता रहा है। आज भी गायत्री परिवार के द्वारा संचालित गौशालाओं में गौमूत्र को बाकायदा बेचा जाता है पर बेहद ही कम कीमत पर। गौमूत्र का उपयोग स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है इस बात से सभी भली भांति परिचित हैं। एक समय था जब गौमूत्र से ऋषि मुनि स्नान किया करते थे।
गाय की महिमा अपरंपार है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। गौवंश को बचान के लिए देश भर में अनेक राज्यों की सरकारों, संगठनों द्वारा समय समय पर मुहिम चलाई जाती है। हिन्दुवादी विचारधारा के लोगों द्वारा गौवंश को गौकशी से बचाने के लिए ना जाने कितने प्रयास किए जाते हैं।
मध्य प्रदेश में जबसे भाजपा सरकार आई है तबसे गौवंश को बचाने की मुहिम बहुत तेज हो गई है। गौवंश को बचाने में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की महती भूमिका रही है। इसके बाद सीएम बने बाबू लाल गौर ने भी काफी हद तक प्रयास किए अब शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के निजाम हैं।
भाजपा सरकार ने गौवंश का परिवहन ही प्रतिबंधित कर कानून बना दिया है। सिवनी जिला मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर अवस्थित है। इस जिले में पिछले कई सालों से लगभग हर सप्ताह गौवंश का परिवहन पकड़ाया जाता है। सिवनी में पदस्थ रहे पुलिस अधीक्षक रमन सिंह सिकरवार ने गौवंश के परिवहन पर सख्त रवैया अपनाया था। उस समय गौवंश का परिवहन काफी हद तक रूक गया था।
बताते हैं कि उस वक्त रमन सिंह सिकरवार ने अनेक पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी थी कि गाय की गाड़ी का पैसा अगर खाया तो नर्क में जाओगे। इसके बाद पुलिस ने ईमानदारी के साथ गौवंश का परिवहन रोकना आरंभ कर दिया था। विडम्बना ही कही जाएगी कि रमन सिंह सिकरवार के स्थानांतरित होते ही गौकशी के ठेकेदार एक बार फिर सक्रिय हो गए।
एक बात समझ से परे है कि आखिर इतनी बड़ी तादाद में गौवंश का  परिवहन आखिर किस कारण से किया जाता है। निश्चित तौर पर यह गौकशी से जुड़ा हुआ ही है। जब पुलिस गौवंश की तस्करी को पकड़ती है तो आखिर वह गौवंश जाता कहां है? आए दिन मीडिया में गौवंश के पकड़े जाने की खबरें सुर्खियों में रहती हैं। पकड़ा गया गौवंश कहां रखा जाता है यह बात अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी हैं
इस साल ही जनवरी से अब तक अगर गौवंश की तस्करी के मामले को देखा जाए तो पुलिस ने हजारों की तादाद में गौवंश को पकड़ा गया है। यह गौवंश कहां रखा गया है? इनके खान पान की क्या व्यवस्था है? इस बारे में पुलिस भी मौन ही है। पुलिस का काम अवैध तौर पर हो रहे गौवंश के परिवहन को पकड़ना अवश्य है। पर वह मीडिया को यह भी बताए कि आखिर वह गौवंश कहां रखा गया है?
देश भर में गौशालाओं का संचालन हो रहा है। इन गौशालाओं में से अधिकांश का संचालन गैर सरकारी संगठनों द्वारा भी किया जा रहा है। इन एनजीओ को केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा भारी मात्रा में आर्थिक सहायता भी प्रदाय की जाती है। इस तरह के एनजीओ आम जनता से भी सहयोग लेते हैं।
याद पड़ता है कि राजधानी भोपाल में लगभग एक दशक पूर्व जब गायत्री परिवार के एक सदस्य से चर्चा हुई तो उन्होंने बताया कि एमपी नगर के गायत्री मंदिर की गौशाला में गायों के लिए भोजन की व्यवस्था उन्होंने कुछ अनूठे तरीके से की थी। वे लगभग हर खाने की होटल में एक प्लास्टिक का ड्रम रख दिया करते थे, जिसमें बचा हुआ, जूठन, फेंकने वाला अन्न डाल दिया जाता था। शाम को एक छोटे चौपहिया में खाली ड्रम ले जाया जाकार बाजार से भरे जूठन के ड्रम ले आए जाते थे। यह जूठन गायों के लिए भोजन होता। इस तरह दुकानदार भी जूठन को फेंकने की समस्या से मुक्त रहता और गायों के भोजन की व्यवस्था भी बिना किसी दाम के हो जाती। इसी तरह न्यूमार्केट सहित अनेक बड़े जूस सेंटर्स में भी जूस निकालने के बाद बचा छिलका और गूदा एकत्र किया जाता और गायों को खिलाया जाता।
सिवनी में संचालित गौशालाओं के संचालकों को भी यही तरकीब लगाना चाहिए। वे होटलों में एक एक बड़ा बर्तन रखवा दें। जूस सेंटर्स में भी छिलके और गूदे के लिए इसी तरह की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो वाकई इसके अच्छे परिणाम सामने आ सकते हैं।
बहरहाल मातृशक्ति संगठन ने मीडिया के माध्यम से गौशाला का जो दृश्य दिखाया है वह रीढ़ की हड्डी में सिहरन पैदा करने के लिए पर्याप्त है। हो सकता है कि इसके उपरांत गौशाला प्रबंधन अपनी खाल बचाने के लिए चाहे जो कहे। कुछ समाचार पत्रों (हिन्द गजट नहीं) में गौशाला के संचालकों के हवाले से छपी विज्ञप्ति के अनुसार नगर पालिका के पास गौमाताओं को पानी पिलाने टेंकर्स नहीं थे, अतः निजी स्तर पर टेंकर की व्यवस्था कर गौवंश की प्यास बुझाई गई।
अगर गौशाला संचालक सही हैं तो मातृशक्ति संगठन गलत है? गोशाला भी एक गैर सरकारी संगठन है और मातृशक्ति संगठन भी। इस विवाद को दो एनजीओ के बीच वर्चस्व की जंग के रूप में भी देखा जा सकता है। दो संगठन पता नहीं किस उद्देश्य से आपस में गौमाताओं को लेकर भिड़ पड़े हैं।
गौशाला के संचालकों ने नगर पालिका प्रशासन को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार है, भारतीय जनता पार्टी की सत्ता नगर पालिका पर काबिज है। भाजपा की वरिष्ठ नेता उमाश्री भारती द्वारा गाय को सबसे ज्यादा तरजीह दी जाती है। गौवंश के अवैध परिवहन और गौकशी रोकने भाजपा ने कानून बनाए हैं, फिर नगर पालिका परिषद में सत्तारूढ़ भाजपा अगर पानी देने को मना कर रही है तो पालिका प्रशासन भाजपा की नीतियों का ही विरोध कर रही है।

इस मामले में दोनों पक्षों में से एक पक्ष तो सही है! पर जेहन में यह सवाल कौंध रहा है कि अगर गौशाला के प्रबंधक अपनी जगह सही हैं, और गौमाताएं गर्मी में पानी के अभाव में तड़प नहीं रही हैं, तो आखिर मातृशक्ति संगठन को जमीन पर पड़ी तड़पती गायों के चित्र मिले कहां से! यह वाकई शोध का विषय है पर इस मामले में ना तो सांसद और ना ही विधायक ही कोई कदम उठाने की जहमत उठाएंगे।

बुधवार, 29 मई 2013

गौशाला में पानी के अभाव में तड़प रही गौमाताएं!

गौशाला में पानी के अभाव में तड़प रही गौमाताएं!

(शरद खरे)

सिवनी (साई)। सिवनी में गौशाल में पानी के अभाव में गौमाताएं बुरी तरह तड़प रही हैं। यह बात मातृशक्ति संगठन के गौशालाओं के निरीक्षण के दौरान सामने आई है।
मातृशक्ति संगठन के सदस्य नगर से कुछ दूरी पर स्थित गौशाला के भ्रमण पर पिछले एक माह से जा रहे है। संगठन को यकीन ही नही हो पा रहा था कि कत्ल खाने ले जाने वाली इन गायों को छुडवाकर गौशाला मे जीवन देने के लिए लाया जाता है या तड़पा तड़पा कर मारने के लिए ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी जानकारियों को पुख्ता कर लेने के बाद संगठन ने गौशाला समिति के साथ एक मीटिंग रखने का और उन्हें कुछ सुझाव देने का निश्चय किया, ताकि हम सब मिलकर इन मूक जानवरो के हित मे कुछ कर पाऐं। किन्तु अत्यंत दुख की बात है कि गौशाला समिति ने मिटिंग मे उपस्थित होने से साफ इंकार कर दिया। नगर के कुछ जागरूक प्रबुद्धजनो ने मीटिंग मे अपनी उपस्थिती दी और गौशाला की बदहाली पर दुख भी प्रकट किया। कुछ ठोस कदम उठाने की अपील भी की।
संगठन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि भीषण गर्मी मे गर्म फर्श पर खुले मे पड़ी हुई तड़पती हुई गायें संगठन ने अपनी ऑखो से देखा। हृदय बिदारक इस दृश्य को देखकर संगठन के कुछ सदस्य तो बाहर निकल गए, कुछ ने हिम्मत की और कर्मचारीयों से बात की। कर्मचारियों ने संगठन की महिलाओं से बदशलूकी भी की और गलत जबाव भी दिए।
कर्मचारियों का कहना था कि ये सब गायें अंतिम सांसे ले रही है हम कुछ नही कर सकते। पर संगठन ने दौड़ दौड़ कर गायों को पानी पिलाया और वे सभी गाये उठकर खड़ी हो गई। तब संगठन एवं कर्मचारियों के बीच माहोल और भी गरमाया। क्या इन्हे पानी पिलाने वाला भी कोई नही ? गौशाला के सभी कर्मचारी गौशाला ट्रस्ट के पदाधिकारियों के घरो मे काम करते है। गौशाला मे कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति की उपस्थित होती ही नही।
डॉ. ज्योति बाला जैन जिनकी हफ्ते मे दो बार गौशाला जाने की ड्यूटी है वो वहॉ जाती ही नही। दूसरे डॉ. चौकसे जो अपनी ड्यूटी के वक्त वहॉ जाते तो है पर गौशाला मे कोई कर्मचारी नही होने से इलाज किन गायो का होना है डॉ। को पता ही नही चलता। खून से लथपथ गायो के संबंध में जब संगठन ने डॉ। से बात की तो उन्होने बताया कि डॉक्टर को इस विषय मे किसी ने खबर नही दी, अन्ततः वो गाये मर गई। धूप मे तड़पती बीमार गायो को शेड मे रखने के लिए आज तक किसी ने कहा ही नही ऐसा गौशाला के कर्मचारी खुद कहते है।
संगठन ने खुद वहॉ खड़े रहकर बीमार गायो को शेड मे रखवाया है। बिजली खराब होने की स्थिति में जानवर दो दिन तक प्यासे रहे, समिति के सदस्यगण वहॉ देखने जाते ही नही। वो अपने आपको व्यवसाय मे व्यस्त बताते है। उनकी व्यस्तता का परिणाम है कि आज से तीन साल पहले की स्वर्ग के समान गौशाला आज नरक मे बदल गई है।

संगठन ने गौशाला परिसर में वहॉ के कर्मचारियों को अनैतिक और अमर्यादित क्रिया कलापों मे लिप्त भी देखा है जो इस पावन स्थल पर अत्यंत निदंनीय है। संगठन इस रिपोर्ट को माननीय मुख्य मंत्री शिवराज सिंह जी चौहान और श्रीमति मेनका गांधी जो कि पशु सुरक्षा हेतु कटिबद्ध है, को सौपने जा रहा है। मूक पशुओ की करूणामयी ऑखे न्याय की प्रतिक्षा मे है, निरीह गायों को तत्काल न्याय मिले, हम सभी सिवनी के भावुक हृदय प्रबुद्ध नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते है।