मंगलवार, 25 जून 2013

गोह की जमीन पर पसरा अतिक्रमण: सरपंच मौन!

गोह की जमीन पर पसरा अतिक्रमण: सरपंच मौन!

(गोपाल शर्मा)

सिवनी (साई)। नगरीय सीमा से लगे लूघरवाड़ा क्षेत्र में नदी किनारे आवागमन जिसे गोह का क्षेत्र कहा जाता है की जमीन पर बाहरी लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर आशियाने बना लिए गए हैं पर इस संबंध में लूघरवाड़ा ग्राम पंयायत पूरी तरह मौन ही साधे हुए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लूघरवाड़ा में सैंट फ्रांसिस ऑफ असिसी स्कूल से पहले पड़ने वाले नाले के गोह की जमीन पर बाहर से आए लोगों ने अतिक्रमण कर मकान बना लिए गए हैं। इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ग्राम पंचायत लूघरवाड़ा द्वारा कोई कार्यवाही ना किया जाना भी आश्चर्य का विषय ही माना जा रहा है।
वहीं, ग्राम पंचायत के सूत्रों का कहना है कि अतिक्रमण के मामले में पंचायत के कुछ पदाधिकारियों ने लोगों को परोक्ष तौर पर शह प्रदान की गई है। बताया जाता है कि इन अतिक्रमण कारियों को अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने तक की अनुशंसा ग्राम पंचायत द्वारा कर दी गई है।

चर्चा तो यहां तक है कि गोह के क्षेत्र में पसरे इस अतिक्रमण में अतिक्रमण कारियों और ग्राम पंचायत के बीच लंबा लेनदेन भी हुआ बताया जाता है। जिला प्रशासन से जनापेक्षा है कि लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत में अतिक्रमण कारियों को अन्यत्र विस्थापित कर ग्राम पंचायत को निर्देश दिए जाएं ताकि भविष्य में यहां अतिक्रमण ना हो सके।

दिनदहाड़े हुई बारापत्थर में चोरी!

दिनदहाड़े हुई बारापत्थर में चोरी!

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। बारापत्थर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में एमपीईबी आफिस के सामने आज अपरान्ह दिन दहाड़े चोरों ने ताला तोड़कर एक सूने घर में हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग में पदस्थ बाल आरक्षक काकुल ठाकुर के निवास आज अपरान्ह महज पंद्रह मिनिट के लिए ही खाली रहा, और इतनी ही देर में चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में अलमारी से साढ़े सात हजार और कुछ सोने चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर लिया।
शिक्षा विभाग में कार्यरत रहे भोला ठाकुर की बेटी इस मकान में निवास करती हैं। श्री ठाकुर ने बताया कि वे आज कुछ काम से बाहर गईं थीं। दोपहर में उनकी नातिन भी पड़ोस में ही निवासरत उनके निवास पर गईं। महज पंद्रह मिनिट में ही चोरों ने अपना करतब दिखाते हुए मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर एक अलमारी में रखे लगभग साढ़े सात हजार रूपयों तथा कुछ जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
क्षेत्र के निवासियों ने इस चोरी पर आश्चर्य व्यक्त किया है, क्योंकि जिस स्थान पर चोरी हुई है उसके ठीक सामने एमपीईबी शहर का कार्यालय है। चूंकि बिजली का बिल अदा करने की अंतिम तिथि 25 जून है अतः इस कार्यालय में बिजली का बिल अदा करने वालों की लंबी लाईन लगी हुई थी।

उधर, बताया जाता है कि चोरों द्वारा मुख्य द्वार का ताला तोड़कर सीधे अंदर बेडरूम में प्रवेश कर अलमारी खोलकर उसमें रखे पैसे और कुछ जेवर निकाल लिए। मुख्य द्वार पर ताला तोड़ने के लिए की गई मशक्कत साफ दिखाई दे रही है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला का कहना है कि वे जल्द ही इस मामले में कार्यवाही के निर्देश दे रहे हैं।

संगठन जर्जर: विधानसभा की सुध लेंगे राहुल के दूत!

संगठन जर्जर: विधानसभा की सुध लेंगे राहुल के दूत!

लोचनदास के आगमन से बढ़ी कांग्रेस के धड़ों की सक्रियता!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। राहुल गांधी के दूत और असम के विधायक पल्लव लोचनदास के सिवनी आगमन के पूर्व ही कांग्रेस के विभिन्न धड़ों में सक्रियता तेजी से बढ़ती दिख रही है। कांग्रेस में संगठनात्मक जर्जरता किसी से छिपी नहीं है इस संगठन के बूते कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर विधानसभा में फतह का दिवास्वप्न देखकर लौट जाएंगे।
ज्ञातव्य है कि सिवनी जिले में कांग्रेस का संगठन सालों से पूरी तरह आक्सीजन पर ही है। इसी का परिणाम है कि सिवनी जिले की पहले पांच में से चार विधानसभा सीटों के साथ ही साथ लोकसभा सीट भी कांग्रेस की झोली से बाहर हो गई। परिसीमन और पुर्नआरक्षण के उपरांत कांग्रेस की चार में से तीन सीटें भाजपा के पास ही रहीं।
सिवनी बालाघाट लोकसभा क्षेत्र जिसमें जिला मुख्यालय वाली सिवनी विधानसभा भी आती है, कांग्रेस के हाथ से पहले की तरह ही फिसलती रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार है, सिवनी में तीन विधायक कांग्रेस के हैं, बावजूद इसके कांग्रेस द्वारा स्थानीय स्तर पर विधायकों को घेरने में सदा ही असफल साबित हुए हैं।
कांग्रेस के एक नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से कहा कि सिवनी में कांग्रेस के जर्जर संगठन के भरोसे राहुल गांधी के दूत आखिर सिवनी की चारों विधानसभाओं में कार्यकर्ताओं से क्या रायशुमारी करने आ रहे हैं? कार्यकर्ता क्या बताएगा? असम के विधायक को सिवनी जिले की भौगोलिक स्थिति, भाषा, परंपरा, परिपाटी आदि का शायद ही पता हो?
उक्त नेता ने कहा कि कांग्रेस में टिकिटों का वितरण क्षत्रपों द्वारा किया जाता रहा है फिर यह रायशुमारी की नौटंकी आखिर क्यों करवाई जा रही है? उक्त नेता का कहना था कि क्या राहुल के दूत सिवनी में कार्यकर्ताओं से इस बात के बारे में जानकारी हासिल करेंगे कि क्या कारण था कि सिवनी की चार में से तीन विधानसभाओं में कांग्रेस लगातार हारती आई है!
गौरतलब है कि नब्बे के दशक के आरंभ तक सिवनी में कांग्रेस की तूती बोला करती थी। उस समय कांग्रेस को दिशा देने का काम पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की आयरन लेडी विमला वर्मा के पास हुआ करता था। इसके उपरांत जबसे उन्होंने सक्रिय राजनीति से किनारा किया कांग्रेस तेजी से रसातल में जाती चली गई।

लगभग दस सालों से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, इन दस सालों में कांग्रेस ने दमदार विपक्ष की भूमिका सिवनी जिले में नहीं निभाई जा सकी है। जब भी भाजपा के विधायक, सांसद को घेरने की बारी आती है, कांग्रेस एक कदम आगे दो कदम पीछे की अघोषित रणनीति पर चलती दिखाई दे जाती है।

बाहरी लोगों का चरित्र सत्यापन

बाहरी लोगों का चरित्र सत्यापन

(शरद खरे)

जिलाधिकारी भरत यादव और जिला पुलिस अधीक्षक लगातार इस बात को दुहरा रहे हैं कि बाहर से आकर रहने वालों और बाहरी काम करने वाले लोगों का चरित्र सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। यह बात उस समय से जोर शोर से उठ रही है जबसे घंसौर की गुड़िया के साथ दुष्कर्म के उपरांत उसकी मौत का मामला सामने आया था।
विभागीय, समयसीमा, एवं अन्य बैठकों में दोनों ही वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बाहर के लोगों के चरित्र सत्यापन की बात पुरजोर तरीके से की जा रही है। इसमें ठेकेदारों के पास काम करने वालों के साथ ही साथ किराए से मकान लेकर रहने वालों के चरित्र सत्यापन की बात सामने आ रही है।
विडम्बना ही कही जाएगी कि जिला मुख्यालय में ही अब तक किराएदारी, मुसाफिरी आदि जैसी बातों के लिए ना तो पुलिस ने कोई फार्मेट ही तय किया है और ना ही इसके बारे में वह संजीदा ही नजर आ रही है। माना कि पुलिस के पास कानून और व्यवस्था के साथ ही साथ व्हीव्हीआईपी मूवमेंट का जबर्दस्त दबाव है।
सिवनी में कांग्रेस और भाजपा की छद्म लड़ाई के चलते कांग्रेस और भाजपा के आला नेताओं के सिवनी आगमन पर उनका विरोध और उन्हें काले झंडे दिखाने की होड़ सी मची हुई है, जो पुलिस के लिए खासा सरदर्द बन चुकी है। पुलिस के पास पर्याप्त अमला नहीं है, इस बात से इंकार नही किया जा सकता है। इन परिस्थितियों में किराएदारी या मुसाफिरी की ओर ध्यान दिया जाना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है।
पिछले दिनों जिला सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक में लखनादौन विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के प्रतिनिधि प्रदीप पटेल ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों, शराब व्यवसाईयों के पास कार्यरत कर्मियों के साथ ही साथ सड़कों के किनारे बैठकर पंचर सुधारने वाले कर्मियों के चरित्र सत्यापन की मांग की गई।
प्रदीप पटेल की इस मांग का स्वागत किया जाना चाहिए। इस बैठक में अन्य सदस्य तेई सिंह उईके एवं बिसन सिंह परतेती ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि केवलारी, घंसौर, धनोरा, लखनादौन, छपारा आदि क्षेत्रों में शराब वाहनों में रखकर बेची जा रही है।
देखा जाए तो इन प्रतिनिधियों की बात में दम नजर आता है। वस्तुतः शराब को ठेके पर से ही बेचा जाना चाहिए, पर ठेकेदार के आदमी गांव गांव फेरीवालों की तरह शराब बेच रहे हैं। यह शराब वाणिज्यिक कर अदा की हुई है या अवैध, कोई नहीं जानता है। पिछले दिनों लखनादौन क्षेत्र में गोवा एवं दमन से आई, कर मुक्त शराब बिकने की खबरें भी आई थीं।
इस तरह कर मुक्त शराब बेचकर ठेकेदार शासन को सीधे सीधे चपत तो लगा ही रहे हैं, इसके अलावा ठेकेदारों द्वारा आबकारी महकमा जिसका काम अवैध शराब पकड़ना है के साथ सांठगांठ करने के दो नंबर की अवैध, नकली शराब को भी बेचा जा रहा है जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस कार्य में स्थानीय लोगों की संलिप्तता कम ही है। इसमें ज्यादा से ज्यादा तादाद में बाहर से आए गुंडानुमा तत्व ही सक्रिय नजर आ रहे हैं। सिवनी शहर में ही मिशन स्कूल के पीछे एक गली में देशी शराब खुले आम बिकती नजर आती है। शराब के आदियों की मानें तो ‘पेकर्स‘ के जरिए यह शराब ठेके से कम कीमत पर यहां बेची जाती है।
पिछले दिनों जिले भर में अबोध बच्चों के साथ दुराचार की खबरें तेजी से बढ़ी हैं। घंसौर में जिस फिरोज द्वारा गुड़िया के साथ दुराचार किया था वह मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड का वेल्डर था और बिहार का रहने वाला था। इस संबंध में घंसौर पुलिस ने ही कहा था कि फिरोज का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं हुआ था। इन परिस्थितियों में पुलिस ने मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के खिलाफ कोई कदम शायद ही उठाया हो।
जिले भर में प्रदेश और केंद्र सरकार पोषित निर्माण कार्यों की बड़ी तादाद है। इन कार्यों को करने के लिए देश भर से मजदूर और अन्य विशेषज्ञों ने सिवनी में डेरा डाला हुआ है। किसके मन में क्या है यह जानना बहुत मुश्किल है। कोई भी कहीं भी वारदात करके भाग सकता है। इसीलिए पहले के समय में बाहर से आने वाले की मुसाफिरी दर्ज करवाई जाती थी।
सिवनी जिला अतिसंवेदनशील जिलों की फेहरिस्त में है। सिवनी में पिछले दिनों बड़ी मात्रा में बम गोले और असलहा बरामद हुआ था। इस लिहाज से सिवनी के लॉज होटलों की सतत निगरानी भी आवश्यक है। आज यह काम होता है पर महज रस्म अदायगी के लिए।
सिवनी में दुपहिया और चौपहिया वाहनों की तादाद तेजी से बढ़ी है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसी के मद्देनजर जिले भर में सड़कों के किनारे टायर के पंचर बनाने वालों की भी तादाद बढ़ी है। ये कहां से आए हैं?, इनका मूल नाम पता क्या है? अगर ये कोई वारदात करके फरार होते हैं तो इन्हें कहां ढूंढा जाएगा?
यह तो राहत की ही बात मानी जा सकती है कि कम से कम सालों बाद, जिले के दो प्रमुख अधिकारी किराएदारी, बाहर से आए लोगों के चरित्र सत्यापन और मुसाफिरी के मामले में संजीदा दिख रहे हैं। सिवनी में कौन आता है कौन चला जाता है यह बात किसी को पता नहीं होती है। भागमभाग में आज लोग भी अपने आस पड़ोस में कौन आया कौन गया से ज्यादा मतलब नहीं रख रहे हैं।
इन परिस्थितियों में सिवनी अपराधियों के लिए शरण स्थली बन जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। पहले भी दक्षिण भारत से आए एक अपराधी ने अभिषेक कालोनी में निवास किया और अपना राशन कार्ड तक बनवा लिया था। इसके बाद बुधवारी में दरोगा मोहल्ला में बारूद फटने से एक व्यक्ति के चीथड़े उड़े, और एकता कालोनी में एक संदिग्ध आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा था।

जिले के मुखिया अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे चरित्र सत्यापन के मामले में अधीनस्थों को टाईम फ्रेम में बांधकर काम करने के लिए ताकीद करें, ताकि जिले का अमन चैन कायम रह सके।

सोमवार, 24 जून 2013

आपदा में फंसे लोगों के लिये करें प्रार्थना- नरेंद्र ठाकुर

आपदा में फंसे लोगों के लिये करें प्रार्थना- नरेंद्र ठाकुर

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए लोगों के लिये प्रार्थना जगह- जगह हो रही है। इसी के चलते आज लक्ष्मीनारायण मंदिर में शाम साढ़े चार बजे कथा का आयोजन हुआ। कथा के पश्चात यज्ञ व शाम के समय गरीबों को भोजन के भोजन की व्यवस्था रखी गई। उक्ताशय की जानकारी मंदिर समिति के नरेंद्र ठाकुर ने देते हुए सभी से प्रार्थना करने की अपील की है।

श्री ठाकुर ने बताया कि आज बस स्टेंड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में सत्यनारायण भगवान की कथा, विष्णु सहस्त्रार्चन, हवन आदि संपन्न कराया जाकर लक्ष्मीनारायण भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमं बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जानवरों की तरह भरकर आ रही थी भीड़

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जानवरों की तरह भरकर आ रही थी भीड़

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में जो भीड़ उमड़ी थी, वह अपने आप आई भीड़ थी या फिर कहीं से लाई गई भीड़? यह प्रश्र इसलिए भी उठ रहे हैं कि क्योंकि गत दिवस धूमा परिक्षेत्र के अधीन आने वाले वनविकास समिति के कुछ लोगों को वनविभाग के अफसरों ने जानवरों की तरह पिकअप वाहन क्रं. एमपी 29 जीए 3626 में भरकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने सिवनी पहुंचाया, जिसमें लगभग 30 से 35 लोग शामिल थे, लेकिन जैसे ही यह वाहन बम्होड़ी के पास पहुंचा। वैसे ही उक्त वाहन पलटा, जिससे 16 लोग घायल हुये, जिनमें से 03 गंभीर घायल हो गये, जिन्हें सिवनी रेफर किया गया।

इस संबंध में जब वनविकास समिति जालौन के अध्यक्ष महेश उइके से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वनविभाग के अफसरों ने उन्हें सिवनी पहुंचने के निर्देश दिये। ऐसे में यह तो स्पष्ट है कि धूमा वनपरिक्षेत्र के अधिकारी सहित अन्य परिक्षेत्र के अधिकारियों ने वनविकास समिति के ज्यादा से ज्यादा लोगों को सिवनी पहुंचाने की व्यवस्था की ताकि उनके शीर्ष अधिकारी शाबाशी दे और इसी शाबाशी के चक्कर में धूमा के वनपरिक्षेत्र अधिकारी ने जानवरों की तरह भरकर लोगों को सिवनी पहुंचाने की व्यवस्था की। सवाल यह भी उठता है कि आखिर वनविभाग अमले ने किस आदेश के तहत वनविकास समिति के लोगों को सिवनी पहुंचाने की व्यवस्था की।

अनुज्ञा नियम को धत्ता बताती खवासा चैक पोस्ट

अनुज्ञा नियम को धत्ता बताती खवासा चैक पोस्ट

(ब्यूरो कार्यालय)

खवासा (साई)। नागपुर से जबलपुर, म.प्र. से महाराष्ट्र और कन्याकुमारी से कश्मीर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 7 पर, सिवनी जिले के खवासा स्थित कृषि उपज मंडी चैकपोस्ट इन दिनों खासी चर्चा मंे है। बताया जाता है कि यहां अपनी नियुक्ति करवाने के लिये दूर-दूर से मंत्री और अन्य रसूखदार, अपनी पूरी ताकत लगाकर अपने सगे संबंधियों को फिट करते हैं। और इसके एवज मंे मोटी रकम का लेनदेन होता है।
उक्त कृषि उपज मंडी चैकपोस्ट में न तो कोई आधुनिक उपकरण नजर आता है न ही कोई ईमानदार शासकीय कर्मी । यहां से प्रतिदिन कई सौ ट्रक हमारे प्रदेश का अनाज महाराष्ट्र की मंडी मंे पार हो जाता है। और शासकीय अमला उनसे अनुज्ञा तक नहीं पूछता बल्कि ये अल्प शिक्षित ट्रक ड्रायवर भी इस चैकपोस्ट से पार होने की कीमत जानते हैं। बताया यह भी जाता है कि सिवनी के व्यापारियों का सीधा सामंजस्य सहायक निरीक्षक से है, और वे इसका मासिक लेनदेन करते हैं। प्रदेश शासन को प्रतिदिन हजारों,लाखों का चूना लगाकर ये अधिकारी अपना घर भरने मंे लगे हुए हैं।
उक्त चैकपोस्ट के ही कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त में बताया है कि यह कार्य हमारे हाथ में नही है बल्कि सिवनी में ही पदस्थ बडे अधिकारियों के इशारे पर हो रहा है। बिना अनुज्ञा के ट्रक म.प्र. से महाराष्ट्र की ओर इन्ही अधिकारियों की सहमति से भेजे जाते हैं।

जब उक्त घटनाक्रम की सत्यता जानने का प्रयास किया गया तो सभी चैकपोस्ट कर्मचारी संपर्क क्षेत्र से बाहर थे। इतना ही नही नियुक्तियों मंे भी सारे नियमों को ताक में रखते हुए मंडी निरीक्षक प्रभुदयाल गेडाम को नियुक्त किया गया है। और इन्हें सहायक निरीक्षक का प्रभार भी नियम विरूद्ध तरीके से सौंपा गया है। उक्त निरीक्षक  के पद पर खासकर इतनी संवेदनशील चैकपोस्ट में एक सहायक निरीक्षक की तैनाती भी दाल में कुछ काला होने का संकेत देती है। इस प्रश्न का जवाब भी सिवनी में पदस्थ मंडी सचिव ही दे सकते हैं।

उत्तराखण्ड पीड़ितों के लिए आगे आया संघ

उत्तराखण्ड पीड़ितों के लिए आगे आया संघ

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। उत्तराखण्ड में आई प्राकृतिक आपदा से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी द्रवित है। आज संघ के स्वयंसेवकों ने शाखा वेश में उत्तराखण्ड के पीड़ितों के राशि का एकत्रीकरण किया गया। आज दिन में बारिश की परवाह किए बिना संघ के कर्मठ स्वयंसेवकों ने शहर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जाकर राहत राशि का संकलन किया गया।
उत्तराखण्ड की त्रासदी के उपरांत वहां पीड़ित परिवारों एवं आहतों के लिए राहत राशि के लिए संघ के स्वयंसेवक सड़कों पर उतरे। शहर में आज 40 तरूण और 10 बाल स्वयंसेवकों द्वारा शहर से 65 हजार 825 रूपए की राहत राशि संकलित की गई।
शहर के सभी क्षेत्रों से सभी वर्गों के स्वयंसेवकों ने अपनी व्यक्तिगत रूचि दिखाकर पीड़ितों के लिए लोगों से सड़कों पर उतरकर मदद मांगी। आज शाम तक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा 65 हजार 825 रूपए की राशि संकलित की गई।
इस कार्यक्रम आ आरंभ गांधी चौक स्थित श्रीराम मंदिर से किया गया। आज दिन में अपरान्ह डेढ़ बजे से रात्रि साढ़े सात तक संकलन का कार्य किया गया। स्वयंसेवक आज श्रीराम मंदिर से बुधवारी होते हुए नगर पालिका, छिंदवाड़ा चौक, फिर मठ, शुक्रवारी, गणेश चौक होते हुए बाहुबली चौक पहुंचे, जहां इसका समापन किया गया।
सिवनी शहर में संघ का यह अभिनव कार्यक्रम सोमवार और मंगलवार को जारी रहेगा, साथ ही साथ संघ सिवनी जिले की प्रत्येक तहसीलों में भी जारी रहेगा। मंगलवार और बुधवार को शहर के प्रत्येक वार्ड के प्रत्येेक घर में जाकर संघ के कार्यकर्ता लोगों से मदद का आव्हान करेंगे, एवं संघ ने अपेक्षा की है कि शहर के लोग अधिक से अधिक संख्या में इस काम में सहयोग करें।
इस राशि को उत्तराखण्ड के पीड़ित एवं जिनके घरबार उक्त आपदा से प्रभावित हुए हैं उनके पुर्नवास हेतु उत्तराखण्ड भेजी जाएगी। इस हेतु दानदाता अधिवक्ता राजेंद्र सिंह सियोदिया 9425847274, शिक्षक हेमराज सनोडिया 9300033133, यूक्लिड क्लासेस के संचालक प्रवीण मिश्रा 9425446202, अग्रवाल मेडीकोज के संचालक रवि अग्रवाल 9425175152, अनुराग हाण्डा के संचालक अखिलेश चौहान 9425962300, सृष्टि इंजीनियरर्स के संचालक ब्रजेश गौतम 9424966095 से संपर्क कर सकते हैं।

स्वयंसेवकों ने बताया कि संग्रहित राशि को उत्तरांचल देवीय आपदा पीड़ित सहायकता समिति राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को भेजा जाएगा।

क्रिकेट सट्टे के साए में सिवनी जिला!

क्रिकेट सट्टे के साए में सिवनी जिला!

(शरद खरे)

कुरई क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से बनाए गए रिसोर्ट में पुलिस ने एक बार फिर सटोरियों को घेरने की नाकाम कोशिश की है। इस बार पुनः पेंच के जंगल होम रिसोर्ट में क्रिकेट का सट्टा खिलवाने वालों को पकड़ना चाहा पर वे भाग खड़े हुए।
इसके पहले सिवनी जिले में आईपीएल के दौरान पुलिस ने दो बार सटोरियों को पकड़ने में सफलता हासिल की थी। पुलिस निस्संदेह बधाई की पात्र है कि सिवनी में इस तरह की गतिविधियों पर कम से कम अंकुश लगाने की कार्यवाही तो की गई। सालों से सटोरियों को पकड़ने की कार्यवाही जारी है पर पुलिस के हाथ छुटभैया सटोरिए ही लगते आए हैं। इनके सरपरस्त कौन है यह बात सभी जानते हैं पर उन पर हाथ डालने से पता नहीं क्यों पुलिस हिचकती आई है।
इक्कीसवीं सदी के आरंभ से ही क्रिकेट के सट्टे का दौर जारी हुआ। सिवनी में ना जाने कितने परिवार इस सट्टे के चलते बिखर चुके हैं। पांच से दस परसेंट महीना की दर पर आज भी बाजार में निजी दबंग लोगों द्वारा, ब्याज पर पैसे देने का काम बदस्तूर जारी है। पिछले दिनों जब तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रमन सिंह सिकरवार ने इसके खिलाफ अभियान चलाया था, तब पुलिस को सटोरियों के पास से हस्ताक्षरित चैक बुक और एटीएम कार्ड भारी मात्रा में मिले थे। कहा जा रहा था कि सरकारी कर्मचारियों को एक तारीख को ये सटोरिए और अवैध रूप से ब्याज का धंधा करने वाले अपना ब्याज का पैसा काटकर वेतन का भुगतान करते थे।
आज सिवनी में करोड़ों रूपयों की सट्टे की लगवाड़ी की खबर है। मिथलेश शुक्ला के पुलिस अधीक्षक पद संभालने के उपरांत दो बड़ी सफलताएं पुलिस के हाथ लगी हैं। एक पेंच नेशनल पार्क में तो दूसरा चलित कार में पकड़ाया है। पुलिस ने इन्हें किस आधार पर पकड़ा, यह तो वह ही जाने पर पुलिस का लचर हो चुका मुखबिर तंत्र एक बार फिर अपने आप को खड़ा करने के प्रयास में नजर आ रहा है, इसके लिए मिथलेश शुक्ला बधाई के पात्र हैं।
पुलिस ने दोनों ही बार कुछ मोबाईल और अन्य यंत्र भी बरामद किए हैं। इन मोबाईल की डिटेल भी जाहिर है अब तक निकलवाई जा चुकी होगी। इन मोबाईल को किसने किसके नाम की आईडी और फोटो के साथ जमा किया है यह बात भी पुलिस के पास आ चुकी होगी, फिर देर किस बात की। पुलिस को उन लोगों की कालर पकड़ ही लेना चाहिए। बीएसएनएल में एक व्यक्ति नौ सिम तक जारी करवा सकता है।
जरायमपेशा लोगों ने अपने इस धंधे के लिए किन लोगों को आधार बनाया है, इस बारे में पुलिस को अपना शिकंजा कसना होगा। इन मोबाईल पर किन किन लोगों ने फोन कर पैसा लगाया है, यह बात भी पुलिस को देखना ही होगा। जिन्होंने इन नंबर्स पर फोन लगाया है उन्हें पकड़कर उनसे भी कड़ी पूछताछ की आवश्यक्ता है। पुलिस के पास बल की कमी है, यह बात भी आईने की तरह ही साफ है। पुलिस को सीमित संसाधनों में ही काम करना है, यह भी सही बात है।
इस बार आरोपी तो फरार हो गए किन्तु कुछ मोबाईल मिले हैं। पता नहीं क्यों पुलिस इन मोबाईल की सिम के जरिए, किन्होंने इसे जारी करवाया है तक नहीं पहुंच पा रही है। यह पुलिस के लिए बाएं हाथ का खेल है। आज के समय जब सिम की खरीदी के नियम कड़े हैं, तब सिम फर्जी नाम से खरीदा जाना संभव नहीं है। पिछले दो बार के छापों में भी पुलिस को भारी मात्रा में मोबाईल फोन मिले थे, उनके बारे में तो पुलिस ने अब तक पता कर ही लिया होगा। उनके आउट गोईंग और इनकमिंग काल्स का पता करना बड़ी बात नहीं है।
विडम्बना ही कही जाएगी कि अब तक इस संबंध में पुलिस की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई है, और अगर बढ़ी भी है तो इस संबंध में मीडिया को पुलिस ने भरोसे में नहीं लिया है। हो सकता है कि इसमें हाई प्रोफाईल या व्हाईट कालर लोगों के सीधे या परोक्ष कनेक्शन हों, इसलिए भी पुलिस कोई कार्यवाही से हिचक रही हो। वरना, पुलिस चाहे तो एक मिनिट में सिम के सेवा प्रदाता से यह पता कर सकती है कि वह सिम किसके नाम पर जारी हुई है।
पुलिस को चाहिए कि तीनों ही वारदातों में जप्त सारे मोबाईल और अन्य फोन की आउट गोइंग अवश्य ही चेक करवाए, क्योंकि ये छोटे धंधेबाज हैं जो पकड़े गए हैं। असल कारिंदे तो कहीं और बैठे अपने आप को व्हाईट कालर जता रहे हैं। इस संभावना में भी दम है कि अब तक कुल पचास लाख रूपए की लगवाड़ी को पचाने में पकड़े गए आरोपी सक्षम नहीं हैं। निश्चित तौर पर यह लगवाड़ी आगे सट्टे की भाषा में ‘पाना‘ बनाकर उतार दी जाती होगी।
पुलिस अगर आउट गोईंग काल्स के बारे में पता करके उन नंबरों की सिम किसने, किसके नाम जारी करवाई इस दिशा में प्रयास करे तो पुलिस के हाथ अप्रत्याशित सफलता लगे, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिन नंबर्स से इन मोबाईल पर काल आई है उनके भी काल डिटेल अगर निकलवाएं जाएं और उन नंबर्स से लगातार किन नंबर्स पर काल की जा रही है, इसकी मानिटरिंग भी की जाए तो अन्य सटोरियों की कालर भी पुलिस की पकड़ में होगी।
पुलिस को इसके लिए कड़ी मेहनत करना होगा, साथ ही अपने विभाग के ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ अफसरों और कर्मचारियों को इस काम में लगाना होगा, क्योंकि पुलिस की छवि अब भ्रष्ट और लोगों को बचाने वाली बन चुकी है। सिवनी में जंगलों में जुंआ खिलाए जाने की खबरें जब तब आती रहती हैं, आए दिन अपराध घटित हो रहे हैं।

इस सबसे निपटने और आम जनता को राहत देने के लिए पुलिस को अपना सूचना तंत्र दुरूस्त करने के साथ ही साथ विकसित भी करना होगा। पुलिस को मुखबिर तंत्र को भी चाक चौबंद बनाना होगा। पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली से आम जनता राहत महसूस कर रही है इस बात में संदेह नहीं, फिर भी पुलिस के मुखिया को अधीनस्थ स्टाफ को पूरी तरह नियंत्रण में ही रखना आवश्यक है।

शुक्रवार, 21 जून 2013

कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं किए लान संचालकों ने पंचायत के समक्ष प्रस्तुत

0 लूघरवाड़ा में लान बंद कराने की उठी मांग - - - 3

कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं किए लान संचालकों ने पंचायत के समक्ष प्रस्तुत

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। शहरी क्षेत्र की सीमा से लगी लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत में संचालित होने वाले शादी लान या मंगल भवन ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पर ना तो जिला प्रशासन ने ही कोई कार्यवाही की है और ना ही जिला पंचायत ने ही इसकी सुध ली है।
ग्राम पंचायत के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि 14 अप्रेल को सरपंच श्रीमति सावित्री विश्वकर्मा की उपस्थिति में हुई ग्राम पंचायत की बैठक में पास किए गए प्रस्ताव पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि शादी ब्याह के सीजन में यहां सदा ही विवाद की स्थिति बनती है।
सूत्रों की मानें तो ग्राम सभा की इस बैठक में कहा गया था कि देव उठनी ग्यारस के उपरांत पिछले साल से ही यहां संचालित सारे लान परेशानी का सबब बन चुके हैं। शादी ब्याह में आए दिन शराब पीकर झगड़े टंटे, गाली गलौच होती रहती है जिससे ग्राम पंचायत की शांति भंग होती है।
इतना ही नहीं यह प्रस्ताव भी लाया गया था कि लान संचालकों द्वारा बचा खाना, जूठन, डिस्पोजेबल कप प्लेट, अमानक पालीथिन और अन्य गंदगी वही फेंक दी जाती है जिसे मवेशी खाकर बीमार पड़ जाते हैं। यहां तक कि कुछ पशुओं की तो इससे मौत भी हो चुकी है। इसके साथ ही साथ यह बात भी पुरजोर तरीके से उठाई गई थी कि लान संचालकों द्वारा पार्किंग का भी ख्याल नहीं रखा जाता है। जिसका जहां मन आता है अपना वाहन खड़ा कर देता है जिससे आवागमन प्रभावित होता है।
ग्रामवासियों ने इस बात को उठाया था कि सार्वजनिक तौर पर बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव इन लान में दिखाई पड़ता है। लान में जल मल निकासी, वर्षा के पानी की निकासी, आयोजन निर्धारित मानचित्र के अनुसार किया जाना चाहिए जो नही किया जाता है।
साथ ही साथ लान के चारों ओर खुला क्षेत्र छोड़ा जाकर मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 1984 के नियम 64 के प्रावधानों के तहत पर्याप्त वृक्षारोपण कराया जाना था जो नहीं कराया गया है। ग्राम सभा में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया था कि लान स्थाल, भूमि स्वामित्व एवं सीमा के वाद विवाद, मार्ग विवाद या अन्य किसी भी प्रकार का विवाद होने के कारण पूर्व में दी गई किसी भी प्रकार की अनुमति को निरस्त माना जाए।

(क्रमशः जारी)

क्या शिवराज का विरोध करेगी कांग्रेस!

क्या शिवराज का विरोध करेगी कांग्रेस!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। कांग्रेस के कद्दावर नेता कमल नाथ के सिवनी आगमन पर भाजपा के अनुषांगिक संगठन मजदूर संघ एवं जनमंच सहित कुछ संस्थाओं ने उन्हें काले झंडे और काले बैलून दिखाकर पुरजोर विरोध किया था। इसके उपरांत यह बात सामने आई थी कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा भाजपा के नेता के सिवनी आगमन पर उनका विरोध करने का दंभ भरा था। अब लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या शिवराज सिंह चौहान के विरोध में कांग्रेस आएगी?
गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान द्वारा फोरलेन के संबंध में कहा गया था कि सूरज चाहे पश्चिम से निकलने लगे पर फोरलेन मार्ग सिवनी से होकर ही जाएगा। दिल्ली की एक पत्रकार वार्ता में भी शिवराज सिंह चौहान को वस्तु स्थिति से सिवनी मूल के पत्रकार द्वारा आवगत कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा यह भी कहा गया था कि वे सिवनी जनमंच के प्रतिनिधियों को लेकर दिल्ली जाएंगे, सुप्रीम कोर्ट में इस सड़क के बचाव हेतु अपना वकील खड़ा करेंगे। साल दर साल बीतते गए पर ऐसा कुछ भी होता नहीं दिखा सिवनी वालों को। जनमंच ने भी सदा ही शिवराज सिंह चौहान की इस वादा खिलाफी को अपने वक्तव्यों में रेखांकित किया है।
इसी तरह 13 जून को केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री कमल नाथ के सिवनी आगमन पर भाजपा के एक धड़े द्वारा उनका विरोध किया गया। इसके उपरांत कमल नाथ के समक्ष मंच पर युवक कांग्रेस के नेशनल कार्डीनेटर राजा बघेल द्वारा यह कहा गया था कि जब भी भाजपा के बड़े नेता सिवनी आएंगे कांग्रेस उनका विरोध करेगी और ईंट का जवाब पत्थर से देगी।
कांग्रेस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि कांग्रेस की बैठक में भी यह बात सर्वसम्मति से हुई थी कि जब भी भाजपा के नेता सिवनी आएंगे कांग्रेस उनका विरोध कमल नाथ के विरोध से ज्यादा करेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा फोरलेन, सतपुड़ा संभाग, सिवनी में मेडकल कालेज, ऐस्टो टर्फ जैसी अनेक घोषणाएं की थीं, सिवनी के साथ वादा दर वादा कर उन्हें आज तक निभाया नहीं गया है। सिवनी में एस्टोटर्फ का मैदान बने साल पूरा होने को आ रहा है पर इसका उद्यघाटन अब तक नहीं हो सका है इसलिए यह सिवनी के लिए होते हुए भी बेकार ही है।

अण्णा की आंख में प्राब्लम: यात्रा स्थगित!

अण्णा की आंख में प्राब्लम: यात्रा स्थगित!

(राहुल तेलरांधे)

रालेगण सिद्धि (साई)। अण्णा हजारे की आंखों में तकलीफ है जिसके चलते फिलहाल उनका उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का दौरा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अण्णा के कार्यक्रम की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
अण्णा के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अण्णा हजारे को आंखों में कुछ तकलीफ हो रही थी, चिकित्सकों ने उन्हें आराम की सलाह दी है।
सूत्रों ने आगे बताया कि फिलहाल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की अण्णा हजारे की जनतंत्र यात्रा 23 जून से प्रस्तावित थी, जिसे फिलहाल टाल दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि चिकित्सकों ने अण्णा को मशविरा दिया है कि कुछ दिन वे आराम करें, उनकी तकलीफ कम होने के उपरांत वे पुनः दौरे के योग्य हो जाएंगे। इसलिए उनके तय कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं, जिन्हें बाद में नई तिथियों में जारी किया जाएगा।

एमपी महाराष्ट्र बार्डर खवासा पर लगता जाम!

एमपी महाराष्ट्र बार्डर खवासा पर लगता जाम!

(शरद खरे)

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित है खवासा ग्राम, जहां मध्य प्रदेश सरकार के राजस्व और अफसरों के निजी खाते में जाने वाले राजस्व की प्राप्ति करोड़ों अरबों खरबों रूपयों में होती है। खवासा बार्डर सदा से ही चर्चा का केंद्र रही है। खवासा के इस बार्डर का सबसे दुखदाई पहलू यहां लगने वाला यातायात का जाम है। ट्रकों की लंबी कतारों को देखकर निजी वाहन वालों के पसीने आ जाते हैं। इस जाम के लगने के पीछे के कारणों पर अब तक ना तो किसी जिलाधिकारी ने ध्यान ही दिया है और ना ही ध्यान देने की जरूरत ही समझी है। वर्तमान जिला कलेक्टर भरत यादव ने एक साक्षात्कार में खवासा की सीमा चौकी पर छापे मारने की बात कही है जो प्रशंसनीय है।
देखा जाए तो खवासा में मुख्यतः परिवहन विभाग की जांच चौकी है जहां करोड़ों रूपयों के वारे न्यारे होते हैं। इस जांच चौकी के बारे में कहा जाता है कि यहां दक्षिण भारत सहित मध्य प्रदेश सहित देश के अनेक हिस्सों की कई ट्रांसपोर्ट कंपनियों द्वारा बाकायदा अपने माल वाहक वाहनों की सूची दी हुई है जिनसे निर्धारित से कम मात्रा में चौथ वसूली की जाती है। बाकी माल और यात्री वाहक वाहनों से हर माह चौथ वसूली के साथ ही साथ शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उनका चालान भी काटा जाता है।
इस जांच चौकी के बारे में बताया जाता है कि यह जांच चौकी रिमोट कंट्रोल से संचालित होती है। अर्थात यहां तैनात परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों के अलावा निजी गुंडा नुमा लोगों के द्वारा यहां सरकारी काम को अंजाम दिया जाता है। वैसे तो निजी गुर्गे जिला कलेक्टर की नाक के नीचे पंजीयक लेण्ड रिकार्ड अर्थात जहां जमीनों की खरीदी बिक्री होती है वहां भी काम करते दिख जाते हैं।
सूत्रों की बातों पर गर यकीन किया जाए तो इन निजी कर्मचारियों के हाथों में एक रिमोट घंटी का बटन होता है। सड़क पर लाल या पीली बत्ती देखते ही ये बटन दबा देते हैं और चौकी के अंदर सभी काम नियमानुसार संचालित होना आरंभ हो जाता है। बताते हैं यहां समिष और निरामिष भोजन बहत ही लजीज बनता है। यहां एक कैंटीन का संचालन भी होता है जहां शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की माकूल व्यवस्था है। यहां यह सब कुछ निशुल्क ही है। कहा जाता है कि हर माह की चढ़ोत्री के हिसाब में इसे भी जोड़ दिया जाता है।
अगर, जिला कलेटर भरत यादव बिना सूचना के अचानक ही इस जांच चौकी में पहुंच जांए तो उन्हें सबसे पहले पिछले दरवाजे पर एक रजिस्टर रखा मिलेगा जिसमें नेताओं, पत्रकारों और प्रभावशाली लोगों के नाम और उन्हें दी जाने वाली मासिक चौथ की सूची मिल जाएगी। मेले ठेले, धरना प्रदर्शन आदि के लिए दी जाने वाली राशि का ब्योरा भी इसी पंजी में दर्ज होता है। निश्चित तौर पर यह राशि परिवहन विभाग या यहां पुलिस से प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारी अपनी जेब से तो देते नहीं होंगे। जो भी दिया जाता होगा वह वाहनों के स्वामी से ही वसूला जाता होगा।
इस तरह के भ्रष्टाचार के सागर में आकण्ठ डूबी है खवासा की जांच चौकी। खवासा में इसके अलावा मंडी, विक्रय कर आदि की जांच चौकियां भी हैं। यहां जाम क्यों लगता है इस बारे में कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं होता है। ज्यादा पूछताछ करने पर निजी गुण्डानुमा गुर्गों द्वारा हमला तक बोल दिया जाता है। मजे की बात तो यह है कि यहां पुलिस का एक सहायता केंद्र भी स्थापित है, पर सब कुछ हो रहा है ढके मुंदे नहीं उजागर तौर पर। यहां कभी भी पूरी तैनाती नहीं मिल पाती है। इस तरह की चौकियों में ईमानदारी पूरी पूरी बरती जाती है। एक एक सिपाही या हवलदार पखवाड़े तक घर पर आराम फरमाते हैं पर उनके हिस्से में कोई समझौता नहीं होता है। कहते हैं कि यहां से गुजरने वाले वाहनों से चौथ वसूली के उपरांत उन्हें गेट पास दिया जाता है, गेट पास के पहले उनकी डायरी में चिड़िया कौआ जैसी आकृति बना दी जाती है जो हर माह अलग शक्ल की होती है जिससे यह पता चल जाता है कि उस वाहन की एंट्री उस माह के लिए हो चुकी है।
असली मरण तो आम आदमी की होती है। सिवनी जिले के विधायक और सांसदों की कर्तव्यों के प्रति अनदेखी के चलते सिवनी की स्वास्थ्य सुविधाएं जो एक समय में महाकौशल संभाग में आर्युविज्ञान कालेज जबलपुर के बाद नंबर दो पर आती थी आज खुद आईसीसीयू में पड़ी कराह रही है, नतीजतन मरीजों को छोटी मोटी बीमारी होने पर भी सिवनी के प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय से नागपुर रिफर कर दिया जाता है। इसके पीछे चिकित्सकों को नागपुर के मंहगे अस्पतालों से मिलने वाला कमीशन ही बताया जा रहा है। जब मरीज नागपुर जाते हैं तो वे इस जाम में फंसकर नारकीय पीड़ा को भोगते हैं। स़क्षम लोग तो बरास्ता छिंदवाड़ा सौंसर होकर नागपुर पहुंच जाते हैं पर गरीब तो इसी रास्ते से जाने पर निर्भर हैं।

यहां यक्ष प्रश्न यह खड़ा हुआ है कि आखिर खवासा में एक साथ पचास से लेकर दो सौ ट्रकों की लाईन कैसे लग जाती है। अगर खवासा से महज दस किलोमीटर दूर महाराष्ट्र बार्डर की मानेगांव टेक चौकी से आप गुजरें तो वहां महज एकाध ट्रक ही खड़ा मिलता है। आखिर क्या वजह है कि महाराष्ट्र की जांच चौकी मिस्टर कलीन है और एमपी की जांच चौकी दागदार! मतलब साफ है कि दाल में कुछ काला है।