गुरुवार, 27 जून 2013

मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा क्रिकेट: कलाम

मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा क्रिकेट: कलाम

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। हिन्दुस्तान का राष्ट्रीय खेल हॉकी होने के बाद भी क्रिकेट सबसे ज्यादा खेले जाने वाला खेल है। सिवनी के कई खिलाड़ी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। लेकिन सिवनी में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिये, यहां मूलभूत सुविधाओं का सर्वत्र अभाव है। सबसे आश्चर्यजनक पहलू यह है कि क्रिकेट के लिये कोई मैदान ही नहीं है।
जिला क्रिकेट संघ सिवनी के उपाध्यक्ष कलाम खान ने बताया है कि डी.सी.ए. द्वारा लगातार खिलाड़ियों के लिये, मैदान की व्यवस्था की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं। शासन-प्रशासन के साथ ही साथ जन-प्रतिनिधियों से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है। मजबूरी में खिलाड़ियों को उधार के मैदानों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
उपाध्यक्ष कलाम खान ने बताया कि डी.सी.ए. के पास मैदानों के सीमित विकल्प ही हैं। इन मैदानों में से ज्यादातर पॉलीटेक्निक मैदान पर ही निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन इस मैदान पर अन्य गतिविधियों के संचालन के दौरान, क्रिकेट पूरी तरह से बाधित हो जाता है। सिवनी में बने एकमात्र स्टेडियम से क्रिकेट को कोई उम्मीद ही नहीं है। यह बात समझ से परे है कि जब भी स्टेडियम में क्रिकेट के लिये अनुमति मांगी जाती है, तो स्पष्ट मना कर दिया जाता है। इस स्टेडियम में आश्चर्यजनक रूप से, क्रिकेट की गतिविधियां शून्य ही हैं।
कलाम खान ने बताया कि सिवनी में क्रिकेट की कई प्रतिभाएं मौजूद हैं। इनका भविष्य उज्जवल हो सकता है। क्रिकेट के मैदान के अभाव में इन खिलाड़ियों का अभ्यास बुरी तरह प्रभावित होता है। नतीजतन ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के साथ न्याय ही नहीं कर पाते हैं।

कलाम खान ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वह क्रिकेट के लिये स्थायी मैदान उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करे।  कलाम खान ने जन-प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे इस कार्य में रूचि लेकर खिलाड़ियों के भविष्य को उज्जवल बनाने में सहयोग करें। कलाम खान ने उम्मीद जाहिर की है कि खिलाड़ियों के लिये अभ्यास हेतु मैदान की व्यवस्था हो जाने पर, निश्चित ही सिवनी के खिलाड़ी भी हिन्दुस्तान की टीम में शामिल होकर जिले का नाम रोशन करेंगे।

कांग्रेसियों की हरकतों से अचंभित रह गए राहुल के दूत!

कांग्रेसियों की हरकतों से अचंभित रह गए राहुल के दूत!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से भेजे गए पर्यवेक्षक जब सिवनी पहुंचे और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए तो वे उनकी हरकतों को देखकर बुरी तरह आश्चर्यचकित रह गए।
कांग्रेस पर्यवेक्षक के सामने जिले के नेताओं ने अपनी अपनी बात कही। नेताओं ने इस बात को जमकर उछाला कि सिवनी जो कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था अब वहां कांग्रेस का नामलेवा भी नहीं बचा है। नेताओं का कहना था कि कांग्रेस में नेता तो सिवनी में पर्याप्त मात्रा में हैं पर कार्यकर्ताओं का अभाव साफ तोर पर परिलक्षित होता है।
गुटबाजी के बीच अलग अलग धड़ों के नेताओं ने इशारों ही इशारों में कांग्रेस की इस हालत के लिए एक नेता विशेष को ही दोषी ठहराया गया। सिवनी में कांग्रेस के नेताओं के रवैए से कांग्रेस पर्यवेक्षक भी बुरी तरह क्षुब्ध नजर आए। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रदेश का माहौल अलग है और सिवनी का माहौल अलग ही प्रतीत हो रहा है।

बैठक में शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों से विधानसभा उम्मीदवारों के नाम भी सुझाए गए किन्तु किसी भी कांग्रेस के नेता ने सिवनी के जर्जर कांग्रेस के संगठन के बारे में पर्यवेक्षक को अपनी भावनाओं से आवगत नहीं कराया जाना आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।

जंगल होम के क्रिकेट सट्टा मामले में अब तक नहीं हुई कोई कार्यवाही

जंगल होम के क्रिकेट सट्टा मामले में अब तक नहीं हुई कोई कार्यवाही

तीन रिसोर्ट की गतिविधियां संदेह के दायरे में


(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। कुरई थाना क्षेत्रांर्गत आने वाले जंगल होम रिसोर्ट में पिछले दिनों पकड़े गए क्रिकेट के हाईटेक सट्टे में इन पंक्तियों के लिखे जाने तक कोई कार्यवाही ना होना आश्चर्य का ही विषय माना जा रहा है। इसकी जांच करने वाले विवेचना अधिकारी श्री नागोजी का एक्सीडेंट हो गया, और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। कुरई पुलिस ने इसकी विवेचना किसी अन्य अधिकारी को नहीं सौंपी है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुरई क्षेत्र में पेंच क्षेत्र में जंगल होम रिसोर्ट में यह दूसरी बार क्रिकेट का हाईटेक सट्टा पकड़ाया है। इस बार सट्टा खेलने वाले पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गए हैं। जंगल होम रिसोर्ट में दो बार सट्टा पकड़ाया जाना और रिसोर्ट के मालिक के खिलाफ पुलिस कार्यवाही ना होना आश्चर्य का ही विषय है।
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को आगे बताया कि जंगल होम रिसोर्ट से लगे दो और रिसोर्ट में भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। सूत्रों की मानें तो इन तीन रिसोर्ट में सटोरियों ने चार लाख रूपए एडवांस देकर कमरे बुक कर रखे हैं।
विवेचना अधिकारी ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को दूरभाष पर बताया कि जब जंगल होम रिसोर्ट में पुलिस की दबिश दी गई तो आरोपी कमरे को अंदर से बंद कर पीछे से भाग खड़े हुए। बाद में होटल प्रबंधक द्वारा दूसरे कमरे से पीछे की लाबी में जाकर दरवाजा खोला गया।
उन्होंने बताया कि कमरे में काफी मात्रा में मोबाईल और लगभग आधा दर्जन सिम भी बरामद हुईं। इसके अलावा वहां एक इंडिगो मांजा कार एमपी 22 सीए 1054 भी लावारिस हालत में खड़ी मिली जो सिवनी निवासी किसी दिव्य कुमार राय के नाम पर पंजीकृत है।
विवेचना अधिकारी ने आगे बताया कि यह कमरा सिवनी में मरझोर निवासी संदीप सराठे के नाम पर बुक था। होटल में तीन लोगों के रूकने की खबर भी पुलिस को दी गई है। उन्होंने कहा कि वे गुरूवार को संदीप सराठे और कार मालिक दिव्य कुमार राय के बयान दर्ज करेंगे।
वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो वहां कम से कम आधा दर्जन से ज्यादा लोग थे जो क्रिकेट का सट्टा खिलवा रहे थे। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि कुछ लोगों द्वारा माननीय न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी भी लगवाई थी। सूत्रों की मानें तो इसमें संदीप सराठे के अलावा कोई साहू और सनोडिया परिवार के सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों ने आगे कहा कि सटोरियों के तार उपर तक प्रभावशाली लोगों से जुड़े हैं अतः वे दबाव बनवाकर पुलिस डायरी में नाम तब्दील करवाने के प्रयास में जुट गए हैं। सूत्रों की मानें तो जप्त मोबाईल में कोडवर्ड में लगभग पांच सौ लोगों के मोबाईल नंबर भी सेव कर रखे गए हैं।

अतिक्रमण का लगा सिवनी को रोग!

अतिक्रमण का लगा सिवनी को रोग!

(शरद खरे)

सिवनी जिले में अतिक्रमण हर तरफ जोर शोर से फैल रहा है। संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि मौन ही रहकर सब देख सुन रहे हैं। सिवनी शहर के चारों ओर कैंसर के मानिंद, अतिक्रमण पसर चुका है, जिसकी परवाह किसी को नहीं है। शहर की सीमाओं पर चेचक के मानिंद पसरा अतिक्रमण वाकई दुखदायी साबित होता जा रहा है।
महाकालेश्वर टेकरी, जनता नगर, झिरिया, हड्डी गोदाम, डूंडा सिवनी, लूघरवाड़ा आदि क्षेत्रों में जिसका मन जहां चाहा वहां उसने अपना आशियाना या दुकान बना ली। धीरे धीरे ये अतिक्रमणकारी इसे अपनी निजी संपत्ति समझने लगते हैं। एक समय के बाद इन्हें विस्थापित करने में जिला प्रशासन की पेशानी पर पसीने की बूंदे छलक जाती हैं।
सिवनी शहर के अंदर भी अतिक्रमण का यही आलम है। दुकानदारों ने सड़कों को सकरा कर दिया है। नगर पालिका परिषद के कार्यालय के सामने ही अतिक्रमण का बुरा हाल है। सालों से सरकारी कार्यालयों के आसपास केंटीन के लिए निर्धारित स्थान ना होने के चलते चाय पान की गुमटियां भी वर्षों से यहां लग रही हैं।
युवा एवं उत्साही जिला कलेक्टर भरत यादव ने सिवनी शहर को अतिक्रमण से मुक्त करवाने का प्रयास किया था, पर उनकी मुहिम को बीच में ही अपरिहार्य कारणों से रोकना पड़ा है। अब एक बार फिर शहर की सड़कें अतिक्रमण से पट गई हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुए बिना नहीं है।
1991 - 92 में तत्कालीन स्थानीय शासन मंत्री बाबू लाल गौर द्वारा प्रदेश में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था। उस समय भोपाल की सड़कें देखने लायक हुआ करती थीं। भोपाल सहित प्रदेश भर में सड़कों के हाल इस कदर बेहतर हो गए थे कि लोगों ने दिल से बाबू लाल गौर को धन्यवाद दिया था।
उस समय सिवनी के तत्कालीन जिला कलेक्टर पुखराज मारू ने सिवनी में डोजर, बुलडोजर का उपयोग कर अतिक्रमण को ढहाया था। उसके बाद सिवनी में सड़कें कुछ हद तक चलने लायक हो पाई थी। शहर की जीवन रेखा जीएन रोड़ भी उस समय काफी साफ सुथरी दिखाई पड़ती थी।
उसके पहले नेहरू रोड़ पर व्यापारियों द्वारा सड़कों पर सामान फैलाए जाने की शिकायतें आम हुआ करती थी। उस दौर में कोतवाली के पास एक बड़ा वाहन होता था। कोतवाली का यह डग्गा जब नेहरू रोड़ पर निकलता तो व्यापारी ना केवल अपना सामान अंदर कर लिया करते थे, वरन् साईकिलों के उस दौर में साईकिल तक दुकानों के अंदर हो जाया करती थीं।
शनैः शनैः प्रशासन के ढीले रवैए के चलते जिला मुख्यालय में अतिक्रमण एक बार फिर सुरसा की तरह मुंह उठाने लगा। शहर में अनेक बैंक ऐसे हैं जिनके पास पार्किंग का अभाव है। किराए के भवनों में लग रहे इन बैंक के सामने वहां आने वालों की भीड़ लगी होती है जिसके चलते आवागमन बाधित हुए बिना नहीं रहता है।
बड़े जैन मंदिर के बाजू में महाराष्ट्र बैंक के सामने तो सड़क पर खड़े वाहनों के चलते आवागमन दिन में कई बार अवरूद्ध होता है, इसके अलावा कचहरी चौक पर स्टेट बैंक की शाखा के सामने भी यही आलम रहता है। मजे की बात तो यह है कि अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क पर अतिक्रमण कर साईकल स्टेंड बना दिया गया है जिससे कलेक्टोरेट, सिंधी कालोनी और कचहरी जाने आने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
गांधी भवन से पोस्ट आफिस तक के हिस्से में सड़कों पर ही वाहन सुधारने का काम धड़ल्ले से होता है। वहीं गांधी भवन से गणेश चौक तक के मार्ग में सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री, टेंकर, ट्रेक्टर, डंपर आदि की भीड़ से आवागमन बाधित हुए बिना नहीं रहता है।
बारापत्थर क्षेत्र में भी भारी वाहन, डंपर, दस चका से बड़े वाहनों की रेलमपेल भी दुर्घटनाओं को न्योता देती नजर आती है। पता नहीं कैसे शहर के नाकों पर यातायात पुलिस के कारिंदे होने के बाद भी ये वाहन शहर के अंदर नो एंट्री वाले समय में कैसे घुस आते हैं?
शहर में ना जाने कितने बस स्टेंड बन चुके हैं। मुख्य बस स्टेंड़, प्राईवेट बस स्टेंड, बरघाट नाका, कचहरी चौक, मिशन स्कूल के सामने, गणेश चौक सर्किट हाउस,, छिंदवाड़ा चौक, शंकर मढ़िया ना जाने कहां कहां निजी वाहन रोक रोककर सवारी भरते नजर आते हैं। पर इन्हें देखने की फुर्सत यातायात पुलिस के पास शायद नहीं है।
शहर में जहां देखों वहां यात्री बस खड़ी दिखाई दे जाती है। ज्यारत नाके के पास, पोस्ट आफिस से भैरोगंज पहुंच मार्ग, दलसागर तालाब के मुहाने से हनुमान मंदिर होकर भैरोगंज पहुंच मार्ग आदि स्थानों पर यात्री बस, डम्पर, निजी वाहन यातायात को प्रभावित करते नजर आते हैं।
जिला प्रशासन से अपेक्षा है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने की गई प्रभावी पहल को पुनः आरंभ किया जाए, एवं शहर भर में बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाहनों को रोकने के लिए यातायात पुलिस को निर्देश दिए जाएं। साथ ही साथ शहर में प्रवेश के समस्त स्थानों पर तैनात पुलिस या नगर सेना के नुमाईंदों को स्पष्ट तौर पर ताकीद किया जाए कि नो एंट्री वाले समय में शहर में प्रतिबंधित वाहनों का प्रवेश रोका जाए।

मंगलवार, 25 जून 2013

गोह की जमीन पर पसरा अतिक्रमण: सरपंच मौन!

गोह की जमीन पर पसरा अतिक्रमण: सरपंच मौन!

(गोपाल शर्मा)

सिवनी (साई)। नगरीय सीमा से लगे लूघरवाड़ा क्षेत्र में नदी किनारे आवागमन जिसे गोह का क्षेत्र कहा जाता है की जमीन पर बाहरी लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर आशियाने बना लिए गए हैं पर इस संबंध में लूघरवाड़ा ग्राम पंयायत पूरी तरह मौन ही साधे हुए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लूघरवाड़ा में सैंट फ्रांसिस ऑफ असिसी स्कूल से पहले पड़ने वाले नाले के गोह की जमीन पर बाहर से आए लोगों ने अतिक्रमण कर मकान बना लिए गए हैं। इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ग्राम पंचायत लूघरवाड़ा द्वारा कोई कार्यवाही ना किया जाना भी आश्चर्य का विषय ही माना जा रहा है।
वहीं, ग्राम पंचायत के सूत्रों का कहना है कि अतिक्रमण के मामले में पंचायत के कुछ पदाधिकारियों ने लोगों को परोक्ष तौर पर शह प्रदान की गई है। बताया जाता है कि इन अतिक्रमण कारियों को अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने तक की अनुशंसा ग्राम पंचायत द्वारा कर दी गई है।

चर्चा तो यहां तक है कि गोह के क्षेत्र में पसरे इस अतिक्रमण में अतिक्रमण कारियों और ग्राम पंचायत के बीच लंबा लेनदेन भी हुआ बताया जाता है। जिला प्रशासन से जनापेक्षा है कि लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत में अतिक्रमण कारियों को अन्यत्र विस्थापित कर ग्राम पंचायत को निर्देश दिए जाएं ताकि भविष्य में यहां अतिक्रमण ना हो सके।

दिनदहाड़े हुई बारापत्थर में चोरी!

दिनदहाड़े हुई बारापत्थर में चोरी!

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। बारापत्थर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में एमपीईबी आफिस के सामने आज अपरान्ह दिन दहाड़े चोरों ने ताला तोड़कर एक सूने घर में हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग में पदस्थ बाल आरक्षक काकुल ठाकुर के निवास आज अपरान्ह महज पंद्रह मिनिट के लिए ही खाली रहा, और इतनी ही देर में चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में अलमारी से साढ़े सात हजार और कुछ सोने चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर लिया।
शिक्षा विभाग में कार्यरत रहे भोला ठाकुर की बेटी इस मकान में निवास करती हैं। श्री ठाकुर ने बताया कि वे आज कुछ काम से बाहर गईं थीं। दोपहर में उनकी नातिन भी पड़ोस में ही निवासरत उनके निवास पर गईं। महज पंद्रह मिनिट में ही चोरों ने अपना करतब दिखाते हुए मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर एक अलमारी में रखे लगभग साढ़े सात हजार रूपयों तथा कुछ जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
क्षेत्र के निवासियों ने इस चोरी पर आश्चर्य व्यक्त किया है, क्योंकि जिस स्थान पर चोरी हुई है उसके ठीक सामने एमपीईबी शहर का कार्यालय है। चूंकि बिजली का बिल अदा करने की अंतिम तिथि 25 जून है अतः इस कार्यालय में बिजली का बिल अदा करने वालों की लंबी लाईन लगी हुई थी।

उधर, बताया जाता है कि चोरों द्वारा मुख्य द्वार का ताला तोड़कर सीधे अंदर बेडरूम में प्रवेश कर अलमारी खोलकर उसमें रखे पैसे और कुछ जेवर निकाल लिए। मुख्य द्वार पर ताला तोड़ने के लिए की गई मशक्कत साफ दिखाई दे रही है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला का कहना है कि वे जल्द ही इस मामले में कार्यवाही के निर्देश दे रहे हैं।

संगठन जर्जर: विधानसभा की सुध लेंगे राहुल के दूत!

संगठन जर्जर: विधानसभा की सुध लेंगे राहुल के दूत!

लोचनदास के आगमन से बढ़ी कांग्रेस के धड़ों की सक्रियता!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। राहुल गांधी के दूत और असम के विधायक पल्लव लोचनदास के सिवनी आगमन के पूर्व ही कांग्रेस के विभिन्न धड़ों में सक्रियता तेजी से बढ़ती दिख रही है। कांग्रेस में संगठनात्मक जर्जरता किसी से छिपी नहीं है इस संगठन के बूते कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर विधानसभा में फतह का दिवास्वप्न देखकर लौट जाएंगे।
ज्ञातव्य है कि सिवनी जिले में कांग्रेस का संगठन सालों से पूरी तरह आक्सीजन पर ही है। इसी का परिणाम है कि सिवनी जिले की पहले पांच में से चार विधानसभा सीटों के साथ ही साथ लोकसभा सीट भी कांग्रेस की झोली से बाहर हो गई। परिसीमन और पुर्नआरक्षण के उपरांत कांग्रेस की चार में से तीन सीटें भाजपा के पास ही रहीं।
सिवनी बालाघाट लोकसभा क्षेत्र जिसमें जिला मुख्यालय वाली सिवनी विधानसभा भी आती है, कांग्रेस के हाथ से पहले की तरह ही फिसलती रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार है, सिवनी में तीन विधायक कांग्रेस के हैं, बावजूद इसके कांग्रेस द्वारा स्थानीय स्तर पर विधायकों को घेरने में सदा ही असफल साबित हुए हैं।
कांग्रेस के एक नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से कहा कि सिवनी में कांग्रेस के जर्जर संगठन के भरोसे राहुल गांधी के दूत आखिर सिवनी की चारों विधानसभाओं में कार्यकर्ताओं से क्या रायशुमारी करने आ रहे हैं? कार्यकर्ता क्या बताएगा? असम के विधायक को सिवनी जिले की भौगोलिक स्थिति, भाषा, परंपरा, परिपाटी आदि का शायद ही पता हो?
उक्त नेता ने कहा कि कांग्रेस में टिकिटों का वितरण क्षत्रपों द्वारा किया जाता रहा है फिर यह रायशुमारी की नौटंकी आखिर क्यों करवाई जा रही है? उक्त नेता का कहना था कि क्या राहुल के दूत सिवनी में कार्यकर्ताओं से इस बात के बारे में जानकारी हासिल करेंगे कि क्या कारण था कि सिवनी की चार में से तीन विधानसभाओं में कांग्रेस लगातार हारती आई है!
गौरतलब है कि नब्बे के दशक के आरंभ तक सिवनी में कांग्रेस की तूती बोला करती थी। उस समय कांग्रेस को दिशा देने का काम पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की आयरन लेडी विमला वर्मा के पास हुआ करता था। इसके उपरांत जबसे उन्होंने सक्रिय राजनीति से किनारा किया कांग्रेस तेजी से रसातल में जाती चली गई।

लगभग दस सालों से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, इन दस सालों में कांग्रेस ने दमदार विपक्ष की भूमिका सिवनी जिले में नहीं निभाई जा सकी है। जब भी भाजपा के विधायक, सांसद को घेरने की बारी आती है, कांग्रेस एक कदम आगे दो कदम पीछे की अघोषित रणनीति पर चलती दिखाई दे जाती है।

बाहरी लोगों का चरित्र सत्यापन

बाहरी लोगों का चरित्र सत्यापन

(शरद खरे)

जिलाधिकारी भरत यादव और जिला पुलिस अधीक्षक लगातार इस बात को दुहरा रहे हैं कि बाहर से आकर रहने वालों और बाहरी काम करने वाले लोगों का चरित्र सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। यह बात उस समय से जोर शोर से उठ रही है जबसे घंसौर की गुड़िया के साथ दुष्कर्म के उपरांत उसकी मौत का मामला सामने आया था।
विभागीय, समयसीमा, एवं अन्य बैठकों में दोनों ही वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बाहर के लोगों के चरित्र सत्यापन की बात पुरजोर तरीके से की जा रही है। इसमें ठेकेदारों के पास काम करने वालों के साथ ही साथ किराए से मकान लेकर रहने वालों के चरित्र सत्यापन की बात सामने आ रही है।
विडम्बना ही कही जाएगी कि जिला मुख्यालय में ही अब तक किराएदारी, मुसाफिरी आदि जैसी बातों के लिए ना तो पुलिस ने कोई फार्मेट ही तय किया है और ना ही इसके बारे में वह संजीदा ही नजर आ रही है। माना कि पुलिस के पास कानून और व्यवस्था के साथ ही साथ व्हीव्हीआईपी मूवमेंट का जबर्दस्त दबाव है।
सिवनी में कांग्रेस और भाजपा की छद्म लड़ाई के चलते कांग्रेस और भाजपा के आला नेताओं के सिवनी आगमन पर उनका विरोध और उन्हें काले झंडे दिखाने की होड़ सी मची हुई है, जो पुलिस के लिए खासा सरदर्द बन चुकी है। पुलिस के पास पर्याप्त अमला नहीं है, इस बात से इंकार नही किया जा सकता है। इन परिस्थितियों में किराएदारी या मुसाफिरी की ओर ध्यान दिया जाना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है।
पिछले दिनों जिला सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक में लखनादौन विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के प्रतिनिधि प्रदीप पटेल ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों, शराब व्यवसाईयों के पास कार्यरत कर्मियों के साथ ही साथ सड़कों के किनारे बैठकर पंचर सुधारने वाले कर्मियों के चरित्र सत्यापन की मांग की गई।
प्रदीप पटेल की इस मांग का स्वागत किया जाना चाहिए। इस बैठक में अन्य सदस्य तेई सिंह उईके एवं बिसन सिंह परतेती ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि केवलारी, घंसौर, धनोरा, लखनादौन, छपारा आदि क्षेत्रों में शराब वाहनों में रखकर बेची जा रही है।
देखा जाए तो इन प्रतिनिधियों की बात में दम नजर आता है। वस्तुतः शराब को ठेके पर से ही बेचा जाना चाहिए, पर ठेकेदार के आदमी गांव गांव फेरीवालों की तरह शराब बेच रहे हैं। यह शराब वाणिज्यिक कर अदा की हुई है या अवैध, कोई नहीं जानता है। पिछले दिनों लखनादौन क्षेत्र में गोवा एवं दमन से आई, कर मुक्त शराब बिकने की खबरें भी आई थीं।
इस तरह कर मुक्त शराब बेचकर ठेकेदार शासन को सीधे सीधे चपत तो लगा ही रहे हैं, इसके अलावा ठेकेदारों द्वारा आबकारी महकमा जिसका काम अवैध शराब पकड़ना है के साथ सांठगांठ करने के दो नंबर की अवैध, नकली शराब को भी बेचा जा रहा है जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस कार्य में स्थानीय लोगों की संलिप्तता कम ही है। इसमें ज्यादा से ज्यादा तादाद में बाहर से आए गुंडानुमा तत्व ही सक्रिय नजर आ रहे हैं। सिवनी शहर में ही मिशन स्कूल के पीछे एक गली में देशी शराब खुले आम बिकती नजर आती है। शराब के आदियों की मानें तो ‘पेकर्स‘ के जरिए यह शराब ठेके से कम कीमत पर यहां बेची जाती है।
पिछले दिनों जिले भर में अबोध बच्चों के साथ दुराचार की खबरें तेजी से बढ़ी हैं। घंसौर में जिस फिरोज द्वारा गुड़िया के साथ दुराचार किया था वह मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड का वेल्डर था और बिहार का रहने वाला था। इस संबंध में घंसौर पुलिस ने ही कहा था कि फिरोज का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं हुआ था। इन परिस्थितियों में पुलिस ने मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के खिलाफ कोई कदम शायद ही उठाया हो।
जिले भर में प्रदेश और केंद्र सरकार पोषित निर्माण कार्यों की बड़ी तादाद है। इन कार्यों को करने के लिए देश भर से मजदूर और अन्य विशेषज्ञों ने सिवनी में डेरा डाला हुआ है। किसके मन में क्या है यह जानना बहुत मुश्किल है। कोई भी कहीं भी वारदात करके भाग सकता है। इसीलिए पहले के समय में बाहर से आने वाले की मुसाफिरी दर्ज करवाई जाती थी।
सिवनी जिला अतिसंवेदनशील जिलों की फेहरिस्त में है। सिवनी में पिछले दिनों बड़ी मात्रा में बम गोले और असलहा बरामद हुआ था। इस लिहाज से सिवनी के लॉज होटलों की सतत निगरानी भी आवश्यक है। आज यह काम होता है पर महज रस्म अदायगी के लिए।
सिवनी में दुपहिया और चौपहिया वाहनों की तादाद तेजी से बढ़ी है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसी के मद्देनजर जिले भर में सड़कों के किनारे टायर के पंचर बनाने वालों की भी तादाद बढ़ी है। ये कहां से आए हैं?, इनका मूल नाम पता क्या है? अगर ये कोई वारदात करके फरार होते हैं तो इन्हें कहां ढूंढा जाएगा?
यह तो राहत की ही बात मानी जा सकती है कि कम से कम सालों बाद, जिले के दो प्रमुख अधिकारी किराएदारी, बाहर से आए लोगों के चरित्र सत्यापन और मुसाफिरी के मामले में संजीदा दिख रहे हैं। सिवनी में कौन आता है कौन चला जाता है यह बात किसी को पता नहीं होती है। भागमभाग में आज लोग भी अपने आस पड़ोस में कौन आया कौन गया से ज्यादा मतलब नहीं रख रहे हैं।
इन परिस्थितियों में सिवनी अपराधियों के लिए शरण स्थली बन जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। पहले भी दक्षिण भारत से आए एक अपराधी ने अभिषेक कालोनी में निवास किया और अपना राशन कार्ड तक बनवा लिया था। इसके बाद बुधवारी में दरोगा मोहल्ला में बारूद फटने से एक व्यक्ति के चीथड़े उड़े, और एकता कालोनी में एक संदिग्ध आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा था।

जिले के मुखिया अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे चरित्र सत्यापन के मामले में अधीनस्थों को टाईम फ्रेम में बांधकर काम करने के लिए ताकीद करें, ताकि जिले का अमन चैन कायम रह सके।

सोमवार, 24 जून 2013

आपदा में फंसे लोगों के लिये करें प्रार्थना- नरेंद्र ठाकुर

आपदा में फंसे लोगों के लिये करें प्रार्थना- नरेंद्र ठाकुर

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए लोगों के लिये प्रार्थना जगह- जगह हो रही है। इसी के चलते आज लक्ष्मीनारायण मंदिर में शाम साढ़े चार बजे कथा का आयोजन हुआ। कथा के पश्चात यज्ञ व शाम के समय गरीबों को भोजन के भोजन की व्यवस्था रखी गई। उक्ताशय की जानकारी मंदिर समिति के नरेंद्र ठाकुर ने देते हुए सभी से प्रार्थना करने की अपील की है।

श्री ठाकुर ने बताया कि आज बस स्टेंड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में सत्यनारायण भगवान की कथा, विष्णु सहस्त्रार्चन, हवन आदि संपन्न कराया जाकर लक्ष्मीनारायण भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमं बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जानवरों की तरह भरकर आ रही थी भीड़

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जानवरों की तरह भरकर आ रही थी भीड़

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में जो भीड़ उमड़ी थी, वह अपने आप आई भीड़ थी या फिर कहीं से लाई गई भीड़? यह प्रश्र इसलिए भी उठ रहे हैं कि क्योंकि गत दिवस धूमा परिक्षेत्र के अधीन आने वाले वनविकास समिति के कुछ लोगों को वनविभाग के अफसरों ने जानवरों की तरह पिकअप वाहन क्रं. एमपी 29 जीए 3626 में भरकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने सिवनी पहुंचाया, जिसमें लगभग 30 से 35 लोग शामिल थे, लेकिन जैसे ही यह वाहन बम्होड़ी के पास पहुंचा। वैसे ही उक्त वाहन पलटा, जिससे 16 लोग घायल हुये, जिनमें से 03 गंभीर घायल हो गये, जिन्हें सिवनी रेफर किया गया।

इस संबंध में जब वनविकास समिति जालौन के अध्यक्ष महेश उइके से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वनविभाग के अफसरों ने उन्हें सिवनी पहुंचने के निर्देश दिये। ऐसे में यह तो स्पष्ट है कि धूमा वनपरिक्षेत्र के अधिकारी सहित अन्य परिक्षेत्र के अधिकारियों ने वनविकास समिति के ज्यादा से ज्यादा लोगों को सिवनी पहुंचाने की व्यवस्था की ताकि उनके शीर्ष अधिकारी शाबाशी दे और इसी शाबाशी के चक्कर में धूमा के वनपरिक्षेत्र अधिकारी ने जानवरों की तरह भरकर लोगों को सिवनी पहुंचाने की व्यवस्था की। सवाल यह भी उठता है कि आखिर वनविभाग अमले ने किस आदेश के तहत वनविकास समिति के लोगों को सिवनी पहुंचाने की व्यवस्था की।

अनुज्ञा नियम को धत्ता बताती खवासा चैक पोस्ट

अनुज्ञा नियम को धत्ता बताती खवासा चैक पोस्ट

(ब्यूरो कार्यालय)

खवासा (साई)। नागपुर से जबलपुर, म.प्र. से महाराष्ट्र और कन्याकुमारी से कश्मीर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 7 पर, सिवनी जिले के खवासा स्थित कृषि उपज मंडी चैकपोस्ट इन दिनों खासी चर्चा मंे है। बताया जाता है कि यहां अपनी नियुक्ति करवाने के लिये दूर-दूर से मंत्री और अन्य रसूखदार, अपनी पूरी ताकत लगाकर अपने सगे संबंधियों को फिट करते हैं। और इसके एवज मंे मोटी रकम का लेनदेन होता है।
उक्त कृषि उपज मंडी चैकपोस्ट में न तो कोई आधुनिक उपकरण नजर आता है न ही कोई ईमानदार शासकीय कर्मी । यहां से प्रतिदिन कई सौ ट्रक हमारे प्रदेश का अनाज महाराष्ट्र की मंडी मंे पार हो जाता है। और शासकीय अमला उनसे अनुज्ञा तक नहीं पूछता बल्कि ये अल्प शिक्षित ट्रक ड्रायवर भी इस चैकपोस्ट से पार होने की कीमत जानते हैं। बताया यह भी जाता है कि सिवनी के व्यापारियों का सीधा सामंजस्य सहायक निरीक्षक से है, और वे इसका मासिक लेनदेन करते हैं। प्रदेश शासन को प्रतिदिन हजारों,लाखों का चूना लगाकर ये अधिकारी अपना घर भरने मंे लगे हुए हैं।
उक्त चैकपोस्ट के ही कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त में बताया है कि यह कार्य हमारे हाथ में नही है बल्कि सिवनी में ही पदस्थ बडे अधिकारियों के इशारे पर हो रहा है। बिना अनुज्ञा के ट्रक म.प्र. से महाराष्ट्र की ओर इन्ही अधिकारियों की सहमति से भेजे जाते हैं।

जब उक्त घटनाक्रम की सत्यता जानने का प्रयास किया गया तो सभी चैकपोस्ट कर्मचारी संपर्क क्षेत्र से बाहर थे। इतना ही नही नियुक्तियों मंे भी सारे नियमों को ताक में रखते हुए मंडी निरीक्षक प्रभुदयाल गेडाम को नियुक्त किया गया है। और इन्हें सहायक निरीक्षक का प्रभार भी नियम विरूद्ध तरीके से सौंपा गया है। उक्त निरीक्षक  के पद पर खासकर इतनी संवेदनशील चैकपोस्ट में एक सहायक निरीक्षक की तैनाती भी दाल में कुछ काला होने का संकेत देती है। इस प्रश्न का जवाब भी सिवनी में पदस्थ मंडी सचिव ही दे सकते हैं।

उत्तराखण्ड पीड़ितों के लिए आगे आया संघ

उत्तराखण्ड पीड़ितों के लिए आगे आया संघ

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। उत्तराखण्ड में आई प्राकृतिक आपदा से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी द्रवित है। आज संघ के स्वयंसेवकों ने शाखा वेश में उत्तराखण्ड के पीड़ितों के राशि का एकत्रीकरण किया गया। आज दिन में बारिश की परवाह किए बिना संघ के कर्मठ स्वयंसेवकों ने शहर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जाकर राहत राशि का संकलन किया गया।
उत्तराखण्ड की त्रासदी के उपरांत वहां पीड़ित परिवारों एवं आहतों के लिए राहत राशि के लिए संघ के स्वयंसेवक सड़कों पर उतरे। शहर में आज 40 तरूण और 10 बाल स्वयंसेवकों द्वारा शहर से 65 हजार 825 रूपए की राहत राशि संकलित की गई।
शहर के सभी क्षेत्रों से सभी वर्गों के स्वयंसेवकों ने अपनी व्यक्तिगत रूचि दिखाकर पीड़ितों के लिए लोगों से सड़कों पर उतरकर मदद मांगी। आज शाम तक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा 65 हजार 825 रूपए की राशि संकलित की गई।
इस कार्यक्रम आ आरंभ गांधी चौक स्थित श्रीराम मंदिर से किया गया। आज दिन में अपरान्ह डेढ़ बजे से रात्रि साढ़े सात तक संकलन का कार्य किया गया। स्वयंसेवक आज श्रीराम मंदिर से बुधवारी होते हुए नगर पालिका, छिंदवाड़ा चौक, फिर मठ, शुक्रवारी, गणेश चौक होते हुए बाहुबली चौक पहुंचे, जहां इसका समापन किया गया।
सिवनी शहर में संघ का यह अभिनव कार्यक्रम सोमवार और मंगलवार को जारी रहेगा, साथ ही साथ संघ सिवनी जिले की प्रत्येक तहसीलों में भी जारी रहेगा। मंगलवार और बुधवार को शहर के प्रत्येक वार्ड के प्रत्येेक घर में जाकर संघ के कार्यकर्ता लोगों से मदद का आव्हान करेंगे, एवं संघ ने अपेक्षा की है कि शहर के लोग अधिक से अधिक संख्या में इस काम में सहयोग करें।
इस राशि को उत्तराखण्ड के पीड़ित एवं जिनके घरबार उक्त आपदा से प्रभावित हुए हैं उनके पुर्नवास हेतु उत्तराखण्ड भेजी जाएगी। इस हेतु दानदाता अधिवक्ता राजेंद्र सिंह सियोदिया 9425847274, शिक्षक हेमराज सनोडिया 9300033133, यूक्लिड क्लासेस के संचालक प्रवीण मिश्रा 9425446202, अग्रवाल मेडीकोज के संचालक रवि अग्रवाल 9425175152, अनुराग हाण्डा के संचालक अखिलेश चौहान 9425962300, सृष्टि इंजीनियरर्स के संचालक ब्रजेश गौतम 9424966095 से संपर्क कर सकते हैं।

स्वयंसेवकों ने बताया कि संग्रहित राशि को उत्तरांचल देवीय आपदा पीड़ित सहायकता समिति राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को भेजा जाएगा।

क्रिकेट सट्टे के साए में सिवनी जिला!

क्रिकेट सट्टे के साए में सिवनी जिला!

(शरद खरे)

कुरई क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से बनाए गए रिसोर्ट में पुलिस ने एक बार फिर सटोरियों को घेरने की नाकाम कोशिश की है। इस बार पुनः पेंच के जंगल होम रिसोर्ट में क्रिकेट का सट्टा खिलवाने वालों को पकड़ना चाहा पर वे भाग खड़े हुए।
इसके पहले सिवनी जिले में आईपीएल के दौरान पुलिस ने दो बार सटोरियों को पकड़ने में सफलता हासिल की थी। पुलिस निस्संदेह बधाई की पात्र है कि सिवनी में इस तरह की गतिविधियों पर कम से कम अंकुश लगाने की कार्यवाही तो की गई। सालों से सटोरियों को पकड़ने की कार्यवाही जारी है पर पुलिस के हाथ छुटभैया सटोरिए ही लगते आए हैं। इनके सरपरस्त कौन है यह बात सभी जानते हैं पर उन पर हाथ डालने से पता नहीं क्यों पुलिस हिचकती आई है।
इक्कीसवीं सदी के आरंभ से ही क्रिकेट के सट्टे का दौर जारी हुआ। सिवनी में ना जाने कितने परिवार इस सट्टे के चलते बिखर चुके हैं। पांच से दस परसेंट महीना की दर पर आज भी बाजार में निजी दबंग लोगों द्वारा, ब्याज पर पैसे देने का काम बदस्तूर जारी है। पिछले दिनों जब तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रमन सिंह सिकरवार ने इसके खिलाफ अभियान चलाया था, तब पुलिस को सटोरियों के पास से हस्ताक्षरित चैक बुक और एटीएम कार्ड भारी मात्रा में मिले थे। कहा जा रहा था कि सरकारी कर्मचारियों को एक तारीख को ये सटोरिए और अवैध रूप से ब्याज का धंधा करने वाले अपना ब्याज का पैसा काटकर वेतन का भुगतान करते थे।
आज सिवनी में करोड़ों रूपयों की सट्टे की लगवाड़ी की खबर है। मिथलेश शुक्ला के पुलिस अधीक्षक पद संभालने के उपरांत दो बड़ी सफलताएं पुलिस के हाथ लगी हैं। एक पेंच नेशनल पार्क में तो दूसरा चलित कार में पकड़ाया है। पुलिस ने इन्हें किस आधार पर पकड़ा, यह तो वह ही जाने पर पुलिस का लचर हो चुका मुखबिर तंत्र एक बार फिर अपने आप को खड़ा करने के प्रयास में नजर आ रहा है, इसके लिए मिथलेश शुक्ला बधाई के पात्र हैं।
पुलिस ने दोनों ही बार कुछ मोबाईल और अन्य यंत्र भी बरामद किए हैं। इन मोबाईल की डिटेल भी जाहिर है अब तक निकलवाई जा चुकी होगी। इन मोबाईल को किसने किसके नाम की आईडी और फोटो के साथ जमा किया है यह बात भी पुलिस के पास आ चुकी होगी, फिर देर किस बात की। पुलिस को उन लोगों की कालर पकड़ ही लेना चाहिए। बीएसएनएल में एक व्यक्ति नौ सिम तक जारी करवा सकता है।
जरायमपेशा लोगों ने अपने इस धंधे के लिए किन लोगों को आधार बनाया है, इस बारे में पुलिस को अपना शिकंजा कसना होगा। इन मोबाईल पर किन किन लोगों ने फोन कर पैसा लगाया है, यह बात भी पुलिस को देखना ही होगा। जिन्होंने इन नंबर्स पर फोन लगाया है उन्हें पकड़कर उनसे भी कड़ी पूछताछ की आवश्यक्ता है। पुलिस के पास बल की कमी है, यह बात भी आईने की तरह ही साफ है। पुलिस को सीमित संसाधनों में ही काम करना है, यह भी सही बात है।
इस बार आरोपी तो फरार हो गए किन्तु कुछ मोबाईल मिले हैं। पता नहीं क्यों पुलिस इन मोबाईल की सिम के जरिए, किन्होंने इसे जारी करवाया है तक नहीं पहुंच पा रही है। यह पुलिस के लिए बाएं हाथ का खेल है। आज के समय जब सिम की खरीदी के नियम कड़े हैं, तब सिम फर्जी नाम से खरीदा जाना संभव नहीं है। पिछले दो बार के छापों में भी पुलिस को भारी मात्रा में मोबाईल फोन मिले थे, उनके बारे में तो पुलिस ने अब तक पता कर ही लिया होगा। उनके आउट गोईंग और इनकमिंग काल्स का पता करना बड़ी बात नहीं है।
विडम्बना ही कही जाएगी कि अब तक इस संबंध में पुलिस की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई है, और अगर बढ़ी भी है तो इस संबंध में मीडिया को पुलिस ने भरोसे में नहीं लिया है। हो सकता है कि इसमें हाई प्रोफाईल या व्हाईट कालर लोगों के सीधे या परोक्ष कनेक्शन हों, इसलिए भी पुलिस कोई कार्यवाही से हिचक रही हो। वरना, पुलिस चाहे तो एक मिनिट में सिम के सेवा प्रदाता से यह पता कर सकती है कि वह सिम किसके नाम पर जारी हुई है।
पुलिस को चाहिए कि तीनों ही वारदातों में जप्त सारे मोबाईल और अन्य फोन की आउट गोइंग अवश्य ही चेक करवाए, क्योंकि ये छोटे धंधेबाज हैं जो पकड़े गए हैं। असल कारिंदे तो कहीं और बैठे अपने आप को व्हाईट कालर जता रहे हैं। इस संभावना में भी दम है कि अब तक कुल पचास लाख रूपए की लगवाड़ी को पचाने में पकड़े गए आरोपी सक्षम नहीं हैं। निश्चित तौर पर यह लगवाड़ी आगे सट्टे की भाषा में ‘पाना‘ बनाकर उतार दी जाती होगी।
पुलिस अगर आउट गोईंग काल्स के बारे में पता करके उन नंबरों की सिम किसने, किसके नाम जारी करवाई इस दिशा में प्रयास करे तो पुलिस के हाथ अप्रत्याशित सफलता लगे, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिन नंबर्स से इन मोबाईल पर काल आई है उनके भी काल डिटेल अगर निकलवाएं जाएं और उन नंबर्स से लगातार किन नंबर्स पर काल की जा रही है, इसकी मानिटरिंग भी की जाए तो अन्य सटोरियों की कालर भी पुलिस की पकड़ में होगी।
पुलिस को इसके लिए कड़ी मेहनत करना होगा, साथ ही अपने विभाग के ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ अफसरों और कर्मचारियों को इस काम में लगाना होगा, क्योंकि पुलिस की छवि अब भ्रष्ट और लोगों को बचाने वाली बन चुकी है। सिवनी में जंगलों में जुंआ खिलाए जाने की खबरें जब तब आती रहती हैं, आए दिन अपराध घटित हो रहे हैं।

इस सबसे निपटने और आम जनता को राहत देने के लिए पुलिस को अपना सूचना तंत्र दुरूस्त करने के साथ ही साथ विकसित भी करना होगा। पुलिस को मुखबिर तंत्र को भी चाक चौबंद बनाना होगा। पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली से आम जनता राहत महसूस कर रही है इस बात में संदेह नहीं, फिर भी पुलिस के मुखिया को अधीनस्थ स्टाफ को पूरी तरह नियंत्रण में ही रखना आवश्यक है।