शुक्रवार, 5 जुलाई 2013

कालोनी के नाम पर उड़ रहा छपारा में मजाक!

कालोनी के नाम पर उड़ रहा छपारा में मजाक!

नियम कायदों की परवाह नहीं है किसी भी कालोनाईजर को

(गजेंद्र ठाकुर)

सिवनी (साई)। छपारा मे अवैध कॉलोनियों का मकडजाल जमकर फैला हुआ है। आम लोगों को कॉलोनाइजर, विकास कराने का आश्वासन दे प्लाट बेच रहे हैं। वर्तमान मे स्थिति यह है कि जिन लोगों ने पूर्व मे प्लाट खरीदकर मकान बनवा लिया है वे अब मूलभूत सुविधाओं बिजली, पानी व सडक के लिये तरस रहे है।
तीस हजार से अधिक आबादी वाले छपारा नगर मे कालोनियों के विकास का दौर जबरदस्त चल रहा है। प्रतिस्पर्धा के चलते लोग सारे नियम कानून मापदंण्डों को भूलकर प्लाट खरीदने मे लगे हुये हैं। शहरी क्षेत्र से सम्पर्क व विकास की द्वष्टि से जो माहौल छपारा मे बना है, उसका फायदा कालोनाईजर उठाने मे पीछे नही है।
समय को देखते हुये नगर के बीचों बीच कृषि भूमि के प्लाटों की बिक्री जबरदस्त तरीके से की जा रही है, वही बिचौलिये भी अपना हुनर दिखाने मे पीछे नही हैं। देखा जाए तो अब छपारा मे बिकने वाले प्लाट व जमीनों की कीमतों मे भारी वृद्धि हुई है, वहीं कलोनाईजर विकास कराए बिना अपनी कालोनियांे के प्लाट बेच रहे है।

सुविधाओं का अभाव
शहरी क्षेत्रों की तरह कालोनियों के निर्माण से आशान्वित क्षेत्र के लोग उम्मीद लगा बैठे थे कि ऐसा ही कुछ माहौल यहा दिखाई देगा। कालोनी मे सब सूविधाएं होगी, लेकिन यहां कालोनाईजर मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराए बिना लोगों को प्लाट बेच रहे है।


नियम कायदे ताक पर प्रशासन चुप
छपारा नगर मे भूमि मालिकों ने कालोनियों के निर्माण को कराने की बजाय सारे नियमों को ताक पर रख, प्लांिटंग कर बेच डाला। जिस समय छपारा नगर कालोनी विकास की तरफ आगे बढ़ रहा था उस समय क्षेत्रीय तहसीलदार सहित ग्राम पंचायत के पदाधिकारीयों को सक्रियता दिखाते हुये बन रही अवैध कॉलोनियों पर शिंकजा कसना चाहिए था, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते छपारा नगर मे कालोनाईजर करोडों की जमीन बेचकर चुपचाप बैठे गये है।

कॉलोनीवासी हो रहे परेशान
कॉलोनियां जब भी बनती है तो पहले कॉलोनाइजर सडक, नाली, बिजली, पानी की सुविधाएं मुहैया कराता है तब कहीं जाकर अनुविभागीय अधिकारी प्लाट बेचने की अनुमति प्रदान करता है तथा स्थानीय निकाय उन आदेशों के अनुरूप, कॉलोनाईजर को अपनी सहमति देता है। नगर में तो ऐसा कुछ नही हुआ और प्लाट बेच दिये गये। अब कॉलोनीवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव मे परेशान नजर आ रहे है इस संबंध मे कई शिकायतें स्थानीय ग्राम पंचायत, राजस्व अधिकारी, जिला प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।

एक दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनी
देखा जाए तो छपारा नगर जहां विकास की ओर बढ रहा है वही लगभग 1 दर्जन अवैध कालोनियां अपना पैर पसार चुकी हैं। प्रमुख रूप से एन एच 7 से लगे क्षेत्र मे फरेश कालोनी, महाराणाप्रताप कालेानी, चौरसिया कालोनी, हनुमान कालोनी, जैसवाल कालोनी, अग्रवाल कालोनी, डाक्टर कालोनी, दुर्गाकालोनी, मातावार्ड कालोनी, संजय कालोनी, गोबिंद धाम कालोनी, के अलावा  अनेक कॉलोनियां ऐसी हैं जो कि अवैध है। कालोनाईजर या भूमि मालिक विकास का आश्वासन देकर लोगों को गुमराह कर प्लाट बनाकर जमीन बेच रहे है।

राजस्व विभाग की शिथिलता
नगर मे अवैध कॉलोनी का संचालन कर रहे कालोनाइजरों पर नकेल कसने मे राजस्व विभाग की शिथिलता और कालोनी निर्माण के लिये बनाये गये नियम कानूनों का कहां तक पालन हो रहा है यह तो छपारा नगर मे देखने को मिल सकता है जहां भीमगण रोड पर गांेबिद धाम नाम पर कृषि भूमि, बिना लायसेंस के धडल्ले से कलोनी हेेतु प्लाटिंग की जा रही है। बताया जाता है कि प्लाट विक्रेता राहुल गुप्ता सिवनी निवासी ने छपारा निवासी गोदावरी नायक से सवा तीन एकड़ कृषि भूमि खरीदी है। जहां कृषि भूमि मे प्लाटिंग की जा रही है। इस तरह उक्त कृषि भूमि को बिना अकृृषि भूमि मंे बदले अवैध कलोनी तैयार की जा रही है व कृषि भूमि में बिना डार्यवर्सन के प्लाट काटे जा रहे है

बरसात मेें बढी समस्यएं
विकास न होने से नगर की अनेक कॉलोनियां दुर्दशा का शिकार हैं। पहली ही बरसात मे लोग सड़क न होने से कीचड़ मे सफर कर रहे हैं। यहां चिकनी मिटटी होने से कीचड़ जबरदस्त हो जाता है। पैदल व वाहन चालक स्लिप होकर गिर रहे हैं।, पीने के पानी के लिये लोग इसी कीचड़ से होकर आना जाना कर रहे हैं। यदि और बारिश होती है तो कीचड़ और अधिक हो जायेगा, जहां अनेक बीमारियां गंदगी के कारण फैलने की संभावना भी दिखाई दे रही है।

मालामाल हुये भू-मालिक
अवैधानिक तरीके से कालोनाइजर व भू-मालिकों ने अपनी जमीन को, प्रत्येक मे 100 से अधिक प्लाट काटकर बेच चुके है। प्लाट खरीदने वालों को इस तरह से आश्वासन दिया जाता है कि प्लाट बिक जाने से आई राशि से विकासकार्य कराए जाएंगे लेकिन भू-मालिक प्लाट बेचकर करोडों कमाकर बैठ गये। अब किसान के लिए प्लाट खरीदने वाले राह देख रहे है कुछ प्लाट मालिक तो न्यायालय की शरण मे जाने की मंशा बना चुके है।

प्रशासन से अपील
अवैध कॉलोनियों के निर्माण व झूठे आश्वासन देने वाले भू-मालिकों के विरूद्ध छपारा वासियों ने सिवनी कलेक्टर सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र का निरीक्षण किया जाए। ताकि अवैध कॉलोनियों का खुलासा हो सके और नियमानुसार विकास के रास्ते सुनिश्चित हो सकें।

कथन
सभी प्राईवेट कॉलोनियों के दस्तावेज देखकर ही बता पायंेगे कि कौन सी कॉलोनी वैध है और कौन सी अवैध है। वैसे तो कॉलोनी से संबंधित सारे मामले पंचायत के अंतर्गत आते हैं। मै आर.आई. और पंचायत को सूचित कर मामला दिखवाता हूं।
करतार सिंह बघेल तहसीलदार छपारा

कुछ कालोनियों के पंचायत को हेंडओवर करने से संबंधित दस्तावेज पंचायत मे आ चुके हैं। कुछ कालोनी मालिकोे ने पंचायत की दस्तावेजी औपचारिकता पूर्ण नहीं की है लेकिन फिर भी पंचायत द्वारा कीचड़ वाली सडकों पर मुरम व डस्ट डालने के लिये प्रस्ताव पारित किया जा रहा है।
ललित शर्मा सचिव ग्राम पंचायत छपारा।

वार्ड की नाली की सफाई कभी भी नही होती बरसात मे नाली जाम हो गयी है जिससे घरो मे गंदा पानी प्रवेश कर रहा है और सडक मे कीचड़ होने से सभी वार्ड वासी परेशान है।
महमूद अली रहवासी संजय कालोनी वार्ड क्रं. 17

बटवारा न होने के कारण कालोनी पंचायत को हेेंडओवर नही हुई है, लेकिन पंचायत सभी रहवासीयों से मकान व नल टैक्स लेती है इसलिये पंचायत ही सडक की मरमम्मत करवायेगी।
प्रतुल सोनी कालोनाईजर डॉक्टर कालोनी

सडकों पर बेहद कीचड़ हो गयी है। रहवासियों को चलना दूभर हो गया है। कालोनाईजर और पंचायत दोनो ध्यान नही दे रहे है।

चेतराम डहेरिया रहवासी डॉक्टर कालोनी

केवलारी नहीं, बरगी से टिकिट चाह रहे हैं हुकुम

केवलारी नहीं, बरगी से टिकिट चाह रहे हैं हुकुम

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। घंसौर क्षेत्र के कद्दावर कांग्रेसी नेता और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कुंवर शक्ति सिंह जो अपने परिचितों के बीच हुकुम के नाम से मशहूर हैं, केवलारी से भले ही टिकिट की मांग कर रहे हों, पर उनकी नजर सिवनी नहीं जबलपुर जिले के बरगी विधानसभा पर टिकी हुई हैं।
कुंवर शक्ति सिंह के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि घंसौर क्षेत्र का बड़ा भाग बरगी विधानसभा क्षेत्र से लगा हुआ है। कुंवर शक्ति सिंह का क्षेत्र में बनने वाला देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के पावर प्लांट में खासा दबदबा है।
इस पावर प्लांट का अस्थाई मुख्यालय भी जबलपुर बना हुआ है। यहां कर्मचारी बरास्ता बरगी होकर ही रोजाना जबलपुर से घंसौर के बरेला में आना जाना करते हैं। इस पावर प्लांट में बरगी क्षेत्र के भी अनेक पेटी कांटेªक्टर कार्यरत हैं। इन्हीं समीकरणों के आधार पर कुंवर शक्ति सिंह द्वारा बरगी से चुनाव लड़ने का मन संभवतः बनाया गया है।
उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि केवलारी से वे दावेदारी अवश्य कर रहे हैं, और मीडिया में भी यही प्रचारित करवा रहे हैं, किन्तु दरअसल, वे कांग्रेस के कद्दावर नेता हरवंश सिंह जिनके कि वे कभी कट्टर समर्थक और अनुयायी रहे हैं, के पुत्र रजनीश सिंह ठाकुर पर परोक्ष तौर पर दबाव बनाना चाह रहे हैं ताकि समझौते में उनका नाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और क्षत्रपों द्वारा बरगी से प्रस्तावित कर दिया जाए।
इसी तारतम्य में पिछले दिनों कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के सिवनी आगमन पर उन्होंने पूरी तरह निष्क्रिय रहते हुए अपनी नाराजगी या असहयोग का इजहार भी कर दिया था, जिसकी कांग्रेस में तल्ख प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। वहीं दूसरी ओर कमल नाथ के कट्टर समर्थक के साथ उनकी डेढ़ घंटे से अधिक समय हुई वार्ता को भी इसी तारतम्य से जोड़कर देखा जा रहा है कि उनका चलाया विरोध का तीर अब काम करने लगा है और कांग्रेस के नेता उन्हें मनाने के जतन में जुट गए हैं।

कर्मचारी भी खुश नहीं है डॉ.सोनी की कार्यप्रणाली से

कर्मचारी भी खुश नहीं है डॉ.सोनी की कार्यप्रणाली से

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। जिला चिकित्सालय में सालों से पदस्थ चिकित्सक और वर्तमान सिविल सर्जन डॉ.सत्य नारायण सोनी की कार्यप्रणाली से कर्मचारी भी खुश दिखाई नहीं दे रहे हैं।
सदा ही विवादों और चर्चाओं में रहने वाला प्रियदर्शनी के नाम से सुशोभित जिला चिकित्सालय एक बार फिर विवादों के साए में है। दरअसल, जिला चिकित्सालय में पदस्थ सिविल सर्जन डॉ.सत्यनारायण सोनी जो सिवनी जिला चिकित्सालय में लगभग पच्चीस सालों से अधिक समय से पदस्थ है, पर कर्मचारियों द्वारा मनमानी करने के संगीन आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिवस डॉ.सत्यनारायण सोनी और कर्मचारियों के बीच जमकर तू तू मैं मैं हो गई। बताया जाता है कि जिला चिकित्सालय में पदस्थ विशेष भर्ती अभियान वाले कर्मचारियों को शासन के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी नियुक्ति की दिनांक से नियमित वेतन नहीं दिए जाने पर कर्मचारी नाराज हैं।
बताया जाता है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन के जिला सचिव सोमनाथ पटेल इन्हीं मांगों को लेकर डॉ.सत्यनारायण सोनी से भेंट करने गए। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार वहां डॉ.सत्यनारायण सोनी के अड़ियल रवैए के चलते सोमनाथ पटेल और डॉ.सत्यनारायण सोनी के बीच जमकर बहस हुई।
जब विवाद बढ़ा तो अन्य चिकित्सकों को अपना मूल काम छोड़कर इन दोनों का बीच बचाव करने उतरना पड़ा। अन्य चिकित्सकों की समझाईश के उपरांत मामला शांत हो सका।

ऐसा नहीं है कि डॉ.सत्यनारायण सोनी के साथ कर्मचारियों का यह पहला विवाद हो। इसके पूर्व भी अनेकों मर्तबा डॉ.सत्यनारायण सोनी और कर्मचारियों के बीच टकराव की नौबत आ चुकी है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने पहले भी डॉ.सत्यनारायण सोनी के साथ बैठक कर यह मांग रखी थी, जो संभवतः मान ली गई थी, किन्तु डॉ.सत्यनारायण सोनी के रवैए में कोई परिवर्तन ना होने से कर्मचारी एक बार फिर लामबंद होते दिख रहे हैं।

मच्छर, मलेरिया और जिम्मेदार अफसरान!

मच्छर, मलेरिया और जिम्मेदार अफसरान!

(शरद खरे)

जिला मुख्यालय सिवनी में जहां देखो वहां पानी के डबरे, पोखर भरे पड़े हैं। लोगों के घरों में भी पानी रूका हुआ है। कहा जाता है कि ठहरा हुआ पानी जानलेवा मलेरिया के लिए जिम्मेदार मच्छरों के लिए उपजाऊ माहौल तैयार करता है। जिला चिकित्सालय में पानी के डबरे निश्चित तौर पर इनके लिए संजीवनी का काम ही कर रहे हैं।
कम ही लोग जानते होंगे कि भारत की आजादी वाले साल यानी 1947 में मलेरिया जैसी घातक जानलेवा बीमारी ने देश में दस लाख से ज्यादा लोगों की इहलीला समाप्त कर दी थी। तब से 2006 तक लगभग आठ लाख 12 हजार लोग इसकी चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। चाहे महानगर हो या छोटा सा कस्बा लोग आज भी इसके आगोश में हैं।
दरअसल मादा एनाफिलीस मच्छर जब इंसान को काटती है, तब वह एक विशेष तरह का वायरस मनुष्य के अंदर प्रविष्ठ करा देती है। यही वायरस मलेरिया को जन्म देता है। इस मादा मच्छर के पास इंसानी त्वचा को भेदने के लिए एक विशेष तरह का हथियार होता है। शोध बताता है कि इसके पास पतले डंक के अंत में सुईनुमा जुड़वा अस्त्र होता है।
यह मादा इंसान के शरीर में इसे प्रविष्ठ कराकर रक्त वाहनियों की तलाश करती है। नहीं मिलने पर यह क्रम जारी रखती है। नस मिलने पर यह मादा इंसान का कुछ रक्त चूस लेती है, और फिर डंक को बाहर निकालने के पहले इसमें एक विशेष तरह का एंजाईम उसमें छोड़ देती है। शोधकर्ताओं की मानें तो यह मादा मच्छर दो दिन में ही 30 से 150 तक अंडे देती है। इन अंडों को सेने के लिए उसे मानव रक्त की आवश्यक्ता होती है।
मलेरिया का स्वरूप विश्व भर में इतना विकराल हो गया है कि इसे दुनिया की तीसरे नंबर की सबसे बड़ी महामारी का दर्जा मिल गया है। कहा जाता है कि एड्स से 15 सालों में जितनी जानें जाती हैं, उतनी जान मलेरिया रोग के कारण महज एक साल में ही चली जाती हैं। मलेरिया का सबसे अधिक प्रकोप पांच साल से कम के बच्चों पर होता है। औसतन हर साल दुनिया भर में 25 लाख से अधिक लोग इस भयानक बीमारी से अपने प्राण गंवा देते हैं।
विश्व हेल्थ आर्गनाईजेशन (डब्लूएचओ) का प्रतिवेदन साफ तौर पर बताता है कि मलेरिया के मरीजों की वृद्धि की दर हर साल 16 फीसदी आंकी गई है। यह तथ्य निश्चित रूप से चिंता का विषय कहा जा सकता है। मलेरिया कितनी गंभीर बीमारी है यह इस बात से ही साफ हो जाता है कि हर साल विश्व भर में 2 अरब डालर से ज्यादा इस पर खर्च कर दिया जाता है। इतना ही नहीं मलेरिया को लेकर होने वाले शोधों पर हर साल 580 लाख डालर खर्च किया जाता है।
भारत सरकार इस रोग को लेकर कितनी संजीदा है, यह इस बात से साफ हो जाता है कि देश के स्वास्थ्य बजट का 25 फीसदी हिस्सा मलेरिया की रोकथाम के लिए सुरक्षित रखा जाता है। भारत सरकार के स्वास्थ्य महकमे द्वारा नब्बे के दशक के उत्तरार्ध तक राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम को प्रथक से चलाया जाता था। इसके तहत देश के हर जिले मंे मलेरिया नियंत्रण की एक पृथक यूनिट हुआ करती थी।
शनैःशनैः मलेरिया की इकाईयों में कार्यरत सरकारी कर्मियों को शिक्षकों की तरह ही जनसंख्या, पल्स पोलियो आदि के काम में बेगार के तौर पर उपयोग किया जाने लगा। इसके चलते देश भर में एक बार फिर मलेरिया बुरी तरह पैर पसारने लगा है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे समग्र स्वच्छता अभियान में भी भ्रष्टाचार का दीमक पूरी तरह लग चुका है। मलेरिया फैलने की मुख्य वजह अज्ञानता मानी जा सकती है। अज्ञानता के चलते साफ सफाई न रख पाने तथा छोटे छोटे पानी के स्त्रोतों के कारण मच्छरों को प्रजनन का उपजाऊ माहौल मिल जाता है।
अब तक मलेरिया के लिए टीकाकरण की कोई वेक्सीन इजाद नहीं की जा सकी है। वैसे हाल ही में हुए शोध ने वैज्ञानिकों को खासा उत्साहित कर रखा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि चिंपाजी का वायरस मलेरिया वेक्सीन की खोज में अहम भूमिका निभाएगा।  ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक चिंपाजी वायरस की खोज मंे तेजी से जुटे हैं, जिससे मलेरिया की वेक्सीन इजाद की जा सकेगी।
इन वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले पांच सालों में दुनिया में मलेरिया से निपटने की वेक्सीन हमारे हाथ होगी। वैज्ञानिकों का दल चिंपाजी के एक खास तरह के वायरस जिसे अडेनोवायरस का नाम दिया गया है, के साथ मलेरिया जीन को जोड़कर पैरासाईट (एक खास तरह का वायरस जो मलेरिया का प्रमुख कारक है) को नष्ट करने का प्रयास कर रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर यह शोध कामयाब रहा तो यह पैरासाईट एनाफिलीस के मानव शरीर में डंक प्रवेश के समय ही मर जाएगा।

बहरहाल, युवा एवं उत्साही जिला कलेक्टर भरत यादव से अपेक्षा है कि वे जिला मलेरिया अधिकारी, नगर पालिका परिषद सहित समस्त जिम्मेदार आला अफसरान को यह ताकीद करें कि रूके हुए पानी को निकालने की व्यवस्था की जाए और अगर किसी के घर यह पाया जाए तो उसके खिलाफ चालान काटकर कार्यवाही की जाए, ताकि जानलेवा मलेरिया से लोगों का बचाव हो सके।

गुरुवार, 4 जुलाई 2013

आखिर केवलारी से क्यों बना रहे हुकुम दबाव्

आखिर केवलारी से क्यों बना रहे हुकुम दबाव्

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। कभी सिवनी के कद्दावर नेता ठाकुर हरवंश सिंह की परछाईं समझे जाने वाले जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह आखिर उनके पुत्र रजनीश सिंह की राह का रोढ़ा क्यों बन रहे हैं? यह बात जिले के कांग्रेस के नेताओं के जेहन में इन दिनों तेजी से उभर रही है।
ज्ञातव्य है कि पिछले दिनों अपने मित्रों और परिचितों में हुकुम के नाम से मशहूर जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह की केवलारी विधानसभा से अपनी पुरजोर उम्मीदवारी की खबरें मीडिया में प्रचारित हुईं हैं। ये खबरें प्रायोजित थीं, या वास्तविक इसकी समीक्षा भी कांग्रेस के अंदर आरंभ हो चुकी है।
बताया जाता है कि मीडिया में अतिसंवेदनशील प्रचारित होने वाले जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह घंसौर की गुड़िया के मामले में भी मौन ही रहे थे। उस वक्त वे अपना मौन व्रत तोड़कर घंसौर वापस आ चुके थे। गुड़िया के मामले में जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह के मौन रहने का कारण मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के प्रबंधन के प्रति उनका गहरा अनुराग ही बताया जा रहा है।
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि विधानसभा चुनावों में दावेदारी करने वालों की फेहरिस्त में केवलारी से जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह का नाम आना आश्चर्यजनक है, क्योंकि यहां से ठाकुर हरवंश सिंह के परिजन की दावेदारी पुख्ता मानी जा रही है।

वहीं कांग्रेस के अंदर अब इस बात के मायने भी खोजे जा रहे हैं कि आखिर क्या वजह है कि जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह द्वारा ठाकुर हरवंश सिंह के सुपुत्र रजनीश सिंह के मार्ग में अपनी उम्मीदवारी जतलाकर शूल बोए जा रहे हैं, क्योंकि रजनीश सिंह अब केवलारी से कांग्रेस के स्वाभाविक दावेदार समझे जा रहे हैं।

मच्छरों को निमंत्रण दे रहा जिला चिकित्सालय!

मच्छरों को निमंत्रण दे रहा जिला चिकित्सालय!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। जिलों में मच्छरों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग सदा ही दिशा निर्देश जारी करता रहा है किन्तु जिला चिकित्सालय में ही मच्छरों के लिए उपजाऊ माहौल तैयार होता दिख रहा है।
ज्ञातव्य है कि जिला चिकित्सालय सिवनी के प्रांगण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, सिविल सर्जन आदि के कार्यालय संचालित होते हैं। बावजूद इसके चिकित्सालय के अंदर की व्यवस्था की सुध लेना किसी को गवारा नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय परिसर में हल्की सी बारिश के उपरांत ही गड्ढों में पानी भर जाता है। सारी बारिश में यही आलम पसरा रहता है। पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश से अस्पताल के अंदर डबरे तालाबों का स्वरूप ले लेते हैं, जिनमें मच्छरों की उतपत्ति की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है।
गौरतलब है कि मलेरिया विभाग द्वारा पिछले दिनों ही एक जागरूकता रैली निकालकर शहरवासियों को ताकीद किया गया था कि घरों के आसपास पानी एकत्र ना होने दें। पानी एकत्र होने से मच्छरों के लिए उपजाउ माहौल तैयार हो जाता है।
जिला चिकित्सालय परिसर के अंदर जगह जगह पड़े गंदगी के ढेर, पानी के पोखर, दवाओं के पैकेट, खाली रैपर, पालीथिन, बचा खाना आदि को देखकर ना केवल मवेशी वरन् सुअर तक यहां कोहराम मचाते देखे जा सकते हैं। कुछ साल पहले तो एक नवजात को सुअर द्वारा उठाकर ले जाने की खबरें भी प्रकाश में आई थीं।
वस्तुतः अस्पताल के अंदर की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलें इसकी जवाबदारी सिविल सर्जन पर आहूत होती है। जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन के पद पर डॉ.सत्यनारायण सोनी पदस्थ हैं, जिनकी प्रशासनिक पकड़ उपरोक्त बातों और चित्र से साफ हो जाती है।
जिला चिकित्सालय का यह आलम तब है जब हाल ही में जिलाधिकारी भरत यादव द्वारा इसका निरीक्षण किया गया है। जिलाधिकारी के अस्पताल के निरीक्षण के उपरांत भी सिविल सर्जन डॉ.सत्यनारायण सोनी को इतनी फुर्सत नहीं है कि वे अस्पताल की साफ सफाई की व्यवस्था को चौकस करवाने की दिशा में कोई ठोस पहल करें।

वहीं जिला मलेरिया अधिकारी का कार्यालय भी अस्पताल प्रांगण में है। जिला मलेरिया अधिकारी या उनके अधीनस्थ स्टाफ के साथ ही साथ नगर पालिका प्रशासन को भी इतनी परवाह नजर नहीं आ रही है कि वे भी इन पोखरों, गड्ढ़ों में भरे पानी में मच्छरों के ना पनपने के लिए दवाओं का छिड़काव करवाएं।

पुलिस की सेंट्रल स्कॉड टीम भंग

पुलिस की सेंट्रल स्कॉड टीम भंग

(गोपाल शर्मा)

सिवनी (साई)। जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला द्वारा अंततः सेंट्रल स्काड को भंग कर ही दिया है। इस पर अनेक आरोपों के चलते इसका भंग होना तय ही माना जा रहा था।
ज्ञातव्य है कि जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने पदभार ग्रहण करने के बाद दो सेंट्रल स्कॉड टीम का गठन किया था, जिसमें से एक टीम अवैध गौवंश तस्करी में लगाम लगाने के कार्य के लिए थी, वहीं एक अन्य स्कॉड दल दूसरे मामलों को लेकर बनाई गई थीं।
पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने हिन्द गजट को बताया कि दो स्काड में से एक को भंग कर दिया गया है। वर्तमान में गौवंश की तस्करी रोकने के लिए गठित स्काड यथावत काम करता रहेगा, शेष दूसरे को भंग कर इसमें तैनात पुलिस बल की जिले के अन्य थानों में पदस्थापना कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला के अनुसार यह एक रूटीन प्रक्रिया है जिसके तहत इसे भंग किया गया है।
वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिले में आपराधिक मामलों की रोकथाम के लिए गठित पुलिस की केंद्रीय टीम के बारे में अनेक शिकायतें अस्तित्व में आ रही थीं। पिछले दिनों जुएं सट्टे, आदि के मामलों में इस दल द्वारा आपेक्षाकृत उपलब्धि हासिल नहीं की जा सकी है।

कलेक्टर भरत यादव का आभार

कलेक्टर भरत यादव का आभार

(शरद खरे)

जिले में पदस्थ युवा एवं उर्जावान जिला कलेक्टर भरत यादव गत दिवस अपनी व्यस्त दिनचर्या में से समय निकालकर जिला चिकित्सालय गए और वहां के हाल जाने। सालों बाद किसी कलेक्टर को जिला चिकित्सालय की सुध आई है। इसलिए जिला कलेक्टर भरत यादव वाकई साधुवाद के पात्र हैं।
इसके पूर्व एक समय तत्कालीन जिला कलेक्टर एच.मिश्रा फिर मोहम्मद पाशा राजन के उपरांत एम.मोहन राव ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। एम.मोहन राव तो बाकायदा शाम ढलते ही पेइंग वार्ड के सामने वाले मैदान जिसमें वर्तमान में निर्माण जारी है में कुर्सी लगाकर बैठ जाया करते थे और यहां व्यवस्थाओं को सुधारने का प्रयास करते। उनके समय में यहीं बनाया गया एक मनमोहक फव्वारा कालांतर मेें जमींदोज हो चुका है।
श्री मोहनराव के उपरांत जिला अस्पताल लंबे समय तक उपेक्षित ही रहा। अचानक ही तत्कालीन जिला कलेक्टर मोहम्मद सुलेमान को जिला चिकित्सालय की याद आई और उन्होंने इसके कायाकल्प का जिम्मा उठाया। उस समय अस्पताल के चारंों ओर पसरा अतिक्रमण हटाया जाकर बड़ी तादाद में रेड क्रास की दुकानें बनवाई गईं। इन दुकानों से हुई आय से रेड क्रास सोसायटी तो समृद्ध हुई पर मरीजों के किसी काम ना आ सकी। लंबे समय से जिला चिकित्सालय के अंदर रेड़ क्रास की दवा दुकान की मांग की जा रही है पर पता नहीं क्यों सिवनी की दवा लाबी के सामने घुटनों पर खड़े प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
यहां उल्लेखनीय होगा कि राजधानी भोपाल के बारह सौ पचास के जय प्रकाश चिकित्सालय सहित प्रदेश में अनेक स्थानों पर रेड क्रास द्वारा संचालित होने वाली दवा की दुकानों से मरीजों को खासी राहत मिलती है। यहां दवाएं अन्य दवा की दुकानों के बजाए सस्ती ही मिला करती हैं, क्योंकि इन पर करारोपण कम होता है।
फिर जिला चिकित्सालय का हाल जाना उस वक्त के कलेक्टर डॉ.जी.के.सारस्वत ने। उन्होंने जिला चिकित्सालय में काम तो करवाया पर प्राईवेट वार्ड सहित अन्य कारीडोर पर बांसों की ऐसी चिलमन खड़ी करवा दी कि यहां हवा आना जाना ही बंद हो गई। उस वक्त अस्पताल में काफी सुधार कार्य हुए इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है।
जिला कलेक्टर भरत यादव ने इसी क्रम को आगे बढ़ाया है। उन्होंने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया निश्चित तौर पर वे यहां की व्यवस्थाओं से खुश या संतुष्ट तो कतई नहीं हुए होंगे। जिला चिकित्सालय में गंदगी का साम्राज्य पसरा हुआ है। निःशुल्क दवा वितरण केंद्र में पैंशनर्स को मिलने वाली दवाएं गायब हैं। दवाएं मिल रही हैं तो वे भी जिनकी एक्सपायरी डेट करीब हैं वे वाली।
अस्पताल के चिकित्सक अपने निहित स्वार्थ के चलते जैनरिक दवाओं के स्थान पर ब्रांडेड दवाएं लिख रहे हैं। गरीब मरीज कहां से लाए इन ब्रांडेड दवाओं के लिए पैसे। सारा जीवन सरकार को समर्पित करने वाले पेंशनर्स के बुरे हाल हैं। पैंशनर्स की आयु बांसठ से नब्बे पंचायनवे या सौ वर्ष की होगी।
यह आयु निश्चित तौर पर रोगों के लिए ही मानी जाती है। इस उम्र में पैंशनर्स को मधुमेह, रक्तचाप जैसी बीमारियां होना आम बात है। अलग अलग लोगों को रक्तचाप की अलग अलग दवाएं होती हैं। अस्पताल में पैंशनर्स को रक्तचाप के नाम पर लोसार एच और एटेन नामक दवाएं ही उपलब्ध हैं।
चिकित्सकों की मानें तो रक्तचाप का मामला बहुत संवेदनशील होता है। इसमें निर्धारित दवा देना ही उचित होता है। अगर दूसरी दवा दी जाए तो स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उच्च या निम्न रक्त चाप के मरीज अगर दवा ना खाए तो उसकी किडनी पर भी असर हो सकता है। जिला प्रशासन को चाहिए कि गरीबों और पैंशनर्स को मिलने वाली दवाएं कम से कम उन्हें मुहैया हों इस बारे में प्रयास अवश्य ही करें।
जिला चिकित्सालय में जिलाधिकारी भरत यादव ने बहुत सी अनियमितताएं देखी होंगी। निश्चित तौर पर जिला कलेक्टर के पास बहुत सारे काम होते हैं, व्यस्तताएं होती हैं। उन्होने समय निकाला और अस्पताल का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर से अपेक्षा है कि वे स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी उप जिलाध्यक्ष को ताकीद करें कि वे जिला चिकित्सालय सहित जिले के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति एवं अन्य बातों की समीक्षा कर साप्ताहिक प्रतिवेदन उनके समक्ष रखें।
इससे कम से कम जिले के स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और पेरामेडीकल स्टाफ सहित समस्त चेत सकेेंगे। साथ ही साथ प्रशासन का जो भय उनके दिल दिमाग में समाप्त हो चुका है उसे दुबारा कायम किया जा सकेगा, जिससे कम से कम मरीजों को तो इसका लाभ मिल सकेगा।

जिला चिकित्साल में खून का धंधा जोरों पर है। एक्सरे और अन्य जांच के लिए भी बाहर के निजी संस्थानों के साथ इनकी जुगलबंदी देखने लायक है। अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक भी अपना पूरा ध्यान अपनी अपनी निजी ‘दुकानों‘ में पूरी तरह दे रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ.सत्यनारायण सोनी आरोपों में आकण्ठ डूबे हुए हैं। चिकित्सक समय पर अस्पताल में उपस्थित नहीं होते हैं। स्टॉफ का मरीजों के साथ बर्ताव बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता है। अस्पताल में मिलने वाला खाना बहुत ही बेस्वाद और घटिया क्वालिटी का होता है। ना जाने कितनी समस्याएं हैं अस्पताल के अंदर। जब जिला मुख्यालय का यह आलम है तो सुदूर ग्रामीण अंचलों के अस्पतालों की सोचकर ही रूह कांप जाती है।

बुधवार, 3 जुलाई 2013

किसानों के हितसंवर्धन के लिए कलेक्टर हुए संजीदा

किसानों के हितसंवर्धन के लिए कलेक्टर हुए संजीदा

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। कलेक्टर श्री यादव ने जिले के कृषकों को अगामी खरीफ एवं रवी की फसलों में उत्तम गुणवत्ता के कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने एवं बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक औषधि की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने हेतु निम्नानुसार विशेष उड़नदस्ता दल/समिति का गठन किया गया है।
यह उड़न दस्ता समय-समय पर अभियान चलाकर कृषि आदान वितरण संस्थान/निजी विक्रेताओं की संघन जांच एवं निरीक्षण करेंगे तथा बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दवाईयों के अवैध व्यापार पर अंकुश लगा कर उन प्रतिष्ठानों/दुकानों के संचालकों पर कार्यवाही करेंगे। साथ ही समिति द्वारा आदान सामग्री के नमूने लेेकर परीक्षण हेतु गुण नियंत्रण प्रयोगशाला में भेजे जायेगें।

इस दल/समिति के दल प्रभारी- अनुविभागीय दण्डाधिकारी (संबंधित उप संभाग) संबंधित विकासखण्ड होगें, वहीं सदस्य के रूप में सहायक संचालक, कृषि (उपसंचालक के प्रतिनिधि) विकासखण्ड-सिवनी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड सिवनी/लखनादौन, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड सिवनी, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड-बरघाट, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड- केवलारी, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड -कुरई, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड-छपारा, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड-लखनादौन, व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड-घंसौर एवं व.कृ.वि.अ. एवं बीज, उर्वरक, कीटनाशी निरीक्षक विकासखण्ड -धनौरा होगें।

एसडीएम के छापे से दवा व्यवसाई सकते में!

एसडीएम के छापे से दवा व्यवसाई सकते में!

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। आज अपरान्ह अनुविभागीय दण्डाधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं ड्रग इंस्पेक्टर के संयुक्त छापे की कार्यवाही से शहर के दवा व्यवसाईयों में हडकंप मच गया। छापे की यह कार्यवाही चुनिंदा दवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर होने से चर्चाओं का बाजार भी गर्मा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम चंद्रशेखर शुकल, एसडीओपी संजीव उईके एवं स्वास्थ्य विभाग के दवा निरीक्षक द्वारा आज अपरान्ह संयुक्त तौर पर दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। बारापत्थर से आरंभ हुई इस कार्यवाही में बारापत्थर में आधा दर्जन से अधिक मेडीकल स्टोर्स में से महज चार में ही निरीक्षण किया गया।
छापामार दस्ता इसके उपरांत बारापत्थर से शहर की ओर कूच कर गया जहां उसने चुनिंदा दवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठान में जाकर क्वालिफाईड पर्सन जिसके नाम से दवा दुकान का लाईसेंस है, लाईसेंस, स्टाक रजिस्टर, एक्सपाईरी डेट का स्टाक आदि का निरीक्षण किया।
दवा व्यवसाईयों में चल रही चर्चाओं के अनुसार यह छापामारी किसी की शिकायत पर ही की जा रही होगी, एसडीएम के नेतृत्व में यह छापेमारी लंबे समय के उपरांत की गई है। इसमें अनेक दवा दुकानों की ओर छापामार दल द्वारा ना देखा जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

कमल नाथ के स्वागत में नदारत रहे हुकुम!

कमल नाथ के स्वागत में नदारत रहे हुकुम!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के समक्ष कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह का कमल नाथ के आगमन पर गायब रहना लोगों के लिए शोध का विषय बन चुका है। 13 जून को कमल नाथ के सिवनी आगमन पर ना हुकुम दिखे, ना उनके बेनर पोस्टर्स और ना ही मीडिया में ही कहीं उनकी चर्चा।
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह ने घंसौर में ही 2008 में केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके उपरांत वे कमल नाथ के अनुयायी माने जाने लगे थे।
बताया जाता है कि इसी बीच उस समय के जिले के कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र बने हरवंश सिंह ठाकुर से उनका गहरा नाता हो गया था, जिसके चलते जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह ने अपनी निष्ठा हरवंश सिंह के प्रति जतानी आरंभ कर दी थी।
बताया जाता है कि पिछले कुछ समय से हरवंश सिंह भी जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह की कारगुजारियों से नाराज थे। संभवतः यही कारण है कि कुंवर शक्ति सिंह का बर्रा दरबार से पत्ता ही साफ हो गया था। वहीं कांग्रेस के अंदर यह भी चर्चा चल रही है कि जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह अब यह भी कह रहे हैं कि हरवंश सिंह ने उनसे कहा था कि अगर वे (हरवंश सिंह) लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो हुकुम अपनी केवलारी से तैयारी रखें। इन बातों में कितनी सच्चाई है इस बारे में वे ही जानते होंगे।
बहरहाल जब 13 जून को कमल नाथ का सिवनी आगमन हुआ तब जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह के समर्थक, बेनर पोस्टर्स सहित वे मीडिया से भी गायब रहे। कमल नाथ के आगमन के उपरांत मीडिया में हुकुम की केवलारी से सशक्त दावेदारी की खबरें अवश्य ही आम हो गईं।
एक कांग्रेस के नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर साई न्यूज से कहा कि जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह इतने बड़े नेता तो हैं नहीं कि उनके पक्ष में इस तरह की खबरों से मीडिया पट जाए। जाहिर है यह उनका ही अपना प्रयास होगा। वे चाहते तो कमल नाथ के आगमन के दौरान भी उनके स्वागत में कम से कम अपने मुठ्ठी भर समर्थकों को तो भेज ही सकते थे, वस्तुतः ऐसा हुआ नहीं।
पिछले दिनों कमल नाथ के एक कट्टर समर्थक के साथ सार्वजनिक तौर पर हुकुम ने डेढ़ घंटे चर्चा की तो इस बात का कयास लगाया जाने लगा है कि एक बार फिर कमल नाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता लेने के उपरांत कमल नाथ को ही भूलने वाले जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुंवर शक्ति सिंह अब फिर से कमल नाथ केंप में एंट्री की संभावनाएं तलाश कर रहे हैं।

(क्रमशः जारी)

डॉ.सोनी के बूते की बात नहीं अस्पताल में प्रशासन!

डॉ.सोनी के बूते की बात नहीं अस्पताल में प्रशासन!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। प्रियदर्शनी स्व.श्रीमति इंदिरा गांधी के नाम से सुशोभित जिला चिकित्सालय में जबसे सिविल सर्जन की कमान डॉ.सत्यनारायण सोनी को सौंपी गई है, तबसे यहां की व्यवस्थाएं चरमराने लगी हैं। कर्मचारियों में अंदर ही अंदर यह बात तेजी से फैल रही है कि जिला चिकित्सालय में प्रशासन की बात डॉ.सत्यनारायण सोनी के बूते की नहीं रह गई है।
जिला चिकित्सालय में जहां तहां गंदगी का साम्राज्य पसरा हुआ है। अस्पताल के कर्मचारी इस कदर निरंकुश हो चुके हैं कि उन्हें वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का भी भय नहीं बचा है। मरीजों के परिजनों से पेरामेडीकल स्टाफ द्वारा सदा ही दुर्वयवहार की शिकायतें मिल रही हैं।
डॉ.सत्यनारायण सोनी जिला चिकित्सालय में अस्सी के दशक से पदस्थ हैं। लंबे समय से सिवनी में जमे रहने का राज भी लोगों की समझ से परे ही नजर आ रहा है। बीते दिनों भोपाल से आया वरिष्ठ अधिकारियों का दल अवश्य ही जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं देखकर संतुष्ट हुआ होगा।
जब निरीक्षण (औचक नहीं घोषित) चल रहा था तब चिकित्सक बाकायदा एप्रिन में तो बाकी कर्मचारी वर्दियों में मुस्तैद नजर आ रहे थे। उस समय चिकित्सालय में मरीजों के परिचारकों से अस्पताल के कर्मचारियों का व्यवहार देखते ही बन रहा था। कर्मचारियों के मुंह से भद्दी गाली के बजाए फूल झड रहे थे।

जिला चिकित्सालय में चहुंओर गंदगी पसरी हुई है। गंदगी को एकत्र करने वाले डस्ट बिन जगह जगह ना लगाए जाकर ब्लड बैंक और चिकित्सकों के कक्षों के बीच के खाली स्थान में पानी और धूप खा रहे हैं (चित्र देखें)। पर इसकी सुध ना तो डॉ.सत्यनारायण सोनी ही ले रहे हैं और ना ही किसी अन्य को ही इसकी चिंता है।