सोमवार, 9 सितंबर 2013

उपेक्षा का परिणाम है अलगाव की भावना

उपेक्षा का परिणाम है अलगाव की भावना

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। मध्यप्रदेश के सर्वाधिक पिछड़े क्षेत्रों में से एक जबलपुर संभाग के तीन उपेक्षित जिलों सिवनी ंिछदवाड़ा और बालाघाट को मिलाकर नये संभाग के गठन के स्वयं प्रदेश के मुखिया के ऐलान के पांच साल बीत जाने के बाद भी उस मंें लेशमात्र प्रगति न हो पाना इस अंचल के लोगों को यह सोचने पर विवश करता है कि क्या प्रदेश की सरकार इस अभागे अंचल के विकास के लिये कभी सपने में भी विचार नहीं करती?
यदि प्रदेश की सरकार या उसके स्थानीय प्रतिनिधियों ने कभी भी इस क्षेत्र के विकास के लिये विचार किया होता तो इस अभागे क्षेत्र को अपने उदय के साढ़े पांच दशक बाद भी अभागा कहने की आवश्यकता महसूस नहीं होती। 55 लाख आबादी वाले तीन जिलों के विकास के लिये प्रदेश सरकार की उपेक्षा की तीव्र प्रतिज्ञा अंततः इस पिछड़े क्षेत्र के लोगों को इस बात पर विचार करने को विवश करने लगी है कि जब कोई प्रदेश सरकार उसके विकास का विचार करने को ही तैयार नहीं है तो क्यों न अपने उत्तरोत्तर और तीव्रगति के विकास के लिये नया मार्ग खोजा जाय।
संयोग या सौभाग्यवश जिस समय इस अंचल में उपेक्षा का यह दंश फैल रहा है ठीक उसी समय निकट पड़ोस में नये राज्य के गठन की संभावनायें जन्म ले रही हैं वह भी ऐसे नये राज्य की, जिसका अंग रह कर पूर्व में यह क्षेत्र विकास की सीढ़ियां लांघने की तैयारी कर रहा था ठीक उसी समय इस क्षेत्र को अपने पुराने राज्य से प्रथक कर एक ऐसे नये राज्य का अंग बना दिया गया जिसकी विशालता अपने आप में उस नये प्रदेश के विकास में बाधक थी।
एक नये प्रदेश छत्तीसगढ़ के गठन के बाद भी उस प्रदेश की विशालता में कोई अंतर नहीं आया। नवगठित छत्तीसगढ़ विकास के नये नये सोपान तय कर रहा है, वहीं राजनैतिक नेतृत्व के विद्यमान होने के बावजूद यह अभागा अंचल आज भी संभाग तक बनने को तरस रहा है, तब विकास के अन्य सोपान की कल्पना भी मूर्खता से कम नहीं मानी जा सकती।
यह सर्वविदित है कि विकास के लिये राजनैतिक सक्षम नेतृत्व की उपलब्धता प्रथम आवश्यकता होती है जो इस क्षेत्र में पर्याप्त मौजूद है। उसके बावजूद विकास का सपना साकार न होना समझ से परे है। ऐसी स्थिति में जनता को स्वयं अपने विकास की चिंता करना स्वाभाविक हो जाता है। यही कारण है कि प्रदेश सरकार के साथ साथ समूची राजनैतिक बिरादरी से लगातार उपेक्षा और तिरस्कार की शिकार हो रही इस अंचल की जनता ने अपने विकास का बीड़ा स्वयं उठाने का संकल्प लिया है और उसका सबसे उत्तम उपाय इस अंचल के लोगों को नये राज्य में संविलियन दिखाई दे रहा है।
परिणामस्वरूप इस अंचल की आम जनता अब और अधिक विलंब किये बिना अपने विकास की कल्पना को मूर्तरूप देेने के लिये पड़ोसी विदर्भ राज्य की मांग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन में शामिल होने का साहसिक निर्णय लेने पर मजबूर हो जाये तो अतिश्योक्ति नहीं होगी।

दिनेश राय मांग सकते हैं भाजपा के लिए वोट!

दिनेश राय मांग सकते हैं भाजपा के लिए वोट!

रजनीश की टिकिट लगभग तय, भाजपा का कमजोर प्रत्याशी होगा केवलारी विधानसभा से

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। सिवनी जिले से कांग्रेस ने केवलारी विधानसभा से पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हरवंश सिंह के पुत्र रजनीश सिंह का नाम लगभग तय कर लिया है। उनका नाम बड़े नेताओं ने एक सुर में अकेला ही दिया है, जिससे लग रहा है कि उनकी टिकिट पक्की है। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी को लग रहा है कि सिवनी विधानसभा में निर्दलीय रहकर कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू को हराने वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने जिले में भाजपा के लिए वोट मांगे तो भाजपा को जबर्दस्त बढ़़त मिल सकती है।
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि हाल ही में बड़े नेताओं की रायशुमारी के उपरांत प्रदेश में छः दर्जन नामों पर लगभग सहमति बन चुकी है। इन 72 नामों की फेहरिस्त में विधायकों के साथ ही साथ एक हजार से कम अंतर से हारे प्रत्याशियों के नाम भी शुमार हैं। इसमें सिवनी जिले के केवलारी से हरवंश सिंह ठाकुर के सुपुत्र रजनीश सिंह का नाम केवलारी से अकेला गया है, जिससे लग रहा है कि उनकी टिकिट पक्की ही है।

हुकुम बन सकते हैं रजनीश के लिए सिरदर्द
ज्ञातव्य है कि केवलारी से रजनीश सिंह को टिकिट देने की स्थिति में कुंवर शक्ति सिंह द्वारा निर्दलीय रूप से मैदान में उतरने की हुंकार भरी गयी थी। अगर वे अपने वचन के अनुसार केवलारी में रजनीश सिंह के खिलाफ खड़े हो जाते हैं तो रजनीश सिंह को केवलारी से चुनाव लड़ने में ही पसीना आ सकता है। वहीं दूसरी ओर केवलारी से सालों से कांग्रेस को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले बसंत तिवारी की उपेक्षा भी कांग्रेस को भारी पड़ सकती है।

दिया जा सकता है लाल बत्ती का लालीपॉप
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि केवलारी में रजनीश सिंह की राह आसान करने हर संभव कोशिश की जाएगी। कांग्रेस में उनको भीतराधात का सामना न करना पड़े, इसके लिए कांग्रेस के आला नेताओं द्वारा बसंत तिवारी, कुंवर शक्ति सिंह आदि को ‘प्रदेश में सरकार बनने की स्थिति में‘ लाल बत्ती की लालीपॉप थमायी जा सकती है।

कमजोर प्रत्याशी उतारेगी भाजपा!
इसके साथ ही साथ ऊपरी स्तर पर अब यह तिकड़म चल रही है कि केवलारी विधानसभा से भाजपा द्वारा डॉ.ढाल सिंह बिसेन के स्थान पर किसी कमजोर प्रत्याशी को रजनीश सिंह के सामने उतारा जाए, जिससे रजनीश आसानी से चुनाव निकाल सकें। वहीं डॉ.ढाल सिंह बिसेन को बालाघाट लोकसभा की टिकिट देने की पेशकश कर पार्टी उन्हें मना सकती है। इसका कारण यह भी है कि बालाघाट के वर्तमान सांसद के.डी.देशमुख विधानसभा में दांव आजमाना चाह रहे हैं।

दिनेश राय का भाजपा में जाना तय
इधर, भाजपा मुख्यालय में चल रही बयार के अनुसार भाजपा के शीर्ष नेता अरविंद मेनन इन दिनों नगर पंचायत लखनादौन के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय से पूरी तरह इत्तेफाक रख रहे हैं। अरविंद मेनन के करीबी सूत्रों का कहना है कि दिनेश राय द्वारा अपनी भाजपाई सीढ़ी (संभवतः शिवराज सिंह चौहान केबिनेट के एक मंत्री, जो संभवतः उनके बिजनेस पार्टनर भी हैं) के जरिए अरविंद मेनन को पूरी तरह शीशे में उतारा जा चुका है। सूत्रों का कहना है कि दिनेश राय ने पिछले विधानसभा चुनावों में अपना खुद का परफार्मेंस, लखनादौन नगर पंचायत चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी का ही नाम वापस लेना, उनकी माता श्रीमती सुधा राय की ऐतिहासिक फतह आदि के बारे में सविस्तार अरविंद मेनन को बताया है।

दिनेश के खिलाफ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं मेनन
भाजपा के एक आला नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर साई न्यूज से चर्चा के दौरान कहा कि अरविंद मेनन को दिनेश राय ने इस तरह बाहुपाश में लिया है कि वे दिनेश राय के खिलाफ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं। कोई अगर दिनेश राय की शिकायत लेकर भी जाता है तो अरविंद मेनन यह कहकर भगा देते हैं कि सिवनी वालों का काम सिर्फ और सिर्फ शिकायत करना है।

कप प्लेट तब्दील हो जाएगा फूल में
उक्त नेता ने यह भी बताया कि अरविंद मेनन को यह घुटी पिलाई गई है कि पिछली बार दिनेश राय को लगभग तीस हजार वोट मिले थे। उनका चुनाव चिन्ह कप प्लेट था, इस बार अगर उन्हें टिकिट दी गई या उन्होंने भाजपा के पक्ष में वोट मांगे तो कप प्लेट पर डलने वाले सारे वोट कमल के फूल के वोट में तब्दील हो जाएंगे।

जमीनी हकीकत से अनजान!
उक्त नेता ने यह भी कहा कि शायद अरविंद मेनन सहित आला नेता जमीनी हकीकत से अनजान ही हैं। दरअसल, पिछली बार कप प्लेट को लगभग तीस हजार वोट इसलिए मिल गए थे, क्योंकि उस समय भाजपा की टिकिट सिटिंग एमएलए नरेश दिवाकर के बजाए तत्कालीन सांसद श्रीमती नीता पटेरिया को दी गई थी, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से पहले यह सीट एनसीपी को समझौते में दी जाने वाली थी, बाद में यहां से प्रसन्न चंद मालू को मैदान में उतारा गया था। दोनों ही चेहरों से कांग्रेस और भाजपा के लोग बुरी तरह खफा थे। यही कारण था कि कांग्रेस और भाजपा के अंदर भीतराघात चरम पर पहुंचा और कांग्रेस के प्रत्याशी की जमानत जप्त हो गई थी तथा भाजपा को इस क्लीन सीट को निकालने में एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा था।

टिकिट मिलेगी या नहीं, फैसला जल्द
वहीं, भाजपा के एक आला पदाधिकारी ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि दिनेश राय को भाजपा में शामिल करने की घोषणा किसी भी क्षण की जा सकती है। अभी इस बात पर विचार चल रहा है कि दिनेश राय को अगर भाजपा में शामिल किया जाता है तो उन्हें टिकिट दी जाए अथवा नहीं। भाजपा के आला नेता दिनेश राय को एक स्थापित और बड़ा नेता मान रहे हैं। हो सकता है कि इन चुनावों में भाजपा दिनेश राय का उपयोग कर उन्हें बालाघाट लोकसभा से टिकिट देने का प्रलोभन दे दे।

अगर मिली तो रायशुमारी. . .

उधर, सिवनी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से अय्यूब कुरैशी ने बताया कि सिवनी भाजपा में भी इस बात को लेकर मंथन आरंभ हो गया है। भाजपाईयों का कहना है कि अगर दिनेश राय को भाजपा में शामिल कर टिकिट दी जाती है तो पिछले दिनों हुई रायशुमारी का क्या औचित्य रह जाएगा, क्योंकि रायशुमारी में दिनेश राय का नाम ही सामने नहीं आया है। कार्यकर्ताओं में चल रही चर्चाओं के अनुसार अगर ऐसा हुआ तो यह कार्यकर्ताओं के साथ विश्वासघात होगा और हजारों की तादाद में भाजपा कार्यकर्ता त्यागपत्र भी दे सकते हैं।

प्राईवेट प्रेक्टिस पर प्रतिबंध व आईएमए का रूदन!

प्राईवेट प्रेक्टिस पर प्रतिबंध व आईएमए का रूदन!

(शरद खरे)

सरकार ने शासकीय चिकित्सकों की प्राईवेट प्रेक्टिस पर प्रतिबंध क्या लगाया, इलाज के नाम पर मरीजों का गला रेतने वाले सरकारी चिकित्सकों की सांसे थमती नजर आ रही हैं। सरकारी चिकित्सक का काम क्या है? वह किस बात की मोटी पगार हर माह लेता है? जनता के हित में जारी किए गए सरकारी आदेश के खिलाफ इंडियन मेडीकल एसोसिएशन और चिकित्सा अधिकारी संघ ने रूदन आरंभ कर दिया है।
आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में जिस दिन ये चिकित्सक अध्ययन हेतु जाते हैं सबसे पहले इन्हें एक कसम दिलवाई जाती है। वह कसम क्या होती है? उसका क्या मतलब होता है? उसका पालन जीवन के हर मोड़ पर करने का वादा करते हैं ये चिकित्सक। यह इसलिए क्योंकि मानव जीवन बेशकीमती है, और इसे हर हाल में बचाना चिकित्सक का पहला दायित्व होता है। बावजूद इसके जैसे ही ये चिकित्सक सरकारी नौकरी मेें आते हैं वैसे ही ये सरकारी पगार के साथ ही साथ निजी चिकित्सा को अपना मूल कर्तव्य मान लेते हैं।
सिवनी जिले में सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं चुस्त दुरूस्त हुआ करती थीं, इस बारे में प्रौढ़ हो रही पीढ़ी बेहतर जानती होगी। जबसे सुश्री विमला वर्मा को षणयंत्र के तहत कांग्रेस के ही नेताओं ने सक्रिय राजनीति से किनारा कर घर बिठाया है तबसे सिवनी जिला विकास में पिछड़ने लगा है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। साथ ही साथ जबसे सिवनी में सियासी कमान हरवंश सिंह ठाकुर के हाथों में आई सिवनी में जनसेवा के मायने बदलकर स्वयंसेवा होकर रह गई।
संभवतः यही कारण था कि सिवनी में चिकित्सकीय सुविधाएं बाबा आदम के जमाने में चली गईं। चिकित्सकों का सिवनी से मोह भंग होने लगा। एक वाक्ये का जिकर यहां लाजिमी होगा। डॉ.एस.के.श्रीवास्तव जैसे बेहतरीन चिकित्सक जो जिला चिकित्सालय की शान हुआ करते थे, को सियासी आकाओं की सरपरस्ती में उस वक्त के स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों ने इस कदर प्रताड़ित किया कि उन्होंने सिवनी से अपना तबादला भोपाल करवा लिया। इसके बाद भी आला अधिकारियों का दिल नहीं भरा, उन्हें रिलीव नहीं किया गया। बाद में उन्होंने अपने सियासी संपर्कों के सहारे तत्कालीन जिला कलेक्टर मोहम्मद सुलेमान पर दबाव बनाया और यहां से बिदाई ली।
इसके बाद सिवनी विधायक रहे नरेश दिवाकर और वर्तमान विधायक श्रीमती नीता पटेरिया ने सिवनी जिला चिकित्सालय के लिए शायद ही कुछ किया हो। सिवनी में बर्न यूनिट है, आईसीसीयू है, दोनों ही का अस्तित्व स्वास्थ्य संचालनालय में कहीं नहीं है। अब चूंकि ऊपर इसका अस्तित्व नहीं है, इसलिए इसके लिए अलग से स्टाफ नहीं है। एसटबलिशमेंट में इसका उल्लेख नहीं होने से अलग से तैनाती भला कैसे होगी? क्या इस बात से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिभिज्ञ हैं? जाहिर है नहीं?
कितने आश्चर्य की बात है कि सिवनी का यह सौभाग्य भी है कि दो विधायकों के पति सिवनी में चिकित्सक हैं और सरकारी तैनाती में भी हैं, फिर भी सिवनी के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं अत्याधुनिक होने के स्थान पर बाबा आदम के जमाने की हैं। जिसका जो मन आ रहा है वह कर रहा है। सिवनी में ट्रामा यूनिट का निर्माण हो रहा है। ट्रामा यूनिट किसके लिए होता है? इसे कहां बनना चाहिए, इस बारे में भी चिकित्सा स्टाफ मौन ही है।
देश की राजधानी दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और सफदरज़ंग अस्पताल के मध्य भगवान वर्धमान ट्रामा सेंटर है। इसे रिंग रोड से सटाकर ही न केवल बनाया गया है वरन् इसमें प्रवेश के लिए सड़क भी सीधी प्रथम तल तक ले जाई गई है। ऐसा इसलिए कि कोई भी दुर्घटना के घायल को बिना किसी विध्न के तत्काल इस यूनिट में पहुंचाया जा सके। विडम्बना देखिए सिवनी में यह यूनिट घुमावदार रास्ते के बाद ओपीडी के पीछे बन रहा है जिला चिकित्सालय में! वस्तुतः इसे सड़क के किनारे ही बनाया जाना चाहिए था।
वैसे भी यह जवाबदेही एनएचएआई की है कि वह सिवनी में एक ट्रामा यूनिट की संस्थापना करे। एक बार फिर हम अपने आपको असहाय पाते हैं। सियासी नुमाईंदों की नपुंसकता का नतीजा है कि आज हमारे पास एक के बजाए दो सांसद हैं। फिर भी वे संसद में सिवनी की सड़क सुविधा या चिकित्सा सुविधा जो केंद्र से जुड़ी हैं को उठाने में कतराते हैं, कि कहीं महाकौशल के कांग्रेस के क्षत्रप उनसे नाराज न हो जाएं।

बहरहाल, आईएमए और चिकित्सा अधिकारी संघ को गुहार लगाना है तो वह यह कहे कि हम घरों पर मरीजों को निःशुल्क देखेंगे क्योंकि हमें सरकार तन्ख्वाह दे रही है। साथ ही साथ जिला चिकित्सालय को आईपीएचएस के मानकों के हिसाब से तैयार किया जाए। संघ की विज्ञप्ति पढ़कर कोई भी हंस देगा, क्योंकि इसमें डॉ.एच.पी.पटेरिया के बतौर अध्यक्ष हस्ताक्षर हैं। डॉ.पटेरिया की पत्नि श्रीमती नीता पटेरिया सांसद रही हैं और वर्तमान में विधायक हैं। बावजूद इसके वे खुद मांग कर रहे हैं कि चिकित्सालयों को सुसज्जित किया जाए। अगर वे वाकई ऐसा चाह रहे होते तो श्रीमती नीता पटेरिया और सीएमओ वाय.एस.ठाकुर की पत्नि श्रीमती शशि ठाकुर सिवनी की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विधानसभा को सर पर उठा चुकी होतीं, वस्तुतः भाजपा के राज में अब सरकारी कर्मचारी भी विज्ञप्ति जारी करने में माहिर हो चुके हैं, जमीनी हकीकत से उन्हें कोई लेना देना नहीं है।

रविवार, 8 सितंबर 2013

राजा बघेल को प्रदेश कांग्रेस सचिव की मिली जिम्मेदारी

राजा बघेल को प्रदेश कांग्रेस सचिव की मिली जिम्मेदारी

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया की टीम में इजाफा करते हुए 04 उपाध्यक्ष, 04 महामंत्री और 76 सचिवों की नियुक्ति की गई है, जिसमें सिवनी को स्थान देते हुए राजा बघेल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सचिव बनाया गया है।
छात्र जीवन से ही जुझारू रहने वाले राजा बघेल की सक्रियता देखते उन्हें 1997 में एनएसयूआई का जिलाध्यक्ष बनाया गया था, बाद में 1998 में कांग्रेस की टिकिट से पार्षद का चुनाव लड़ वह नगरपालिका उपाध्यक्ष बने। बताया जाता है कि वर्ष 2004 में राजा बघेल युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बनाए गए, जिसके चलते अपनी सक्रियता और विशिष्ट कार्यप्रणाली के चलते उन्हें यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय समन्वयक बना दिया गया।

राजनीति में संगठन क्षमता देखते हुए बघेल को प्रदेश कांग्रेस का सचिव बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजा बघेल को प्रदेश कांग्रेस का सचिव बनाए जाने पर उनके ईष्ट मित्र शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।

कलेक्टर के निर्देशों की सरेआम हो रहे अव्हेलना!

कलेक्टर के निर्देशों की सरेआम हो रहे अव्हेलना!

जिला मुख्यालय में ही कचरे की टोकरी की शोभा बढ़ा रहे कलेक्टर के निर्देश

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनंी (साई)। जिले को सुव्यवस्थित करने की गरज से संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा लगभग रोज ही बैठकों का आयोजन कर ‘कड़े निर्देश‘ जारी किए जा रहे हैं। उनके निर्देशों का पालन हो रहा है अथवा नहीं इसकी मानिटरिंग नहीं हो पाने से जिला कलेक्टर के निर्देश अब उनके मातहतों के लिए मायने नहीं रख रहे हैं। इसका जीता जागता उदाहरण जिला मुख्यालय में नगर पालिका प्रशासन ही दे रहा है।
जिला कलेक्टर द्वारा दो तीन बार इस बात को कड़ाई से कहा गया है कि आवारा मवेशी सड़कों पर न घूमें। आवारा मवेशी यातायात को बाधित न करें। इसके लिए जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा जिले भर की नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों आदि को साफ तौर पर निर्देशित किया जा चुका है।
विडम्बना ही कही जाएगी कि जिला मुख्यालय में ही नगर पालिका परिषद् को जिला कलेक्टर के निर्देशों की ज्यादा परवाह नहीं दिख रही है। जब भी जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा ‘कड़े निर्देश‘ दिए जाते हैं, नगर पालिका उसके अनुपालन का स्वांग रचकर दूसरे ही दिन पुराने फिल्टर प्लांट में जंग खा रही कुत्ते पकड़ने की ट्राली निकालकर रस्म अदायगी कर दी जाती है।
नगर पालिका की हाका गैंग के दीदार लोगों को कई सालों से नहीं हुए हैं। शहर में डेंगू मलेरिया का खतरा मण्डरा रहा है। फागिंग मशीन कहां चल रही है, किसी को नहीं पता। गटर का पानी उगल रहे हैं नल, पर विपक्ष में बैठी कांग्रेस चुपचाप तमाशबीन बनी है, जिसके चलतेे आंत्रशोध, पीलिया, डायरिया, उल्टी दस्त, आदि जल जनित बीमारियां कहर बरपा रही हैं।
पिछले एक सप्ताह में दो घटनाएं घटीं। एक तो भाजपा के एक जनसेवक ने कुत्तों के कर्कश नाद से तंग आकर आधी रात को उन्हें भगाने पत्थर बरसाए तो उनकी अपनी ही स्कॉर्पियो का कांच टूट गया। दूसरा शुक्रवारी चौक में एक सांड ने दो महिलाओं को उठाकर पटक दिया। इसके पहले बारापत्थर में भी एक वृद्धा को सांड ने इस कदर पटका था कि उनकी इहलीला ही समाप्त हो गई थी।
इन परिस्थितियों को देखकर लोगों का अब जिला प्रशासन से भी विश्वास उठने लगा है। लोगों का मानना है कि संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव के ‘कड़े निर्देश‘ की मानिटरिंग न हो पाने से उनके मातहत कर्मचारी अधिकारी ही उनके निर्देशों को हल्के में लेेने लगे हैं। अगर जिला कलेक्टर हुक्म उदूली के मामलों पर गंभीर होकर दो चार अधिकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दें फिर देखिए उनके आदेशों की तामीली किस कदर होती है। लोगों का मानना है कि जिला कलेक्टर भरत यादव को चाहिए कि वे अपने इस निलंबन अभियान का श्रीगणेश नगर पालिका परिषद् सिवनी से ही आरंभ करें।

आतंक मचाने वाले सांड की मौत

गत दिवस शुक्रवारी के आसपास एक सांड जमकर बिफर गया और वह रास्तों से गुजरने वाले लोगों को मारकर घायल कर रिहा था। बताया जाता है कि बीती शाम 3-4 बजे के बीच शुक्रवारी में सांड ने दो महिलाओं को सींग से पटककर घायल कर दिया फिर उक्त सांड महाराष्ट्र बैंक के पस पहुंची वहां भी सांड ने आतंक फैलाया और एक महिला को मारा। बताया जाता है कि सांड के पागलपन के कारण थोड़ी देर में ही अफरा-तफरी मच गई। शाम को पता चला कि उक्त सांड बरघाट रोड एमपीईबी ऑफिस के सामने गिरकर मर गया और उसके मुंह से खून निकल रहा था। बताया जाता है कि उक्त सांड को किसी कुत्ते ने काट दिया था, उसके बाद से ही सांड पागलों की तरह उत्पात मचा रहा था। खुलेआम सांड का उत्पात मचाना और जगह- जगह मवेशियों का बैठे रहना व आवारा कुत्तों के आतंक से एक बार फिर हाका गैंक की पोल खुल गई क्योंकि यदि हाका गैंक सक्रिय रहती तो सड़कों में आवारा पशुओं का आतंक नहीं रहता। 

हुकुम से भयाक्रांत नजर आ रहे रजनीश

हुकुम से भयाक्रांत नजर आ रहे रजनीश

दिनेश पटेल के कारण हो रहे रजनीश बुरी तरह बदनाम

(पीयूष भार्गव)

सिवनंी (साई)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केवलारी में चार बार परचम लहराने वाले मरहूम हरवंश सिंह ठाकुर के पुत्र रजनीश सिंह भले ही केवलारी विधानसभा क्षेत्र में अपने चाटुकार मीडिया के माध्यम से यह प्रचारित करवाने में सफल हो रहे हों कि वे केवलारी से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं पर हरवंश सिंह द्वारा पोषित घंसौर क्षेत्र के नेता कुंवर शक्ति सिंह जिन्हें लोग हुकुम के नाम से भी जानते हैं, उनकी राह में कांटे ही कांटे बिखराते जा रहे हैं।
कहा जा रहा है कि हरवंश सिंह ने अपने सियासी जीवन में मैनेज करने वाली राजनीति ही की है। चाहे विमला वर्मा को घर बिठाने का षणयंत्र रहा हो या फिर जिले में कांग्रेस संगठन को नेस्तनाबूत करने का काम हो। हरवंश सिंह ने कांग्रेस के अति महात्वाकांक्षी लोगों को चिन्हित कर उनके माध्यम से इस काम को बखूबी अंजाम दिया है। हरवंश सिंह के निधन के उपरांत कांग्रेस के लोगों की जुबानें खुलना आरंभ हुईं और अब वे एक दूसरे को बता रहे हैं कि किस तरह हरवंश सिंह ने उन्हें अस्त्र की तरह इस्तेमाल कर अपना उल्लू सीधा किया है।

हरवंश ने किया उपयोग
कुंवर शक्ति सिंह ने कई बार इस बात को दोहराया है कि उनका उपयोग कर हरवंश सिंह ने घंसौर क्षेत्र की कद्दावर नेता, प्रदेश की मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहीं उर्मिला सिंह (वर्तमान में महामहिम राज्यपाल, हिमाचल प्रदेश) को रास्ते से हटवाया था। शक्ति सिंह को रूपहले पर्दे का शक्ति कपूर जैसा विलेन बनाकर रख दिया हरवंश सिंह ने।

स्वीकारोक्ति के बाद भी मौन डीसीसी
कांग्रेस के अंदर अब अनुशासनहीनता शगल बनता जा रहा है। दरअसल, अनुशासनहीनता करने और उसके बाद सीना ठोंककर उस अनुशासनहीनता की गर्व के साथ स्वीकारोक्ति के बाद भी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही न किया जाना इसकी सबसे बड़ी वजह है। कुंवर शक्ति सिंह द्वारा सरेआम यह कह दिया गया कि उन्हें टिकिट नहीं मिली तो वे निर्दलीय मैदान में उतरेंगे, बावजूद इसके जिला कांग्रेस कमेटी ‘अज्ञात‘ भय के चलते शक्ति सिंह के खिलाफ कार्यवाही से कतरा रही है।

डरे हुए हैं रजनीश
कुंवर शक्ति सिंह द्वारा लगाई गई इस दहाड़ के बारे में जब ‘समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया‘ ने जिला कांग्रेस महामंत्री रजनीश सिंह से संपर्क किया और फोन पर उनसे शक्ति सिंह की इस हुंकार के बारे में प्रतिक्रिया जाननी चाही तो रजनीश सिंह ने मौन ही साधे रखा। जब जिला महामंत्री रजनीश सिंह से यह पूछा गया कि क्या जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शक्ति सिंह की इस दहाड़ के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही जैसा कदम उठाएगी? इस पर भी रजनीश सिंह ने अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी।

उगलत निगलत पीर घनेरी
उधर, ‘बर्रा दरबार‘ के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि दरअसल, रजनीश सिंह इस बात से बुरी तरह डरे हुए हैं कि अगर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कुंवर शक्ति सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाती है तो शक्ति सिंह इस कदर ‘रायता‘ फैलाएंगे कि रजनीश सिंह को केवलारी में चुनाव जीतना तो दूर लड़ने में भी पसीना आ जाएगा। अगर वे कार्यवाही नहीं करवाते हैं तो कार्यकर्ताओं में यह संदेश जा रहा है कि जिस तरह की राजनीति हरवंश सिंह द्वारा की गई अब वही राजनीति कुंवर शक्ति सिंह द्वारा की जा रही है और रजनीश सिंह अपने लाभ हानि के चक्कर में पार्टी को ही दांव पर लगा रहे हैं। कुल मिलाकर रजनीश सिंह के सामने उगलत निगलत पीर घनेरी की स्थिति निर्मित हो चुकी है।

दिनेश पटेल और सचिव होंगे पोलिंग एजेंट!

छपारा और केवलारी क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस भाजपा की नूरा कुश्ती जारी है। भाजपा के निचले दर्जे के कार्यकर्ता इस बात से हैरान हैं कि आखिर कांग्रेस के क्षत्रप रहे हरवंश सिंह के राजनीति में अभी अचानक उभरे पुत्र रजनीश सिंह के कथित संरक्षण वाले छपारा कला ग्राम पंचायत के सचिव लक्ष्मण सिंह और केवलारी के शिक्षक दिनेश पटेल के खिलाफ भाजपा सरकार कार्यवाही करने से कतरा क्यों रही है? अब तो लोग यह भी कहने लगे हैं कि भाजपा के जिला स्तर के बड़े नेता ही रजनीश सिंह के विजय के मार्ग प्रशस्त करने पर तुले हुए हैं। वरना क्या कारण है कि मीडिया में खबरों के बाद भी इनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही है। वहीं अब यह चर्चा भी आम हो गई है कि भाजपा ने केवलारी में रजनीश सिंह के सामने हथियार डाल दिए हैं, और दिनेश पटेल, लक्ष्मण सिंह सहित सरकारी कर्मचारी ही रजनीश सिंह के पोलिंग एजेंट बने नजर आएं तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

गौतम थापर की जेब में है प्रदूषण नियंत्रण मण्डल

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 12

गौतम थापर की जेब में है प्रदूषण नियंत्रण मण्डल

थापर के इशारों पर कत्थक कर रहा है पीसीबी


(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मध्य प्रदेश का प्रदूषण नियंत्रण मण्डल (पीसीबी) पिछले कुछ दिनों से देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान् झाबुआ पावर लिमिटेड के लिए प्राईवेट लिमिटेड कंपनी बनकर काम करता दिख रहा है। पर्यावरण के प्रहरी के बतौर भूमिका निभाने के बजाय यह सरकारी संस्थान झाबुआ पावर लिमिटेड की मदद में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहा है। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य घंसौर तहसील में स्थापित होने वाले 1260 मेगावाट (कागजों पर 1200 मेगावाट) के पावर प्लांट के मामले में कमोबेश यही कुछ होता दिख रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2009 मेें 22 अगस्त को इस पावर प्लांट के पहले चरण की लोकसुनवाई में पीसीबी ने अपनी वेब साईट पर इस लोकसुनवाई के बारे में मौन साधे रखा था। बाद में जब इस मामले में शोर शराबा मचाया गया तब जाकर पीसीबी की वेब साईट पर इसे 17 अगस्त को बमुश्किल अपलोड किया गया था। ठीक इसी तर्ज पर इस साल 22 नवंबर को हुई लोकसुनवाई में तो पीसीबी ने कमाल ही कर दिया। पीसीबी ने अपनी वेब साईट पर लोकसुनवाई की तिथि और अन्य विवरण के बारे में 22 नवंबर तक मौन साधे रखा।
पीसीबी के द्वारा ही इस लोकसुनवाई को आहूत किया गया था। इस लोक सुनवाई में लोगों को पर्यावरण के प्रभावों के बारे में ही न पता चले इसका पूरा पूरा बंदोबस्त कर रखा था प्रदूषण नियंत्रण मण्डल ने। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के सीमावर्ती सिवनी जिले में संभागीय मुख्यालय जबलपुर से महज सौ किलोमीटर दूर लगने वाले झाबुआ पावर प्लांट के इस संयंत्र के बारे में प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की वेब साईट का मौन रहना आश्चर्य जनक ही माना जा रहा है।
22 नवंबर को जब संचार क्रांति का अभिनव उदाहरण देते हुए आदिवासी बाहुल्य ग्राम गोरखपुर में लेपटाप पर वहां उपस्थित संयंत्र प्रशासन और जनसुनवाई कराने आए मेजबान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के अधिकारियों को वेब साईट दिखाई गई तो उनके हाथों से तोते उड़ना स्वाभाविक ही था, क्योंकि उन्हें आशा ही नहीं थी कि मौके पर भी कोई उन्हें ऐसा करारा तमाचा मार सकता है।
आनन-फानन 23 नवंबर को पीसीबी ने अपनी वेब साईट को अपडेट किया पर तब तक तो जनसुनवाई ही हो चुकी थी। विधि विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की गफलत अगर पीसीबी के अधिकारियों ने की है तो यह तो घोर अनियमितता की श्रेणी में आता है और चूंकि इंटरनेट का मामला है अतः इसका रिकार्ड आसानी से उपलब्ध हो सकता है, इन परिस्थितियों में 22 नवंबर की जनसुनवाई ही शून्य मानी जानी चाहिए।

विडम्बना तो देखिए प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा गौतम थापर की देहरी पर मुजरा करते हुए न केवल इसे वैधानिक माना गया वरन, पीसीबी की अनुशंसा पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण विभाग की एनओसी भी गौतम थापर के कदमों में लाकर रख दी गई।

अंडर वर्ल्ड को भा सकती है सिवनी की शांति

अंडर वर्ल्ड को भा सकती है सिवनी की शांति

लखन कुंवर की नगरी के रास्ते आमद दे सकता है सिवनी में अंडर वर्ल्ड

(महेश रावलानी/अय्यूब कुरैशी)

सिवनंी (साई)। लखन कुंवर की नगरी में पिछले एक दशक से आरंभ हुई भौंडे प्रदर्शन की परंपरा अगर सिवनी का अमन चैन छीन ले तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। जिले में मनोरंजन के नाम पर रूपहले पर्दे के थर्ड ग्रेड के अदाकारों को बुलवाकर शराब के नशे में उल जलूल प्रदर्शन करवाकर नई संस्कृति का आगाज किया गया, जिसकी परिणिति में अंडर वर्ल्ड की सिवनी में आमद की संभावना के बतौर देखा जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि नगर पंचायत के अध्यक्ष रहते हुए शराब करोबारी रहे, लखनादौन मस्ज़िद के सरपरस्त (जबकि इस्लाम में शराब को हराम माना गया है) लखनादौन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष (राय पेट्रोलियम के संचालक, जबकि एडव्होकेट एक्ट के तहत अधिवक्ता अन्य कोई व्यवसाय नहीं कर सकता) सिवनी से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा जनता की अदालत में जाने का ढोंग रचा गया था।

हर साल जाते रहे जनता की अदालत में
वे लगातार हर साल जनता की अदालत में जाते रहे हैं। जनता से समर्थन पाने का उनका तरीका भी नायाब ही बताया जाता रहा है। इसे इत्तेफाक ही माना जाए कि वे सिवनी से विधानसभा चुनाव नहीं जीते वरना सिवनी में भी हर साल वालीवुड के थर्ड ग्रेड के सितारे आते और शराब के नशे में ठुमके लगाकर सिवनी की संस्कृति में अश्लीलता परोस जाते।

तरीका रहा शानदार
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार जनता की अदालत में जाने के स्वांग के बीच ही एनाउंसमेंट होता कि जो दिनेश राय से सहमत है वह हाथ उठाए। इसके साथ ही आसमान में आतिशबाजी छोड़ दी जाती और लोग हाथ उठा उठाकर एक दूसरे को आतिशबाजी दिखाते। इसी बीच 53 ग्रेड की सीमेंट के मानिंद उनके चाटुकार मीडिया पर्सन्स इसे अपने कैमरे में कैद करते और फिर क्या, दिनेश राय की वाहवाही की गूंज चहुंओर हो जाती।

इतिहास गौरवशाली है सिवनी का
सिवनी का इतिहास बहुत ही शानदार रहा है। सिवनी का हर नागरिक गर्व के साथ सिवनी का नागरिक होने का दावा इसलिए करता है क्योंकि सिवनी में गंगा जमुनी संस्कृति के साथ ही साथ यहां सामाजिक, व्यवहारिक, राजनैतिक भाईचारा और संयमित जीवन शैली पटी पड़ी है।

हाथ में लट्ठ नहीं देखा पर वो टांगते हैं कमर में पिस्टल!
सिवनी का इतिहास गवाह है कि यहां आज तक कोई भी व्यक्ति हाथ में लट्ठ लेकर नहीं घूमता नजर आया है, पर लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन को पता नहीं किससे खौफ है कि वे हर वक्त कमर में रिवाल्वर लटकाए घूमते नजर आते हैं। सिवनी मेें आधे से ज्यादा लोगों ने रिवाल्वर या तो सिनेमा में ही देखी होगी या फिर चित्रों में। कहा जाता है कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन के इर्द गिर्द जुटने वाली भीड़ उनके आकर्षण के बजाए उनकी कमर में टंगे होस्टलर के अंदर फंसी रिवाल्वर को देखने ज्यादा उमड़ती है।

पति की बजाए पुत्र की परंपरा का पालन
अब तक का इतिहास इस बात का साक्षी है कि पिता या माता के आचरण का अनुपालन पुत्र या पुत्री द्वारा किया जाता रहा है। पर लखन कुंवर की नगरी में उलट बंसी बज रही है। लखनादौन के ‘मर्द‘ दिनेश राय के हवाले से मीडिया में जो बात परोसी गई है उसके मुताबिक लखनादौन नगर परिषद् की अध्यक्ष श्रीमती सुधा राय अपने पति या अन्य वरिष्ठ परिजनों के कामों या परंपराओं का अनुसरण करने के स्थान पर अपने पुत्र दिनेश राय की परंपराओं को ही आगे बढ़ा रही है। उसी क्रम में लखनादौन में जनता की अदालत का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पुत्र की परंपराओं का अनुपालन बहुत ही अच्छी बात है पर अगर वे अपने पति या अन्य किसी वरिष्ठ पारिवारिक सदस्य की परंपराओं का अनुपालन करतीं तो यह वाकई अनुकरणीय ही होता।

भोगमान भोगेंगे खुद, कहां है आयकर विभाग!
मीडिया में अपनी वाहवाही लूटने के चक्कर में दिनेश राय उर्फ मुनमुन के हवाले से यह भी प्रकाशित किया गया है कि जनता की अदालत के इस आयोजन का खर्च भी दिनेश राय और श्रीमती सुधा राय द्वारा ही उठाया जाएगा। इसके पहले सालों साल जनता की अदालत का स्वांग रचा गया और हर बार उसका खर्च दिनेश राय द्वारा उठाया जाना दर्शाया गया है। सवाल यह उठता है कि इस साल रवीना टंडन, मोनिका बेदी जैसे सितारे आ रहे हैं, क्या ये महज दो चार हजार रूपए पारिश्रमिक लेकर आ रहे होंगे? जाहिर है नहीं? ये लाखों के नीचे तो बात भी नहीं करते हैं। इन परिस्थितियों में यक्ष प्रश्न फिर वही खड़ा हुआ है कि आखिर कल तक सायकल को मोहताज लखनादौन में मिलन होटल के बाजू में पीसीओ और फोटोकॉपी की दुकान चलाने वाले एक शख्स के पास कौन सा अलाऊद्दीन का चिराग आ गया है और वह रातोंरात इतना दौलतमंद हो गया है कि वह दोनों हाथों से पैसा लुटा रहा है। धार्मिक आयोजनों में बढ़ चढ़कर पैसा बांट रहा है। इस तरह के भौंडे प्रदर्शन में करोड़ों उड़ा रहा है। आखिर इन परिस्थितियों में आयकर विभाग का मौन यही साबित कर रहा है मानो आयकर विभाग का मुंह भी भारी भरकम थैली रखकर बंद कर दिया गया है।

सेट है कांग्रेस भाजपा
कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को धूल चटाने वाले जिले के इकलौते कथित मर्द (पिछले विधानसभा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा खुद को मर्द कहा गया था, जो काफी हद तक मजाक का विषय बना रहा) के खिलाफ कांग्रेस और भाजपा के साथ ही साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी भी कार्यवाही से कतराती है। लखन कुंवर की नगरी में बच्चे बच्चे की जुबान पर चर्चा है कि अगर दिनेश राय उर्फ मुनमुन के खिलाफ कोई भी कार्यवाही की गई तो रात की ‘पर्ची‘ बंद हो जाएगी और फिर सोडे की डकार के लिए अंटी के पैसे खर्चने होंगे। इसके साथ ही साथ यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस और भाजपा के नेता इसलिए भी लखनादौन नगर परिषद् के कामों में हस्ताक्षेप नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि दोनों दलों के आला नेताओं की भागीदारी, अनेक कामों में एक नेता विशेष के साथ है।

मोनिका बेदी का आना. . .
अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की घोषित माशूका रही हैं मोनिका बेदी। मोनिका बेदी से अबू सलेम बेइंतहा मोहब्बत करता है, यह बात भी आईने की तरह ही साफ है। नगर परिषद् लखनादौन के अध्यक्ष के चुनावों के दर्मयान भी श्रीमती सुधा राय जिनकी छवि भद्र, घरेलू, कुलीन एवं आदर्शवादी महिला की है के द्वारा अपनी छवि से हटकर मोनिका बेदी को प्रचार हेतु बुला भेजा था। उस दौरान सोशल मीडिया पर मोनिका बेदी के लखन कुंवर की नगरी आकर उसे अपवित्र करने की बातें सामने आईं। इसके बाद पता नहीं कैसे बाकी के कलाकार तो आए पर मोनिका बेदी प्रचार में नजर नहीं आईं।

अंडर वर्ल्ड के लिए बन रहा रास्ता
कहा जा रहा है कि मोनिका बेदी को बार बार सिवनी जिले की सरजमीं पर लाने के प्रयासों से जाने अनजाने में अंडरवर्ल्ड के लोगों के लिए सिवनी में आमद के लिए उपजाऊ माहौल तैयार किया जा रहा है। पता नहीं लखन कुंवर की नगरी की नगर पंचायत में ऐसा कौन सा झाड़ लगा हुआ है जिसके पत्ते तोड़कर यहां के अध्यक्ष रातों रात धन्ना सेठ बन जाते हैं। इसके बाद हर साल जनता की अदालत में जाने के बहाने वालीवुड के थर्ड ग्रेड के कलाकरों को बुलवाकर फूहड़ता का प्रदर्शन करने से बाज नही आते हैं। वस्तुतः श्रीमती सुधा राय को अपनी अच्छी छवि और आयु के अनुरूप एक साल पूरे होने पर लखनादौन में अखंड रामायण पाठ, भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन कराना चाहिए था। लोग तो यह कहने से भी नहीं चूक रहे हैं कि श्रीमती सुधा राय नाती पोतों वाली हो चुकीं हैं इस तरह के भौंडे आयोजन न तो उन्हें कराने चाहिए और न ही देखने की ही उनकी उम्र है। अगर उन्हें धर्म कर्म में आस्था नहीं है तो अपनी आयु के अनुरूप वे कवि सम्मेलन का आयोजन करवा देतीं तो आलोचना से बच सकतीं थीं।

कहा जा रहा है कि मोनिका बेदी के आगे पीछे अबू सलेम के गुर्गे एकाध सप्ताह पहले से सिवनी में आकर डेरा डाल लेंगे। उस वक्त सिवनी के नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी के लिए एक नया सरदर्द खड़ा हो सकता है। यह भी माना जा रहा है कि सिवनी की शांत फिजां और ढीला पोला लचर खुफिया सूचना तंत्र इन गुर्गों के लिए मुफीद साबित हो सकता है। सिवनी में अगर अंडरवर्ल्ड के लोगों की आमद हुई तो वह लखनादौन के रास्ते ही सबसे सुलभ मानी जा रही है।

शनिवार, 7 सितंबर 2013

नये राज्य से खुलेंगे विकास के द्वार

नये राज्य से खुलेंगे विकास के द्वार

विदर्भ के निर्माण की मांग के समर्थन में आगे आये महाकौशल का प्रस्तावित संभाग

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। आंध्रप्रदेश में पृथक तेलंगाना की मांग पूरी होने के साथ ही देश भर में नये प्रदेशों के निर्माण की मांग सम्बंधी जो आंधी चली है शायद वह इस अभागे और पिछड़े क्षेत्र के विकास में सहायक साबित हो सकती है। ज्ञातव्य है कि नये राज्यों की मांग के सिलसिले में महाराष्ट्र की उत्तरी सीमा में फैले लगभग एक दर्जन जिलों को मिलाकर नये विदर्भ प्रांत के गठन की मांग भी शामिल है।
यह सर्वविदित है कि प्रस्तावत विदर्भ राज्य की सीमा मध्यप्रदेश के जबलपुर संभाग के उन तीनों जिलों सिवनी, छिंदवाड़ा और बालाघाट को छूती हैं जिन्हें मिलाकर नये संभाग के गठन की घोषणा प्रदेश के मुखिया द्वारा पांच साल पहले की गयी थी किंतु इन पांच सालों में वह घोषणा पांच कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई।
नये प्रदेश के गठन और उसमें तीनों जिलों के शामिल होने की बात न तो कोरी कल्पना है, न असंभव और न ही मजाक। आधी सदी पहले तक सिवनी छिंदवाड़ा और बालाघाट जिले सी पी एण्ड बरार नामक उस ही प्रदेश के अंग थे जिसकी राजधानी नागपुर थी। राज्यों के पुनर्गठन के समय 1957 में उस प्रदेश के दो भाग कर सी पी अर्थात मध्यप्रांत को नवगठित मध्यप्रदेश में और बरार अर्थात विदर्भ को नये महाराष्ट्र राज्य में शामिल कर दिया गया।
मध्यप्रांत के साथ ही मध्यप्रदेश के वर्तमान तीन और तत्कालीन दो जिले बालाघाट एवं छिंदवाड़ा भी नये मध्यप्रदेश का हिस्सा बन गय थे। स्मरणीय है कि उस समय तक सिवनी जिले का अस्तित्व नहीं था बल्कि यह छिंदवाड़ा जिले की एक तहसील मात्र थी। नवगठित प्रदेश की राजधानी भोपाल है जिसकी दूरी बालाघाट से 500 कि.मी. सिवनी से 400 कि.मी. और और छिंदवाड़ा से 325 कि.मी. है।
इसके विपरीत पुराने प्रदेश की राजधानी और प्रस्तावित विदर्भ प्रदेश की राजधानी नागपुर की उपरोक्त तीनों ही जिलों से दूरी सवा सौ कि.मी. से अधिक नहीं है। यह भी सभी लोग भलीभांति जानते हैं कि इन तीनों ही जिलों के लोगों का व्यावसायिक, शैक्षणिक, सामाजिक और विशेषकर चिकित्सकीय सम्बंध अभी भी सबसे अधिक नागपुर से ही है। बालाघाट जिले का अधिकांश भूभाग, सिवनी जिले का दक्षिणी सीमांत क्षेत्र और छिंदवाड़ा जिले का एक तिहाई भाग महाराष्ट्र खासकर विदर्भ की संस्कृति से अत्याधिक प्रभावित है जहां की बोलचाल में भी उस संस्कृति का प्रभाव साफ नजर आता है।

ऐसी स्थिति में यदि केंद्र सरकार नये प्रदेशों के गठन पर नये सिरे से विचार करना प्रारंभ करती है तो प्रस्तावित संभाग के तीनों जिलों के राजनेताओं को इस पिछड़े क्षेत्र के उत्थान के लिये विदर्भ प्रदेश में सम्मिलित होने के लिये सयंुक्त रूप से प्रयास करना चाहिये। यह सर्वविदित है कि राजधानी के निकट होने का लाभ राजनेताओं और आम नागरिकों को मिलता है। हमेशा राजधानी के निकट वाले क्षेत्रों के विकास को पंख लग जाते हैं जबकि दूरस्थ क्षेत्र विकास में हमेशा पिछड़े रहते है। जैसा कि अभी प्रस्तावित संभाग के तीनों जिलों के विकास के साथ हो रहा है।

मिड डे मील में जलेबी पोहा!

मिड डे मील में जलेबी पोहा!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। नेताजी सुभाष स्कूल में शायद मिड डे मील के स्तर में जबर्दस्त सुधार आ चुका है। लंबे समय से कोतवाली के सामने स्थित इस शाला में मिड डे मील में जलेबी पोहा परोसा जा रहा है। जी हां, यह सच है जलेबी पोहा बच्चों के लिए नहीं, वरन शिक्षकों के नाश्ते के लिए परोसा जा रहा है।
नेताजी सुभाष स्कूल के एक शिक्षक ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि नेताजी सुभाष स्कूल में बच्चों को दिया जाने वाला मध्यान्ह भोजन पूरी तरह गुणवत्ता विहीन ही है। इसे प्रदाय करने वाले ठेकेदार ने एक बेहतरीन तरीका इजाद किया है शिक्षकों को साधने का।
उक्त शिक्षक की बात पर यदि यकीन किया जाए तो 15 अगस्त को शाला में परोसे गये मध्यान्ह भोजन में सब्जी बुरी तरह सडांध मार रही थी। उक्त ठेकेदार द्वारा शिक्षकों को रोजाना गरमा गरम जलेबी और पोहा का नाश्ता करवाया जाता है। जिसके एवज में शाला में उपस्थिति से ज्यादा तादाद में ठेकेदार के पास उपस्थिति दर्शाई जाती है।

बच्चों ने भी मध्यान्ह भोजन की शिकायत करते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता बहुत ही खराब है। बावजूद इसके न तो जिला पंचायत की ओर से ही कोई शाला में जाकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर रहा है और न ही महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ही संज्ञान लिया जा रहा है।