रविवार, 6 अप्रैल 2014

डॉ.गर्ग ने पुनः किया आचार संहिता का उल्लंघन!

डॉ.गर्ग ने पुनः किया आचार संहिता का उल्लंघन!

आदेश नहीं मिले किसका ले लूं चार्ज: सीएमएचओ

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ.सतीश दत्त गर्ग को संभागायुक्त जबलपुर द्वारा निलंबित किए जाने के बाद भी उन्होंने अपना प्रभार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नहीं सौंपा है। डॉ.गर्ग आज जबलपुर प्रवास पर थे, किन्तु उन्होंने मुख्यालय छोड़ने के लिए किसकी अनुमति ली यह ज्ञात नहीं हो सका है।
जिला कलेक्टोरेट के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ.सतीश दत्त गर्ग को संभागायुक्त दीपक खाण्डेकर द्वारा जिला कलेक्टर सिवनी की अनुशंसा युक्त टीप के बाद निलंबित कर दिया गया है। इस आशय का फेक्स जिला कलेक्टर कार्यालय को शुक्रवार को दोपहर बाद मिल गया था।
सूत्रों ने आगे कहा कि आदेश में यह स्पष्ट उल्लेखित किया गया है कि निलंबन अवधि में डॉ.सतीश दत्त गर्ग का मुख्यालय जिला कलेक्टर कार्यालय होगा। इस आदेश के अनुसार डॉ.गर्ग को अपना प्रभार तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.के.श्रीवास्तव को सौंपने को कहा गया था। सूत्रों ने कहा कि आदेश को बाकायदा मार्क करवाकर सीएमएचओ और प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ.गर्ग के पास भेज दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में आदेशों की तामीली का कार्य तहसीलदार सिवनी को सौंपा गया है।
उधर, सीएमएचओ कार्यालय के सूत्रों का कहना कि डॉ.एस.के.श्रीवास्तव को अभी तक इस बारे में पता ही नहीं है कि उन्हें जिला आयुष अधिकारी का प्रभार भी अतिरिक्त तौर पर मिलने वाला है। सूत्रों ने कहा कि अगर इस तरह का आदेश जिला कलेक्टर कार्यालय से सीएमएचओ को हमदस्त करवा दिया गया हो तो कहा नहीं जा सकता।
डॉ.गर्ग के करीबी सूत्रों का कहना है कि निलंबन पर स्थगन हेतु वे पूरी तरह प्रयासरत हैं। शुक्रवार को दोपहर बाद आयुक्त कार्यालय से प्राप्त फेक्स के बाद भी इन पंक्तियों के लिखे जाने तक लगभग चौबीस घंटे बीतने के बाद भी इस आदेश का सीएमएचओ तक न पहुंचना आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
कहा जा रहा है कि प्रशासन द्वारा जानबूझकर डॉ.गर्ग को समय दिया जा रहा है ताकि वे निलंबन पर स्थगन की कार्यवाही को अंजाम दे सकें। वैसे भी कल रविवार है और रविवार को उनका कार्यभार सीएमएचओ द्वारा ग्रहण नहीं किया जा सकेगा। किन्तु तहसीलदार कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सीएमएचओ की प्रति उनके कार्यालय में अपरान्ह को ही भेज दी गई थी, जिसकी पावती भी तहसीलदार कार्यालय के पास सुरक्षित रखी है।
सूत्रों ने कहा कि तहसीलदार एस.के.जैन ने खुद मोबाईल पर डॉ.गर्ग से चर्चा कर उन्हें इस निलंबन आदेश की जानकारी दी है। डॉ.गर्ग द्वारा बताया गया कि वे किसी प्रकरण के सिलसिले में जबलपुर गए हुए हैं, एवं सोमवार के पहले वे वापस नहीं आ सकेंगे। यक्ष प्रश्न यही खड़ा हुआ है कि अगर डॉ.गर्ग किसी प्रकरण के सिलसिले में जबलपुर गए हैं तो क्या चुनाव आचार संहिता के चलते उनके द्वारा किसी सक्षम अधिकारी से मुख्यालय छोड़ने की पूर्वानुमति प्राप्त की है? वैसे भी उन्हें सेक्टर मजिस्ट्रेट की जवाबदेही सौंपी गई थी, किन्तु 19 मार्च को उनके स्थान पर किसी अन्य अधिकारी को यह जवाबदेही सौंप दी गई थी।

मुझे किसी तरह का कोई आदेश अब तक नहीं मिला है, अब आप ही बताएं कि मैं किसका चार्ज और कैसे ले लूं?
डॉ.एस.के.श्रीवास्तव,
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिवनी.

डॉ.गर्ग का पता नहीं है। उनके कार्यालय में लोग बता रहे हैं कि वे जबलपुर गए हैं। उनके घर पर नोटिस चस्पा कर वीडियो ग्राफी करवाई गई है।
एस.के.जैन,

तहसीलदार, सिवनी.

प्रियंका ने संभाली वॉर रूम की कमान

प्रियंका ने संभाली वॉर रूम की कमान

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। खुद को अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र तक सीमित रखने वाली गांधी परिवार की तीसरी अहम सदस्य प्रियंका गांधी ने पार्टी के भीतर अपनी भूमिका बढ़ाई है। हालांकि, वह खुले तौर पर पार्टी हेड ऑफिस में नहीं दिखतीं, लेकिन पर्दे के पीछे रहकर मौजूदा चुनाव से जुड़ी पार्टी की रणनीतिक तैयारियों में अहम भूमिका निभा रही हैं।

चेंज हुआ रूम
प्रियंका ने जहां एक ओर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया और उपाध्यक्ष राहुल के चुनावी शेड्यूल को तय करने की जिम्मेदारी ले रखी है, वहीं वह पार्टी के कैंपेन प्लान से लेकर चुनावी मैनेजमेंट तक की योजनाओं में दखल रखती हैं। प्रियंका की सक्रिय भूमिका को देखते हुए कांग्रेस का वॉर रूम भी फिलहाल गुरुद्वारा रकाबगंज से बदलकर राहुल के सरकारी निवास 12 तुगलन लेन शिफ्ट हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल के घर से चलने वाले वॉर रूम की कमान पूरी तरह से प्रियंका के हाथों में है। जबकि पार्टी का औपचारिक वॉर रूम अब सिर्फ रुटीन चीजों के लिए रह गया है, जबकि सारी अहम चीजें राहुल के घर से तय हो रही हैं।

थाम ली कमान
कैपेंन, मीडिया प्लैनिंग से लेकर चुनावी शेड्यूल और विभिन्न मुद्दों पर ली जाने वाली पार्टी लाइन तक पर प्रियंका अपनी पैनी नजर रख रही हैं। वह इन मुद्दों को लेकर जहां एक ओर अपने मां और भाई के संपर्क में हैं, वहीं दूसरी ओर वह पार्टी के अहम नेताओं और रणनीतिकारों के साथ लगातार मीटिंग करके अहम मुद्दों पर सक्रियता दिखा रही हैं। बताया जाता है कि प्रियंका का काफी वक्त यहीं बीतता है। मालूम हो कि कांग्रेस में प्रियंका की सक्रियता की खबरें तभी से सामने आने लगी थीं, जब उन्होंने अपने भाई की गैरमौजूदगी में पार्टी और सरकार के कुछ अहम रणनीतिकारों के साथ मीटिंग की थी।

रणनीति में दखल

पार्टी की ओर से यह कहा गया था कि प्रियंका की भूमिका सिर्फ अपनी मां और भाई के चुनाव क्षेत्र और प्रोगाम्स की देखरेख करना है, लेकिन प्रियंका की सक्रियता की खबरें जिस तरह से सामने आती रहीं, उससे साफ हो गया कि इन चुनावों में वह इनसे इतर पार्टी की रणनीतिक तैयारियों में भी अहम भूमिका निभाने वाली हैं। ध्यान रहे कि जहां सोनिया पार्टी की व्यस्तताओं और राहुल संगठन के साथ-साथ चुनाव प्रचार में बिजी हैं, उसे देखते हुए ही प्रियंका ने इन दोनों की गैरमौजूदगी में पीछे से चुनावी तैयारियों की देखरेख की कमान संभालने का फैसला किया। वह रोजाना की मीटिंग्स के साथ-साथ पार्टी के महासचिवों के साथ मिलकर चुनावी तैयारियों की जानकारी भी ले रही हैं।

‘सोनिया के घर में है सबसे बड़ा भू-माफिया‘

‘सोनिया के घर में है सबसे बड़ा भू-माफिया‘

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। मध्यप्रदेश में खनिज और भू-माफिया का राज होने के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आरोप पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने करारा जवाब दिया है.
चौहान ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि देश का सबसे बड़ा भू-माफिया तो खुद सोनिया गांधी के घर में बैठा है. शिवराज ने कहा कि देश का सबसे बड़ा भू-माफिया सोनिया गांधी का दामाद रॉबर्ट वाड्रा है, जो उन्हीं के घर में बैठा है. उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी ने गुरुवार को सीधी में मध्यप्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि यहां चारों ओर भ्रष्ट्राचार का बोलबाला है. यहां के मंत्री से लेकर अफसर तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रदेश में खनिज और भू-माफिया का दबदबा है.

आडवाणी की संपत्ति 7 करोड़ रूपए

आडवाणी की संपत्ति 7 करोड़ रूपए

(जलपन पटेल)

अहमदाबाद (साई)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने आज चुनाव अधिकारियों के सामने अपनी और अपने परिवार की संपत्ति लगभग सात करोड़ रूपए घोषित की।
आडवाणी ने आज गांधीनगर लोकसभा सीट से अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। हलफनामे के मुताबिक, 2009 के आम चुनाव के बाद से आडवाणी और उनके परिवार की संपत्ति दोगुना हुई है। आडवाणी ने 2009 में अपनी संपत्ति 3.5 करोड़ रूपए घोषित की थी।
आडवाणी ने बताया है कि गुड़गांव में उनके दो और गांधीनगर में एक मकान हैं। मौजूदा बाजार कीमत के मुताबिक इन मकानों का मूल्य 5.57 करोड़ रूपए है । साल 2009 में इन मकानों की कीमत कुल 2.35 करोड़ रूपए बताई गई थी। गुड़गांव में उन्होंने अपने एक मकान की कीमत 2.27 करोड़ रूपए बताई जबकि दूसरे की कीमत करीब 2.29 करोड़ रूपए बताई। गांधीनगर के सेक्टर-2 स्थित एक मकान की कीमत उन्होंने लगभग एक करोड़ रूपए बताई।
आडवाणी के बैंक खातों में कुल 97.23 लाख रूपए जमा हैं जबकि उनकी पत्नी के बैंक खातों में 67.13 लाख रूपए जमा हैं। गांधीनगर से पांच बार सांसद चुने गए आडवाणी और उनकी पत्नी कमला आडवाणी के पास 40 लाख रूपए के आभूषण हैं। आडवाणी के पास 25,000 रूपए नगद जबकि उनकी पत्नी के पास 15,000 रूपए नगद है।

जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल हलफनामे के मुताबिक, भाजपा नेता की कोई वित्तीय देनदारियां नहीं हैं। हलफनामे में आडवाणी ने स्पष्ट किया है कि वह 1992 में हुई बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना में एक आरोपी हैं। किसी बैंक या सरकार का कर्ज उन पर बाकी नहीं है। आडवाणी के पास कोई मोटर वाहन नहीं है।

एसडीएम ने राहुल को नहीं दिया ऐड्रेस प्रूफ

एसडीएम ने राहुल को नहीं दिया ऐड्रेस प्रूफ

(सीमा श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस उपाध्याक्ष राहुल गांधी के लिए नई मुश्किल खड़ी हो गई है। अमेठी एसडीएम ने राहुल गांधी के उस आवेदन को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने निवास प्रमाणपत्र मुहैया कराने की मांग की थी।
एसडीएम का कहना है कि राहुल ने निवास प्रमाणपत्र पाने के लिए जरूरी शर्तों को पूरा नहीं किया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी का मूल निवास नई दिल्ली है और अमेठी उनका संसदीय क्षेत्र है। उधर, मथुरा में लोकसभा चुनाव की बीजेपी उम्मीउदवार हेमा मालिनी गुरुवार सुबह दस बजे नामांकन दाखिल करने पहुंचीं तो वहां डीएम नहीं थे। करीब सवा घंटे बाद डीएम पहुंचे और तब नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

राहुल क्यों लेना चाहते थे आवास प्रमाणपत्र?
बताया जाता है कि राहुल अपने संसदीय क्षेत्र में बैंक अकाउंट खोलना चाहते हैं। लोकसभा चुनाव में खर्चों का हिसाब रखने के लिए इसकी जरूरत है। बैंक खाता खुलवाने के लिए राहुल ने निवास प्रमाणपत्र मांगा था। राहुल के निवास प्रमाणपत्र के लिए कांग्रेस के जिला प्रवक्ता राजेन्द्र सिंह ने आवेदन किया था।

इसलिए किया एसडीएम ने आवेदन खारिज

जिला प्रशासन का कहना है कि राहुल गांधी की तरफ से एक वकील ने आवेदन पत्र दिया था, जो नियम के मुताबिक गलत है। राहुल को निवास प्रमाणपत्र के लिए या तो खुद या फिर किसी अधिकृत व्यक्ति के जरिए आवेदन देना होगा और आवेदन पत्र के साथ वोटर आईडी कार्ड समेत कई दस्तावेज भी जमा करने होंगे। चूंकि ये दस्तावेज आवेदन के साथ नहीं जमा किए गए थे, इसलिए भी उनका आवेदन खारिज कर दिया गया। साथ ही एसडीएम ने अपने कारण में यह भी बताया कि अस्थाई निवास प्रमाणपत्र के लिए कुछ समय तक बताए गए स्थान पर लगातार निवास करने की जरूरत होती है।

कांग्रेस को समर्थन को लेकर आपस में भिड़े बुखारी ब्रदर्स

कांग्रेस को समर्थन को लेकर आपस में भिड़े बुखारी ब्रदर्स

(एडविन अमान)

नई दिल्ली (साई)। जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी के छोटे भाई सैयद याहिया बुखारी ने अपने बड़े भाई के कांग्रेस को समर्थन करने के फैसले का विरोध किया और पार्टी पर मुस्लिमों की पीठ पर वार करने का आरोप लगाया.
याहिया ने कहा, ‘10-12 साल पहले मुस्लिमों के खिलाफ गुजरात में नरेंद्र मोदी की सरकार में क्या हुआ, मुस्लिमों को जिस तरह से मारा गया, सब जानते हैं. लेकिन कांग्रेस इससे 10 गुना आगे है. कांग्रेस ने अन्य किसी पार्टी से ज्यादा मुस्लिमों को मारा है.‘ उन्होंने दावा किया, ‘मैं दोहराना चाहूंगा कि बीजेपी ने हमेशा मुस्लिमों पर सामने से हमला किया है लेकिन कांग्रेस ने हमेशा पीठ पर वार किया है. मेरे पिता भी यही बात कहा करते थे.‘
कांग्रेस को समर्थन देने के शाही इमाम के ऐलान पर उन्होंने कहा, ‘मैं पहले कह चुका हूं कि मैं इसका विरोध करता हूं और इसकी निंदा करता हूं.‘ याहिया ने कहा, ‘मैं नेता नहीं हूं इसलिए अपील जारी नहीं करूंगा लेकिन अनुरोध करूंगा और उनके सामने कांग्रेस पर अपनी राय व्यक्त करूंगा. सबसे पहली बात तो कांग्रेस दावा करती है कि उसने मुस्लिमों के लिए बहुत कुछ किया है लेकिन यह साबित हो गया है कि पिछले 10 साल में उसने क्या किया. मुझे एक मिसाल दीजिए कि मुस्लिमों को किस तरह का संरक्षण दिया गया.‘
याहिया ने मंगलवार को अपने बड़े भाई और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुलाकात पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘बंद कमरे में हुई बैठक में यह फैसला क्यों लिया गया? यह संवाददाता सम्मेलन शाही इमाम ने क्यों बुलाया और उन्होंने सोनिया गांधी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन क्यों नहीं किया?‘
उन्होंने कहा कि 2004 में शाही इमाम ने अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई वाली बीजेपी को समर्थन दिया था और उत्तर प्रदेश में 2012 के विधानसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव की सपा को समर्थन जताया था. याहिया बुखारी ने कहा, ‘लेकिन अगर कोई उनके वायदे पूरे नहीं कर सकता तो इस बात की क्या संभावना है कि सोनिया गांधी वायदों को पूरा करेंगी.‘

उन्होंने कहा, ‘आज के समय में मुझे एक नेता का नाम बताएं जिस पर भरोसा किया जा सकता हैय. अगर कल नरेंद्र मोदी इस तरह का आश्वासन देंगे तो क्या आप उन्हें समर्थन देंगे? बीजेपी और कांग्रेस दोनों हत्यारी हैं और आपने एक हत्यारे को समर्थन देने का फैसला किया है.‘

विराट कोहली बेस्ट बल्लेबाज और आर अश्विन बन सकते हैं बेस्ट बॉलर

विराट कोहली बेस्ट बल्लेबाज और आर अश्विन बन सकते हैं बेस्ट बॉलर
(रश्मि सिन्हा)
नई दिल्ली (साई)। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने का सौभाग्य चाहे टीम इंडिया को मिले या न मिले लेकिन ये तो लगभग तय है कि टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का ताज विराट कोहली के सिर ही सजेगा, जबकि सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में आर अश्विन नंबर-1 बन सकते हैं. रविवार को टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाना है जिसके बाद तय हो जाएगा कि कौन सी टीम टी-20 चौंपियन बनती है.
विराट कोहली फिलहाल सबसे आगे
टीम इंडिया के जांबाज बल्लेबाज विराट कोहली टूर्नामेंट में रन बनाने वालों की रेस में सबसे आगे बने हुए हैं. कोहली ने अभी तक टूर्नामेंट में 5 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 3 बार नॉटआउट रहते हुए 121 की जबर्दस्त औसत के साथ 242 रन बनाए हैं. इस दौरान विराट ने 3 पचासा जड़े हैं और सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई 72 रनों की पारी उनकी बेस्ट पारी रही है. इस लिस्ट में उनके बाद दूसरे नंबर पर नीदरलैंड्स के टॉम कूपर हैं जिनके नाम पर 231 रन दर्ज हैं. तीसरे नंबर पर नीदरलैंड्स के ही स्टीफन माइबर्ग हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 224 रन बनाए हैं.
रोहित शर्मा निकल सकते हैं विराट से आगे
विराट कोहली को अगर इस रेस में कोई पिछाड़ सकता है तो वो हैं टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और महेला जयवर्धने. इसके अलावा बाकी खिलाड़ी रेस से इसलिए बाहर हो चुके हैं क्योंकि उनकी टीमें ही टूर्नामेंट से आउट हो चुकी हैं. रोहित 171 रन बनाकर 8वें नंबर पर हैं और अगर उन्हें इस रेस में विराट से आगे निकलना है तो कम से कम 71 रन बनाने होंगे. लेकिन उस स्थिति या तो विराट को बल्लेबाजी का मौका न मिले या फिर वो बिना रन बनाएं आउट हो जाएं. विराट की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ऐसा मुश्किल ही लगता है.
वहीं श्रीलंकाई बल्लेबाज और अपना आखिरी इंटरनेशनल टी-20 मैच खेलने जा रहे महेला जयवर्धने 16वें नंबर पर हैं. जयवर्धने के नाम पर फिलहाल 134 रन दर्ज हैं. महेला जयवर्धने को उनकी बराबरी करने के लिए 108 रनों की दरकार है. लेकिन टी-20 में सेंचुरी जड़ना इतना आसान नहीं है. फिलहाल तो विराट ही ये रेस जीतने के प्रबल दावेदार हैं.
अश्विन बनेंगे ‘बेस्ट‘ बॉलर!
वहीं अगर गेंदबाजों की बात करें तो साउथ अफ्रीका के फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर 12 विकेट लेकर टॉप पर हैं, लेकिन उनकी टीम टूर्नामेंट से आउट हो चुकी है. इसके अलावा नीदरलैंड्स के अशन मलिक के नाम पर भी इतने ही विकेट दर्ज हैं लेकिन उनकी टीम तो लीग मैचों में ही बाहर हो चुकी है. कैरेबियाई गेंदबाज सैमुअल बद्री 11 विकेट लेकर लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं और उनकी टीम भी सेमीफाइनल में दम तोड़ चुकी है. अब नंबर आता है आर अश्विन का. अश्विन फिलहाल 10 विकेट लेकर चौथे नंबर पर हैं लेकिन नंबर 1 बनने के लिए उन्हें फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ कम से कम 2 विकेट लेने होंगे, जो कि बहुत मुश्किल टास्क तो नहीं है. अश्विन के लिए टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत भले ही अच्छी न रही हो लेकिन पिछले 3 मैचों में उन्होंने न केवल वापसी की बल्कि 2 बार मैन ऑफ द मैच भी बने. अश्विन ने पहले 2 मैचों में एक ही विकेट लिया था लेकिन बाकी 3 मैचों में 9 विकेट झटक डाले. अब ऐसी फॉर्म में 2 विकेट लेना उनके लिए मुश्किल नहीं होना चाहिए.

शुक्रवार, 4 अप्रैल 2014

निगम ने शैक्षणिक संस्थाओं से स्कूली सामग्री का विक्रय प्रतिबंधित किया

निगम ने शैक्षणिक संस्थाओं से स्कूली सामग्री का विक्रय प्रतिबंधित किया

किताब-कॉपियां, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म दुकान विशेष से क्रय नहीं होंगी

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। म.प्र. पाठ्य पुस्तक निगम प्रबंध संचालक सतीश मिश्र द्वारा एक परिपत्र जारी कर केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल सीबीएसई से संबंधित विद्यालयों एवं मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संबंध में जिले के समस्त विद्यालय परिसरों में किताब, कॉपियां, स्टेशनरी, गणवेश एवं अन्य सामग्री का विक्रय प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा विद्यालय छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को उक्त सामग्री हेतु किसी विशिष्ट दुकान या संस्थान से क्रय विक्रय हेतु बात भी नहीं कर सकेंगे।
उल्लेखनीय होगा कि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी की जानकारी में यह बात आई थी कि कतिपय विद्यालय अपने संस्थान से पढ़ाये जाने वाले पाठ्यक्रम की पुस्तकें, कॉपी एवं निर्धारित किये गये गणवेश आदि विद्यालय से खरीदने हेतु छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बाध्य करते हैं। विद्यालयों की इस प्रवृत्ति पर पूर्ण विराम लगाने हेतु निगम द्वारा परिपत्र जारी किया गया हैं। इस परिपत्र के जारी हो जाने पर संस्थानों के इस कृत्य से अभिभावकों पर वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।

कम से कम आठ दुकानों पर उपलब्ध होंगी पुस्तकें व सामग्री
विद्यालयों में पढ़ाये जाने वाले पाठ्यक्रम से संबंधित समस्त पुस्तकें कम से कम आठ दुकानों पर उपलब्ध होंगी एवं ऐसी पुस्तकें एवं विक्रेताओं की सूची अपर कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व उपलब्ध कराई जायेंगी।

गणवेश का नमूना नोटिस बोर्ड पर चस्पा होगा
सभी विद्यालय अपने संस्थान में उपयोग में लाये जाने वाले गणवेश का नमूना तथा पाठ्यक्रम की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा करेंगे। जिससे अभिभावक उसके अनुसार गणवेश एवं पाठ्यक्रम अपनी सुविधा अनुसार किसी भी विक्रेता से क्रय कर सकेंगे।

डिवीज़नल मजिस्ट्रेट करेंगे आकस्मिक निरीक्षण

प्रबंध संचालक द्वारा आदेशित किया गया है कि समस्त सब डिवीज़नल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रांतर्गत शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विद्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण कर देखेंगे कि इस आदेश का पालन शैक्षणिक सत्र 2013-14 में किया गया है अथवा नहीं तथा आगामी शैक्षणिक सत्र 2014-15 में इसका प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करायेंगे।

लगातार हो रही आगजनी से किसान भयभीत

लगातार हो रही आगजनी से किसान भयभीत

बिजली विभाग की लापरवाही, किसानों ने विद्युत विभाग पर लगाये आरोप

(अरूण चंद्रौल)

केवलारी (साई)। क्षेत्र मंे एक के बाद एक लगातार घटित हो रहीं आगजनी की घटनाओं से क्षेत्र के किसान भयभीत हो गये हैं। गौरतलब है कि अभी कुछ दिनांे पूर्व ही समीपस्थ ग्राम लालोपार टोला में भी लगभग 20 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल में बिजली के खंबे की स्पार्किंग से खेत में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गयी।
इस घटना से किसानो के आंसू रोके नहीं रूक रहे थे। ज्ञातव्य है कि अन्नदाता कहलाने वाला किसान प्राकृतिक आपदाआंे से वैसे भी परेशान ही है। किसानों द्वारा विद्युत मंडल पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा गया है कि चूंकि यहां से गई लाइन के तार अत्यंत ही ज्यादा झूल रहे हैं और यही कारण था कि विद्युत विभाग को फसल आने बाद जानकारी दी गयी की खेत मे लगे खंबों की लाइन को पूर्णतः बंद कर दिया जाए ताकि झूलते तारों से कोई घटना न घटित हो सके।
इसके बाद भी विद्युत विभाग द्वारा झूलते तारों को दुरूस्त किया जाना तो दूर उनमें जारी विद्युत के प्रवाह को भी बंद नहीं किया गया, जिसके चलते खंबांे के तारों से स्पार्किंग होकर किसानांे की फसलांे पर आग लग रही है। विद्युत विभाग के ऐसे गैरजिम्मेदाराना रवैये के चलते किसान अपनी फसल का उत्पादन आखिर कैसे ले पायगा?
ज्ञातव्य है कि केवलारी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्वारी (देहवानी) के किसान झामसिंह, ओमकार किरार की छः एकड़ में लगी गेहूं की फसल एवं छोटी बाई, धनराजराजपूत खैररांजी की दो एकड़ में लगी गेहूं की फसल भी जलकर खाक हो गई। किसानो ने बताया कि जिस वक्त कटाई चल रही थी उसी दौरान अचानक आग लगने से उनकी फसल जल कर खाक हो गयी।
इसी तरह नगर के समीपस्थ स्थित बीटीआई के पीछे के खेतों पर बिजली के खंबे की स्पार्किंग से आग लग गई। बताया जाता है कि जैसे ही आग लगी वैसे ही आस-पास के किसान एकत्रित होकर आग को काबू करने में लग गए। इसी के साथ ही तत्काल किसानों के द्वारा फायर ब्रिगेड एवं अन्य अधिकारियों को सूचना दी गई। बताया गया है कि जब तक मौके पर फायरब्रिगेड पहुंचती तब तक क्षेत्र के किसानांे ने मिलकर जैसे तैसे आग पर काबू पाया।
मजे की बात तो यह है कि आग बुझने के बाद फायरब्रिगेड पहुंची, जिसके द्वारा बुझ चुकी आग पर पानी डाला गया। किसान अरूण चौरसिया ने बताया कि किसानों के द्वारा आज लाखों की फसल खाक होने से बचा लिया गया है।
उल्लेखनीय होगा कि केवलारी विधानसभा मुख्यालय होने के बावजूद भी यहां पर फायरब्रिगेड नहीं है। इस क्षेत्र के समस्त किसानों ने जिला कलेक्टर से अपेक्षा व्यक्त करते हुएा कहा है कि मुख्यालय में कम से कम एक फायर ब्रिगेड वाहन का होना अति आवश्यक है, जिससे लगातार हो रही आगजनी की घटनाआंे पर काबू पाया जा सके।

बटन कोई भी दबाओ वोट बीजेपी के खाते में!

बटन कोई भी दबाओ वोट बीजेपी के खाते में!

(पुरबाली हजारिका)

जोरहाट (साई)। असम के जोरहाट में एक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की मॉक टेस्ट ने चुनाव कर्मियों के होश उड़ा दिए। कोई भी बटन दबाने पर वोट बीजेपी के खाते में ही जा रहा था।
जोरहाट संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर और उपायुक्त विशाल वसंत सोलंकी ने बताया कि सारी मशीनों की टेस्टिंग इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पाेरेशन ऑफ इंडिया के इंजिनियर कर रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पाेरेशन उन दो कंपनियों में शामिल है, जो ईवीएम बनाती हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजयेंद्र ने बताया, ‘जोरहाट में एक ईवीएम में गड़बड़ी मिली है। यह मशीन खराब है। जब सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम की जांच की जा रही थी तो मशीन की गड़बड़ी सामने आई।‘ उन्होंने कहा कि इस ईवीएम को किसी भी पोलिंग बूथ पर नहीं भेजा जाएगा।
किसी भी ईवीएम में दो यूनिट होती हैं, कंट्रोल यूनिट और बैलटिंग यूनिट। दोनों यूनिट को केबल के जरिए जोड़ा जाता है। बैलटिंग यूनिट ऊपर होती है और इसी में प्रत्याशियों और उनके चुनाव चिह्न दर्ज होते हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया, ‘ये ईवीएम यहां लंबे समय से रखी हुई थीं। सामान्य तौर पर ईवीएम उपायुक्त की निगरानी में जमा रहती हैं और चुनाव के समय स्ट्रॉन्ग रूम में रखी जाती हैं।‘
कांग्रेस ने यह मामला सामने आने के बाद चुनाव आयोग से न सिर्फ जोरहाट में, बल्कि पूरे राज्य में ईवीएम की जांच कराने की मांग की है। चुनाव आयोग से शिकायत करने वाले प्रदेश कांग्रेस कमिटी के जनरल सेक्रेटरी रंजन बोरा ने बताया, ‘जांच के दौरान हमने पाया कि एक ईवीएम में कांग्रेस के सामने का बटन दबाने के बाद भी वोट बीजेपी के पक्ष में दर्ज हो रहा है।‘ उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद यह आशंका हो रही है कि एक खास पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए मशीनों से छेड़छाड़ की गई है।
हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि 2011 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की भारी जीत के बाद असम गण परिषद ने ईवीएम से छेड़छाड़ की शिकायत की थी। तब कांग्रेस ने शिकायत को खारिज करते हुए कहा था कि ईवीएम से छेड़छाड़ संभव नहीं है।

गौवंश का अवैध परिवहन!

गौवंश का अवैध परिवहन!

(शरद खरे)

प्रदेश का सिवनी जिला मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर अवस्थित है। इस जिले से समीपी प्रदेश में न जाने क्या-क्या जाता है, वह भी संबंधित विभागों की कथित अनदेखी के चलते। इससे प्रदेश को राजस्व की क्षति पहुंचती है, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। प्रदेश की सीमा पर अवस्थित इस जिले में खवासा में जांच चौकियां भी अस्तित्व में हैं। सरकारी नुमाईंदों की आंख में धूल झोंककर या कथित तौर पर अधिकारी कर्मचारी अपनी आंखों में धूल झुकवाकर, न जाने क्या-क्या सीमा पार चला जाता है, पता ही नहीं चल पाता है।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से सीमा पार गौवंश का अवैध परिवहन तेजी से हो रहा है। इसके लिए पूर्व में पुलिस प्रमुखों ने उड़न दस्तों का गठन भी किया था। याद पड़ता है कि तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डॉ.रमन सिंह सिकरवार द्वारा सिवनी में पुलिस की इस मामले में खासी खबर ली गई थी। उनके कार्यकाल में गौवंश का अवैध परिवहन लगभग थम सा गया था। इसके बाद पूर्व पुलिस अधीक्षक मिथिलेश शुक्ला द्वारा गौवंश के लिए गठित उड़न दस्ते को भंग कर दिया गया था। उस दौरान उन्होंने कहा था कि यह नियमित प्रक्रिया के तहत किया गया है, पर उसके बाद गौवंश का पकड़ा जाना लगभग बंद हो गया है। मजे की बात तो यह है कि रूटिन प्रोसिस के नाम पर भंग किए गए उड़न दस्ते को दुबारा गठित नहीं किया गया है।
पिछले लंबे समय से सिवनी पुलिस ने गौवंश का अवैध परिवहन नहीं पकड़ा है। इससे लगने लगा है कि गौवंश का अवैध परिवहन रूक गया है। जमीनी हकीकत इससे उलट ही सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि गौवंश का अवैध परिवहन जंगल और सड़क मार्ग से आज भी बदस्तूर जारी है और यह पहले की अपेक्षा आज बहुतायत में हो रहा है। खबरें तो यहां तक भी हैं कि अगर पुलिस इन्हें पकड़ती है तो कुछ व्हाईट कॉलर्स के नाम बताकर या उनसे फोन पर बात करवाकर अवैध परिवहन कर्ताओं द्वारा पुलिस को हड़काया भी जा रहा है।
सनातन धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गाय से मनुष्य को न जाने कितनी जरूरत की और लाभ की चीजें प्राप्त होती हैं। आदि अनादि काल से वेद पुराणों में भी गौवंश की महत्ता को रेखांकित किया गया है। प्राचीन गुरूकुलों में भी गौवंश को चित्रित किया गया है। बावजूद इसके गौवंश का अवैध परिवहन बदस्तूर जारी होना वाकई शर्मनाक ही माना जाएगा। पुलिस द्वारा पकड़े गए गौवंश को गौशालाओं में भेज दिया जाता है। इसका बाद में क्या होता है, इस बारे में सुध लेने की प्रशासन को शायद फुर्सत ही नहीं होती है। वहीं, गौवंश के नाम पर सियासत करने वालों को भी इसकी सुध लेने की फुर्सत तक नहीं दिखती है।

संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव और पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी से अपेक्षा है कि जिले में पुलिस को इसके लिए पाबंद किया जाए कि गौवंश का अवैध परिवहन पूरी तरह रूक जाए।

गुरुवार, 3 अप्रैल 2014

आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी

आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी

(शरद खरे)

भगवान शिव की नगरी मानी जाती है सिवनी। सिवनी शहर में आवारा मवेशी, सुअर और कुत्तों का जमकर बोलबाला है। लगता है मानों इन पर नगर पालिका परिषद का कोई अंकुश नहीं रह गया है। आश्चर्य तो इस बात पर होता है कि नगर पालिका परिषद पर भी जिले के संवेदनशील कलेक्टर भरत यादव के स्पष्ट निर्देशों का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। जिला कलेक्टर बार-बार आवारा मवेशियों के संबंध में ‘कड़े और स्पष्ट‘ निर्देश जारी कर चुके हैं। बावजूद इसके शहर में आवारा मवेशी, सुअर और कुत्तों पर कोई अंकुश नहीं लग सका है।
सिवनी शहर में मुख्य बाजार, पॉश इलाके बारापथर सहित कमोबेश हर कॉलोनी में आवारा गाय, बैल, सुअर, कुत्ते, बकरियां आदि गंदगी फैलाते दिख जाते हैं। आलम यह है कि नगर पालिका प्रशासन के कारिंदे भी अनंेकों बार सड़क पर जुगाली करते या आवारा घूमते इन जानवरों के कारण अपने वाहन रोककर, इन्हें रास्ता देते दिख जाते हैं। यातायात पुलिस के लिए निर्धारित स्थानों पर अब यातायात पुलिस के कारिंदे भी वाहनों को नियंत्रित करते नहीं दिखते हैं। इनके स्थान पर आवारा जानवर ही बैठे दिख जाते हैं।
लंबे समय से यातायात पुलिस के कर्मचारी चौक चौराहों पर यातायात को नियंत्रित करते नहीं दिख रहे हैं। लगता है मानो यातायात पुलिस का काम यातायात को नियंत्रित करने के बजाए वाहनों को रोककर उनकी चैकिंग भर का रह गया है। इस चैकिंग में भी अवैध वसूली की शिकायतें आम हो चुकी हैं। याद पड़ता है कभी छिंदवाड़ा चौक, नगर पालिका के सामने, शुक्रवारी बाजार, कचहरी चौक, सर्किट हाउस, बाहुबली चौक आदि पर यातायात पुलिस के सिपाही खड़े होकर हाथ हिलाते यातायात को संचालित करते थे। अब यह सब कुछ इतिहास की बात हो चली है।
सड़कों पर पसरे आवारा पशु लोगों का जीना मुहाल किए हुए हैं। अनेक दुकानदार तो सुबह सवेरे अपने प्रतिष्ठान को खोलकर सबसे पहले इन मवेशियों, कुत्तों और सुअर के मल को ही साफ करते दिख जाते हैं। वे भी इससे आज़िज आ चुके हैं। यह सब कुछ हो रहा है और मोटी चमड़ी वाला नगर पालिका प्रशासन आंख बंद किए सब कुछ देख सुनकर अपनी बैठकें कर निर्माण कार्याें में ही ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहा है।
सबसे ज्यादा आश्चर्य की बात तो यह है कि जिला कलेक्टर का भी भय नगर पालिका प्रशासन को नहीं बचा है। जिला कलेक्टर द्वारा आवारा मवेशियों के लिए आदेश जारी किया गया था। इसमें चेतावनी भी दी गई थी। पता नहीं नगर पालिका प्रशासन ने जिला कलेक्टर के आदेश को किस रद्दी की टोकरी के हवाले कर दिया है। वरना क्या कारण है कि शहर में आवारा मवेशियों के विरूद्ध अभियान नहीं छेड़ा जा रहा है। संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव एवं पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी से अपेक्षा ही की जा सकती है कि वे इस दिशा में ‘कड़े निर्देश‘ के बजाए ‘कड़े कदम‘ उठाएं ताकि वह नजीर बने और सिवनी के नागरिक चैन की सांस ले सकें।

सिवनी के विकास को प्राथमिकता दूंगी: हिना

सिवनी के विकास को प्राथमिकता दूंगी: हिना

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और कांग्रेस की ही सरकार प्रदेश में बनने जा रही है। हम रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करवाने वाले हैं। सिवनी के विकास के लिए हम तत्पर रहेंगे। अनेक ग्रामों में लोग सांसद कौन है यह भी नहीं जान पा रहे हैं, जिससे लगता है कि पूर्ववर्ती सांसदों द्वारा क्षेत्र से अपने आपको दूर ही रखा।
उक्ताशय की बात आज नटराज पैलेस में पत्रकारों से रूबरू बालाघाट संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रत्याशी हिना लिखीराम कांवरे द्वारा कही गई। उन्होंने कहा कि बालाघाट में अनेक प्राकृतिक संपदाएं और ऐसी चीजें हैं जिनका उपयोग दूर दराज ले जाकर किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर वे संसद में पहुंचती हैं तो वे इसके लिए प्रयास करेंगी कि बालाघाट की संपदा की प्रोसेसिंग वहीं स्थानीय स्तर पर की जा सके।
जब उनसे यह पूछा गया कि वे बालाघाट संसदीय क्षेत्र की तो बात कर रही हैं पर सिवनी जिले के बारे में उनकी क्या राय या विचार हैं इस बारे में कुछ भी प्रकाश नहीं डाला गया है। इस पर उन्होंने कहा कि बालाघाट संसदीय क्षेत्र का अंग सिवनी है और सिवनी के लिए भी वे संघर्ष करेंगी। सिवनी के लिए कोई विशेष प्रयास जिसे करने पर उन्हें लोग बरसों बरस याद रखें के जवाब में वे कोई ठोस बात नहीं कह पाईं।
लापता है घोषणा पत्र!
जब उनसे यह पूछा गया कि कांग्रेस का घोषणा पत्र बालाघाट संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के लिए कितना प्रभावी होगा? इस पर उन्होंने कहा कि घोषणापत्र को अपने संसदीय क्षेत्र में लागू कराना स्थानीय सांसद का काम होता है, इसके लिए वे प्रयास अवश्य ही करेंगी। जब उनसे यह पूछा गया कि कांग्रेस का घोषणा पत्र कार्यकर्ताओं तक कब पहुंचेगा? इसके जवाब में उन्होनंे कहा कि आज संचार क्रांति का युग है इसलिए इंटरनेट के जरिए कार्यकर्ता घोषणा पत्र निकाल रहे हैं। रही बात छपे हुए घोषणा पत्र की तो वह जल्द ही आज जाएगा। जब उनसे यह पूछा गया कि जिन गांव में बिजली ही नहीं है वहां के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को घोषणा पत्र कहां से नसीब होगा? इस पर वे मुस्कुराती रहीं।

झंडा संहिता का उल्लंघन न हो

झंडा संहिता का उल्लंघन न हो

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। लोक सभा चुनाव के दौरान राजनैतिक दलों की रैली में राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने जिला निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
निर्देश में कहा गया है कि राजनैतिक दलों द्वारा रैलियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रदर्शन पर कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन राजनैतिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग पूरी गरिमा एवं सम्मान के साथ किया जाना चाहिये। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को इस संबंध में विशेष ध्यान दिये जाने के लिए कहा गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी से कहा गया है कि वे इस बात का विशेष ख्याल रखें कि झंडा संहिता (फ्लेग कोड) के प्रावधान का उल्लंघन न हो। सीईओ ऑफिस ने अपने पत्र में उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा पारित आदेश का भी उल्लेख किया है। झंडा संहिता का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किये जाने के लिए भी कहा गया है।

अमेठी को लेकर वरुण गांधी के बयान से खुशी: राहुल

अमेठी को लेकर वरुण गांधी के बयान से खुशी: राहुल

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार कहा कि अमेठी में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उठाए गए कदमों की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता वरुण गांधी द्वारा तारीफ किए जाने से उन्हें खुशी हुई है।
रायबरेली में नामांकन करने आईं मां सोनिया गांधी के साथ आए राहुल ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि अमेठी में कृषि, शिक्षा और महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर मेरे द्वारा किए गए कामों की वरुण ने तारीफ  की।‘‘ राहुल ने कहा कि, ‘‘हमने अमेठी में ‘एजुकेशन हब‘ बनाया। दूरगामी सोच के साथ हमने वहां किसानों के लिए फूड पार्क बनाया। महिलाओं को शसक्त करने के लिए स्वयं सहायता समूह बनाए।‘‘

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘‘अमेठी में हम योजनाबद्घ ढंग से दृढ़ता के साथ काम कर रहे हैं। अमेठी को लेकर वरुण जो कह रहे हैं वह सही है।‘‘ इससे पहले अमेठी के पड़ोसी जिले सुल्तानपुर में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे राहुल के चचेरे भाई वरुण गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अमेठी में महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों का निर्माण करना राहुल का सराहनीय कदम है।‘‘

मोदी को बेनी ने बताया गुंडा तो आजम ने कहा कुत्ते के बच्चे का बड़ा भाई

मोदी को बेनी ने बताया गुंडा तो आजम ने कहा कुत्ते के बच्चे का बड़ा भाई

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीशदवार नरेंद्र मोदी पर विरोधियों के हमले तेज हो गए हैं. कांग्रेसी नेता बेनी प्रसाद वर्मा ने जहां मोदी को आरएसएस का गुंडा बताया वहीं सपा नेता आजम खान ने उन्हें कुत्ते  के बच्चे  का बड़ा भाई बताया.
उत्तार प्रदेश के गोंडा में आयोजित एक जनसभा में बेनी प्रसाद वर्मा ने बीजेपी को जमकर आड़े हाथों लिया. बेनी ने कहा कि राष्ट्र पिता महात्घ्मा गांधी की मौत के लिए आरएसएस और बीजेपी ही जिम्मेोदार है. मोदी पर वार करते हुए बेनी ने कहा कि मोदी जहां आरएसएस का गुंडा हैं वहीं बीजेपी के राष्ट्री य अध्यतक्ष राजनाथ सिंह इसके गुलाम हैं.
इसके पहले बेनी ने कहा था कि मोदी के हाथों आरएसएस और बीजेपी बिक चुके हैं. यहीं नहीं बेनी ने यह भी कहा था कि बीजेपी में वही हो रहा है जो मोदी चाह रहे हैं. यह पार्टी अपने सीनियर नेताओं की भी बेइज्जमती करने पर उतारू हो गई है.

उधर, रामपुर में समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान ने भी मोदी पर हल्ला  बोला. उन्हों ने वहां आयोघ्जित एक जनसभा में कहा कि मोदी कुत्तेह के बच्चेआ का बड़ा भाई है. आजम खान ने मोदी को गुजरात दंगों का दोषी बताते हुए कहा कि यदि यह आदमी सत्ताअ में आ गया तो पूरे देश में गुजरात जैसा माहौल बना देगा. बेनी और खान का मोदी पर हमला तब से और तेज हो गया है जब से उन्हेंब पीएम पद का उम्मी दवार घोषित किया गया.

पांच सालों में साढ़े छह गुना से ज्यादा बढ़ी सोनिया की संपत्ति

पांच सालों में साढ़े छह गुना से ज्यादा बढ़ी सोनिया की संपत्ति

(सीमा श्रीवास्तव)

रायबरेली (साई)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से दाखिल अपने नामांकन में अपने पास कुल 9 करोड 28 लाख 95 हजार रुपये की सम्पत्ति घोषित की. यह वर्ष 2009 में ऐलान की गयी सम्पत्ति से साढे छह गुना से ज्यादा है.
अपने सांसद पुत्र राहुल गांधी के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी अदिति सिंह के समक्ष नामांकन करने पहुंची सोनिया द्वारा दिये गये सम्पत्ति के ब्यौरे के मुताबिक उनके पास कुल 9 करोड 28 लाख 95 हजार 287 रुपये 73 पैसे की सम्पत्ति है. इसमें 2 करोड 81 लाख 50 हजार 387 रुपये 73 पैसे की चल सम्पत्ति और 6 करोड 47 लाख 44 हजार 900 रुपये की अचल सम्पत्ति शामिल है. उनके पास कोई कार नहीं है.हलफनामे के मुताबिक, सोनिया ने अपने सांसद पुत्र राहुल गांधी को 9 लाख रुपये बतौर कर्ज दिये है. उन्होंने वित्तीय वर्ष 2012-13 में दाखिल आयकर रिटर्न में अपनी कुल आय 14 लाख 21 हजार 740 रुपये बतायी है.
रायबरेली संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हमारे संसदीय क्षेत्र में हो रहे चुनाव में सब कुछ बहुत अच्छा होगा. नामाकंन कर वापस आने पर संवावदाताओं द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या आपने नामांकन कर दिया और आपको अपने संसदीय क्षेत्र के माहौल से क्या लग रहा है, सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘हां, अपना नामांकन कर दिया है और सब कुछ बहुत अच्छा होगा.‘‘
सोनिया के साथ मौजूद उनके बेटे और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से जब यह पूछा गया कि आपके चचेरे भाई एवं पडोसी संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर से चुनाव लड रहे भाजपा वरुण गांधी ने आपके प्रयासों से अमेठी संसदीय क्षेत्र में किये गये कार्याे की सराहना की है राहुल ने कहा हमने अमेठी में पूरी रणनीति के तहत काम किया है. उन्होंने कहा कि हमने अमेठी संसदीय क्षेत्र में किसानों के लिए फूड पार्क के साथ साथ अन्य विकास कार्याे को काफी लम्बी सोच के साथ कार्याे पर काम करने की रणनीति बनायी थी.
राहुल ने कहा,‘‘ वरुण गांधी जो कह रहे हैं वह सही कह रहे हैं. ‘‘ गौरतलब है कि कल सुल्तानपुर संसदीय क्षेत्र में अपनी एक चुनावी सभा में भाजपा उम्मीदवार वरुण गांधी ने अमेठी संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी द्वारा किये गये विकास कार्याे की तारीफ की थी.अमेठी संसदीय क्षेत्र से उनके मुकाबले आम आदमी पार्टी के कुमार विश्वास और भाजपा से स्मृति ईरानी के चुनाव मैदान में उतर कर दी जा रही चुनौती कितना असर डालेगी, राहुल ने कहा, ‘‘ अमेठी से मेरा दिल का रिश्ता है यह अमेठी की जनता पर है कि वे कैसा ‘रिसपांड‘ करती है.‘‘

अपने सांसद पुत्र राहुल गांधी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची सोनिया ने जिला निर्वाचन अधिकारी अदिति सिंह के सामने पर्चा दाखिल किया. उनके साथ पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा को भी आना था लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं पहुंच सकी.

सोनिया की मुसलमानों से अपील पर चुनाव आयोग ले संज्ञान: भाजपा

सोनिया की मुसलमानों से अपील पर चुनाव आयोग ले संज्ञान: भाजपा

(सोनाली खरे)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस पर राजनीति का ‘सांप्रदायिकरण‘ करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने चुनाव आयोग से उस खबर पर संज्ञान लेने को कहा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कथित तौर पर मुसलमानों से यह अपील की कि लोकसभा चुनाव में वे बंटें नहीं।
सोनिया गांधी ने मंगलवार को जामा मस्जिद के इमाम सैयद अहमद बुखारी के नेतृत्व वाले शिष्टमंडल से मुलाकात की थी। बीजेपी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं से कहा कि बुखारी के हवाले से कहा गया है कि सोनिया ने कहा कि मुस्लिम मतों का विभाजन नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा, कांग्रेस मुसलमानों से सांप्रदायिक और धार्मिक आधार पर मतदान करने की अपील कर रही है। यह किस तरह की धर्मनिरपेक्षता है? यह वोट बैंक की राजनीति है। चुनाव आयोग को स्वतरू संज्ञान लेना चाहिए।

जावड़ेकर ने सोनिया पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदाता स्वतंत्र रूप से अपनी इच्छा से मतदान करते हैं। उन्होंने कहा, आप (सोनिया) सांप्रदायिक राजनीति कर रही है और दूसरों पर सांप्रदायिक होने का आरोप लगा रही हैं।

वोट डालो, लजीज़ खाने, वॉटर पार्क में छूट पाओ

वोट डालो, लजीज़ खाने, वॉटर पार्क में छूट पाओ

(अनेशा वर्मा)

कुरूक्षेत्र (साई)। हरियाणा में मतदाताओं को लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करने में प्रशासन किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देना चाहता। हर तरह से प्रचार के अलावा कई जगह मतदाताओं को मतदान के प्रति रिझाने के लिए विभिन्न संस्थानों व होटलों द्वारा मतदान करने वालों को तरह तरह की छूट देने की घोषणाएं की जा रही हैं।
जीटी रोड पर मूरथल के ढाबा मालिकों ने घोषणा की है कि जो व्यक्ति उंगली पर मतदान की स्याही दिखाएगा उसे खाने में पंद्रह प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके बाद यमुनानगर के कुछ होटल व ढाबा मालिकों ने भी इस प्रकार छूट देने की घोषणा कर दी। अब करनाल के जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त बलराज सिंह ने मतदाताओं को मतदान के प्रति रिझाने के लिए एक अहम पहल की है।

इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर घरौंडा कस्बे से दिल्ली की ओर स्थित स्प्लैश आईलैंड वॉटर पार्क की तरफ से वोटरों के लिए 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। जो भी मतदाता मत का प्रयोग करके हाथ की उंगली पर स्याही दिखाएगा उसे वॉटर पार्क में यह छूट दी जाएगी। यह छूट 10 व 11 अप्रैल को दो दिनों तक रहेगी। स्प्लैश आईलैंड वाटर पार्क के मैनेजर सुनील देसवाल ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी की प्रेरणा के अनुरूप 10 अप्रैल को करनाल लोकसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत बढ़े, इसके लिए पार्क प्रबंधन द्वारा चुनाव में अपनी भागीदारी दे चुके व्यक्तियों को दो दिनों तक वॉटर पार्क का प्रयोग करने 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।