रविवार, 8 अप्रैल 2012

रोहतक में फिल्म महोत्सव 12 से


रोहतक में फिल्म महोत्सव 12 से

(अमित कौशल)

रोहतक (साई)। हरियाणा में प्रथम अंतर्राष्ट्रीय मेगा फिल्म महोत्सव १२ अप्रैल से रोहतक में शुरु होगा। चार दिन के इस महोत्सव में कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्में दिखाई जाएंगी। इस की जानकारी देते हुए फिल्म और टेलीविजन संस्थान, रोहतक के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने बताया कि समारोह का आयोजन सत्यम सिनेप्लेक्स में किया जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा समारोह का उद्घाटन करेंगे।

यह है युवराज की इज्जत कांग्रेसियों की नजरों में


यह है युवराज की इज्जत कांग्रेसियों की नजरों में

(राघव)

धौलपुर (साई)। जहां एक ओर कांग्रेस के सीनियर से लेकर जूनियर नेता अपने युवराज राहुल गांधी के खिलाफ अगर कोई कुछ भी गलत या युवराज के खिलाफ बोल जाये तो पूरी कांग्रेस एक होकर उसका विरोध करती है बल्कि प्रत्येक कांग्रेस का नेता चाहे बह छोटा हो या बडा हर एक कांग्रेसी युवराज के सर्मथन में खडे नजर आते है।
लेकिन धौलपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सचिव व पूर्व प्रत्याशी विधान सभा क्षैत्र धौलपुर अशोक शर्मा ने एक बैठक में जिला कलेक्टर सहित कई हाईवे के अधिकारीयो के सामने खुद यह कह उदाहरण दे डाले की ’’अगर मेरा ट्रक राहुल गांधी पर चढ जाये और बह मर जाये तो क्या होगा ’’ यह सुनकर सभी एकदम दंग रह गये कि कांग्रेस का पदाधिकारी खुद कांग्रेस के युवराज के बारे में क्या विचार रखते है इसका वीडियो फुटेज तेज न्यूज डॉट काम पर देखा जा सकता है।
दूसरो को अनुशासन का पाढ पढाने वाली कांग्रेस के पदाधिकारी अखिर यह कैसे भूल गये और उन्होने इतने प्रशासनिक अधिकारीयो के सामने कांग्रेस के युवराज के बारे इतना कुछ कह डाला। अब क्या कांग्रेस का राजस्थान का प्रदेश संगठन इस पदाधिकारी के खिलाफ कार्यवाही करेगा ? क्या राज्य के मुख्यमंत्री जो गांधी परिवार के नजदीक समझे जाते है ? क्या बह भी ठीक वैसे ही कार्यवाही इस कांग्रेस के पदाधिकारी के खिलाफ कार्यवाही करेगे जैसे उन्होने अपने मंत्री आमीन खां द्वारा स्वं इन्द्रा गांधी के खिलाफ टिपणी करने बाद करी थी। और गांधी परिवार को बताया दिया था कि बह गांधी परिवार के कितने बफादार है।
अब देखना है कि कांग्रेस का प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व क्या कार्यवाही इस प्रदेश पदाधिकारी के खिलाफ करता है। इस बैठक में उन्होने कांग्रेस के राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओ सहित वर्तमान में सरकार में संसदीय सचिव के बारे में क्या सम्बोधन किया इसका वीडियो फुटेज भी वेब साईट पर मौजूद है। बही प्रदेश सचिव के बयान पर यूथ कांग्रेस ने भी कडी प्रतिक्रिया ब्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व से लेकर दिल्ली तक मामले को ले जाने की बात कर रहे है।
(साभार: तेज न्यूज डॉट काम)

भ्रष्टाचार का नेशनल हाईवे


भ्रष्टाचार का नेशनल हाईवे

(सिद्धार्थ शंकर गौतम)

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार की महत्वाकांक्षी नेशनल हाइवे परियोजना ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था। तेजी से शुरू की गई यह परियोजना अब भ्रष्टाचार का शिकार हो गई है। विश्व बैंक के फण्ड से तैयार होनेवाले अधिकांश हिस्सों के बारे में विश्व बैंक ने पाया है कि नेशनल हाईवे परियोजना भ्रष्टाचार परियोजना बनती जा रही है। ताज़ा घटनाक्रम राष्ट्रीय राजमार्गों को बनाने में हुए घोटाले बाबत विश्व बैंक की रिपोर्ट है।
करोड़ों रुपये की घूसखोरी भी इन योजनाओं में देखने को मिल रही है। वर्ल्ड बैंक इंस्टीट्यूशनल इंटीग्रिटी यूनिट की यह रिपोर्ट विश्व बैंक की मदद से बन रहे राष्ट्रीय राजमार्गों पर आधारित है। इस रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि प्रोग्रेसिव कंस्ट्रक्शन लिमिटेड और पीसीएल-एमवीआर ज्वाइंट वेंचर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इन कंपनियों पर फर्जी वाउचर देकर १४.७१ करोड़ अग्रिम भुगतान लेने, दूसरे चरण में भी फर्जी वाउचरों की मदद से १४.६४ करोड़ और २६.४४ करोड़ अग्रिम लेकर अन्य प्रोजेक्ट्स पर खर्च करने का आरोप है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रोजेक्ट से जुड़े ठेकेदार फर्जी बिल लगाकर विश्व बैंक का पैसा हज़म कर रहे हैं। लखनऊ-मुज्जफ्फरपुर हाइवे योजना में ठेकेदार ने फर्जी बिलों के ज़रिये विश्व बैंक को ४० करोड़ रुपये से ज्यादा की चपत लगाई। यही नहीं ठेकेदार विश्व बैंक का रूपया जो वह राष्ट्रीय राजमार्गों को बनाने हेतु स्वीकृत करता है, उसे किसी अन्य योजना में लगाकर लाखों के वारे-न्यारे कर रहे हैं। दिलचस्प तथ्य यह है कि रिपोर्ट में जिस सड़क निर्माण कंपनी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं वह हैदराबाद के एक कांग्रेस सांसद की है जिसे एनएचएआई ने पहले तो काली सूची में डाला किन्तु कुछ समय बाद उसे काली सूची से बाहर कर दिया गया। यहाँ तक कि एनएचएआई के अधिकारियों को भी ठेका लेने हेतु रिश्वत दी गई है।
रिपोर्ट में विश्व बैंक की सहायता से बन रही तीन सड़क परियोजनाओं में भ्रष्टाचार की बात सामने आई है। ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के तहत लखनऊ-मुजफ्फरपुर के बीच बन रही सड़क के अतिरिक्त ग्रांड ट्रंक रोड इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट तथा नेशनल हाइवे प्रोजेक्ट फेस-३ में भ्रष्टाचार पर विश्व बैंक ने भारत सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है। विश्व बैंक की यह रिपोर्ट तत्काल वित्त मंत्रालय को भेज दी गई है और वित्त मंत्रालय ने कार्रवाई के आदेश के साथ रिपोर्ट सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को भेज दी है। विश्व बैंक के रुपये को चूना लगाने वाली कंपनियों या ठेकेदारों का क्या होगा यह तो वक़्त ही बताएगा लेकिन सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि विश्व बैंक की रिपोर्ट में जिस कंपनी को काली सूची में डाला गया था उसी को ठेके दिए गए, इसमें किसका हाथ है? चूँकि कंपनी के मालिक हैदराबाद से कांग्रेस सांसद है लिहाज़ा इस तथ्य से इंकार नहीं किया जा सकता कि इन घोटालों में उच्च पदस्थ अधिकारियों एवं सरकार में शामिल मंत्रियों का हाथ न हो। पहले भी सरकारी योजनाओं में हुए भ्रष्टाचार के मामलों में मनमोहन सरकार के मंत्रियों की भागीदारी पकड़ में आती रही है।
चूँकि यह घोटाला विश्व बैंक द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण हेतु दिए गए धन में हुआ है, लिहाज़ा यह संभावना भी बनती नज़र आ रही है कि विश्व बैंक आगे से भारत की किसी भी परियोजना को धन-राशि मुहैया न करवाए या धन-राशि दे तो उसकी उच्चस्तरीय मानिटरिंग करे। यह कितना शर्मनाक है कि विश्व बैंक भारत सरकार को देश की तरक्की हेतु यथासंभव मदद करता है और सरकारी सूत्र उस मदद का बेजा फायदा उठाकर देश की छवि पर बट्टा लगाते हैं। वित्त मंत्रालय ने आगे की जांच भले ही सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को सौंप दी हो किन्तु इससे किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा, इसमें संदेह है। करोड़ों रुपये के इस घोटाले की भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि छुपे हुए सच से पर्दा उठ सके। विश्व बैंक के भारत में भ्रष्टाचार के एक और बड़े घोटाले का खुलासा करने से अन्य देश भी अब भारत सरकार की परियोजनाओं में धन-राशि लगाने से पहले कई बार सोचेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग घोटाले से यक़ीनन भारत को दूरगामी परिणामों से दो-चार होना पड़ेगा।
(साभार: विस्फोट डॉट काम)

जनरल के बहाने कांग्रेस के बैर निकालने आमदा राजपूत


जनरल के बहाने कांग्रेस के बैर निकालने आमदा राजपूत

हरियाणा से जनसेवक बनने की चाह में आर्मी चीफ!

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। भारत गणराज्य की सेना के ईमानदार किन्तु विवादित सेनाध्यक्ष जनरल विजय कुमार सिंह के बहाने अब राजपूत क्षत्रप लामबंद होते दिख रहे हैं। आर्मी चीफ के मानस पटल पर भी अब राजनीति का कीड़ा कुलबुलाने लगा है, इसका कारण यह है कि ईमानदार छवि के बाद भी जनसेवकों ने उनके साथ जो बर्ताव किया है वह उन्हें नागवार ही गुजर रहा है। यद्यपि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज के माध्यम से भाजपा उन पर डोरे डालने का प्रयास कर रही है पर अभी साफ नहीं हो पाया है कि जनरल किस दल से किस्मत आजमाएंगे।
आर्मी चीफ विजय कुमार सिंह के करीबी सूत्रों का कहना है कि जनरल के मन में राजनैतिक महात्वाकाक्षांओं ने उबाल मारना आरंभ कर दिया है। पूर्व में राजपूत वजीरे आज़म विश्वनाथ प्रताप सिंह के नक्शे कदम पर चलते हुए जनरल सिंह भी अपने होम स्टेट यानी हरियाणा से चुनाव मैदान में उतरने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों ने संकेत दिए कि वे भिवानी से मैदान में उतर सकते हैं। किस दल से उतरेंगे यह बात अभी भविष्य के गर्भ में ही है।
सियासी बियावान में यह बात तेजी से कौंध रही है कि आखिर कौन सी ऐसी शक्तिशाली बेटरी है जिससे जनरल का लट्टू प्रकाश पुंज के मानिंद चमचमा रहा है। कहा जा रहा है कि मामले की संवेदनशीलता और वोट बैंक की राजनीति की परवाह कर भाजपा ने भी इस मामले में अपने पैर वापस खींचकर जनरल से दिखाने के लिए पर्याप्त दूरी बना ली है। बावजूद इसके, हर राजनैतिक दल के राजपूत संसद सदस्य बड़ी ही आशा भरी निगाहों से जनरल विजय कुमार सिंह की ओर ताक रहे हैं।
राजपूत सांसदों में जनरल सिंह के साथ कांग्रेस द्वारा किए गए बर्ताव से रोष और असंतोष भी निर्मित होने लगा है। अनेक संसद सदस्य यह कहते भी सुने गए कि सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो या भाजपा की किसी ने भी राजपूतों को पर्याप्त तवज्जो और प्रतिनिधित्व नहीं दिया है। कहा तो यहां तक भी जा रहा है चूंकि आर्मी चीफ खुद राजपूत हैं इसलिए सरकार उन्हें परेशान करने पर आमदा है।
उधर, ईमानदार छवि के धनी जनरल वी.के.सिंह भले ही जन्म तिथि एवं अन्य विवादों में उलझे हों, किन्तु देश भर में लोग भ्रष्ट राजनैतिक तंत्र के बीच उनकी ईमानदारी को ‘सेल्यूट‘ करते नजर आ रहे हैं। हर जगह जनरल वी.के.सिंह की टीआरपी (टेलीवीजन रेटिंग प्वाईंट) में रातों रात जबर्दस्त इजाफा दर्ज किया गया है। राजनैतिक दल मामले की संवेदनशीलता के कारण एक कदम आगे दो कदम पीछे की तर्ज पर कदमताल करते नजर आ रहे हैं, पर जनरल सिंह का दामन हर कोई थामने को आमदा ही नजर आ रहा है।

भारत अमरिका नौसैनिक अभ्यास जारी


भारत अमरिका नौसैनिक अभ्यास जारी

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। भारत और अमरीका के बीच वार्षिक नौसैनिक अभ्यास मालाबार आज से बंगाल की खाड़ी में हो रहा है। दोनों देशों की नौसेना की अग्रिम टुकड़ियां दस दिन के इस अभ्यास में हिस्सा ले रही हैं। भारतीय नौसेना की ओर से स्वदेशी गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस सतपुड़ा, गाइडेड मिसाइल विवंसक आइएनएस रणविजय और आईएनएस रणवीर, मिसाइल कोरवेट आईएनएस कुलिश और टैंकर आईएनएस शक्ति के अलावा गश्ती विमान टीयू-१४२ एम और दूसरे रोटरी विंग विमान हिस्सा लेंगे।
अमरीकी नौसेना में विमानवाहक पोत यूएसएस कार्ल विजन, गाइडेड मिसाइल क्रूजर यूएसएस बंकरहिल, गाइडेड मिसाइल विध्वंसक यूएसएस हेल्सी, सरंजाम जहाज यूएनएनएस ब्रिज और एक पनडुब्बी अभ्यास में हिस्सा लेगी।  हमारे संवाददाता के अनुासर भारत और अमरीका के बीच १९९२ में शुरू हुए व्यवस्थित नौसैनिक अभ्यासों की श्रंखला में मालाबार २०१२, १६वां अभ्यास है।
संयुक्त अभ्यास का दायरा और पेचीदगियां दोनों समय के साथ साथ बढ़ गये हैं। इसका उद्देश्य सेना के बीच तालमेल बढ़ाना और बहुराष्ट्रीय सेनाओं के साथ रणनीतिक कार्रवाई की योजना बनाने और उस पर अमल करने की क्षमता को सुधारना है। दस दिन के इस अभ्यास के दौरान जमीन पर और समुद्र में दोनों तरह का अभ्यास होगा।
चेन्नई में समुद्री डकैतियों से निपटने युद्धपोतों से युद्धक विमानों की आवाजाही, समुद्री गश्त और पनडुब्बीभेदी कार्रवाई जैसे विषयों पर विशेषज्ञों और पेशेवरकर्मियों के साथ विचारों का आदान प्रदान भी होगा। समुद्री अभ्यास बंगाल की खाड़ी और निकोबाद द्वीपसमूह के पश्चिम में किया जाएगा।