सोमवार, 23 अप्रैल 2012

२७ अप्रैल से ५ मई तक धर्म सरिता का प्रवाह


२७ अप्रैल से ५ मई तक धर्म सरिता का प्रवाह

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। द्विपीठाधीश्वर जगतगुरू स्वामी शंकराचार्य जी सरस्वती के परम शिष्य एवं जयपुर से पधारने वाले राष्ट्र संत प्रज्ञानानंद जी द्वारा 28 अप्रेल से नगर में भवसागर को पार कराने वाली भागवत का वाचन किया जाएगा। प्रज्ञानानंद जी के कंठ से निकले भागवत के एक एक शब्द का रस श्रोताओं के कानों में मिश्री के मानिंद उतरता रहा है।
गौरतलब है कि नगर के महावीर मढिया के समीप आगामी २७ अप्रैल से ५ मई तक भागवत कथा सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है बल बुद्धि ज्ञान एवं अष्टसिद्धि के दाता राम भक्त हनुमान के सिद्ध मंदिर में कलश स्थापना के साथ कार्यक्रम संपन्न होना है। महावीर मढिया में कलशारोहण एवं अन्य धार्मिक आयोजनों की भव्य तैयारियां की जा रही है।
महावीर मढिया का भीतरी हिस्सा को भव्यतम रूप दिया गया है, विराजमान हनुमान जी की प्रतिमा के चारों ओर पीतल का पृष्ठ भाग तैयार किया गया है। २७ अप्रैल को इस सिद्ध मढिया में कलशारोहण के पूर्व शोभायात्रा तत्पश्चात जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज के शिष्य राष्ट्र संत प्रज्ञानानंद जी की उपस्थिति में बनारस के विद्वान आचार्याे द्वारा कलशारोहण का भव्य और दिव्य कार्यक्रम संपन्न होगा, भागवत कथा व्यास गद्दी पूजन एवं समस्त देवी देवताओं का आव्हान और कथा प्रारंभ के पूर्व नवाग्रह अवाहित किये जायेगे।
२८ अप्रैल से भवसागर से पार करने वाली कर्णप्रिय भागवत कथा की  धर्म गंगा का प्रवाह पूज्य संत प्रज्ञानानंद जी महाराज द्वारा महावीर मढिया के समीप अनुग्रह प्लाजा काम्पलेक्स के समक्ष विशाल प्रागंण में भागवत कृपा के हीरे मोती लूटाये जायेगे। इस धर्मगंगा में डुबकी लगाने पहुचने वाले श्रोताओं के लिए भागवत कथा आयोजन समिति द्वारा बैठक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार २८ अप्रैल से ५ मई तक भागवत कथा ३ बजे से सायं ७ बजे तक चलेगी तथा रात्रि में धार्मिक संगीत के कार्यक्रम देश के प्रतिष्ठित कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किये जायेगे। रात्रि मेे संपन्न होने वाले कार्यक्रमों के लिए देश की जानी मानी देवी गीत गायिका सविता हलदार , हनुमान चालीसा एवं सुंदर काण्ड पर संगीतमय कार्यक्रम देने वाले विद्धान विजय शंकर जी मेहता सुप्रसिद्ध देवी गीत गायक रूद्रकांत ठाकुर, अशोक अकेला, शहनाज अख्तर, अर्चना वाबले जिनके संगीत का जादू सारे राष्ट्र की धडकनों में बसता है।
इन कलाकारों द्वारा २८ अप्रैल से ५ मई तक अलग अलग तिथियों में अपने कार्यक्रम के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। भागवत कथा का भावविभोर कर देने वाला सुंदर चित्रण सिवनी नगर के जनमानस को धर्मगंगा से पवित्र तो करेगा ही रात्रि में आयोजित होने वाले रात्रि जागरण के कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण तैयार करेगा। आयोजन समिति द्वारा इन समस्त कार्यक्रमों में आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ उठाने की अपील की गई है।

आर्थिक राजधानी में रेल देती है वाहनों को रास्ता


आर्थिक राजधानी में रेल देती है वाहनों को रास्ता

(विजय सिंह राजपूत)

इंदौर (साई)। देश विदेश में हर जगह अमूमन देखा गया है कि सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों को रोककर पातों पर दौड़ने वाली रेल को पहले रास्ता दिया जाता है, किन्तु मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इससे उलट ही नजारा देखने को मिलता है। यहां लोहा मण्डी में रेल खडी होकर आने जाने वालों को रास्ता देती है। बाद में रास्ता क्लियर होने पर रेल को निकाला जाता है।
लोहा मंडी रेलवे क्रॉसिंग पर दोपहर या शाम के समय ट्रेन खड़ी रहे और ठेला, ट्रक, बैलगाड़ी पहले गुजरते दिखें तो हैरत में मत पड़िएगा। यहां यह नजारा अब आए दिन देखने को मिल रहा है। गेटमैन को ट्रेन आने के पहले पटरी पर खड़े वाहनों को धकियाना पड़ता है। कई बार इस कदर ट्रैफिक जाम हो जाता है ट्रेन को भी आउटर पर रोककर जाम क्लियर करना पड़ता है। गेटमैन पौने दो से शाम सात बजे के बीच जब-जब ट्रेन गुजरने का समय होता है वह पटरियों पर पहरेदारी शुरू कर देते हैं। गेट आधे झुक जाते हैं तब तक लोग पटरी से नहीं हटते।
लोहामंडी में प्रवेश के लिए पहले जूनी इंदौर क्रॉसिंग के पास से रास्ता था। यहां ब्रिज बन जाने से यह रास्ता बंद हो गया है। माल भरकर शहर में जाने के लिए ठेले, मिनी ट्रक, लोडिंग रिक्शा वालों को अब गाड़ी अड्डा तरफ से ही जाना पड़ता है। जूनी इंदौर का पूरा लोड यहां शिफ्ट हो गया।
रोज-रोज की परेशानी से निजात रेलवे ओवरब्रिज से मिल सकती है। रेलवे ने एक लाख रुपए टोकन के रूप में मंजूर कर आरओबी को हरी झंडी दे दी है। शासन के पास लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर भेजा है। वहां से मंजूरी मिले तो निर्माण शुरू होगा। दोपहर पौने एक बजे महू से चलकर रतलाम जाने वाली, पौने तीन बजे महू जाने वाली फास्ट पैसेंजर, शाम छह बजे महू जाने वाली फास्ट पैसेंजर और शाम सवा चार बजे खंडवा जाने वाली ट्रेन के वक्त सबसे ज्यादा परेशानी होती है। ट्रेन क्रॉसिंग के 20 फीट दूरी तक आकर खड़ी हो जाती है, तब भी क्रॉसिंग क्लियर नहीं होती

इस साल एक लाख बुजुर्गों को तीर्थ-यात्रा करायेगी सरकार


इस साल एक लाख बुजुर्गों को तीर्थ-यात्रा करायेगी सरकार

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि प्रदेश में वृद्धजन को मान-सम्मान और आदर दिलाने के लिये राज्य सरकार संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन यात्रा के जरिये इस साल प्रदेश के एक लाख बुजुर्गों को तीर्थ-यात्रा करायेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृद्धजन को सुरक्षा देने की अभिनव पहल, आलंबन योजना के शुभारंभ समारोह में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थ-यात्रा पर जाने वाले गाँव वालों को बस से ट्रेन तक लाने का खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी। बुजुर्ग तीर्थ-यात्रियों की देखभाल के लिये उनके साथ राज्य सरकार की ओर से एक अधिकारी-कर्मचारी को भी भेजा जायेगा। वहीं 65 साल से अधिक उम्र के वृद्धजन के तीर्थ जाने पर उनके सहायक का यात्रा व्यय भी राज्य सरकार उठायेगी।
श्री चौहान ने कहा कि जो समाज और देश अपने बुजुर्गों के सम्मान की चिंता नहीं करता, वह आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वृद्धजनों की समग्र चिंता करते हुए मुख्यमंत्री निवास में उनकी पंचायत आयोजित की। मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों की सुरक्षा को पुलिस और समाज के लिये बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बुजुर्गों को बुढ़ापा चौन से काटने, उन्हें सामाजिक सुरक्षा और भरपेट भोजन देने तथा मनोरंजन के साधन मुहैया कराने जैसी व्यवस्थाएँ प्रावधानित की हैं। संतानों द्वारा बेसहारा छोड़े गये वृद्धजनों को राज्य सरकार सहारा देगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस द्वारा जबलपुर में शुरू की गई देश की पहली बुजुर्ग सहायता, आलंबन योजना की सराहना की। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे सुविधा वाली इस योजना के टोल-फ्री नम्बर 1253 पर फोन कर बुजुर्ग सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

संदीप ने झुकाया जेपी को


संदीप ने झुकाया जेपी को

(आशीष माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली में भले ही कांग्रेस औंधे मुंह गिर गई हो, पर मां शीला और बेटा सांसद संदीप दीक्षित अब भी कांग्रेस पर भारी ही पड़ रहे हैं। नगर निगम चुनाव में हारने के बाद विपक्ष के नेता पद के चयन पर जयप्रकाश अग्रवाल को अपने ही पार्षदों के विरोध का सामना करना पड़ा। उन्हें इस विरोध के कारण ईस्ट नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता को बदलना पड़ा। जेपी की पसंद पर मुख्यमंत्री के बेटे संदीप दीक्षित की पसंद भारी पड़ गई।
एमसीडी चुनावों में प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल अपने संसदीय क्षेत्र नॉर्थ - ईस्ट दिल्ली से 40 में से 12 सीटें जिता पाए हैं , जबकि संदीप दीक्षित के इलाके ईस्ट दिल्ली से कांग्रेस ने 15 सीटें जीती हैं। प्रदेश कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी ने साउथ नगर निगम के फरहाद सूरी , नॉर्थ के लिए मुकेश गोयल व ईस्ट नगर निगम के लिए सविता शर्मा का नाम तय कर लिया था। इनमें से मुकेश लगातार चौथी बार चुनकर आए हैं , जबकि फरहाद व सविता गुप्ता लगातार तीसरी बार जीते हैं।
सूत्र बताते हैं कि शनिवार को इनके आधिकारिक चयन को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विशेष बैठकें आयोजित की गई , जिसमें तीनों निगमों के हिसाब से उनके पार्षदों को बुलाकर उनसे अपने नेता के चयन की मंजूरी पर मुहर लगवाई गई। बताते हैं कि साउथ में फरहाद सूरी और नॉर्थ में मुकेश शर्मा को सर्वसम्मति से निगम में पार्टी का नेता चुन लिया गया। लेकिन जैसे ही ईस्ट नगर निगम की बारी आई , संदीप के इलाके से चुने गए पार्षदों ने सविता शर्मा को चुनने का विरोध किया।
उनका कहना था कि हमसे कोई सलाह नहीं ली गई। उन्होंने वरयाम कौर को नेता बनाने की मांग की। वरयाम कौर भी तीसरी बार जीती हैं। प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र जीतू के साथ पार्षदों की नोक - झोंक भी हुई। जब इस मामले में जेपी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे वॉकआउट कर गए। बाद में जेपी ने उन सभी को बुलाया और वरयाम को ही नेता बनाने पर सहमति दे दी।
सूत्र बताते हैं कि ईस्ट दिल्ली से पार्टी के चुने गए पार्षदों ने अपने सांसद संदीप दीक्षित से मुलाकात कर सविता को पार्टी का नेता बनाने का विरोध किया था , जिसके बाद वरयाम को नेता बनाने पर सहमति हुई। उसके बाद ही वहां रणनीति के तहत हंगामा किया गया।

हवा हवाई हैं रमन के कारिंदे


हवा हवाई हैं रमन के कारिंदे

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। मुख्यमंत्री रमन सिंह सरकार में नौकरशाहों की खासी मौज दिख रही है। छग में सीजीसेक्स के अधिकारी कर्मचारी नियम विरूद्ध हवाई यात्रा कर सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ाते ही जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि छग से दिल्ली आने जाने वाले अधिकारी कर्मचारियों द्वारा मनमाने यात्रा और अन्य देयकों से सरकार को खासा चूना लगाया जा रहा है।
सीजीसैक्स से मिले दस्तावेज चौंकाने वाले खुलासे कर रहे हैं। दिल्ली आने-जाने और दो दिन ठहरने में किसी ने 32 हजार रुपए का बिल लगाया तो कोई 35 हजार, किसी ने तो इसके लिए 45 हजार रुपए तक का। पड़ताल में सामने आया कि सीजीसैक्स के आला अधिकारियों ने कई बार फाइलों में लिखा कि ‘पर्याप्त समय है, यात्रा ट्रेन से की जाए’ फिर भी हवाई यात्राएं हुईं।
हद तो यह है कि समिति के ही कुछ अफसरों की शह पर उन कर्मचारियों ने कई बार हवाई यात्राएं की जो इसके लिए पात्र नहीं थे। इतना ही नहीं डीए भी मनमाफिक लिया। इसमें लेखापाल, यूथ कंसल्टेंट, लैब टेक्नीशियन, स्टोर कीपर और जीपा को-ऑर्डिनेटर शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि सीजीसेक्स को नाको से लेट जानकारी मिलती है, जबकि दस्तावेजों से स्पष्ट है कि 90 प्रतिशत सूचनाएं 15-20 दिन पहले भेजी गई हैं। उधर 31 जनवरी 2010 को एनुअल एक्शन प्लान की बैठक में सीजीसैक्स रायपुर से 13 लोग हवाई जहाज से भोपाल गए जबकि भोपाल की दूरी वाया एयर 490 किलोमीटर है। नियमानुसार सभी 13 लोगों को ट्रेन से यात्रा करनी थी।