सोमवार, 18 जून 2012

7 बजे अंधेरा पसर जाएगा अखिलेश के राज में


7 बजे अंधेरा पसर जाएगा अखिलेश के राज में

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। उत्तर प्रदेश में बिजली की किल्लत से परेशान सरकार ने राज्य में सभी दुकानें और मॉल शाम 7 बजे बंद करने के आदेश दिए हैं। रेस्त्रां के बंद होने का समय रात 10 बजे तय किया गया है। सरकार ने स्टील फर्नेस और रोलिंग मिलों को भी अगले आदेश तक बंद करने के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि उत्तर भारत में फिलहाल जमकर गर्मी पड़ रही है जिसकी वजह से उसे दूसरे राज्यों से अतिरिक्त बिजली मिल नहीं पा रही है। ऐसे में सरकार ने दुकानों, मॉल, रेस्त्रां, स्टील फर्नेस, स्ट्रीट लाइट, होर्डिंग्स, सजावटी लाइट में बिजली के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने का फैसला किया है।
दुकानों, मॉल और रेस्त्रां में बिजली की खपत घटाने के लिए श्रम विभाग ने दवा की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें व मॉल को 11 से शाम 7बजे तक ही खोलने के आदेश दिए हैं। रेस्त्रां भी अब 11 से रात दस बजे तक ही खुलेंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए लागू किया गया है। श्रम विभाग ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्ट्रीट लाइटें भी अब शाम 8 से तड़के 4.30 बजे तक ही जलाई जाएंगी। विज्ञापन संबंधी होर्डिंग्स, ग्लो साइन बोर्ड व सजावटी लाइटों में बिजली के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। आदेश के उल्लघंन पर संबंधित संस्था के बिजली कनेक्शन को काट दिया जाएगा। पार्कों आदि में भी शाम के बाद बिजली जलाए जाने पर रोक लगाने की तैयारी है।

कलाम हैं भागवत की पसंद

कलाम हैं भागवत की पसंद

(अर्जुन कुमार)

हरिद्वार (साई)। एक तरफ तो भाजपा के निजाम नितिन गड़करी द्वारा उद्योगपति अंबानीज़ के दबाव में कांग्रेस के प्रणव मुखर्जी को मदद की खबरें आ रहीं हैं, वहीं दूसरी ओर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कलाम को पहली पसंद बताकर भाजपा के ठहरे पानी में कंकड़ मार दिया है। अब उठने वाली लहरों के मिजाज को भापने में भाजपा के आला नेता लग गए हैं।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने आज राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारी के लिये ए पी जे अब्दुल कलाम के नाम का समर्थन किया और कहा कि वह एक गैर राजनीतिक व्यक्ति हैं तथा यदि वह चुने जाते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा।
भागवत ने यहां संवाददाताओं से कहा, यदि कलाम राष्ट्रपति चुने जाते हैं तो यह अच्छा होगा। आम आदमी सोचता है कि वह बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। जहां अन्य लोगों की राजनीतिक पृष्ठभूमि है वहीं वह राजनीतिक नहीं है। हम केवल अपनी राय दे सकते हैं। लेकिन केवल सांसद राष्ट्रपति चुन सकते हैं।
भागवत की टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब राजग ने राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार खडा करने पर फैसला स्थगित कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी कलाम का समर्थन कर रही हैं जबकि पूर्व राष्ट्रपति ने अभी तक अपने चुनाव लडने के बारे में कोई घोषणा नहीं की है।

भीषण गर्मी से उत्तर भारत को राहत नहीं


भीषण गर्मी से उत्तर भारत को राहत नहीं

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। देश के उत्तरी हिस्से में लोगों को चिलचिलाती धूप से निजात नहीं मिल पा रही है और कई स्थानों पर सामान्य से अधिक गर्मी पड रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ज्यादातर लोगों ने चिलचिलाती धूप से बचने के लिए अपने घरों में बंद रहने को ही तरजीह दी। यहां कल के 43.2 डिग्री से आंशिक रुप से अधिक 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ का कहर तेजी से बढ़ता ही जा रहा है।
वहीं दिल्ली का न्यूनतम तापमान कल के 32.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 32.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। राजस्थान में भी भीषण गर्मी से सामान्य जनजीवन प्रभावित है, जहां श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो शैलेन्द्र ने बताया कि चुरु, जैसलमेर, बिकानेर, जयपुर और कोटा में अधिकतम तापमान क्रमशरू 44. 6, 42.3, 41.5, 40.6 और 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कुछ भागों में धूल भरी आंधी चली और हल्की बारिश हुई लेकिन बारिश से पारा थोडा सा ही नीचे लुढका।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के एनसीआर ब्यूरो से महेश रावलानी ने खबर दी है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ में भी भीषण गर्मी पड रही है। इन इलाकों में 42-46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
उधर, गुवहाटी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से गायत्री बरूआ ने खबर दी है कि असम में नलबाड़ी और बारपेटा जिलों में बाढ़ की स्थिति गभीर है। मोरीगांव जिले में मयंग और भूरागांव क्षेत्रों में करीब २५ गांव बाढ़ की चपेट में हैं। चिरांग और धुबरी जिलों में भूमि कटाव के कारण स्थिति और खराब हो गई है। चिरांग में बीस परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य के कृषि मंत्री नीलमणि सेन डेका ने हालात का जायजा लेने के लिए कल नलबाड़ी और बारपेटा जिलों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। हमारे संवाददाता ने बताया कि राज्य के १६० गांवों में करीब एक लाख ६० हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं।
बताया जाता है कि बाढ़ की वजह से निचले असम में जनजीवन काफी प्रभावित हुए हैं। लगातार पांचवे दिन भी बारपेटा जिला के कई जगहों पर सड़क यातायात प्रभावित होने के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ की वजह से बारपेटा जिले के सिर्फ बडाली में ही ११ हजार हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में है। असम सरकार ने बाढ़ प्रभावित किसानों को मुफ्त धान के बीज मुहैया कराने का फैसला किया है। जिला प्रशासन ने राहत शिविरों में दाल-चावल, नमक और पीने के लिए पानी लोगों में बांट रहे हैं।
हैदराबाद से साई ब्यूरो रितु सक्सेना ने बताया कि आंध्र प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मॉनसून कल शाम पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के तीन संभागों में कल इस मौसम की पहली बारिश हुई। हैदराबाद में कल शाम भारी बारिश हुई। अगले कुछ दिनों में और अधिक वर्षा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय होगा कि खासतौर से तब जब तीन चौथाई जिले सूखे से जूझ रहे हैं ११ दिन की देरी से पहुंचे मॉनसून ने राज्य के कई भागों में भारी बारिश से कुछ राहत दी है। राज्य के तीन हिस्सों पर छाए मानसून से लोगों को गर्मी से निजात मिली है जिसकी लोगों को बहुत जरूरत थी। अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से राज्य में ७० प्रतिशत से भी कम बारिश की समस्या  कुछ कम होने की उम्मीद है। इस बीच धान की बुआई और अन्य कृषि गतिविधियां भी राज्य में बढ़ेंगी।
भुवनेश्वर से साई ब्यूरो नंदनी नायक ने खबर दी है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ओड़ीशा तट पहुंच गया है। यह उत्तर-पश्चिम झारसूगुडा, सुंदरगढ़ और बारगढ़, संभलपुर, देवगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के तटीय और दूर-दराज वाले तेईस जिलों में पहुंच गया है।
उधर, कोलकता से साई ब्यूरो काजल दत्ता ने बताया कि पश्चिम बंगाल में गंगा की तराई वाले क्षेत्रों में भी कल मॉनसून पहुंच गया है। मॉनसून के आने से राज्य के दक्षिणी जिलों में सूखे की आशंका कम हो गई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कल मुंबई भी पहुंच गया। शनिवार रात से ही मुंबई में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। उत्तर महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के सभी क्षेत्रों में मॉनसून पहुंच गया है।

ब्याज दरों में कटौती कर सकता है रिजर्व बैंक


ब्याज दरों में कटौती कर सकता है रिजर्व बैंक

(दीपक अग्रवाल)

मुंबई (साई)। औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में गिरावट और मुद्रास्फीति में बढोतरी के मद्देनजर रिजर्व बैंक अपनी मध्य तिमाही मौद्रिक नीति समीक्षा में क्या कदम उठाएगा, इसको लेकर उद्योग जगत की बेचौनी बढ गई है। बीते वित्त वर्ष के दौरान आर्थिक वृद्धि दर घटकर नौ साल के निचले स्तर 6।5 प्रतिशत पर आने के साथ सरकार और अर्थशास्त्री दोनों ही इस बात की वकालत कर रहे हैं कि रिजर्व बैंक को मुद्रास्फीति पर नियंत्रण के बजाय वृद्धि दर को प्राथमिकता देनी चाहिए।
गत शनिवार को, वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने भी उम्मीद जताई थी कि रिजर्व बैंक ‘‘मौद्रिक नीति में समायोजन करेगा। क्योंकि हम राजकोषीय नीति को समायोजित कर रहे हैं।’’ रिजर्व बैंक के गवर्नर डी। सुब्बाराव सोमवार को मध्य तिमाही मौद्रिक नीति की समीक्षा करेंगे और उद्योग जगत को अनुमान है कि आरबीआई रेपो दर में कम से कम चौथाई प्रतिशत की कटौती कर इसे 7।75 प्रतिशत पर लाएगा और साथ ही वह सीआरआर एक प्रतिशत तक घटा सकता है।
इस साल अभी तक आरबीआई गवर्नर ने सीआरआर में 1.25 प्रतिशत की अच्छी खासी कटौती कर चुका है। बैंक ने वार्षिक मौद्रिक नीति की घोषणा के समय रेपो दर में बाजार के अनुमान से अधिक जा कर आधा प्रतिशत की कटौती की थी। इससे पहले मार्च 2010 से 2011 की आखिरी तिमाही तक, 20 माह के लंबे दौर में रिजर्व बैंक ने रेपो दर में कुल मिला कर 3.50 प्रतिशत की वृद्धि की थी।

परिवहन जांच चौकी प्रभारी को नहीं परवाह आरटीआई की


परिवहन जांच चौकी प्रभारी को नहीं परवाह आरटीआई की

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। करोड़ों रूपए की घोषित और अघोषित आय देने वाले मध्य प्रदेश महाराष्ट्र सीमा पर अवस्थित खवासा परिवहन जांच चौकी द्वारा सूचना के अधिकार कानून का खुला माखौल उड़ाया जा रहा है। उक्ताशय के आरोप पत्रकार राजेश स्थापक द्वारा लगाए गए हैं।
श्री स्थापक ने बताया कि उन्होंने खवासा स्थित परिवहन जांच चौकी के प्रभारी से प्रतिदिन इस जांच चौकी से होकर गुजरने वाली नेशनल परमिट यात्री बसों की जो दिन में दो मर्तबा इस चौकी से होकर गुजरती हैं की जानकारी मांगी थी। इसी तरह इन यात्री बसों के कितने चालान कर शासकीय राजस्व में जमा करवाए गए हैं। इसके साथ अन्य बिन्दुओं पर भी सूचना के अधिकार कानून के तहत उन्होंने महाराष्ट्र के मानेगांव परिवहन चेकपोस्ट की जानकारी आरटीओ नागपुर, सिवनी परिवहन अधिकारी और एनएचएआई टोल प्लाजा बंडोल से एक साथ मांगी है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जब उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने खवासा में चौकी प्रभारी परिवहन निरीक्षक के.पी.अग्निहोत्री के व्यक्गित नाम से आवेदन भेजा। 2 जून 2012 को खवासा पहुंचे स्पीड पोस्ट पर 6 जून 2012 को यह लिखकर वापस कर दिया गया कि श्री अग्निहोत्री अवकाश पर हैं। बताया जाता है कि आरटीआई खवासा में ही उपस्थित थे।

जी 20 से वैश्विक अर्थव्यस्था सुधरेगी: सिंह


जी 20 से वैश्विक अर्थव्यस्था सुधरेगी: सिंह

(ज्योत्सना)

लॉस काबोस (साई)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्व में गहरे आर्थिक संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उम्मीद जाहिर की है कि जी-२० शिखर सम्मेलन वैश्विक अर्थव्यवस्था को संकट से उबारने के लिए रचनात्मक प्रस्ताव लाएगा। जी-२० शिखर सम्मेलन में भाग लेने मैक्सिको में लॉस काबोस पहुंचने पर डॉ. सिंह संवाददाताओं से बात कर रहे थे। यूरोजोन ऋण संकट और दुनिया के विभिन्न भागों में आर्थिक वृद्धि दर कम होने के बीच दो दिन का जी-२० शिखर सम्मेलन आज रात शुरू हो रहा है।
लॉस कोबोस के डेजर्ट में जमा विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यस्थाओं के नेताओं को इस खबर से कुछ राहत मिली है कि ग्रीस में बेल-आउट पैकेज समर्थक न्यू डेमोक्रेसी पार्टी राष्ट्रीय चुनाव जीत गई है। अगर यह पार्टी हार जाती तो ग्रीस यूरो मुद्रा छोड़ने को मजबूर हो सकता था। इससे यूरोपीय देशों और पूरे विश्व पर बहुत विपरीत असर पड़ता। आशा है कि इस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह और अन्य विश्व नेता यूरो जोन समस्याओं के संकट और लड़खड़ाती वैश्विक वृद्धि दर को दुरूस्त करने के समाधान खोजने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे।
प्रधानमंत्री ब्रिक्स देशों के नेताओं से मिलेंगे और सम्मेलन के एजेंडे पर चर्चा करेंगे। वे मैक्सिको के राष्ट्रपति फिलिप कैलेड्रॉन और जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। डॉ. सिंह कनाड़ा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डैविड कैमरन ओर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मिलेंगे।
उधर, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलुवालिया ने कहा है कि लॉस काबोस शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे जी-ट्वेंटी देशों के नेता प्राथमिक रूप से वैश्विक अर्थव्यस्था की वृद्धि दर को पटरी पर लाने की कार्य योजना पर चर्चा करेंगे। श्री अहलुवालिया ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि यूरो जोन में आर्थिक संकट के असर से निपटने के लिए भारतीय अर्थव्यवस्था में पर्याप्त लचीलापन है लेकिन हाल के घटनाक्रम से देश की आर्थिक वृद्धि पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश इस हालात से अपने आप निपट सकता है और इसे किसी बाहरी वित्तीय सहायता की जरूरत नहीं होगी।