सोमवार, 2 जुलाई 2012

चव्हाण हुए आयोग के समक्ष पेश


चव्हाण हुए आयोग के समक्ष पेश

(दीपक अग्रवाल)

मुंबई (साई)। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण आज फिर मुम्बई में आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाले की जांच कर रहे दो सदस्यीय न्यायिक आयोग के सामने पेश हुए। श्री चव्हाण उन १४ आरोपियों में शामिल हैं जिनके खिलाफ केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई, आदर्श हाउसिंग सोसायटी के निर्माण में विभिन्न अनियमिताओं और नियमों के उल्लंघन की जांच कर रहा है।
पिछले हफ्ते श्री चव्हाण ने पूछताछ के दौरान न्यायिक आयोग को बताया था कि मुम्बई शहर, उसके उपनगरों और पुणे में जमीन के सरकारी आवंटन से संबंधित मामलों का फैसला मुख्यमंत्री करते हैं। उन्होंने कहा कि जमीन के आवंटन से संबंधित सभी प्रमुख फैसले श्री देशमुख ने किए, उन्हें मुम्बई में किसी भी जमीन के आवंटन को मंजूरी देने का अधिकार नहीं था। श्री चव्हाण ने यह भी बताया कि राजस्व मंत्री प्रधान सचिव की सलाह पर काम करते हैं और प्रधान सचिव पहले सभी प्रस्तावों का अध्ययन करते हैं।

विदेश मंत्री तजाकिस्तान के दौरे पर


विदेश मंत्री तजाकिस्तान के दौरे पर

(टी.विश्वनाथन)

दुशान्बे (साई)। विदेशमंत्री एस एम कृष्णा ताजीकिस्तान की राजधानी दुशान्बे की दो दिन की यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान वे ताजीकिस्तान के नेताओं के साथ दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों और क्षेत्र की स्थिति के बारे में बातचीत करेंगे। इसमें व्यापार, आर्थिक, सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे शामिल हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने खबर दी है कि श्री कृष्णा की इस यात्रा को अहम माना जा रहा है क्योंकि मध्य एशिया के इस महत्वपूर्ण देश की सीमाए अफगानिस्तान, उजबेकिस्तान, किर्गीस्तान और चीन से लगी हैं। इसके अलावा जमीन की एक सकरी पट्टी इसे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से अलग करती है।
१९९० के दशक में अफगानिस्तान में तालिबान के जोर पकड़ने के बाद भारत और ताजीकिस्तान के बीच संबंध गहरे हो गए। २००२ में दोनों देशों के संबंध, विशेष रूप से आतंकवाद का मुकाबला करने और रक्षा सहयोग के क्षेत्रों में संबंध और मजबूत हुए।दुशान्बे में श्री कृष्णा यूरो एशियाई क्षेत्र में भारतीय राजदूतों के क्षेत्रीय सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसमें रूस, युक्रेन, बेलारूस, आरमेनिया, अजरबेजान, जोर्जिया, कजाख्स्तिान, उजबेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, किर्गीस्तान और ताजीकिस्तान शामिल है।

पुलिस की वर्दी में तीन सैनिकों की हत्या!


पुलिस की वर्दी में तीन सैनिकों की हत्या!

(साई इंटरनेशनल डेस्क)

काबुल (साई)। अफगानिस्तान के दक्षिणी भाग में कल अफगान पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने नैटो के तीन सैनिकों की गोली मार कर हत्या कर दी। काबुल में अंतर्राष्ट्रीय सेना की कल रात जारी विज्ञप्ति के अनुसार अफगान पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति ने गोलियां दाग कर तीन सैनिकों को मार डाला।
विज्ञप्ति के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय सेना अपनी नीति के तहत मृत सैनिकों की पहचान होने तक इस तरह की घटनाओं का विस्तृत विवरण नहीं देती है। अफगानिस्तान में इस साल २० से अधिक अंतर्राष्ट्रीय सैनिक अफगान पुलिस की वर्दी करने आए हमलावरों के हमलों में मारे जा चुके हैं। ऐसा पहला हमला मार्च में अफ्रीका के बगराम वायु सेना केंद्र में कुरान शरीफ की कुछ प्रतियां अनजाने में जलाए जाने की घटना के बाद हुआ था।
जानकारों का कहना है कि ऐसी घटनों से अंतर्राष्ट्रीय सेनाओं का मनोबल कम होगा। अफगान सुरक्षा बल और अंतर्राष्ट्रीय सेनाएं अफगानिस्तान में आतंक के खिलाफ एक दशक से भी अधिक समय से जारी युद्ध में घनिष्ठ सहयोगी रहे है। सुरक्षा जिम्मेदारी के हस्तांतरण की मौजूदा प्रक्रिया के तहत अंतर्राष्ट्रीय सेनाएं देश की हिफाजत की जिम्मेदारी अफगान सुरक्षा बलों को सौंप कर वापसी की तैयारी कर रही है। लेकिन अफगानिस्तान में आंतक के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और अफगान सुरक्षा बलों को अंतर्राष्ट्रीय सेना के अपने सहयोगियों से बहुत कुछ सीखना है।

शेयर बाजार का उतार चढ़ाव बरकरार


शेयर बाजार का उतार चढ़ाव बरकरार

(अतुल खरे)

मुंबई (साई)। बम्बई शेयर बाजार के सेन्सेक्स में आज उतार-चढ़ाव जारी है। शुरूआती कारोबार में सेन्सेक्स में चालीस अंकों से अधिक की गिरावट आई। दोपहर बाद के कारोबार में इसमें सुधार हुआ और अब से कुछ देर पहले यह १५ अंक की वृद्धि के साथ  १७ हजार ४४४ पर था।
इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी १३ अंक बढ़कर ५ हजार २९१ पर था।अंतरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज शुरूआती कारोबार में रूपया  डॉलर के मुकाबले  छह पैसे मजबूत हुआ। लेकिन बाद में यह अपनी बढ़त बरकरार नहीं रखा सका और दस पैसे कमजोर हो गया।
एक डॉलर की कीमत ५५ रूपये ७१ पैसे बोली गई। एशियाई बाजारों में आज कच्चे तेल के भाव गिरे। अगस्त की डिलीवरी के लिए न्यूयॉर्क का लाइट स्वीट क्रूड एक डॉलर तीन सेंट सस्ता होकर ८३ डॉलर ९३ सेंट प्रति बैरल हो गया। लंदन के ब्रेंट नार्थ सी क्रूड की कीमत में भी एक डॉलर २३ सेंट की गिरावट आई और एक बैरल ९६ डॉलर ५७ सेंट का हो गया।

शिव के गण हैं आयकर के निशाने पर


शिव के गण हैं आयकर के निशाने पर

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। भोपाल के दो बड़े कारोबारी कम भाजपाई नेताओं के यहां हुई छापेमारी के बाद अब आयकर विभाग की नजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निजी स्टाफ पर है। कुछ दस्तावेजों से सीएम के निज सचिवों के पास आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। मामला चूंकि सूबे के निजाम से संबंधित है अतः अभी बिल्ली के गले में घंटी कौन बांधे की तर्ज पर आयकर अधिकारी अपनी फूली सांसे व्यवस्थित करने में लगे हुए हैं।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो कारोबारियों के यहां छापे मारने के बाद आयकर विभाग की नजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निजी सचिव हरीश सिंह पर है, क्योंकि दस्तावेजों से सिंह के पास आय से अधिक सम्पत्ति होने का खुलासा हुआ है। सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि आयकर विभाग जल्द ही हरीश सिंह से पूछताछ कर सकती है कि आखिर उनके पास मौजूद दो करोड़ रुपये से ज्यादा की सम्पत्ति का स्रोत क्या है, क्योंकि उनकी वार्षिक आय दो लाख के करीब है, यह ब्योरा स्वयं सिंह ने आयकर विभाग में दायर रिटर्न में दिया है।
आयकर विभाग को दिलीप सूर्यवंशी और सुधीर शर्मा के यहां पड़े छापों के दौरान पता चला है कि सिंह का रोहित नगर में भूखंड है, बावड़िया कलां में मकान बन रहा है और बागसिवनियां में एक भूखंड है। इस सम्पत्ति की बाजार कीमत दो करोड़ रुपये से ज्यादा है। उधर, मुख्यमंत्री के निजी सचिव हरीश के भाई भारत सिंह का दिलीप सूर्यवंशी की कम्पनी से सीधा नाता है और भारत की पत्नी सीमा सिंह भाजपा की पदाधिकारी रही हैं तथा इस समय लाडली प्रकोष्ठ की प्रमुख हैं। पिछले दिनों आयकर विभाग ने सीमा सिंह के खातों की भी जांच की थी।

कर्नाटक में संकट गहराया


कर्नाटक में संकट गहराया

(प्रीति सक्सेना)

बंग्लुरू (साई)। कर्नाटक में वी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के विद्रोही दल द्वारा पांच जुलाई तक मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा को हटाने और उनके स्थान पर जगदीश शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाने की चेतावनी से राज्य में पार्टी का संकट और गहरा गया है। बंगलौर में संवाददाताओं से बातचीत में मंत्री राजू गौड़ा ने कहा कि वे पांच जुलाई तक प्रतीक्षा करेंगे और अगर उस समय तक उनकी मांग नहीं मानी गई तो इसके परिणाम की जिम्मेदार पार्टी हाईकमान की होगी। दो दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के वफादार नौ मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा के आज दिल्ली जाने की संभावना है जहां वे संकट के समाधान के लिए केन्द्रीय नेतृत्व से बातचीत करेंगे। आज सुबह दिल्ली रवाना होने से पहले पार्टी के महासचिव और कर्नाटक मामलों के प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान ने फिर कहा कि समस्या का बहुत जल्द समाधान निकल जायेगा। उन्होंने कहा कि वे ताजा स्थिति से केन्द्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे।  कर्नाटक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के एस इश्वरप्पा ने कहा कि वे पार्टी में धड़बंदी से परेशान हैं और उन्हें उम्मीद है कि दो सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान हो जायेगा।
इधर, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि कर्नाटक में कोई संकट नहीं है। आज नई दिल्ली में एक समारोह के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायकों में जो मतभेद हैं, उन्हें शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा।
उधर, कर्नाटक में जिन नौ मंत्रियों ने मुख्यमंत्री सदानन्द गौड़ा को त्यागपत्र सौंपे थे, वे अपने त्यागपत्र वापस लेने पर सहमत हो गये हैं। संवाददाताओं से बातचीत में असंतुष्ट मंत्रियों में से एक और येदियुरप्पा ग्रुप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार जगदीश शेट्टर ने पुष्टि की कि वे सभी अपने त्यागपत्र वापस ले लेंगे।
उन्होंने बताया कि केन्द्रीय नेताओं ने कहा है कि वे बातचीत के लिए राजी हैं लेकिन पहले उन लोगों को इस्तीफे वापस लेने होंगे।हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि मुख्यमंत्री सदानन्द गौड़ा पार्टी की राज्य शाखा के अध्यक्ष ईश्वरप्पा और इस्तीफा देने वाले सभी नौ मंत्री  सुलह-सफाई की बातचीत के लिए दिल्ली जा रहे हैं।
मंत्री बसु राज बोमई जो येदियुरप्पा के निकटवर्ती है, उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पार्टी अध्यक्ष नीतिन गडगरी और राज्य सभा पक्ष के नायक अरूण जेटली ने आज येदियुरप्पा के साथ फोन पर बात करने के पश्चात उन्होंने इस्तीफा वापस लेने का निर्णय लिया। येदियुरप्पा के समर्थक विधायक और संसदों की यह मांग थी कि मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा को हटाकर ग्रामीण विकास सचिव जगदीश चटर्जी को लाया जाए। इस्तीफा वापस लेने के निर्णय का स्वागत करते हुए सदानंद गौड़ा ने कहा कि उनके द्वारा लगभग एक साल तक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चली और पार्टियों के सभी विधायकों के साथ अच्छे संबंध रखने की कोशिश की गई।