सोमवार, 16 जुलाई 2012

छेड़छाड़ मामले में तीन और धराए


छेड़छाड़ मामले में तीन और धराए

(जाकिया तस्मिन रहमान)

गुवाहाटी (साई)। असम में सोमवार रात को एक किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। असम पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्घ्तार किया है। कामरूप मेट्रो के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अपूर्व जीवन बरुआ ने कल बताया कि छह लोग अब भी फरार हैं।
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग के दो सदस्यों का दल कल दिल्ली वापस चला गया है। समझा जाता है कि दल आज आयोग की अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट देगा। राष्ट्रीय महिला आयोग के सूत्रों का कहना है कि आयोग के द्वारा रिपोर्ट सौंपने के बाद अगली कार्रवाई तय हो सकेगी। असम सरकार ने भी इस मामले में छानबीन के लिए एक कमेटी बनाई है।
इसके साथ ही पुलिस द्वारा एक विशेष टास्क फोर्स भी बनाया गया है। फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए पड़ोसी प्रदेशों में भी छापे मारे जा रहे हैं। घटना के मूल आरोपियों की जानकारी देने पर पुलिस एक लाख रुपए का नगद ईनाम भी देगी। कल कई नागरिक संगठन और छात्र समुदाय ने गोवाहाटी में घटना का विरोध करके सभी आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की।

एमपी का मानसून सत्र आरंभ


एमपी का मानसून सत्र आरंभ

(नंद किशोर)

भोपाल (साई)। मध्य प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से राजधानी भोपाल में शुरू हो गया। १२ दिन तक चलने वाले सत्र में १० बैठकें होंगी। इस दौरान राज्य सरकार लगभग ६ विधेयक पेश करेगी। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है।
सदन में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस राज्य सरकार में कथित भ्रष्टाचार, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में अनियमितताओं के अलावा सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के निकट समझे जाने वाले दो व्यवसायियों के यहां हाल ही में पड़े आयकर विभाग के छापों  जैसे मुद्दे उठाएगी। विधानसभा सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार इस सत्र के लिए विधायकों की ओर से दो हजार से अधिक प्रश्न ओर एक सौ से अधिक ध्यानाकर्षण सूचनाएं मिली है।

लंदन ओलंपिक का आगाज 27 से


लंदन ओलंपिक का आगाज 27 से

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। रंगारंग और लुभावने खेलों के लिए लंदन ओलंपिक का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। लंदन ऑलम्पिक खेलों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। खेलों का उद्घाटन समारोह इस महीने की २७ तारीख को होगा। भारतीय दल भी इसमें पूरे जोश खरोश से शामिल होने की तैयारी में जुटा हुआ है।
ज्ञातव्य है कि पहले आधुनिक ओलंम्पिक खेल एथेंस में १८९६ में आयोजित हुए जहां १४ देशों के २४१ एथलीटों ने भाग लिया। चार साल पहले पेइचिंग में २ सौ देशों के ग्यारह हजार से ज्यादा एथलीटों ने पदकों पर अपनी दावेदारी पेश की और अब २७ जुलाई से १२ अगस्त तक होने वाले ३०वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक्स की २६ स्पर्धाओं में लगभग ११ हजार एथलीट लंदन में मौजूद होंगे।
ओलंपिक खेलों के प्रतीक चिन्ह के रूप में आपस में जुड़े हुए पांच छल्लों को दिखाया जाता है जो विश्व के पांच महाद्वीपों के जुड़ाव को प्रदर्शित करते हैं। ओलंपिक खेलों की मशाल और टार्च रिले की शुरूआत भी प्राचीन ओलंपिक खेलों से जुड़ी हुई है। शांति, एकता और मित्रता का संदेश देने वाली ओलंपिक मशाल को ओलंपिया में आयोजित एक पारंपरिक समारोह में सूर्य की किरणों से प्रज्जवलित किया जाता है। उसके बाद मशाल को मेजवान देश को सौंपी जाती है और आमतौर पर ये मशाल धावकों के माध्यम से अलग-अलग देशों और जगहों से गुजरते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचती है।
उधर, भारतीय ओलम्पिक संघ ने घोषणा की है कि पहलवान सुशील कुमार लंदन ओलम्पिक खेलों में भारतीय दल के ध्वज वाहक होंगे। सुशील कुमार ने २००८ में पेइचिंग ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीता था।

वर्मा झा आमने सामने


वर्मा झा आमने सामने

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। चाल चरित्र और चेहरे वाली काडर बेस्ड भाजपा के सूबाई निजाम प्रभात झा और पूर्व कैबनेट मंत्री तथा सांसद सज्जन सिंह वर्मा के बीच छिड़ी रार अब तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा और कांग्रेस सांसद सज्जन वर्मा की बयानबाजी राजनीतिक गलियारे से निकलकर खुली सड़क पर आ गई है। इसमें एक-दूसरे के खिलाफ दोनों दलों के बड़े नेता भी कूद पड़े हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को इंदौर में सांसद वर्मा के घर के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज झा के साथ धरना देगी, वहीं भोपाल में ठीक उसी समय (3.15 बजे) सांसद वर्मा पार्टी के नेता, विधायक और कार्यकर्ताओं के साथ झा के बंगले की ओर पैदल कूच करेंगे।
ज्ञातव्य है कि विधानसभा में सोमवार को मानसून सत्र का पहला दिन है। इसका फायदा उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने सांसद का साथ देने के लिए विधायकों को भी मार्च पास्ट में शामिल रहने को कहा है ताकि झा को सीहोर के बजाय प्रदेश में ‘जमीन’ दिखाने की शुरुआत की जा सके।
हालांकि प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप को सड़क पर उतारने की इस नई परंपरा में दोनों ही दलों के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उधर, इंदौर एडीएम आलोकसिंह ने बताया देर रात तक भाजपा की ओर से धरने की अनुमति का आवेदन नहीं मिला है।
इंदौर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से विजय सिंह राजपूत ने बताया कि इंदौर शहर में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर तीन बजे पलसीकर चौराहे पर इकट्ठा होंगे। सवा तीन बजे प्रभात झा के पहुंचते ही उनकी अगुआई में कार्यकर्ता सांसद वर्मा के घर की ओर आगे बढ़ेंगे। उधर, सांसद के घर के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता स्वागत में खड़े रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से कुशल क्षेम पूछकर उन्हें सम्मान स्वरूप चाय भी ऑफर की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर सांसद वर्मा आज सुबह भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं। रास्ते से कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता उनके साथ जुड़ते जाएंगे। भोपाल में पौने तीन बजे प्रदेश कार्यालय पर इकट्ठा होंगे। गाड़ियों से बाबूलाल गौर के बंगले तक जाएंगे। यहां से झा के बंगले की ओर सारे नेता पैदल कूच करेंगे। पुलिस ने रोका और आगे नहीं बढ़ने दिया तो वहीं गिरफ्तारी देंगे।

अब बनर्जी की ममता चाह रहे प्रणव


अब बनर्जी की ममता चाह रहे प्रणव

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। राष्ट्रपति चुनाव की तिथि पास आने के साथ ही संप्रग उम्मीदवार ने अब खतो खिताब के जरिए अपने गृह प्रदेश की निजाम ममता बनर्जी को रिझाना आरंभ कर दिया है। संप्रग के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार प्रणव मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से समर्थन मांगते हुए उन्हें पत्र लिखा, वहीं उनके प्रतिद्वन्द्वी पी ए संगमा ने दावा किया कि उन्हें 18 राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है और कुछ कांग्रेस के नेता भी शामिल हैं।
राष्ट्रपति पद के लिए यू पी ए के उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से अपने लिए औपचारिक रूप से समर्थन मांगा है। श्री मुखर्जी ने इस संबंध में सुश्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है। सुश्री बनर्जी ने कहा कि चुनाव से २-३ दिन पहले पार्टी इस सबंध में फैसला करेगी। राष्ट्रपति चुनाव १९ जुलाई को है। तृणमूल कांग्रेस ने अपनी पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को १८ जुलाई को कोलकाता में मौजूद रहने को कहा है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार प्रणव मुखर्जी ने अपने पत्र में कहा, ‘‘राष्ट्रपति पार्टी राजनीति से उपर होता है, एक मौका दीजिये। मेरा प्रयास होगा कि इस पद के मूल्यों, ईमानदारी, निष्पक्षता तथा हमारे संविधान की भावना सर्वधर्म समभाव को प्रोत्साहन देना, की रक्षा की जाये।’’ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने इस पत्र को अपने फेसबुक पेज पर यह कहकर लगा दिया है कि उन्हें यह आज ही प्राप्त हुआ है।
मुखर्जी ने कहा, ‘‘यदि मेरे चुनाव का कोई अर्थ है तो यह केवल मातृभूमि के प्रति हमारी साझा सेवा का हिस्सा है। इसी भावना के वशीभूत मैं आपका मूल्यवान सहयोग मांग रहा हूं’’ उन्होंने कहा कि वह इस बात को लेकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि संप्रग सहयोगियों और अन्य दलों ने उन्हें इस पद के लिए योग्य समझा।’’
ममता को लिखे पत्र में पश्चिम बंगाल के अपने पैतृक गांव से अपना सार्वजनिक जीवन शुरु करने की बात का स्मरण करते हुए मुखर्जी ने कहा कि राजनीति में उनकी शुरुआत इंदिरा गांधी के गरीब समर्थक प्रतिबद्धता के साथ हुई। मुखर्जी ने कहा कि उनका यह स्वप्न रहा है कि हमारे जीवनकाल में गरीबी की समस्या मिट सके।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख पहले ही कह चुकी है कि वह 19 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव से तीन दिन पहले इस बात का निर्णय सार्वजनिक कर देंगी कि उनका दल किसे समर्थन देगा। पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि उनकी बैठकें राजनीतिक दलों को धन्यवाद देने का हिस्सा है। राष्ट्रपति के चुनाव में राज्यसभा के 233, लोकसभा के 543 सदस्य तथा राज्य विधानसभाओं के 4120 सहित सहित कुल 1098882 मत पडेगे।
उधर, समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के उड़ीसा ब्यूरो एस.के.शर्मा ने बताया कि भुवनेश्वर में संगमा ने सत्तारुढ बीजद के सांसदों और विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘18 राजनीतिक दलों ने मुझे समर्थन का भरोसा दिया है। कुछ राजनीतिक दल एक दो दिन में घोषणा करेंगे और कुछ इसके बारे में कोई घोषणा नहीं कर सकते हैं। हमें उम्मीद है कि वे मुझे समर्थन देंगे।’’ उन्होंने कहा कि वह 1969 की परिस्थिति के दोहराये जाने को लेकर आशावान है जब वीवी गिरी ने कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार को पराजित किया था।
संगमा ने कहा, ‘‘चूंकि इस चुनाव में कोई व्हिप, या लिखित निर्देश नहीं होता, मुझे उम्मीद है कि कई सांसदों एवं विधायकों का मुझे समर्थन मिलेगा। लिहाजा चुनाव जीतने की मेरी संभावना काफी अच्छी हैं।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ कांग्रेसजनों का समर्थन भी मिलने की उम्मीद है।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के गुवाहाटी ब्यूरो ने बताया कि बाद में संगमा ने गुवाहाटी में कांग्रेस के विधायकों और सांसदों से मुलाकात की और कहा कि वह निर्भय होकर उन्हें वोट दें। उन्होंने कहा कि कोई आधिकारिक व्हिप नहीं है लिहाजा उन्हें डरने की जरुरत नहीं है इसके अलावा चुनाव में गुप्त मतदान होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘किसी को डरने की जरुरत नहीं है। मैं यह संदेश खासतौर पर कांग्रेस विधायकों और सांसदों के लिए दे रहा हूं। संविधान कहता है कि आप जिसे चाहे वोट दे सकते हैं। पार्टी आपको निर्देश नहीं दे सकती। यह आपकी पसंद और आपकी अंतरात्मा की आवाज होगी।’’

गर्भवती महिला के लिए मुफ्त एंबुलेंस


गर्भवती महिला के लिए मुफ्त एंबुलेंस

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। उत्तर प्रदेश में अब जल्द ही हर ब्लॉक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं को मुफ्त एंबुलेंस मिलेगी। इसके लिए किसी भी घरवाले को 102 नंबर डायल करना होगा। एंबुलेंस दरवाजे तक पहुंच जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) अब मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में भी मुफ्त परिवार नियोजन सुविधाएं शुरू करने जा रहा है।
यह जानकारी पॉपुलेशन फाउंडेशन आफ इंडिया (पीएफआइ) द्वारा जनसंख्या स्थिरता पर आयोजित कार्यशाला में एनआरएचएम के मिशन निदेशक मुकेश कुमार मेश्रम ने दी। श्री मेश्राम ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि एनआरएचएम के तहत 1000 एंबुलेंस खरीदी जा रही है। महिलाओं के लिए परिवार नियोजन का प्रचिलत साधन कापर टी निजी अस्पतालों में मुफ्त लग सकेगा। इसके लिए अभी तक उन्हें 75 रु पये देने की व्यवस्था थी पर अब इसके लिए 400 रु पये दिये जायेंगे। वहीं नसबंदी के लिए भी 2000 रु पये प्रति अस्पताल दिये जायेंगे। इसके लिए जनसंख्या स्थिरता कोष ने नौ जिलों में संतुष्टि योजना चलायी है।
उन्होंने कहा कि जहां यह योजना नहीं है, वहां एनआरएचएम की ओर से 1500 रुपये की मदद दी जाएगी। वहीं अब प्रदेश की करीब सवा लाख आशा कार्यकर्ता भी नये शादीशुदा जोड़ों को परिवार नियोजन के प्रति जागरु क करेंगी। बारिश में गर्भवती महिलाओं को लाने के लिए कार्यकर्ताओं को सीयूजी मोबाइल, छाता और टॉर्च भी दिया जा रहा है।