गुरुवार, 26 जुलाई 2012

हरियाणा हिंसा की होगी न्यायिक जांच

हरियाणा हिंसा की होगी न्यायिक जांच

(अनेशा वर्मा)

रिवाडी (साई)। हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी जिले में पिछले सप्ताह किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा की दो घटनाओं की न्यायिक जांच कराने का फैसला किया है। न्यायिक जांच का नेतृत्व पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। रिवाडी के किसान प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा के साथ दो दौर की बातचीत के बाद यह फैसला किया गया।
ज्ञातव्य है कि इन हिंसक घटनाओं में न केवल सरकारी संपति को नुकसान पंहुचा था बल्कि कई अधिकारी पुलिसकर्मी और किसान जख्मी हो गए थे। हरियाणा के उद्योगमंत्री रनदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि सरकार भूमि अधिग्रहण मामले को सुलझाने के लिए किसानों और सरकार की दो कमेटियां गठित करने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने किसानों को विश्वास दिलाया है कि जब तक दोनो कमेटियां इस मामले का कोई ठोस हल नहीं ढूंढ लेगी। बावल में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ायी जायेगी।

कलमाड़ी के 27 तक भारत छोड़ने पर पाबंदी


कलमाड़ी के 27 तक भारत छोड़ने पर पाबंदी

(रश्मि सिन्हा)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के बर्ख्वास्त अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को २०१२ के ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए लंदन जाने से रोक दिया है। अदालत ने कहा है कि कलमाड़ी के लंदन जाने से देश को शर्मिन्दगी उठानी पड़ सकती है।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ए.के. सीकरी और न्यायमूर्ति राजीव सहाय एंड लॉ ने कलमाड़ी पर २७ जुलाई तक देश छोड़ने पर भी रोक लगा दी है । लेकिन अदालत ने यह अंतर्राष्ट्रीय एथेलीट्स परिसंघ पर छोड़ दिया है कि वह अदालत के आदेश पढ़ने के बाद परिसंघ की बैठक में भाग लेने की कलमाड़ी की अर्जी पर क्या फैसला करें। अदालत ने कलमाड़ी पर लंदन से जाने से रोक लगाने का आदेश एक वकील की जनहित याचिका पर दिया। याचिका में कहा गया था कि कलमाड़ी के खिलाफ २०१० के राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े आपराधिक मामलों को देखते हुए उन्हें लंदन ओलंपिक में भाग लेने से रोका जाए।
भ्रष्टाचार के आरोपों में आकंठ डूबे  कॉमनवेल्थ गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमिटी के पूर्व प्रमुख सुरेश कलमाड़ी के लंदन ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का सपना पूरा होता नहीं दिख रहा। दिल्ली हाई कोर्ट ने न केवल उनके आधिकारिक तौर पर लंदन ओलिंपिक में शामिल होने पर रोक लगा दी बल्कि यह भी कहा कि वह 27 जुलाई से पहले भारत नहीं छोड़ सकते।
दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को दिए फैसले में कहा कि कलमाड़ी आधिकारिक तौर पर किसी भी खेल के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते। अदालत ने 27 जुलाई से पहले उनके भारत छोड़ने पर भी रोक लगा दी। इससे पहले मंगलवार को इस मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने बुधवार तक के लिए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
गौरतलब है कि इस मामले में दायर जनहित याचिका में कहा गया था कि चूंकि कलमाड़ी पर करप्शन के गंभीर मामले चल रहे हैं, इसलिए उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। जनहित याचिका ऐडवोकेट राहुल मेहरा ने दायर की थी।

अलग थलग पड़े संगमा


अलग थलग पड़े संगमा

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राष्ट्रपति के रूप में प्रणब मुखर्जी के निर्वाचन को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की विपक्षी उम्मीदवार पी. संगमा की योजना से खुद को अलग कर लिया है। बीजेपी के प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने बुधवार को कहा, कि सुप्रीम कोर्ट जाने का संगमा का कोई भी निर्णय उनका निजी होगा। बीजेपी देश के राष्ट्रपति के रूप में प्रणव मुखर्जी का सम्मान के साथ स्वागत करती है। पार्टी और एनडीए ऐसे किसी भी कदम (संगमा के सुप्रीम कोर्ट जाने) के साथ नहीं है।
राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद संगमा प्रेजिडेंट के रूप में मुखर्जी के मनोनयन को चुनौती देने के लिए याचिका दायर करने की योजना बना रहे हैं। संगमा की टीम का दावा है कि राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करते समय प्रणव भारतीय सांख्यिकी संस्थान के अध्यक्ष थे, जो लाभ का पद है। उनका यह भी कहना है कि प्रणव ने जो इस्तीफा पत्र सौंपा है, उसमें उनके फर्जी सिग्न्चर हैं।

ओबामा से बड़ी रिहाईश है प्रणव की


ओबामा से बड़ी रिहाईश है प्रणव की

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। देश में आने वाले विदेशी सैलानियों के लिए देश में आकर्षण के तीन प्रमुख केंद्र हैं। पहला ताजमहल, दूसरा कुतुब मीनार और तीसरा रायसीना हिल्स पर बना महामहिम राष्ट्रपति का आवास। नई दिल्ली के बीचोबीच अरावली रेंज की रायसीना हिल्स पर बनी यह शानदार इमारत भले आजाद भारत की शान मानी जाती हो, लेकिन इसका ख्वाब देखा था अंग्रेजों ने और उसे साकार किया ब्रिटिश आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस ने।
दुनिया के सभी राष्ट्राध्यक्षों के औपचारिक निवासों के मुकाबले राष्ट्रपति भवन सबसे बड़ा है। यहां तक कि वाइट हाउस भी इसके सामने नहीं टिकता। वाइट हाउस में 130 कमरे हैं जबकि चार मंजिला राष्ट्रपति भवन में 340 कमरे। राष्ट्रपति भवन भारतीय, यूरोपीय और मुगल शिल्पकला का बेहतरीन संगम है। जब यह बनकर तैयार हुआ तो इसे वाइसरॉय हाउस कहा गया, क्योंकि तब इसमें वाइसरॉय रहा करते थे। देश आजाद होने के बाद जब राष्ट्रपति इसमें रहने लगे तो इसे राष्ट्रपति भवन कहा जाने लगा।
राष्ट्रपति भवन की सबसे बड़ी पहचान है इसका विशालकाय गुंबद, जिसका व्यास 22.8 मीटर है। हालांकि लुटियंस ने इसे रोम के पैंथियन से प्रेरित बताया था। विशेषज्ञों के मुताबिक यह सांची के स्तूप से प्रेरित है। इस गोल गुंबद के नीचे है दरबार हॉल। यह इस इमारत का न सिर्फ सबसे अहम कक्ष है, बल्कि सबसे भव्य भी है। यह रंगीन संगमरमर के पत्थरों से बना है। सारे अहम और औपचारिक कार्यक्रम यहीं होते हैं। इसका बड़ा आकर्षण है 33 मीटर की ऊंचाई से लटकता दो टन का झूमर। इस हॉल में पहले वाइसरॉय का सिंहासन होता था, जिसे हटाकर एक तरफ रख दिया गया है। प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह से लेकर पद्म और अर्जुन पुरस्कार समारोह तक सब यही होते हैं।
एक बड़ा जूलरी बॉक्स जैसा दिखने वाला यह हॉल मूल रूप से बॉलरूम था, जो डांसिंग के मकसद से बनाया गया था। इसका फर्श लकड़ी का है। हॉल के बीचोबीच एक डांसिंग फ्लोर भी है। इसकी सीलिंग पर पर्शियन स्टाइल पेंटिंग की गई है। यह पेंटिंग लेदर पर की गई है।
जब यह इमारत बनी थी तो इसके मुख्यतरू दो हिस्से थे - वाइसरॉय विंग और गेस्ट विंग। वाइसरॉय विंग में वह और उनका परिवार रहता था। यह एक विशालकाय हिस्सा होता था, जिसे प्रेजिडेंट सुइट्स भी कहते थे। जब सी. राजगोपालाचारी देश के पहले गर्वनर जनरल बने तो उन्होंने वाइसरॉय विंग बजाय गेस्ट विंग को निजी इस्तेमाल के लिए चुना। उसके बाद सारे राष्ट्रपति इस परंपरा का पालन करने लगे। वाइसरॉय विंग को अब गेस्ट विंग बना दिया गया है, जहां दूसरे देशों से आने वाले राष्ट्राध्यक्ष ठहरते हैं। उनके स्वागत में होने वाला स्टेट रिसेप्शन भी यहीं दिया जाता है।
राष्ट्रपति भवन में तमाम गार्डन, दालान और कोर्टयार्ड हैं। निजी गार्डन, मुगल गार्डन, हर्बल गार्डन के अलावा यहां छोटा-सा जू भी है। राष्ट्रपति भवन में 37 सैलून, 74 लॉबियां 18 सीढ़ियां और 37 झरने हैं। यहां तक कि वाइसरॉय विंग में बड़ा-सा कोर्टयार्ड है।
यह स्टेट डाइनिंग हॉल है, जहां एक साथ 104 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। मध्यकालीन कला की छाप वाली इसकी दीवारें सभी राष्ट्रपतियों के चित्रों और मध्यकालीन हथियारों से सजी हैं। इसका इस्तेमाल कैग चीफ, मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे अधिकारियों के शपथग्रहण के लिए किया जाता है। इससे लगा हुआ ही ग्रे ड्रॉइंगरूम है, जहां मेहमानों के नाश्ते का इंतजाम किया जाता है।
इसके अलावा नार्दन रूम भी है। इस रूम में भारतीय राष्ट्रपति किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष से मुलाकात करते हैं। इसके अलावा अन्य अहम जगहों में जयपुर स्तंभ, लाइब्रेरी, म्यूजियम और जीन मार्बल हॉल (लेफ्ट गैलरी, राइट गैलरी और सेंट्रल) प्रमुख हैं। इस भवन के बारे में यह कहा जाता है कि मूल योजना के मुताबिक चार साल में बननी थी यह इमारत, पर लगे 17 साल।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को मिली जानकारी क अनुसार राष्ट्रपति भवन और संसद बनाने के लिए खाली कराए गए रायसीना और मालचा नाम के दो गांव, जिससे 300 परिवार हुए थे विस्थापित। आरंभमें इसका बजट चार लाख पाउंड था, जो 17 साल में 8,77,136 पाउंड हो गया। कहते हैं कि इसके निर्माण में 700 मिलियन ईंटों और 3 मिलियन क्यूबिक फीट लाल पत्थर का इस्तेमाल हुआ। इसका फ्लोर एरिया 2,00,000 स्क्वेयर फीट का है। इसमें लोहे का बहुत कम इस्तेमाल हुआ है।

पंवार सोनिया में सुलह!


पंवार सोनिया में सुलह!

(जया श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। एनसीपी और कांग्रेस के पिछले दो-तीन दिनों से चल रहा विवाद सुलझा लिया गया है। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल के बीच हुई एक बैठक के बाद यह ऐलान किया गया।
एनसीपी नेता और केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए बताया कि बातचीत से सारे मामले सुलझा लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एनसीपी केंद्र और महाराष्ट्र - दोनों ही जगह बेहतर तालमेल की मांग कर रही थी। बैठक में यह तय किया गया कि समन्वय समिति की बैठकों को नियमित करके संवाद बढ़ाया जाएगा और यह पक्का किया जाएगा कि आपसी तालमेल से ही फैसले किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बैठक के पहले जारी किए गए बयान में और बैठक के दौरान भी माना कि शरद पवार बेहद अनुभवी और अहम नेता हैं। उनके अनुभव का हर संभव से तरीके से उपयोग किया जाएगा।
प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हमलोग अपनी जिम्मेदारियों से किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटने वाले। उन्होंने कहा हमलोग यूपीए में और सरकार में अपनी जिम्मेदारियां शिद्दत से निभाते रहेंगे।