गुरुवार, 23 मई 2013

साईपुरम का मंदिर किसकी भूमि पर!


साईपुरम का मंदिर किसकी भूमि पर!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। शिर्डी के साईं बाबा के पूजन को लेकर उनके भक्तों के तौर-तरीकों पर अभी बातें चल ही रही थीं कि सिवनी के जबलपुर रोड स्थित भव्य साईं मंदिर की भूमि पर किसका अधिकार है... इस बात को लेकर विवाद उठना शुरू हो गया है। उल्लेखनीय है कि ओम श्री साईं मंदिर ट्रस्ट को पंजीकृत करने के लिये एक आवेदन ऊधवदास आसवानी व 10 अन्य लोगों द्वारा पंजीयक लोक न्यास के समक्ष दिया गया है।
आवेदन में उक्त भूमि को आवेदकों द्वारा अपने ट्रस्ट की अचल संपत्ति बताया गया है। जबकि इसके दूसरे पक्ष शरद अग्रवाल का दावा है कि ग्राम सिमरिया प.ह.न. 90 रा.नि.मं. सिवनी भाग-दो में स्थित उक्त भूमि जिसका खसरा नंबर 113/3 है, श्री शिरडी साईं संस्थान सिवनी की है।
उल्लेखनीय है कि ऊधवदास आसवानी और 10 अन्य व्यक्तियों द्वारा साईं मंदिर भूमि को ओम श्री साईं मंदिर ट्रस्ट सिवनी की अचल संपत्ति निरूपित करते हुए ट्रस्ट बनाये जाने हेतु एक आवेदन पंजीयक, लोक न्यास एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है जिस पर प्रमुख रूप से शरद अग्रवाल आ. गोविंदप्रसाद अग्रवाल द्वारा आपत्ति लगायी गयी है।
शरद अग्रवाल की तरफ से लगायी गयी आपत्ति के अनुसार जिस भूमि पर साईं मंदिर बना हुआ है 11 जून 1992 को श्री शिर्डी साईं संस्थान सिवनी के तात्कालीन अध्यक्ष दादू राघवेन्द्रनाथ सिंह द्वारा क्रय की गयी थी, जिसमें आमजन के सहयोग से भव्य साईं मंदिर का निर्माण किया गया था। आपत्तिकर्ता का कहना है कि जिस भूमि पर आमजन के सहयोग से भव्य साईं मंदिर बना है वह कागजों में आज भी श्री शिर्डी संस्थान की है। ऐसे में ओम श्री साईं मंदिर ट्रस्ट कैसे इस भूमि को अपनी अचल संपत्ति निरूपित कर अपने ट्रस्ट के पंजीयन हेतु आवेदन दे रहा है।
आपत्तिकर्ताओं के अनुसार उक्त भूमि शिर्डी के साई बाबा के मंदिर निर्माण के लिये ही खरीदी गयी थी, और उसमें मंदिर ही बना है लेकिन कोई अन्य उक्त भूमि को अपनी निरूपित कर पंजीयक लोक न्यास के समक्ष ट्रस्ट बनाये जाने हेतु आवेदन करेगा तो उसका विरोध तो करना ही पड़ेगा। कुछ लोगों द्वारा दस्तावेजों की कूटरचना कर भूमि को केवल अपने अधिकार में लेने की कोशिश कर ट्रस्ट बनाये जाने की कार्यवाही कर रहे हैं ताकि बाद में इस ट्रस्ट का संचालन व मंदिर में दान के रूप में आने वाली संपत्ति को वे मनमाने ढंग से उपयोग कर सके।

धूमा डबल मर्डर में पांच गिरफ्तार


धूमा डबल मर्डर में पांच गिरफ्तार

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। धूमा के डबल मर्डर कांड में पुलिस के हाथ देर से ही सही बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिवनी पुलिस ने दो तो नागपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने मेें सफलता हासिल की है। आरोपियों में से एक के पास से एक सोने की अंगूठी और 3200 रूपए बरामद किए हैं।
ज्ञातव्य है कि गणतंत्रता दिवस की पूर्व रात्रि 25 जनवरी को धूमा के प्रतिष्ठित व्यवसायई विजय अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गायत्री अग्रवाल को कुछ लोगों ने धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया था, जिसकी जानकारी 26 जनवरी को लगी। हाई- प्रोफाइल मर्डर केस होने के कारण यह मामाल विधानसभा में भी गूंजा।
इस मर्डर के मामले में पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें प्रमुख रूप से सप्पा उर्फ शफीक पिता अजीज सर्वर कालोनी नागपुर एवं दयाराम पिता हक्कू अहिरवार उम्र 36 वर्ष धूमा शामिल है। धूमा थाना प्रभारी आर.के.गुप्ता ने बताया कि सप्पा को पुलिस ने सिवनी में उसके मामा ससुर के घर से दबोचा है। दूसरा आरोपी दयाराम मृतक के घर के सामने ही जूता सुधारने की दुूकान चलाता था।
इस संबंध में धूमा थाना प्रभारी दुबे ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य आरोपी गौसअली उर्फ राजा है, जिसने लूटे हुए माल का बंटवारा किया था, इसलिए अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि उक्त लूट में कितने का माल लूटा गया। उन्होंने बताया कि इस मर्डर केसर में धूमा के दयाराम पिता अक्कू अहिरवार को गौसअली ने 10 हजार रू. एवं एक सोने की अंगूठी दिया था।
उधर, नागपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से आशीष कौशल ने बताया कि नागपुर पुलिस ने इस संबंध में इमरान खान निवासी बड़ा ताजबाग, शमीम खान निवासी बड़ा ताजबाग एवं लाले उर्फ मुईन खान साकिन नागपुर को पकड़ लिया है, जिन्हें रिमांड पर ले लिया है।
पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि इस मामले में अभी नागपुर बड़ा ताजबाग निवासी गौस अली उर्फ राजा एवं सत्येंद्र गुप्ता दोनों फरार हैं जिनकी तलाश पुलिस बड़ी शिद्दत से कर रही है। पुलिस ने इतने बड़े डबल मर्डर के बारे में मीडिया से आखिर दूरी क्यों बनाई है यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि इसमें मुख्य आरोपी सावधान ना हो जाएं इसलिए पुलिस ने इस खबर को दबाए रखा। बावजूद इसके सूत्रों के हवाले से खबर मीडिया को आखिर लग ही गई।

दागी अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही से कतराते अधिकारी!


दागी अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही से कतराते अधिकारी!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। सिवनी में पदस्थ जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग के खिलाफ शिकायतों का पुलिंदा होने के बाद भी आला अधिकारी उनके खिलाफ कार्यवाही करने से कतरा रहे हैं। विभाग के अनेक कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से इसकी शिकायत नेता मंत्री अधिकारियों को भी की है पर इसका कोई नतीजा निकलता नहीं दिख रहा है।
विभागीय सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि 31 जुलाई से डॉ.गर्ग द्वारा जमकर अनियमितताएं की जा रही हैं, बावजूद इसके उनके खिलाफ कोई कार्यवाही ना होना आश्चर्य का ही विषय है। इसकी सूचना विभागीय मंत्री महेंद्र हार्डिया, प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण, संचालक, आयुक्त राजस्व जबलपुर के साथ ही साथ जिला कलेक्टर सिवनी को अनेक मर्तबा की जा चुकी है पर इस पर कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने 15 जनवरी को संयुक्त रूप से इसकी शिकायत जिला कलेक्टर को की थी, पर नतीजा सिफर ही है। बताया जाता है कि वे पिछले साल 31 जुलाई को जिले के आदेगांव औषधालय में अपनी उपस्थिति देने के बाद 1 अगस्त से 18 अगस्त तक लगातार अनुपस्थित रहे हैं। उनका यह अवकाश स्वीकृत नहीं हुआ है पर उन्होंने आहरण वितरण अधिकार होने के चलते अपना वेतन इस अवधि का निकाल लिया है।
आदेगांव निवासी राकेश जैन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री आनलाईन पर शिकायत भी की थी। इसकी जांच में डॉ.गर्ग को उक्त आलोच्य अवधि में अनुपस्थित होना पाया गया था। इतना ही नहीं आदेगांव औषधालय में दो हाजिरी पत्रक भी जप्त किए गए जिसमें एक में इन्होंने चिकित्सकीय अवकाश तो दूसरे में कर्तव्यों पर उपस्थिति दर्शाई थी।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि डॉ.गर्ग की सर्विस बुक में भी अनेक अनियमितताएं हैं। आरोपित है कि डॉ.गर्ग ने कटनी के जिला आयुष अधिकारी कार्यालय से स्वयं ही हस्तलिखित पत्र बनाया और हस्ताक्षर कर उसे अपने पास रख लिया है। डॉ.गर्ग कर्मचारी आचरण संहिता का खुला उल्लंघन करते हुए अपनी सेवा पुस्तिका भी अपने ही पास जुलाई 2012 से रखे हुए हैं।
उधर, कटनी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने खबर दी है कि जिला आयुष अधिकारी के प्रभार में रहते हुए डॉ.गर्ग ने अपने पद का दुरूपयोग कर कर्मचारियों को उपकृत और प्रताड़ित करने की गरज से उनकी पदस्थापना की और इधर उधर कर्तव्यों के आदेश जारी किए।
साई न्यूज ब्यूरो ने बताया कि कटनी के कांग्रेस के विधायक संजय पाठक द्वारा इस संबंध में मामला विधानसभा में उठाया। विधानसभा के पटल पर मुख्यमंत्री ने जवाब में कहा था कि डॉ.एस.डी.गर्ग की जांच आयुक्त जबलपुर संभाग द्वारा करवाई जा रही है। जिला आयुष अधिकारी कार्यालय कटनी के सूत्रों ने साई न्यूज ब्यूरो को बताया कि डॉ.गर्ग को आयुष अधिकारी कटनी का प्रभार 7 नवंबर को दिया गया था, किन्तु इन्होंने गंभीर वित्तीय अनियमितता करते हुए सितम्बर एवं अक्टूबर माह का भी एनपीए एरियर का आहरण कर लिया।
डॉ.गर्ग के खिलाफ विभागीय कर्मचारियों विशेषकर महिला कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार की शिकायत प्रभारी मंत्री से भी की जा चुकी है। संभागीय आयुष अधिकारी डॉ.के.के.मिश्रा से जब साई न्यूज ब्यूरो ने उनके मोबाईल 942464401 पर संपर्क किया गया तो उन्होने बताया कि डॉ.गर्ग के खिलाफ शिकायतों की जांच 30 अप्रेल को पूरी की जा चुकी है, किन्तु वे वर्तमान में अपने पुत्र की शादी के सिलसिले में बाहर हैं, एवं 26 मई को वापस आने पर ही वे इस संबंध में कोई टिप्पणी कर पाएंगे।
उधर, जबलपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से सुरेंद्र जायस्वाल ने बताया कि डॉ.गर्ग के खिलाफ शिकायत की जांच पूरी होने के बाद डॉ.मिश्रा ने जानबूझकर उसे रोककर रखा गया है। इस संबंध में वे जांच प्रतिवेदन जान बूझकर उच्चाधिकारियों को भेजने में हीला हवाला कर रहे हैं।
0 कोर्इ्र मुख्यालय नहीं आएगा! देख लूंगा शिकायतकर्ताओं को!
जिला आयुष अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि एक बार फिर जिला आयुष अधिकारी का प्रभार लेने के बाद अब डॉ.गर्ग के तेवर काफी तल्ख हो गए हैं। उन्होंने अब कर्मचारियों को सीधे धमकाना आरंभ कर दिया है। बीते शनिवार लखनादौन और सोमवार तथा मंगलवार को सिवनी में कर्मचारियों के साथ बैठक में डॉ.गर्ग ने कर्मचारियों को जमकर लताड़ा।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में डॉ.गर्ग ने चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ शिकायत करने वालों को वे देख लेंगे। अगर किसी ने उनके खिलाफ शिकायत की तो वे उसकी सीआर तक बिगाड़ देंगे। डॉ.गर्ग ने साफ तौर पर कर्मचारियों को हिदायत दे दी है कि अगर किसी को कोई भी काम है तो वह डाक से आवेदन या पत्र भेजे, खुद मुख्यालय उपस्थित होने की कोई आवश्यक्ता नहीं है। इसका अनुपालन नहीं करने पर कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगीं
0 विधायकों ने नजदीकी बताते हैं डॉ.गर्ग
चर्चा है कि जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग अपने आप को जिले के भाजपाई विधायकों का करीबी बताने से नहीं चूक रहे हैं। चर्चा तो यहां तक भी है कि आदेगांव पदस्थाना के दौरान वे लखनादौन विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के काफी नजदीक आ गए थे। इसी नजदीकी का फायदा उठाकर वे लोगों को धमकाने से नहीं चूक रहे हैं। वहीं शशि ठाकुर ने साई न्यूज से चर्चा के दौरान कहा कि अगर डॉ.गर्ग गलत हैं तो वे स्वयं कलेक्टर से उनके खिलाफ कार्यवाही को कहेंगी।

शिक्षा का गिरता स्तर, जिम्मेदार कौन?


शिक्षा का गिरता स्तर, जिम्मेदार कौन?

(लिमटी खरे)

सिवनी जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल के तहत संचालित सरकारी और निजी शालाओं का इस साल का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम निराशाजनक कहा जा सकता है। दोनों ही कक्षाओं में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सिवनी जिले का नामोनिशान ही नहीं है। इसके साथ ही साथ परीक्षा का परिणाम दसवीं में सरकारी स्कूल में 47.41 तो निजी शालाओं में 15.48 फीसदी रहा है। बारहवीं की परीक्षाओं में सरकारी स्कूल में यह 83.24 तो निजी शालाओं में 73.66 फीसदी है। बाहरवीं का परीक्षा परिणाम कुछ हद तक संतोषप्रद माना जा सकता है।
मध्य प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मण्डल के हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा (दसवीं) के निराशाजनक परीक्षा परिणामों को देखकर लगने लगा है कि अब मध्य प्रदेश सरकार और सिवनी के शिक्षा के क्षेत्र के आलंबरदारों को अपने शिक्षा तंत्र के बारे में सोचना आवश्यक हो गया है। एचएसएस परीक्षा परिणाम वैसे भी अनेक संकेत दे रहे हैं।
कितने आश्चर्य की बात है कि इस बार दसवीं में सरकारी स्कूलों में 47 तो निजी स्कूलों में 15 फीसदी विद्यार्थियों के हाथ सफलता ही लगी है। परिणामों की घोषणा के साथ ही समूचे जिले में मायूसी की लहर व्याप्त हो जाना स्वाभाविक ही है। दुनिया भर में पसरी आर्थिक मंदी से भारत अछूता नहीं है। इस मंहगाई के जमाने में मध्य प्रदेश में निवास करने वाले मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के सामने अपने बच्चों को शिक्षा दिलाना काफी दुष्कर ही प्रतीत हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्ध शालाओं में अध्ययन करने वाले असफल विद्यार्थियों के परिवारों में उदासी और असंतोष के बीज पनपना जाहिर है।
मध्य प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मानो जंग लग चुकी है। शिक्षक के पद पर भर्ती होकर अन्य विभागों में संविलियन के साथ ही साथ सरकारी शिक्षकों से पल्स पोलियो, नसबंदी, चुनाव जैसे कार्यों में बेगार करवाना निश्चित रूप से देश के नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ही कहा जाएगा।
कितने आश्चर्य की बात है कि प्रतिबंध के बावजूद भी शिक्षकों का अध्यापन से इतर अन्य कार्यों के निष्पादन के लिए अटेचमेंट आज भी बदस्तूर जारी है। पहुंच संपन्न शिक्षक शहरों की ओर रूख करते नजर आते हैं, गांव के स्कूल शिक्षक विहीन पड़े हुए हैं। न शासन और न प्रशासन यहां तक कि राजनेताओं को भी अपने वोट बैंक की खातिर इस ओर देखने की फुर्सत नहीं है।
ऐसा नहीं कि विभागीय उच्चाधिकारियों अथवा शासन में बैठे प्रमुख सचिव से लेकर सेक्शन के बाबू को इस बारे में माहिति न हो। जानते सभी हैं पर मजबूर हैं मौन रहने को। साल भर शालाओं का निरीक्षण चलता है, किन्तु रीते पद रीते ही रह जाते हैं। निरीक्षक की औपचारिकता कैसे पूरी होती हैं, यह बात सभी बेहतर तरीके से जानते हैं।
यहां आश्चर्यजनक पहलू यह भी है कि मोटी फीस लेकर अध्यापन को पेशा बनाने वाले अशासकीय स्कूलों में परीक्षा परिणाम प्रभावित क्यों हुए? इस तरह की शालाओं को तो चुनाव और अन्य बेगार के कामों से मुक्त रखा गया है। फिर आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि इन शालाओं मेें भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा।
एक समय था जब शालाओं में शिक्षिकाएं बैठकर स्वेटर बुना करती थीं, पर तब भी उनके द्वारा कराया जाने वाला अध्यापन का काम वास्तव में उचित और करीने वाला होता था। कुछ सालों पहले तक शिक्षा का स्तर संतोषजनक कहा जा सकता था, पर अब यह स्तर तेजी से नीचे गिरा है, जो चिंतनीय ही कहा जाएगा।
सिवनी में निजी स्तर पर माध्यमिक शिक्षा मण्डल से मान्यता प्राप्त ना जाने कितने शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को गढ़ने के काम में लगे हुए हैं, पर उनके हाथ असफलता ही लगी है। कारण स्पष्ट है कि शिक्षकों ने इस साल मेहनत ना के बराबर ही की है। शिक्षकों के घरों पर ट्यूशन की भीड़ साफ कर देती है कि अब शिक्षा का पेशा धन कमाने का साधन बन चुका है।
जिला प्रशासन को चाहिए कि शिक्षा विभाग के प्रभारी उपजिलाध्यक्ष (ओआईसी) को इसके लिए पाबंद करे कि इस साल परीक्षा परिणाम सुधारे जा सकें। इसके लिए सरकारी और निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण डिप्टी कलेक्टर द्वारा समय समय पर किया जाए यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही साथ शिक्षकों द्वारा घरों पर पढ़ाई जाने वाली ट्यूशन को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए ऐसे कुछ मार्ग निकालने होंगे, वरना इस साल की तरह पालक लुटते रहेंगे और विद्यार्थी पास तो हो जाएंगे पर उनका ज्ञानार्जन का सपना अधूरा ही रह जाएगा।

बुधवार, 22 मई 2013

धर्म के प्रति षणयंत्र घातक: जगतगुरू


धर्म के प्रति षणयंत्र घातक: जगतगुरू

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने कहा है कि शिर्डी के साईं बाबा का वर्णन हमारे किसी भी वेद या पुराण में नहीं है। एवं किसी महापुरूष को भगवान के रूप में पूजा जाना हमारे सनातन धर्म में संभव नहीं है, तथा यह धर्म को भ्रष्ट करने का सीधा-सीधा षणयंत्र है। विभिन्न जगहों पर भंडारों में बांटे जाने वाले पुलाव आदि के बारे में बोलते हुए शंकराचार्य ने कहा कि यह सब हमारे सनातन धर्म को भ्रष्ट करने का प्रयास हो रहा है।
मातृधाम में शंकराचार्य ने कहा कि प्रसाद ग्रहण करने के पूर्व यह ज्ञात होना आवश्यक होता है कि प्रसाद बनाने वाले की मंशा क्या है, और प्रसाद को तैयार करते वक्त पवित्रता का ध्यान रखा गया अथवा नहीं। शंकराचार्य ने उपस्थित भक्तगणों से इस बात को समर्थन देने का निर्देश दिया कि वे न तो किसी ऐसे स्थल पर जायेंगे जहां मृत आत्मा को भगवान बनाकर पूजा जाता है। एवं प्रसाद के रूप में लहसुन प्याज से बना हुआ पुलाव बांटा जाता हो।

सद्भाव ने नहीं बनाया ट्रामा यूनिट!


सद्भाव ने नहीं बनाया ट्रामा यूनिट!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी जिले से होकर गुजरने वाले चतुष्गामी मार्ग के निर्माण में एक के बाद एक घपले हुए हैं। पांच सालों तक सिवनी से नागपुर मार्ग को खस्ताहाल रखा गया तो निर्माण करने वाली सद्भाव कंस्ट्रक्शन कंपनी ने ट्रामा यूनिट की स्थापना करना ही मुनासिब नहीं समझा।
एनएचएआई के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि एनएचएआई और सद्भाव के बीच हुए करार में इस बात का उल्लेख किया गया था कि सद्भाव कंपनी को सड़क निर्माण के साथ ही साथ स्कूल, ट्रक ले वे, इसके दोनों ओर ढाबे, अस्पताल विशेषकर एक ट्रामा यूनिट की स्थापना सिवनी में करना था।
सद्भाव कंपनी ने शीलादेही में बनाए गए ट्रक ले बे में भी कोई सुविधाएं प्रदाय नहीं की हैं। इतना ही नहीं सिवनी में इस कंपनी ने ट्रामा यूनिट की स्थापना भी नहीं की है। इस संबंध में कंपनी के सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि तत्कालीन जिलाधिकारी के साथ ही साथ विधायक सांसदों ने यह दलील दी थी कि चूंकि ट्रामा यूनिट जिला चिकित्साल मे।प्रस्तावित है अतः इसे बनाने की आवश्यक्ता नहीं है।
अगर कंपनी के सूत्रों की बात सच है तो यक्ष प्रश्न यही खड़ा हुआ है कि क्या एनएचएआई के करार को बदलने के लिए जिला कलेक्टर और विधायक सांसद अधिकृत हैं! अगर, कंपनी ने सिवनी में ट्रामा यूनिट की आधार शिला नहीं रखी तो क्या जिला प्रशासन अब इस कंपनी पर शस्ति निरूपित करने की कार्यवाही करेगा?
बताया जाता है कि सिवनी जिले में एनएचएआई के इस फोरलेन मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायलों को जिला चिकित्सालय लाया जाता है जहां चिकित्सा सुविधा के अभाव में उन्हें नागपुर ही रिफर किया जा रहा है, जिससे नागरिक नागपुर में मंहगे इलाज में लुटने पर मजबूर हैं।

सफेदपोश धोखेबाज हैं दिनेश राय: भीष्म पेट्रोलियम


सफेदपोश धोखेबाज हैं दिनेश राय: भीष्म पेट्रोलियम

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। सफेदपोश खद्दरधारी नेता के रूप में दिनेश राय उर्फ मुनमुन एक बहुत ही बड़े धोखेबाज हैं। इन्होने धोखाधड़ी कर पेट्रोल पंप हासिल किया है, और हमारे पेट्रोल पंप को बंद कराने में भी इनका बहुत बड़ा हाथ है।उक्ताशय की बात आज दूरभाष पर चर्चा के दौरान भीष्म पेट्रोलियम के संचालक द्वारा हिन्द गजट के साथ चर्चा के दौरान कही गई।
संचालक ने कहा कि एनएचएआई का एक सर्कुलर है कि टोल नाके चौारहे या जहां से सड़क में डिवाईडर समाप्त हो रहा हो वहां से एक किलोमीटर की दूरी में कोई भी पेट्रोल पंप स्थापित नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि दिनेश राय के नाम से आवंटित राय पेट्रोलियम की स्थापना ही एनएचएआई के नियम कायदों के प्रतिकूल की गई है।
संचालक के अनुसार अगर लखनादौन बायपास और टोल प्लाजा से राय पेट्रोलियम की दूरी नाप ली जाए तो यह एक किलोमीटर से कम ही निकलती है। बावजूद इसके राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने दिनेश राय के पेट्रोल पंप को आखिर अनुमति किस आधार पर दी है, यह शोध का विषय है।
भीष्म पेट्रोलियम के संचालक ने बताया कि 26 नवंबर को एचपीसीएल का डिपो ड्राय होने वाला है, यह सूचना उन्हें राय पेट्रोलिय के संचालक दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने ही दी थी। दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने उनसे स्टाक में माल रखने की बात कही और यह भी कहा था कि एक टेंकर बुलवाकर आधा आधा स्टाक में रख लेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि अगले ही दिन एचपीसीएल की टीम उनके प्रतिष्ठान पर आई ओर टीम ने उनकी एक ना सुनी। संचालक ने उनके पेट्रोल पंप में मौजूद स्टाक का कारण भी बताया पर टीम ने उनका पंप बंद कर सस्पेंड कर दिया। इस तरह एकतरफा कार्यावाही निश्चित तौर पर किसी व्यक्ति विशेष के कहने पर ही संपन्न हुई होगी।
चर्चा है कि इसके बाद उपरी दिखावा करते हुए दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने भीष्म पेट्रोलियम के संचालक के साथ हमदर्दी दिखाई और एचपीसीएल के आला अफसरान को अपने राजनैतिक रसूख का हवाला देकर देख लेने की बात कही गई। बताते हैं कि भीष्म पेट्रोलियम के संचालक दिनेश राय उर्फ मुनमुन की चिकनी चुपड़ी बातों में आ गए।
उधर एचपीसीएल के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जब भीष्म पेट्रोलियम को बंद कर दिया गया तो उसके बाद एचपीासीएल ने सिवनी जिले के अपने समस्त डीलर्स को पत्र लिखकर उनसे इस पंप को चलाने हेतु प्रस्ताव मांगे। सिवनी जिले के हर डीलर ने बिजनिस एथिक्स को ध्यान में रखकर एचपीसीएल को प्रस्ताव नहीं भेजा।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि कल तक भीष्म पेट्रोलियम के साथ हमदर्दी दिखाने वाले पूर्व में शराब व्यवसाई रहे और वर्तमान में लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने इस प्रतिष्ठान के संचालन के लिए अपनी सहमति देकर सभी को चौंका दिया। चर्चा है कि छपास के रोगी बन चुके उक्त नेता नुमा ठेकेदार और पेट्रोल पंप संचालक लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन एक ओर तो भीष्म पेट्रोलियम के संचालकों के साथ हमदर्दी जताने का नाटक करते रहे वहीं दूसरी ओर बिजनिस एथिक्स को तोड़कर उन्होंने भीष्म पेट्रोलियम के संचालकों की पीठ पर छुरा घोंप दिया।
एनएचएआई के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि एनएचएआई में पूर्व में पाण्डे सीजेएम पदस्थ रहे हैं जिनका कनेक्शन लखनादौन से काफी पुराना है। पाण्डे के आगे नतमस्तक होकर ही राय पेट्रोलियम को छूट प्रदान की गई है। अगर इसकी जांच करवा ली जाए तो आज भी राय पेट्रोलियम का लाईसेंस ही रद्द हो सकता है।

कैसे आए सिवनी की बिगडै़ल यातयात व्यवस्था पटरी पर!


कैसे आए सिवनी की बिगडै़ल यातयात व्यवस्था पटरी पर!

(लिमटी खरे)

जिला मुख्यालय सिवनी में यातायात का बुरा हाल है। हर दस कदम पर एक बस स्टेंड है। हर सड़क पर यात्री वाहन रेंगते चलते हैं। रास्ते में सवारी मिल जाने पर वाहन किनारे करने की जहमत तक नहीं उठाते हैं बस चालक। बीच सड़क पर ही बस रोककर सवारी भरी जाती हैं। यहां बस सड़क पर यातायात के नियमों को तोड़ती नजर आती है वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस के दरोगा सिपाही दस कदम की दूरी पर पूरी मुस्तैदी के साथ दुपहिया वाहन चालकों या फिर ट्रेक्टर टक्सियों से चौथ वसूली में लगे रहते हैं।
सिवनी की बिगड़ैल यातायात व्यवस्था की स्थिति दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। शहर की सड़कों का सीना रोंदती टेक्सी, ट्रेक्टर, भारी वाहन, बस, दुपहिया और अर्थमूवर्स भी आवागमन को बाधित करने के साथ ही साथ यातायात के नियमों को धता बताती नजर आती है।
सिवनी की सड़कें अब अतिक्रमण के चलते तंग गलियों में तब्दील हो गई हैं। रात होते ही चौड़ी सड़कें सूरज के निकलने के बाद सकरी गलियों में तब्दील होने लगती हैं। सड़कों के किनारों का फुटपाथ अतिक्रमण की भेंट चढ़ गया है। शहर के बाजार में बुरे हाल हैं। व्यापारियों ने अपने अपने प्रतिष्ठान के सामने की सड़क पर सामान बिखरा रखा है। सड़क का उपयोग पार्किंग के लिए किया जा रहा है।
हिन्द गजट को दिए पहले साक्षात्कार में जिला कलेक्टर भरत यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस पहल का आश्वासन दिया था। इस संबंधमें यातायात व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन भी किया गया था, किन्तु दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि नतीजा सिफर ही रहा।
नेशनल परमिट पर अवैध रूप से स्टेट कैरिज के रूप में यात्री वाहनों का संचालन होता है। नेशनल या टूरिस्ट परमिट में एक स्थान से दूसरे स्थान तक यात्रियों को ले जाने के लिए अर्थात ओरिजनेशन टू डेस्टीनेशन के लिए होता है। स्टेट कैरिज में वाहन उन स्थानो।पर रूककर यात्रियों को उतार और चढ़ा सकता है जहां जहां का परिमट उसे परिवहन आयुक्त द्वारा दिया जाता है।
अवैध रूप से चलने वाली वीडियो कोच यात्री बसों के चलते मध्य प्रदेश सड़क परिवहन निगम का बट्टा बैठ चुका है। अस्सी के दशक के आरंभ के साथ ही अवैध टूरिस्ट परमिट बसों का संचालन सिवनी में आरंभ हुआ था। उस समय तारा ट्रेवल्स रीवा की नागपुर इलाहाबाद और प्रयाग ट्रेवल्स की परासिया इलाहाबाद बस संचालित होती थी। ये बस एक मिनिट को सिवनी में बस स्टेंड पर रूका करती थीं। उस दौर में इन पर कोई सख्ती नहीं की गई। आज ना जाने कितनी अवैध बसें सड़कों का सीना चीर रही हैं। यही कारण है कि मध्य प्रदेश सड़क परिवहन निगम तालाबंदी की ओर अग्रसर हुआ।
आज यातायात पुलिस की नजरों के सामने से बस स्टेंड पर एक दरवाजे वाली बस आती जाती हैं। इतना ही नहीं स्लीपर कोच भी अवैध रूप से ही संचालित हो रही हैं। बस स्टेंड परिसर के अंदर ही यातायात पुलिस की चौकी भी स्थापित है, क्या यातायात पुलिस के नुमाईंदों को एक दरवाजे वाली बस दिखाई नहीं देती है? अगर दिखाई दे रही है तो इस पर कार्यवाही क्यों नहीं की जाती? क्या जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ल अपने मातहत यातायात प्रभारी से यह पूछने की जहमत उठाएंगे कि अब तक कितनी एक दरवाजे वाली बस के चालान किए गए?
यातायात पुलिस महज रस्म अदायगी के लिए दो पहिया वाहन चालकों का चालान बनाकर उनसे राजस्व वसूली का काम करती है। यात्री बसों का एक चालान हर महीने का तय है। क्या कारण है कि हर महीने बस एक चालान कर ही यातायात पुलिस मौन साध लेती है?
बस स्टेंड पर भी अराजकता साफ दिखाई देती है। जिसका जहां मन आता है वहां वाहन खड़ा कर देता है। सोहाने पेट्रोल पंप के पीछे की ओर मेक्सी कैब का कब्जा है तो मुख्य बस स्टेंड वैध और अवैध यात्री बसों का कोहराम मचा हुआ है। प्राईवेट बस स्टेंड पर नागपुर और जबलपुर जाने वाली अवैध बस धमाचौकड़ी मचाती रहती हैं।
शहर के उपनगरीय इलाकों में नाकों पर नगर सेना के जवान तैनात हैं जिन पर आरोप है कि दस बीस रूपए की रिश्वत में ही ये ट्रेक्टर ट्राली, ट्रक आदि को शहर के अंदर आने की इजाजत दे देते हैं। शहर के अंदर तेजी से दौड़ते डंपर दुर्घटनाओं को न्योता देते नजर आते हैं। गांधी चौक पर अहिंसा स्तंभ में दबकर नारायण नामक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भृत्य का निधन बस से दबकर हो गया था। सब्जी मंडी के पास वैशाली का निधन भी इसी बिगड़ेल यातायात के चलते ही हुआ था।
शहर के पाश इलाके बारपत्थर में नवधनाड्य और अन्य लोगों के साहेबजादे तेज रफ्तार में दो पहिया वाहन उड़ाते दिख जाते हैं। यातायात पुलिस कभी कभार बारापत्थर के मुख्य चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की रस्म अदायगी करते नजर आते हैं। गले में लाल पीले हरे नीले स्कार्फ डाले युवा बारापत्थर में तेजी से वाहन चलाते हुए युवतियों पर फब्तियां भी कसते नजर आते हैं। इन आताताईयों के चलते अनेक नवयोवनाएं डर के मारे घर से निकलने में भी कतराती हैं। जिला प्रशासन समय रहते उचित कदम उठाए वरना आने वाले समय में सिवनी की यातायात व्यवस्था को संभालना एक टेड़ी खीर ही साबित होगा।

मंगलवार, 21 मई 2013

गोंडवाना, बसपा और सपा ही बचती हैं दिनेश के लिए


गोंडवाना, बसपा और सपा ही बचती हैं दिनेश के लिए

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त करवाकर दूसरी पायदान पर रहने वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन अब भाजपा में नहीं जा पाएंगे। संभवतः यही कारण है कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी में संभावनाएं टटोल रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2008 में दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने नगर पंचायत लखनादौन के अध्यक्ष रहते हुए सिवनी विधानसभा से चुनाव लड़ा था। इस समय लखनादौन में यह चर्चा आम होने लगी थी कि आखिर क्या वजह थी कि लखनादौन नगर पंचायत के अध्यक्ष रहने के बाद भी वे लखनादौन से पलायन कर सिवनी से विधानसभा चुनाव लड़ने आए थे।
उस समय सिवनी में यह चर्चा भी आम थी कि चूंकि दिनेश राय उर्फ मुनमुन का इंवालवमेंट शराब के व्यापार में था अतः उनका साथ ना दिया जाए। वैसे भी हर समाज हर वर्ग में शराब को सामाजिक बुराई माना जाता है। इसके चलते दिनेश राय उर्फ मुनमुन को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिल पाया।
बताया जाता है कि 2008 के उपरांत लगातार सिवनी से दूरी बनाए रखने वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने कांग्रेस और भाजपा पर भी डोरे डाले पर दोनों ही सियासी दलों में शराब के कारोबार से जुड़े रहने के चलते इनका भारी विरोध हुआ और दिनेश राय उर्फ मुनमुन को मुंह की खानी पड़ी।
दिनेश राय उर्फ मुनमुन के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि उन्हें सलाह दी गई है कि इस बार उनके पक्ष में सिवनी विधानसभा विशेषकर सिवनी शहर में वैसा अंडर करेंट नहीं है। इसलिए संभव हो तो किसी राजनैतिक पार्टी का सिंबाल ले आया जाए।
इसके पीछे यह धारणा बताई जा रही है कि निर्दलीय की गिनती शून्य से आरंभ होती है पर राजनैतिक दलों के लिए प्रतिबद्ध मतदाताओं की कुछ तो संख्या होती है। यही कारण है कि बार बार दिनेश राय उर्फ मुनमुन के कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा में जाने की खबरें सियासी फिजां में तैरने लगती हैं।
चर्चा तो यहां तक है कि अब समाजवादी पार्टी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, या बहुतन समाज पार्टी की टिकिट पाने की जुगत दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा लगाई जा सकती है ताकि वे सिवनी में उस पार्टी के कुछ परंपरागत वोटों से अपना खाता खोल सकें।

साई बाबा के नाम का व्यवसाईकरण बर्दाश्त नहीं: मण्डल


साई बाबा के नाम का व्यवसाईकरण बर्दाश्त नहीं: मण्डल

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। शिरडी के फकीर साई बाबा के नाम पर धर्म की दुकानें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। देश भर में साई बाबा के नाम के मंदिरों में आने वाले चढ़ावे का ना तो कोई हिसाब किताब रखा जा रहा है ना ही उसका क्या उपयोग किया जा रहा है यह ही बताया जाता है। मंदिरों में रखी दान पेटियां कब और किसके सामने खोली जाती हैं इसका भी कोई अता पता नहीं होता है।
उक्ताशय की बात हिन्दु महासभा के प्रदेशाध्यक्ष संजय मण्डल ने आज यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कही है। उन्होंने कहा कि सिवनी में भी साई बाबा के नाम का व्यवसाईकरण आरंभ हो गया है, जो निंदनीय है। शिरडी के फकीर साई बाबा की जीवनी या साई सच्चरित्र का अध्ययन करने पर साफ हो जाता है कि वे माया मोह से कोसों दूर थे।
साई बाबा के नाम पर सोशल नेटवर्किंग वेब साईट पर अश्लील टिप्पणियां निश्चित तौर पर निंदनीय है। जनता का यह आक्रोश साई बाबा के लिए नहीं है। यह आक्रोश बाबा के मंदिर बनाकर उनका व्यवसाईकरण करने वालों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सिवनी में साईपुरम में साई मंदिर के साई उत्सव मेला बंद कराने की बात आज एक समाचार पत्र में मंदिर के सचिव प्रसन्न मालू के हवाले से प्रकाशित किया गया है।
श्री मण्डल ने कहा कि साई उत्सव मेला किसकी जमीन पर लगता है यह बात मंदिर प्रबंधन बताए। मंदिर में निर्माण से अब तक कितनी राशि किस मद में किसकी अनुमति से खर्च हुई है इसका ब्योरा सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता है। क्या कारण है कि असली साई भक्त एक एक करके इस मंदिर से दूर हो गए हैं।
हिन्दु महासभा के प्रदेशाध्यक्ष संजय मण्डल ने कहा है कि उन्होंने साई मंदिर ट्रस्ट की प्रस्तावित सूची समाचार पत्र में देखी है, जिसमें मुख्य कर्ताधर्ता मालू परिवार के चार सदस्यों के नाम हैं! इसमें से कुछ लोग भोपाल जाकर सैटिल हो गए हैं, सालों से रोज जाकर मंदिर में प्रसाद चढ़ा रहा है उन्हें आखिर इस ट्रस्ट से दूर क्यों रखा गया है?
श्री मण्डल ने कहा कि उन्होंने समाचार पत्र में पढ़ा कि इस ट्रस्ट की कुल चल संपत्ति एक लाख 54 हजार 220 रूपए है। उन्होंने सिवनी के साई भक्तों से यह पूछा है कि क्या दस सालों में साई मंदिर में भक्तों द्वारा महज डेढ़ लाख रूपए ही चढ़ाए गए हैं। वैसे देखा जाए तो 21 से 24 जनवरी तक चलने वाले साई पटोत्सव मेले जिसे कुछ कारणवश 19 से आरंभ कर दिया गया है में ही एक से डेढ़ लाख रूपए का चढ़ावा आ जाता होगा। इस मेले में दुकानें यहां तक कि साईकल स्टेंड तक किराए से दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में इस बात को भी लाया गया है कि सांसद विधायक निधि से यहां बनाया गया पहुंच मार्ग और मंदिर की पीछे वाली सीढ़ी मंदिर के बजाए निजी जमीन में बनाई गई है। इस पहुंच मार्ग के लिए सांसद या विधायक ने राशि कैसे दी इस बात की जांच भी आवश्यक है।
साई मंदिर को अघोषित पार्किंग बना दिया गया है। यहां भारी वाहन रात को पार्क होते हैं, एवं इनके चालक परिचालक मंदिर के अंदर कूलर पंखों का आनंद भी लेते हैं। पिछले दिनों यहां चोरी हो गई थी जिसमें परिस्थितियां इस बात की ओर इशारा कर रही थीं कि दीवार को बाहर के बजाए अंदर से तोड़ा गया था। मंदिर के गर्भ गृह में पैरों के निशान थे पर पुलिस को वहां तक नहीं जाने दिया गया।
समाचार पत्र में श्री प्रसन्न मालू के हवाले से यह भी कहा गया है कि मंदिर से लगे भूखण्ड को कुछ भू माफिया मंहगे दामों पर बेचना चाह रहे हैं। अगर कोई अपनी जमीन बेचना चाह रहा है तो इसमें मंदिर प्रबंधन के पेट में आखिर दर्द क्यों हो रहा है? वह उसकी निजी जमीन है उसका जो उपयोग उसे करना हो करने के लिए स्वतंत्र है। इस जमीन को सिर्फ 35 लाख रूपए में खरीदने की चर्चा भी शहर में हो रही है।
श्री मण्डल ने कहा कि यह सारी बातें वे कहना नहीं चाह रहे थे, किन्तु जब पानी सर के उपर आ जाए तो क्या किया जा सकता है। अब तो मंदिर प्रबंधन जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी पर ही प्रत्यक्ष परोक्ष तौर पर आरोप प्रत्यारोप पर उतर आया है तब मजबूरी में उन्हें भी इस तरह का कदम उठाना पड़ रहा है।

सिवनी में कांग्रेस की हकीकत


सिवनी में कांग्रेस की हकीकत

(लिमटी खरे)

कांग्रेस की नजरों में भविष्य के वजीरे आज़म राहुल गांधी मध्य प्रदेश दौरे के दरमियान कांग्रेस के सिपाहियों से रूबरू हुए। मध्य प्रदेश कांग्रेस में व्याप्त गुटबाजी पर राहुल गांधी ने दो टूक राय व्यक्त की है। राहुल ने गुटबाजी करने वाले नेताओं को जमकर नसीहत दी है। बाहरी उम्मीदवारों को कांग्रेस मौका नहीं देगी और दो से अधिक बार चुनाव हारे नेता टिकिट की उम्मीद ना करें। राहुल ने नेताओं को आईना दिखा दिया कि पहले स्थानीय निकाय के चुनावों में परचम लहराओ फिर सांसद विधायक की टिकिट की दावेदारी करो। राहुल ने साफ कर दिया कि मध्य प्रदेश में छरू या सात क्षत्रप टिकिट का फैसला नहीं करेंगे। कांतिलाल भूरिया, दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमल नाथ, सुरेश पचौरी, अरूण यादव का बाकायदा नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी की बपौती नहीं है। इस दरमियान राहुल गांधी के समक्ष सिवनी के कांग्रेस के नेताओं ने अपनी पीड़ा का जमकर इजहार किया।
राहुल के इन तेवरों के उपरांत इसी परिपेक्ष्य में सिवनी जिला कांग्रेस में अगर झांक कर देखा जाए तो अन्य दलों या निर्दलीय के बतौर अच्छा परफारमेंस दिखाने वाले युवा नेताओं को घोर निराशा का ही सामना करना पड़ेगा क्योंकि जोड़ तोड़ की राजनीति के चलते कांग्रेस के नेताओं को पिछले दरवाजे से सहयोग कर अपना सिक्का जमाकर कांग्रेस के खाते से विधानसभा टिकिट की जुगत में लगे नेताओं की आशाओं पर राहुल गांधी का यह फैसला तुषारापात ही करेगा। भले ही कांग्रेस के जिला स्तर के आला नेता अब इन नेताओं को वक्त का इंतजार करो, हम रास्ता निकालेंगे, कहकर दिलासा दिलवाएं, पर यह बात भी सत्य है कि अगर किसी बाहरी उम्मीदवार को कांग्रेस द्वारा मैदान में उतारने का मन बनाया जाता है तो राहुल गांधी की इस घोषणा को ढाल बना दिया जाएगा।
जहां तक रही दो से अधिक बार चुनाव हारने वाले नेताओं को टिकिट ना देने की बात तो सिवनी में एक भी नेता ऐसा नहीं है जो दो से ज्यादा बार चुनाव हारा हो। इस लिहाज से अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आशुतोष वर्मा, राजकुमार खुराना और प्रसन्न चंद मालू स्वाभाविक तौर पर सिवनी विधानसभा से एक बार फिर अपनी सशक्त उम्मीदवारी जता सकते हैं। यह बात भी सत्य है कि इन तीनों ही नेताओं को चुनाव जनता ने नहीं हरवाया है, कांग्रेस के भीतराघात से इन्हें पराजय झेलनी पड़ी है। सिवनी विधानसभा में शहरी मतदाताओं की तादाद बेहद ज्यादा है, शहरी क्षेत्र में पढ़े लिखे प्रबुद्ध वर्ग के बीच इन तीनों की छवि अच्छी है, फिर इनकी हार के कारणों को तीनों ने खोजा होगा और पाया होगा कि कांग्रेस ने ही उन्हें हरवाया है।
मध्य प्रदेश में चंद नेताओं की गणेश परिक्रमा कर नेता अपनी टिकिट पुख्ता कर लेते हैं। राहुल गांधी के सामने यह जमीनी हकीकत गई यह एक अच्छा संकेत है कि उन्होंने साफ कह दिया कि कांग्रेस किसी की बपौती नहीं है। यह बोलते हुए उन्होंने कांतिलाल भूरिया, दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमल नाथ, सुरेश पचौरी, अरूण यादव का नाम लिया। इससे लगता है कि राहुल गांधी की खुफिया टीम ने उन्हें मध्य प्रदेश के जमीनी हालातों से रूबरू करवा दिया है। सभी क्षत्रपों ने अपना अपना क्षेत्र बांटा हुआ है। सभी को अपनी चिंता है, कांग्रेस के बारे में कोई सोच भी नहीं रहा है। होना यह चाहिए कि हर क्षत्रप को उसके क्षेत्र की जवाबदेही सौंप दी जाए। अगर वह अपने क्षेत्र में कांग्रेस को जिताकर लाता है तब ही उसे केंद्र या प्रदेश में संगठन अथवा सत्ता में पद दिया जाए। इससे कांग्रेस का जमीनी आधार तैयार होगा।
वर्तमान में नेताओं की सोच बन चुकी है कि सिर्फ और सिर्फ खुद को विजयी बनवाया जाए, अगर दूसरा विधायक या सांसद उनके क्षेत्र में जीत गया तो उनके पास केंद्रित पावर सेंटर बंटकर कमजोर हो जाएगा। यही कारण है कि कांग्रेस के क्षत्रप खुद तो चुनाव जीत जाते हैं पर उनके प्रभाव वाले क्षेत्र में कांग्रेस औंधे मुंह गिरी नजर आती है। मध्य प्रदेश कोटे से वर्तमान में ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमल नाथ केंद्र में मंत्री हैं। 2004 से ये दोनों लगातार मंत्री हैं। राहुल गांधी को चाहिए कि इनसे पूछे कि इन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के अलावा प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कितने दौरे किए, कितनी जनसभाएं की, कितने कार्यकर्ताओं से जाकर प्रदेश में कांग्रेस की जानकारी ली। निश्चित तौर पर राहुल अगर ऐसा करते हैं तो उनके सामने निराशाजनक परिणाम ही सामने आने की उम्मीद है, क्योंकि सभी जानते हैं कि प्रदेश कोटे से केंद्र में मंत्री बने नेताओं ने प्रदेश से पूरी तरह बेरूखी वाला रवैया ही अख्तियार किया हुआ है।
सिवनी जिला जो कभी कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, अब वहां कांग्रेस का नामलेवा भी नहीं बचा है। अस्सी के दशक की समाप्ति पर सिवनी की झोली में आया संसदीय क्षेत्र भी परिसीमन में षडय़ंत्र के तहत छीन लिया गया और सिवनी के कांग्रेस के नेताओं ने मौन ही साधा हुआ है। सिवनी में पांच से चार विधानसभा क्षेत्र बचे हैं, जिनमें एक पर ही कांग्रेस का परचम लहरा रहा है। आखिर क्या कारण है कि कांग्रेस एक विधानसभा सीट तक ही सिमटकर रह गई है। आखिर क्या कारण है कि लखनादौन नगर पंचायत के चुनाव में कांग्रेस ने एक निर्दलीय को वाकोवर दे दिया था? क्या कारण है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार और सिवनी मण्डला संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के बसोरी सिंह मसराम के सांसद रहने के बाद भी बड़ी रेल लाईन के बारे में उन्होंने कोई पहल नहीं की? क्या कारण है कि 2008 से रूका फोरलेन का काम आरंभ करवाने सांसद ने लोकसभा में कोई प्रश्न नहीं किया। क्या कारण है कि सिवनी जिले में भाजपा के विधायको के अनेक मामले उछलने के बाद भी विधानसभा में एक भी मामला नहीं गूंजा? कहीं ऐसा तो नहीं कि कांग्रेस और भाजपा के सांसद विधायक मिलकर जनता के सामने नूरा कुश्ती खेल रहे हों? जनता अगर जागी तो निश्चित तौर पर इस साल के अंत में वह इन नेताओं को हकीकत से दो चार करवा सकती है।

सोमवार, 20 मई 2013

अवैध पैथालाजी लेब्स के मामले में प्रशासन मौन!


अवैध पैथालाजी लेब्स के मामले में प्रशासन मौन!

(शरद खरे)

सिवनी (साई)। जिला मुख्यालय में अवैध रूप से खून का करोबार जमकर चल रहा है। सिवनी में गैर कानूनी तरीके से संचालित होने वाले पैथॉलाजी लेब्स के मामले में जिला प्रशासन का मौन संदेहों को जन्म दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाश इलाके बारापत्थर में डीसीएच और एमडी चिकित्सक डॉ.ए.के.तिवारी के निवास पर, कृष्णा अस्पताल, थायरो केयर बसस्टेंड, दुर्गा चौक में डॉ.साहू, छिंदवाड़ा चौक में राजेंद्र चौधरी, लाईफ पैथोलाजी, बारापत्थर में रेड क्रास की दुकानों में पैथॉलॉजी लेब संचालित हो रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सालों से पैथॉलॉजी लेब्स के दस्तावेजों की जांच नहीं की गई है। यही कारण है कि शहर भर में कुकुरमुत्ते की तरह पैथॉलॉजी लेब खुल गए हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि इन लेब्स का काम सिर्फ और सिर्फ सैंपल एकत्र कर उसे मुंबई जांच के लिए भेजना है। बजाए इसके ये स्थानीय स्तर पर भी जांच कर रहे हैं जो अवैध ही है।

कांग्रेस, भाजपा के दरवाजे दिनेश राय के लिए बन्द


कांग्रेस, भाजपा के दरवाजे दिनेश राय के लिए बन्द!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त करवाकर दूसरी पायदान पर रहने वाले दिनेश राय उर्फ मुनमुन के लिए प्रमुख राजनैतिक दल कांग्र्रेस और भाजपा के दरवाजे पूरी तरह बंद होते दिख रहे हैं। दोनों ही पार्टियों के अंदर दिनेश के प्रवेश की खबर ने तूफान खड़ा कर दिया था।
दिनेश राय उर्फ मुनमुन के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि उनके हित चिंतकों ने उन्हें मशविरा दिया है कि अगर सिवनी से विधानसभा चुनाव जीतना है तो किसी पार्टी से टिकिट लेना आवश्यक है। सूत्रों ने आगे बताया कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने स्व.हरवंश सिंह के माध्यम से कांग्रेस के आला नेताओं को साधने का प्रयास किया था।
सूत्रों की मानें तो दिनेश राय उर्फ मुनमुन चाहते थे कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी के सिवनी दौरे के दौरान वे कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर लें। वहीं दूसरी और जिला कांग्रेस कमेटी में जब इस संभावना के बारे में पतासाजी की गई तो कांग्रेस के अंदर दिनेश राय उर्फ मुनमुन की स्वीकार्यता नहीं के बराबर ही मिली।
कांग्रेस के अनेक सदस्यों ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर एक ही बात जोर देकर कही कि सिवनी को अगर बिहार बनाना हो तो दिनेश राय उर्फ मुनमुन को कांग्रेस में प्रवेश दिया जाए। वहीं अनेक कांग्रेसी दिनेश राय उर्फ मुनमुन के पूर्ववर्ती शराब के कथित कारोबार से नाराज बताए जा रहे हैं।
अचानक ही दिनेश राय उर्फ मुनमुन के भाजपा में जाने की बात सियासी फिजां में उभरी। जैसे ही यह बात सार्वजनिक हुई वैसे ही भाजपा का एक धड़ा दिनेश राय उर्फ मुनमुन की छवि को उकेरते हुए आला नेताओं के सामने इसका विरोध दर्ज करवाने लगा। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जिला भाजपा के नेताओं ने संगठन मंत्री के सामने दिनेश राय उर्फ मुनमुन के भाजपा में प्रवेश होने की स्थिति में अपना आक्रेाश जताया।
सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि भाजपा के संगठन मंत्री के समक्ष जब दिनेश राय उर्फ मुनमुन के भाजपा में प्रवेश की खबरों की बात रखी गई तो उन्होंने मौन रहकर इस बात का समर्थन किया। जिससे स्पष्ट हो रहा था कि भाजपा के आला नेताओं को भी इन्होंने सैट कर लिया था।
सूत्रों के अनुसार जब संगठन मंत्री मौन रहे तब जिला भाजपा के नेताओं ने अपना अपना विरोध दर्ज करवाना आरंभ किया। एक के बाद एक पदाधिकारियों द्वारा दिनेश राय उर्फ मुनमुन के खिलाफ जिस तरह से जहर उगला गया तब जाकर संगठन मंत्री के समक्ष यह बात स्पष्ट हो सकी कि वास्तव में दिनेश राय उर्फ मुनमुन की छवि क्या है?
 सिवनी में चल रही चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस के कद्दावर नेता हरवंश सिंह के आकस्मिक निधन से अब समीकरण एकदम उलट पुलट गए हैं। कहा जा रहा है कि कांग्रेस और भाजपा के दरवाजे अब दिनेश राय उर्फ मुनमुन के लिए पूरी तरह से बंद हो चुके हैं।
दिनेश राय उर्फ मुनमुन के करीबी सूत्रों ने आगे कहा कि अब इन परिस्थितियों में दिनेश राय को यह मशविरा दिया गया है कि वे सार्वजनिक रूप से यह बयान देना आरंभ करें कि वे अपने प्रति समर्पित मतदाताओं (संभवतः उनके पास कार्यकर्ता नहीं हैं अतः कार्यकर्ताओं से पूछकर नहीं) की इच्छा का सम्मान करते हुए उनकी इच्छा के बिना किसी भी राजनैतिक दल में नहीं जाएंगे।