बुधवार, 10 जुलाई 2013

चुनावों में टीम अण्णा नहीं उतारेगी अपने प्रत्याशी

अण्णा दिखे पूरी तरह भ्रमित

चुनावों में टीम अण्णा नहीं उतारेगी अपने प्रत्याशी

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। प्रख्यात गांधी वादी समाजसेवी अण्णा हजारे आज पत्रकारों से रूबरू होते समय बहुत अधिक भ्रमित ही दिखे। पत्रकारों के सवाल का उन्होंने मुस्कुराकर जवाब अवश्य दिया किन्तु जवाब गोलमोल ही रहे। युवाओं को जागृत करने के बाद क्या कार्ययोजना है के प्रश्न पर वे मुस्कुराते रह गए। अण्णा हजारे ने साफ तौर पर कहा कि वे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपने समर्थित प्रत्याशी कतई नहीं उतारेंगे।
शायद अण्णा को कान से कम सुनाई देने लगा है, इसलिए वे कान की मशीन लगाए हुए थे, किन्तु थोड़ी ही देर बाद उन्होंने मशीन कान से हटा ली। इसके उपरांत पत्रकारों के प्रश्न को उनके कान में पूर्व विधायक सुनीलम और पत्रकार संतोष भारतीय द्वारा जोर से दुहराया गया तब जाकर उन्होंने पत्रकारों के सवाल के जवाब दिए।
देश में सूचना का अधिकार अधिनियम की कथित तौर पर सौगात देने वाले प्रख्यात गांधीवादी सामाज सेवी अन्ना हजारे भ्रष्टाचार के लिए सत्ता और विपक्ष को जिम्मेदार मानते हैं, परंतु वह यह नहीं बता पा रहे हैं कि सत्ता और विपक्ष के अलावा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लिए तीसरा विकल्प क्या है?
सर्किट हाऊस में आयोजित हुई प्रेस वार्ता में अन्ना हजारे ने कहा कि देश में वर्तमान परिस्थिति में जो हालात है, वह सत्ता पक्ष और विपक्ष के कारण है। यह दोनों ही देश में परिवर्तन नहीं लाना चाहते, जब उनसे पत्रकारो ने पूछा कि यदि सत्ता और विपक्ष दोनों जिम्मेदार है तो फिर तीसरा रास्ता क्या है तो अन्ना हजारे कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं दिखे।
पत्रकारों ने अन्ना हजारे से यह भी पूछा कि अपनी टीम में कभी अरविंद केजरीवाल, कभी किरण बेदी और कभी जनरल वीके सिंह जैसे लोग जुड़ते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद बहुत सारे लोग अलग हो जाते है? इसके पीछे क्या कारण है तो अन्ना हजारे ने यह कहकर अपनी बात समाप्त कर दी कि किसी के मन की बात मैं कैसे बता सकता हूं।
एक पत्रकार ने अन्ना हजारे से पूछा कि 2011 के आंदोलन में जो सफलता मिली थी, अब वह सफलता दिखाई नही देती, अन्ना का जादू खत्म तो नहीं हुआ, जिस पर अन्ना ने कहा कि आज भी लोग मेरे साथ है, जब उनसे यह पूछा गया कि जब- जब आप रामलीला मैदान या जंतर- मंतर में आंदोलन करते हैं, तब-तब देश में ‘आई एम अन्ना‘ की टोपी निकल जाती है लेकिन कुछ दिन बाद टोपी और टोपी पहनने वाले नदारत हो जाते हैं, तब भी अन्ना हजारे जी ने यही कहा कि किसी के दिल में क्या है, मैं कैसे बता सकता हूं।

कुल मिलाकर पत्रकारों ने अन्ना हजारे से जितने भी सवाल किये, उन सभी सवालों का जवाब देने में अन्ना हजारे भ्रमित ही नजर आए, क्योंकि अन्ना हजारे यह बता ही नहीं पाए कि आखिर आंदोलन की दिशा क्या होगी, उनके समर्थको को गांव और शहर में कौन एकजुट करेगा और स्थानीय स्तर पर आंदोलन की दशा क्या होगी? इन सभी बिंदुओ पर अन्ना हजारे ने जवाब दिया और न ही चर्चा किये, उनके इस व्यवहार से स्पष्ट हो गया कि अन्ना हजारे सिर्फ मंच में अपने उद्देश्यो को पहुंचाने में सफल है, लेकिन उन उद्देश्यो को अमलीजामा पहनाने में अन्ना हजारे भ्रमित है।

हालीवुड में बढ़ी मोगली की पूछ परख

हालीवुड में बढ़ी मोगली की पूछ परख

(शरद खरे)

भारत गणराज्य के लोगों की स्मृति से अभी विस्मृत नहीं हुआ होगा कि नब्बे के दशक में धूम मचाने वाला (दूरदर्शन पर) हर रविवार को सुबह सवेरे ‘‘जंगल जंगल पता चला है, चड्डी पहन के फूल खिला है . . .‘‘ वाले टाईटल सांग का सीरियल ‘‘द जंगल बुक‘‘ का हीरो भेड़िया बालक मोगली देश भर के हर वर्ग, हर आयु के लोगों की पहली पसंद बन गया था। यही मोगली अब भारत से निकलकर हॉलीवुड में जाकर धूम मचा रहा है। गौरतलब है कि ब्रितानी शासनकाल में भारत के हृदय प्रदेश के सिवनी जिले के जंगलों में एक बालक जो जंगली जानवरों विशेषकर भेड़ियों के बीच पला था, के अस्तित्व में होने की किंवदंती आज भी फिजाओं में है। माना जाता है कि एक बालक जो जंगलों की वादियों में पला बढा था, वह भेडियों की सोहबत में रहने के कारण अपनी आदतें भेडियों की तरह ही कर बैठा था, ने लंबा समय जंगलों में बिताया था।
ब्रितानी शासन में इंग्लैंड के मशहूर लेखक और कवि रूडयार्ड किपलिंग ने मोगली के जीवन को कागज पर उतारा था। किपलिंग का जन्म भारत गणराज्य की आर्थिक राजधानी मुंबई में उस वक्त हुआ था जब देश पर ब्रितानी शासक हुकूमत किया करते थे। किपलिंग के माता पिता मुंबई में ही रहा करते थे। कवि रूडयार्ड किपलिंग ने महज 13 साल की आयु से ही कविताएं लिखना आरंभ कर दिया था। कहते हैं कि पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं, उसी तर्ज पर किपलिंग की कविताएं तब काफी लोकप्रिय हो गईं थीं। कहा जाता है कि किपलिंग को एक बार भारत की सुरम्य वादियों के बीच देश के जंगलों की अनमोल वादियों में सैर का मौका मिला।
उसी दौरान एक फारेस्ट रेंजर गिसबॉर्न ने रूडयार्ड किपलिंग को एक बालक के शिकार करने की क्षमताओं के बारे में सविस्तार बताया। जंगली जानवारों के बीच लालन पालन होने के कारण उस बालक में यह गुण विकसित हुआ था। यहीं से किपलिंग को जंगली खूंखार जानवरों के बीच रहने वाले उस अद्भुत बालक के बारे में लिखने की प्रेरणा मिली। किपलिंग ने जंगल बुक नामक किताब में इस अनोखे बालक के जीवन को बड़े ही करीने से उकेरा है। बाद में यही बालक सबका प्यारा दुलारा ‘मोगली‘ बन गया।
किपलिंग की इस किताब में मोगली के सहयोगी मित्रों और बुजुर्गों के तौर पर चमेली, भालू, का यानी सांप, अकडू पकडू, खूंखार शेरखान आदि को भी बखूबी स्थान दिया गया है। विडम्बना यह है कि भारत के जंगलों में पाए जाने वाले इस मोगली के बारे में उसकी खासियतें पहचानी तो एक ब्रितानी लेखक ने। इतना ही नहीं ब्रितानी लेखक के इस नायाब अनुभवों या काल्पनिक काम को सूत्र में पिरोकर फिल्माने का काम किया जापान ने। जापान में सिवनी के इस बालक के कारनामोें के बारे में 1989 में एक 52 एपीसोड वाला सीरियल तैयार किया गया था। ‘‘द जंगल बुक शिओन मोगली‘‘ नाम से बनाए गए इस एनीमेटिड टीवी सीरियल को जब प्रसारित किया गया तो जापान का हर आदमी मोगली का दीवाना बन गया था।
जब भारत को यह पता चला कि उसके देश की इस नायाब कला को जापान में सराहा जा रहा है, तो भारत में इसके प्रसारण का मन बनाया गया। एक साल बाद 1990 में इसी जापानी सीरियल द जंगल बुक ऑफ शिओन मोगली को हिन्दी में डब करावाया गया और फिर इस कार्टून सीरियल ‘द जंगल बुक‘ को दूरदर्शन पर प्रसारित किया गया। जैसे ही रविवार को इसका प्रसारण आरंभ किया गया, वैसे ही इस सीरियल की लोकप्रियता ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। इस मोगली सीरियल का टायटल सांग ‘जंगल जंगल बात चली है, पता चला है, चड्डी पहन कर फूल खिला है . . .‘ को लिखा था मशहूर गीतकार गुलजार ने और इसे संगीत दिया था विशाल भारद्वाज ने। आज लगभग बीस साल के उपरांत यह मोगली एक बार फिर अपनी लोकप्रियता के सारे पैमाने ध्वस्त करने की तैयारी में है। यह कार्टून सीरियल एक बार फिर निर्माण हेतु तैयार है। और इसके उपरांत यह दुनिया भर में धूम मचाएगा। मोगली पर फिल्म निर्माण की जवाबदारी अब विज्जुअल इफेक्ट कंपनी डीक्यू एंटरटेनमेंट ने अपने कांधों पर ली है जो इस पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फिल्म बनाने जा रही है। द जंगल बुक के नाम से आने वाले समय में थ्री डायमेंशनल फिल्म बनाई जाने वाली है, जो दुनिया भर में रिलीज की जाएगी।
लगभग एक सौ बीस करोड रूपए लागत से बनने वाली इस फिल्म का प्रोडक्शन आरंभ हो चुका है। भारत के हैदराबाद की एनीमेशन, गेमिंग और इंटरटेनमेंट कंपनी डीक्यू एंटरटेनमंेट द्वारा बनने वाली यह थ्री डी फिल्म 2014 में रिलीज को तैयार हो जाएगी, एैसा माना जा रहा है। मूलतः रूडयार्ड किपलिंग की किताब द जंगल बुक पर आधारित यह चलचित्र ‘इन द रूख‘, ‘टाईगर‘, ‘लेटिंग इन द जंगल‘ आदि कहानियों का निचोड होगा जिसमें मोगली के अपने माता पिता से बिछुडने, जंगल में खूंखार जानवरों के बीच पलने बढने, उसके साहसिक कारनामों और फिर मानव जाति और सभ्यता में वापसी पर आधारित होगी। विडम्बना ही कही जाएगी कि भारतीय सड़क और रेल के मानचित्र पर सिवनी जिले का नाम नहीं है। कम से कम मोगली के हालीवुड जाने के साथ ही साथ सिवनी जिले को राष्ट्रीय नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान अवश्य ही मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ अगर सिवनी के नेता उठा सकें तो सिवनी को गुलजार होने से कोई नहीं रोक सकता है।

मंगलवार, 9 जुलाई 2013

कहां से वसूलकर दूंगा दस हजार!: तांडेकर

कहां से वसूलकर दूंगा दस हजार!: तांडेकर

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। सिवनी को पिछले साल झंडा दिवस पर सर्वाधिक संग्रहण के लिए महामहिम राज्यपाल द्वारा पुरूस्कृत किए जाने के बाद जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा जिले के अधिकारियों से झंडा दिवस पर अधिक से अधिक जनसहयोग लेकर राशि के एकत्रीकरण के निर्देश दिए गए हैं।
सिवनी में जिला कलेक्टर के निर्देशों की आड़ में दबंगई के साथ दो रूपए के झंडे के पांच सौ, दो सौ या एक सौ रूपए वसूल किए जा रहे हैं। गत दिवस नेशनल हाईवे पर वाहनों को रोक रोक कर झंडा टिकाकर वसूली करने की शिकायत प्राप्त हुई थी तो आज शहर के पॉश इलाके बारापत्थर में दुकानदारों से दबंगई के साथ झंडा टिकाकर वसूली करने की शिकायतें मिलीं हैं।
एक दुकानदार ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि पिछले शनिवार को गुमाश्ता विभाग द्वारा उनका पांच सौ का चालान बनाया गया था। आज जब उक्त दुकान में जिला पंचायत सिवनी में पदस्थ परियोजना अधिकारी डॉ.वाय.के.टांडेकर पहुंचे और उन्होंने उक्त दुकानदार से सीधे पूछा कि चालान जमा कर दिया है!
दुकानदार ने सोचा कि वे चालान वसूलने आए हैं, अतः उक्त दुकानदार ने सहमते हुए कहा कि अभी नहीं जमा हुआ है। इसके साथ ही साथ उसने पांच सौ रूपयों का नोट आगे बढ़ा दिया। डॉ.टांडेकर ने पांच सौ रूपए लिए और एक रजिस्टर में दस्तखत करवाकर उन्हें कुछ झंडे टिका दिए।
यह वाक्या उक्त दुकानदार को समझ में नहीं आया। तब डॉ.टांडेकर ने कहा कि यह राशि झंडा दिवस की वसूली की है। इसके साथ ही साथ बारापत्थर के अनेक दुकानदारों से सौ दो सौ रूपयों में झंडे दुकानदारों को बलात टिकाए गए। जब इसकी जानकारी हिन्द गजट को लगी और हिन्द गजट के कार्यालय के सामने से यह दल गुजरा तो इस दल से पूछताछ की गई।
डॉ.टांडेकर ने हिन्द गजट कार्यालय में आकर बताया कि उन्हें दस हजार रूपए के झंडे टिका दिए गए हैं, वे आखिर दस हजार रूपए कहां से देंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास गुमाश्ता का प्रभार है अतः वे दुकानदारों को झंडा दे रहे हैं। जब उनसे कहा गया कि इसके पूर्व में गत दिवस नेशनल हाईवे पर झंडे की वसूली की जा रही है, तो उन्होंने इस काम को गलत करार दिया।

जब उनसे एक दुकानदार से पांच सौ, एक से दो सौ, एक से सौ रूपए वसूली की बात कही गई तो उन्होंने कहा कि दस हजार के झंडे वे कहां और किसको दें?

शराब पर जमकर प्रहार किए अण्णा ने

शराब पर जमकर प्रहार किए अण्णा ने

बारिश पानी के बाद भी अण्णा को सुनने पहुंचे हजारों लोग: दिनेश राय के चेहरे से टपक रही थी मायूसी

(महेश रावलानी / पीयूष भार्गव / जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। मंदिर में रहता हूं, खाने की थाली और बिस्तर के अलावा मेरे पास कुछ भी नहीं है। एक बार आत्महत्या का ख्याल मन में आया, फिर स्वामी विवेकानंद की किताब पढ़कर लगा कि जनता की सेवा में ही सब कुछ है। महाराष्ट्र के छः मंत्रियों और 480 अफसरों के विकेट इसी मुहिम में लिए हैं। केंद्र सरकार ने जन लोकपाल पर जनता के साथ धोखा किया है। बाबा रामदेव जैसा सुलूक मेरे साथ भी करने की प्लानिंग थी केंद्र सरकार की। जहां शराब की चालीस दुकानें थीं आज 16 साल से वहां एक भी दुकान नहीं है। उक्ताशय की बात खचाखच भरे महावीर लॉन में आज अण्णा हजारे ने कहीं।
आज अण्णा हजारे धूमा लखनादौन छपरा होते हुए सिवनी पहुंचे। सिवनी में छिंदवाड़ा चौक से अण्णा की रैली आरंभ हुई। इस रैली में लगभग डेढ़ दर्जन मंहगे विलासिता वाले चौपाया और चार दर्जन से अधिक दुपहिया वाहन शामिल थे। रैली में अण्ण हजारे बीच बीच में अण्णा हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।
रैली के उपरांत अण्णा महावीर लॉन पहुंचे। खचाखच भरे महावीर लॉन में अण्णा के आते ही इंद्रदेव ने भी उनका स्वागत किया। बारिश की परवाह ना करते हुए लोग अण्णा को सुनने अपने अपने स्थानों पर खड़े रहे। अण्णा के साथ चल रहे पत्रकार संतोष भारतीय ने कहा कि इस सभा में जितने लोग आए हैं उससे तीन गुना लोग अण्णा की सभाओं में पहुंच रहे हैं। संतोष भारतीय का यह कथन लोगों में अंत तक चर्चित रहा।
वहां उपस्थित लोगों का कहना था कि हो सकता है संतोष भारतीय को सिवनी के समाचार पत्रों की आज की कटिंग मिल गई हो जिसमें अण्णा के स्वागत में एक शराब व्यवसाई के जुड़ने की खबर प्रमुखता के साथ प्रकाशित हुई थी। इसके बाद ही सिवनी में अण्णा की सभा को लेकर लोगों का उत्साह फीका पड़ने लगा था। संभवतः टीम अण्णा की खुफिया टीम ने सिवनी की फिजां को भांपकर उन्हें इससे आवगत करा दिया हो और इशारों ही इशारों में संतोष भारतीय ने शराब के कारोबारी पर भी वार कर दिया हो।
सभा को एक बच्ची ने भी संबोधित किया। हाच पाच आयोजन में मीडिया के अनेक लोगों को यह पता ही नहीं चल सका कि वह बच्ची कौन थी।
सभा को संबोधित करते हुए अण्णा हजारे ने कहा कि छोटी सी बच्ची का भाषण सुनने के बाद उन्हें लगा कि यही असली भारत है। उन्होंने कहा कि वे तीस साल से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक 55 लाख रूपए के नगद इनाम मिल चुके हैं, जो उन्होंने ट्रस्ट के हवाले कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उनके पास अपना कुछ भी नहीं है। वे मंदिर में रहते हैं और खाने की प्लेट तथा बिस्तर के अलावा और कुछ भी उनके पास नहीं है। अण्णा ने कहा कि उन्होंने 5 अप्रेल 2011 को जनलोकपाल का ड्राफ्ट सरकार को सौंपा था, सरकार ने जनलोकपाल के नाम पर जनता के साथ धोखा किया है।
गांधी वादी समाजसेवी अण्णा हजारे ने परोक्ष रूप से कहा कि वे शराब विरोधी हैं। जिस गांव में शराब की चालीस भट्टियां थीं, जहां पान गुटखे की दुकानें हुआ करती थीं, आज वहां सोलह साल से एक भी शराब भट्टी या पान की दुकान नहीं है। जैसे ही अण्णा ने यह कहा वहां उपस्थित हुजूम मंच के आसपास ही शराब के कारोबार से जुड़ी शख्सियत को ढूंढता पाया गया।
अण्णा ने कहा कि सरकार के क्लास एक से चार तक के कर्मचारियों को सरकार के नियंत्रण से मुक्त कर जनलोकपाल के अधीन लाना है। उन्होंने कहा कि अब दो ही मामले सामने हैं एक तो विकास का है और दूसरा विकास से भ्रष्टाचार के खात्मे का। उन्होंने कहा कि देश के 120 करोड़ लोग जागें वे यह नहीं मानते, पर अगर छः करोड़ लोग भी जाग गए तो जनवरी के आसपास वे दिल्ली के रामलीला मैदान में होंगे।

अण्णा की इस सभा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन को मंच पर स्थान ना मिल पाने से युवा उत्साही नवेंदु मिश्र एवं गौरव जायस्वाल की साख में जबर्दस्त इजाफा हुआ है, वहीं मंच के नीचे की ओर खड़े दिनेश राय उर्फ मुनमुन एवं उनके समर्थकों के चेहरों पर मायूसी साफ दिखाई पड़ रही थी।

स्तरहीन शिक्षा से कैसे बनेगा भविष्य

स्तरहीन शिक्षा से कैसे बनेगा भविष्य

(शरद खरे)

सिवनी जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल के तहत संचालित सरकारी और निजी शालाओं का इस साल का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम निराशाजनक कहा जा सकता है। दोनों ही कक्षाओं में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सिवनी जिले का नामोनिशान ही नहीं है। इसके साथ ही साथ परीक्षा का परिणाम दसवीं में सरकारी स्कूल में 47.41 तो निजी शालाओं में 15.48 फीसदी रहा है। बारहवीं की परीक्षाओं में सरकारी स्कूल में यह 83.24 तो निजी शालाओं में 73.66 फीसदी है। बाहरवीं का परीक्षा परिणाम कुछ हद तक संतोषप्रद माना जा सकता है।
मध्य प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मण्डल के हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा (दसवीं) के निराशाजनक परीक्षा परिणामों को देखकर लगने लगा है कि अब मध्य प्रदेश सरकार और सिवनी के शिक्षा के क्षेत्र के आलंबरदारों को अपने शिक्षा तंत्र के बारे में सोचना आवश्यक हो गया है। एचएसएस परीक्षा परिणाम वैसे भी अनेक संकेत दे रहे हैं।
कितने आश्चर्य की बात है कि इस बार दसवीं में सरकारी स्कूलों में 47 तो निजी स्कूलों में 15 फीसदी विद्यार्थियों के हाथ सफलता ही लगी है। परिणामों की घोषणा के साथ ही समूचे जिले में मायूसी की लहर व्याप्त हो जाना स्वाभाविक ही है। दुनिया भर में पसरी आर्थिक मंदी से भारत अछूता नहीं है। इस मंहगाई के जमाने में मध्य प्रदेश में निवास करने वाले मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के सामने अपने बच्चों को शिक्षा दिलाना काफी दुष्कर ही प्रतीत हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्ध शालाओं में अध्ययन करने वाले असफल विद्यार्थियों के परिवारों में उदासी और असंतोष के बीज पनपना जाहिर है।
मध्य प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मानो जंग लग चुकी है। शिक्षक के पद पर भर्ती होकर अन्य विभागों में संविलियन के साथ ही साथ सरकारी शिक्षकों से पल्स पोलियो, नसबंदी, चुनाव जैसे कार्यों में बेगार करवाना निश्चित रूप से देश के नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ही कहा जाएगा।
कितने आश्चर्य की बात है कि प्रतिबंध के बावजूद भी शिक्षकों का अध्यापन से इतर अन्य कार्यों के निष्पादन के लिए अटेचमेंट आज भी बदस्तूर जारी है। पहुंच संपन्न शिक्षक शहरों की ओर रूख करते नजर आते हैं, गांव के स्कूल शिक्षक विहीन पड़े हुए हैं। न शासन और न प्रशासन यहां तक कि राजनेताओं को भी अपने वोट बैंक की खातिर इस ओर देखने की फुर्सत नहीं है।
ऐसा नहीं कि विभागीय उच्चाधिकारियों अथवा शासन में बैठे प्रमुख सचिव से लेकर सेक्शन के बाबू को इस बारे में माहिति न हो। जानते सभी हैं पर मजबूर हैं मौन रहने को। साल भर शालाओं का निरीक्षण चलता है, किन्तु रीते पद रीते ही रह जाते हैं। निरीक्षक की औपचारिकता कैसे पूरी होती हैं, यह बात सभी बेहतर तरीके से जानते हैं।
यहां आश्चर्यजनक पहलू यह भी है कि मोटी फीस लेकर अध्यापन को पेशा बनाने वाले अशासकीय स्कूलों में परीक्षा परिणाम प्रभावित क्यों हुए? इस तरह की शालाओं को तो चुनाव और अन्य बेगार के कामों से मुक्त रखा गया है। फिर आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि इन शालाओं मेें भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा।
एक समय था जब शालाओं में शिक्षिकाएं बैठकर स्वेटर बुना करती थीं, पर तब भी उनके द्वारा कराया जाने वाला अध्यापन का काम वास्तव में उचित और करीने वाला होता था। कुछ सालों पहले तक शिक्षा का स्तर संतोषजनक कहा जा सकता था, पर अब यह स्तर तेजी से नीचे गिरा है, जो चिंतनीय ही कहा जाएगा।
सिवनी में निजी स्तर पर माध्यमिक शिक्षा मण्डल से मान्यता प्राप्त ना जाने कितने शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को गढ़ने के काम में लगे हुए हैं, पर उनके हाथ असफलता ही लगी है। कारण स्पष्ट है कि शिक्षकों ने इस साल मेहनत ना के बराबर ही की है। शिक्षकों के घरों पर ट्यूशन की भीड़ साफ कर देती है कि अब शिक्षा का पेशा धन कमाने का साधन बन चुका है।

जिला प्रशासन को चाहिए कि शिक्षा विभाग के प्रभारी उपजिलाध्यक्ष (ओआईसी) को इसके लिए पाबंद करे कि इस साल परीक्षा परिणाम सुधारे जा सकें। इसके लिए सरकारी और निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण डिप्टी कलेक्टर द्वारा समय समय पर किया जाए यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही साथ शिक्षकों द्वारा घरों पर पढ़ाई जाने वाली ट्यूशन को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए ऐसे कुछ मार्ग निकालने होंगे, वरना इस साल की तरह पालक लुटते रहेंगे और विद्यार्थी पास तो हो जाएंगे पर उनका ज्ञानार्जन का सपना अधूरा ही रह जाएगा।

रविवार, 7 जुलाई 2013

भाजपा के युवा नेता को गोलियों से भूना

भाजपा के युवा नेता को गोलियों से भूना

आरोपियों का पता चल गया है, देर रात या कल तक हो सकती है गिरफ्तारी: शुक्ला

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ग्यारह दिन में जिला मुख्यालय सिवनी में दो लोगों की निर्मम हत्या से लगने लगा है मानो सिवनी में जंगलराज कायम हो गया है। 26 जून को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप एक आर्मी के जवान को चाकुओं से गोदने के उपरांत ललमटिया क्षेत्र में गत रात्रि भाजयुमो के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी को गोलियों से भूंज दिया गया।
घटना के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग 11 बजे प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी अपने घर गया तथा कपड़े बदलकर नाईट ड्रेस पहनकर सोने की तैयारी में था। मुन्ना के पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि मुन्ना को कोई मोबाईल आया जिसके उपरांत वह लोअर और टीशर्ट पहनकर घर से कुछ देर बाद आने का कहकर चला गया।
इसके उपरांत क्या हुआ? कैसे हुआ? इस बात की जानकारी किसी को नहीं है। देर रात जब किसी ने विवाह समारोह से लौट रहे भाजयुमो के सदस्य दीपक नगपुरे, पिंकी त्रिवेदी, अजीत उपाध्याय आदि को किसी ने मुन्ना के झगड़े की सूचना दी तो वे उसकी तलाश में निकल पड़े। बार बार उसे फोन लगाने के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो उसके घर के आसपास तलाश जारी की।
बताया जाता है कि इसके उपरांत रात लगभग दो बजे जब मुन्ना को खून से लथपथ हालत में देखा गया तो उनके साथियों के होश उड़ गए। उन्होंने उसे तत्काल उठाकर जिला चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। देर रात भारतीय जनता युवा मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी सहित बड़ी तादाद में युवाओं का हुजूम चिकित्सालय में लगा रहा।
इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने ‘‘हिन्द गजट‘‘ से चर्चा के दौरान कहा कि यद्यपि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, पर आरोपी कौन है इस बारे में पुलिस को पता चल चुका है, एवं देर रात अथवा कल उनकी वे पुलिस की हिरसत में होंगे।

06 गोलियां मारी
बताया जाता है कि प्रशांत अग्रवाल को 6 गोलियां मारी गई, जिसमें से चार गोलियां उसके चेहरे पर लगी शेष दो गोली अन्य जगह लगी। जानकार बताते हैं प्रशांत अग्रवाल किसी अंजान व्यक्ति के बुलावे में कदापि नहीं जाता, उसे किसी न किसी परिचित व्यक्ति ने बुलाकर ले गया होगा। फिलहाल यह तो पुलिस की जांच का विषय है कि मुन्ना खैरी को किसने घर से बुलाकर ले गया और किसने गोली मारा। चर्चा तो यह भी चल रही है कि प्रशांत अग्रवाल को किसी ने फोन लगाया और बाहर बुलाया। सूत्रों की माने तो पुलिस इस पूरे मामले में उसके मोबाईल में आये नंबरों की पतासाजी कर रही है।

हाथों में थे बाल
बताया जाता है कि मुन्ना खैरी का रात के समय आरोपियों से विवाद और झूमाझपटी हुई होगी, तभी तो मुन्ना खैरी के हाथ में बालों का गुच्छा भी मिला है। पुलिस सूत्रों की ओर से इस बावत कोई पुष्टि नहीं की गई है। इस संबंध में नगर कोतवाल शिवराज सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया किन्तु उन्होंने मोबाईल नहीं उठाया।

पोस्टमार्टम में लगे 04 घंटे से अधिक
बताया जाता है कि प्रशांत अग्रवाल के शरीर में लगी गोली को निकालने पोस्टमार्टम करने वालों को चार घंटे से अधिक समय लगा। बताया जाता है कि मृतक के पेट में एक गोली फंसे होने की आशंका थी, इसलिए पहले एक्सरे किया गया, बाद में शव परीक्षण के दौरान उसके पेट से गोली निकाली गई।

प्रशांत के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करें पुलिस: बाबा

भाजयुमो के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल  उर्फ मुन्ना खैरी की गोली मारकर हत्या कर देने की घटना होने के बाद सांसद प्रतिनिधि अजय पांडे ने घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि नगर में कुछ दिनों से घट रही घटनायें यहां के लोगों के लिये चिंतनीय है। उन्होंने कहा कि समय रहते जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क होकर असामाजिक तत्वों पर लगाम कसे अन्यथा ऐसे लोगों के हौसलें बुलंद होते रहेंगे और इस तरह की घटनायें घटित होते रहेगी, जो शांतिपूर्ण शहर के लिए घातक है। पांडे ने प्रशांत अग्रवाल के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशांत अग्रवाल के ऊपर हमला करने वालों को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करें।

बंदूक संस्कृति का आगाज!

बंदूक संस्कृति का आगाज!

(शरद खरे)

सिवनी जिला शांति का टापू माना जाता रहा है। आज के समय में सिवनी शहर में आपराधिक गतिविधियां चरम पर हैं। जुंआ, सट्टा, वेश्यावृति, मारपीट, राहजनी, डकैती, फिरौती, हत्या, लूट आदि जैसी वारदातों का सिवनी में तेजी से इजाफा हुआ है। यह सब कुछ पिछले डेढ़ दो दशकों में तेजी से बढ़ा है।
इस बार तो हद ही हो गई 11 दिनों के अंतराल में ही दो निर्मम हत्याएं। जिला मुख्यालय दहल गया है। 26 जून को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप सेना के एक जवान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई, वह भी दिन दहाड़े। यह घटना जिले में आपराधिक तत्वों के पैर जमाने और पुलिस की ढ़ीली पकड़ को साबित करने के लिए पर्याप्त मानी जा सकती है।
शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि में ललमटिया क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी का शव जिस हालत में मिला वह वास्तव में दर्दनाक, भयावह, डरा देने वाला माना जा सकता है। इससे साबित हो जाता है कि शहर में पुलिस कितनी मुस्तैदी से गश्त कर रही है।
एक समय था जब सिवनी में घटे अपराध इतिहास बन जाते थे। प्रौढ़ हो रही पीढ़ी आज भी सत्तर के दशक के उत्तरार्ध में हुए धूमा डकैती कांड़ जिसमे अमर सिंह और सज्जाद को फांसी की सजा हुई थी को याद करता है। इसके शहर में पुराने एलआईबी कार्यालय के पास, अमर टाकीज के समीप हुए कत्ल भी सालों साल लोगों की जुबान पर रहे।
सिवनी जिला ऐसा कतई नहीं था जैसा वर्तमान परिवेश में है। सिवनी में लोग हाथ में लट्ठ लेकर भी नहीं चलते दिखे, पर अब तो सरेराह जनसेवक होने का दावा करने वाले कमर में रिवाल्वर टांगकर घूम रहे हैं। यह कौन सी संस्कृति का आगाज हो रहा है, इनका साथ देने वाले भी सिवनी को बिहार बनाने पर आमदा प्रतीत हो रहे हैं।
सिवनी में बंदूक संस्कृति का आगाज शुभ लक्षण कतई नहीं माना जा सकता है। बीते सालों में सिवनी में गोलीबारी की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है, जो निंदनीय है। कालेज गोली काण्ड, के उपरांत नगर पालिका के सामने ही बरात की घोड़ी पर सवार दूल्हे को ही गोली मार दी जाती है, वह भी शहर कोतवाली से चंद कदम दूरी पर!
क्या कहा जाएगा इसे! निश्चित तौर पर इसके लिए दिशाहीन और स्वार्थपरक राजनीति ही पूरी तरह से जिम्मेदार है। राजनेताओं संरक्षण में असमाजिक तत्व पूरी तरह फल फूल रहे हैं, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। मीडिया जैसे परोपकार और जनसेवा के क्षेत्र में भी आपराधिक तत्वों की आमद एक दुखद संकेत से कम नहीं है।
एक वक्त था, जब गांव में ‘‘जागते रहो‘‘ की आवाज लगाता चौकीदार लालटेन और हाथ में लकड़ी लिए आवाज करता घूमता था। उसकी आवाज में ही इतना दम होता था कि सब चैन से सोया करते थे। आज लोगों का अमन चैन गायब है। शहर की रखवाली के लिए कुछ नेपाली लोग रात भर जागा करते थे। अब उनके दीदार भी मुश्किल ही हैं।
पुलिस के वाहनों से चौकसी की जाती थी। अब तो पुलिस भी साधन संपन्न हो चुकी है। पुलिस के पास कल तक चीता कललाने वाले आज के ब्रेकर मोबाईल हैं। हर क्षेत्र में ये मुस्तैद हैं। बावजूद इसके शहर में अमन चैन कायम नहीं है। लोगों को सुरक्षा देने की जवाबदेही निश्चित तौर पर पुलिस की है।
पुलिस पर नजर रखने का काम कहीं ना कहीं सांसद और विधायकों का है। विडम्बना यह है कि जब सांसद विधायक ही अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने लगें तो आखिर जनता कहां जाएगी? सांसद विधायक ही जनता की सेवा के बजाए निहित स्वार्थों को प्राथमिकता देने लगे तो इस तरह की अराजकता का वातावरण निर्मित होना लाजिमी ही है।
महज ग्यारह दिनों में देश के लिए अपनी जान लगा देने वाले सेना के एक जवान को सरेराह ढलती शाम को चाकुओं से गोद दिया जाता है। उसके उपरांत प्रदेश में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के अनुषांगिक संगठन के नगर मंत्री को गोलियों से भून दिया जाता है, पर विपक्ष में बैठी कांग्रेस अपना मुंह सिले बैठी है। अगर यही बात दिल्ली या भोपाल में हुई होती तो प्रवक्ताओं का कभी ना थमने वाला विज्ञप्तियों का सिलसिला कबका आरंभ हो चुका होता।
पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने कहा है कि अपराधियों के बारे में पता चल गया है कि किसने इस हत्या को अंजाम दिया है। यह निश्चित तौर पर राहत की बात ही मानी जाएगी। सिवनी के लिए यह शुभ संकेत है कि जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय झा सिवनी में बतौर पुलिस अधीक्षक पदस्थ रह चुके हैं अतः वे सिवनी की फिजां से वाकिफ हैं।
पुलिस अधीक्षक से यही अपेक्षा है कि जिले भर में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु कठोर कदम उठाएं। सांसद विधायकों से अपेक्षा करना तो अब बेमानी ही लगता है। पुलिस का यह दायित्व है कि वह आपराधिक तत्वों में भय पैदा कर लोगों को अमन चैन से रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करे।

विवादों में फंसती दिख रही अण्णा की सिवनी यात्रा

विवादों में फंसती दिख रही अण्णा की सिवनी यात्रा

दिनेश राय होंगे जनतंत्र के सिवनी प्रत्याशी: नवीन

दिनेश मंच पर गए तो होगा बहिष्कार: गौरव जायस्वाल

शराब के पैसे से हुआ अण्णा के लिए लॉन बुक

(आकाश कुमार / अखिलेश दुबे)

नई दिल्ली / सिवनी (साई)। आठ जुलाई को अण्णा हजारे की सिवनी की प्रस्तावित यात्रा ही विवादों में फंसती दिख रही है। एक तरफ टीम अण्णा के कथित सदस्य नवीन द्वारा सिवनी में अण्णा हजारे द्वारा दिनेश राय को जनतंत्र मोर्चा का सिवनी विधानसभा का उम्मीदवार घोषित करने की बात कही जा रही है तो दूसरी ओर सिवनी में अण्णा हजारे की स्वागत समिति के सदस्य गौरव जायस्वाल और नवेंदु मिश्रा का कहना है कि अगर दिनेश राय अण्णा हजारे के साथ मंच शेयर करते हैं तो वे उसका बहिष्कार करेंगे। टीम अण्णा द्वारा दिनेश राय को शराब के कारोबार से कभी जुड़े ही ना होने का दावा भी किया जा रहा है। वहीं चर्चा है कि अण्णा हजारे के सिवनी प्रवास में पैसों के टोटे के चलते कुछ बाहरी तत्व इसे हाईजेक करने के प्रयास में हैं।
ज्ञातव्य है कि अण्णा हजारे सोमवार को सिवनी आने वाले हैं। सिवनी में उनकी यात्रा को लेकर लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग अण्णा को देखने और सुनने को आतुर नजर आ रहे हैं। अण्णा की इस यात्रा के लिए सिवनी में किसके कांधों पर जवाबदेही सौंपी गई है यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वहीं दूसरी ओर आज सुबह वितरित किए गए जनतंत्र मोर्चा की ओर से जनतंत्र यात्रा के पर्चे पर दो मोबाईल नंबर दिए गए हैं। इनमें से एक नंबर को जनतंत्र मोर्चे के नई दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन स्थित कार्यालय के सामने दर्शाया गया है। इस नंबर पर टीम अण्णा के किसी नवीन नामक सदस्य ने बताया कि अण्णा का सिवनी का कार्यक्रम बैतूल के विधायक सुनीलम के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
इसके उपरांत श्री नवीन ने पुनः दो बार फोन करके चर्चा की और चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अण्णा की सिवनी यात्रा के दौरान सिवनी के युवा एवं उर्जावान दिनेश राय उर्फ मुनमुन को अण्णा हजारे द्वारा जनतंत्र मोर्चे का विधानसभा सिवनी का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिनेश राय का ना तो शराब का कारोबार है ना ही लेना देना।
श्री नवीन ने आश्चर्यजनक तौर पर खुलासा करते हुए कहा कि दिनेश राय का शराब से काई लेना देना नहीं है, शराब का कारोबार तो उनकी मौसी का पुत्र करता है। जब श्री नवीन से यह पूछा गया कि सिवनी के लोगों को यह पता नहीं है कि दिनेश राय की कोई मौसी भी हैं तो उनके संज्ञान में दिल्ली में बैठकर यह कैसे आ गया? इसके जवाब में वे मौन हो गए।
यद्यपि दोपहर में बाद में हुई चर्चा में श्री नवीन अपनी इस बात से मुकर गए कि दिनेश राय को प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। जबकि पूर्व में उनका कहना था ‘‘दिनेश राय विल बी अवर नेक्सट केंडीडेट फार विधानसभा सिवनी, ही इज नाट ए लिकर माफिया। हमने दस लोगों से पूछ लिया है, ही इज राईट पर्सन फार जनतंत्र मोर्चा।‘‘
जनतंत्र यात्रा से जुड़े युवा एवं उत्साही नवेंदु मिश्रा एवं गौरव जायस्वाल ने गत दिवस हिन्द गजट कार्यालय में आकर कहा था कि अगर दिनेश राय को अण्णा के साथ मंच पर स्थान दिया गया तो वे इसका बहिष्कार करेगे। आज भी उन्होने अपनी इस बात को दोहराया। उन्होने बताया कि पता नहीं कैसे दिनेश राय द्वारा अण्णा के लिए लॉन बुक करा दिया है।

जनतंत्र यात्रा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस लॉन के लिए दिनेश राय द्वारा दस हजार रूपए अग्रिम दिए गए थे, लॉन को 56 हजार में बुक किया गया था। इसकी पहली किश्त के बतौर दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा 10 हजार रूपए अदा कर दिए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि इस यात्रा का नेजा संभालने वाले डॉ.सुनीलम के आदेश पर दिनेश राय द्वारा लॉन और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जा रहा है।

शनिवार, 6 जुलाई 2013

पूरी निष्ठा एवं टीम भावना से करें चुनावी कार्यो का निष्पादन - कलेक्टर

पूरी निष्ठा एवं टीम भावना से करें चुनावी कार्यो का निष्पादन - कलेक्टर

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। लोकतंत्र में चुनाव एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसके सुचारू संचालन के लिये भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। यह कार्य पूरी निष्ठा एवं टीम भावना के साथ ही बेहतर तरीके से संपादित किया जा सकता है।
राजस्व एवं पुलिस अधिकारी निर्वाचन आयोग के मापदंडों के अनुरूप अपनी कर्मठता एवं समर्पण से उन्हें सौंपे गये सभी दायित्वों का निर्वहन कर निर्बाध रूप से समस्त चुनावी प्रक्रियायें संपन्न करायें। यह हिदायत आज यहां चुनावी तैयारियों के संबंध में आयोजित जिले के समस्त राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भरत यादव ने दी।
आपने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारीगण जिलें में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराने के लिये पूरी गंभीरता और निष्पक्षतापूर्वक कार्यवाही करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक मिथिलेष शुक्ला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर.बी.प्रजापति, सी.ई.ओ. जिला पंचायत श्रीमती प्रियंका दास, जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर, एस.डी.ओ.पी., तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और निर्वाचन कार्यो के परिप्रेक्ष्य में बनाये गये नोडल अधिकारी भी उपस्थित थे।

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की पूर्व तैयारियां अभी से करें
बैठक में कलेक्टर भरत यादव ने सर्वप्रथम कानून एवं पुलिस व्यवस्था के संबंध में चर्चा करते हुये पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिये पूर्व तैयारियां अभी से प्रारंभ कर दें। थाना प्रभारी यह देखें कि किसी भी मतदाता को वोट करने से रोका न जाये या किसी के द्वारा उसे मतदान करने से हतोत्साहित न किया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें और यथावश्यकतानुसार ऐसे तत्वों पर दण्डात्मक कार्यवाही भी करें।
उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से मदिरा के निर्माण एवं विक्रय पर सख्ती से अंकुश लगाये और ऐसे मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन लें, जहां पहले कभी चुनाव के दौरान किसी प्रकार का डिस्टरबेन्स हुआ हो। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी आदिवासी बाहुल्य, वनाचंलों एवं रिमोट एरियाज में मतदाताओं को मतदान करने की जागरूकता के विशेष प्रयास करें। अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव के दौरान लगने वाले अनुमानित सुरक्षाबल का आंकलन कर मांगपत्र तत्पर्तापूर्वक भेज दें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील/अतिसंवेदनशील मतदान क्षेत्रों का चिन्हाकंन कर लें और ऐसे मतदान केन्द्रों में वांछित बल का अनुमान विशेष ध्यान देकर जिला निर्वाचन कार्यालय को भेज दें।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि इस चुनाव के दौरान पेडन्यूज पर नियंत्रण के लिये जिलास्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनीटरिंग समिति गठित की गई है। अपने स्तर पर राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को इस बात की जानकारी भी दें। कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान सेक्टर ऑफिसर एवं माईक्रोआब्जर्वर भी नियुक्त किये जायेगंे।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव के दौरान निर्वाचन कार्यो में लगने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेसिक ट्रेनिंग दी जायेगी। यहां तक कि वीडियोग्राफर्स और पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चुनाव के परिप्रेक्ष्य में राजस्व अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पूरी गंभीरतापूर्वक आवश्यक कार्यवाहियॉं करने, असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करने और पूरी तरह से निष्पक्ष रहने और अपने व्यवहार से ऐसा दिखने की भी हिदायत दी।

बेहतर समन्वय से काम करें
बैठक में पुलिस अधीक्षक मिथिलेष शुक्ला ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर जिले के सभी थाना प्रभारियों में एक्शन प्लान तैयार किये हैं। सभी को आवश्यकतानुसार सुरक्षाबल उपलब्ध कराये जायंेगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी राजस्व अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और टीम भावना से अपने दायित्वों का निर्वाहन करें।
उन्होंने कहा कि सिवनी जिले के चार थाना क्षेत्र बालाघाट, मण्डला, छिंदवाड़ा, जबलपुर, नरसिंहपुर जिलों और महाराष्ट्र राज्य के नागपुर जिले की सीमा से लगे हुये है। उन्होंने इन थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को निर्देषित किया कि वे दूसरे जिलों के संबंधित थानाप्रभारियों से चर्चा कर असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिये सख्त कार्यवाहियॉं करें। पुलिस अधीक्षक ने बीते चुनाव दौरान डिस्टरबेंस वाले मतदान केन्द्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी थाना प्रभारियों को दिये।

कर्मी अपना नाम 31 तक दर्ज कराएं वोटर लिस्ट में
बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने जिले में पदस्थ सभी जिलाधिकारियों से कहा कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वयं का और अपने सभी अधिनस्थों का नाम हर हाल में 31 जुलाई तक स्थानीय मतदाता सूची में अनिवार्यतः दर्ज करा लें। उन्होंने कहा कि आयोग के आदेशानुसार चुनाव में लगने वाले प्रत्येक शासकीय सेवक को पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी।

राजनैतिक दलों के साथ बैठकें कर लें
बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर, एस.डी.ओ.पी., तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने स्तर पर राजनैतिक दल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लें और बैठक का कार्यवाही विवरण भी जारी करें। उन्हें इस चुनाव के दौरान किये जाने वाले नवाचारों जैसे पेड न्यूज पर नियंत्रण के लिये जिलास्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मानीटरिंग कमेटी का गठन, प्रत्याशी के व्यय पर नजर रखने के लिये वित्तीय पर्यवेक्षक, कानून व्यवस्था की निगरानी के लिये पुलिस पर्यवेक्षक की नियुक्ति व अन्य नये-नये प्रावधानों की जानकारी अनिर्वायतः दें।
उन्होंने कहा कि रिटर्निंग आफिसर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिये बूथ लेवल पर मतदाता जागरूकता अभियान चलायें। स्वीप प्लान, कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लें, वलनेरेबिलिटी मैपिंग कर लें, संवेदनशील और अतिसंवेदशील मतदाता केन्द्रों का चिन्हाकंन बैगग्राउंड की स्टडी भी कर लें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के वोटर आई डी कार्ड में फोटों नहीं है उन्हें फोटोयुक्त वोटर आईडी कार्ड जारी करें।

मतदान केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी होगी
बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी ताकि मतदान केन्द्र में चल रही गतिविधियों पर निर्वाचन आयोग नजर रख सके।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी।