शनिवार, 10 दिसंबर 2011

सर्द हवाओं का रूख मध्य भारत की ओर


सर्द हवाओं का रूख मध्य भारत की ओर

बढ़ सकती है एकाध दिन में ठंड



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर की पर्वतश्रंखलाओं में भारी बर्फबारी के चलते पहाड़ बर्फ की सफेद धवल चादर ओढ़ चुके हैं। हिमालय की ओर से आने वाली हवाओं का रूख अब मैदानी इलाकों की ओर होने लगा है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि शनिवार दोपहर तक मध्य प्रदेश में पारा गिर सकता है।

जम्मू ओर कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हुए हिमपात का असर राजधानी दिल्ली पर पड़ा है और इस मौसम में पहली बार लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली कोहरे की चादर में लिपटी रही। दिन चढ़ने पर भी कोहरा का असर ज्यादा कम नहीं हुआ और शाम को एक बार फिर कोहरा बढ़ गया। रात होते ही कोहरे ने दिल्ली के लगभग सभी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया।

शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब तक ठंड से राहत पा रहे दिल्लीवाले अब ठंड झेलने के लिए तैयार रहें। शनिवार से राजधानी में ठंड और बढ़ेगी और अगले तीन दिन में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ठंड के साथ साथ कोहरे का भी असर राजधानी पर दिखेगा। जम्मू कश्मीर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से शुक्रवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ गई है। राजधानी के कुछ इलाकों में बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार की सुबह बारिश भी हुई।

रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित

कोहरे के असर से शुक्रवार को 40 ट्रेनें आंशिक व पूर्ण रूप से रद रहीं, जबकि 116 ट्रेनों का परिचालन घंटों की देरी से हुआ। कई गाड़ियां 20 घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंचीं। पुरी से नई दिल्ली आने वाले पुरी, नई दिल्ली एक्सप्रेस का परिचालन 15 घंटे, फरक्का का 13 घंटे, महाबोधि एक्सप्रेस का 11 घंटे तथा डिब्रूगढ़ एवं हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे लेट रही।

हवाई सेवाएं बाधित

कोहरे से विमान सेवा भी  बुरी तरह से प्रभावित रहीं। आधी रात तीन बजे से सुबह नौ बजे के बीच इंदिरा गांधी विमानतल से लखनऊ जाने वाली गो एयरलाइंस व भोपाल जाने वाली जेट लाइट की फ्लाइट रद रही। लखनऊ व भोपाल से दिल्ली आने वाली गो एयर व जेट लाइट फ्लाइट का भी संचालन नहीं हो सका। जबकि दूसरे शहरों से यहां आने वाली नौ फ्लाइट रद कर दी गई। यही नहीं दो दर्जन से ज्यादा विमान 45 मिनट से ज्यादा की देरी से उड़े।

कोई टिप्पणी नहीं: