सोमवार, 24 सितंबर 2012

‘बर्फी’ चला आस्कर पाने

‘बर्फी’ चला आस्कर पाने

(दिव्या शर्मा)

नई दिल्ली (साई)। प्रियंका चोपड़ा, रणबीर कपूर और इलियाना डिक्रूज अभिनीत हिंदी की फिल्म ‘बर्फी’ विदेशी फिल्म श्रेणी में ऑस्कर के लिए नामित की गयी है। 30 करोड़ रुपये में बनी यह फिल्म 14 सितंबर को रिलीज हुई थी। एक गूंगे और बहरे लड़के और ऑटिज्म की शिकार लड़की की रोमांटिक-कॉमी फिल्म भारत के 700 सिनेमा घरों में एक साथ रिलीज हुई थी। सप्ताहांत में फिल्म ने 3.6 करोड़ की कमाई की। एक सप्ताह में इसने 58.6 करोड़ रुपये कमाये।
अभिनेता रणबीर कपूर और ‘बर्फी’ के निर्देशक अनुराग बसु को खुशी है कि ऑस्कर 2013 के लिए भारत की तरफ से आधिकारिक तौर पर इस फिल्म को लिया गया है। लेकिन उनका कहना है कि नामांकन पाने के लिए उन्हें अभी लंबा सफर तय करना है। अगले वर्ष फरवरी में होने वाले ऑस्कर के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म’ के वर्ग में भारत की तरफ से इस फिल्म का चुनाव हुआ है। कुल 19 फिल्मों में से ऑस्कर के लिए इस फिल्म का चुना गया है।
फिल्म में गूंगे बहरे लडके की भूमिका निभाने वाले रणबीर ने कहा, ‘‘हम सभी बहुत खुश हैं। यह एक टीम प्रयास है। ऑस्कर के लिए भारत की तरफ से इस फिल्म के चुने जाने से ही हमें खुश नहीं होना चाहिए, अभी तो मुख्य प्रवेश मिलना बाकी है।’’ इन सबसे अलग अनुराग ने शुभकामना संदेश के साथ ट्विट किया, ‘‘बहुत बहुत धन्यवाद। लेकिन अभी दिल्ली दूर है।’
भारत की तरफ से केवल तीन फिल्में- महबूब खान की ‘मदर इंडिया’, मीरा नायर की ‘सलाम बॉम्बे।’ और आमिर खान की ‘लगान’ ही ऑस्कर नामांकन में अंतिम दौर तक पहुंच पाईं। 29 वर्षीय रणबीर ने कहा कि फिल्म को अंतिम दौर तक पहुंचाने के लिए वे आमिर से सलाह लेंगे। फिल्म में प्रियंका चोपडा भी हैं जिन्होंने एक ऑटिस्टिक लडकी की भूमिका निभाई है। इसी फिल्म से अभिनेत्री इलियाना डीक्रूज का बॉलीवुड में प्रवेश हुआ है।
प्रियंका ने फिल्म को ‘‘प्यार का परिणाम’’ बताते हुए कहा, ‘‘बधाई हो टीम बर्फी। यह सच में अद्भुत समाचार है। यह फिल्म हम सभी को मिले प्यार का फल है और इस तरह की अद्भुत सफलता मिलना बहुत सुखदायक है।’’ प्रियंका फिलहाल देश से बाहर हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: