बुधवार, 24 अक्तूबर 2012

चुनाव प्रचार में आई तेजी


चुनाव प्रचार में आई तेजी

(स्वाति नाडकर्णी)

शिमला (साई)। हिमाचल प्रदेश में चार नवम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में तेजी आ गई है। कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओ ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जोर-शोर से प्रचार शुरू कर दिया है। दोनों पार्टियों के केंद्रीय नेता मुख्य रूप से भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
संपूर्ण राज्य में मतदान को दस दिन बाकी है और प्रमुख पार्टियों के नेताओं ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। संपूर्ण हिमाचल से समाचार एजेसंी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव प्रचार अब पूरे शबाब पर आ चुका है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस तथा भाजपा एक-दूसरे के नेताओं पर निशाना साध रही है। इसी कड़ी में कल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण जेटली ने भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वीरभद्र सिंह पर आय के मामले में धांधली करने का आरोप लगाया।
वहीं इन आरोपों को आधारहीन और मनगढ़ंत बताते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह भाजपा की चुनाव में जनता को गुमराह करने की साजिश है। हिमाचल प्रदेश में कुल मिलाकर सारा चुनाव प्रचार इस समय भ्रष्टाचार के आरोपों पर सीमित रह गया है और जनता से जुड़े अन्य मुद्दे प्रचार में पीछे रह गए हैं। इस बीच, निर्वाचन आयोग ने शिकायतें मिलने पर शिमला और ऊना के जिला आयुक्तों को बदल दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: