बुधवार, 25 अप्रैल 2012

भीलवाड़ा में सेल लगाएगा स्टील प्लांट


भीलवाड़ा में सेल लगाएगा स्टील प्लांट
(अभिषेक त्रिपाठी)
भीलवाड़ा (साई)। स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड ‘‘सेल’’ और राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड भीलवाडा जिले में दो स्टील प्लाण्ट लगायेंगे, जिससे जिले में रोजगार की संभावना बढेगी। कल शाम भीलवाडा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खान और भूविज्ञान निदेशक अजिताभ शर्मा ने कहा कि दोनों कम्पनियों को जल्दी ही भीलवाडा में खनन लीज जारी होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सोमवार से शुरू हुए अवैध खनन विरूद्ध अभियान के तहत 53 मामले सामने आये हैं जिनमें 14 एफ.आई.आर. दर्ज हुई है। विभाग ने अवैध खनन करने वालों से साढे चार लाख रूपये जुर्माना वसूला और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 25 वाहन, दो मशीने और 64 उपकरण भी जब्त किये गये। शर्मा ने अवैध खनन रोकने के लिए चलाये जा रहे अभियान की प्रगति की जानकारी भी ली।

केंद्र ने दिया एक करोड़ रूपए का पुरूस्कार


केंद्र ने दिया एक करोड़ रूपए का पुरूस्कार
जयपुर (साई)। पंचायती राज व्यवस्था में सुधार और इसकी मजबूती के लिए प्रदेश को केन्द्र की ओर से एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है। कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश से यह पुरस्कार राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने ग्रहण किया।
इसी के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए दौसा जिले की सैंथल ग्राम पंचायत की सरपंच विमला देवी को राष्ट्रीय गौरव ग्राम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार स्वरुप 5 लाख रुपये नकद दिये गये, जो पंचायत के विकास में खर्च किये जायेंगे।

पुनः आरंभ होगी लोहिया ग्राम योजना


पुनः आरंभ होगी लोहिया ग्राम योजना

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। प्रदेश सरकार ने लोहिया ग्राम योजना को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के लिए ढाई सौ करोड़ रूपये तत्काल स्वीकृत कर दिये गये है। मण्डी परिषद की मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
लोहिया ग्राम योजना के अन्तर्गत दो सौ पचास से अधिक आबादी वाले चयनित एक हजार गांव में अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जायेगा। योजना के तहत चयनित प्रत्येक गांव में सीमेंट की सड़के, विघुतीकरण, सौर उर्जा, पेयजल के लिए हैण्ड पम्प और जल निकासी के लिए नाली की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये है।
योजना के तहत प्रत्येक जिले में इस वर्ष कम से कम पांच गांव का चयन कर कार्य शुरू कर देने के निर्देश परिषद के अधिकारियों को दिया गया है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मण्डी स्थलों का विकास, मण्डी परिशद के कामकाज का कम्प्यूटराजेशन के साथ-साथ आगामी परियोजनाओं को प्रबन्धकीय सूचना प्रणाली के अन्तर्गत रखने पर बल दिया है।

बचु और मिश्रा करेंगे मध्यस्थता


बचु और मिश्रा करेंगे मध्यस्थता
(अभय नायक)
रायपुर (साई)। राज्य सरकार ने सुकमा के अपहृत जिलाधीश श्री एलेक्स पॉल मेनन को रिहा कराने माओवादियों से बातचीत के लिए दो मध्यस्थ मनोनीत किए है। सरकार की ओर से तय किए गए मध्यस्थ मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्य सचिव निर्मला बुच और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्य सचिव एस.के मिश्रा हैं।
मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने ग्राम सुराज अभियान पर रवाना होने से पहले रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह खुलासा किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने माओवादियों द्वारा मध्यस्थता के लिए तीन लोगों के नाम दिए जाने का भी स्वागत किया। होल्ड बाईट- मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह उल्लेखनीय है कि माओवादियों ने कल देर रात मीडिया को भेजे अपने ई-मेल में सरकार के साथ बातचीत के लिए अपने तीन मध्यस्थों के नामों की जानकारी दी थी।
इनमें अधिवक्ता प्रशांत भूषण, आदिवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष कुंजाम और बस्तर के पूर्व कलेक्टर बी.डी. शर्मा शामिल हैं। इसी बीच दिल्ली से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को समाचार मिला है कि इनमें से प्रशांत भूषण और श्री कुंजाम ने मध्यस्थता करने से इंकार कर दिया है। हांलाकि श्री भूषण ने सरकार से माओवादियों द्वारा उठाए गए मुद्दे हल करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दमा रोग से पीड़ित कलेक्टर श्री मेनन के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उन्होंने श्री मेनन तक दवा पहुंचाने के लिए अखिल भारतीय आदिवासी महासभा के अध्यक्ष मनीष कुंजम से टेलीफोन पर बातचीत की है।
गौरतलब है कि मीडिया को भेजे अपने ई-मेल संदेश में माओवादियों ने श्री मेनन की खराब तबीयत का हवाला देते हुए उनके लिए दवाई उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसी बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्री मेनन के लिए आवश्यक दवाईयां मनीष कुंजाम के माध्यम से भेज दी गई हैं। उधर,अपने पति के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित श्रीमती आशा पॉल मेनन ने सुकमा में एक स्थानीय टी.वी. चैनल से बातचीत में बताया कि उन्होंने श्री कुंजाम को श्री मेनन की दवाईयां और कपड़े आदि दे दिए हैं।
इससे पहले रायपुर में इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी राजनीतिक दलों ने सुकमा के कलेक्टर एलेक्स पॉल मेनन की रिहाई के लिए सर्वसम्मति से सर्वदलीय अपील जारी की है। अपील में अन्य बातों के अलावा कहा गया है कि श्री एलेक्स पॉल मेनन जैसे युवा अधिकारी कठिन परिस्थितियों में ग्रामीण-आदिवासी समाज की बेहतरी के लिए सतत् कार्य कर रहे हैं।
उधर, केन्द्रीय कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री डॉक्टर चरणदास महंत ने इस संबंध में केन्द्रीय गृहमंत्री श्री पी. चिदंबरम से आज नई दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने केन्द्रीय गृहमंत्री को सुकमा जिले के कलेक्टर श्री मेनन की सकुशल रिहाई की मांग करते हुए राज्य सरकार को हर स्तर पर सहयोग दिए जाने का अनुरोध किया है।

अग्नि 5 के जवाब में हत्फ 4


अग्नि 5 के जवाब में हत्फ 4

रावलपिंडी (साई)। लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाईलों के मामले में अब पाकिस्तान द्वारा भारत की बराबरी करने का प्रयास किया जा रहा है। भारत द्वारा आधी दुनिया को अपने हमले के दायरे में लाने की क्षमता रखने वाली पहली अंतर- महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल(आईसीबीएम) अग्नि-5 का परीक्षण किए जाने से तिल तिलमिलाए पाकिस्तान ने बुधवार को लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल हत्फ-चार (शाहीन एक अल्फा) का सफल परीक्षण किया।
जियो न्यूज ने इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर)के हवाले से बताया कि इस मिसाइल का परीक्षण हिंद महासागर में किया गया। आईएसपीआर ने बताया कि वैज्ञानिकों ने इस मिसाइल का दायरा बढ़ाया है और इसमें कई अन्य तकनीकी सुधार भी किए हैं।
हत्फ- चार 700 किलोमीटर से अधिक के दायरे में प्रहार करने की क्षमता रखती है और यह  भारत स्थित ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम है। यह मिसाइल अपने साथ लगभग 700 किलोग्राम वजनी परमाणु मुखास्त्र जाने में सक्षम है।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्नी युसूफ रजा गिलानी ने मिसाइल के सफल परीक्षण पर वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
गौरतलब है कि भारत ने गत 11 अप्रैल को अग्नि-पांच मिसाइल का परीक्षण किया था। इसके साथ ही भारत आईसीबीएम से लैस देशों के चुनींदा क्लब में शामिल हो गया।  इससे पहले केवल अमेरिका, रूस,फ्रांस और चीन के ही पास आईसीबीएम क्षमता मौजूद है।
भारत द्वारा अग्नि-पांच का परीक्षण  किए जाने के महज चार दिन बाद कल पाकिस्तान ने तेज गति से हमला करने वाले मिसाइल से लैस पहला युद्ध पोत-पीएनएस अजमत कल अपनी नौसेना में शामिल किया। गौरतलब है कि कल ही पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि वह अगले पांच दिनों में एक मिसाइल का परीक्षण करेगा।