बुधवार, 25 अप्रैल 2012

सोशल मीडिया की मश्कें कसेंगे गहलोत


सोशल मीडिया की मश्कें कसेंगे गहलोत
(शैलेन्द्र कुमार)
जयपुर (साई)। सरकारी मीडिया को अब निजी क्षेत्र की मीडिया से मुकाबला करने के लिए तैयार किया जा रहा है। आपको भरोसा नहीं हो तो पीआईबी के उन अधिकारियों से मिलें, जो मंगलवार को ही दिल्ली से पीआईबी का एक विशेष प्रशिक्षण लेकर लौटे हैं। देश भर से बुलाए गए पीआईबी के अधिकारियों को नए जमाने के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रशिक्षण दिया गया और सिंघवी की सीडी के कुछ चुनिंदा हिस्से, जो आपत्तिजनक नहीं थे, दिखाकर बताया गया कि आज प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से भी ज्यादा ताकतवर सोशल मीडिया है।
अधिकारियों ने एक अनौपचारिक बातचीत में माना कि दिल्ली के आईआईएमसी कैंपस में हुए प्रशिक्षण के दौरान उन्हें यू ट्यूब, ट्विटर और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल साइट्स के बारे में बताया गया था। इसमें प्रशिक्षकों ने समझाया कि आज सोशल मीडिया की जबरदस्त वैल्यू है। सरकारी प्रचार अधिकारी उस समय अवाक रह गए जब एक निजी टीवी चौनल से आए प्रशिक्षणकर्त्ता ने विवादित सीडी की एजुकेशनल वैल्यू समझाई। उनका कहना था कि सरकारी अधिकारियों को भी अब सोशल साइट्स का फायदा उठाना चाहिए।

ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में बच्चों में भारी उत्साह


ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में बच्चों में भारी उत्साह
(नन्द किशोर)
भोपाल (साई)। राजधानी के टी.टी. नगर स्टेडियम में लगाये जा रहे विशेष ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन एक अप्रैल से 30 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले बच्चों में भारी उत्साह नजर आ रहा है। इसमें 1500 से अधिक बच्चे विभिन्न खेलों तथा गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा पूरे प्रदेश में एक मई से 30 मई तक ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा। शिविर में एक लाख से अधिक बच्चों को प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तथा सायं 5 बजे से 7 बजे तक बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में बॉक्सिंग, वूशू, बेडमिंटन, कुश्ती, मल्टी जिम, टेबल-टेनिस, स्केटिंग, खो-खो, व्हालीबॉल, कबड्डी, लॉन-टेनिस, मलखम्ब, एथलेटिक्स, जिमनास्टिक, फुटबाल, जूडो, बॉस्केटबॉल, ताईक्वांडो, शूटिंग, क्रिकेट, फेंसिंग, कराते, हॉकी खेलों के साथ-साथ पहली बार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिये एनीमेशन, संगीत, डांस, व्यक्तित्व विकास, पेंटिंग, कार्टूनिंग, स्केचिंग, रॉक बैण्ड, सुलेख आदि गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
विशेष ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में खो-खो, कबड्डी तथा मलखम्ब खेल का विकलांग तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नन्हे खिलाड़ी प्रतिदिन सायं 5 बजे एथलेटिक ट्रेक पर एयरोबिक की धुनों पर शारीरिक व्यायाम के पाठ पढ़ रहे हैं। शिविर के प्रति नन्हें खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। नन्हें खिलाड़ी एयरोबिक क्लास खत्म करके जब अपने-अपने खेल मैदानों पर पहुँचते हैं तो पूरे जोश के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते देखे जा रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शिविर के लिये 55 प्रशिक्षकों की विशेष व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को प्रतिदिन प्रातः तथा सायंकाल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रतिनियुक्ति से लौटे मनु श्रीवासतव

प्रतिनियुक्ति से लौटे मनु श्रीवासतव
(दीप्ति)
भोपाल (साई)। राज्य सरकार ने भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति से लौटने पर श्री मनु श्रीवास्तव, भाप्रसे (1991) की सेवाएँ प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के पद पर नियुक्ति के लिए ऊर्जा विभाग को सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने आज यह आदेश जारी किया।

बुजुर्गों को शिवराज का सरप्रराईज तोहफा


बुजुर्गों को शिवराज का सरप्रराईज तोहफा
(अनुश्री कत्याल)
भोपाल (साई)। ‘उम्र के अंतिम पड़ाव पर तीर्थ-यात्रा की तमन्ना सरकार की मदद से पूरी होगी यह मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। सच कहूँ तो यह योजना नहीं सरकार का बुजुर्गों को ‘सरप्राइज गिफ्ट’ है। मैं ही नहीं प्रदेश के न जाने कितने बुजुर्ग हैं जो मुख्यमंत्री को तहेदिल से दुआएँ दे रहे हैं।’ कहना है इंदौर के सुदामा नगर निवासी 65 वर्षीय श्री ओमप्रकाश फरकिया का। श्री फरकिया ने गत दिनों न केवल भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर वरिष्ठजन पंचायत में भाग लिया, बल्कि वे अब इस तीर्थ-यात्रा योजना का लाभ भी उठाना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी माह की शुरूआत में भोपाल में वरिष्ठजन पंचायत में घोषणा की थी कि प्रदेश के 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठजन की तीर्थ-यात्रा में सरकार आर्थिक मदद करेगी। साथ ही 65 वर्ष से अधिक के वरिष्ठजन के साथ शासकीय व्यय पर एक सहायक भी तीर्थ-यात्रा पर जा सकेगा। राज्य शासन ने धर्मस्व विभाग को इसकी नोडल एजेंसी बनाया है। प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक सरकारी खर्च पर बद्रीनाथ, केदारनाथ, जगन्नाथ धाम, द्वारिका, हरिद्वार, अमरनाथ, वैष्णो देवी, काशी, तिरुपति, अजमेर शरीफ, गया, रामेश्वरम, अमृतसर और सम्मेद शिखर जा सकेंगे।
वृद्धजन में इस घोषणा से हर्ष का माहौल है। ढलती उम्र में ज्यादातर लोगों की ख्वाहिश तीर्थ-यात्रा करने की होती तो है, परंतु आर्थिक अभाव और अन्य वजहों से यह इच्छा अधिकांशतः पूरी नहीं हो पाती। ऐसे में सरकार का यह कदम अत्यंत सराहनीय बन गया है। कहते भी हैं कि वृद्धों की सेवा करने से तो आयु, विद्या, यश और बल में वृद्धि ही होती है।

एचपीसीएल लगाएगा बाड़मेर में रिफाईनरी


एचपीसीएल लगाएगा बाड़मेर में रिफाईनरी
(प्रदीप आर्य)
जयपुर (साई)। बाड़मेर जिले में रिफाइनरी लगाने के लिए हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कॉर्पोरेशन आगे आया है। ओ.एन.जी.सी. ने भी एच.पी.सी.एल. के साथ मिलकर रिफाइनरी लगाने के संकेत दिये हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नई कम्पनी में शेयर भागीदारी पर फैसला होने के साथ ही रिफाइनरी की घोषणा हो सकती है।
इसको लेकर एक टीम ने कल बाडमेर के संभावित स्थानों का दौरा किया। बाडमेर में हाइड्रोकार्बन गतिविधियों के लिए 5600 बीघा जमीन अवाप्त करने का फैसला किया गया है। इसकी प्रक्रिया जल्दी ही शुरू की जायेगी। प्रमुख पेट्रोलियम सचिव सुधांश पंत ने बताया कि रिफाइनरी की दिशा में राज्य सरकार ने पिछले दिनों एच.पी.वी. बनाने और भूमि अवाप्ति जैसे महत्वपूर्ण फैसले किये हैं।