मंगलवार, 19 जून 2012

घाटमपुर में 12 साल की बच्ची की हत्या


घाटमपुर में 12 साल की बच्ची की हत्या

(प्रतीक कुमार)

कानपुर (साई)। उत्तर प्रदेश के कानपुर के घाटमपुर में 12 साल की लड़की का चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई और उसके बाद उसका शव मिट्टी में दबा दिया गया। आशंका है कि हत्या से पहले लड़की के साथ कथित रूप से बलात्कार किया गया। इस सिलसिले में गांव के लोगों ने शक के आधार पर एक युवक को पुलिस को सौंपा है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घाटमपुर निवासी 12 साल की लड़की रविवार रात अपने घर से बाहर शौच करने खेतों पर गई थी। लेकिन देर रात तक वापस न लौटने पर उसके घरवाले परेशान हो गए और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की तो उसका शव गांव के बाहर एक तालाब के पास मिट्टी में दबा मिला।
उन्होंने बताया कि लड़की का चेहरा कुचला हुआ था और उसके कपड़े फटे हुए थे और घटनास्थल के आसपास काफी खून बिखरा हुआ था। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि लड़की के साथ बलात्कार किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। लड़की की मां ने गांव के ही एक युवक पर शक जताया तो गांववालों ने उसकी जबरदस्त पिटाई की और उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि लड़की के साथ बलात्कार हुआ है या नहीं इसका पता पोस्टमॉर्टम के बाद ही लगेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अज्ञात बीमारी से मरने वाले बच्चों की तादाद बढ़कर दो सौ हुई


अज्ञात बीमारी से मरने वाले बच्चों की तादाद बढ़कर दो सौ हुई

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। बिहार के अलग-अलग जिलों में मई महीने से फैली मस्तिष्क ज्वर की बीमारी के कारण मरने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव आर.पी. ओझा ने संवाददाताओं से कहा कि दिमागी बुखार के कारण मरने वाले बच्चों की संख्या सोमवार को बढ़कर 200 हो गई। मई महीने से अबतक दिमागी बुखार के 511 मरीज राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में आए।
उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर के केजरीवाल चौरिटेबल अस्पताल और एसकेएमसीएच में दिमागी बुखार के 357 मरीज आए, जिनमें से 137 की मौत हो गई। पटना के पीएमसीएच और एनएमसीएच में 129 मामले आए, जिसमें से 47 बच्चों की मौत हो गई। ओझा ने बताया कि गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 20 मामले आए जिनमें 11 बच्चों की मौत हो गई जबकि वैशाली जिले में अलग-अलग अस्पतालों में अब तक पांच बच्चों की जानें जा चुकी हैं।
राज्य सरकार ने मुजफ्फरपुर, पटना, गया, सारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, नालंदा, नवादा, भोजपुर और वैशाली जिले को मस्तिष्क ज्वर से प्रभावित घोषित किया है। यहां सरकारी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

मिशन 2013 की तैयारी, दूध में दिखेंगे शिवराज


मिशन 2013 की तैयारी, दूध में दिखेंगे शिवराज

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। मध्य प्रदेश में मिशन 2013 की तैयारियां आरंभ हो गईं हैं। सादगी की प्रतिमूर्ति समझे जाने वाले शिवराज सिंह चौहान की छवि को भाजपा ने अब कैश कराने का मन बना लिया है। आने वाले दिनों में सांची दूध के पैकेट पर शिवराज की फोटो होगी जो घर घर तक पहुंचाई जाएगी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब दूध के जरिए घर-घर तक पहुंचेंगे। ऐसा मध्य प्रदेश दुग्ध महासंघ द्वारा चौहान को श्सांचीश् का ब्रैंड ऐंबैसडर बनाने का प्रस्ताव पारित किए जाने से संभव होता नजर आ रहा है। मध्य प्रदेश दुग्ध महासंघ द्वारा सांची नाम से दुग्ध उत्पादकों का उत्पादन किया जाता है।
इसमें दूध, दही, मट्ठा, घी, श्रीखंड, लस्सी, पेड़ा आदि प्रमुख है। दुग्ध महासंघ के सांची ब्रैंड के नाम से आने वाले उत्पादों की बाजार में विशिष्ट पहचान है। इतना ही नहीं इन उत्पादों की मांग भी लगातार बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक में मुख्यमंत्री चौहान को ब्रैंड ऐंबैसडर बनाने का प्रस्ताव लाया गया, जिसे महासंघ ने अपनी मंजूरी दे दी।
महासंघ के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस प्रस्ताव पर अब मुख्यमंत्री की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद सांची के सभी दुग्ध उत्पादों पर मुख्यमंत्री चौहान की तस्वीर नजर आने लगेगी। सूत्र कहते हैं कि मुख्यमंत्री चौहान के प्रयासों के चलते राज्य में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।
अब मध्य प्रदेश की गिनती देश के बड़े दुग्ध उत्पादकों में होने लगी है। राज्य में जहां पहले सिर्फ सात प्रतिशत दुग्ध उत्पादक ही समितियों से जुडे़ थे, अब उनकी हिस्सेदारी बढ़कर 12 प्रतिशत हो गई। बीते तीन सालों में मुख्यमंत्री द्वारा दुग्ध उत्पादकों को दी गई सहूलियतों से समितियों का दायरा पांच फीसदी बढ़ा है, अब इसे 30 प्रतिशत तक ले जाने का है। यह आदर्श स्थिति होगी।

प्रेमी युगल रेलगाडी से कटे


प्रेमी युगल रेलगाडी से कटे

(शैलेन्द्र)

जयपुर (साई)। बीकानेर जिले के लूणकरनसर पुलिस थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े ने सोमवार को ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। लूणकरनसर पुलिस के अनुसार, मदनलाल (25) और बुद्दा देवी उर्फ बुदली देवी (23) में पिछले दो-तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन बुदली के विवाहित होने के कारण और एक साथ न रह पाने से हताश दोनों ने लूणकरनसर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, जयपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर जयपुर-आगरा नैशनल हाइवे पर बस्सी थाना इलाके के हुरेल गांव में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की को उसका मुहबोला चाचा राम रतन मीणा 08 जून को बहला-फुसला कर खेत में ले गया और उसके साथ रेप किया।
अभियुक्त के साथी बाबू लाल मीणा ने भी लड़की को हवस का शिकार बनाया। पीड़िता द्वारा पिता को इस बारे में जानकारी दिए जाने पर रविवार को मामला दर्ज करवाया गया। उन्होंने बताया कि राम रतन मीणा के खिलाफ अपहरण और रेप जबकि बाबू लाल मीणा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों फरार अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।

निवेशक सम्मेलन का आयोजन


निवेशक सम्मेलन का आयोजन

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की नई राजधानी नया रायपुर में इस साल राज्योत्सव के दौरान निवेशक सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस साल राज्योत्सव को नया रायपुर परियोजना क्षेत्र से भी जोड़ा जाएगा।
इस साल राज्य स्थापना की 12वीं वर्षगांठ के मौके पर नया रायपुर परियोजना क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के निवेशक सम्मेलन श्इन्वेस्टर्स मीट- 2012श् के आयोजन का निर्णय लिया गया है। सम्मेलन का आयोजन नया रायपुर के छत्तीसगढ़ ट्रेड सेंटर में किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में राज्योत्सव का आयोजन इस साल 01 नवम्बर से 07 नवम्बर तक प्रस्तावित है। इस अवधि में 02 और 03 नवम्बर को नया रायपुर में इन्वेस्टर्स मीट- 2012 का आयोजन किया जाएगा।