बुधवार, 4 जुलाई 2012

मेनिंगोकाकल मेनिंजाईटिस से मरने वालों का आंकड़ा ढाई सौ पार


मेनिंगोकाकल मेनिंजाईटिस से मरने वालों का आंकड़ा ढाई सौ पार

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। गर्मी और बारिश की आंखमिचौली के बीच बिहार में मेनिंगोकाकल मैनिंजाईटिस यानी मस्तिष्क ज्वर का कहर जारी है। बिहार में गर्मी की तपिश जारी रहने के कारण मस्तिष्क ज्वर से बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है और मई से अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के मृतक बच्चों की संख्या बढकर 251 हो गयी।
स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव आरपी ओझा ने आज संवाददाताओं से कहा, ‘मस्तिष्क ज्वर के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों के मृतक बच्चों की संख्या बढकर 251 हो गयी है। राज्य में दिमागी बुखार के अब तक 662 मामले सामने आये हैं।’ पटना मेडिकल कालेज अस्पताल और नालंदा मेडिकल कालेज अस्पताल, मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेमोरियल कालेज एवं अस्पताल तथा केजरीवाल चौरिटेबल अस्पताल और गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज अस्पताल में राज्य के सबसे अधिक मरीज आये हैं।
उन्होंने बताया कि पटना में मस्तिष्क ज्वर के 178 मामले आये, जिसमें से 63 की मौत हो गयी। मुजफ्फरपुर में 455 मामले आये, जिसमें से 172 बच्चों की मौत हो गयी। गया में मस्तिष्क ज्वर के 22 मामलों में 11 बच्चों की मस्तिष्क ज्वर के कारण मौत हो गयी, जबकि वैशाली में पांच बच्चों की जान गयी। चिकित्सकों ने अनुमान लगाया था कि गर्मी कम होने से मामलों की संख्या में कमी आयेगी, लेकिन बारिश नहीं होने के कारण राज्य में तपिश में कमी नहीं आयी है। मृतक बच्चों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

15 अधिकारियों को प्रवर श्रेणी वेतनमान

15 अधिकारियों को प्रवर श्रेणी वेतनमान

(संतोष पारदसानी)

भोपाल (साई)। राज्य शासन द्वारा श्री एस.के. खरे अवर सचिव, मुख्य सचिव कार्यालय, श्री अनिल तिवारी संयुक्त कलेक्टर रायसेन, श्री राधेश्याम अगस्थी संयुक्त कलेक्टर बुरहानपुर, श्री प्रमोद कुमार श्रीवास्तव संयुक्त कलेक्टर श्योपुर, श्री चन्द्रशेखर वालिम्बे संयुक्त कलेक्टर छतरपुर, श्री शीलेन्द्र सिंह संयुक्त कलेक्टर इंदौर, श्री संजीव श्रीवास्तव अवर सचिव मंत्रालय, श्री रवीन्द्र कुमार चौधरी संयुक्त कलेक्टर गुना, श्री संजय कुमार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायसेन, श्री मनोज पुष्प अपर आयुक्त नगर निगम इंदौर, श्री उमाशंकर भार्गव संयुक्त कलेक्टर भोपाल, श्री गौतम सिंह संयुक्त कलेक्टर इंदौर, श्रीमती प्रीति जैन प्राचार्य राज्य-स्तरीय प्रशिक्षण शाला इंदौर, श्रीमती उषा परमार अवर सचिव मंत्रालय और श्री हरिसिंह मीणा संयुक्त कलेक्टर बड़वानी को राज्य प्रशासनिक सेवा के प्रवर श्रेणी वेतनमान स्वीकृत किये गये हैं।

अतिक्रमण पर रोक लगाने म्युनिसिपल मजिस्ट्रेट नियमित भ्रमण करें


अतिक्रमण पर रोक लगाने म्युनिसिपल मजिस्ट्रेट नियमित भ्रमण करें

(दीप्ती श्रीवास्तव)

भोपाल (साई)। अतिक्रमणों पर रोक लगाने प्रदेश के बड़े शहरों में म्युनिसिपल मजिस्ट्रेट का नियमित भ्रमण आवश्यक है। भानपुर से आदमपुर में खंती स्थानांतरण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने यह निर्देश आज यहाँ नगर की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों को दिए। बैठक में महापौर श्रीमती कृष्णा गौर, नगरीय प्रशासन एवं विकास के प्रमुख सचिव श्री एस.पी.एस. परिहार, आयुक्त श्री संजय शुक्ला के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री श्री गौर ने निर्देशित किया कि बी.आर.टी.एस. कॉरीडोर में प्रस्तावित आर.ओ.बी. एवं फ्लाई ओवर के निर्माण में गति लाई जाए। दुर्गानगर झुग्गी बस्ती के पात्र लोगों को आवासों का आवंटन किया जाए। उन्होंने न्यू मार्केट का नया जोनल प्लॉन तैयार करने, वन विहार के समीप से फायरिंग रेंज का स्थानांतरण अन्यत्र करने और नर्मदा पेयजल योजना की बकाया राशि का भुगतान संबंधित निर्माण एजेंसी को करने के निर्देश भी दिए। श्री गौर ने कहा कि शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम, भोपाल द्वारा किए जाने वाले स्पॉट-फाइन की कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।
बैठक में जानकारी दी गयी कि आदमपुर छावनी में खंती के स्थानांतरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि का आवंटन कर दिया गया है। इस क्षेत्र से विस्थापित होने वाले परिवारों को भू-खण्ड के अलावा आवश्यक सुविधाएँ नगर निगम उपलब्ध करवाएगा। मोबाइल टॉवर लगाने के नियम शासन तैयार कर रहा है।

शाटगन बीमार: अस्पताल में भर्ती


शाटगन बीमार: अस्पताल में भर्ती

(अतुल खरे)

मुंबई (साई)। बॉलीवुड अभिनेता और पटना साहिब (बिहार) से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। 66 साल के सिन्हा को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। तब उन्घ्हें यहां कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉ. राम नारायण ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सांसद सिन्हा को सोमवार दोपहर में भर्ती किया गया है। उनके घर में पुताई हो रही थी, जिससे उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। अब उनकी तबीयत ठीक है। लेकिन सिन्हा को सोमवार को अस्घ्पताल से छुट्टी नहीं मिली। डॉ. नारायण के मुताबिक इस बारे में मंगलवार को फैसला लिया जाएगा।
वरिष्ठ फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा को सांस लेने में तकलीफ के बाद सोमवार को दोपहर बाद यहां के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। अस्पताल के सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि उनका समुचित उपचार शुरू कर दिया है और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
उनकी हालत अब स्थिर है, वह रातभर यहां रहेंगे। चिकित्सक हालांकि यह नहीं बता पाए कि सिन्हा को अस्पताल से कब छुट्टी दी जाएगी। शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा और उनके दोनों बेटे लव और कुश अस्पताल में उनके साथ हैं। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के 66 वर्षीय पिता शत्रुघ्न 1970 के दशक से ही भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े हुए हैं।

मंगलवार, 3 जुलाई 2012

कैथोलिक स्कूल गरीब बच्चों को पढ़ाएंगे


कैथोलिक स्कूल गरीब बच्चों को पढ़ाएंगे

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के संबंध में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कैथोलिक स्कूल, वर्तमान शिक्षण सत्र 2012-13 में गरीब बच्चों को पढ़ाएंगे। आर्च बिशप डॉ. लियो कार्नेलियो ने यह बात कही। वे सेवा सदन में आयोजित कैथोलिक महाधर्म प्रांत अल्प संख्यक शैक्षणिक संस्थाओं के प्रमुखों को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में भोपाल, सीहोर, हरदा, होशंगाबाद आदि जिलों में स्थित कैथोलिक स्कूलों के प्राचार्य मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक में आरटीई के संबंध में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले की विस्तार से व्याख्या की गई। बैठक में बताया गया कि विभिन्न मिशनरी स्कूलों के हेडमास्टरों ने पिछले दिनों स्कूल शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस से मुलाकात कर अल्प संख्यक शैक्षिक संस्थाओं को कानून से बाहर रहने की जानकारी दी थी।
दल ने इस विषय में भारत सरकार के उस प्रमाण-पत्र के विषय में स्कूल शिक्षा मंत्री को बताया था जिसे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने जारी किया है। इस पर श्रीमती चिटनीस ने हेडमास्टरों को बताया था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी। इसलिए मिशनरी से संबंधित संस्थाएं ऐसे प्रमाण-पत्र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों (डीईओ) में जमा कर दें।

अजब है प्रभु तेरी माया: कहीं धूप कहीं छाया


अजब है प्रभु तेरी माया: कहीं धूप कहीं छाया

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। मानसून की आमद के बाद भी कहीं तेज धूप, कहीं बाढ़ का तांडव तो कहीं मौसम में उमस लोगों को हलाकन किए हुए है। एक ओर जहां देश के अधिकतर राज्यों में लोग पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं वहीं मॉन सून की पहली बारिश से ही मुंबई को पानी-पानी कर दिया है।
मुंबई से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो कार्यालय से तृप्ती जैन ने बताया कि सोमवार को यहां एक ही घंटे में 34 मिमी बारिश हुई। हालांकि शहर में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है लेकिन मौसम विभाग ने यहां आज दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर हाई टाइड आने की चेतावनी दी है। विभाग ने आज भी भारी बारिश की उम्मीद जताई है।
मुम्बई में कल भारी वर्षा के साथ मॉनसून ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बारिश की वजह से यातायात बाधित हुआ और शहर की चार मुख्य बिजली आपूर्ति लाइनें कुछ समय के लिए ठप्प पड़ गई। मुम्बई के उपनगरीय इलाके अंधेरी में शॉर्ट सर्किट के कारण दो बच्चों की मृत्यु हो गई।हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और पानी जमा हो गया।
वैसे मुंबई में कल रात हुई तेज वर्षा से मुंबईकरों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं तेज वर्षा के कारण कल रात मुंबई शहर की बिजली सेवाओं में कुछ समय के लिए बाधा आई इसके चलते मुंबई के सेंट्रल रेलवे की लोकल गाड़ियां १५ से २० मिनटों की देरी से चल रही थी। मौसम विभाग ने अगले २४ घंटों में मुंबई और उपनगरी इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है।
देश के उत्तरी हिस्से के कई राज्यों में बारिश नहीं होने से बुरा हाल है। राजधानी दिल्ली में गर्मी ने 32 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस साल दिल्ली में मई-जून में औसत अधिकतम तापमान 41.57 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह 1980 के बाद का सबसे अधिक औसत तापमान है।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य इलाकों में बुधवार या गुरुवार को मानसूनी बौछारें पड़ने का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। गौरतलब है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो चुका है।
हालांकि मौसम विभाग दिल्ली में मॉनसून पहुंचने की वास्तिवक तारीख का ऐलान नहीं कर रहा है। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि यदि जुलाई और अगस्त में बारिश होती भी है तो इससे जून में बारिश की कमी से हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकेगी। खेतों में सब्जियां सूख रही हैं। धान की बुवाई पर असर पड़ रहा है।
सफदरजंग स्थित वेदर स्टेशन के आकंड़ों के मुताबिक मई और जून के 61 दिनों में 49 दिन ऐसे रहे, जब पारा 40 के ऊपर चढ़ा रहा। आंकड़े बताते हैं कि पिछले 33 साल में यह नौवीं बार है, जब मई और जून का औसत तापमान 40 के ऊपर गया है। 1995 दूसरा ऐसा साल था जब गर्मी ने ऐसा रुलाया था। तब औसत तापमान 41.25 रहा था। बाकी के सात सालों के दौरान औसत तापमान 40 से 40.97 के बीच रहा।
उधर, मौसम विभाग ने उम्मीद जगाई है। विभाग का कहना है कि बारिश की फुहारों का इंतजार ज्यादा लंबा नहीं खिंचेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे में प्री-मॉनसून बौछारों का सिलसिला शुरू हो जाएगा और 72 घंटों में मॉनसून एक्सप्रेस दिल्ली में दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों के अंदर प्री-मॉनसून बौछारें पड़ने लगेंगी।
4-5 जुलाई तक मॉनसून यहां आ सकता है। बुधवार से सावन की शुरुआत हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान सही रहा तो सावन के पहले दिन मॉनसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। सूत्रों का कहना है कि अब तक बारिश कम रहने से परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आने वाले समय में इसकी कमी पूरी हो जाएगी। पिछले साल की तरह इस बार भी दिल्ली में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
अगले दो-तीन दिनों में तापमान में भी भारी गिरावट आएगी। इसका सिलसिला सोमवार से शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों में ही तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि, उमस बढ़ने से राहत का एहसास नहीं हुआ।
उधर, देश के हृदय प्रदेश की राजधानी भोपाल से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से नंद किशोर ने खबर दी है कि मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय न होने के बावजूद राजधानी भोपाल में तेज हवाओं के बीच जोरदार बारिश हुई. तेज हवाओं के चलते दर्जनों पेड़ उखड़ गए और बिजली व्यवस्था चौपट हो गई. आधे से ज्यादा भोपाल अंधेरे में डूबा है।
राजधानी भोपाल में सोमवार की शाम को आसमान काले घनघोर बादलों से ढक गया और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। एक घंटे से ज्यादा बारिश और हवाओं ने राजधानीवासियों को मुसीबत में डाल दिया। सड़कों पर आए पानी ने जहां आवागमन को बाधित किया वहीं पेड़ की चपेट में आए बिजली के खम्भे और तार टूट कर गिर गए। लगभग आधा भोपाल अंधेरे में है और बिजली व्यवस्था को दुरस्त करने के लिए प्रयास जारी है।
तेज हवाओं ने पेड़ों को गिराया ही नहीं साथ ही उन कच्चे मकानों की छतों को उड़ा ले गई, जिनमें गरीब परिवार रहते हैं। झुग्गी-बस्तियों के मकान पूरी तरह तहस-नहस हो गए।