शुक्रवार, 19 जुलाई 2013

झाबुआ पावर के कर्मियों की रासलीला का अड्डा बना घंसौर!

झाबुआ पावर के कर्मियों की रासलीला का अड्डा बना घंसौर!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य घंसौर क्षेत्र में लग रहे देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के कर्मचारियों की रासलीला का अड्डा बन गया है घंसौर क्षेत्र। अप्रेल माह में झाबुआ पावर के एक कर्मचारी द्वारा चार साल की अबोध के साथ किए गए दुराचार के बाद अब वहां के एक अन्य कर्मी पर आठवीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चरी की आठ वर्षीय छात्रा अपने पिता के साथ चरी से ग्राम गोरखपुर खाता खुलवाने जा रही थी। रास्ते में वह अपने पिता से लगभग तीस चालीस मीटर पीछे छूट गई। इसी बीच चरी और बरेला के बीच आरोपी ने छात्रा को अकेला समझकर कंकड़ मारा। जिससे छात्रा पीछे पलटी तो आरोपी ने अपना पैंट खोलकर नग्न हो गया।
बताया जाता है कि यह देखकर बदहवास छात्रा जोर से चीखी, जिससे आगे चल रहे उसके पिता तत्काल दौड़े और आरोपी को अश्लील हरकत करते देख उसकी धुनाई कर दी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने भी आरोपी पर हाथ साफ कर लिए। घटना आज सुबह नौ बजे की बताई जा रही है।
इस संबंध में संयंत्र प्रबंधन से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया किन्तु सिवनी में लगने वाले इस पावर प्लांट का एक भी कार्यालय जिला मुख्यालय में ना होने और संयंत्र के फोन सदा की ही भांति आउट ऑफ आर्डर तथा नो रिप्लाई होने से संयंत्र प्रबंधन का पक्ष नहीं जाना जा सका है।
गौरतलब होगा कि 29 मई को संपन्न जिला सतर्कता एवं मानीटरिंग कमेटी की एक बैठक में जिला कलेक्टर भरत यादव ने कहा था कि मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के समस्त कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन करवा लिया गया है। पर घंसौर थाने के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि आरोपी कर्मचारी का संभवतः चरित्र सत्यापन नहीं किया गया था।
बहरहाल, घंसौर पुलिस भी मौके पर पहुंची, हालांकि जब इस संबंध में जानकारी लेने घंसौर थानेदार सीके तिवारी को फोन लगाया गया तो उन्होंने आधा घंटे में जानकारी देने की बात कही, परंतु जब आधा घंटा बाद उन्हें फोन लगाया गया तो उनका फोन लगातार ही बंद रहा, ऐसे में घटना की आधिकारिक तौर पर संपूर्ण जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है कि घटना से आक्रोशित ग्रामीण, झाबुआ पावर प्लांट को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने के मूड में है, वहीं जानकारी मिली है कि सिवनी से पुलिस बल घंसौर के लिए रवाना हुआ, वहीं घंसौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोग सवालिया निशान लगाते हुए यह कह रहे हैं कि घंसौर पुलिस, कंपनी में काम कर रहे लोगों के लिए कुछ ज्यादा ही मेहरबान है। कुछ लोगों का कहना है कि घंसौर में विभिन्न कंपनियों में काम करने आये कर्मचारियों की मुसाफिरी तक दर्ज नहीं है, बावजूद इसके घंसौर पुलिस सक्रिय होने का नाम नहीं ले रही है। 

डॉ.सोनी की नाक के नीचे बिक रहा खून

डॉ.सोनी की नाक के नीचे बिक रहा खून

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। जिला चिकित्सालय में खून का धंधा जमकर हो रहा है। अस्पताल में खून की आवश्यक्ता पड़ने पर मरीजों से अतिरिक्त चढ़ोत्री मांगने की खबरें जमकर हैं। वहीं बाहर के अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को खून बेचे जाने की बात भी प्रकाश में आ रही है।
कहा जा रहा है कि जबसे जिला चिकित्साय में सिविल सर्जन का प्रभार डॉ.सत्य नारायण सोनी के पास आया है तबसे जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं पटरी से उतर चुकी हैं। आलम यह है कि अदने से कर्मचारी भी डॉ.सोनी की परवाह किए बिना ही उन्हे आंख दिखाते फिर रहे हैं।
बताया जाता है कि गत दिवस एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज को खून की आवश्यक्ता हुई तो उसके परिजनों ने जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक के दरवाजे खटखटाए। अति गरीब उक्त मरीज के परिजनों ने अपना रक्त जिला चिकित्सालय में निकलवाया तो वहां उपस्थित कर्मचारी द्वारा एक हजार रूपए की मांग की गई। परिजनों द्वारा इस पर आपत्ति करने पर वहां तैनात कर्मचारी ने बात बढ़ती देख रेड क्रास सोसायटी के नियमों का हवाला दे मारा।
इसी तरह का एक अन्य वाक्या एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ देखने को मिला। वहां भर्ती गायत्री बाई को रक्त की आवश्यक्ता पड़ी। उक्त मरीज को ब्लड बैंक से दो यूनिट ब्लड महज एक हजार रूपए की रसीद लेकर ही प्रदाय कर दिया गया। मध्य रात्रि ले जाए गए दो यूनिट खून में उपरी लेनदेन की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं।

कहा जा रहा है कि ब्लड बैंक में पदस्थ कर्मचारियों ने अपने दलाल छोड़ रखे हैं जो मरीज के परिजनों के सामने पहले रक्त का कृत्रिम संकट पैदा करते हैं, फिर उंची कीमतों पर रक्त मुहैया करवा देते हैं।

पीटो ताली, हो गए 9 लाख 40 हजार जमा!

पीटो ताली, हो गए 9 लाख 40 हजार जमा!

(लिमटी खरे)

जनपद पंचायत सिवनी में हुए गबन के नौ लाख चालीस हजार रूपए जमा करा दिए गए हैं। आधी आधी राशि मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे और लेखापाल बाल मुकुंद श्रीवास्तव द्वारा जमा करवा दी गई है। जब इसकी जांच पूरी होगी तब इसका खुलासा हो सकेगा कि गबन किसने किया था और राशि किसे जमा करना है। अगर आरोपी कोई और होगा तब संभवतः इन दोनों को राहत मिलेगी और इनकी जमा राशि भी वापस हो सकेगी।
सब ओर शांति है, सभी प्रसन्न हैं कि सरकारी धन में अमानत में खयानत की राशि वापस सरकार के खाते में आ गई है। कोई इस बात को ना देख और ना ही सोच रहा है कि आखिर दो सरकारी कर्मचारियों के पास आखिर एक नंबर में सफेद धन के बतौर चार लाख सत्तर हजार रूपए की राशि आई कहां से? क्या इनकी नौकरी में इन्होंने अपने आयकर रिर्टन्स में इतनी राशि का बचाया जाना दर्शाया है?
आज पैसा तो सबके पास है पर वह काला धन है। सरकार को आयकर जमा करने के बाद कितने लोग ऐसे हैं जो एक नंबर में लाखों रूपयों की राशि दर्शा सकते हैं? क्या एक सरकारी कर्मचारी के पास एक नंबर में दर्शाने के लिए लाखों रूपए हैं? जाहिर है इसका जवाब नकारात्मक ही होगा।
जेल के भय से दोनों ही सरकारी नुमाईंदों ने कथित गबन की नौ लाख चालीस हजार रूपए की राशि जमा करा दी है। राशि जमा हो चुकी है। अब इस बात की जांच भी आवश्यक है कि इतनी मात्रा में राशि आई कहां से? क्या इन्होंने अपनी जमा पूंजी से यह राशि जमा की है, या फिर किसी से उधार लेकर? और अगर राशि को उधार लिया गया है तो फिर क्या धनादेश (चेक) के माध्यम से लिया गया है? जिसने यह राशि दी है उसकी एक नंबर की आवक क्या है? उसकी जमा पूंजी कितनी है?
मामला अगर निजी तौर पर होता तो इसकी जांच की ज्यादा आवश्यकता शायद नहीं पड़ती, पर यह मामला दो सरकारी नुमाईंदों से जुड़ा हुआ हैै। माननीय न्यायालय के आदेश और जेल के भय से आनन फानन दोनों ही के द्वारा बड़ी मात्रा में राशि को सरकारी खजाने में जमा करवा दिया गया है। अगर इन्होंने किसी से राशि उधार लिया जाना दर्शाया है तो निश्चित तौर पर यह राशि चेक द्वारा ही ली गई होगी।
सरकारी नुमाईंदों के पास अकूत दौलत पाई जाने लगी है। प्रदेश में एक के बाद एक लोकायुक्त, आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्लू) आदि के छापों में सरकारी कर्मचारियों की तिजोरियां जमकर धन उगल रही हैं, इस लिहाज से इन सरकारी कर्मचारियों के पास लाखों रूपए होना कोई बड़ी बात नहीं है, पर विचारणीय प्रश्न यही है कि आखिर इनके पास लाखों रूपयों की राशि एक नंबर में आई तो आई कैसे?
2011 में एक चेक के गायब होने की सूचना बैंक को आखिर क्यों नहीं दी गई, यह वाकई शोध का ही विषय है। उस वक्त जनपद पंचायत सिवनी में सीईओ के पद पर सविता कांबले पदस्थ थीं। इसके बाद कंचन डोंगरे यहां तैनात हुंईं। आखिर सविता काम्बले के समय गायब हुए चेक पर सविता डोंगरे के हस्ताक्षर कैसे?
इस मामले में विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने अपने चिरपरिचित अंदाज में मौन साधा हुआ है। भ्रष्टाचार का यह अनूठा मामला प्रदेश सरकार को घेरने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है, पर पता नहीं कांग्रेस इस तरह के स्वर्णिम मौकों को भुनाने में परहेज क्यों करती है। लगता है हरवंश सिंह ठाकुर के अवसान के उपरांत कांग्रेस पूरी तरह दिग्भ्रमित होकर रह गई है।
जादूगर पी.सी.सरकार भी इस तरह का जादू शायद ना दिखा पाएं जिस तरह का जादू जनपद पंचायत सिवनी में दिखाया गया है। दोनों ही आरोपी गबन की नौ लाख चालीस हजार रूपए एवं निजी मुचलका जमा कर जेल से छूट गए हैं। अब यह भी देखना होगा कि ये दोनों मिलकर जांच को प्रभावित ना कर पाएं। वैसे आज के समय चारों ओर भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। कमोबेश हर सरकारी कर्मचारी अधिकारी इसमें आकण्ठ डूबा हुआ है। इन परिस्थितियों में बहुत पुरानी कहावत चरितार्थ हो रही कि जो पकड़ा गया वो चोर बाकी सब साहूकार!

साफ पानी की जवाबदेही किसकी?

साफ पानी की जवाबदेही किसकी?

(शरद खरे)

जिला चिकित्सालय में उल्टी दस्त, डायरिया, आंत्रशोध आदि के मरीजों की तादाद देखकर लग रहा है मानो बारिश में गंदा, बदबूदार, कीटाणुयुक्त पानी पीकर लोग नारकीय जीवन जीने पर मजबूर हैं। आज के समय में ब्रितानी हुकूमत के बर्बर दिनों की यादें ताजा हो रही हैं। परातंत्र काल में गोरे ब्रितानियों से जब पानी और बिजली की मांग की जाती थी, तो घोड़ों पर बैठे गोरे ब्रितानी हंटर फटकारते हुए साफ कहा करते थे कि पानी और बिजली देना उनकी जवाबदेही में शामिल नहीं है। पानी और बिजली की व्यवस्था नागरिकों को खुद ही अपने स्तर पर ही करना होगा।
आज गोरे अंग्रेजों के बजाए स्वदेशी सत्ता में हैं। हुकुमत कहने को तो जनता की ही है पर नजारा कुछ परातंत्र काल का ही नजर आ रहा है। आज चौबीसों घंटे बिजली का दावा अवश्य किया जा रहा है, पर बिजली मिल नहीं रही है। पिछले तीन चार माह से शहरवासी परेशान हैं। उनकी परेशानी का सबब बना हुआ है बिजली का बिल। आम शिकायत है कि लोगों के घरों में जबसे इलेक्ट्रानिक मीटर लगे हैं, तबसे उनके बिजली के बिलों में चार से दस गुना की वृद्धि दर्ज की गई है। विद्युत मण्डल में शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर ज्यादा तीन पांच की तो स्टेशनरी दुकान पर जाकर दो रूपए का एक मुद्रित आवेदन लाकर उसे भरकर पचास रूपए जमा करवाकर अपना मीटर चेक करवाने का मशविरा दे दिया जाता है। मीटर चेक होने के बाद परिणाम वही ढाक के तीन पात ही आता है।
बहरहाल, सिवनी शहर को पानी का प्रदाय किया जा रहा है भीमगढ़ बांध से। भीमगढ़ से पानी बिजली चलित पानी की मोटर्स के जरिए 22 किलोमीटर दूर श्रीवनी फिल्टर प्लांट लाया जाता है। यहां करोड़ों अरबों रूपए व्यय कर जल कथित तौर पर कीटाणुमुक्त बनाया जाता है। फिर यह पाईप के सहारे 22 किलोमीटर का लंबा सफर तय करता है। रास्ते में जगह जगह गांव वालों ने अपनी अपनी सुविधा के हिसाब से इस पाईप लाईन में छेद बना लिए हैं। वैसे निर्धारित दूरी पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने चेंबर्स भी बनाए हैं।
ये चेंबर्स अब धोबीघाट बन चुके हैं। इन चेंबर्स पर ग्रामीण ना केवल अपने गंदे कपड़े धोते हैं वरन् यहां वाहन भी धुलते हैं। इसका सबसे दुखदायी पहलू तो यह है कि इन सीमेंटेड चेंबर्स पर ग्रामीण अपने मवेशियों को स्नान करवाते हैं। यहां निकलने वाला गंदा पानी एक बार फिर चेंबर में ही समाहित होकर अगली बार जब टंकी भरने की गरज से पाईप लाईन में पानी भेजा जाता है, उसमें यह मिश्रित होकर आगे बढ़ता है।
सिवनी शहर में सर्किट हाउस के बाजू से होकर यह पाईप लाईन गुजरती है। यहां भी चेंबर बने हुए हैं। इन चेंबर्स पर बीमार मरीजों, शवों आदि को ढोने वाली एंबूलेंस खड़ी धुलती दिखाई दे जाती हैं। रोजाना ही कम से कम आधा दर्जन एंबूलेंस यहां धुलती हैं। इन एंबूलेंस में मरीजों के रोगों के कीटाणु रह जाते होंगे इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। एंबूलेंस एवं अन्य वाहन धुलाई का निकलने वाला पानी वापस चेंबर में ही घुस जाता है।
यह कहना गलत नहीं होगा कि यह दूषित पानी पाईप लाईन के जरिए पानी की टंकियों के रास्ते लोगों के घरों तक जाता है। इन टंकियों से पानी की सप्लाई नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी सहित, जिला कलेक्टर, पीएचई आदि सरकारी विभागों के आला अधिकारियों के घरों के साथ ही साथ सारे शहर को की जाती है। सालों से कीटाणुयुक्त पानी पीते रहने के कारण शहर वासियों को ना जाने कितने संक्रामक रोगों ने घेर लिया होगा जिससे वे अभी वाकिफ भी नहीं होंगे।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पास पानी को साफ करने के लिए लिक्विड फार्म में दवा है, पर वितरण के अभाव में हर साल इसकी हजारों शीशियां एक्सपाईरी डेट को पा लेती हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए पीएचई, नगर पालिका परिषद और स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर जागरूकता अभियान चलाने का दावा किया जाता है पर यह अभियान महज कागजों पर ही चलता दिखता है।
नगर पालिका द्वारा प्रदाय किए जाने वाले पेयजल की गुणवत्ता कितनी अच्छी है, यह कितना साफ और पीने योग्य है इसकी जांच करना लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जवाबदेही है। क्या पीएचई विभाग यह बताने में सक्षम है कि पिछले पांच सालों में उसने स्वतः संज्ञान लेकर शहर के कितने सार्वजनिक या निजी नलों से पानी का सेंपल लेकर उसकी जांच की है? जांच की है तो क्या पाया? और अगर नहीं की है तो इसकी क्या वजह है? क्या स्वतः संज्ञान लेने में पीएचई की प्रतिष्ठा कम हो जाती है?

अगर आपको नगर पालिका की वाटर सप्लाई में पानी की गुणवत्ता की परख करनी हो तो एक बाल्टी पानी में फिटकरी के टुकड़े को पांच सात बार घुमाकर उसे रख दें। एक घंटे के उपरांत आपको बाल्टी की तली में बैठी गंदगी दिखाई दे तो समझिए नगर पालिका परिषद सिवनी आपको पानी नहीं, बीमारी के लिए जिम्मेदार पानी पिला रहा है। हमारा कहना महज इतना ही है कि अगर नगर पालिका परिषद में बैठे कांग्रेस भाजपा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद शहर के लोगों को साफ पानी नहीं पिलवा सकते तो उन्हें अपने पदों पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं रह जाता है!

मंगलवार, 16 जुलाई 2013

जलप्लावन: पलारी में बने तीन राहत शिविर

जलप्लावन: पलारी में बने तीन राहत शिविर

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। बीते तीन दिनों से हो रही तेज बारिश से पलारी एवं केवलारी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई। 15 जुलाई को सुबह से हुई अतिवृष्टि से पलारी के नजदीक से बहने वाली सागर व वैनगंगा नदी पुनः उफान पर आ गई, जिससे निचले इलाकों में जलप्लावन की स्थिति बन गई। अतिवृष्टि के कारण मण्डला-केवलारी-सिवनी मार्ग पर मुनगापार में पानी पुल के बहुत ऊपर से होकर जाने के कारण यातायात पुनः बाधित हुआ। पुल के दोनों ओर सुरक्षा गार्ड्स तैनात कर दिये गये हैं। यात्री गाड़ियों को ग्राम लोपा में ही रोक लिया गया है।
इस संबंध में कलेक्टर भरत यादव ने बताया कि अतिवृष्टि से पलारी के निचले इलाकों में पानी भर जाने से प्रभावित 110 लोगों को फौरन ही यहांॅ कन्या माध्यमिक शाला, सामुदायिक भवन और ग्राम पंचायत भवन में बनाये गये तीन राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है।
यहां उनके रहने और भोजन-पानी की पूरी व्यवस्था की गई है। एस.डी.एम केवलारी, तहसीलदार केवलारी, जिलास्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी, नायब तहसीलदार सिवनी व अन्य राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचकर अपनी निगरानी में बाढ़ पीड़ितों के लिये सभी जरूरी व्यवस्थायें करा रहें हैं।
उन्होंने बताया कि केवलारी एवं पलारी में आई बाढ़ से करीब साढे़ तीन सौ लोग प्रभावित हुये हैं और करीब सौ हैक्टेयर रकबे में सोयाबीन की फसल नष्ट हुई है। कलेक्टर ने बताया कि मकान क्षति, फसल क्षति एवं अन्य सम्पत्ति की क्षति का मुआयना/सर्वे प्रारंभ कर दिया गया है और बाढ़ पीड़ितों/किसानों को यथा पात्रतानुसार समुचित मुआवजा दिलाया जायेगा। उन्हांेंने बताया कि राहत आयुक्त मध्यप्रदेश को बाढ़ प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने के लिये 30 लाख रूपये का मांग पत्र 15 जुलाई को ही भोपाल भेज दिया गया है।
राशि प्राप्त होते ही पात्र लोगों को मुआवजे का वितरण प्रारंभ किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय का जिलास्तरीय और केवलारी का तहसीलस्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घण्टे कार्यरत है। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। एस.डी.एम. केवलारी के.वी.सिंह ने बताया कि केवलारी तहसील में 15 जुलाई तक 650 मि.मी. बारिश हो चुकी है। गत वर्ष अबतक केवल 297 मि.मी. बारिश हुई थी। 15 जुलाई को प्रातः 2 घण्टे हुई 65 मि.मी. हुई बारिश से नदी-नाले पुनः उफान पर आ गयें हैं।

मण्डला-केवलारी-सिवनी मार्ग पर मुनगापार में पानी पुल के ऊपर से होकर बहने के कारण यातायात रोक लिया गया है। उन्होंने बताया कि यातायात देर रात तक खुलने की उम्मीद है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रेस्क्यू टीम (राहत दल) पूरी सक्रियता से कार्यरत है और बाढ़ की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षति के सर्वे उपरान्त बाढ़ पीड़ितों/किसानों को समुचित मुआवजा दिलाया जायेगा।

हाथ की भी गई, तवे की भी गई!

हाथ की भी गई, तवे की भी गई!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। गांधीवादी समाजसेवी अण्णा हजारे की 8 जुलाई की सिवनी यात्रा की चर्चाएं अब चटखारों में तब्दील हो गई हैं। इस यात्रा को लेकर अब हास्य का विषय यह बन गया है कि किसी भी नेता या अन्य के साथ अण्णा ने एक अदद फोटो तक नहीं खिचवाया।
सोशल नेटवर्किंग वेब साईट फेसबुक पर भी अपनी अपनी तारीफों में कशीदे गढ़ने वाले सिवनी जिले से चुनाव लड़ने की मंशा मन में पालने वाले लोगों की भी एक तस्वीर अण्णा के साथ इस कार्यक्रम के दौरान ना दिखना चर्चा का ही विषय बना हुआ है।
चर्चाओं के अनुसार अण्णा के स्वागत में पलक पांवड़े बिछाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाने वाले साहेबान के हाथ भी कुछ नहीं लग सका है। लोग अब यह पता करने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर अण्णा की यात्रा के पूर्व सिवनी आए पूर्व विधायक सुनीलम से गलबहियां करने वालों को अण्णा ने सिरे से नकारकर अपने आप से दूर क्यों रखा?
अण्णा की यात्रा के माध्यम से जिला मुख्यालय सहित सिवनी जिले विशेषकर सिवनी विधानसभा में एक संदेश देने का विफल प्रयास करने वाले उक्त साहेबान के समर्थक भी यह नहीं पता कर पा रहे हैं कि आखिर अण्णा से उक्त साहेबान को दूर रखने की फील्डिंग किसने की और अण्णा के धूमा तक पहुंचने तक सब कुछ अंडर कंट्रोल होने के बाद अचानक बाजी कैसे पलट गई।

चर्चा तो यहां तक भी है कि अब उक्त साहेबान के समर्थक लोगों से यह कहते भी फिर रहे हैं कि यार लंबा पैसा पानी जैसा बह गया, और अण्णा ने हाथ तक रखने नहीं दिया। ‘‘भईया जी‘‘ के तो हाथ की भी गई तवे की भी गई।

राघवजी से बेहतर किस्मत रही कंचन डोंगरे की

राघवजी से बेहतर किस्मत रही कंचन डोंगरे की

कंचन डोंगरे को मिली सशर्त जमानत

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। जनपद पंचायत सिवनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे की किस्मत प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री राघवजी से अच्छी कही जा सकती है। राघवजी को आधा दर्जन घोषित बीमारियां डेढ़ दशक से अधिक समय से हैं, पर माननीय न्यायालय द्वारा उन्हें जेल में ही इलाज करवाने की बात कही गई थी, वहीं सिवनी में जेल वारंट कटने के बाद कंचन डोंगरे को एक दिन अस्पताल में रात गुजारने का मौका मिल गया।
ज्ञातव्य है कि प्रदेश के वित्त मंत्री राघवजी को घोषित तौर पर बीपी, शुगर, माईग्रेन जैसी बीमारियां पिछले डेढ़ दशक से हैं। उन्हें खाना भी उबला ही दिया जाता है। सिवनी में पदस्थ रह चुके माननीय न्यायधीश संजीव कालगांवकर द्वारा दी व्यवस्था में कहा गया था कि उनका ईलाज जेल में ही हो सकता है।
वहीं, जनपद पंचायत सिवनी में विधायक विकासनिधि की राशि 9 लाख 40 हजार रूपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कंचन डोंगरे और लेखाधिकारी बालमुकुंद श्रीवास्तव को प्रथम अपरसत्र न्यायाधीश पी.के. तिवारी ने सशर्त जमानत पर रिहा करने के आदेश किये हैं।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत सिवनी से २५ मार्च २०१३ को बालाजी स्टेशनर्स सिवनी के नाम पर एक चौक काटकर ९ लाख ४० हजार रूपये एक्सेस बैंक के माध्यम से निकाल लिये गये थे। इस संबंध में स्वयं मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन ड़ोगरे ने अपने अधिनस्थ तृतीय श्रेणी कर्मचारी नारायण प्रसाद डहेरिया के विरूद्ध ६ अप्रैल २०१३ को थाना सिवनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें आरोपित था कि उक्त कर्मचारी ने अपने प्रभार में रहते हुये पूर्व में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सवीता काम्बले के कार्यकाल का एक चौक अवैध रूप से अपने आधिपत्य में रखकर धोखाधड़ी पूर्वक उक्त राशि का गबन किया है।
सिवनी पुलिस के द्वारा जांच के दौरान शिकायकर्ता वर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे और लेखाधिकारी बालमुकुंद श्रीवास्तव को अभिरक्षा में लेकर इस प्रकरण में प्रथम दृष्टया उनके विरूद्ध अपराध होना पाकर १३ जुलाई को गिरफ्तार कर १४ जुलाई को न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
न्यायिक मजिस्टेट ने क्षेत्राधिकार के अभाव में आरोपीगण का जमानत आवेदन निरस्त कर दिया था, और आरोपीगण को न्यायिक अभिरक्षा में सर्किल जेल सिवनी भेजे जाने का आदेश किया था। उसी समय आरोपीगण के अधिवक्तागण ने एक आवेदन प्रस्तुत कर श्रीमती कंचन डोंगरे की सूर्यास्त के बाद गिरफ्तारी को अवैधानिक होना दर्शाते हुये कार्यवाही का अनुरोध किया था जिसपर न्यायालय द्वारा नगर निरीक्षक सिवनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर आज को न्यायालय में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिये थे, इसके अलावा आरोपी मुख्य कार्यपालन अधिकारी के अधिवक्तागण के अनुरोध पर कंचन डोंगरे के चिकित्सीय परीक्षण के भी निर्देश दिये थे। इन निर्देशों के पालन में जिला चिकित्सालय में जांच के बाद दोनों आरोपीगण को उपचार के लिये भर्ती करा दिया गया था।
आज हुये घटनाक्रम में जिला अस्पताल से पुलिस ने दोनों आरोपीगण को चिकित्सक की रिपोर्ट के आधार पर डिस्चार्ज के बाद सर्किल जेल सिवनी पहुंचा दिया था। इस बहुचर्चित प्रकरण में आज आरोपीगण की ओर से जमानत हेतु आवेदन भी प्रस्तुत किये गये थे जिसमें आरोपीगण की अस्वस्थता और पदीय स्थिति के कारण शासकीय सेवा में होने वाले विपरीत प्रभाव से बचने के लिये आरोपीगण के अधिवक्तागण ने आज ही सुनवाई का अनुरोध किया था। सत्र न्यायाधीश ने आरोपीगण की ओर से किये गये इस अनुरोध को स्वीकार करते हुये प्रकरण आज ही सुनवाई में लेकर निराकरण हेतु प्रथम अपरसत्र न्यायाधीश को हस्तांतरित कर दिया था।

आरोपीगण की ओर से दस्तावेजी प्रमाणों सहित तर्क प्रस्तुत करते हुये आरोपीगण को झूठा फसाये जाने का आरोप लगाते हुये उन्हे सक्षम जमानत पर रिहा किये जाने का अनुरोध किया गया था। विद्वान प्रथम अपरसत्र न्यायाधीश ने अपर लोक अभियोजक और आरोपीगण के अधिवक्तागण सर्वश्री जकी अनवर खान, रविंद्र चौधरी, वीरेन्द्र शर्मा के तर्क सुनकर आरोपीगण को सशर्त जमानत की सुविधा देते हुये गबन की बड़ी राशि को देखते हुये शासकीय धन की सुरक्षा की दृष्टि से उनसे क्रमशरू ४ लाख ७० हजार रूपये प्रत्येक आरोपीगण द्वारा जिला पंचायत में सुरक्षानिधी के रूप में जमा करने की शर्त पर ५०-५० हजार रूपये की सक्षम जमानत एवं इतनी ही राशि के व्यक्तिगत मुचलके पर उन्हे रिहा करने के आदेश दिये हैं। इस बीच नगर निरीक्षक ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कारण बताओ नोटिस का उत्तर भी प्रस्तुत कर दिया है।

एचपीसीएल कर रहा नियम विरूद्ध काम

एचपीसीएल कर रहा नियम विरूद्ध काम

(नन्द किशोर / दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

भोपाल / सिवनी (साई)। हिन्द गजट में समाचार प्रकाशित होने के उपरांत एनएचएआई के सिवनी और नरसिंहपुर में तैनात परियोजना निदेशक और सहायक परियोजना निदेशकों द्वारा तो कोई कार्यवाही नहीं की गई पर भोपाल में बैठे चीफ जनरल मैनेजर श्री पाण्डे ने इस पर संज्ञान लेते हुए सरकारी संपत्ति पर लगे राय पेट्रोलियम के बोर्ड को हटवा दिया था, उसे एक बार फिर लगा दिया गया है।
परिस्थितियों को देखकर लग रहा है कि शराब व्यवसाई रहे और लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त, लखनादौन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, नगर पंचायत लखनादौन के पूर्व अध्यक्ष एवं राय पेट्रोलियम के संचालक दिनेश राय उर्फ मुनमुन से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी भयाक्रांत नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि लखनादौन से सिवनी आते समय सड़क को भेदता एनएचएआई के बोर्ड के पीछे की ओर लगा एक बड़ा सा राय पेट्रोलियम का बोर्ड भी एनएचएआई के अधिकारियों को आते जाते अब तक नहीं दिख पाया है। यह बोर्ड कुछ दिन के लिए उतरवा दिया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनादौन से सिवनी मार्ग पर आने पर एनएचएआई के मार्ग पर किलोमीटर और आगे का मार्ग बताने वाले साईन बोर्ड के पीछे तरफ, राय पेट्रोलियम का एक बड़ा सा बोर्ड लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह बोर्ड निश्चित तौर पर राय पेट्रोलियम की आय में बढोत्तरी की गरज से ही लगाया गया है।
इस संबंध में जब समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने एनएचएआई के परियोजना संचालक श्री सिंघई से उनके मोबाईल 9425426644 पर संपर्क किया तो उनका मोबाईल बंद ही मिला। जब इस बारे में एनएचएआई के अधिकारी दिलीप पुरी और नरसिंहपुर में पदस्थ महेंद्र वाणी से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो दोनों ही ने अपना फोन उठाने की जहमत नहीं उठाई।
वहीं मीनाक्षी कंस्ट्रक्शन कंपनी के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मित्रों में दरबार के नाम से मशहूर दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने मीनाक्षी के अनेक वेतनभोगी कर्मचारियों को साध रखा है संभवतः यही कारण है कि एनएचएआई के नियम कायदों को बलाए ताक रखकर यह काम किया गया हो।
इस संबंध में जब एनएचएआई के सीजीएम श्री शुक्ला से संपर्क किया गया तो समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि इसके पहले भी उनके संज्ञान में यह बात लाई गई थी। वे इसकी वास्तविकता का पता लगाकर अगर राय पेट्रोलियम द्वारा इस तरह से सरकारी संपत्ति पर अनाधिकृत तौर से विज्ञापन किया गया है तो उनके खिलाफ नोटिस जारी कर विधिवत वैधानिक कार्यवाही करेंगे।

बारिश में सावधानी जरूरी

बारिश में सावधानी जरूरी

(शरद खरे)

बारिश इन दिनों पूरे शवाब पर है। बारिश में पानी जिस तेज गति से गिर रहा है उससे जिला हाई अलर्ट पर माना जा सकता है। सिवनी में छोटे बड़े स्टापडेम भी बने हुए हैं। सिवनी में एशिया का सबसे बड़ा मिट्टी का बांध ‘संजय सरोवर परियोजनाः भी है। इस बांध में विशाल जल एकत्र होता है।
12 और 13 जुलाई को हुई जमकर बारिश में केवलारी और पलारी क्षेत्र में कहर बरपा दिया है। भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा जारी की गई थी, जिसमें जबलपुर सहित पांच संभागों में बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई थी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी अक्षरशः सत्य ही साबित होती दिख रही है।
कुछ दिन पूर्व जिला कलेक्टर भरत यादव ने भी भीमगढ़ बांध का निरीक्षण किया था। भरत यादव का कहना था कि बारिश पूर्व यह निरीक्षण सामान्य निरीक्षण था, जिसमें बांध की व्यवस्थाएं, जरूरत पड़ने पर पानी की निकासी आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा था।
जिलाधिकारी भरत यादव की दूरंदेशी की तारीफ करना चाहिए। याद नहीं पड़ता भरत यादव के पूर्व पदस्थ रहे कलेक्टर्स ने कभी इस ओर ध्यान देकर बारिश के आगमन पर भीमगढ़ बांध जाकर उसका खुद निरीक्षण किया हो। भीमगढ़ बांध को अगर कुछ हुआ तो सिवनी जिले के केवलारी, बरघाट विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांव सहित बालाघाट और महाराष्ट्र के भंडारा आदि जिलों में जल प्लावन की स्थिति निर्मित हो जाएगी।
भीमगढ़ बांध, वैसे तो सिवनी से ही उद्गम होने वाली बैनगंगा नदी पर बनाया गया है। 14 जुलाई तक सिवनी में हुई भारी बारिश से केवलारी विधानसभा क्षेत्र में बैनगंगा, सागर सहित अनेक नदी नाले उफान पर हैं। वहीं, छपारा क्षेत्र में भी अनेक ग्रामों में पानी का जलस्तर खतरनाक के उपर पहुंच चुका है।
सिवनी जिले में बसाहट के क्षेत्रों में लोगों द्वारा अतिक्रमण कर मकान बना लिए हैं, जिससे पानी का रास्ता रूक गया है। संभवतः यही यही कारण है कि पानी सड़कों पर बेतरतीब बहता है। जब बारिश ज्यादा होती है तो यही बेतरतीब बहता पानी रौद्र रूप धारण कर लेता है और लोगों के लिए यह दुखदायी ही साबित होने लगता है। यही पानी लोगों के घरों में घुसकर तबाही मचाता है।
जिला मुख्यालय सिवनी में बारापत्थर के ज्यारत रोड इलाके में डॉ.सलिल त्रिवेदी के बाजू में स्थित हीरो हाण्डा की एजेंसी के पीछे वाले नाले को भी बेहद सकरा बना दिया गया है। यही कारण है कि एकता कालोनी के कुछ क्षेत्रों में बारिश में घरों में पानी भरने की शिकायतें आम हो जाती हैं।
जिला मुख्यालय में निचली बस्तियों के नदी नालों में भी पानी की निकासी के लिए बनी नालियों पर लोगों द्वारा पक्के अतिक्रमण कर लिए गए हैं। नेहरू रोड़, जीएन रोड़, बारापत्थर आदि क्षेत्रों में कमोबेश यही आलम रहता है। शहर की अधिकांश सड़कों पर पानी बहता रहता है जिससे राहगीर बुरी तरह परेशान होते हैं। बारापत्थर में बाहुबली चौराहे से पुराने आरटीओ को जाने वाली सड़क तो बारहों माह ही पानी से सराबोर रहा करती है, इस ओर ध्यान देना किसी ने मुनासिब नहीं समझा है।
हिन्दी महीने के हिसाब से अभी आषाढ़ का महीना चल रहा है। सावन और भादों का कहर अभी बाकी है। सावन भादों की रिमझिम फुहारें और तेज बारिश कहर बरपाएगी इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। बाढ़ की संभावित स्थिति को देखकर राज्य शासन द्वारा भी एडवाईजरी जारी की है।
पिछले दिनों की बारिश इस कदर जबर्दस्त थी कि केवलारी क्षेत्र में रेल की पातों की गिट्टी ही बह गई, जिससे सिवनी से केवलारी का रेल संपर्क भी टूट गया। बारिश की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पानी के वेग को कोई रोक नहीं सकता है इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
अभी बारिश पूरे शबाब पर नहीं आई है। बारिश का असली रूप तो सावन भादों में देखने को मिलता है। भीमगढ़ बांध भी लबालब होने की स्थिति में दिख रहा है। इसका पानी छोड़े जाने पर केवलारी, बरघाट विधानसभा के अनेक गांवों में कोहराम मच सकता है। बालाघाट जिले में तबाही मच सकती है।
इसलिए प्रशासन को बारिश के पूर्व ही माकूल कदम उठाने होंगे। जिले के सरकारी नुमाईंदों को बारिश में हर तरह से सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश देने ही काफी नहीं होंगे। जरूरी यह है कि वे जिलाधिकारी के इन निर्देशों को कितनी संजीदगी से ले रहे हैं इस बात का भी विशेष ख्याल रखा जाए।

अनेक स्थानों पर लोग विशेषकर स्कूली बच्चे रपटों या पुलों से पैदल अथवा साईकल से खतरनाक तरीके से पुल को पार करते हैं, उन पर भी नजर रखी जाए। बारिश में मछली मारने के शौकीन भी ठहरे या बहते पानी में जान को जोखिम में डालते हैं। मौसम सुहाना होता है अतः लोग सोमरस का रस्वादन कर ईश्वर की अनुपम देन बारिश का नजारा लेने निकलते हैं, और अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। इन बातों का ध्यान भी प्रशासन को ही रखना होगा।

सोमवार, 15 जुलाई 2013

मलेरिया रोधी अभियान की निकली हवा!

मलेरिया रोधी अभियान की निकली हवा!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। जिले में मलेरिया धीरे धीरे अपने पैर पसार रहा है। शहर के अलावा कुरई केवलारी एवं अन्य गामीण क्षेत्रों से भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। बारिश के पूर्व मलेरिया विभाग द्वारा मलेरिया या डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव के लिये अभियान जरूर चलाये जाते हैं, पर अन्ततः वे नाकाफी ही साबित हो रहे हैं।
इस बार बारिश के मौसम में मलेरिया और डायरिया के साथ मिलकर आक्रमण करने के मामलों को देखकर चिकित्सक हैरान हैं। कॉलरिक प्रकार का यह मलेरिया शुरूआत में बिल्कुल आंत्रशोथ या डायरिया, गेस्ट्रोइन्ट्राइटिस जैसा होता है। इसके बाद ही मलेरिया अपने असली रूप में सामने आता है। कालरिक मलेरिया में प्लेटलेट्स काउंट भी कम हो जाते हैं।
इससे संक्रमित मरीज एकदम परेशान हो जाता है। खून की जांच के लिए बनने वाली स्लाइड में हमलावर दिखाई नहीं देता है। इसमें मरीज को पेटदर्द, उल्टी दस्त और बुखार होता है। इस तरह वायवेक्स मलेरिया मरीज को अपनी गिरफ्त में ले लेता है। शहर के साथ जिले के कई गंदगी वाले क्षेत्रों में शुरूआती बारिश से उपजे मच्छर अब जान के दुश्मन साबित हो रहे हैं।
चिकित्सक बताते हैं कि घरों के आसपास जगह-जगह इक्ट्ठा होने वाला पानी, मच्छरों के लार्वा को बढ़ावा देने में मददगार साबित होता है। और यहीं से संक्रमण की शुरूआत होती है। मच्छरों के लार्वा के बढ़ने से, मलेरिया के कई रूप सामने आते हैं। चिकित्सक भी मलेरिया और डायरिया के साथ आने को लेकर खासे हैरान हैं। इससे पीड़ित मरीज को आरंभ में एक-दो दिन की दवा की सलाह दी जाती है। खून की जांच में संक्रमण का पता लगाकर फिर उसके अनुरूप खुराक दी जाती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान मौसम, इस बीमारी को अनुकूलता प्रदान कर रहा है। जिस समय बारिश नहीं होती है उस वक्त वातावरण में उमस बढ़ जाती है और तापमान में वृद्धि दर्ज की जाती है। शाम के समय ही घरों में कुछ ठण्डक महसूस की जाती है। इससे मच्छरों को भू-मध्य रेखा जैसा वातावरण मिलता है जो मच्छरों के हमले के लिए अनुकूलता प्रदान करता है। इसी कारण डेंगू वायरल बुखार, डायरिया, मलेरिया या अन्य प्रकार के बुखार के मामले सामने आते हैं।

चिंतनीय पहलू तो यह है कि मलेरिया विभाग इस बीमारी से बचाव का जितना प्रचार-प्रसार कर रहा है, यह बीमारी नित नये-नये रूप में सामने आ रही है। मजे की बात तो यह है कि सिवनी का मलेरिया विभाग भी आस-पास पानी इकट्ठा न होने की सलाह देता है लेकिन जिला अस्पताल परिसर में ही जहां-तहां उभरे बड़े-बड़े गड््ढों में पानी भरा देखा जा सकता है।

कंचन डोंगरे का ब्लड प्रेशर (90/140) बहुत हाई है: डॉ.बांद्रे

कंचन डोंगरे का ब्लड प्रेशर (90/140) बहुत हाई है: डॉ.बांद्रे

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ‘‘पुलिस हिरासत से जेल भेजी गईं जनपद पंचायत सिवनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे का रक्तचाप बहुत अधिक है, उन्हें कार्डियक प्राब्लम है, इसलिए उन्हें आईसोलेशन वार्ड के स्थान पर गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती करवाया गया है। उनका रक्तचाप 90/140 है।‘‘ उक्ताशय की बात कंचन डोंगरे का परीक्षण करने वाले चिकित्सक डॉ.बांद्रे ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कही।
ज्ञातव्य है कि विधायक निधि के ब्याज के नौ लाख चालीस हजार रूपए के गबन के आरोप में जनपद पंचायत सिवनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे को शुक्रवार की शाम कोतवाली पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया था। शनिवार उन्हें न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उनका जेल वारंट कट गया था।
बताया जाता है कि जेल वारंट कटने के साथ ही कंचन डोंगरे का स्वास्थ्य बिगड़ना आरंभ हुआ और उन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें भर्ती होने की सलाह दे डाली। अमूमन विचाराधीन कैदी या सजा याफ्ता कैदियों को आईसोलेशन वार्ड के एक कक्ष में रखा जाता है।
जिला चिकित्सालय के सूत्रों का कहना है कि कंचन डोंगरे को आईसोलेशन के बजाए आईसीसीयू के वातानुकूलित हाल में रखा गया है। उनकी सुरक्षा के लिए दो पुलिस अधिकारी भी तैनात हैं, जो कंचन डोंगरे को दिए जाने वाले भोजन या नाश्ते आदि का परीक्षण कर उन तक पहुंचने दे रहे हैं।
वैसे जनपद पंचायत की सीईओ के आईसोलेशन के बजाए आईसीसीयू में भर्ती होने की बात से शहर की फिजां में अनेक तरह की चर्चाएं तैर गई हैं। कहा जा रहा है कि पूर्व में डॉ.बांद्रे की सेवाएं शहर के एक विवादित अस्पताल को दी जा रही थीं। इसके बाद वे घंसौर चले गए थे, और अब सिवनी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
चर्चाएं यहां तक भी हैं कि अगर जनपद पंचायत की सीईओ कंचन डोंगरे को वाकई कार्डियक प्राब्लम है तो उनका ईसीजी करवाया जाए। साथ ही साथ जिला चिकित्सालय एवं निजी चिकित्सकों के एक दल अथवा मेडिकल बोर्ड से इस बात की पुष्टि की जाए कि वे वाकई बीमार हैं, या फिर जेल जाने के भय से यह स्वांग रच रही हैं।

वहीं दूसरी ओर शहर में एक बात की चर्चा और तेजी से चल रही है। कहा जा रहा है कि कंचन डोंगरे को बचाने के लिए भ्रष्ट सरपंच अब लाम बंद होने जा रहे हैं। ये सारे सरपंच एकजुट होकर किसी भी तरह से कंचन डोंगरे को बचाने की जुगत लगाने वाले हैं। चर्चाओं के अनुसार इनका मानना है कि अगर कंचन डोंगरे जेल जाती हैं और बारीकी से जांच होती है तो इसमें उन सभी भ्रष्ट सरपंचों की गरदन नपना तय ही है।

डीसीसी का काम आरंभ: नहीं पिटी मुनादी!

कांग्रेस भवन का मामला --- 3

डीसीसी का काम आरंभ: नहीं पिटी मुनादी!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। केंद्रीय मंत्री कमल नाथ द्वारा 30 दिन में जिला कांग्रेस कमेटी का काम आरंभ होने की घोषणा की समयावधि भले ही 12 जून को पूरी हो गई हो, पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा इसके एक दिन के उपरांत गुपचुप तरीके से काम को आरंभ करवा दिया गया। जिला कांग्रेस के तीन और नगर कांग्रेस के एक प्रवक्ता भी इस मामले में खामोश ही रहे।
इस संबंध में जब जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हीरा आसवानी से चर्चा की गई तो हिन्द गजट से दूरभाष पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के संगठन के अंदर का मामला था, अतः समस्त सदस्यों को सूचना देकर 13 तारीख को इसके निर्माण की औपचारिक शुरूआत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की विज्ञप्ति आज जारी कर दी जाएगी, पर कार्यक्रम के पहले की विज्ञप्ति क्यों नहीं जारी हुई के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है।
वहीं कांग्रेस के अंदर चल रही चर्चाओं के अनुसार इस काम को आरंभ करवाने के पहले कांग्रेस को बाकायदा विज्ञप्ति जारी की जानी चाहिए थी, क्योंकि यह जिला कांग्रेस के लिए एक बहुत ही गर्व की बात है कि उसे एक अदद भवन मिलने जा रहा है जो कांग्रेस के कद्दावर नेता सालों में नहीं दे पाए हैं।
यहां यह भी उल्लेखनीय तथ्य है कि कांग्रेस के प्रवक्ताओं द्वारा समय समय पर भारतीय जनता पार्टी को घेरने पर तो पूरी मुस्तैदी दिखाते हैं पर जब बारी सिवनी में भाजपा या विधायकों को घेरने की आती है तब इनकी तोपें मौन हो जाती हैं। हाल ही में जनपद पंचायत सिवनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे को गबन के मामले में पुलिस ने पकड़ा है, यह मामला वाकई कांग्रेस के लिए ऐसा था जिसे अगर वह भुनाती तो भाजपा को जवाब देना मुश्किल होता, वस्तुतः ऐसा हुआ नहीं।
इधर, नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल ने हिन्द गजट को बताया कि यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आहूत था अतः विज्ञप्ति जारी करने की जवाबदेही भी उन्हीं की थी। उन्होंने कहा कि अगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारा उन्हें निर्देशित किया गया होता तो नगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता द्वारा अवश्य ही विज्ञप्ति जारी कर दी जाती। जिला कांग्रेस कमेटी के तीन तीन प्रवक्ताओं द्वारा विज्ञप्ति क्यों नहीं जारी की गई है यह वाकई आश्चर्यजनक है।

वहीं, कांग्रेसी दबी जुबान से इस बारे में भी चर्चा करते नजर आ रहे हैं कि कांग्रेस के ‘‘कुछ चुनिंदा‘‘ नेताओं को सिवनी में केंद्रीय मंत्री कमल नाथ का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है, और वे इसकी मुखालफत भी कर रहे हैं। सिवनी में कमल नाथ की घोषणा के एक माह तक जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा इसे ठण्डे बस्ते के हवाले करने की चर्चाएं भी तेज हो चुकी हैं।

बिना संस्थापना प्रमाण पत्र के चल रही पाण्डे क्लासेस

बिना संस्थापना प्रमाण पत्र के चल रही पाण्डे क्लासेस

कोतवाली पुलिस ने नहीं दर्ज की मुसाफिरी!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। शहर के पॉश इलाके बारापत्थर में संचालित होने वाली पाण्डे क्लासेस नगर पालिका सिवनी और गुमाश्ता विभाग की अनुमति के बिना ही धड़ल्ले से संचालित हो रही है। पाण्डे क्लासेस में नगर निगम भोपाल द्वारा शर्तों के अधीन वर्ष 2006 में दिए गए प्रमाण पत्र हो ही अपनी दीवार पर चस्पा कर लोगों को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारापत्थर में ब्रम्हकुमारीज आश्रम के समीप संचालित होने वाली पाण्डे क्लासेस की दीवार पर एक प्रमाण पत्र चस्पा है। इस प्रमाण पत्र में राज कुमार पाण्डे के पुत्र अनुराग पाण्डे को पाण्डे क्लासेस, दुकान नंबर सी - 47, परिजात काम्लेक्स, बिट्टन मार्केट, भोपाल में कोचिंग क्लास चलाने के लिए लाईसेंस नंबर 88/155 जारी किया गया है।
समाचार एजेंसी ऑॅफ इंडिया के भोपाल ब्यूरो से राजेश शर्मा ने बताया कि नगर निगम भोपाल में जमा पाण्डे क्लासेस के आवेदन नंबर 94 दिनांक 13 जून 2006 के तहत यह लाईसेंस पांच सौ रूपए फीस लेकर नगर निगम भोपाल द्वारा अखाद्य एवं अन्य सामग्री व्यापार संबंधी नगर पालिका निगम की धारा 356 एवं 427 के तहत दिया गया है। यह लाईसेंस 01 अप्रेल 2005 से 31 मार्च 2006 तक के लिए वैध था।
इस लाईसेंस को सिवनी में संचालित पाण्डे क्लासेस की दीवारों पर चस्पा करवाने का औचित्य समझ से परे ही है। इसी के साथ एक अन्य लाईसेंस भी एक अन्य दीवार पर चस्पा है। दोनों ही लाईसेंस में ‘अहस्तांरणीय‘ स्पष्ट शब्दों में लिखा गया है। ये दोनों ही लाईसेंस भोपाल के लिए वैध हैं।

जानकारों का कहना है कि सिवनी में लंबे समय से संचालित पाण्डे क्लासेस को सिवनी में गुमाश्ता विभाग और नगर पालिका परिषद से संस्थापना प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य था। वहीं कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी संदेह के बादल ही मंडरा रहे हैं, क्योंकि पुलिस महानिरीक्षक संजय झा, जिला कलेक्टर भरत यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने स्पष्ट तौर पर बाहर से आकर व्यवसाय करने वालों की मुसाफिरी दर्ज करवाने की बात कही गई थी, किन्तु पाण्डे क्लासेस के संचालकों द्वारा इन नियमों को धता बताते हुए धड़ल्ले से अपना व्यवसाय संचालित किया जा रहा है।