गुरुवार, 30 जून 2011

अब आचार्य बाल कृष्ण के दो बर्थ सार्टिफिकेट!

अब आचार्य बाल कृष्ण के दो बर्थ सार्टिफिकेट!


एक में बाल कृष्ण के पेरेंट्स भारतीय तो दूसरे में नेपाली!

बाल कृष्ण का पासपोर्ट फर्जी होने की आशंका

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। इक्कीसवीं सदी के स्वयंभू योग गुरू राम किशन यादव उर्फ बाबा रामदेव को बेनकाब करने कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बाबा के राईट हेण्ड और धार्मिक चेनल आस्था के मालिक आचार्य बाल कृष्ण के दो दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का मामला सामाने आया है, जिससे उनकी दुश्वारियां बढ़ने की ही उम्मीद जताई जा रही है। हाल ही में कंेद्रीय जांच ब्यूरो ने तथ्य छिपाकर बाल कृष्ण के द्वारा पासपोर्ट बनवाने की जांच आरंभ की है।

भरोसेमंद सूत्रांे का दावा है कि आचार्य बाल कृष्ण ने हरिद्वार में जो जन्म प्रमाण पत्र बनवाया है उसमें भी तथ्यों के साथ हेरफेर किए जाने के संकेत मिलते हैं। बताया जाता है कि बाबा रामदेव और आचार्य बाल कृष्ण के गुरू शंकर देव की ओर से दिए गए शपथ पत्र के आधार पर नगर निगम द्वारा बिना किसी जांच के ही पांच दिसंबर 1997 को उनका जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया था।

सूत्रों ने बताया कि इस जन्म प्रमाण पत्र में बाल कृष्ण के माता पिता की राष्ट्रीयता भारतीय दर्शाई गई है। इसी जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर आचार्य बाल कृष्ण ने जनवरी 1998 में पासपोर्ट के लिए आवेदन दिया और पुलिस वेरीफिकेशन के उपरांत 1998 में उन्हें भारत गणराज्य का पासपोर्ट जारी कर दिया गया था। वहीं दूसरी ओर एक अन्य जन्म प्रमाण पत्र में आचार्य बाल कृष्ण के माता पिता की राष्ट्रीयता नेपाली दर्शाई गई है। मीडिया के समक्ष भी उन्होंने यह स्वीकार किया था कि उनके माता पिता नेपाली मूल के हैं।

उधर सीबीआई ने आचार्य बाल कृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। सीबीआई के सूत्रों का कहना है कि बाल कृष्ण के दो जन्म प्रमाण पत्र होने के आरोप तथ्य के साथ भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिनकी जांच के बाद ही कोई निश्कर्ष निकाला जा सकेगा। माना जा रहा है कि अगर बाबा रामदेव के तेवर कांग्रेस के लिए तल्ख रहे तो आने वाले समय में उनकी दुश्वारियों में बढोत्तरी ही होना तय है।

कोई टिप्पणी नहीं: