सोमवार, 26 दिसंबर 2011

ठंड से रूका जनजीवन!


ठंड से रूका जनजीवन!



(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। गलन भरी शीतलहर के चलते देश भर के अनेक हिस्सों में जनजीवन ठप्प पड़ गया है। पूर्वोत्तर के पहाड़ी इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं ने रात के साथ ही साथ दिन का तापमान भी गिरा दिया है। दिल्ली में कोहरे से निजात नहीं मिल सकी है। दिल्ली में हड्डी गलाने वाली सर्दी का आनंद रविवार के बाद सोमवार को भी लोगों ने लिया।
भोपाल स्थित साई ब्यूरोके मुताबिक वहीं देश के हृदय प्रदेश के जबलपुर और शहडोल संभागों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सबसे कम न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस मंडला में दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। जबकि इन्दौर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के सूत्रों ने कहा कि अगले 24 घंटांे के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम श्ुाष्क रहने की संभावना व्यक्त की है।
देहरादून के साई ब्यूरोने बताया कि प्रदेष के मध्य हिमालयी क्षेत्रों में पाला पड़ने से खेती बाड़ी पर विपरीत असर पड़ रहा है। उधर, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे से आम जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में राज्य में मौसम में किसी खास बदलाव से इनकार किया है। आलम यह है कि देहरादून, नैनीताल समेत प्रदेष के विभिन्न भागों में सूर्यास्त के बाद से ही ठण्ड बढ़ जा रही है, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण लोगों को राहत है। 
जयपुर से साई ब्यूरोने बताया कि राज्य के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कमी होने से सर्दी का असर और बढ गया है। आज सुबह सीकर के फतेहपुर कस्बे में शून्य से 2 डिग्री नीचे तापमान पहुंच जाने से लोगों की परेशानियां बढ गई हैं। वहीं चूरू में पारा गिरकर शून्य से एक डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इसी तरह माउण्टआबू में तापमान एक दशमलव 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इसके अलावा श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान शून्य दशमलव छः, पिलानी में शून्य दशमलव तीन, जैसलमेर में 5 दशमलव 4, डबोक में 7 दशमलव 6 और राजस्थान जयपुर में 6 दशमलव 1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पटना से साई ब्यूरोमंजू सिंह ने बताया कि कड़ाके की ठंड के कारण बंद राज्य के सभी स्कूलों में आगामी दो जनवरी से पढ़ाई शुरू हो जायेगी। शिक्षा मंत्री पी.के. शाही ने बताया कि राज्य के सभी विद्यालयों में ठंड को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं स्थगित रखने का फैसला लिया गया था। अब आठ तक की कक्षाओं में पढ़ाई दो जनवरी से शुरू हो जायेंगी।
राजधानी पटना सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में धूप खिलने से लोगों को दिन में ठंड से थोड़ी राहत मिली है। स्थानीय मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने की संभावना व्यक्त की है। इस कारण दिन में लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। आज पटना का न्यूनतम तापमान पांच दशमलव पांच, गया पांच दशमलव एक, भागलपुर नौ दशमलव आठ और पूर्णिया छह दशमलव चार डिग्री सेल्यिसस दर्ज किया गया। 
उधर, अंडमान और निकोबार में भी मौसम बिगड़ रहा है। पोर्ट ब्लेयर से साई ब्यूरोके मुताबिक अंडमान के दक्षिण-पश्चिम खाडी क्षेत्र में हवा का कम दबाव बन जाने से द्वीप समूह में मौसम खराब हो गया है। पिछले चौबीस घण्टो के दौरान द्वीप समूह के कई इलाकों में पांच से. मी. वर्षा रिकार्ड की गई। अगले चौबीस घण्टो के मौसम अनुमान में बताया गया है कि द्वीप समूह मे गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है और कहीं कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान पेतालीस से पचपन किलो मीटर की रफ्तार से हवायें चलेंगी। मछुवारों को समुंद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
खराब मौसम के चलते द्वीप समूह में अर्न्तद्वीपीय जलयान सेवाएं और सी-प्लेन सेवा प्रभावित हुई है। जहाजरानी सेवा निदेशालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार फेरी सेवाएं और वाहन फेरी सेवाएं स्थगित की जा रही है। बम्बुफ्लाट से आस पास के क्षेत्रों में खराब मौसम के बावजूद फेरी सेवा से सम्पर्क रखने का प्रयास भी किया जा रहा है। वाहन फेरी सेवा मौसम ठीक होने तक स्थगित रहेगी मौसम और खराब होने की स्थिति मे फेरी सेवाएं भी रद्द की जा सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं: