मंगलवार, 10 जनवरी 2012

दो साल चैन से नहीं बैठेंगे: विधानसभा उपाध्यक्ष


दो साल चैन से नहीं बैठेंगे: विधानसभा उपाध्यक्ष



(शिवेश नामदेव)

सिवनी (साई)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कांतिलाल भूरिया के आह्वान पर आज जिला कांग्रेस द्वारा कचहरी चौंक में आम सभा ली जाकर किसानों की व जिले की समस्याओं को कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर उठाया। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष श्री हरवंश सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री हीरा आसवानी, महेश मालू, राजकुमार उर्फ पप्पु खुराना, आशुतोष वर्मा, जकी अनवर खान, राजिक अकील, दिलीप बघेल, मोहन सिंह चंदेल, श्रीमती नेहा सिंह, अनिल भलावी, चित्रलेखा नेताम, इमरान पटेल, बसंत तिवारी, नरेश मरावी एवं नगर व गाँव से आये कांग्रेसी तैनात थे।
विदित हो कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कांतिलाल भूरिया द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार के खिलाफ जेलभरों आंदोलन जिला मुख्यालय में किये जाने हेतु निर्देश दिये थे। सिवनी जिले में हजारों की संख्या में लोगों ने गिरफ्तारी तो दी किन्तु कचहरी चौंक में सम्पन्न हुई आम सभा फीकी नजर आयी। दोपहर 02 बजे से 03 बजे स्थिति यह थी कि पंडाल जो कि बहुत छोटा सा बना हुआ था भरा ही नहीं था। पंडाल भरे जाने हेतु कांग्रेसियों को फोन कर के बुलाना पड़ रहा था। स्थिति इतनी खराब थी कि मंच पर विराजमान विस उपाध्यक्ष श्री हरवंश सिंह को स्वयं इशारे कर करके सड़क पर खड़े दर्शकों एवं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कहना पड़ रहा था कि वे पंडाल के अंदर आकर बैठ जायें। बाद में अपनी संख्या दिखाने के लिये बहुत से कांग्रेसियों को फोन कर करके बुलवाया गया ताकि गिरफ्तार होने वाले कांग्रेसियों के आंकड़े 5 हजार के लगभग पहुँचये जाये।
उल्लेखनीय होगा कि प्रदेश  भाजपा अध्यक्ष के आव्हान पर प्रदेश सरकार के विरूद्ध जेल भरों आंदोलन की आम सभा हेतु जो पंडाल कचहरी चौंक में बनाया गया था उसका आकार प्रकार इतना छोटा था कि वह कहीं से भी कांग्रेस का पंडाल नहीं लग रहा था पंडाल में बेनर पोस्टरों का पंडाल में सख्त आभाव था और सामने की तरफ लगा कमलनाथ प्रशंसक फोरम के फ्लेक्स से यह भ्रम हो रहा था कि शिवराज सरकार की नीतियों और कारगुजारियों के खिलाफ कार्यक्रम है या कमलनाथ प्रसंशक फोरम का कार्यक्रम है।
वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेसियों के भाषण में जिस तेवर की उम्मीद की जा रही थी वह कार्यक्रम में नजर नहीं आयी। भाषण से प्रतीत हो रहा था कि कांग्रेसी मुद्दा उठाना भी चाहते हैं और दबाना भी अन्यथा जिले में भाजपा विधायकों एवं प्रशासन के विरूद्ध इतने प्रमाणिक मुद्दे हैं कि वाकई भाजपा सकते में आ गयी होती किन्तु भाषण से ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे कांग्रेस भाजपा को बचा कर चलना चाहती हो।
कचहरी चौंक में सरकार के खिलाफ हुई आम सभा में विस उपाध्यक्ष ठाकुर हरवंश सिंह ने शिवराज सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह कांग्रेस का शंखनाद है अब 2013 तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। सरकार के भ्रष्टाचार, वादा खिलाफी और झांसा देने की प्रवृŸिा से हम लोगों को अवगत करायेंगे।
विस उपाध्यक्ष श्री हरवंश सिंह के अलावा मंचासीन सभी लोगों द्वारा उद्बोधन दिये गये जिसमें नपा उपाध्यक्ष राजिक अकील ने बिजली दरों में हुई वृद्धि, जकी अनवर खान ने सिवनी विधायक नीता पटैरिया के टैंकर कांड, राजकुमार उर्फ पप्पु खुराना ने जिला चिकित्सालय में मिलने वाली गलत दवाइयों एवं छोटे खदान वालों सरकार द्वारा भेदभावपूर्वक की जा रही कार्यवाही, श्री प्रसन्न मालू ने भाजपाइ जनप्रतिनिधियो के नाकारेपन, आशुतोष वर्मा ने बिजली की समस्या व श्रीमती नेहा सिंह ने प्रदेश सरकार की अव्यवस्थाओं की बात अपने भाषण में संक्षिप्त रूप में कही।

कोई टिप्पणी नहीं: