गुरुवार, 16 फ़रवरी 2012

किस बात की है विकास यात्रा यह तो बताए भाजपा: इमरान


किस बात की है विकास यात्रा यह तो बताए भाजपा: इमरान

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ‘‘भाजपा के शासनकाल में आठ सालों में सिवनी को लेकर कोई एक उपलब्धि जो भारतीय जनता पार्टी को गोरवांन्वित कर सके, यह बताए भाजपा! सिवनी जिले की जनता आज भाजपा के स्थानीय नुमाईंदों से पूछना चाह रही है कि आखिर किस बात की विकास यात्रा निकाल रही है?‘‘ उक्ताशय की बात नगर काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में कही है।
शहर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता फिरोज खान के हस्ताक्षरों से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष इमरान पटेल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्या यह विकास यात्रा इसलिए तो नहीं की जा रही है कि प्रदेश के घोषणावीर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अब तक सिवनी को लेकर जितनी घोषणाएं की हैं वे आज तक कागजों पर आकार भी नहीं ले सकीं हैं। शहर में विकास यात्रा निकालने के पहले भाजपा को जनता को इस बात का जवाब देना होगा कि मुख्यमंत्री के माडल टाउन बनाने की घोषणा का क्या हुआ? माडल टाउन में हर काम प्लान के मुताबिक होता है और जिले के प्रमुख अधिकारी को एक माह के अंदर प्लान तैयार करना होता है।
उन्होंने कहा कि आखिर संगठन इस बात पर खामोश क्यों है कि पुरोहित की पूजा की थाली से दो सौ रूपए चुराने वाली विधायक श्रीमति नीता पटेरिया ने सांसद रहते हुए सिवनी जिले में पदस्थ एक सरकारी कर्मचारी के नाम पर आरटीओ में रजिस्टर्ड जीप में भ्रमण के नाम पर सात सौ किलोमीटर के डीजल का भुगतान सरकारी खजाने से कैसे प्राप्त कर लिया, जबकि सांसद, यह राशि उनके खुद के नाम पर रजिस्टर्ड वाहन से लेेने के लिए अधिकृत हैं। उन्होंने कहा कि क्या इसी के लिए विकास यात्रा की जा रही है?
इमरान पटेल ने कहा कि भाजपा के शासनकाल की 54 सड़कों का मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के ईयर मार्क आवास पर पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक श्रीमति नीता पटेरिया के कब्जा जमाए जाने के सामने से होकर गुजरने वाली सड़क, बाहूबली चौक से पुराने आरटीओ तक की सड़क और हरी सिंघानिया के घर से मठ मंदिर तक की सड़क के धुर्रे उड़ चुके हैं सात साल में बनीं सारी की सारी सीमेंट रोड़ गायब होने के की स्थित में हैं, जो भाजपा के शासनकाल में बनीं थीं, इसकी विकास यात्रा है यह?
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि क्या यह विकास यात्रा इसलिए निकाली जा रही है कि शहर में नगर पालिका द्वारा 15 रूपए प्रति वर्ग फुट विकास शुल्क लेने के बाद भी नगर वासी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं? शहर गंदगी से बजबजा रहा है, नालियां सड़ांध मार रही हैं, लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं, जगह जगह कचरों के ढेर इस विकास यात्रा के स्वागत को आतुर दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर दो सालों से इसे भरा नहीं जा सका है, इतना ही नहीं इसे खाली रखने से आसपास के नलकूप, कुंए और बावली रिचार्ज नहीं हो पा रहे हैं। क्या यह विकास यात्रा दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण की थाह ढूंढने के लिए की जा रही है?

कोई टिप्पणी नहीं: