बुधवार, 20 जून 2012

पिक्चर से गायब हैं राहुल गांधी!


पिक्चर से गायब हैं राहुल गांधी!

महामहिम चुनाव जैसे महत्वपूर्ण मामले में राहुल की चुप्पी आश्चर्यजनक

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस की नजरों में भविष्य के वज़ीरे आज़म राहुल गांधी इन दिनों राजनैतिक परिदृश्य से ही गायब हैं। राहुल के जन्म दिन पर भी कार्यकर्ताओं के सामने उनकी अनुपस्थिति में कांग्रेस के महासचिव राजा दिग्विजय सिंह ने केक काटा। महामहिम राष्ट्रपति चुनावों की जद्दोजहद चरम पर है, और कांग्रेस के युवा तुर्क का इस तरह गायब रहना आश्चर्य के साथ ही साथ संदेहों को भी जन्म दे रहा है।
कांग्रेस में शीर्ष स्तर पर जो कुछ चल रहा है उसे देखकर लग रहा है मानो उपर सब कुछ ठीक ठाक नहीं है। एक तरफ कांग्रेस द्वारा राजा दिग्विजय सिंह के बयानों को कांग्रेस का अधिकृत बयान ना माने जाने की बात कही जाती है तो दूसरी ओर राहुल गांधी के अघोषित राजनैतिक गुरू राजा दिग्विजय सिंह उनके जन्म दिन पर समाचार चेनल में केेक काटते दिख जाते हैं।
एक निजी समाचार चेनल के साथ साक्षात्कार में राजा दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की अभी जरूरत ही कहां है? राहुल जी ने सोनिया गांधी को अधिकृत कर दिया है कि वे राष्ट्रपति के लिए प्रत्याशी का चयन करें!
संभवतः यही बात कांग्रेस की दूसरी पंक्ति के नेताओं को नागवार गुजरी और राजा के बोलने पर पाबंदी लगा दी गई। अमूमन कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा ही किसी को किसी बात के लिए अधिकृत किया जाता है, इस परंपरा से उलट दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का कद सोनिया से बड़ा कर दर्शाया गया है।
सियासी गलियारों में अब यह खोज मच गई है कि आखिर अपने जन्म दिन पर राहुल गांधी कहां थे? कोई कह रहा है कि राहुल छुट्यिां मना रहे हैं तो कोई उनके विदेश जाने की बातें कर रहा है। किसी का कहना है कि वे अपनी माता श्रीमति सोनिया गांधी के इलाज के सिलसिले में अमरीका गए हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: