बुधवार, 20 जून 2012

महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों में अब होगी त्वरित कार्रवाई

महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों में अब होगी त्वरित कार्रवाई
(नंद किशोर)
भोपाल (साई)। महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित प्रकरणों की एफ.आई.आर. से न्यायालय तक मॉनीटरिंग की जाएगी। इससे अपराधियों को उनके किए की सजा जल्द मिलेगी। गौरतलब है कि महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश में विशेष महिला प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। गृह मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने महिला प्रकोष्ठ के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
महिला प्रकोष्ठ का प्रभारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीमती एम. अरुणा मोहन राव को बनाया गया है। प्रकोष्ठ की प्रभावी गतिविधि के लिए चार क्षेत्रीय महिला प्रकोष्ठ भोपाल, इन्दौर, ग्वालियर और जबलपुर में बनाए गए हैं। इनमें से भोपाल, इन्दौर और जबलपुर में पुलिस महानिरीक्षक एवं ग्वालियर में पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी की पद-स्थापना कर दी गयी है। गृह मंत्री श्री गुप्ता प्रदेश के सभी 9 महिला थानों में महिला पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग करने के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस बल में महिला कर्मचारियों एवं अधिकारियों की अलग से ग्रेडेशन लिस्ट बनायी जाएगी। इससे उनको पदोन्नति के अधिक अवसर मिलेंगे।
इसके साथ ही न्यायालयीन प्रकरणों में मजबूती से महिलाओं का पक्ष रखने के लिए सभी क्षेत्रीय महिला प्रकोष्ठ में उप संचालक अभियोजन भी पदस्थ किए गए हैं। महिला प्रकोष्ठ के अधीन ही अब सभी थानों की महिला हेल्प डेस्क, परिवार परामर्श केन्द्र और हयूमन ट्रैफिकिंग का सेल कार्य करेगा।
नवगठित क्षेत्रीय महिला प्रकोष्ठ
  • भोपाल - भोपाल, होशंगाबाद, सागर संभाग के सभी जिले।
  • इन्दौर - इन्दौर, उज्जैन संभाग के सभी जिले।
  • जबलपुर - जबलपुर, रीवा, शहडोल संभाग के जिले।
  • ग्वालियर - ग्वालियर, चंबल संभाग के समस्त जिले।
क्षेत्रीय महिला प्रकोष्ठ के कार्य
महिला संबंधी अपराधों का डीएसआर प्राप्त कर समीक्षा। प्रतिदिन डीएसआर मुख्यालय भेजेगें। स्पेशल रिपोर्ट प्रगति प्रतिवेदन एवं अंतिम रिपोर्ट की समीक्षा और कार्यवाही। सनसनी-खेज एवं गंभीर अपराधों के घटना स्थल का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण। महिला संबंधी अपराध का जिलेवार डायजेस्ट तैयार करना। गंभीर अपराधों की निर्णय होने तक मॉनीटरिंग। गुमशुदा बालक-बालिकाओं की जानकारी एवं समीक्षा। जोन के समस्त महिला अपराधों की समीक्षा पर्यवेक्षण, मानीटरिंग। जोन में स्थित मानव दुर्व्यापार सेल एवं जोन में पंजीबद्ध अपराधों की मानीटरिंग। जोन में स्थित महिला परामर्श केन्द्र हेल्प लाइन, महिला डेस्क के कार्यों का निरीक्षण, मॉनीटरिंग एवं समीक्षा। महिला संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण व सेमीनार। कार्य स्थल पर यौन शोषण की जोन स्तरीय समीक्षा। जोन के महिला संबंधी अपराधों का मासिक विश्लेषण एवं प्रतिवेदन और दोषमुक्ति, दोषसिद्धि एवं राजीनामा के निर्णयों की समीक्षा कर रिपोर्ट अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कार्यालय भेजेंगें।

कोई टिप्पणी नहीं: