सोमवार, 18 जून 2012

कांग्रेस अब निर्दलीय डमी को देगी अपना समर्थन: भूरिया


कांग्रेस अब निर्दलीय डमी को देगी अपना समर्थन: भूरिया

(ब्यूरो)

सिवनी (साई)। ‘‘कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के द्वारा लखनादौन नगर पंचायत के चुनावों में नाम वापस लेने से असमंजस की स्थिति अवश्य बन गई है। हम इसकी जांच करवा रहे हैं। अब कांग्रेस द्वारा निर्दलीय तौर पर डमी प्रत्याशी के पक्ष में अपना समर्थन दे दिया जाएगा।‘‘ उक्ताशय की बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांति लाल भूरिया द्वारा आज मोबाईल पर चर्चा के दौरान कही।
ज्ञातव्य है कि सिवनी जिले के लखनादौन नगर पंचायत के लिए कांग्रेस की ओर से रोशनी मंद्रेला और प्रेमलता कहार द्वारा नामांकन जमा करवाया गया था। दोनों ही प्रत्याशियों द्वारा आज नाम वापस लेने के अंतिम दिन अपना नामंकन वापस ले लिया है। इससे कांग्रेस की क्षेत्र में बुरी तरह भद्द पिट रही है।
उल्लेखनीय होगा कि आजादी के उपरांत नगर पंचायत लखनादौन वैसे भी सुरक्षित विधानसभा लखनादौन का तहसील मुख्यालय रहा है। इस विधानसभा पर पचास सालों से ज्यादा समय तक कांग्रेस का परचम लहराया जाता रहा है। पिछले दो बार से कांग्रेस की स्थिति क्षेत्र में बेहद खराब हो चुकी है। वैसे भी इस क्षेत्र में नगर पंचायत लखनादौन में कांग्रेस और भाजपा की स्थिति काफी गंभीर मानी जा रही है। निर्दलीय के बतौर कुछ प्रत्याशी ही मैदान में हैं।
इस संबंध में जब नेता प्रतिपक्ष राहुल सिंह से दूरभाष पर चर्चा की गई तो उन्होंने इस संबंध में अपनी अनभिज्ञता प्रकट की कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी है। उन्होंने मामले की जांच की बात कही। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के प्रवक्ता माणक अग्रवाल द्वारा शासन प्रशासन के दबाव में पर्चा उठाने की संभावना व्यक्त की गई।
इस संबंध में जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांति लाल भूरिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाईल सदा की ही भांति बंद मिला। जब उनके निज सहायक श्री कक्कड के मोबाईल पर संपर्क साधा गया तब उनसे चर्चा हो पाई। श्री भूरिया ने कहा कि इस क्षेत्र के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए नाम केवलारी विधायक हरवंश सिंह द्वारा सुझाए गए थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के दबाव में आकर कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी द्वारा फार्म उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में जांच की जा रही है कि आखिर यह परिस्थिति क्यों बनी? श्री भूरिया ने कहा कि अब जब कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं है तब कांग्रेस द्वारा डमी के बतौर खड़े कराए गए निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देकर चुनाव लड़ा जाएगा। कांग्रेस द्वारा किस प्रत्याशी को निर्दलीय के बतौर खड़ा कराया गया है इस बारे में कयास लगाए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: