गुरुवार, 21 जून 2012

जगन्नाथ भगवान की रथयात्रा आरंभ


जगन्नाथ भगवान की रथयात्रा आरंभ

(एस.के.शर्मा)

पुरी (साई)। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा समुद्र किनारे स्थित पुरी में आरंभ हो गई है। भगवान जगन्नाथ अपने परिवार के साथ शहर भ्रमण पर निकल चुके हैं। पुरी के साथ ही साथ अहमदाबाद में भी रथ यात्रा निकल गई है। अहमदाबाद में सुबह करीब सवा सात बजे मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने रथ खींचकर इसकी शुरुआत की। प्रशासन ने पुरी और अहमदाबाद में इसके लिए प्रशासन ने जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
यात्रा वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी करेंगे तो वहीं इस यात्रा को सुचारू रूप से अपनी मंजिल तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। टैरेस बूथ और जीपीएस की भी मदद इस यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए मदद ली गई है। कच्छ इलाके में इस दिन से ही नववर्ष भी शुरू होता है। माना जाता है कि यदि इस समय बारिश हो तो पूरे वर्ष ही वर्षा अच्छी होती है और राज्य में सुख और समृद्धि आती है।
इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भगवान जगन्नाथ खुद नगरभ्रमण पर निकले हैं। उन्होंने इस मौके पर सभी लोगों को मुबारकबाद दी और शांति स्थापना के लिए दुआ भी मांगी। उन्होंने कहा भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से गुजरात और अधिक समृद्ध हो यही मेरी दुआ है। अहमदाबाद में यात्रा से एक दिन पहले मिले बमों के बाद यहां पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। हर वर्ष इस यात्रा में लाखों लोग भाग लेते हैं। विदेशी सैलानी भी इस यात्रा को देखने के लिए भुवनेश्वर का रुख करते हैं।
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने भी यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त तैयारी कर ली है। पुरी के विभिन्न स्थानों और विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश के पलासा और पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से पुरी के लिए 62 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पहले से चलने वालीं 118 ट्रेनें तो हैं ही। रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अपील की है कि यात्री ट्रेन की छतों पर बैठकर कदापि यात्रा न करें अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं: