सोमवार, 1 अक्तूबर 2012

क्या सिवनी शामिल होगा मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन में!


. . . तो एंबारकेशन प्वाईंट क्या होगा

क्या सिवनी शामिल होगा मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन में! 

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरंभ की गई मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना में सिवनी जिले को शामिल किया जाएगा अथवा नहीं इस बात पर अभी शंका बरकरार है। अगर सिवनी को शामिल कर भी लिया गया तो इसका एंबारकेशन प्वाईंट छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, नरसिंहपुर या नागपुर होगा?
ज्ञातव्य है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा सरकारी खर्च पर वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ दर्शन कराने का अभिनव अभियान चलाया हुआ है। इस योजना के तहत चयनित वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी खर्च पर तीर्थ स्थानों के दर्शन करवाए जाते हैं। इस योजना में यात्रा व्यय के साथ ही साथ खाने पीने यहां तक कि पूजन अर्चन में होने वाले व्यय का भोगमान भी मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ही भोगा जाता है।
सीएम की इस योजना में हिन्दु धर्मावलंबियों के साथ ही साथ हाल ही में मुस्लिम धर्मावलंबियों को अजमेर शरीफ के दर्शन भी करवा दिए गए हैं। मध्य प्रदेश सरकार की इस अभिनव योजना में तीर्थ यात्रियों को भारतीय रेल का पूरा रेक ही बुक करके दर्शन के लिए भेजा जाता है।
दरअसल सिवनी के निवासी सालों से ब्राडगेज की रास्ता देख रहे हैं। सिवनी के विधायक सांसदों ने अभी तक सिवनी जिले को इस योजना में जोड़ने की मांग भी अभी तक नहीं रखी गई है। सिवनी जिले के भाजपाई सांसद के.डी.देशमुख, विधायक और प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमति नीता पटेरिया, शशि ठाकुर एवं कमल मस्कोले के साथ ही साथ कांग्रेस के सांसद बसोरी सिंह मसराम, एवं विधानसभा के उपाध्यक्ष हरवंश सिंह ठाकुर ने भी इस मामले में सीएम से कोेई बात नहीं की है।
हाल ही में हज यात्रियों के लिए एंबारकेशन प्वाईंट को लेकर भी काफी हंगामा हुआ। कांग्रेस ने हरवंश सिंह की अगुआई में इस मामले में केंद्रीय मंत्री कमल नाथ से तो भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भोपाल जाकर आवाज बुलंद करने की खबरें मीडिया के माध्यम से प्रचारित प्रसारित करवा दी। बाद में माननीय न्यायालय में गए दो युवकों की मेहनत रंग लाई और एंबारकेशन प्वाईंट भोपाल से हटकर नागपुर हुआ। जब एंबारकेशन प्वाईंट के बारे में अल्प संख्यक समुदाय को इस बात का भान हुआ कि उन्हें कांग्रेस और भाजपा के स्थानीय नेताओं ने ही छला है तो उन्हें काफी क्षोभ हुआ।
वैसे मुख्मयंत्री तीर्थदर्शन योजना के मसले में अगर भूल से सिवनी जिले के विधायक सांसदों द्वारा मांग की जाती है और सरकार भूल से उसे मान लेती है एवं सिवनी जिले को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल कर लिया जाता है तो यक्ष प्रश्न तो यही खड़ा है कि आखिर इस योजना में ब्राडगेज के रेल्वे स्टेशन जो छिंदवाड़ा, बालाघाट, नरसिंहपुर, जबलपुर और नागपुर में हैं, में कहां से तीर्थयात्री रेल पकड़ पाएंगे?

कोई टिप्पणी नहीं: