मंगलवार, 20 नवंबर 2012

लव गुरू पढ़ाएंगे प्यार का पाठ!


लव गुरू पढ़ाएंगे प्यार का पाठ!

(नीलिमा सिंह)

पटना (साई)। लव गुरु के नाम से मशहूर पटना यूनिवर्सिटी के प्रफेसर मटुक नाथ अब प्यार का सबक सिखाने की तैयारी में हैं। वे एक लव स्कूल खोलने जा रहे हैं। इस स्कूल में वह युवाओं को सिखाएंगे कि प्यार कैसे किया जाए। अपनी तरह के इस अकेले स्कूल को खोलने के लिए मटुक नाथ ने प्रेमिका जूली के साथ अपने गांव में तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रफेसर मटुक नाथ चौधरी अपने से आधी उम्र की स्टूडेंट के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर रखने पर चर्चा में आए थे।
पटना यूनिवर्सिटी में हिन्दी के प्रफेसर मटुक नाथ चौधरी का कहना है कि प्यार इंसान को भगवान का दिया सबसे कीमती तोहफा है, ऐसे में हमें इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा, श्प्यार हमें कंस्ट्रक्टिव बनाता है। प्यार का मतलब है बलिदान; इसमें स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। प्यार के दो चेहरे होते हैं- पहला डिस्ट्रक्टिव होता है और दूसरा कंस्ट्रक्टिव। दुख की बात है कि आज के युवा प्यार के सही तरीके को नहीं पहचान पा रहे। हम उन्हें सिखाएंगे कि कैसे सर्वाेच्च बलिदान करते हुए समाज के लिए उदाहरण पेश किया जाए।
प्रफेसर चौधरी को साल 2009 में अपने से अपनी स्टूडेंट जूली के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की वजह से नौकरी से निकाल दिया गया था। लेकिन पिछले साल मटुक ने प्रेमिका जूली और समर्थकों के साथ अपनी नौकरी के लिए धरना दिया था, जिसके बाद उन्हें दोबारा बहाल कर दिया गया था।
मटुक नाथ का कहना है कि स्कूल एजुकेशन बच्चों को सिर्फ बाहरी दुनिया के बारे में ही बता रही है। बच्चे यह नहीं जान पा रहे कि आंतरिक ज्ञान क्या है। ऐसे में हम 2 कमरे और एक बड़ा हॉल बना रहे हैं, जहां पर खास लव क्लासेज चलेंगी। लव गुरु मटुक नाथ का कहना है कि इस काम में उनके गांव वाले भी उनकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इस योजना के खिलाफ उनके गांव वालों को कुछ लोग भड़का भी रहे हैं, लेकिन वह बिना डरे इस प्रॉजेक्ट को पूरा करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: