मंगलवार, 20 नवंबर 2012

भारत असियान के साथ मुक्त व्यापार समझौते को राजी


भारत असियान के साथ मुक्त व्यापार समझौते को राजी

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह ने कहा है कि भारत अगले महीने आसियान के साथ सेवा और निवेश के क्षेत्र में मुक्त व्यापार समझौता करने को तैयार है। कल शाम भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान डॉक्टर मनमोहन सिंह ने इसकी घोषणा की। उन्होंने आसियान देशों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उनका कहना था कि आसियान के साथ भारत के संबंध हर क्षेत्र में बढ़ते रहेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि आज कम्बोडिया में प्नोमपेन्ह में पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में व्यापक क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी के बारे में वार्ता शुरू होगी। प्रधानमंत्री ने कहा है कि इससे हमारे आर्थिक संबंधों में तेजी से विस्तार को गति मिलेगी। डॉ मनमोहन सिंह ने विविध क्षेत्रों में सहयोग की पहल का भी वायदा किया जिससे क्षेत्रीय सहयोग की गहराई और विस्तार में बढ़ोतरी होगी। इस शिखर सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा के बारे में भी चर्चा होगी।
साई इंटरनेशनल डेस्क से मिली जानकारी के मुताबिक दस देशों के आसियान संगठन ने दक्षिण चीन सागर में टकराव रोकने के लिए एक आचार संहिता पर सहमति व्यक्त की है। इस संहिता में समुद्री अधिकार और समुद्र में आने जाने के बारे में नियम होंगे। भारत भी शांति और सुरक्षा के वास्ते आचार संहिता लागू करने के पक्ष में है। हाल के महीनों में समुद्री सुरक्षा का मुद्दा चर्चा का केन्द्र रहा है। दुनियाभर से करीब पचास हजार जहाज पूर्वी एशिया क्षेत्र के सागरों से आते जाते हैं। सम्मेलन में क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों के साथ साथ ऊर्जा, शिक्षा और आपदा प्रबंधन पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री आज सुबह ब्रुनेई के प्रधानमंत्री के साथ बैठक करेंगे और उसके बाद पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन की चर्चाओं में हिस्सा लेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: