सोमवार, 5 सितंबर 2011

टीम अण्णा पर कसने लगा सरकारी शिकंजा

ये है दिल्ली मेरी जान

(लिमटी खरे)

टीम अण्णा पर कसने लगा सरकारी शिकंजा
किशन बाबूराव उर्फ अण्णा हजारे की हुंकार पर एकजुट हुए देश से कांग्रेसनीत संप्रग सरकार की चूलें हिल गईं हैं। सरकार घुटने पर आ गई और अण्णा की बातें मानने के अलावा उसके पास और कोई रास्ता ही नहीं बचा। टीम अण्णा की जीत को कांग्रेस के प्रबंधक पचा नहीं पा रहे हैं। अब कांग्रेस ने टीम अण्णा पर शिकंजा कसना आरंभ कर दिया है। सरकार का पहला निशाना किरण बेदी बनीं। बेदी ने सर पर दुपट्टा ओढ़कर सांसदों की नकल उतारी थी। अण्णा का साथ देने वाले अभिनेता ओम पुरी द्वारा सांसदों को नालायक और गंवार कहना जनसेवकों को नागवार गुजरा। सांसदों ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस देने का मन बना लिया है। टीम अण्णा का दिमाग कहे जाने वाले अरविंद केजरीवाल पर वित्त मंत्रालय ने शिकंजा कस दिया है। आयकर विभाग ने केजरी वाल पर नौ लाख सत्ताईस हजार रूपए की रिकवरी निकाली है। टीम अण्णा पर लगातार सरकारी हमलों से अण्णा हजारे कुछ खफा तो दिख रहे हैं, पर वे विचलित कतई नजर नहीं आ रहे हैं।

बाबा रामदेव के पास स्काटलेण्ड में एक द्वीप!
प्रवर्तन निदेशालय ने इक्कीसवीं सदी के स्वयंभू योग गुरू रामकिशन यादव उर्फ बाबा रामदेव और उनके हरिद्वार स्थित ट्रस्टों के खिलाफ विदेशी मुद्रा विनिमय प्रबंधन अधिनियम के उल्लंघन का आरोप मढ़ दिया है। ईडी के अधिकारियों का कहना है कि रिजर्व बैंक की रिपोर्ट और बाबा के इन ट्रस्टों द्वारा किए गए लेन देन में जानकारियों के आाार पर यह मामला दर्ज किया गया है। ईडी के सूत्रों ने एक चौंकाने वाली जानकारी देते हुए बताया कि बाबा रामदेव को उनके एक अनुयाई द्वारा कथित तौर पर स्काटलैण्ड में एक द्वीप भेंट किया गया है। ‘‘जब तक भारत को निरोगी न बना दूंगा, तब तक भारत के बाहर कदम न रखूंगा।‘‘ का कौल लेने वाले बाबा रामदेव ने विदेशों की खासी सैर की है। इतना ही नहीं स्काटलैण्ड में लिटिल कम्बरे आईलैण्ड के मंहगे इलाके में बाबा रामदेव का वैलनेस सेंटर संचालित है जहां धन के लेनदेन को लेकर बाबा के ट्रस्ट चर्चा में रहे हैं।

शेहला मसूद हत्याकाण्ड से भाजपा में उबाल
आरटीआई कार्यकर्ता शेहला मसूद की हत्या के लगभग एक पखवाड़े बाद भाजपा के सांसद तरूण विजय की उनसे नजदीकी के कारण अब भारतीय जनता पार्टी बचाव की मुद्रा में नजर आ रही है। इस मामले में दो फाड़ों में बंट चुकी भाजपा अब असमंजस में ही नजर आ रही है। भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों पर शक की सुई घूमते घूमते भाजपा सांसद तरूण विजय तक जा पहुंची। एक वेब साईट के अनुसार शेहला ने एमपी के राज्य सभा सदस्य अनिल माधव दुबे के खिलाफ भी आयकर विभाग से सूचना के अधिकार में कुछ जानकारी मांगी थी। कहा जा रहा है कि तरूण विजय और शेहला जल्द ही एक दूजे के होने वाले भी थे। सत्ता के गलियारे में चल रही बयार के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस मामले में अहम खुलासों का अंदेशा पहले से ही था। यही कारण है कि उन्होंने अपना दामन पाक साफ रखने के लिए आनन फानन में हत्यारे पर एक लाख रूपए का इनाम घोषित कर मामले की जांच सीबीआई के हवाले करने की सिफारिश कर दी थी।

सिंह गर्जाना वाले कुम्भकरण
‘‘हमारी सलरी कितनी है, एक झूनियर क्लर्क से भी कम।‘‘ अपना वेतन बढ़वाने के लिए इस तरह की सिंह गर्जना करने वाले इक्कीसवीं सदी के स्वयंभू प्रबंधन गुरू और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव भले ही समाज सेवी अण्णा हजारे की अनशन के खिलाफ बड़ी बड़ी बातें करें किन्तु संसद के सत्र में जब वे सोते पाए गए तो लोगों के आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। कहा जा रहा है कि लालू के खुर्राटों से आसपास के सदस्यों को बाधा उतपन्न हो रही थी, कि अचानक ही किसी ने इशारे से लोकसभाध्यक्ष की कुर्सी पर विराजीं मीरा कुमार का ध्यान इशारे से लालू की ओर आकर्षित कराया। फिर क्या था, मुस्कुराते हुए मीरा कुमार ने लालू यादव के ठीक पीछे बैठे राजद सांसद उमाशंकर सिंह को ताकीद किया कि वे लालू यादव को नींद से जगा दें। कहते हैं कि नींद की बीमारी बहुत ही संक्रामक रोग की तरह ही है। यह जब लगती है तो कईयों को एकसाथ अपनी गिरफ्त में ले लेती है। लालू के बाजू वाली सीट पर वैसे अक्सर उंघने वाले एच.डी.देवगोड़ा ही बैठते हैं।

सीएम के निर्देश हवा में
देश के हृदय प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशों पर सूबे के आला अधिकारी ज्यादा कान देना पसंद नहीं करते हैं। सीएम चाहे जो भी कह जाएं, प्रदेश में होता वही है जो अधिकारी चाहते हैं। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व बस चालकों के विवाद में जिन्दा जले यात्रियों के हादसे के बाद सीएम ने निर्देश दिए थे कि एक दरवाजे वाली यात्री बस सड़कों पर न दौड़ने दी जाएं। सूबे में सीएम के इन निर्देशों का क्या हाल है इसका अंदाजा मध्य प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से कथित तौर पर अनुबंधित एक दरवाजे वाली यात्री बसें जो दिल्ली आती हैं उन्हें देखकर लगाया जा सकता है। दिल्ली के सराय काले खां अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल पर जर्जर हालत में खड़ी एक दरवाजे वाली बस सीएम के निर्देशों को खुद ही बयान करती हैं। इतना ही नहीं सीएम ने हाल ही में निर्देश दिए हैं कि अपराधिक चरित्र वाले लोगों को बस में चालक परिचालक न बनाया जाए। सीएम के इन निर्देशों को भी धता बताते हुए बिना वर्दी या बैज धारी चालक परिचालक यात्रियों को धमकाते सरेआम नजर आ ही जाते हैं।

व्यवस्था से न्यायपालिका भी कुपित
अण्णा हजारे के आंदोलन ने सरकार को हिला अवश्य ही दिया किन्तु सरकारी नुमाईंदों पर इसका कोई खास असर पड़ता नहीं दिख रहा है। देश में सरकारी सिस्टम में पसरी अराजकता के चलते न्यायपालिका की भवें भी इस पर तिरछी ही नजर आ रही हैं। पिछले दिनों सेवा के एक मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार को अस्पष्ट तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि दस साल और रूको, फिर लोग तुम्हें ही पाठ पढ़ाएंगे। अण्णा के आंदोलन का परोक्ष तौर पर हवाला देते हुए जस्टिस सिंघवी और जस्टिस एच.एल.दत्तु की बैंच ने कहा कि तीन दिन पहले ही आप सभी ने इसका सामना किया है। आने वाले दिनों में होने वाला आंदोलन इससे कहीं उग्र होगा। गौरतलब होगा कि अण्णा के आंदोलन में जब पुलिस और न्यायधीश ने मंच पर से समर्थन दिया तब सरकार के हाथ पांव फूलना स्वाभाविक ही है।

जेम्स बांड की फिल्मों में नजर आएगा भारत
हरदिल अज़ीज़ हो चुके 007 जेम्स बांड की फिल्म श्रंखला की 23वीं फिल्म की शूटिंग हिन्दुस्तान में होगी! जी हां दिल्ली का दरियागंज, सरोजनी नगर मार्केट, अंसारी रोड़ के अलावा मुंबई, अहमदाबाद और गोवा में जेम्स बांड की फिल्मों की शूटिंग की इजाजत भारत सरकार द्वारा दे दी गई है। लगभग एक हजार करोड़ रूपयों की लागत से बनने वाली इस नई फिल्म के हीरो डेनियल क्रेग ही होंगे। बतौर बांड डेनियल की पहली फिल्म केसीनो रायल थी, जिसने बाक्स ऑफिस के अनेक रिकार्ड ध्वस्त किए थे। दुनिया भर में लगभग 22 अरब डॉलर से अधिक का करोबार कर चुकी बांड की फिल्मों की इस 23 वीं फिल्म के ििलए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भारत के चुनिंदा हिस्सों में फिल्माने की अनुमति दे दी है। इसमें अहमदाबाद के टोरंटो पावर लिममिटेडद्व ओएनजीसी, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन, मुंबई और गोवा के दूध सागर सुरंग ओर जुआरी रेल ब्रिज भी फिल्मों में दिख सकते हैं।

अब सांसदों की आवभगत में सूचना केंद्र के अफसरान
मध्य प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनओं को जनता तक पहुंचाने के लिए पाबंद मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग का दिल्ली स्थित सूचना केंद्र एक बार फिर चर्चाओं का केंद्र बन चुका है। कल तक अघोषित तौर पर मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मीडिया रूम के बतौर काम करने वाले इस कार्यालय ने अब सांसदों का दामन थाम लिया है। आरोपित है कि सूचना केंद्र द्वारा मीडिया को मिलने वाली सुविधाओं को भाजपा के अनुषांगिक संगठनों, सांसद और विधायकों को उपलब्ध करवाई जाती हैं। इतना ही नहीं भाजपा के संगठन के कामों का प्रचार प्रसार भी इसके द्वारा किया जाता है। पिछले दिनों एमपी के जनसंपर्क मंत्री के द्वारा भाजपा के एक प्रोग्राम में दिए गए वक्तव्य और एक अधिकारी के परिजन की कला प्रदर्शनी के समाचार को भी इस कार्यालय द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी किया गया था। सूत्रों का कहना है कि अब सुषमा स्वराज के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति से मिलने गए प्रतिनिधिमण्डल के समाचार को न केवल इस कार्यालय द्वारा बनाया गया वरन् आधिकारिक तौर पर जारी भी किया गया है।

दिया तले अंधेरा दिख रहा लोकसभा में!
केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के सचिव ए.पी.पाठक को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में धर दबोचा। सीबाीआई ने पाठक के स्वामित्व वाले दिल्ली और लखनऊ के परिसरों में छापा मारा और तलाशी ली। खबर मिलते ही पाठक को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। मूलतः भूतल परिवहन मंत्रालय के कर्मचारी पाठक को लोकसभा कार्यालय में जून में पदस्थ किया गया था। भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि विपक्ष द्वारा इसे मुद्दा न बना लिया जाए इसलिए संसद में उनके कक्ष के सामने लगी तख्ती को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। मीरा कुमार की मीडिया सलाहकार राखी बख्शी ने पाठक के हटाए जाने की पुष्टि की है। आय से अधिक संपत्ति का मामला केंद्रीय सतर्कता आयुक्त कार्यालय द्वारा सीबीआई को सौंपा गया था। चर्चा है कि अगर सही जांच हुई तो बात निकली है तो दूर तलक जाएगी की तर्ज पर अनेक लोगों पर शिकंजा कस सकता है।

भूरिया के आरोप और भाजपा की चुप्पी!
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया द्वारा शिवराज सिंह सरकार को सड़कों के मामले में कटघरे में खड़ा किया जा रहा है और सूबे की भाजपा मौन साधे हुए है। इससे पहले नेशनल हाईवे की दुर्दशा के लिए प्रदेश भाजपा द्वारा तत्कालीन भूतल परिवहन मंत्री कमल नाथ के खिलाफ पिछले साल इन्हीं दिनों मानव श्रंखला और हस्ताक्षर अभियान की बाकायदा तारीखें घोषित की थीं। अज्ञात कारणों के चलते अभियान परवान नहीं चढ़ पाया। हाल ही में स्टेट हाईवे की दुर्दशा को रेखांकित कर भूरिया ने कहा है कि रायसेन जिले में सौंठिया सनखेड़ी मार्ग पर खराब सड़क के चलते एक प्रसूता वंदना बघेल की असमय मृत्यु से राज्य की सड़कों की हालत साफ हो जाती है। उधर लखनादौन से सिवनी के बीच खराब एनएचएआई के फोरलेन पर बीते दिवस गड्ढ़ा बचाते एक ट्रक पलटने से चालक की हुई मौत के मामले में प्रदेश भाजपा मौन साधे बैठी है। भूरिया का कहना है कि शिवराज की सड़कें और कितनी प्रसूताओं की बली लेंगी? क्या भाजपा कांग्रेसनीत केंद्र सरकार से यह पूछने की जहमत नहीं उठा सकती कि खस्ताहाल नेशनल हाईवे कितने वाहन चालकों की बली लेगी?

. . . तो क्यों ली सरकार से जमीन!
सरकार से रियायती दरों पर जमीन लेते वक्त तो निजी अस्पतालों द्वारा अनुबंध पर हस्ताक्षर कर दिए जाते हैं किन्तु जब इन अनुबंधों की शर्तों के पालन की बारी आती है तब अस्पताल पीछे हट जाते हैं। न तो केंद्र और न ही राज्यों की सरकारें इन्हें गरीब गुरबों के इलाज के लिए बाध्य करती हैं। देश की महामहिम राष्ट्रपति तक चिकित्सकों से मानव सेवा की अपील कर चुकी हैं। बार बार न्यायालयों की चेतावनी भी इनके लिए बेअसर ही साबित हो रही है। दिल्ली हाईकोर्ट में 2007 में दायर एक पीआईएल की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस आर.व्ही.रवींद्रन और जस्टिस ए.के.पटनायक की बैंच ने ओपीडी में 25 फीसदी और बिस्तरों में दस फीसदी गरीबो के लिए निशुल्क इलाज की हिदायत दी है। युगल पीठ ने कहा कि अस्पतालों ने सरकार से रियायती जमीन ली ही क्यों? वे सरकार की जमीन वापस करें और निजी जमीन खरीदकर अस्पताल बनाएं। जमीन लेते वक्त किए अनुबंध के पालन पर छटपटाहट कैसी? अस्पताल अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकते।

जहर उगलतीं हिमाचल की पुण्य सलिलाएं
हिमाचल प्रदेश की लाट साहेब उर्मिला सिंह ने एक मर्तबा अपने संबोधन में हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा था। वाकई हिमाचल प्रदेश देव भूमि ही है। सरकारी अनदेखी और मिलीभगत के चलते राज्य की नदियां जहर उगल रहीं हैं। हिमाचल प्रदेश के प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के वार्षिक प्रतिवेदन में इस बात का खुलासा हुआ है। हद तो तब हो जाती है जब हिमाचल में पेयजल की आपूर्ति करने वाली नदियां बुरी तरह प्रदूषित पाई गईं। प्रतिवेदन में कहा गया है कि सूबे में चल रहे हाईडल प्रोजेक्ट, औद्योगिक कचरे और शहरों के सीवर से निकलने वाले कचरे के कारण प्रदेश की नदियां प्रदूषण का शिकार हो रही हैं तथा लोग जहरीला पानी पीने मजबूर हैं। आश्चर्य तो इस बात पर होता है कि प्रदूषण नियंत्रण की महती जवाबदारी संभालने वाला विभाग ही प्रदूषण के लिए जिम्मेदार लोगों के बारे में बताकर अपने आप को ही बेबस साबित कर रहा है। यहां भी सूबे के सांसदों के साथ ही साथ राज्य में विपक्ष का मौन आश्चर्यजनक ही है।

पूर्व सांसद चीची फंसे जान से मारने की धमकी में
रूपहले पर्दे के मशहूर अदाकार गोविंदा के सितारे इन दिनों गर्दिश में ही नजर आ रहे हैं। एक समय रवीना टंडन की शादी क लिए किराए के उड़न खटोले के माध्यम से कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के संपर्क में आए गोविंदा को राजनीति में खींच लिया गया। महाराष्ट्र और उसकी सीमा से लगे मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में 2004 के लोकसभा चुनावों में गोविंदा का जादू सर चढ़कर बोला। इसके बाद गोविंदा को हाशिए पर ही ढकेल दिया गया। उनकी इतनी बुरी गत हुई कि टिकिट के ही लाले पड़ गए। कहते हैं कि अगर गोविंदा ने अमर सिंह का हाथ थामकर राजनीति की होती तो वे आज कहीं और होते। बहरहाल गोविंदा के जीजा और फिल्म निर्माता प्रवीण खन्ना ने उनके खिलाफ 24 अगस्त को आईएमपीपीए की बैठक में गाली गलौच और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करा दिया है। अब देखना है कि चीची के पालीटिकल कनेक्शन किस हद तक उनकी मदद कर पाते हैं।

पुच्छल तारा
देश अभी भी अण्णा के बुखार से तप रहा है। कहने का तात्पर्य यह कि अण्णा हजारे का बुखार अभी उतरा नहीं है। अण्णा की आंधी आने वाले दिनों में भी जारी ही रहने की उम्मीद है। अण्णा के अनशन के वक्त से अब तक न जाने कितने स्लोगन मार्केट में आ चुके हैं। मध्य प्रदेश से महेश रावलानी ने एक एसएमएस भेजकर इसे रेखांकित किया है। महेश के लिखे स्लोगन इस प्रकार हैं:-

मनमोहन एक काम करो!
चड्डी पहन के डॉस करो!!
सोनिया जिसकी मम्मी है!
वो सरकार निकम्मी है!!
गली का कुत्ता कैसा हो!
कपिल सिब्बल जैसा हो!!
मनमोहन जिसका ताऊ है!
वो सरकार बिकाऊ है!!
देश का युवा जाग गया!
राहुल गांधी भाग गया!!
सरकार की मर गई नानी!
अण्ण लिखेंगे नई कहानी!!
अण्णा देश का भाई है!
कलमाड़ी सरकार का जमाई है!!
जाहिर हुई मनमोहन की सच्चाई!
ए.राजा का निकला भाई!!
देश की धरती करे पुकार!
नहीं चलेगा अब भ्रष्टाचार!!

दीवाली के बाद फिटेंगे शिव के पत्ते

दीवाली के बाद फिटेंगे शिव के पत्ते

नवंबर में हो सकता है एमपी मंत्रीमण्डल में व्यापक फेरबदल

बड़बोले और निष्क्रिय मंत्रियों को दिया जाएगा विश्राम

दिल्ली के आकाओं के देहरियों चूम रहे मंत्री विधायक
(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। 2013 में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के पहले शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रीमण्डल में अंतिम और अहम परिवर्तन नवंबर माह में कर सकते हैं। इसमें भ्रष्ट, लोकायुक्त, ईओडब्लू के निशाने वाले, बड़बोले, निष्क्रिय और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाले मंत्रियों को चुनाव तक आराम करने को कहा जा सकता है। इस बार नए चेहरों में युवाओं के साथ ही साथ महिलाओं को भी ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।

दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के झंडेवालान स्थित मुख्यालय ‘केशव कुंज‘ के उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि संघ ने मध्य प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान को मंत्रीमण्डल फेरबदल के लिए फ्री हेण्ड दे दिया है। दरअसल संघ अभी सामाजिक कार्यकर्ता शेहला मसूद प्रकरण में भाजपा के राज्य सभा सांसद तरूण विजय का नाम आने से बैकफुट पर है, और वह कोई रिस्क लेने की स्थिति में नहीं है। सूत्रों ने कहा कि संघ चाहता है कि एमपी में मंत्रीमण्डल विस्तार तत्काल हो जाए ताकि लोगों का ध्यान इस मामले से हट सके।

उधर गणेशोत्सव के उपरांत 12 से 20 सितम्बर तक शिवराज चीन यात्रा पर जा रहे हैं। फिर पितरांे की समाप्ति के बाद ही नवरात्र आरंभ हो जाएंगी। नवरात्र के बाद शरद पूर्णिमा फिर दीपावली। इस लिहाज से दीवाली तक सभी पूरी तरह व्यस्त रहेंगे। गौरतलब है कि उज्जैन में पिछले दिनों हुई बैठक के बाद मंत्रीमण्डल फेरबदल की पदचाप सुनाई देने लगी थी।

सूत्रों ने कहा कि संघ के आला नेताओं के पास इस बात की खबरें आ रहीं हैं कि अपनी अपनी कुर्सी बचाने और कुर्सी पर काबिज होने की जुगत लगाने के लिए मंत्री और विधायकों द्वारा संघ मुख्यालय नागपुर के साथ ही साथ दिल्ली में संघ और भाजपा के आला नेताओं की चौखटांे पर नाक रगड़ी जा रही है। यही बात आला नेताओं को नागवार गुजर रही है।

सूत्रों ने कहा कि संघ के आला नेताओं ने शिवराज सिंह चौहान को मशविरा दिया है कि प्रदेश में निष्क्रिय, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाले और बड़बोले नेताओं को तत्काल ही घर बिठा दिया जाए। साथ ही पिछले दिनों संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी और शिवराज सिंह चौहान के बीच हुई चर्चा में उक्त पदाधिकारी ने शिवराज को सहकारिता, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण लोक कर्म विभाग, उच्च एवं स्कूली शिक्षा, सहकारिता, कृषि, सिंचाई, पर्यटन जैसे विभागों को मथने की बात भी कही है।

जय वीरू हैं बॉक्स ऑफिस के ‘शहंशाह‘

जय वीरू हैं बॉक्स ऑफिस के ‘शहंशाह‘

खान ब्रदर्स में सलमान हैं जय वीरू के वारिस

(लिमटी खरे) 

नई दिल्ली। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और ड्रीमगर्ल के शौहर धर्मेंद्र की बादशाहत आज भी बॉक्स ऑफिस पर सर चढ़कर बोल रही है। बॉक्स ऑफिस की दुधारू गाय आज भी जय और वीरू ही हैं। फिल्म शोले में जय और वीरू का किरदार निभाने वाले अमिताभ और धर्मेंद्र की रेंकिग आज भी कमाई के मामले में सबसे आगे है। यह बात हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री के बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वाली ‘आईबॉस‘ नामक एजेंसी द्वारा उपलब्ध ऑकड़ों से सामने आई है।

145 से अधिक फिल्मों में अभिनय करने वाले बिग बी यानी अमिताभ बच्चन ने 94 हिट फिल्में दीं हैं। अमिताभ की फिल्मोें ने बॉक्स ऑफिस पर आठ अरब 13 करोड़ रूपयों का बिजनिस किया है। इसके बाद बारी आती है जट यमला पगला दीवाना यानी धर्मेंद्र की। धरम पाजी ने 219 कुल फिल्में की हैं जिनमें से 98 फिल्में हिट हुईं और इनके माध्यम से बॉक्स ऑफिस पर इनकी फिल्मों ने लगभग इतनी ही कमाई की है।

दोनों के बाद तीसरी पायदान पर हैं ‘दादा ठाकुर‘ यानी दिलीप कुमार। दिलीप साहेब ने अपने काफी लंबे फिल्मी केरियर में महज पांच दर्जन यानी साठ फिल्में ही की हैं। दलीप कुमार की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर छः अरब तिरेसठ करोड़ रूपए बटोरे। इक्कीसवीं सदी के पहले दशक में धूमकेतू बनकर उभरे खान ब्रदर्स (शाहरूख खान, सलमान खान और आमिर खान) में सलमान ने दोनों खान को पीछे छोड़ दिया है। 78 में से 34 सफल फिल्मों के साथ सलमान ने बॉक्स ऑफिस पर पांच अरब 48 करोड़ रूपए कमाए हैं।

नई भर्ती को तवज्जो देने से नाराज हैं पुराने कांग्रेसी

नई भर्ती को तवज्जो देने से नाराज हैं पुराने कांग्रेसी

समाजवादी पार्टी का चेहरा बनी यूपी कांग्रेस

उत्तर प्रदेश कांग्रेस में उबल रहा जबर्दस्त असंतोष

राहुल दिग्गी को मंहगी पड़ सकती है पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा

आयतित नेता पड़ रहे हैं कांग्रेसियो पर भारी

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। दूसरे दलों से नाता तोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले नेताओं को जिम्मेदार ओहदों पर बिठाने के चलते कांग्रेस के पुराने नेताओं की भवें तनती दिख रही हैं। देश भर विशेषकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस में प्रवेश पाने वाले अन्य दलों के नेताओं को तवज्जो देने से कांग्रेस का सालों साल झंडा उठाने वाले खासे नाराज दिख रहे हैं। कांग्रेसियों का आरोप है कि खालिस कांग्रेसियों के बजाए बाहर से आए नेता मीर बने बैठे हैं। आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरी तरह से समाजवादी पार्टी का चेहरा बनकर उभर चुकी है।

नेताओं का आरोप है कि राज्यमे कांग्रेस अपनी पहचान के स्थान पर अब समाजवादी परिदृश्य के लिए पहचानी जाने लगी है। समाजवादी पार्टी का दामन छोड़कर कांग्रेस में आई रीता बहुगुणा को सूबे में कांग्रेस की लगाम सौंप दी गई। कांग्रेसियों का प्रश्न है कि क्या सूबे में एक भी कांग्रेस का सदस्य इस पद के लिए योग्य नहीं पाया गया जो सपा से आयतित नेता को बागडोर सौंपनी पड़ी। खालिस कांग्रेसियों का आरोप है कि समाजवादी पार्टी से नेताओं को तोड़कर लाना हो सकता है कि कांग्रेस की रणनति का हिस्सा हो किन्तु इन नेताओं को कांग्रेसियों का सिरमौर बनाना उचित नहीं कहा जा सकता है।

गौरतलब है कि रीता बहुगुणा के अलावा सपा से आए बेनी प्रसाद वर्मा को भी मनमोहन सरकार में मंत्री बना दिया गया है। इतना ही नहीं सिने अभिनेता और सपा के ही राजबब्बर को न केवल सांसद की टिकिट मिली वरन् वे अब कांग्रेस कार्यसमिति का अहम हिस्सा हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय से छन छन कर बाहर आ रही खबरों पर अगर यकीन किया जाए तो कांग्रेस महासचिव राजा दिग्विजय सिंह द्वारा सोनिया और राहुल के संसदीय क्षेत्र वाले उत्तर प्रदेश की हालत एमपी के मानिंद करने का प्रयास किया जा रहा है। यही कारण है कि समाजवादी पार्टी या अन्य दलों से आयात किए गए नेताओं को पुराने कांग्रेसियों के सर पर बिठा दिया गया है।

कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग समिति में भी छः में से तीन सदस्य आयतित ही हैं। नेताओं का आरोप है कि जिन कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपना जीवन कांग्रेस के लिए न्योछावर कर दिया है वे सभी इन आयतित नेताओं की अगुआई में काम करने में अपने आप को असहज और अपमानित ही महसूस कर रहे हैं।

सिवनी को आवश्यकता एक अन्ना हजारे की ........

सिवनी को आवश्यकता एक अन्ना हजारे की ........

(अभिषेक दुबे)

 पूरे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ शंखनाद कर सरकार को झुकाने वाले अन्ना हजारे का नाम आज हर घर में बच्चे-बच्चे की जुबान पर है। कहा जाता है कि अक्सर कोई भी क्रांति हं-ामा मचाते हुए नहीं बल्कि दबे पांव आती है। पूरे विश्व में जितनी भी क्रांतियां हुई हैं उनमें मुख्य रूप से हिंसा आसानी से देखी जा सकती है किंतु अू दिन तक देश का युवा सड़कों मंे नारे बाजी करता रहा किंतु देश के एक भी कोने से पत्थरबाजी तक की खबर सुनने को नही आयी। जबकि कां-रे
स प्रवक्ता मनीष तिवारी अपनी अल अ-स्त की प्रेस कांफ्रेस मंे द्यल वर्षीय बुर्जु- श्री किशनबाबू राव हजारे उर्फ अन्ना हजारे जी को -ण्डा बता चुके थे। ये पूरे समाज के लिये एक मिसाल बन चुकी क्रांति थी। हमारे हिसाब से तो राजनैतिक दलों को इस पर पीएचडी करनी चाहिए कि अहिंसा के मार्- से भी क्रांति लाई जा सकती है।
    देश में क्रांति लाने का काम तो अन्ना हजारे और उनकी टीम अन्ना ने कर दिया, लेकिन वर्षेा    से अपनी पलकें बिछाए सिवनी की जनता एक अदद अन्ना हजारे की तलाश कर रही है। जनता को न उसकी उम्र से फर्क पडे-ा न उसकी जातपात से न उसके पूरूष होने से फर्क पडे-ा, न उसके महिला होने से। बस वह सिवनी की आवाज दिल्ली तक बुलंद करने वाला होना चाहिए फिर अपने आप ही सीने में सुल-ती ज्वाला लिये जनता उसके पीछे हो चले-ी। इस जिले में अन्याय की कहानी वर्षो से चली आ रही है, विषय चाहे बडी रेल लाईन को हो, पेंच जल परियोजना का हो, फोरलेन का हो, संभा-ीय मुख्यालय का हो, मिनी मेडिकल कॉलेज का हो, यहां तक कि आजतक इस जिले मंे एफएम रेडियो तक नहीं चालू हो पाया है। जबकि पडोसी जिलों में ये सब सुविधाएं वर्षो पहले से प्रारंभ है। आज भी जिले के साथ इतना सौतेला व्यवहार होने के बाद भी खामोशी से जनप्रतिनिधि खुश हैं कि उनका विरोध तो नहीं हो रहा है किंतु यह खामोशी एक बडे तूफान के पहले की खामोशी भी हो सकती है यह उन्हें सोंच लेना चाहिए। वक्त अब दूर नहीं कि जनता सड़कों पर उतरकर फिर से राईट टू रिकाल और राइट टू रिजेक्ट के लिये अपने अधिकार मां-ने ल-े। अ-र ऐसा हुआ तो राजनीति के नाम पर लाखों का इनवेस्टमंेट करके करोड़ो का प्रोफिट पाने वालों की अब खेर नहीं ।
    समस्याएं तो सभी के सामने आ चुकी हैं किंतु कहानी वहीं है कि हर कोई  चन्द्रशेखर आजाद या भ-तसिं- का पडोसी बनना ज्यादा पसंद करे-ा न कि उन्हंे अपने घर में जन्म देना क्योंकि उन्ह तो शहीद होना है और आज की दुनिया में कोई आ आकर शहादत देना नहीं चाहता। अब देखना यह है कि ूअ वीं सदी का चन्द्रशेखर आजाद और भ-तसिं- सिवनी के लिये कोई बने न बनें किंतु अहिंसात्मक मार्- से अन्ना हजारे बनने की पहल कौन करता है।

रविवार, 4 सितंबर 2011

केंद्र ने दिया एमपी को जबर्दस्त झटका

केंद्र ने दिया एमपी को जबर्दस्त झटका


नहीं बढ़ सकेंगे एसीएस एमपी में


पांच ही एसीएस होंगे मध्य प्रदेश में


पदोन्नत आईएएस के नए पदों को लेकर उहापोह में हैं शिव


(लिमटी खरे)


नई दिल्ली। एक बाबू उसी पद पर भर्ती होता है और उसी पद पर सेवानिवृत हो जाता है किन्तु अखिल भारतीय सेवा के अधिकारी अपनी पदोन्नति के रास्ते कहीं से भी प्रशस्त कर लेते हैं, किन्तु इस बार आईएएस लाबी को मुंह की खानी पड़ी है। कांग्रेसनीत केंद्र सरकार के कार्मिक विभाग ने एमपी में मुख्य सचिव स्तर के नौ में से पांच पदों को ही स्वीकृति प्रदान की है। विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) में प्रमुख सचिव स्तर के ग्यारह अधिकारियों को पदोन्नति देने पर हरी झंडी के बाद भी महज पांच पदों की अनुमति ही सरकार के पास है, इन परिस्थितियों में शिवराज सरकार के सामने अब सबसे बड़ा संकट यह आन खड़ा हुआ है कि शेष अधिकारियों को किस पद पर पदस्थ किया जाए।


डीओपीटी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार मध्य प्रदेश सरकार द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के काडर पुर्नरीक्षण हेतु एक प्रस्ताव बनाकर मुख्य सचिव स्तर के दस पदांे की मांग की थी। आईएएस लाबी ने अपनी पदोन्नति के मार्ग सुलभ करते हुए मध्य प्रदेश के 23 प्रमुख सचिव को 33 करने का प्रस्ताव भी केंद्र को भेजा है। डीओपीटी ने इसमें कुछ क्वेरी के साथ वापस कर दिया है। मुख्य सचिव स्तर की पदोन्नति पाने वाले दो अफसर अभी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। 1987 बैच के इन अधिकारियों की 11 जुलाई को डीपीसी हो चुकी है, पर इनकी पदस्थापनाएं अभी तक नहीं हो सकी हैं।


केंद्र सरकार ने राज्य को जबर्दस्त झटका देते हुए दस पदों के एवज में पांच ही पद स्वीकृत किए हैं। आईएएस लाबी के बीच चल रही चर्चा के अनुसार जब पदों की अनुमति ही नहीं देना था तो फिर केंद्र ने प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों को मुख्य सचिव स्तर पर पदोन्नत करने के लिए डीपीसी की सहमति ही क्यों दी? केंद्र के डीओपीटी के पास अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों का पूरा लेखा जोखा होता है, फिर केंद्र ने राज्य के साथ डीपीसी की सहमति देकर आखिर मजाक क्यों किया है?

ये अधिकारी हुए हैं पदोन्नत


मनोज श्रीवास्तव, शिखा दुबे, संजय सिंह, गौरी सिंह, एम.मोहन राव, मनोज झलानी, प्रवीर किशन, आर.के.चतुर्वेदी, अजय तिर्की।

एनएच की बदहाली पर सूबाई भाजपा मौन!

एनएच की बदहाली पर सूबाई भाजपा मौन!


कमल नाथ के हटते ही बदला शिवराज ने अपना एजेंडा


पिछले साल का हस्ताक्षर अभियान गया ठण्डे बस्ते में


मानव श्रंखला भी नहीं बना पाई भाजपा


आधी अधूरी सड़कों पर हो रही टोल वसूली


(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे की बदहाली पर मध्य प्रदेश भाजपा और शिवराज सरकार ने एक बार फिर मौन साध लिया है। तत्कालीन भूतल परिवहन मंत्री कमल नाथ के कार्यकाल में हस्ताक्षर और मानव श्रंखला बनाने के अभियान को ठण्डे बस्ते के हवाले करने के बाद अब दस राजमार्गों को वापस मांगने की रस्म अदायगी के बाद फिर भाजपा और सरकार ने मौन साध लिया है।


गौरतलब है कि पिछले साल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा द्वारा नेशनल हाईवे की बदहाली के उपरांत सूबे से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर पड़ने गांव, कस्बे और शहरों में हस्ताक्षर अभियान के उपरांत मानव श्रंखला बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद यह योजना टॉय टॉय फिस्स हो गई। इस वक्त भूतल परिवहन मंत्री की आसनी पर प्रदेश के क्षत्रप कमल नाथ काबिज थे। कमल नाथ के रहते शिवराज सिंह चौहान भी सड़कों की दुर्दशा का रोना रोते रहे हैं।


कमल नाथ के हटते ही प्रदेश भाजपा और सरकार का एजेंडा मानो बदल ही गया हो। मंत्रीमण्डल फेरदबल के बाद महज जो बार ही सरकार ने सड़कों की बदहाली का रोना रोया है। सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर 10 एनएच वापस मांग लिए हैं। यहां उल्लेखनीय होगा कि भोपाल से महज सत्तर किलोमीटर दूर होशंगाबाद की यात्रा इन दिनों चार से पांच घंटों में पूरी हो पा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र भी आता है।


महाराष्ट्र सीमा पर स्थित सिवनी जिले में महज पचास किलोमीटर बनी सड़क पर भी अस्थाई टोल नाका लगाकर टोल वसूली आरंभ हो गई थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद यह वसूली स्थगित कर दी गई है, पर जल्द ही पुनः टोल वसूली आरंभ की जाने के संकेत मिले हैं।


उधर राष्ट्रीय राजमार्ग का रखरखाव करने के लिए पाबंद की गई एनएचएआई के सूत्रों का कहना है कि सरकार ने एमपी के एनएच की दुर्दशा सुधारने के लिए दस हजार करोड़ रूपए की कार्ययोजना बनाई है। इस साल पेंच रिपेयर के काम में दो सौ करोड़ रूपए खर्च होने की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों ने संकेत दिए कि 2013 के विधानसभा चुनावों के उपरांत ही लोकसभा चुनावों के पहले प्रदेश के एनएच इस तरह बना दिए जाएंगे कि चलने वालों के पेट का पानी भी न हिले। इसका सीधा लाभ लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पूरी तरह उठाने के मूड में दिख रही है।

शनिवार, 3 सितंबर 2011

सूबे का सूचना केंद्र या पीआईबी का कार्यालय


सूबे का सूचना केंद्र या पीआईबी का कार्यालय

सुषमा स्वराज की पीआर में जुटा एमपी जनसंपर्क का दिल्ली कार्यालय

सरकारी विज्ञप्तियों के बजाए सांसदों की विज्ञप्तियों में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहा है सूचना केंद्र

सेवानिवृत्ति के पहले मलाईदार पद सुनिश्चित करना चाह रहे मुलाजिम!

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। देश की राजनैतिक राजधानी के पाश इलाके कनाट प्लेस की बाबा खड़क सिंह मार्ग पर एम्पोरिया हाउस में स्थित मध्य प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग का सूचना केंद्र पिछले कुछ दिनों से चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। मध्य प्रदेश सरकार की इमेज बिल्डिंग, सरकारी नीतियों रीतियों एवं सरकार की कार्यप्रणाली को मीडिया तक पहुंचाने के लिए पाबंद यह कार्यालय पिछले एक साल से अपने मुख्य काम से हटकर सांसद विधायकों की सेवा टहल में लगा हुआ है जो कि शोध का विषय बना हुआ है।

शुक्रवार 2 सितम्बर को मध्य प्रदेश की विदिशा की सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्रीमति सुषमा स्वराज के नेतृत्व में भाजपाई सांसदों ने भ्रष्टाचार समाप्त करने और विशेष न्यायालय विधेयक तथा आतंकवादी अधिनियम को स्वीकृति देने की मांग करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।

एमपी सूचना केंद्र द्वारा भेजे गए आधिकारिक समाचार में कहा गया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं मध्यप्रदेश की सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के सांसदों ने राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवीसिंह पाटिल से भेंट की और उनसे मध्यप्रदेश के सात लंबित विधेयकों को स्वीकृति देने का आग्रह किया। मध्यप्रदेश के सांसदों ने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन दिया जिसमें मध्यप्रदेश के सात लंबित विधेयकों की सूची दी गयी।

समाचार में आगे कहा गया है कि राष्ट्रपति महोदया से आग्रह किया गया कि वे मध्यप्रदेश विशेष न्यायालय विधेयक 2011 को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करें जिसमें प्रदेश में भ्रष्टाचार से निपटने के लिए शासकीय सेवकों के खिलाफ कारगर ढंग से कार्रवाई की जा सकेगी। इस विधेयक के अंतर्गत भ्रष्ट शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा इकट्ठा की गयी सम्पत्ति को सरकार राजसात कर सकेगी और उस सम्पत्ति को सार्वजनिक सेवाओं में उपयोग कर सकेगी। इससे पारदर्शी प्रशासन की स्थापना में मदद मिलेगी। इसी प्रकार आतंकवाद और संगठित अपराध से निपटने और उसके प्रभावी नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश आतंकवादी एवं उच्छेदक गतिविधियां तथा संगठित अपराध नियंत्रण विधेयक 2010 भी लंबित है। यह विधेयक स्वीकृत हो जाने से प्रदेश में आतंकवाद और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2010 भी लंबित है। इस विधेयक के लागू हो जाने पर गौवध पर पूरी तरह से बंदिश लगायी जा सकेगी। मध्यप्रदेश के छतरपुर में महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की स्थापना के संबंध में मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2011 भी लंबित है। इन विधेयकों के अलावा तीन और अन्य विधेयक स्वीकृति के लिए लंबित हैं जिन्हें शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। 

मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के दिल्ली स्थित एमपी सूचना केंद्र की खबर में आगे कहा गया है कि श्रीमती स्वराज ने राष्ट्रपति महोदया का ध्यान आकर्षित किया कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश विशेष न्यायालय विधेयक 2011, बिहार द्वारा बनाये गये विशेष न्यायालय अधिनियम 2009 के अनुरूप है जिसे राष्ट्रपति महोदया द्वारा अनुमति दी जा चुकी है। इसलिए मध्यप्रदेश के इस विधेयक को भी अनुमति दी जाय। 

राष्ट्रपति महोदया से भंेंट करने वाले भारतीय जनता पार्टी के सांसदों में   श्री प्रभात झा, श्री कैलाश जोशी, श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, श्री विक्रम वर्मा, श्री कप्तान सिंह सोलंकी, श्री गणेश सिंह, श्री रघुनंदन शर्मा, श्री मेघराज जैन, श्रीमती माया सिंह, श्री चंदन मित्रा, श्री नारायण सिंह केसरी, सुश्री अनुसुइया उइके, श्री अनिल माधव दवे, श्री वीरेन्द्र कुमार, श्री अशोक अर्गल, श्री राकेश सिंह, श्री गोविंद मिश्रा, श्री भूपेन्द्र सिंह, श्रीमती ज्योति धुर्वे, श्री के.डी. देशमुख, श्री माखन सिंह और श्री शिवराज भैया शामिल थे।

यहां उल्लेखनीय होगा कि मध्य प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग का काम मध्य प्रदेश सरकार से संबंधित खबरों का प्रचार प्रसार करना है ना कि किसी पार्टी विशेष की राजनैतिक गतिविधियों का प्रचार प्रसार करना। अगर मामला सांसदों से संबंधित है तो इसके लिए केंद्र सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय का पत्र सूचना कार्यालय जवाबदेह माना जा सकता है। इस तरह के मामलों में भाजपा शासित मध्य प्रदेश सरकार के इस कार्यालय द्वारा भाजपा के सांसदों की राजनैतिक गतिविधियों को जारी करने का ओचित्य समझ से परे ही है।


गौरतलब है कि इसके पहले भी जनसंपर्क विभाग के दिल्ली कार्यालय द्वारा पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के अनुषांगिक संगठनों की विज्ञप्तियों का वितरण एवं समाचार छापने के लिए मीडिया पर दवाब बनाए जाने के आरोप लगते रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व तो विभाग ने हद ही कर दी जब किसी निजी कलाकार जो कि जनसंपर्क विभाग के आला अधिकारी के परिजन थे, की कला प्रदर्शनी का समाचार भी इस कार्यालय द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया गया था।

इस कार्यालय पर आरोप लगते रहे हैं कि यहां से भाजपा के पार्टी स्तर के कार्यक्रमों की पे्रस विज्ञप्ति को प्रसारिक किया जाता है। बताया जाता है कि मीडिया के लिए निर्धारित वाहनों को मीडिया को उपलब्ध न कराकर यहां पदस्थ अधिकारियों द्वारा इन्हें एम पी से आने वाले सांसद विधायकों की सेवा टहल के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

पिछले दिनों सूचना केंद्र द्वारा जारी सरकारी विज्ञप्तियों को देखकर मध्य प्रदेश को कव्हर करने वाले पत्रकार असमंजस में पड़ गए कि यह सरकारी कार्यक्रम था या पार्टी स्तर का प्रोग्राम। हाल ही में जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों के शिक्षा मंत्रियों के एक सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे। ‘शिक्षा का ध्येय समग्र विकास‘ शीर्षक से आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में जनसंपर्क मंत्री शर्मा के द्वारा दिए गए उद्बोधन को मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के सूचना केंद्र ने बाकायदा प्रेस नोट बनाकर जारी किया। इसकी तस्वीरें भी विभाग द्वारा जारी की गईं।

उस दरम्यान गुजरात सूचना केंद्र के एक अधिकारी ने इस बारे में आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्टी का कार्यक्रम था इसकी विज्ञप्ति सरकारी तौर पर जानी नहीं की जानी चाहिए थी। इतना ही नहीं, इसके उपरांत दिल्ली में मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक आला अधिकारी के रिश्तेदार की कला की प्रर्दशनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी की खबर को भी मध्य प्रदेश सूचना केंद्र द्वारा सरकारी स्तर पर जारी कर दिया गया।

मजे की बात तो यह है कि जनसंपर्क विभाग के दिल्ली कार्यालय द्वारा इन दोनों ही गैर सरकारी कार्यक्रमांे की विज्ञप्तियों को मध्य प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग ने न तो सरकारी तौर पर ही बांटा और न ही सरकारी वेब साईट में भी इन्हें अपलोड किया। दोनों ही प्रोग्राम की पब्लिसिटी से जनसंपर्क संचालनालय ने पर्याप्त दूरी बनाकर रखी गई जिससे साबित हो जाता है कि दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश सूचना केंद्र द्वारा इस तरह के निजी कार्यक्रमों विशेषकर पार्टी बेस्ट प्रोग्राम्स की पब्लिसिटी में ज्यादा दिलचस्पी ली जा रही है।

मध्य प्रदेश की जनता के गाढ़े पसीने की कमाई से वसूले गए करों से वेतन पा रहे मध्य प्रदेश सूचना केंद्र के सरकारी अफसरान द्वारा सरकार के कार्यक्रमों को छोड़ भारतीय जनता पार्टी और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के रिश्तेदारों की चैखटों पर माथा रगड़कर उनकी पब्लिसिटी करवाने की बात दिल्ली में मीडिया के गलियारों में तरह तरह की शक्ल अख्तियार कर चुकी है।

यूपी के चक्कर में एमपी में गर्त में गई कांग्रेस


यूपी के चक्कर में एमपी में गर्त में गई कांग्रेस

कांग्रेस के आला नेताओं का ध्यान एमपी से हटा

राजा के वनवास का समय समाप्ति की ओर

एमपी कांग्रेस को दरकार है किसी करिश्माई नेतृत्व की

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। देश को सबसे अधिक प्रधानमंत्री देने वाले उत्तर प्रदेश सूबे पर समूचा ध्यान केंद्रित करने के चक्कर में कांग्रेस ने अपने दबदबे वाले मध्य प्रदेश सूबे की उपेक्षा कर दी, जिसके परिणाम स्वरूप आज मध्य प्रदेश में कांग्रेस का नामलेवा भी नहीं बचा है। एमपी में अपनी उपेक्षा का दंश झेल रहे कांग्रेस के स्थानीय क्षत्रप सत्ताधारी भाजपा की ओर आकर्षित हुए बिना नहीं हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2003 में सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस की कमान संभालने किसी भी नेता ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। उस वक्त तत्कालीन मुख्यमंत्री राजा दिग्विजय सिंह ने दस साल का राजनैतिक वनवास लिया था। 2004 के लोकसभा चुनावों के उपरांत मध्य प्रदेश कोटे से केंद्र में कुंवर अर्जुन सिंह, कमल नाथ, कांति लाल भूरिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अरूण यादव को केंद्र में मंत्री बनाया था।

विडम्बना ही कही जाएगी कि कांग्रेस के इन आलंबरदारों ने भी कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा की। यही कारण है कि कांग्रेस ने 2008 में भी कोई ठीक ठाक प्रदर्शन नहीं किया। इतना ही नहीं मध्य प्रदेश विधानसभा में वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने अपने क्षेत्रों के कांग्रेसी कार्यकताओं का साथ छोड़ दिया। समूचे परिदृश्य को देखकर यही कहा जा सकता है कि अपनी रोजी रोटी बचाने के चक्कर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के नेताओं का दामन थाम लिया।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि केंद्र में बैठे इन मंत्रियों ने अपने समर्थकों को भी अपने अपने मंत्रालयों के माध्यम से उपकृत करना मुनासिब नहीं समझा। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्रियों ने प्रदेश से पर्याप्त दूरी बनाकर रखी गई जिससे कार्यकर्ताओं में निराशा का वातावरण बन गया।

गौरतलब होगा कि 1956 में अस्तित्व में आए मध्य प्रदेश में 55 में से 40 से अधिक सालों तक कांग्रेस का गढ़ रहा है मध्य प्रदेश। बावजूद इसके 2003 के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जड़ें इस कदर उखड़ीं कि अब कांग्रेस का प्रदेश में नामलेवा भी नहीं बचा है। कांग्रेसियों के बीच चल रही बयार के अनुसार अगर 2014 के आम चुनावों में कांग्रेस केंद्र में सत्ता में नहीं आई तो निश्चित तौर पर मध्य प्रदेश में कांग्रेस का हाल बिहार और उत्तर प्रदेश से भी बुरा हो सकता है।

उल्लेखनीय होगा कि कांग्रेस के आला नेताओं श्रीमति सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राजा दिग्विजय सिंह ने अपना समूचा ध्यान उत्तर प्रदेश पर केंद्रित कर रखा है। मिशन यूपी को प्राथमिकता देने के चक्कर में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से अपनी निगाहें हटा लीं और सूबे में कांग्रेस चारों खाने चित्त पड़ी कराह रही है। सुभाष यादव, सुरेश पचैरी के उपरांत अब कांतिलाल भूरिया शायद ही कांग्रेस को जिला सकें।

2003 में दस साल का राजनैतिक वनवास लेने वाले कांग्रेस के ताकतवर महासचिव राजा दिग्विजय सिंह का कौल 2013 में समाप्त होने वाला है। राजा दिग्विजय सिंह ने कसम ली थी कि अगर वे 2003 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वापस सत्ता में न ला पाए तो वे दस साल तक कोई पद स्वीकार नहीं करेंगे। अब उनकी कसम के दस साल पूरे होने वाले हैं इस लिहाज से अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता में पुर्नवापसी उन्हीं की नैतिक जवाबदेही माना जा सकता है।

शुक्रवार, 2 सितंबर 2011

फिर आरंभ हुआ शिक्षा को लेकर नया प्रयोग

फिर आरंभ हुआ शिक्षा को लेकर नया प्रयोग

(लिमटी खरे)

देश की नई पीढी की शिक्षा की दशा और दिशा निर्धारित करने के लिए पाबंद मानव संसाधन और विकास मंत्रालय जिस भी राजनैतिक दल के कब्जे में रहा है, उसी ने अपना एजेंडा इस पर थोपा है। किसी ने भी भावी पीढ़ी की चिंता नहीं की है। हाल ही में योजना आयोग के माध्यम से एचआरडी विभाग ने एसे शिक्षण संस्थानों की स्थापना के मार्ग प्रशस्त किए हैं जिनका उद्देश्य मुनाफा कमाना हो। भारत गणराज्य की सबसे बड़ी विडम्बना है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पानी बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में ही शासक नाकाम रहे हैं। इस व्यवस्थाओं को सरकारों ने निजी हाथों में देकर अपनी ही रियाया का गला घोंटने का प्रयास किया है जिसकी महज निंदा से काम नहीं चलने वाला। देश की राजनधानी दिल्ली में बिजली के करंट से लोगों की जेबें खाली हो चुकी हैं, वहीं स्वास्थ्य के नाम पर पांच सितारा अस्पताल रूपी दुकानों में आम नागरिक इसलिए लुट पिट रहा है क्योंकि सरकार के पास अपने अस्पतालों में संसाधन नहीं हैं। देश के हृदय प्रदेश में सरकारी सड़क परिवहन पर ताला लग गया है। प्राईवेट बस आपरेटर्स के गुण्डे यात्रियों की गरदन पर छुरी रखकर मनमानी टिकिट वसूल रहे हैं। देश भर में शिक्षा की मंहगी दुकाने सजी हुईं हैं। कुल मिलाकर इस देश का धनी धोरी शायद अब कोई नहीं बचा है।
 
एक अप्रेल का दिन बचपन से ही अप्रेल फूल बनाने के नाम से जाना जाता रहा है। इस दिन जो चाहे झूट सच बोला जाए, सब कुछ माफ ही होता है। इस दिन किए गंभीर से गंभीर मजाक को भी माफ ही कर दिया जाता है। सरकार ने इसी दिन से अनिवार्य शिक्षा कानून लागू करने की घोषणा की थी। यह बात मजाक था या सच इस बारे में तो सरकार ही जाने पर आम जनता जरूर इसे मजाक के तौर पर ही ले रही है।

शिक्षा आदि अनादिकाल से ही एक बुनियादी जरूरत समझी जाती रही है। पहले गुरूकुलों में बच्चों को व्यवहारिक शिक्षा देने की व्यवस्था थी, जो कालांतर में अव्यवहारिक शिक्षा प्रणाली में तब्दील हो गई। आजाद भारत में शासकों ने अपनी मर्जी से शिक्षा के क्षेत्र में प्रयोग करना आरंभ कर दिया। अब शिक्षा जरूरत के हिसाब से नहीं वरन् सत्ताधारी पार्टी के एजेंडे के हिसाब से तय की जाती है। कभी शिक्षा का भगवाकरण किया जाता है, तो कभी सामंती मानसिकता की छटा इसमें झलकने लगती है।

वर्तमान में अनिवार्य शिक्षा के कानून में 6 से 14 साल के बच्चे को अनिवार्य शिक्षा प्रवेश, पहली से आठवीं कक्षा तक अनुर्तीण करने पर प्रतिबंध, शारीरिक और मानसिक दण्ड पर प्रतिबंध, शिक्षकों को जनगणना, आपदा प्रबंधन और चुनाव को छोडकर अन्य बेगार के कामों में न उलझाने की शर्त, निजी शालाओं में केपीटेशन फीस पर प्रतिबंध, गैर अनुदान प्राप्त शालाओं के लिए अपने पडोस के मोहल्लों के न्यूनतम 25 फीसदी बच्चों को अनिवार्य तौर पर निःशुल्क शिक्षा का प्रावधान किया गया है।

जिस तरह लोगों को आज इतने समय बाद भी रोजगार गारंटी कानून के बारे में जानकारी पूरी नहीं हो सकी है, उसी तरह आने वाले दिनों में अनिवार्य शिक्षा कानून टॉय टॉय फिस्स हो जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। इस नए कानून से किसी को राहत मिली हो या न मिली हो कम से कम गुरूजन तो मिठाई बांट ही रहे होंगे क्योंकि उन्हें शिक्षा से इतर बेगार के कामों में जो उलझाया जाता था, उससे उन्हें निजात मिल ही जाएगी। अब वे धूप में परिवार कल्याण और पल्स पोलियो जैसे अभियानों में चप्पल चटकाने से बच सकते हैं।

लगता है अनिवार्य शिक्षा कानून का मसौदा केंद्र में बैठे मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने देश की राजनैतिक राजधानी दिल्ली सहित अन्य महानगरों और बडे शहरों को ध्यान में रखकर बनाया है। इसमें शाला की क्षमता के न्यूनतम 25 फीसदी उन छात्रों को निशुल्क शिक्षा देने की बात कही गई है, जो गरीब हैं। हाल ही में स्वास्थ्य महकमे में दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने ही बताया था कि दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में पिछले पांच सालों में महज पांच गरीबों का ही इलाज हो सका है। जब देश के नीति निर्धारकों की जमात के स्थल पर ही इस तरह की व्यवस्थाएं फल फूल रही हों तब बाकी की कौन कहे। आने वाले दिनों में अनिवार्य शिक्षा कानून की धज्जियां अगर उडती दिख जाएं तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

अगर देखा जाए तो मानक आधार पर कमोबेश हर शाला भले ही वह सरकारी हो या निजी क्षेत्र की उसमें बुनियादी सुविधाएं तो पहले दिन से ही और न्यूनतम अधोसंरचना विकास का काम तीन साल में उलब्ध कराना आवश्यक होता है। इसके अलावा पुरूष और महिला शिक्षक के लिए टीचर्स रूम, अलग अलग शौचालय, साफ पेयजल, खेल का मैदान, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, बाउंड्रीवाल और फंेसिंग, किचन शेड, स्वच्छ और हवादार वातावरण होना आवश्यक ही होता है।

छात्रों के साथ शिक्षकों के अनुपात में अगर देखा जाए तो सीबीएसई के नियमों के हिसाब से एक कक्षा में चालीस से अधिक विद्याथियों को बिठाना गलत है, फिर भी सीबीएसई से एफीलेटिड शालाओं में सरेआम इन नियमों को तोडा जा रहा है। शिक्ष्कों के अनुपात मे मामले में अमूमन साठ तक दो, नब्बे तक तीन, 120 तक चार, 200 तक पांच शिक्षकों की आवश्यक्ता होती है।

अपने वेतन भत्ते और सुविधाओं में जनता के गाढे पसीने की कमाई खर्च कर सरकारी खजाना खाली करने वाले देश के जनसेवकों ने अब देश का भविष्य गढने की नई तकनीक इजाद की है। अब किराए के शिक्षक देश का भविष्य तय कर रहे हैं। कल तक पूर्णकालिक शिक्षकों का स्थान अब अंशकालीन और तदर्थ शिक्षकों ने ले लिया है। निजी स्कूल तो शिक्षकों का सरेआम शोषण कर रहे हैं। अनेक शालाएं एसी भी हैं, जहां शिक्षकों को महज 500 रूपए की पगार पाकर 2500 रूपए पर दस्तखत कर रहे हैं। अनेक शालाओं में तो सीबीएसई से एफीलेशन के बाद भी एनसीईआरटी की सस्ती किताबों के बजाए निजी प्रकाशनों की मंहगी किताबों के चलन के लिए विद्यार्थियों को बाध्य किया जाता है।

आज जमाना बदल चुका है। आज शिक्षा को एक मिशन के बजाए व्यवसाय के तौर पर देखा जाता है। एक जमाना था जब हम प्राईमारी स्कूल में पढा करते थे, तब पाठ्यक्रम के बजाए व्यवहारिक शिक्षा पर अधिक ध्यान केंद्रित किया जाता था। हमारा एक कालखण्ड गेम्स का एक पीटी का तो एक क्राफ्ट (इसमें तकली पोनी के सहारे रूई से धागा बनाया जाना सिखाया जाता था, चरखा चलाने की शिक्षा दी जाती थी) का भी होता था। कुल मिलाकर उस काल को हम आधुनिक गुरूकुल की संज्ञा दे सकते हैं।

आदि अनादी काल से गुरूकुलों में व्यवहारिक शिक्षा पर अधिक जोर दिया जाता था। ऋषि मुनि अपने शिष्यों को लकडी काटने बटोरने से लेकर जीवन के हर पडाव में आने वाली व्यवहारिक कठिनाईयों से शिष्यों को रूबरू कराते थे। इसके साथ ही साथ धर्म अर्धम की शिक्षा भी दिया करते थे। बदलाव प्रकृति की सतत प्रक्रिया है। जमाना बदलता रहा और शिक्षा के तौर तरीकों में भी बदलाव होता रहा।

सत्तर के दशक की समाप्ति तक बदलाव की प्रक्रिया बहुत धीमी थी। इसके उपरांत बदलाव की बयार शनैः शनैः तेज होकर अब सुपरसोनिक गति में तब्दील होती जा रही है। हमारे विचार से शिक्षा को लेकर जितने प्रयोग भारतवर्ष में हुए हैं, उतने शायद ही किसी अन्य देश में हुए हों। जब जब सरकारें बदलीं, सबसे पहले हमला शिक्षा प्रणाली पर ही हुआ।

देश के भूत वर्तमान और भविष्य को देखने के बजाए निजामों ने अपनी पसंद को ही थोपने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। रही सही कसर शालाओं के प्रबंधन ने पूरी कर दी। अनेक सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए प्रबंधन के तुगलकी फरमान ने बच्चों की जान ही निकाल दी। शिक्षकों को अध्यापन से इतर बेगार के कामों में लगाने से उनका ध्यान अपने मूल कार्य से भटकना स्वाभाविक ही है। शिक्षक ही देश का भविष्य गढते हैं, किन्तु आज देश के भविष्य को बनाने वाले शिक्षकों से जनगणना, मतदाता सूची संशोधन, पल्स पोलियो जैसे कामों में लगा दिया जाता है। शिक्षकों को यह बात रास कतई नहीं आती है। यही कारण है कि शिक्षकों ने भी अपने मूल काम को तवज्जो देना बंद ही कर दिया है।

दिशाविहीन देश की शिक्षा प्रणाली को पटरी पर लाना निश्चित तौर पर आज सबसे बडी चुनौति बन गई है। बच्चों के कांधे आज बस्तों के बोझ से बुरी तरह दबे हुए हैं। दस से पंद्रह किलो से भी अधिक के बस्ते छोटे छोटे बच्चे अपने कांधों पर लादकर चलने पर मजबूर हैं। इतना ही नहीं ठंड हो या बरसात, हर मौसम में शालाओं का समय बच्चों के मन में शिक्षा के प्रति वितृष्णा का भाव भर रहा है। शाला प्रबंधन इतना भी निष्ठुर हो सकता है कि हाड गलाने वाली ठण्ड में अलह सुब्बह छः बजे बच्चा अपने अपने घरों से स्कूल के लिए रफत डालने पर मजबूर हैं।

इन परिस्थितियों में केंद्रीय विद्यालय संगठन की पहल का देश भर में निश्चित तौर पर खुले दिल से स्वागत किया जाना चाहिए जिसमें उसने स्कूली बच्चों के प्रति पहली बार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बस्तों के वजन को कम करने का मुद्दा उठाया है। केवीसी के अनुसार बस्ते का कुल वजन छः किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। यह सच है कि बच्चों को कम उमर में किताबी कीडा बनाने से उन्हें व्यवहारिक के बाजए मशीनी बनाने का ज्यादा प्रयास किया जा रहा है। आज हाई स्कूल की कोर्स की मोटी किताब को एक शैक्षणिक सत्र में कतई पूरा नहीं किया जा सकता है। हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि वर्तमान दोषपूर्ण शिक्षा प्रणाली में बच्चों की प्रतिभा का सहज विकास नहीं हो पा रहा है।

एसा नहीं है कि स्कूली बच्चों के बस्तों के बोझ से देश के शासक परिचित न हों। इसके पहले भी अनेकों बार बच्चों के बस्तों और होमवर्क को कम करने की कवायद की गई थी, किन्तु सदा ही इस मामले में नतीजा सिफर ही निकलकर आया। प्रोफेसर यशपाल समिति, चंद्राकर समिति ने भी कमोबेश इस पर चिंता जताई थी। यशपाल कमेटी की सिफारिश पर बस्ते का बोझ कम करने को लेकर देशव्यापी बहस छिड गई थी, जो समय के साथ पार्श्व बलात ही में ढकेल दी गई। आश्चर्य तो इस बात पर होता है कि देश में लालफीताशाही के चलते यशपाल समिति की सिफारिशें धूल खाती रहीं और बच्चे स्कूल बैग के बोझ तले दबते चले गए।

जनता के गाढे पसीने की कमाई से मोटी पगार पाने वाले बिगडेल नौकरशाहों के राज में शिक्षा व्यवस्था का आलम यह है कि 1988 में तत्कालीन संसद सदस्य चंदूलाल चंद्राकर की अध्यक्षता में बनी चंद्राकर समीति का प्रतिवेदन ही गायब है। संसद की आश्वासन समीति की फटकार के बाद जनवरी 2009 में एक बार फिर ‘‘चंद्राकर समीति की रिपोर्ट‘‘ खोजने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा अपने शीर्ष अधिकारियों से लैस एक ओर समिति बना दी थी। मजे की बात तो यह है कि समीति की सिफारिश ढूंढने बनाई गई समीति भी मूल फाईल को खोजने में नाकामयाब रही है।

जानकारों का कहना है कि अगर संसद की आश्वासन समिति के पास यह मामला नहीं होता तो कब का इसे ठण्डे बस्ते के हवाले कर दिया जाता। दरअसल 1992 में तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री अर्जुन सिंह ने सदन में इस समिति के प्रतिवेदन को लागू करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद से यह सदन की संपत्ति के साथ ही साथ एचआरडी मिनिस्ट्री के गले की फांस बन गई है।

आज की शिक्षा प्रणाली महज डिग्री लेने का साधन बनकर रह गई है। अस्सी के दशक के उपरांत पैदा हुए अधिकांश बच्चों को यह नहीं मालुम है कि देश पर मुगलों ने कब आक्रमण किया था, कब अंग्रेजों ने हमें अपना गुलाम बना लिया था, कैसे और कितने जुल्म सहने के बाद देश को आजादी मिली। वर्तमान भारत की तस्वीर कुछ इसी तरह की है, जिसकी कल्पना न महात्मा गांधी ने की होगी और न ही पंडित जवाहर लाल नेहरू ने। आज की युवा पीढी आजादी के सही मायने और मोल को नहीं पहचानती है, यही कारण है कि आज एक बार फिर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह चीन द्वारा सस्ते ‘‘चाईनीज आईटम्स‘‘ के बहाने हमारी अर्थव्यवस्था में सेंध लगाने की तैयारी की जा रही है।

रही सही कसर अब मानव संसाधन विभाग द्वारा योजना आयोग के माध्यम से निकाल दी है। देश में आने वाले समय में उच्च शिक्षा किस अंधेरी सुरंग में घुसने वाली है इसका अंदाजा योजना आयोग और मानव संसाधन मंत्रालय की सांठगांठ से लग जाता है। योजना आयोग की मंशा है कि देश में ऐसे उच्च शिक्षा संस्थानों की संस्थापना की जाए जिनका उद्देश्य लाभ कमाना हो। आयोग का दृष्टिकोण पत्र दर्शाता है कि एक अप्रेल 2012 से आरंभ होने वाली बाहरवीं पंचवर्षीय योजना में उच्च शिक्षा का क्षेत्र जिसमें तकनीकि शिक्षा को विशेष तौर पर चिन्हित किया गया है में निजी क्षेत्र के लिए मार्ग प्रशस्त करने की बात कही गई है।

कोई भी उद्योगपति एक का एक हजार किए बिना भला इस क्षेत्र में हाथ क्यों डालने चला? जहां पूंजी का निवेश होगा, वहां प्रतिस्पर्धा होना स्वाभाविक है। इससे गुणवत्ता भी बढ़ेगी ही इसमें शक की गुंजाईश नहीं है। यह सब तो ठीक है किन्तु यह सब लागू होने के बाद इसका एक स्याह पहलू भी है जिसे नजर अंदाज कतई नहीं किया जा सकता है। और वह है कि कहीं यह सब करने के बाद मंहगी शिक्षा प्रणाली कहीं देश के सत्तर करोड़ से अधिक आबादी में रहने वाले गरीब गुरबों की पहुंच से दूर न हो जाए। इसके लिए जरूरी है कि अगर इसकी अनुमति दी जाए तो सशर्त और शर्त में चालीस फीसदी सीट गरीब गुरबों के लिए आरक्षित रखने का बंधन रखा जाए, जिसका पालन न करने पर उनकी मान्यता निरस्त करने का प्रावधान भी किया जाए।

इसके साथ ही साथ देश के नौनिहालों को देखते हुए आवश्यक्ता इस बात की है कि अब नए सिरे से शिक्षा प्रणाली को समझा, देखा, परखा और लागू किया जाए। स्कूलों में क्या पढाना चाहिए, अनावश्यक विषयों को वैकल्पिक बनाया जाए, बच्चों को सारी कापी किताबें रोजाना शाला ले जाना गैर जरूरी किया जाना चाहिए। इस सबके साथ ही साथ पढाई में बच्चों रूचि बरकरार रहे इसके लिए मैदानी, प्रयोगात्मक और अन्य माध्यमों से बच्चों को स्कूल की ओर आकर्षित करना होगा। इस दिशा में सरकार को कठोर और अप्रिय कदम उठाने से नहीं चूकना चाहिए। सरकार का यह प्रयास महज केवीएस तक ही न सीमित रहे। इसे देश के हर स्कूल को लागू करने के लिए ठोस कार्ययोजना सुनिश्चित करना ही होगा।

साथ ही साथ जहां तक शिक्षा के अधिकार कानून को लागू करने की बात रही तो सरकार को चाहिए कि इस अनिवार्य शिक्षा कानून में संशोधन करे। इसमें भारतीय रेल, दिल्ली परिवहन निगम और महाराष्ट्र राज्य सडक परिवहन की तर्ज पर पैसेंजर फाल्ट सिस्टम लागू किया जाना चाहिए। जिस तरह इनमें सफर करने पर टिकिट लेने की जवाबदारी यात्री की ही होती है। चेकिंग के दौरान अगर टिकिट नहीं पाया गया तो यात्री पर भारी जुर्माना किया जाता है। उसी तर्ज पर हर बच्चे के अभिभावक की यह जवाबदारी सुनिश्चत की जाए कि उसका बच्चा स्कूल जाए यह उसकी जवाबदारी है। निरीक्षण के दौरान अगर पाया गया कि कोई बच्चा स्कूल नहीं जाता है तो उसके अभिभावक पर भारी पेनाल्टी लगाई जानी चाहिए। सरकार द्वारा सर्वशिक्षा अभियान, स्कूल चलें हम, मध्यान भोजन आदि योजनाओं पर अरबों खरबों रूपए व्यय किए जा चुके हैं, पर नतीजा सिफर ही है। निजाम अगर वाकई चाहते हैं कि उनकी रियाया पढी लिखी और समझदार हो तो इसके लिए उन्हें वातानुकूलित कमरों से अपने आप को निकालकर गांव की धूल में सनना होगा तभी अतुल्य भारत की असली तस्वीर से वे रूबरू हो सकेंगे।

एमपी में पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा देने की मांग उठी

एमपी में पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा देने की मांग उठी

पंजाब राज्य चाहता है 9 राज्यों में मिले पंजाबी को पूरा सम्मान

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। पंजाब सरकार द्वारा पंजाबी भाषा को प्रोत्साहित करने के लिए फिर प्रयास आरंभ किए जा रहे हैं। पंजाब के विधायक चाहते हैं कि मध्य प्रदेश सहित देश के नौ राज्यों मंे पंजाबी भाषा को लेग्वेज नंबर टू का दर्जा दिया जाए। गौरतलब है कि इसके लिए पंजाब सरकार ने पिछले ही साल विधानसभा में एक प्रस्ताव भी पारित किया था। पंजाब के अधिकांश विधायकों का मानना है कि मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एण्ड काश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र एवं उत्तराखण्ड में चूंकि पंजाबी समुदाय के लोग बहुतायत में हैं इसलिए यहां पंजाबी भाषा को दूसरी भाषा का दर्जा दिया जाए।

विधायकों का मानना है कि पंजाबी, चंकि पंजाबियों की मातृभाषा, उनकी पहचान और पंजाब प्रदेश की राजभाषा है, और इन राज्यों में पंजाबी को अहमियत नहीं दी जा रही है जो चिंता का विषय है। विधानसभा में पारित प्रस्ताव में कहा गया था कि पंजाबी को मध्य प्रदेश नौ राज्यों में दूसरी भाषा का दर्जा दिया जाकर इन सूबों में पंजाबी को पढ़ाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ज्ञातव्य है कि दिल्ली और हरियाणा सरकार ने इस भाषा को अपने राज्य की दूसरी भाषा बना दिया है।

यहां यह उल्लेखनीय होगा कि भारत गणराज्य में अंग्रेजी को अघोषित तौर पर लैंग्वेज नंबर टू का दर्जा हासिल है। एक सर्वेक्षण के अनुसार दुनिया के चौधरी अमेरिका के 26 हजार 30 लाख लोग अंग्रेजी बोलते हैं। इंग्लिश स्पोकन के मामले में अमेरिका नंबर एक पर है तो भारत में साढ़े बारह करोड़ लोग अंग्रेजी बोलकर नंबर टू पर हैं। देश में बोली जाने वाली टाप फाईव भाषाओं में हिन्दी के बोलने वाले साढ़े पचपन करोड़, अंग्रजी के बारह करोड़ तिरेपन लाख, बंगाली के नौ करोड़ ग्यारह लाख तो तेलगू के साढ़े आठ करोड़ एवं मराठी के आठ करोड़ बयालीस लाख लोग हैं। ये आंकड़े वर्ष 2001 की जनसंख्या के आधार पर निकाले गए हैं।