सोमवार, 23 अप्रैल 2012

झील संरक्षण हेतु बाजार का होगा तबादला


झील संरक्षण हेतु बाजार का होगा तबादला
(मीना जायस्वाल)
उदयपुर (साई)। फतहसागर स्थित मुंबइया बाजार को अब मोती मगरी सीमा में ही शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दरअसल झील संरक्षण के लिहाज से यह कदम उठाया जा रहा है। डिविजनल कमिश्नर डॉ. सुबोध अग्रवाल ने इस बारे में जिम्मेदारों को निर्देश जारी किए हैं।
संभागीय आयुक्त डॉ.सुबोध अग्रवाल ने हाल ही में झील संवर्धन एवं झील विकास सोसायटी की बैठक में चार उपसमितियां बनाई थी, जिसमें से एक उपसमिति इस कार्य को अंजाम देगी। झीलों के सौन्दर्यीकरण को लेकर एडीएम प्रशासन बी.आर.भाटी की अध्यक्षता वाली उप समिति यह काम करेगी।
प्रशासनिक कवायद के अनुसार आने वाले दिनों में मुंबइया बाजार को सड़क किनारे से हटाकर मोती मगरी स्मारक के परिसर (मुंबईया बाजार के पीछे स्थित समिति के पार्क में) शिफ्ट किया जाएगा। इससे झील की सुंदरता पर पड़ रहे प्रभाव पर अंकुश लगने के साथ ही आसपास की यातायात व्यवस्था भी व्यवस्थित हो सकेगी।
मुंबइया बाजार की दुकानें महाराणा प्रताप स्मारक समिति द्वारा ही आवंटित की गई है। बाजार के पीछे पार्क की जमीन का समिति द्वारा कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इस लिहाज से पार्क में बाजार शिफ्ट करने में कोई परेशानी नहीं होगी। यह बाजार मोती मगरी की सीमा में चले जाने से फतहसागर में फैलने वाली गंदगी को रोका जा सकेगा। अंदर वाहनों की पार्किग हो सकेगी। इससे फतहसागर पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी नहीं बनेगी।

गंदगी फैलाने पर नपे दुकानदार


गंदगी फैलाने पर नपे दुकानदार
(ब्यूरो)
उदयपुर (साई)। फतहसागर में गंदगी फैलाने वाले मुंबइया बाजार के 13 दुकानदारों से रविवार को जुर्माना वसूला गया। नगर परिषद ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर यातायात और पार्किग व्यवस्था सुधारी। दरअसल यह कार्रवाई संभागीय आयुक्त डा. सुबोध अग्रवाल के निर्देश पर की गई।
आयुक्त रविवार को मोती मगरी घूमने गए थे, जहां से लौटते वक्त उन्होंने मुंबइया बाजार की स्थिति को देखकर जिम्मेदार अफसरों को फोन पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर नगर परिषद के अधिकारी व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इससे एक बार तो मुंबइया बाजार में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
संभागीय आयुक्त के निर्देश के बाद यातायात पुलिस अधिकारी भी फतहसागर पहुंचे। यहां पर जवानों ने यातायात व्यवस्था ठीक करने के साथ ही सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों की व्यवस्थित पार्किग करवाई। इस दौरान यातायात पुलिस ने यहां पर चालान भी काटे।

महिला का अश्लील क्लिपिंग बनाने का आरोप


महिला का अश्लील क्लिपिंग बनाने का आरोप
(शैलेन्द्र)
जयपुर (साई)। जयपुर.महिला सहायक कर्मचारी से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए उसके कथित परिजनों ने एक जेईएन को प्रताप नगर में एक सप्ताह पहले बंधक बना लिया। उनसे मारपीट की। बाद में उनकी आपत्तिजनक क्लिपिंग बनाकर ब्लैकमेल किया और 90 हजार रुपए ले लिए।
रविवार शाम को महिला के कथित परिजन जब 50 हजार रुपए लेने के लिए मानसरोवर में आए तो पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों का कहना है कि जेईएन ने उनकी बहन से अभद्रता की है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित नवीन वशिष्ठ दूदू में नरेगा वाटर शेड डवलपमेंट में जेईएन हैं।
नवीन वशिष्ठ ने प्रताप नगर थाने में रविवार को एफआईआर दर्ज करवाई कि उसके कार्यालय में तैनात एक महिला कर्मचारी के भाई हेमन्त चौधरी, अजय कछवा व मुकेश कुमार ने उन्हें 18 अप्रेल को फोन कर फ्लैट में बुलाकर बंधक बना लिया। इसके बाद तीनों ने मारपीट कर उन्हें निर्वस्त्र कर दिया और क्लिपिंग बना ली। तीनों ने बहन से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया और 4.50 लाख रुपए में समझौता किया। तीनों ने वशिष्ठ को 90 हजार रुपए लेकर छोड़ दिया।
बाद में आरोपी उन्हें लगातार फोन कर बाकी के रुपए नहीं देने पर आपत्तिजनक क्लिपिंग उजागर करने की धमकी देते रहे है। इस पर पुलिस ने रविवार को जेईएन से आरोपियों को फोन करवाया और पचास हजार रुपए लेने बुलाया। आरोपी पैसे लेने पहुंचे तो पुलिस ने हेमन्त को दबोच लिया लेकिन दो अन्य आरोपी फरार हो गए। बाद में पुलिस ने अजय व मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों का आरोप है कि जेईएन ने उनकी बहन के साथ ज्यादती की है। पुलिस का कहना है कि युवती अभी सामने नहीं आई है। युवती के सामने आने के बाद ही मामले का पता चल पाएगा। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में कोई भी युवती का सगा भाई नहीं है।

पहले दौर में जीते होलान्द


पहले दौर में जीते होलान्द
पेरिस (साई)। फ्रांस में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव का पहला दौर सोशलिस्ट उम्मीदवार फ्रांसुआ होलान्द ने जीत लिया है। उन्हें २८ प्रतिशत वोट मिले, जबकि वर्तमान मध्य-दक्षिण पंथी राष्ट्रपति निकोला सारकोजी को २६ प्रतिशत मत मिले। एक अन्य उम्मीदवार मैरीन ली पेन लगभग १९ प्रतिशत वोट लेकर तीसरे स्थान पर रही।
चुनाव का दूसरा दौर अगले महीने की छह तारीख को होगा, जिसमें होलॉन्द और सारकोजी आमने-सामने होंगे। पहले दौर के चुनाव के बाद ऐसा लगता है कि श्री होलॉन्द चुनाव का दूसरा दौर भी जीत जाएंगे। अगर वे चुनाव जीत जाते हैं तो फ्रांसुवां मितरां के बाद वे पहले वामपंथीे राष्ट्रपति होंगे। फ्रांस के चुनाव में मुख्य रूप से आर्थिक मुद्दे छाये रहे, जिनमें पेंशन, कर और बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुख हैं।

अफगान, अमरीका में समझौता जल्द


अफगान, अमरीका में समझौता जल्द
काबुल (साई)। अफगानिस्तान और अमरीका ने दोनों देच्चों के बीच ऐतिहासिक दीर्घकालीन सामरिक साझेदारी संधि के मसौदे को अंतिम रूप दे दिया है। अफगान राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से काबुल में कल जारी विज्ञप्ति के अनुसार अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डाक्टर रंगीन दादफर स्पांटा और अमरीकी राजदूत रेयॉन क्रॉकर की अध्यक्षता में दोनों देच्चों के प्रतिनिधिमंडलों ने एक समारोह में इस दस्तावेज को अंतिम रूप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रस्तावित संधि को अफगानिस्तान और अमरीका के बीच सुदृढ़ सामरिक साझेदारी समझौता नाम दिया गया है। अफगानिस्तान और अमरीका के बीच प्रस्तावित सामरिक भागीदारी संधि के मसौदे को अंतिम रूप दिया जाना, २०१४ में अफगानिस्तान से विदेशी सेनाओं की वापसी के बाद देश का भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक और कदम है।
लेकिन यह इस बात को भी रेखांकित करता है कि अमरीका के नेतृत्व में दुनिया की पचास देशों की सेनाओं द्वारा छेड़ा गया युद्ध अभी किसी निर्णायक मोड़ पर नहीं पहुंच सका है। अफगानिस्तान अब भी आतंक के साये में जी रहा है। प्रस्तावित सामरिक साझेदारी संधि तभी सफल कहलायेगी जब अफगानिस्तान में आतंकवाद का अंत होगा और यहां के लोग बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के अमन चौन की जिंदगी जी सकेंगे।