शुक्रवार, 12 अक्टूबर 2012

पहली बार आई अराध्या सबसे सामने


पहली बार आई अराध्या सबसे सामने

(निधि गुप्ता)

मुंबई (साई)। सत्तर की उम्र में भी अपने अभिनय से लोगों को लोहा मनवाने वाले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की 70वीं सालगिरह पर यूं तो सैकड़ों मेहमान जुटे थे, लेकिन इसमें सबसे खास थी उनकी पोती अराध्या। बिग बी के जन्मदिन पर शानदार पार्टी के दौरान पहली बार अभिषेक और ऐश्वर्या राय बच्चन की 11 माह की बेटी अराध्या सबके आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी।
दिखने में मां ऐश की तरह अराध्या पार्टी में काफी खुश नजर आ रही थी। कभी वह दादी जया बच्चन की गोद में रहते हुए मेहमानों को कौतुहल बस देख रही थी, तो कभी मां ऐश की गोद में रहते हुए लोगों का मानो स्वागत कर रही हो। इस साल बिग बी के जन्मदिन को अराध्या ने खास बना दिया। पहली बार वह पोती के साथ अपने जन्मदिन का जश्न मना रहे थे।
इस मौके पर मंच पर आकर बिग बी ने लोगों को पार्टी में आने के लिए धन्यवाद दिया और अपने अनुभव शेयर किए। जब मां की गोद में अराध्या मंच पर पहुंची तब सभी मेहमानों ने ताली बजाकर उसका स्वागत किया। वह चारों ओर निहार रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे वह भी सभी को शुक्रिया कह रही हो। सफेद फ्रॉक में परी-सी नजर आ रही अराध्या पहली बार सार्वजनिक तौर पर लोगों के सामने आई और जश्न में सबसे खास बन गई।

कानून मंत्री के ट्रस्ट के फर्जीवाड़े पर कैग की मुहर!


कानून मंत्री के ट्रस्ट के फर्जीवाड़े पर कैग की मुहर!

(प्रियंका)

नई दिल्ली (साई)। केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को विकलांगों की मदद के लिए मिले सरकारी अनुदान में गहरा फर्जीवाड़ा हुआ है. नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) के ताजा ऑडिट ने इसे प्रमाणित कर दिया है. गौरतलब है कि केंद्रीय समाज कल्याण मंत्रालय ने ट्रस्ट में अनियमितता की जानकारी होने के बावजूद 2011 में इसके लिए फंड जारी कर दिया.
दस्तावेज बताते हैं कि जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश के जिन 17 जिलों में 2010 के दौरान विकलांगों के उपकरण वितरित करने के लिए कैंप आयोजित करने का दावा किया, उनमें चार जिलों में कोई कैंप ही नहीं लगा. जिन जिलों में कैंप आयोजित होने के प्रमाण मौजूद हैं, वहा विकलांगों को उपकरण बांटे जाने पर भी गहरा संदेह है.
सलमान खुर्शीद व लुईस खुर्शीद के नेतृत्व वाले ट्रस्ट के इन कैंपों के आयोजन में कैग ने भारी अनियमितताएं पाई हैं और समाज कल्याण मंत्रालय ने इसकी अनदेखी की है. ट्रस्ट को कैंप लगाने के लिए मार्च 2011 में फिर 68.25 लाख रुपये दे दिए गए, जबकि कैंप की पिछली रिपोर्ट का सत्यापन भी नहीं हुआ था. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को अनुदान समाज कल्याण मंत्रालय ही देता है.
ताजा मामला उत्तर प्रदेश के 17 शहरों में विकलांग कैंप लगाने के लिए दिए गए 71.50 लाख रुपये का है. एक टीवी चौनल ने स्टिंग ऑपरेशन के जरिये इन कैंपों में गड़बड़ी का मामला उठाया था. केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद ने चौनल की रिपोर्ट को आरोपों पर आधारित ना बताकर इसे खारिज किया है लेकिन कैग का ऑडिट यह साबित करता है कि जाकिर हुसैन ट्रस्ट को मिले सरकारी अनुदान में गड़बड़ियां हुई हैं.

नीतीश की यात्रा में उतरवाए लड़कियों के दुपट्टे!


नीतीश की यात्रा में उतरवाए लड़कियों के दुपट्टे!

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। काले कपड़े से डरने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अधिकार यात्रा के दौरान नवादा में लड़कियों के काले दुपट्टे उतरवा दिए गए. इस घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. जदयू के निलंबित सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को अधिकार यात्रा बंद करने की नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि ऐसा असभ्य आचरण किसी सरकार ने नहीं किया होगा.
काले कपड़ों पर रोक के मुख्यमंत्री के आदेश का पालन करते हुए पुलिसकर्मियों ने वृद्धजनों के छाते रखवा लिए. महिलाओं और युवतियों को जबरदस्ती दुपट्टे उतारने के लिए बाध्य किया गया. बुधवार को उन्होंने कहा कि इस घटना का वे पुरजोर विरोध करते हैं.
भाजपा नेता व पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू ने भी दुपट्टे उतरवाने की घटना की निंदा की है. उन्होंने कहा कि यह महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ है. हालांकि पिंटू ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है और मंत्री होने के नाते नहीं कह रहे.
लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने कहा कि अपनी सभाओं में काले दुपट्टे उतरवाकर मुख्यमंत्री राज्य की बेटियों का चीरहरण करा रहे हैं. बुधवार को जारी बयान में पारस ने कहा कि इस कृत्य से पूरे बिहार का सिर शर्म से झुक गया है. उन्होंने कहा कि जनविरोध से विचलित होकर नीतीश कुमार ऐसा कर रहे हैं. यह उनकी तानाशाही प्रवृत्ति का परिचायक है.
नीतीश पर कटाक्ष करते हुए लालू ने कहा था कि क्या लोग अपने काले बाल भी हटवा कर मुख्यमंत्री की सभा में जायें. ज्ञातव्य है कि विकास पुरुष नीतीश कुमार का उनके अधिकार यात्रा में लगातार विरोध किया जा रहा है. उनपर जूते-चप्पल फेंके जा रहे हैं. काले झंडे दिखाए जा रहे हैं. कुछ दिन पहले इससे नीतीश कुमार खफा हो गए थे और उन्होंने आंदोलन कर रहे अध्यापकों को ही चुनौती दे डाली थी.

जाली नोटों का बैग बरामद


जाली नोटों का बैग बरामद

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग मिलने पर स्टेशन पर हड़कंप मच गया. लावारिस बैग में नौ लाख 70 हजार रुपये के जाली नोट निकले, तो वहीं मुगलसराय स्टेशन पर एक व्यक्ति से 90 हजार रुपये के जाली स्टाम्प बरामद किए.
रेलवे पुलिस के सूत्रों ने समाचर एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर पड़े लावारिस बैग से नौ लाख 70 हजार रुपए के जाली नोट मिले. इस सिलसिले में मामला दर्ज करा दिया गया है. पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी. पुलिस पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है.

तरूण विजय और धु्रव नारायण की करीबी स्वीकारी शेहला के पिता ने


तरूण विजय और धु्रव नारायण की करीबी स्वीकारी शेहला के पिता ने

(विजय सिंह राजपूत)

इंदौर (साई)। सनसनीखेज हत्याकांड की शिकार आरटीआई कार्यकर्ता शहला मसूद के बुजुर्ग पिता ने यहां विशेष सीबीआई अदालत में स्वीकार किया कि भाजपा के राज्यसभा सांसद व राष्ट्रीय प्रवक्ता तरुण विजय और भोपाल के भाजपा विधायक धु्रवनारायण सिंह से उनकी बेटी के गहरे रिश्ते थे। हालांकि, सीबीआई के इस अहम गवाह ने हाई प्रोफाइल हत्याकांड को लेकर दोनों भाजपा नेताओं पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया जिनके नाम मामले में उछल चुके हैं।
विशेष सीबीआई न्यायाधीश अनुपम श्रीवास्तव के सामने शहला के पिता मसूद सुल्तान (70) ने बचाव पक्ष के वकीलों की जिरह के दौरान कहा कि वर्ष 2000.01 में किसी माहिरा ने शहला की ध्रुवनारायण से मुलाकात करायी थी। उन्होंने बताया कि भोपाल (मध्य क्षेत्र) के भाजपा विधायक की शहला से ‘हार्दिक’ दोस्ती हो गई थी।
ध्रुवनारायण का उनके घर आना-जाना था और आरटीआई कार्यकर्ता अपने घर पर भाजपा विधायक के लिए खुद खाना भी पकाती थी। उन्होंने हालांकि कहा कि हत्या से डेढ़ साल पहले शहला का कार्यक्षेत्र दिल्ली हो गया था। इसलिए ध्रुवनारायण का उनके घर आना-जाना कम हो गया था।
सुल्तान के मुताबिक ऐसा क्यों हुआ, इस बारे में उन्होंने अपनी बेटी से कोई पूछताछ नहीं की थी। बहरहाल, जब उनसे पूछा गया कि क्या शहला का भाजपा विधायक से कोई मनमुटाव हो गया था, तो उन्होंने इस सिलसिले में कोई जानकारी होने से इंकार किया। शहला के पिता ने बताया कि 16 अगस्त 2011 को अपनी बेटी की हत्या के बाद उन्होंने सिंह को इसकी सूचना देने के लिए फोन किया था। लेकिन उनसे उस दिन बात नहीं हो सकी।

विशाल कृषक एवं काव्य संगोष्ठी


विशाल कृषक एवं काव्य संगोष्ठी

(शिवेश नामदेव)

सिवनी (साई)। आत्मा परियोजना के अंतर्गत राज्य के अंर्तगत कृषक दल मंडला का राज्य के अंदर भ्रमण कार्यक्रम में सिवनी जिले के बरघाट विकासखंड के ग्रामों में धान की एस.आर.आई. पद्धति से धान का उत्पादन अधिक कैसे प्राप्त किया जा रहा है इसकी तकनीकि का पूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मंडला से डॉ. आर. के. सिंह आत्मा परियोजना उपसंचालक के कुशल मार्गदर्शन में सिवनी जिले के उपसंचालक कृषि श्री सुधीर धुर्वे के विशेष सहयोग से प्रदान किया गया। 153 कृषकों का विशाल भ्रमण दल को सिवनी के श्री हनुमान व्यायामशाला भैरोगंज में कृषक संगोष्ठी एवं काव्य संगोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहनसिंह चंदेल, उपसंचालक कृषि श्री सुधीर धुर्वे, सहायक संचालक पशु श्री मनीष शेन्डे ने विशेष रूप से कृषकों को कृषि एवं पशुपालन की गहराईयों को समझाया। कवियों ने कुछ इस तरह काव्य पाठ किया।
कौशलेश पाठक-काव्य गोष्ठी संगोष्ठी के मुख्य संचालक ने अपने गंभीर अंदाज में कहा-
     अब मेरी आंखें में आंसू नही आते है,
     अब मेरे बच्चों को भूख नही लगती है।
     मेरा एक बाजू दूसरे बाजू को कर रहा है,
     ये मुझे आपस में कौन बांट रहा है।।
पूनाराम कुल्हाड़े ‘पूनम‘- ने बेटियों व्यथा पर काव्य पाठ सुनाया
     बिटिश की उम्र सोलह सबको ललकारती है,
     आ होश में फरिश्ते, बिटिया पुकार  रही है।
     बिटिया की उम्र सोलह, सबको ललकारती है।
मिनहाज कुरैशी- ने हौसलों की बुलंदियों पर कहा-
     अपनी नाकामिनयों पे ए हम एम,
     इस कदर क्यूं उदास होता है।
     मुश्किलें उसके पांव पड़ती है,
     हौसला जिस के पास होता है।
अरविन्द कर्बे- ने बैल एवं ट्रेक्टर की लड़ाई का चितरण किया-
     एक दिन एक खेत करे बात,
     बैल व ट्रेक्टर में हो गई मुलाकात
रामभुवनसिंह ठाकुर- ने बेटी धन पर समाज को आगाह किया-
पुत्री, धन पराया नहीं, है अपना ही खून।
     पुत्र-पुत्री दोनों ही हैं, इक डाल के प्रसून।।
सूफी रियाज मो. निंदा-ने शायरी में आंसू को गढ़ा-
     जुल्फ बादल, घटा, देखते-देखते,
     चान्द यूं भी छुपा देखते-देखते।
     अश्क टपका मिरी आंख से और फिर
     खाक में मिल गया देखते-देखते
‘‘भुजंग‘‘ राधेश्याम सेन-ने पर्यावरण संरक्षण में यह कहा-
     दो-दो लगें द्वार-द्वार आंगन में चार-चार,
     गली और कूचों में कतारें लगवाइयें।
     गांव गलियारों और नगर चौराहों साथ,
     खेतों के किनारे खलियानों को सजाइयें।
राजेश मिश्रा ‘राज‘ - जागते रहने का आव्हान किया-
     जागों सानो वाले जागों सोने में रोना है,
     सूरज ने आकर अम्बर से बरसाया सोना है।
देवेन्द्र शर्मा-ने गुनाहगारों को ललकारा-
     कितने सबूत दे दिये हमने गुनाह के,
     तो घूमते है ठाठ से सरहद में आपके।
     वे वक्त की ललकार को कब तक सहेगें हम,
     क्यों ना करें फिर वारउनके वार देखके।
सिराज कुरैशी-ने गम की महत्ता प्रतिपादित की-
     अब बिछड़ने का गम नहीं होता,
     दीदा ए इश्क नम नहीं होता।
     इतने अपनों ने गम दिये है सिराज,
     अब तो गैरों का गम नहीं होता।
अरूण चौरसिया ‘प्रवाह‘- ने बदनाम की समीक्षा की-
     जो शय किसी के काम की नहीं होती,
     वह कभी बदनाम नहीं होती।
     चन्दा के लिए बदनाम है चकोरी,
     कली के दिये बदलनाम भंवर टोली।
     शीप में ही निखरता है मोती।। जो शय...
नसीम ‘असर‘- मानवता धर्म की बात रखी-
     दिल में हर इक शक्स के अरमान होना चाहिए।
     आदमी को कम से कम इंसान होना चाहिए।

भ्रष्टाचार रोकने के बजाए उसके प्रचार प्रसार रोकने की अपील हास्यास्पद!

भ्रष्टाचार रोकने के बजाए उसके प्रचार प्रसार रोकने की अपील हास्यास्पद!

(लिमटी खरे)

संप्रग की दूसरी पारी ने देश को शर्मसार किया है यह बात किसी से छिपी नही है। यूपीए वन के कार्यकाल के घोटालों को यूपीए टू में हवा मिली और देश भर में छा गया भ्रष्टाचार का मुद्दा। कहा जाता है कि जैसे ही कांग्रेस के रणनीतिकारों ने बीसवीं सदी के अंतिम दशकों में कांग्रेस के चाणक्य कुंवर अर्जुन सिंह को घर बिठाया वैसे ही यूपीए के भ्रष्टाचार के मामले सामने आना आरंभ हो गए। दक्षिण भारत की एक वेब साईट ने तो बाकायदा कुंवर अर्जुन सिंह के नाम का उल्लेख कर यह लिखा था कि ये सारे मामले अर्जुन सिंह को नजर अंदाज करने का ही परिणाम है। भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री जैसे जिम्मेदार ओहदे पर बैठे मनमोहन सिंह से यह उम्मीद तो कतई नहीं की जाती है कि वे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाए भ्रष्टाचार और नकारात्मक बातें ना करने की अपील करें। दरअसल, मीडिया पर तो सरकार विज्ञापन का डर बताकर अंकुश लगा सकती है पर सोशल मीडिया अर्थात सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट्स पर लोगों को भावनाएं व्यक्त करने से रोकना दुष्कर उस वक्त है जब ट्विटर जैसी साईट पर खुद मनमोहन सिंह अपने अपडेट्स देते हों। भारतवासी खुद फैसला करें कि क्या भारत गणराज्य इतना कमजोर हो गया है कि देश का प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार रोकने की बजाए उसके प्रचार प्रसार को रोकने की अपील करे!

भ्रष्टाचार के ईमानदार संरक्षक की अघोषित उपाधि पाने वाले भारत गणराज्य के वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह इस समय खुद एवं यूपीए सरकार पर होने वाले भ्रष्टाचार के हमलों से बुरी तरह आहत और घबराए हुए हैं। विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में उनकी जुबान कुछ इस तरह फिसली कि वह देश में चर्चा का विषय बन गई। प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह का कहना है कि बिना सोचे समझे नकारात्मकता और निराशावादी दुष्प्रचार से कुछ नहीं होने वाला है। पीएम का कहना है कि भ्रष्टाचार की वजहों की तह में जाए बिना उसका प्रचार प्रसार विश्व भर में भारत की छवि को धूमिल कर रहा है।
विज्ञान भवन में आयोजित सीबीआई के एंटी करप्शन ब्यूरो के 19वें सम्मेलन में को प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक कानून में सिर्फ भ्रष्टाचारियों को सजा दिलवाने के मकसद से संशोधन नहीं किया जा रहा। बल्कि इसका मकसद कानून में मौजूद उन कमियों को भी दूर करना है जिसका फायदा उठाकर भ्रष्टाचारी नए-नए हथकंडे अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण के इस दौर में देश को ऐसे कानूनी प्रावधानों की जरूरत है जिससे भ्रष्टाचार के अंतरराष्ट्रीय फैलाव को भी रोका जा सके। इसके लिए कॉरपोरेट कंपनियों को भी कानूनी तौर पर जिम्मेदार ठहराने की दिशा में भी काम चल रहा है। मनमोहन सिंह ने कहा कि घूस लेने-देने के मामले में घूस देने वाला अक्सर बच कर निकल जाता है।
मनमोहन सिंह के मुताबिक खुली बाजार व्यवस्था के आने के बाद देश में कई नई तरह के भ्रष्टाचार पनपे हैं। सरकार मौजूदा कानून में संशोधन कर भ्रष्टाचार की सभी संभावनाओं को खत्म करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल जैसे लोगों द्वारा चलाए जा रहे भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनों के बीच प्रधानमंत्री ने यह भी साफ किया कि भ्रष्टाचार के नकारात्मक प्रचार से काम करने वाले ईमानदार लोग बुरी तरह हतोत्साहित होते हैं। ऐसे में प्रचार के बजाए भ्रष्टाचार की वजहों पर चोट करना ज्यादा जरूरी है और सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री के मीडिया एडवाईजर पंकज पचौरी देश के शीर्ष मीडिया को साधने में असफल ही साबित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया (सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स) पर प्रधानमंत्री की ईमानदारी की उड़ती धज्जियों से वे बेहद घबराए दिख रहे हैं। इन वेब साईट्स पर मनमोहन सिंह को परोक्ष तौर पर ईमानदार के बजाए ‘भ्रष्टाचार का ईमानदार संरक्षक‘ ही बताया जा रहा है।
मनमोहन सिंह भूल जाते हैं कि देश के चुनिंदा संपादकों की टोली के साथ बैठकर उन्होंने अपने आपको मजबूर बताया था। उस वक्त प्रधानमंत्री ने राष्ट्र धर्म से बड़ा गठबंधन धर्म का सिद्धांत प्रतिपादित किया था, जिसे संपादकों की टोली ने परोक्ष तौर पर एक चाय के एहसान तले दबकर सराहा था।
मनमोहन सिंह की सरपरस्ती में देश की जनता के गाढ़े पसीने की कमाई को हवा में उड़ाया जाता रहा है। ना जाने कितने घपले घोटाले सामने आए। कामन वेल्थ, टूजी, सीएजी, के बाद अब तो जीजाजी यानी राबर्ट वढेरा का घोटाला भी छाया हुआ है। सलमान खुर्शीद पर विकलांग बच्चों के पैसे खाने का आरोप है।
लाखों करोड़ रूपयों के घोटाले हो गए, फिर मनमोहन सिंह ने आठ सालों में पहली बार (स्वतंत्रता दिवस को छोड़कर) देश को संबोधित कर डीजल, पेट्रोल रसोई गैस आदि की कीमतें बढ़ाने को मजबूरी बताया। मनमोहन सिंह अर्थशास्त्री हैं, वे जानते हैं कि जनता के गाढ़े पसीने की कमाई से अर्जित राजस्व ही सरकार का कोष होता है। इसी कोष से सरकार खर्च चलाती है। अब सरकार के कोष में मनमोहन सिंह के दमादों (कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेताओं) ने आग लगा दी। कोष खाली हो गया तो फिर उसे भरने के लिए करारोपण कहां तक उचित है।
पहले मीडिया को साधकर सरकार अपनी मुगलई चला लेती थी, किन्तु अब सोशल नेटवर्किंग बेव साईट्स के कारण सरकार एसा किसी काम को चुपचाप अंजाम नहीं दे पाती है। जनता के सामने सच्चाई आई तो जनता का आक्रोश उबलना स्वाभाविक ही है। सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट्स पट गईं मनमोहन सिंह, सोनिया और इनकी मण्डली के भ्रष्टाचार के कारनामों से।
वेश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार की गूंज और इसके लिए सीधे सीधे मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया जाने लगा। यह देखकर मनमोहन सिंह छटपटा गए। इस बार उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने भ्रष्टचार के खिलाफ प्रचार प्रसार के बजाए उसकी वजहों की तह में जाने का मशविरा दे डाला।
मनमोहन सिंह भूल जाते हैं कि वे प्रधानमंत्री हैं। भ्रष्टाचार अगर हो रहा है तो मुखिया होने के नाते वे ही इसके लिए जिम्मेदार हैं। इसकी क्या वजह है इसकी तह में भी वे ही जाएं। जनता इसकी तह में जाकर क्या करेगी? वजह चाहे जो भी हो जनता की तो आखिर जेब ही खाली हो रही है। जनता क्या इसकी वजह जानकर अपना सौ ग्राम खून और जलवाए?
दरअसल, अब नैतिकता ही नहीं बची है। अस्सी के दशक के आरंभ तक सरकारी कार्यालयों में ‘घूस (रिश्वत) लेना और देना अपराध है, दोनों पाप के भागी हैं‘‘ का जुमला अक्सर लिखा दिख जाता था। याद पड़ता है 84 - 85 की बात है एक परिचित ने फ्रिज खरीदा और रात को तीन बजे अपने घर के अंदर रखवाया वह भी पूजन कक्ष में क्योंकि वहां नौकर चाकर नहीं जाया करते थे। कारण पूछने पर उसने बताया कि बाबू आदमी हूं यार, कहीं किसी ने देख लिया तो शिकायत हो जाएगी फिर नौकरी भी जा सकती है। एक अन्य उदहारण हमारे एक परिचित बुजुर्गवार बताते हैं कि जब वे नौकरी में थे तो 65 या 66 के सन में उन्होंने एक पालीस्टर की शर्ट सिलवाई पर पहन नहीं सके। रात के अंधेरे में घर पर पहनते और सुबह होने पर उतार देते। इसका कारण यह था कि कहीं किसी को पता चल गया कि पालीस्टर की शर्ट सिलवाई है तो कहीं विभागीय जांच आरंभ ना हो जाए।
इन उदहारणों के उल्लेख का तातपर्य महज इतना है कि पहले भ्रष्टाचारी समाज से डरता था, अब तो समाज भ्रष्टाचारी से डरने लगा है। यक्ष प्रश्न यह है कि क्या किसी भी नेता पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप में अब तक न्यायालय से सजा हुई है। सुखराम का मामला इसमें अपवाद माना जा सकता है। अपने प्रभावों का उपयोग कर नेता जांच को लंबित करवाते जाते हैं, फिर क्या लोग आरोपों को भूल ही जाते हैं।
हम प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह से यह पूछना चाहते हैं कि क्या उनके कार्यकाल में हुए घपले घोटाले, भ्रष्टाचार के मामलों में वे किसी को दोषी मानते हैं या नहीं। अंतरात्मा (जो शायद मर चुकी है) की आवाज पर अगर वे कह देते हैं कि देश में कलमाडी राबर्ट वढेरा, प्रथ्वीराज चव्हारण, शरद पंवार, रामविलास पासवान, लालू यादव, सलमान खुर्शीद, पी.चिदम्बरम आदि ने भ्रष्टाचार नहीं किया है तो क्या देश की जनता मान लेगी।
प्रधानमंत्री जी बहुत पुरानी कहावत है बिना आग के धुंआ नहीं निकलता आप देश के मुखिया होने के बाद अपने आप को कभी निरीह बताते हैं तो कभी भ्रष्टाचार का प्रचार प्रसार करने से रोकते हैं तो कभी नकारात्मक बातें ना करने की अपील करते हैं। भारतवासी खुद फैसला करें कि क्या भारत गणराज्य इतना कमजोर हो गया है कि देश का प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार रोकने की बजाए उसके प्रचार प्रसार को रोकने की अपील करे!

पेड न्यूज पर चुनाव आयोग सख्त


पेड न्यूज पर चुनाव आयोग सख्त

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। सियासी बियावान में अब मीडिया की मश्कें जमकर कसने की तैयारियां पूरी मुकम्मल हो रही हैं। चुनाव आयोग ने धन देकर खबरें प्रकाशित करवाने को रोकने के लिए कड़े दिशा निर्देश जारी किए है और उम्मीदवारों से इस बारे में जारी नोटिस का जवाब ४८ घंटे के अंदर देने को कहा है। पहले ये समय सीमा ९६ घंटे की थी।
आयोग ने उम्मीदवार द्वारा जवाब मिलने के ४८ घंटे के भीतर जिला और राज्य स्तर पर मीडिया प्रमाणन तथा निगरानी समितियों-एमसीएमसी से ऐसे मामलों में निर्णय लेने को भी कहा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश सहित सभी राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों को नए निर्देश जारी करते हुए चुनाव आयोग ने कहा कि अगर कोई उम्मीदवार दी गयी समय सीमा के अंदर जवाब नहीं देता तो एमसीएमसी का निर्णय अंतिम माना जाएगा। नये दिशानिर्देश टीवी चौनलों के अतिरिक्त सिनेमा हॉल, केबल टीवी नेटवर्क और एफ एम चौनलों सहित रेडियो पर भी लागू होंगे।
चुनाव आयोग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश समेत सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को नए दिशा-निर्देश जारी करते हुए आयोग ने कहा कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित अवधि के भीतर जवाब नहीं देता है तो एमसीएमसी के फैसले को अंतिम माना जाएगा। आयोग ने कहा, ‘जिला, राज्यस्तरीय एमसीएमसी को त्वरित गति से जवाबों पर फैसला करना चाहिए और जवाब मिलने के 48 घंटे के भीतर फैसला करने को तरजीह दी जानी चाहिए और उम्मीदवार, पार्टी को अंतिम फैसला बता देना चाहिए।’
उधर, अहमदाबाद से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से जलपन पटेल ने बताया कि चुनाव आयोग ने चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन के लिए कल गुजरात के कृषि मंत्री दिलीप संघानी को कारण बताओं नोटिस जारी किया। निर्वाचन आयोग ने चुनाव संहिता लागू होने के बाद एक सड़क परियोजना की आधार शिला रखने पर श्री संघानी को  नोटिस जारी किया।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के गुजरात ब्यूरो ने बताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष और केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने कल बड़ोदरा में कहा कि उनकी पार्टी आगामी गुजरात विधान सभा चुनाव कांग्रेस के साथ गठजोड़ करके लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में वोटों का विभाजन रोकने और भारतीय जनता पार्टी को फायदा न होने देने के लिए उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ सीटों का तालमेल करेगी। श्री पवार ने कहा कि २००७ के विधान सभा चुनाव में सीटों के तालमेल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को ८ सीटें दी गयी थी, जिसमें से वह ३ सीटें जीतने में कामयाब रही। उन्होंने कहा कि इस बार उनकी पार्टी और अधिक सीटे जीतना चाहती है।

डेंगू के डंक से कांपी मुंबई


डेंगू के डंक से कांपी मुंबई

(निधि गुप्ता)

मुंबई (साई)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अब डेंगू का असर तेजी से दिखने लगा है। डेंगू के प्रकोप से तीन लोगों ने अपनी जान गंवाई है तो वहीं दूसरी ओर पांच सैकड़ा से अधिक लोग इसकी चपेट में कराह रहे हैं। बीएमसी ने प्राइवेट अस्पतालो से डेंगू के मरीजों की सूचना देने का फरमान जारी किया है। साथ ही डेंगू से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इसके अलावा शहरभर में पोस्टरों के जरिए लोगो को दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि मलेशिया में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच देश के दो इलाकों में ऐसे मच्छरों को छोड़ने की योजना बनाई जा रही है जिनके आनुवांशिक गुणों में इस तरह बदलाव किया गया है कि वे इस बीमारी से निपटने में मददगार साबित होंगे। इन नर मच्छरों को अगले महीने छोड़ने की योजना है जो मादा मच्छरों से प्रजनन करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रजनन के परिणास्वरूप पैदा होने वाले लार्वा ऐसे होंगे जो ज्यादा दिन जीवित नहीं रह सकते।
उनका मानना है कि इससे डेंगू से कारगर तरीके से निपटने में मदद मिलेगी। इस रोग का कारण विषाणु मच्छरों द्वारा मानव शरीर में पहुचना हैं। डेंगू एक बीमारी हैं जो एडीज इजिप्टी मच्छरों के काटने से होता हैं। इस रोग में तेज बुखार के साथ शरीर के उभरे चकत्तों से खून रिसता हैं।
डेंगु एक विषाणु जनित रोग है। इस रोग में तेज बुखार जड़ों में दर्द तथा माथा में दर्द होता है। कभी-कभी रोगी के शरीर में आन्तरिक रक्तस्त्राव भी होता है।यह चार प्रकार के विषाणुओं के कारण होता है तथा इस रोग का वाहक एडिस मच्छर की दो प्रजातियां हैं। साधारणतः गर्मी के मौसम में यह रोग महामारी का रुप ले लेता है जब मच्छरों की जनसंख्या अपने चरम सीमा पर होती है।
डेंगू का संक्रमण सीधे व्यक्तियों से व्यक्तियों में प्रसरित नहीं होता है तथा यह भी आवश्यक नहीं कि मच्छरों द्वारा काटे गये सभी व्यक्तियों को यह रोग हो। डेंगु एशिया, अफ्रिका, दक्षिण तथा मध्य अमेरिका के कई उष्ण तथा उपोष्ण क्षेत्रों में होता है। डेंगु के चारों विषाणुओं में से किसी भी एक से संक्रमित व्यक्ति में बाकी तीनों विषाणुओं के प्रति प्रतिरोध क्षमता विकसित हो जाती है। पुरे जीवन में यह रोग दुबारा किसी को भी नहीं होता है।

सरकार भाजपा की फिर भी: काँग्रेस की कमाई बीजेपी से दुगनी


सरकार भाजपा की फिर भी: काँग्रेस की कमाई बीजेपी से दुगनी

(जलपन पटेल)

अहमदाबाद (साई)।  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भले ही बीजेपी पिछले एक दशक से अधिक समय से गुजरात में सत्ता में काबिज है, लेकिन पार्टी के लिए फंड जुटाने में काँग्रेस उससे कहीं आगे रही है। चुनाव सुधारों पर काम करने वाली संस्था एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस की कमाई पिछले चार सालों में बीजेपी से दुगनी रही है।
यह रिपोर्ट एडीआर ने तमाम राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव आयोग को दिये गये खर्चों की जानकारी और इनकम टैक्स रिटर्न के आधार पर तैयार है। इसी संस्था (एडीआर) की ओर से पिछले दिनों पूरे देश में तमाम दलों की दस सालों में हुई कमाई का ब्यौरा दिया गया था।
हालांकि कमाई का सोर्स क्या रहा, इस बारे में विस्तृत ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो सका है। एडीआर के अनुसार यह सूचना उन्हें चुनाव आयोग और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से मिली है। हैरान करने वाली बात यह है कि बीजेपी की कमाई काँग्रेस से लगभग आधी है। जबकि पिछले एक दशक से अधिक समय से गुजरात में बीजेपी सत्ता में काबिज है, फिर भी उसकी कमाई काँग्रेस से कम है। पिछले चार सालों में काँग्रेस की कमाई सबसे अधिक 1492।35 करोड़ रुपये रही वहीं इसी दौरान बीजेपी की कमाई 769।81 करोड़ रुपये रही।

आईसीसी की गाज गिरी 6 अंपायर्स पर

आईसीसी की गाज गिरी 6 अंपायर्स पर

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। अंतर्राष्ट्रीय किक्रेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को स्टिंग ऑपरेशन के दौरान मैच फिक्सिंग के लिए सहमति जताने वाले सभी 6 अम्पायरों को मामले की जांच पूरी होने तक निलम्बित कर दिया है। यह स्टिंग ऑपरेशन एक भारतीय समाचार चौनल ने किया था।
आईसीसी ने एक बयान में कहा है कि आईसीसी और उसके सभी पूर्णकालिक सदस्यों ने हाल ही में भारतीय निजी समाचार चौनल द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में दिखाई दिए सभी अम्पायरों को उन पर लगे आरोपों की जांच पूरी नहीं होने तक किसी भी तरह के घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में नियुक्त नहीं करने का फैसला लिया है।
बयान के मुताबिक आईसीसी आरोपों में फंसे अम्पायरों के साथ करार नहीं करेगा और ये सभी जिन भी बोर्डाे में कार्यरत हैं, वे इनके खिलाफ जांच करेंगे। गौरतलब है कि निलम्बित अम्पायरों में पाकिस्तान के नदीम गौरी और अनीस सिद्दिकी, बांग्लादेश के नादिर शाह और श्रीलंका के गामिनी दिस्सानायके, मॉरिश विंस्टन और सगारा गलागे शामिल हैं।
इससे पूर्व भारतीय घरेलू किकेट्र में भ्रष्टाचार पर स्टिंग ऑपरेशन करने वाले इंडिया टीवी ने सोमवार को एक वीडियो फुटेज दिखाया था, जिसमें पैसे के लिए छह अम्पायरों ने मैच के दौरान गलत फैसले देने पर सहमति जताई थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आईसीसी के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि अम्पायरों के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार केवल आईसीसी के पास है।

देवर की दरिंदगी, भाभी का काटा हाथ


देवर की दरिंदगी, भाभी का काटा हाथ

(सुरेंद्र जायस्वाल)

जबलपुर (साई)। बहू के साथ मारपीट करते हुए दहेज की खातिर सास, ससुर व देवर ने मिलकर पाइप काटने वाले रेजर से उसके हाथ काट दिये, जिसकी चीख-पुकार सुनकर छत में टहल रहे महिला के पति ने उसे तत्काल उपचार के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना लार्डगंज थानाक्षेत्र की है।
 डॉक्टरों का कहना है कि रेजर से अगर हाथ की नस कट जाती तो महिला की मौत भी हो सकती थी। इलाज के बाद महिला की हालत में सुधार है। घटना की जानकारी लगने पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज करते हुए सास, ससुर व देवर की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं।
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि रात के समय नेशनल अस्पताल से सूचना मिली कि यादव कॉलोनी कस्तूरबा गांधी वार्ड निवासी सुचि जैन को घायल अवस्था में उपचार के लिए लाया गया है। सूचना पाकर पहुंचे पुलिस कर्मियों को घायल सुचि के पति सचिन जैन ने बताया कि मायके से 5 लाख रुपये लाने की मांग करते हुए सास किरण जैन, ससुर देवकुमार व देवर सौरभ ने उसके साथ मारपीट करते हुए पाइप काटने वाले रेजर से उसके हाथ काट दिये। घटना के बाद से महिला सुचि काफी डरी हुई है।

आड़वाणी को भा गई मनरेगा


आड़वाणी को भा गई मनरेगा

(यशवंत)

वाशिंग्टन (साई)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने विभिन्न मोर्चे पर विरोध झेल रही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की ध्वजवाहक कार्यक्रम मनरेगा की प्रशंसा की है। उन्होंने यहां कहा कि इस कार्यक्रम से ग्रामीण लोगों का सशक्तिकरण हुआ है और आर्थिक वृद्धि को बढ़ाने में मदद मिली है।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2005 में बनाया गया महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून संप्रग सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है। आडवाणी ने कहा कि यह काम के बदले नकदी से जुड़ी दुनिया की सबसे बड़ी योजना है और इसके अंतर्गत सालाना 100 दिन के रोजगार के प्रावधान से 5.3 करोड़ ग्रामीण गरीब परिवारों को अपनी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 67वें सत्र में ‘सामाजिक विकास’ विषयक तीसरी समिति की सामान्य चर्चा में भाग लेते हुए कल आडवाणी ने कहा, ‘‘इस कार्यक्रम से सामाजिक विषमता को दूर करने, ग्रामीण जनता को सशक्त बनाने, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के निर्माण और आर्थिक वृद्धि में जान डालने में मदद मिली है।’’ यहां आए भारतीय सांसदों के समूह के साथ आए आडवाणी महासभा के विभिन्न सत्रों में शिरकत करेंगे।
उन्होंने भारत में महिलाओं और कमजोर तबकों के मदद के लिए उठाए जा रहे कदमों का उल्लेख किया। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और विक्लांगों के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारत समावेशी विकास को हासिल कर रहा है।

सावधान! अब महिलाओं के चित्रों से छेड़छाड़ है खतरनाक


सावधान! अब महिलाओं के चित्रों से छेड़छाड़ है खतरनाक

(मणिका सोनल)

नई दिल्ली (साई)।प्रिंट या मल्टीमीडिया के माध्यम से महिलाओं का भद्दे तरीके से चित्रण करने के दोषी लोगों को अब अधिक सजा मिल सकती है और उन्हें दी जानी वाली कैद की सजा बढ़ाये जाने के साथ भारी जुर्माना भी लग सकता है।केंद्रीय मंत्रिमंडल महिलाओं के अभद्र चित्रण (रोकथाम) अधिनियम, 1986 में संशोधन के महिला और बाल विकास मंत्रालय के प्रस्ताव पर कल विचार कर सकता है। प्रस्ताव में ‘प्रकाशन’ शब्द के अर्थ को परिभाषित करने के लिए भी कहा गया है क्योंकि परिभाषा अस्पष्ट है।
संशोधित कानून के तहत प्रिंट या इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से महिलाओं के भद्दे चित्रण पर 50 हजार रुपये का जुर्माना और तीन साल तक की कैद की सजा मिल सकती है। अगर किसी व्यक्ति को अपराध के लिए एक बार से अधिक दोषी पाया जाता है तो एक लाख रुपये से पांच लाख रुपये के जुर्माने और दो से सात साल तक की कैद का प्रस्ताव है। मौजूदा कानून प्रिंट मीडिया से जुड़ा है।

वैन डकैती मामले में वकील गिरफ्तार


वैन डकैती मामले में वकील गिरफ्तार 

(अकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली की डिफेंस कालोनी नकदी वैन लूट मामले में एक आरोपी की वकील को कथित रूप से 5.5 करोड़ रूपये की लूट की धनराशि को छुपाने में अपनी मुवक्किल की मदद करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 11 हो गयी है।
ज्योति बत्रा इस मामले में गिरफ्तार किए गए पहले आरोपी दीपक शर्मा की वकील है। पुलिस ने यह जानकारी दी। शर्मा को इस मामले में उसकी कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तार किया गया था तथा उसके पुष्प विहार स्थित घर से 1.51 करोड़ रूपये बरामद किए गए थे। उससे की गयी पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बत्रा के घर पर छापा मारकर 70 लाख रूपये बरामद किए और उसे गिरफ्तार कर लिया।